सोमवार, 20 अप्रैल 2020

कोरोनाः 24 घंटे में विश्व में 6463 मौत

अमेरिका। दुनिया में कोरोनावायरस से अब तक 24 लाख 6 हजार 868 लोग संक्रमित हैं। एक लाख 65 हजार 56 की मौत हो चुकी है। वहीं, छह लाख 17 हजार चार ठीक भी हुए हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने रविवार को घोषणा की कि दुनियाभर में 24 घंटे में 81 हजार 153 मामलों की पुष्टि हुई है। साथ ही 6,463 लोग मारे गए हैं। शनिवार की तुलना में रविवार को कम केस मिले। पिछले दिनों के मुकाबले चार हजार कम मरीज मिले और 247 कम मौतें दर्ज की गई।


डब्ल्यूएचओ के मुताबिक, यूरोप में 11 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। वहीं यहां मौतों का आंकड़ा भी एक लाख से ज्यादा हो गया है। एक दिन पहले डब्ल्यूएचओ के प्रमुख टेड्रोस एडहॉनम गेब्रेयेसियस ने जी20 के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने दुनिया के बड़ी अर्थव्यवस्था वाले देशों को कोरोना से संघर्ष कर रहे गरीब देशों की मदद करने की अपील की।


अमेरिका: 24 घंटे में 1,997 लोगों की जान गई


अमेरिका में 24 घंटे में 1,997 लोगों की जान गई है। इसके साथ ही यहां मौतों का आंकड़ा 41 हजार के पार हो गया है। यहां अब तक संक्रमण के सात लाख 63 हजार से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। उधर, न्यूयॉर्क के गवर्नर एंड्रयू क्यूमो ने कहा कि यहां 24 घंटे में 507 लोगों की मौत हुई है। एक दिन पहले यहां 778 जान गई थी। राज्य में अब तक 18 हजार 298 लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में भी मरीजों की संख्या कम हो रही है। अगर डेटा ऐसा ही रहा और संक्रमण के मामलों में कमी आती रही तो कहा जा सकता है कि स्थिति पहले से बेहतर हो रही है।


राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने रविवार को कहा कि देश में अब तक 41.8 लाख नागरिकों का टेस्ट किया जा चुका है। यह आंकड़ा किसी भी देश से ज्यादा है।
बीबीसी के मुताबिक, अमेरिका में सोमवार को कच्चे तेल की कीमत 15 डॉलर प्रति बैरल से नीचे गिर गई। दो दशक में यह कच्चे तेल की कीमतों में सबस बड़ी गिरावट है। इसकी वजह तेल की मांग कम होना है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट में भी तेल के दाम में 4.1% की गिरावट देखी गई।
सोमवार को टेक्सास और वर्मोंट जैसे राज्यों में कुछ बिजनेस खोले जा सकते हैं। हालांकि, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जाता रहेगा।
क्यूमो ने कहा- अमेरिका में न्यूयॉर्क सबसे ज्यादा प्रभावित। महामारी का प्रकोप यहां कम हुआ है, लेकिन अभी भी सावधानी बरतनी होगी। अभी केवल आधा रास्ता ही तय हुआ है। संक्रमण न कम हुआ है और न ही बढ़ रहा है।
न्यूयॉर्क के बाद सबसे ज्यादा प्रभावित न्यूजर्सी में 4202, मिशिगन में 2391 और मैसाचुसेट्स में 1706 लोगों की मौत हो चुकी है। केवल न्यूयॉर्क में दो लाख 47 हजार 215 लोग संक्रमित हैं।
ब्राजील: लॉकडाउन के खिलाफ प्रदर्शन


ब्राजील के राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो ने रविवार को ब्रासीलिया में लॉकडाउन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों का मनोबल बढ़ाया। उन्हें संबोधित करते हुए देशभर के गवर्नरों द्वारा लगाए गए बिजनेस शटडाउन और क्वारैंटाइन गाइडलाइन को खत्म करने की मांग की। इस दौरान उन्होंने मिलिट्री रूल लाने और सुप्रीम कोर्ट को बंद करने की भी मांग की। सरकार में शामिल कई नेता बोलसोनारो के इस कदम की आलोचना कर रहे हैं। उनका कहना है कि महामारी के प्रसार को रोकने के लिए प्रतिबंध लगाना जरूरी है। बोलसोनारो ने कुछ दिनों पहले लॉकडाउन का समर्थन करने के लिए अपने ही स्वास्थ्य मंत्री हो हटा दिया था। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, ब्राजील में रविवार तक


38 हजार 654 संक्रमित मिले, जबकि 2,462 लोगों की मौत हो चुकी है।
इजराइल: प्रधानमंत्री नेतन्याहू के विरोध में रैली
जकार्ता पोस्ट के मुताबिक, मास्क पहनकर, दो गज की दूरी बनाकर और हाथों में काला झंडा लेकर रविवार को हजारों इजराइलियों ने देश में लगे सख्त प्रतिबंधों को लेकर प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी एक-दूसरे से दूरी बनाकर और मास्क पहनकर प्रदर्शन कर सकते हैं। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने ‘सेव द डेमोक्रेसी’ के बैनर तले गैंट्ज की ब्लू एंड व्हाइट पार्टी से भ्रष्टाचार के आरोपों वाले प्रमुख के नेतृत्व वाले गठबंधन में शामिल नहीं होने का आह्वान किया। नेतन्याहू भ्रष्टाचार के तीन मामलों में आरोपी हैं। हालांकि, वे इससे इनकार करते रहे हैं। देश में एक साल में तीन चुनाव हो चुके हैं, इसके बाद भी सरकार नहीं बन पाई है। वे गठबंधन सरकार बनाने के लिए अपने प्रतिद्वंद्वी बेनी गैंट्ज के साथ सत्ता-साझेदारी के सौदे पर बातचीत कर रहे हैं। देश में अब तक संक्रमण के 13 हजार 491 मामले सामने आ चुके हैं, जबकि 172 लोगों की मौत हो चुकी है।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Thank you, for a message universal express.

पंजाब किंग्स ने जीता टॉस, गेंदबाजी का फैसला

पंजाब किंग्स ने जीता टॉस, गेंदबाजी का फैसला  इकबाल अंसारी  चेन्नई। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2024 सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और पं...