गुरुवार, 30 जुलाई 2020

योगा सेंटर-जिम खोलने की दी अनुमति

बृजेश केसरवानी


लखनऊ। कोरोना के बढ़ते केस के बीच केंद्र सरकार ने देशभर में अनलॉक 3.0 के लिए दिशानिर्देश जारी कर दिए हैं। नई गाइडलाइन के मुताबिक, स्कूल कॉलेज, मेट्रो रेल सेवाएं, सिनेमाघर और बार 31 अगस्त तक बंद रहेंगे। राजनीतिक और धार्मिक समागम पर अभी रोक जारी रहेगी। हालांकि अनलॉक 3.0 में योगा सेंटर और जिम को 5 अगस्त से खोलने की अनुमति दे दी गई है। इसके लिए स्वास्थ्य मंत्रालय अलग से एसओपी जारी करेगा। अभी आधिकारिक गाइडलाइन नहीं आई है लेकिन राज्य सरकार इन संभावित शर्तों के साथ अनलॉक-3 का पालन करवाएगी।


यूपी पुलिस की फिर से हुई फजीहत

मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश पुलिस की एक बार फिर से फजीहत हुई है। यूपी के मिर्जापुर में गंगा घाट पर चल रहे तलाशी अभियान को देख रहे शख्स को एक पुलिसकर्मी ने पैर पर ऐसी लात मारी कि वह सीधे नदी में गिर गया। मगर ये पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो वायरल हो गया और एक बार फिर से यूपी पुलिस के आचरण और व्यवहार पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं। इस घटना के बाद हुई फजीहत पर पुलिस विभाग ने एक्शन लिया है और इस मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। मिर्जापुर में विंध्याचल कोतवाली थाने के स्टेशन हाउस अधिकारी (एसएचओ) को शामिल करते हुए पुलिस विभाग को घटना की विभागीय जांच का आदेश देना पड़ा। आरोपी अधिकारी का नाम शेषधर पांडे बताया जा रहा है। 


हालांकि, पुलिस विभाग ने जांच के आदेश तब दिए जब बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के बहुजन जागृति मंच सहित अन्य राजनीतिक मोर्चों ने इस घटना की खूब निंदा की।           


बुंदेलखंड को पर्यटन हब बनाने की मंशा

चित्रकूट। बुंदेलखंड को पर्यटन हब बनाने की सीएम योगी की मंशा के तहत 1.88 करोड़ रुपये से महर्षि वाल्मीकि आश्रम का कायाकल्प करने की आधारशिला रखी गई। संत-महंतों के साथ भूमि पूजन कर लोक निर्माण राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय ने पहला फावड़ा चलाया। राज्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन की अपार संभावनाओं को देखते हुए चित्रकूट के सभी धार्मिक स्थलों का विकास किया जाना है। इनमें चित्रकूट का प्रवेश द्वार वाल्मीकि आश्रम लालापुर प्रमुख है। इसके विकास की घोषणा मुख्यमंत्री स्वयं कर गए थे। आज उन्हें कार्य शुरू करने का सौभाग्य मिला है।


पर्यटन अधिकारी शक्ति ङ्क्षसह ने बताया कि आश्रम के विकास कार्यों के लिए वन विभाग कार्यदायी संस्था नामित है। इस मौके वाल्मीकि आश्रम के महंत भरतदास, महंत दिव्य जीवन दास, महंत मोहित दास, महंत रामजन्म दास, महंत महेंद्र दास, जिलाध्यक्ष भाजपा चंद्रप्रकाश खरे, सहकारी बैंक चेयरमैन बद्रीविशाल त्रिपाठी, प्रभागीय वनाधिकारी कैलाश प्रकाश, एसडीओ आरके दीक्षित, पं. चंद्रदत्त पांडेय, विनोद मिश्र, प्रधान श्रलोक मिश्रा रहे।


यह होंगे कार्य 


सीढिय़ों का पुनर्निर्माण सीढिय़ों में टीन शेड बनेगी पेयजल के लिए पानी टंकी प्रकाश के लिए सोलर लाइट लगेगी वाल्मीकि आश्रम में टीनशेड निर्माण श्रद्धालुओं के बैठने के लिए स्टील।


महर्षि वाल्मीकि की तपोस्थली चित्रकूट-इलाहाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग में है। आश्रम के समीप से तमसा (वाल्मीकि नदी) बहती है। आश्रम की पूरी पहाड़ी पर अलंकृत स्तंभ और शीर्ष वाले प्रस्तर खंड बिखरे पड़े हैं, जो स्थल की प्राचीनता का बोध कराते हैं। यहां पर चंदेल कालीन आशांबरा देवी का मंदिर भी है। भारतीय संस्कृति की रक्षा के लिए संस्कृत विद्यालय भी है। कहा जाता है कि वाल्मीकि जी ने रामायण की रचना यहीं पर की थी। वनवास काल में भगवान श्रीराम यहीं पर महर्षि से चित्रकूट में रहने का आशीर्वाद लिया था।           


फसल-बागवानी के लिए नायाब काम

कानपुर। आईआईटी कानपुर ने फसलों और बागवानी के लिए नायाब काम किया है। आईआईटी कानपुर ने एक बीज विकसित किया है, जो कोरोना काल में काफी मददगार साबित हो सकता है। यही नहीं, इससे गड्ढा खोदने के झंझट से भी मुक्ति मिल जाएगी। बीज को आईआईटी कानपुर के इमेजनरी लैब ने एग्निस वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड (आईआईटी कानपुर के स्टार्ट-अप) के सहयोग से बनाया है। इमेजनरी लैब को आईआईटी कानपुर के वैज्ञानिकों- प्रोफेसर जे रामकुमार और डॉ अमनदीप सिंह ने मिलकर बनाया है।आईआईटी कानपुर ने बीईईजी (बायोकम्पोस्ट समृद्ध इको-फ्रेंडली ग्लोबुले) नाम से स्वदेशी सीड बॉल को विकसित किया है। वैज्ञानिकों ने बताया कि मानसून के सीजन में इसे दूर से फेंका जा सकेगा। बारिश के संपर्क में आने पर यह बीज उर्वरक भी बन जाएगा। सीड बॉल में देशी किस्म के बीज, खाद और मिट्टी शामिल हैं। कोरोना के समय में इसके माध्यम से फिजिकल डिस्टैंसिंग का पालन करते हुए प्लांटेशन किया जा सकेगा। इससे गड्ढा खोदना और फिर उसमें पौधा लगाना आसान हो जाएगा। इसका एक बड़ा फायदा यह होगा कि प्लांटेशन के दौरान की जाने वाली तैयारियों में लगने वाला समय कम हो जाएगा। साथ ही इससे बड़ी संख्या में पेड़ लगाना भी संभव होगा। इसमें किसी पेड़ या वृक्ष के विकास के लिए जिन तत्वों की आवश्यकता होती है, वे प्रचुर मात्रा में मौजूद हैं।             


यूपी में तेजी से फैल रहा 'कोरोना'

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के साथ राजधानी लखनऊ में भी लगातार कोरोना के मरीज मिल रहे हैं। बुधवार को लखनऊ में कानून मंत्री बृजेश पाठक की पत्नी समेत 262 लोग पॉजिटिव मिले। इसके साथ लखनऊ के कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 7121 हो गई है। बुधवार को 32 लोग डिस्चार्ज हुए। लखनऊ में कोरोना से ठीक होकर घर लौटने वाले मरीजों का आंकड़ा 3100 पहुंच गया है।


मंत्री बृजेश पाठक की पत्नी की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें होम आइसोलेशन में रखा गया है। परिवार के अन्य लोग भी क्वारैंटाइन हैं। जिले में बुधवार को इंदिरानगर में 19, आलमबाग में 16 और कृष्णानगर में 9 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। वहीं गोमती नगर में 19 और हजरतगंज में 16 पॉजिटिव मिले। महानगर में 10 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। विकासनगर में आठ लोग वायरस की चपेट में आए। हसन गंज में 14 लोगों में वायरस मिला। कैंट में 11 पॉजिटिव मिले। मड़ियांव, नाका, चिनहट, एलडीए कॉलोनी, चौक में 9-9 मरीज मिले।


ग्रामीण इलाकों में लगातार बढ़ रहा वायरस
राजधानी के शहरी क्षेत्र के साथ ग्रामीण इलाकों में वायरस का दायरा बढ़ता जा रहा है। बुधवार को सरोजनी नगर में 14, इंटौजा, गुडंबा और बंथरा में एक-एक मरीज मिला। काकोरी में दो लोगों में संक्रमण मिला। मानक नगर में एक मरीज मिला। कैसर बाग में सात और तालकटोरा, बाजार खाला, जानकीपुरम, आशियाना व ठाकुर गंज में पांच मरीज मिले।             


भूमि-पूजन के लिए योगी को दिया न्योता

लखनऊ। अयोध्या में राम मंदिर के भूमिपूजन के लिए सिर्फ यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को न्योता दिया गया है।यूपी के मुख्यमंत्री ही भूमिपूजन में शिरकत करेंगे।त्रबाकी किसी प्रदेश के सीएम को निमंत्रण नहीं दिया गया है। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने 200 मेहमानों की लिस्ट तैयार की है। इसमें योगी आदित्यनाथ का नाम शामिल है। ट्रस्ट ने योगी के अलावा किसी मुख्यमंत्री को न बुलाने का फैसला किया है। ये तय हुआ है कि अगर मुख्यमंत्री को बुलाया, सभी को निमंत्रण भेजना पड़ सकता है। अब इस मुद्दे पर राजनीति तेज हो सकती है। क्योंकि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे भूमिपूजन में शिरकत करने की इच्छा जाहिर कर चुके हैं। शिवसेना के संस्थापक बालासाहेब ठाकरे का राम मंदिर आंदोलन से लंबा रिश्ता रहा है। ऐसे में उद्धव ठाकरे की उम्मीदों को अब झटका लग सकता है।           


फेरबदल में कई जिलों के सीईओ हटाए

उत्तर प्रदेश में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल गोरखपुर समेत कई जिलों के सीडीओ हटाए गए


लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने बुधवार रात 17 आईएएस और 15 सीनियर पीसीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। महेंद्र कुमार को विशेष सचिव एपीसी ब्रांच, गजल भारद्वाज को सीडीओ रामपुर, अश्वनी पांडे को सीडीओ बलिया, अमित आसरी को सीडीओ चित्रकूट, अतुल वत्स को सीडीओ सुल्तानपुर, श्रीमती अंकुर लाठर को सीडीओ अमेठी बनाया गया है। इसके अलावा अन्नपूर्ण गर्ग को सीडीओ अम्बेडकरनगर, अमित पाल को विशेष सचिव माध्यमिक शिक्षा, विपिन जैन को सीडीओ प्रतापगढ़, कविता मीना को सीडीओ बहराइच, इंद्रजीत सिंह को सीडीओ गोरखपुर, मथूं कुमार स्वामी को विशेष सचिव ओद्योगिक विकास विभाग, गूराला श्री निवास लू को विशेष सचिव वित्त बनाया गया है। मनोज कुमार को निदेशक कृषि विपड़न एवं कृषि विदेश व्यापार, श्याम सुंदर शर्मा को सचिव पिछड़ा वर्ग आयोग, घनश्याम मीणा को सीडीओ कुशीनगर, अरविंद कुमार चौहान को विशेष सचिव समाज कल्याण की जिम्मेदारी दी गई है। पीसीएस अफसरों में मंजु लता को विशेष सचिव एपीसी ब्रांच, पूनम निगम को अपर आयुक्त झांसी मंडल, विश्राम को अपर जिलाधिकारी न्यायिक कौशांबी, नीता यादव को चीफ रेवेन्यू अफसर, अनिल कुमार सिंह को रजिस्ट्रार, अटल बिहारी बाजपेई चिकित्सा विश्विद्यालय, नरेंद्र सिंह द्वितीय को संयुक्त सचिव होम गार्ड विभाग बनाया गया है।


इसके अलावा अलका वर्मा को अपर आयुक्त लखनऊ मंडल, हरीओम शर्मा को अपर आयुक्त गोरखपुर मंडल, नागेंद्र कुमार सिंह को सिटी मजिस्ट्रेट बलिया, आनंद कुमार को विशेष सचिव चिकित्सा शिक्षा, अनूप श्रीवास्तव को विशेष सचिव दिव्यांग जन सशक्तिकरण विभाग, प्रभुनाथ को विशेष सचिव लोक निर्माण विभाग बनाया गया है।           


24 अगस्त को राज्यसभा का उपचुनाव

लखनऊ। उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के सांसद बेनी प्रसाद वर्मा और केरल से राज्यसभा सदस्य एमपी वीरेंद्र कुमार के निधन के कारण रिक्त हुईं दो सीटों पर उपचुनाव 24 अगस्त को होंगे। इसके अलावा आंध्रप्रदेश विधान परिषद के सदस्य एम वी रमना राव के इस्तीफे से रिक्त सीट के लिए उपचुनाव भी 24 अगस्त को होंगे।


चुनाव आयोग ने गुरुवार को जारी विज्ञप्ति में कहा है कि इन दोनों सीटों के उपचुनाव के लिए छह अगस्त को अधिसूचना जारी की जाएगी जबकि 13 अगस्त को नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे और नामांकन पत्रों की जांच 14 अगस्त को होगी। इसके बाद 17 अगस्त तक नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे। आंध्र प्रदेश विधान परिषद के उपचुनाव भी इसी कर्यक्रम के तहत होंगे। एम वी रमना राव ने एक जुलाई को इस्तीफा दिया था। उनका कार्यकाल 29 मार्च 2023 तक था। विज्ञप्ति के अनुसार उपचुनाव के लिए मतदान 24 अगस्त को होगा और मतगणना उसी दिन शाम 5:00 बजे शुरू होगी तथा चुनावी प्रक्रिया 26 अगस्त तक समाप्त हो जायेगी।

गौरतलब है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सदस्य बेनी प्रसाद वर्मा का इस वर्ष 27 मार्च को निधन हो गया था जबकि एमपी वीरेंद्र कुमार का निधन 28 मई को हो गया था । श्री वर्मा का कार्यकाल दो अप्रैल 2022 तक था जबकि श्री कुमार का कार्यकाल चार जुलाई 2022 तक था।           


सरकार ने दिल्ली वालों को दिया तोहफा

नई दिल्ली। दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार ने गुरुवार को एक बड़ा फ़ैसला करते हुए राजधानी में डीज़ल पर लगने वाले अब तक की सबसे बड़ी कटौती की गई है।


केजरीवाल सरकार ने गुरुवार को हुई कैबिनेट मीटिंग में यह बड़ा फैसला लिया है, जिससे राजधानी में डीज़ल 8.36 रुपए प्रति लीटर सस्ता हो गया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद ने इसका ऐलान करते हुए कहा कि दिल्ली की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और आम लोगों को महंगाई से बचाने के लिए सरकार ने यह कदम उठाया है। दिल्ली सरकार ने अपने इस फैसले में राज्य में डीज़ल पर लगने वाले 30% वैट को घटाकर 16.75% कर दिया है। अब दिल्ली में डीजल 73.64 रुपए प्रति लीटर होगा। फिलहाल, दिल्ली में डीजल 81.94 रुपए प्रति लीटर है। अगर इसी के साथ पेट्रोल के कीमत की बात करें तो राजधानी में 30 जुलाई, 2020 को 80.43 रुपए प्रति लीटर चल रहा है।       


जवानों पर राइफल्स ने किया हमला

नई दिल्ली। मणिपुर के चंदेल में म्यांमार बॉर्डर के पास असम राइफल्स के जवानों पर बड़ा हमला हुआ है। इस हमले में तीन जवान शहीद हो गए और पांच जवान घायल हो गए हैं। पहले आईईडी ब्लास्ट किया गया और फिर जवानों पर फायरिंग की गई. ये जवान म्यांमार बॉर्डर पर पेट्रोलिंग करने गए थे। 15 जवान रात में गश्त करने के बाद सुबह लौट रहे थे, उसी वक्त बॉर्डर के पार आईईडी ब्लास्ट किया गया। जवानों ने जब जवाबी कार्रवाई की, तो आतंकवादी भाग खड़े हुए. हालांकि किसी आतंकवादी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।             


राम मंदिर के पुजारी हुए कोरोना संक्रमित

संतलाल मौर्य


अयोध्या। उत्तर प्रदेश के अयोध्या से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां राम मंदिरके भूमि पूजन की तैयारियों के बीच कोरोना ने दस्तक दे दी है। यहां साधु-संतों के साथ राम जन्म भूमि की सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों के भी कोरोना संक्रमित होने की सूचना है। ताजा खबर ये है कि राम जन्मभूमि के पुजारी प्रदीप दास कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। वह प्रधान पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास के शिष्य हैं। प्रदीप दास भी सत्येंद्र दास के साथ राम जन्मभूमि की पूजा करते हैं। बता दें कि राम जन्मभूमि में प्रधान पुजारी के साथ-साथ 4 पुजारी राम लला की सेवा करते हैं। अब कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद पुजारी प्रदीप दास को होम क्‍वारंटाइन कर दिया गया है। वहीं, राम जन्मभूमि की सुरक्षा में लगे 16 पुलिसकर्मी भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, जिसके बाद हड़कंप मचा हुआ है।


बता दें कि 5 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अयोध्या आगमन है। पीएम मोदी राम मंदिर के भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ देश के तमाम गणमान्य लोग भी उपस्थित रहेंगे। इस भूमि पूजन कार्यक्रम की भव्यता और प्रचार में राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहा है। बता दें प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर अयोध्या में सुरक्षा कड़ी की गई है। आईडी प्रूफ देखकर ही अयोध्या धाम में लोगों को प्रवेश मिल रहा है। अयोध्या धाम को 7 जोन में बांटा गया है।इस दौरान सभी एंट्री प्वाइंट पर सघन चेकिंग चल रही है।


वहीं दूसरी तरफ राम मंदिर भूमि पूजन के लिए राम जन्मभूमि परिसर में पंडाल बनने का काम शुरू हो गया है। जानकारी के अनुसार 2 वाॅटरप्रूफ पंडाल बनाए जा रहे हैं। इसमें एक छोटा सा मंच भी बनेगा। मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सीएम योगी, संघ प्रमुख मोहन भागवत, ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय होंगे। वहीं संस्कृति विभाग परिसर में अब प्रदर्शनी नहीं लगाएगा। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए पंडाल में कुर्सियां लगाई जाएंगी।


आहः कंधे पर प्रेमी को बैठा कर घुमाया

कविता गर्ग


झाबुआ। जिले में एक बार फिर से प्रेम प्रसंग के चलते एक महिला को तालीबानी सजा दिए जाने का मामला सामने आया है।घटना का वीडियो सामने आए के बाद पुलिस ने मामले में पति सहित 7 लोगों पर केस दर्ज किया है। वीडियो में महिला पति को कंधे पर बिठाकर सड़क से जाती हुई दिखाई दे रही है। लोग महिला के साथ पीछे से मारपीट भी कर रहे हैं। महिला बार-बार दोबारा ऐसा नहीं करने की बात कहते हुए छोड़ देने की गुहार लगा रही है।


कोतवाली थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पारा चौकी क्षेत्र के छापरी रणवास गांव की घटना है। पति-पत्नी में विवाद केे बाद गांववालों ने महिला को ऐसी सजा दी थी। पुलिस ने महिला के बयान के आधार पर 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।


वहीं, लोगों से मिली जानकारी के अनुसार महिला अपने प्रेमी के साथ चली गई थी। महिला का पता चलने पर उसे गांव लाया गया। यहां महिला को पति को कंधे पर बिठाकर पूरे गांव के चक्कर लगाने की सजा सुनाई गई। महिला जब सजा भुगत रही थी तो साथ चल रहे लोग उसका वीडियो बना रहे थे। बता दें कि झाबुआ जिले में पहले भी इस प्रकार के मामले सामने आए हैं।


34 साल बाद शिक्षा नीति में किया बदलाव

कविता गर्ग


नई दिल्‍ली। कैबिनेट ने नई शिक्षा नीति को हरी झंडी दे दी है। 34 साल बाद शिक्षा नीति में बदलाव किया गया है। मानव संसाधन विकास मंत्रालय के मंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने कहा कि ये नीति एक महत्वपूर्ण रास्ता प्रशस्‍त करेगी। ये नए भारत के निर्माण में मील का पत्थर साबित होगी। इस नीति पर देश के कोने कोने से राय ली गई है और इसमें सभी वर्गों के लोगों की राय को शामिल किया गया है। देश के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि इतने बडे़ स्तर पर सबकी राय ली गई है।


अहम बदलाव


नई शिक्षा नीति के तहत अब 5वीं तक के छात्रों को मातृ भाषा, स्थानीय भाषा और राष्ट्र भाषा में ही पढ़ाया जाएगा। बाकी विषय चाहे वो अंग्रेजी ही क्यों न हो, एक सब्जेक्ट के तौर पर पढ़ाया जाएगा। 9वींं से 12वींं क्लास तक सेमेस्टर में परीक्षा होगी. स्कूली शिक्षा को 5+3+3+4 फॉर्मूले के तहत पढ़ाया जाएगा। वहीं कॉलेज की डिग्री 3 और 4 साल की होगी। यानि कि ग्रेजुएशन के पहले साल पर सर्टिफिकेट, दूसरे साल पर डिप्‍लोमा, तीसरे साल में डिग्री मिलेगी। 3 साल की डिग्री उन छात्रों के लिए है जिन्हें हायर एजुकेशन नहीं लेना है। वहीं हायर एजुकेशन करने वाले छात्रों को 4 साल की डिग्री करनी होगी। 4 साल की डिग्री करने वाले स्‍टूडेंट्स एक साल में MA कर सकेंगे। अब स्‍टूडेंट्स को MPhil नहीं करना होगा। बल्कि MA के छात्र अब सीधे PHD कर सकेंगे।


इतने बड़े पैमाने पर जुटाई गई थी राय


इस शिक्षा नीति के लिए कितने बड़े स्तर पर रायशुमारी की गई थी, इसका अंदाजा इन आंकड़ों से सहज ही लगाया जा सकता है। इसके लिए 2.5 लाख ग्राम पंचायतों, 6,600 ब्लॉक्स, 676 जिलों से सलाह ली गई थी।


स्‍टूडेंट्स बीच में कर सकेंगे दूसरे कोर्स


हायर एजुकेशन में 2035 तक ग्रॉस एनरोलमेंट रेशियो 50 फीसदी हो जाएगा। वहीं नई शिक्षा नीति के तहत कोई छात्र एक कोर्स के बीच में अगर कोई दूसरा कोर्स करना चाहे तो पहले कोर्स से सीमित समय के लिए ब्रेक लेकर वो दूसरा कोर्स कर सकता है। हायर एजुकेशन में भी कई सुधार किए गए हैं। सुधारों में ग्रेडेड अकेडमिक, ऐडमिनिस्ट्रेटिव और फाइनेंशियल ऑटोनॉमी आदि शामिल हैं। इसके अलावा क्षेत्रीय भाषाओं में ई-कोर्स शुरू किए जाएंगे। वर्चुअल लैब्स विकसित किए जाएंगे. एक नैशनल एजुकेशनल साइंटफिक फोरम (NETF) शुरू किया जाएगा। बता दें कि देश में 45 हजार कॉलेज हैं।


सरकारी, निजी, डीम्‍ड सभी संस्‍थानों के लिए होंगे समान नियम


हायर एजुकेशन सेक्रटरी अमित खरे ने बताया, ‘ नए सुधारों में टेक्नॉलॉजी और ऑनलाइन एजुकेशन पर जोर दिया गया है। अभी हमारे यहां डीम्ड यूनविर्सिटी, सेंट्रल यूनिवर्सिटीज और स्टैंडअलोन इंस्टिट्यूशंस के लिए अलग-अलग नियम हैं। नई एजुकेशन पॉलिसी के तहत सभी के लिए नियम समान होंगे।


1,81,90,382 सैंपलों की कुल जांच हुई

अकांशु उपाध्याय


नई दिल्ली। कोरोना वायरस के संक्रमण के मामले रोज अपने ही रिकॉर्ड को ध्वस्त करते जा रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटे में भारत में कोरोना के 53,123 नए पॉजिटिव केस सामने आए हैं। वहीं इस वैश्विक महामारी से कल 775 मरीजों की मौत हो गई।






मंत्रालय के द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक भारत में अब तक कोरोना के 15,83,792 मामले हो चुके हैं। इनमें 10,20,582 मरीज या तो स्वस्थ हो चुके हैं या फिर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। कोरोना से होनी वाली मौत के आंकड़ों की बात करें तो अभी तक इस महामारी ने 34,968 लोगों की जान ले ली हैं। टेस्टिंग की बात करें तो भारत में 29 जुलाई यानी कल कोरोना के 4,46,642 सैंपल की कोरोना टेस्टिंग हुई। इसके साथ ही अभी तक देश में कोरोना के 1,81,90,382 सैंपल को कोविड टटेस्टिंग हो चुकी है।             


यूपी के विधायक हुए बेलगाम, थाने में धरना

लखनऊ। योगी सरकार में भाजपा के विधायकों की भी कोई नहीं सुन रहा है | उन्नाव के सदर से भाजपा विधायक पंकज गुप्ता अपने समर्थकों के साथ पुलिस पर बुजुर्ग पर मारपीट का आरोप लगाकर रातभर कोतवाली में धरने पर बैठे रहे। वह डीएम व एसपी को मौके पर बुलाए जाने के बात पर अड़े रहे और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। सुबह डीएम व एसपी ने शहर कोतवाली पहुंच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया तब मामला शांत हो सका।






शहर कोतवाली के आदर्शनगर में महिला थाने की सरकारी भूमि पर कब्जेदारी को लेकर मंगलवार को पुलिस ने चार नामित व तीस अज्ञात लोगों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया था। अधिकारियों के आदेश पर पुलिस ने सात लोगों को पकड़ कर कोतवाली पहुंचा दिया। इसती जानकारी होते ही सदर विधायक पंकज गुप्ता समर्थकों के साथ कोतवाली पहुंच गए। विधायक का आरोप था कि पकड़े गए वृद्ध के साथ पुलिसकर्मियों से मारपीट की। विधायक ने कहा कि उन्नाव पुलिस निरंकुश हो चुकी है, परेशान होकर मजबूरन उन्हें धरने पर बैठना पड़ा। सीओ ने समझाने की कोशिश की लेकिन बात नहीं बनी। मामला बढ़ने पर विधायक व उनके कार्यकर्ताओं ने सीओ सिटी पर गंभीर आरोप लगा पूरी रात नारेबाजी करते हुए डीएम व एसपी को मौके पर बुलाए जाने की बात पर अड़े रहे।




विधायक ने कहा कि कार्यकर्ताओं व आम आदमी को वाहन चेकिंग के नाम पर पुलिस प्रताड़ित कर रही है। हाल ही में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीकांत कटियार से भी पुलिस कर्मियों से अभद्रता की थी। उन्होंने कहा कि संभ्रांत लोगों के खिलाफ कार्रवाई और अपराधी सड़कों पर घूम रहे हैं। पूरे मामले को सीएम को बताएं और विधानसभा में प्रश्न भी उठाएंगे। मामला बढ़ने पर रात आधा दर्जन से अधिक थानों की पुलिस शहर कोतवाली पहुंच गई। देर रात एएसपी उत्तरी विनोद कुमार पांडे ने कोतवाली पहुंच विधायक समेत कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया, मगर सभी डीएम और एसपी को मौके पर बुलाए जाने की मांग करते रहे। तड़के डीएम रविंद्र कुमार व एसपी रोहन पी कनय ने शहर कोतवाली पहुंच सदर विधायक से बातचीत और आश्वासन दिया कि जांच करवा कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। डीएम व एसपी के आश्वासन दिए जाने के बाद मामला शांत हो गया और सभी कोतवाली से रवाना हो गए।            


यूपीः 17 आईएएस,15 पीसीएस के तबादले

लखनऊ । यूपी में आईएएस- पीसीएस के तबादले योगी सरकार ने किए हैं । कई जिलों के सीडीओ सरकार ने बदल दिए हैं ।


यह लिस्ट-17 आईएएस के हुए तबादले-महेंद्र कुमार विशेष सचिव एपीसी शाखा गजल भारद्वाज सीडीओ रामपुर अतुल वस्त्र सीडीओ सुल्तानपुर अश्विनी पांडेय सीडीओ बलिया अन्नपूर्णा गर्ग सीडीओ अम्बेडकर नगर श्रीमती अंकुर लाठर सीडीओ अमेठी विपिन जैन सीडीओ प्रतापगढ़ कविता मीणा सीडीओ बहराइच इंद्रजीत सिंह सीडीओ गोरखपुर घनश्याम मीणा सीडीओ कुशीनगर अमित पाल विशेष सचिव माध्यमिक शिक्षा मुथु कुमार स्वामी विशेष सचिव औद्योगिक विकास गुराला श्रीनिवास विशेष सचिव वित्त मनोज कुमार निदेश कृषि विपणन श्याम सुंदर शर्मा सचिव पिछड़ा वर्ग अरविंद चौहान विशेष सचिव समाज कल्याण अमित आसरी सीडीओ चित्रकूट


15 PCS के ट्रांसफर की लिस्ट- मंजू लता विशेष सचिव एपीसी शाखा पूनम निगम अपर आयुक्त झांसी मंडल विश्राम एडीएम न्यायिक कौशाम्बी नीता यादव सीआरओ बस्ती अनित सिंह रजिस्ट्रार अटल विश्वविद्यालय प्रभुनाथ विशेष सचिव पीडब्ल्यूडी श्रीवेंद्र सिंह अपर निबंधक सहकारिता
नरेंद्र सिंह संयुक्त सचिव होमगार्ड अलका वर्मा अपर आयुक्त लखनऊ मंडल हरिओम शर्मा अपर आयुक्त गोरखपुर मंडल
नागेंद्र कुमार सिंह सिटी मजिस्ट्रेट बलिया आनंद कुमार विशेष सचिव चिकित्सा शिक्षा अनूप श्रीवास्तव विशेष सचिव दिव्यांग कल्याण बद्रीनाथ सिंह विशेष सचिव राज्यपाल रमेश प्रसाद अपर आयुक्त झांसी मंडल।


9वीं सदी की शिव मूर्ति लंदन से वापस

नई दिल्ली। भगवान शिव की एक चोरी हुई मूर्ति जल्द ही भारत वापस लौटने वाली है। राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले के घाटेश्वर मंदिर में ये शिव मूर्ति 1998 में चोरी हो गई थी, जो किसी तरह ब्रिटेन में रहने वाले एक शख्स के पास पहुंच गई थी। सदियों पुरानी ये ऐतिहासिक मूर्ति गुरुवार 30 जुलाई को ही भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के पास वापस आएगी।


तस्करी के बाद ब्रिटेन पहुंची मूर्ति


रिपोर्ट्स के मुताबिक, 9वीं सदी की ये मूर्ति नटेश शिव की है, जो चित्तौड़गढ़ के बरोली गांव में स्थित घाटेश्वर मंदिर में स्थापित थी। इस मूर्ति को फरवरी 1998 में मंदिर से चोरी कर लिया गया था। यहां से तस्करी के जरिए ये लंदन में एक निजी कलेक्टर के पास पहुंच गई थी। जानकारी के अनुसार, भारतीय एजेंसियों ने 2003 में ब्रिटिश अधिकारियों को इसके बारे में जानकारी दी थी और फिर 2005 में उस शख्स से इस मूर्ति को लौटाने के लिए बात की गई, जिसने स्वेच्छा से इसे लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग के हवाले कर दिया था।


2017 में हुई प्रामाणिकता की पुष्टि


ये मूर्ति उसके बाद से ही भारतीय उच्चायोग में रखी गई थी और 2017 में एएसआई अधिकारियों की जांच के बाद इसकी प्रामाणिकता की पुष्टि हुई थी। अब एक बार फिर ये मूर्ति भारत वापस आ रही है और एएसआई इसे अपने कब्जे में लेगा।


रिपोर्ट के मुताबिक, 1998 से पहले भी इस मूर्ति को मंदिर से चुराने की कोशिश की गई थी, लेकिन तब चोरों को सफलता नहीं मिल पाई थी। इस मूर्ति का एक हाथ और एक पैर टूट गया है। इससे पहले भी भारतीय संस्कृति और इतिहास से जुड़ी कई अहम वस्तुएं दुनिया के अलग-अलग देशों से भारत वापस लाई जा चुकी हैं।


सुरक्षा को लेकर सीएम की हाई लेवल मीटिंग

लखनऊ। अयोध्या में 5 अगस्त को होने जा रहे राम मंदिर के भूमि पूजन कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोरों शोरों से जारी हैं। अयोध्या में भूमि पूजन से पहले यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने सुरक्षा को लेकर बड़ी बैठक की है। सीएम ने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए हैं।


सीएम ने अधिकारियों को भूमि पूजन कार्यक्रम को लेकर हर जिले में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। भूमि पूजन कार्यक्रम और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं। शरारती व असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगाह रखने के भी निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम में करीब 200 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। ऐसे में पुलिस के सामने कोविड-19 के प्रोटोकॉल को सख्ती से पालन कराने की भी चुनौती होगी, ऐसे में सीएम योगी ने निर्देश दिए हैं कि कोरोना वायरस के प्रोटोकॉल को फॉलो करने में कोई भी ढीलाई ना बरती जाए।


गौरतलब है कि इस कार्यक्रम को लेकर केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने इनपुट दिया है कि आयोजन पर आतंकी साया मंडरा रहा है। इंटेलिजेंसी एजेंसीज का कहना है कि 5 अगस्त को होने वाले राम मंदिर शिलान्यास को लेकर आतंकी साजिश रची जा रही है। ऐसे में पूरे प्रदेश में भूमिपूजन यानि 5 अगस्त से लेकर स्वतंत्रता दिवस तक हाई अलर्ट घोषित किया गया है।केंद्रीय खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद सुरक्षा को लेकर उत्तर प्रदेश में व्यवस्था चाक चौबंद की जा रही है। इनपुट मिले हैं कि आतंकी 5 अगस्त से 15 अगस्त के बीच किसी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम दे सकते हैं। ऐसे में सभी जिलों के महत्वपूर्ण स्थानों, बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।


अरेस्ट सैकड़ों हत्याओं का दोषी, 'डॉक्टर डेथ'

राणा ओबरॉय


नई दिल्ली। देश में डॉक्टर डेथ के नाम से कुख्यात डॉक्टर देवेंद्र शर्मा आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया | देश के मेडिकल इतिहास में उसके अपराध हमेशा पुलिस और पीड़ितों को याद रहेंगे | पुलिस की अपराध शाखा की नारकोटिक्स सेल ने इस दुर्दांत हत्यारे को बड़ी चालाकी से धर दबोचा | डॉ. देवेंद्र शर्मा की बुधवार देर रात बापरौला इलाके से गिरफ्तारी की पुष्टि भी हुई है। खुद डॉक्टर डेथ कई बार दावा करता है कि अब तक 100 से ज्यादा ट्रक ड्राइवरों और टैक्सी चालकों की हत्या कर चुका है | उसके मुताबिक उसने 100 कत्ल के बाद हत्याओं की गिनती करना छोड़ दिया है।


डॉक्टर डेथ ने हरियाणा में सीरियल किलर के रूप में कुख्याती अर्जित की है | उसे हरियाणा का सबसे बड़ा जल्लाद नाम से जाना जाता है | पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज है कि उसने कई राज्यों में फैले किडनी रैकेट के सरगना के रूप में काम किया था | रिकॉर्ड के मुताबिक अब तक वो करीब 125 लोगों की किडनी अवैध रूप से निकालकर ट्रांसप्लांट कर चुका है। यह शख्स राजस्थान की एक अदालत से पैरोल के बाद गायब हो गया था | जयपुर पुलिस को इसकी पैरोल जंपिंग मामले में तलाश थी।दिल्ली पुलिस में अपराध शाखा के डीसीपी डॉ. राकेश पावरिया के मुताबिक नारकोटिक्स सेल के इंस्पेक्टर राममनोहर की टीम ने उसे सुनियोजित रूप से धर दबोचा है |उनके मुताबिक हत्या में उम्रकैद काट रहा सीरियल किलर देवेंद्र कुमार शर्मा जनवरी 2020 में राजस्थान से पैरोल जंप कर नदारत हो गया था | उन्होंने बताया कि यह मुजरिम दिल्ली के बापरौला में भेष बदलकर रह रहा था। एक सूचना के बाद उसकी छानबीन में एसआई श्याम बिहारी सरन, हवलदार अशोक नागर, संजय, सिपाही सुमित व सुनील की टीम जुटी हुई थी | उन्होंने बताया कि 62 वर्षीय डॉ. देवेंद्र कुमार शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। फ़िलहाल उससे पूछताछ की जा रही है | पुलिस के मुताबिक, यह मुजरिम एक विधवा महिला से शादी कर यहां छिपा था | उसने पुलिस को गुमराह करने की खूब कोशिश की। लेकिन दिल्ली पुलिस ने उसकी जब हकीकत जाहिर की तो उसने सच उगल दिया। उन्होंने बताया कि जयपुर पुलिस को इसकी सूचना दे दी गई है। जयपुर पुलिस इस सीरियल किलर की सुपुर्दगी के लिए दिल्ली पहुँच गई है |अपराध की दुनिया में डॉ. देवेंद्र शर्मा का नाम दुर्दांत अपराधियों की श्रेणी में है | वह बीएएमएस डिग्रीधारी है | लेकिन किडनी निकालने व ट्रांसप्लॉट करने की सर्जरी में उसका कोई मुकाबला नहीं |


बताया जाता है कि इस डॉक्टर ने कई ट्रक ड्राइवरों की हत्या कर उनके शव को कासगंज स्थित हजारा नहर में मगरमच्छों को खिला दिया | ताकि कोई सुबूत न मिले। यह उन लोगों की किडनियां निकाल लिया करता था | यही नहीं ड्राइवरों की गाड़ियों को वो दिल्ली के कासगंज बाजार में बेच देता था | कई गाड़ियों को उसने मेरठ के कबाड़ियों को बेचकर कटवा दिया था।


अंबानी के ऑफिस पर यस बैंक का कब्जा

मुंबई। कर्ज के जाल में फंसे रिलायंस ग्रुप के अनिल अंबानी को एक और झटका लगा है। दरअसल, निजी क्षेत्र के यस बैंक ने 2,892 करोड़ रुपये का बकाया कर्ज नहीं चुकाने की वजह से अनिल धीरूभाई अंबानी समूह (ADAG) के सांताक्रूज मुख्यालय को अपने कब्जे में ले लिया है। आपको यहां बता दें कि अनिल धीरूभाई अंबानी समूह पिछले साल इसी मुख्यालय को पट्टे पर देना चाहता था ताकि वह कर्ज चुकाने के लिए संसाधन जुटा सके। यह मुख्यालय 21,432 वर्ग मीटर में है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक यस बैंक ने रिलायंस इन्फ्रास्ट्रक्चर द्वारा बकाये का भुगतान नहीं करने के चलते दक्षिण मुंबई के दो फ्लैटों का कब्जा भी अपने हाथ में ले लिया है। दो अन्य संपत्तियां दक्षिण मुंबई के नागिन महल में हैं। ये दोनों फ्लैट क्रमश: 1,717 वर्ग फुट और 4,936 वर्ग फुट के हैं। इस तरह, यस बैंक के कब्जे में रिलायंस ग्रुप की तीन संपत्तियां आ गई हैं।


आपको यहां बता दें कि अनिल धीरूभाई अंबानी समूह (एडीएजी) की लगभग सभी कंपनियां सांताक्रूज कार्यालय ‘रिलायंस सेंटर’ से परिचालन कर रही हैं। हालांकि, पिछले कुछ साल के दौरान समूह की कंपनियों की वित्तीय स्थिति काफी खराब हो गई है। कुछ कंपनियां दिवालिया हो गई हैं, जबकि कुछ को अपनी हिस्सेदारी बेचनी पड़ी है। यस बैंक ने कहा कि उसने छह मई को रिलायंस इन्फ्रास्ट्रक्चर को 2,892.44 करोड़ रुपये का बकाया चुकाने का नोटिस दिया था। 60 दिन के नोटिस के बावजूद समूह बकाया नहीं चुका पाया। इसके बाद 22 जुलाई को हमने रिलायंस समूह की तीनों संपत्तियों का कब्जा ले लिया। बैंक ने आम जनता को आगाह किया है कि वह इन संपत्तियों को लेकर किसी तरह का लेनदेन नहीं करें।


यस बैंक के डूबे कर्ज की एक बड़ी वजह एडीएजी समूह की कंपनियों को दिया गया कर्ज है। नॉन परफॉर्मिंग एसेट (एनपीए) के ऊंचे स्तर की वजह से भारतीय स्टेट बैंक की अगुवाई वाले बैंकों के गठजोड़ ने बैंक में 10,000 करोड़ रुपये की पूंजी डालकर उसे संकट से बाहर निकाला है। बैंक के लिए राहत पैकेज से पहले सरकार और रिजर्व बैंक ने मार्च में यस बैंक के निदेशक मंडल को भंग कर दिया था। साथ ही बैंक के नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और निदेशक मंडल की नियुक्ति की थी।


पुलिसः यूपी में बेखौफ हुई अराजकता

कानपुर। औरैया जनपद के थाना दिबियापुर कस्बे में उस समय सनसनी फैल गई जब देर शाम 9:00 बजे के करीब ग्रीन वैली स्कूल के पास एक न्यूज़ चैनल आपरेशनल हेड व ऑल इंडियन रिपोर्टर्स एसोसिएशन के मण्डल संगठन मंत्री पत्रकार प्रशान्त कुमार पुत्र मनोज कुमार निवासी नेहरू नगर दिवियापुर को तीन अज्ञात बदमाशों ने उनकी ही कार में अगवा कर बंधक बना लिया।अपहृत पत्रकार प्रशांत कुमार ने औरैया पुलिस को बताया कि वह अपना कामकाज निपटाने के बाद घर जा रहे थे तभी ग्रीन वैली स्कूल के पास एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों ने उन से औरैया जाने का रास्ता पूछा और इसी बीच उन बदमाशों ने कट्टे के बल पर उनको गाड़ी में ही बंधक बना लिया और इधर उधर भटकाने के बाद आँखों मे पट्टी बांधकर अज्ञात रास्ते होते हुए बदमाश कही ले गये प्रशान्त कुमार को उक्त तीनों बदमाश  गाड़ी में बराबर मारपीट करते रहे तथा बदमाशो ने जान से मारने का भी प्रयास किया रसूलाबाद थाना क्षेत्र के वैरगरा गाँव से आगे जंगल में वह पेशाब करने के बहाने से गाड़ी से उतरा इसके बाद उक्त बदमाशों ने उसे जंगल में जान से मारने का प्रयास किया तो कट्टा फायर ना कर सका और मिस हो गया और गुस्साए बदमाश उसके साथ मारपीट कर उनकी नई सफेद रंग की हुंडई औरा कार ,नगदी दो मोबाइल , बेग व अन्य सामान लेकर फरार हो गए जंगल मे दूर दिख रही रोशनी की तरफ चलते चलते रात्रि वह वेरगरा ग्राम पहुंचा जहां पर ग्रामीणों को घटना की जानकारी देते हुए मोबाइल से बात कराने का निवेदन किया जहां के ग्रामीणों ने उसे मोबाइल देकर एसपी औरैया तथा संबंधित थाना प्रभारी को घटना की सूचना देते हुए डायल 112 पर सूचित किया मौके पर पहुंची थाना रसूलाबाद पुलिस व औरैया दिबियापुर पुलिस ने देर रात्रि तक घटना की छानबीन करने में जुटे रहे। वहीं घटना के बाबत अपरपुलिस अधीक्षक औरैया कमलेश दीक्षित ने बताया पत्रकार के साथ हुई घटना के मामले को गम्भीरता से लेते हुए पुलिस जांच में करने में जुटी हुई है कि अपहृत रसूलाबाद- कैसे कैसे पहुचा उन बिंदुओं की गहनता से पुलिस जांच कर रही व फिलहाल पुलिस घटना के हर बिंदुओ की गहनता से जांच करने में जुटी हुई है।             


यूके: 10वीं-12वीं बोर्ड का रिजल्ट घोषित किया

यूके: 10वीं-12वीं बोर्ड का रिजल्ट घोषित किया  पंकज कपूर  रामनगर। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने मंगलवार को 10वीं और 12वीं बोर्ड का रिजल...