सोमवार, 14 अक्तूबर 2019

खट्टर ने सोनिया को मरी चुहिया कहा

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा कथित तौर अपमानजनक टिप्पणी करने से जुड़ी खबर को लेकर अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की प्रमुख सुष्मिता देव ने सोमवार को कहा कि इस 'असंसदीय एवं निंदनीय' बयान के लिए बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने एक बयान जारी कर कहा कि मैं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की टिप्पणी की निंदा करती हूं।


सुष्मिता ने कहा कि उनकी टिप्पणी असंसदीय और निंदनीय है। यह महिलाओं के प्रति उनके और भाजपा के अपमानजनक रुख को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि विमर्श के स्तर को नीचे ले जाना बेरोजगारी और गंभीर आर्थिक मंदी जैसे असली मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास है। महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ने कहा कि क्या इससे कोई इनकार कर सकता है कि हरियाणा भारत का 'रेप कैपिटल' बन चुका है ? वहां अपहरण के मामले बहुत बढ़ गए हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री के पास इसका कोई जवाब नहीं है। कांग्रेस में हम सार्वजनिक गरिमा को बरकरार रखने को प्रतिबद्ध हैं। मैं खट्टर से बिना शर्त माफी की मांग करती हूंं।


खबरों के मुताबिक, खट्टर ने एक सभा में कथित तौर पर कहा कि लोकसभा चुनाव में हार के बाद राहुल (राहुल गांधी) ने पार्टी अध्यक्ष पद छोड़ दिया और कहा कि नया कांग्रेस अध्यक्ष गांधी परिवार से नहीं होगा। हमने इस निर्णय का स्वागत किया था। वंशवाद की राजनीति को खत्म करने के लिए यह अच्छा फैसला था। फिर, इन लोगों ने देशभर में (नए अध्यक्ष की) तलाश शुरू की। तीन महीने के बाद, उन्होंने सोनिया गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बना दिया। यह तो ऐसा हुआ, जैसे खोदा पहाड़, निकली चुहिया, वह भी मरी हुई।


75 साल की महिला ने बेटी को जन्म दिया

कोटा। राजस्थान राज्य के कोटा में एक 75 साल की बूढ़ी महिला ने IVF के जरिए शनिवार देर शाम एक बच्ची को जन्म दिया। डॉक्टरों ने रविवार को बताया कि बच्ची का वजन मात्र 600 ग्राम है और उसे एक अन्य अस्पताल की नवजात गहन चिकित्सा इकाई  में ले जाया गया है, जबकि महिला को कोटा के किंकर हॉस्पिटल में रखा गया है। बाल रोग विशेषज्ञों की एक टीम बच्ची की देखभाल कर रही है। हॉस्पिटल की डॉक्टर अभिलाषा किंकर ने कहा कि महिला ने पहले एक बच्चे को गोद लिया था, लेकिन वह अपना खुद का बच्चा चाहती थी, और इसलिए उसने मां बनने की संभावनाओं के बारे में डॉक्टरों से पूछताछ की थी। इसके बाद उसने IVF को आजमाना चाहा।


बता दें कि मां की उम्र के कारण गर्भ धारण करने के 6.5 माह बाद सी-सेक्शन के जरिए समय पूर्व बच्चे का जन्म कराना पड़ा, क्योंकि मां शारीरिक और स्वास्थ्य के लिहाज से कमजोर थी। बड़ी दिक्कत यह थी कि महिला के पास सिर्फ एक ही फेफड़ा था, जो चिकित्सा टीम के लिए एक चुनौती था।


डांस और अंदाज से सबका होश उड़ाया

मुंबई। बॉलीवुड की डांसिंग क्वीन नोरा फतेही अपने धमाकेदार डांस और अंदाज से सबके होश उड़ा देती हैं। एक बार फिर नोरा फतेही  का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर तहलका मचा रहा है। इस वीडियो में एक्ट्रेस हाल ही में रिलीज हुए अपने गाने 'पपेटा' पर अलग ही अंदाज में डांस कर रही हैं। इस वीडियो को डांस प्लस ने अपने इंस्टाग्राम एकाउंट के जरिए शेयर किया है। इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में नोरा फतेही द पपेटा चैलेंज एक्सेप्ट कर उस पर डांस कर रही हैं। नोरा फतेही के इस वीडियो पर फैन्स खूब कमेंट कर रही हैं।


आयुष्मान की बड़ी फिल्म 'ड्रीमगर्ल'

निशा गोस्वामी


मुंबई। आयुष्मान खुराना अभिनीत पावरहाउस निर्माता एकता कपूर की हालिया रिलीज़ ड्रीम गर्ल ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया है और रिलीज़ के बाद, अपने छठे सप्ताह में भी मजबूत पकड़ बनाये हुए है। इस साल 13 सितंबर को रिलीज हो चुकी यह फिल्म अपने 5वें वीकेंड में 1.70 करोड़ की कमाई करने में सक्ष्म रही और इसी के साथ यह फ़िल्म अब तक कुल मिलाकर 139.70 करोड़ रुपये का बिज़नेस कर चुकी है। जबकि ड्रीम गर्ल अभिनेता आयुष्मान खुराना की सबसे बड़ी ओपनिंग फ़िल्म थी लेकिन अब यह उनकी सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म भी बन गई है।


और 'बधाई हो' के लाइफटाइम कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है जिसने बॉक्स ऑफिस पर कुल 137.61 करोड़ का आंकड़ा दर्ज किया था। दिलचस्प बात यह है कि “ड्रीम गर्ल” एकता कपूर के प्रोडक्शन हाउस बालाजी टेलीफिल्म्स की भी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। ड्रीम गर्ल का निर्देशन राज शांडिल्य ने किया है और इसमें नुसरत भरूचा, अन्नू कपूर, मनजोत सिंह, अभिषेक बनर्जी, राजेश शर्मा, विजय राज, निधि बिष्ट और राज भंसाली ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।


विज्ञान,गणित एवं पर्यावरण प्रदर्शनी

रायपुर। राजधानी रायपुर के शंकर नगर स्थित बी.टी.आई. मैदान में बच्चों के लिए 46वीं जवाहरलाल नेहरू राष्ट्रीय विज्ञान, गणित एवं पर्यावरण प्रदर्शनी का आयोजन 15 से 20 अक्टूबर 2019 तक किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुईया उइके 15 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगी। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे और स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, महापौर रायपुर प्रमोद दुबे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। राष्ट्रीय प्रदर्शनी 15 अक्टूबर को उद्घाटन के पश्चात् 19 अक्टूबर तक प्रातः 11 से संध्या 5 बजे तक अवलोकन के लिए खुली रहेगी। राष्ट्रीय प्रदर्शनी का आयोजन स्कूल शिक्षा विभाग, राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद छत्तीसगढ़ और राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद नई दिल्ली के सहयोग से किया जा रहा है। सांस्कृतिक कार्यक्रम 15 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक प्रतिदिन संध्या 5.30 से 7 बजे तक आयोजित किये गये है। प्रतिदिन दो वैज्ञानिकों के व्याख्यान 16 से 18 अक्टूबर तक प्रातः 9 बजे से 10.30 बजे तक होंगे। प्रतिभागियों को शैक्षणिक भ्रमण 20 अक्टूबर को कराया जाएगा।


राष्ट्रीय स्तरीय प्रदर्शनी की तैयारी के संबंध में आज सुबह स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव श्री गौरव द्विवेदी ने व्यवस्थाओं का अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होने तैयार किये जा रहे पण्डालों का अवलोकन भी किया। इस अवसर पर संचालक राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एस.सी.ई.आर.टी.), संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय तथा राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।


स्कूली बच्चों द्वारा निर्मित प्रादर्श एवं मॉडलों का मुख्य विषय ''जीवन की चुनौतियों के लिए वैज्ञानिक समाधान'' है। प्रादर्श और मॉडलों को 6 विषयों में विभाजित किया है इनमें – कृषि एवं जैविक खेती, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, संसाधन प्रबंधन, अपशिष्ट प्रबंधन, परिवहन एवं संचार और गणितीय प्रतिरूपण शामिल है। राष्ट्रीय प्रदर्शनी में देश भर से 400 प्रतिभागी विद्यार्थी और 200 मार्गदर्शक शिक्षक शामिल होंगे। प्रदर्शनी में 147 प्रादर्शो का प्रदर्शन किया जायेगा जिसमें छत्तीसगढ़ राज्य के 22 प्रादर्श भी शामिल है। राष्ट्रीय प्रदर्शनी में प्रतिभागियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। अब तक 18 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों से 151 प्रतिभागी विद्यार्थी और 26 मार्गदर्शक शिक्षक पहुंच चुके है। जिन राज्यों के प्रतिभागी दल आ चुके है उनके गोवा, गुजरात, हरियाणा, मणिपुर, मेघालय, राजस्थान, तेलगांना, उत्तराखण्ड, उत्तर प्रदेश, चण्डीगढ़, दिल्ली, आसाम और मेजबान छत्तीसगढ़ शामिल है। इसके अतिरिक्त विभिन्न संगठनों में केन्द्रीय विद्यालय, सीबीएसई, एनसीईआरटी के दल भी आ चुके है। स्टेट पवेलीयन में राज्य में प्रमुख योजनाओं पर आधारित नरवा, गरुवा, घुरुवा और बारी, मल्टी मीडिया पाठ्यपुस्तकें, एससीईआरटी के प्रकाशन और दीक्षा की भी प्रदर्शनी लगायी जायेगी।


सरकार ने युवाओं को मूर्ख बनाया

राणा ओबरॉय


चंडीगढ़।  हरियाणा विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी यहां के नूंह विधानसभा क्षेत्र में पहुंचे। राहुल ने अपनी सभा में सीएम खट्टर और पीएम नरेंद्र मोदी पर जमकर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी अंबानी-अडानी के लाउडस्पीकर हैं और दिनभर उन्हीं की बात करते हैं। राहुल गांधी ने कहा कि देश में जो बेरोजगारी है और जो अर्थव्यवस्था की हालत है, आप देखना कि 6 महीने बाद यहां क्या होता है। देश में युवाओं को ज्यादा वक्त तक बेवकूफ   बनाकर सरकार नहीं चला सकता। आप 6 महीने एक साल सरकार चला सकते हो, लेकिन एक दिन सच्चाई बाहर आएगी। फिर देखना क्या होता है देश में और क्या होता है नरेंद्र मोदी का? कांग्रेस नेता ने कहा कि इस देश में अलग-अलग जाति और धर्म के लोग रहते हैं। यहां अमीर लोग गरीब लोग सभी एक साथ रहते हैं और इन सभी को हम हिंदुस्तान कहते हैं। कांग्रेस सबकी पार्टी है और हमारा काम लोगों को जोडऩे का है। बीजेपी और आरएसएस का काम जो पहले अंग्रेज करते थे देश को तोडऩे का काम और देश में एक दूसरे को लड़ाने का काम है। नोटबंदी और जीएसटी पर कटाक्ष करते हुए राहुल ने कहा कि पहले नोटबंदी ने देश में सबको लाइन में लगा दिया। उस लाइन में अनिल अंबानी और अडानी को देखा था क्या आपने? उस दौरान काले धन का कोई आदमी लाइन में नहीं लगा। उसके बाद गब्बर सिंह टैक्स आया। यहां कोई है जो कह सके कि जीएसटी से मुझे फायदा हुआ। छोटे दुकानदार, मिडिल साइज बिजनस सब खत्म हो गए क्योंकि उनका बिजनस मोदी अपने 15-20 दोस्तों को देना चाहते हैं।


राहुल की मौजूदगी भाजपा की जीत

उमरखेड। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को लेकर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में चुनाव प्रचार अभियान के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मौजूदगी का मतलब है कि भाजपा '100 प्रतिशत' जीतने जा रही है।


उमरखेड़ में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आतंकवाद को खत्म करने को लेकर प्रतिबद्ध हैं। जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाने के लिए मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि इन दोनों ने इस कदम के जरिए 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की अवधारणा स्थापित की।


योगी आदित्यनाथ ने कहा, 'मुझे नांदेड हवाईअड्डे पर मालूम चला कि राहुल गांधी महाराष्ट्र में रैलियां संबोधित करने वाले हैं। राहुल गांधी का महाराष्ट्र में पहुंचने का मतलब है कि भाजपा 100 फीसदी चुनाव जीतने जा रही है'। उन्होंने कहा, 'राहुल गांधी जिस भी पार्टी का समर्थन करने जा रहे है उसका हारना तय है। राहुल की मौजूदगी ने कांग्रेस तथा राकांपा की हार तय कर दी है'।


भाजपा उम्मीदवार नामदेव ससाने के लिए प्रचार के दौरान आदित्यनाथ ने लोगों से किसानों के कल्याण के लिए योजनाओं को गति देने के वास्ते भाजपा को वोट देने की अपील की। महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव 21 अक्टूबर को होंगे, चुनाव नतीजे 24 अक्टूबर को आएंगे।


रजिस्ट्रेशन का आंकड़ा 16.37 लाख के पार हुआ

रजिस्ट्रेशन का आंकड़ा 16.37 लाख के पार हुआ  पंकज कपूर  देहरादून। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा 2024 को लेकर यात्रियों में गजब का उत्साह देखा जा...