पंजाब लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
पंजाब लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 7 अगस्त 2021

अजैब सिंह भट्टी में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे अमरिंदर

राणा ओबराय                
चंडीगढ। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को अमृतसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। जबकि पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष राणा केपी सिंह रूपनगर में और पंजाब विधानसभा के उपाध्यक्ष अजैब सिंह भट्टी फरीदकोट में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। पंजाब सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार स्थानीय निकाय मंत्री ब्रह्म महिंद्रा एस.ए.एस. नगर (मोहाली), वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल बठिंडा, सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मंत्री साधु सिंह धर्मसोत फिरोजपुर में, ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री त्रिपत राजिंदर सिंह बाजवा गुरदासपुर और तकनीकी शिक्षा मंत्री चरणजीत सिंह चन्नी एस.बी.एस. नगर में राष्ट्रीय ध्वज लहरायेगे
।इसी प्रकार सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री अरुणा चौधरी पठानकोट, जलपूर्ति एवं स्वच्छता मंत्री रजिया सुल्ताना मलेरकोटला, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री ओम प्रकाश सोनी जालंधर और खेल एवं युवा मामलों के मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी मुक्तसर साहिब में, सहकारिता मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा फहतेगढ़ साहिब में, राजस्व मंत्री गुरप्रीत सिंह कांगड़ मानसा में, जल संसाधन मंत्री सुखबिंदर सिंह सरकारिया तरनतारन में, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू पटियाला में, पीडब्ल्यूडी मंत्री विजय इंदर सिंगला संगरूर में, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा होशियारपुर में और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री भारत भूषण आशु लुधियाना में राष्ट्रीय ध्वज लहरायेगे।

शनिवार, 31 जुलाई 2021

भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ऐलान किया

राणा ओबराय                   
चंडीगढ। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने शहीद ऊधम सिंह के शहीदी दिवस पर आज उन्हें नमन कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ऐलान किया कि आजादी की लड़ाई में अंडमान की सेलुलर जेल में प्राण न्योछावर करने वाले गुमनाम नायकों के सम्मान में एक स्मारक का निर्माण जल्द किया जाएगा। यह स्मारक वतन पर फिदा होने वाले परवानों को समर्पित होगा जिनको काले पानी की सज़ा भुगतनी पड़ी। कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने आज यहां राज्य स्तरीय समागम के दौरान शहीद ऊधम सिंह स्मारक को लोकार्पित करते हुए कहा कि देश के स्वतंत्रता आंदोलन में बेमिसाल योगदान देने वाले ऐसे देशभक्तों और स्वतंत्रता सेनानियों, विशेषकर पंजाब के महान सपूतों की शिनाख़्त प्रसिद्ध इतिहासकार और विद्वान पहले ही कर चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने पिछले कार्यकाल के दौरान सुनामी से तबाह हुए इलाके का दौरा करने के मौके पर अंडमान टापू में सेलुलर जेल के दौरे को याद करते हुए कहा कि उनको यह जान कर बहुत हैरानी हुई कि वहां दीवारों पर शहीदों के खुदे हुए नामों में से वह किसी को भी नहीं जानते थे। ये शहीद काले पानी की सज़ा भुगतते हुए गुमनामी में ही इस जहां को छोड़ गए और उनकी यादें भी जेल तक ही सीमित होकर रह गई। भारत माता के जांबाज सपूतों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
ज्ञातव्य है कि शहीद ऊधम सिंह के तांबे की आदमकद प्रतिमा वाला स्मारक बनाया गया है जिसके साथ दोनों तरफ़ स्थापित चार -चार पत्थरों पर शहीद ऊधम सिंह के जीवन, इतिहास और मिसाली योगदान को अंग्रेज़ी और पंजाबी में उकेरा गया है। एक अजायबघर भी बनाया गया है। जहां निशानियां, विलक्षण तस्वीरों, दस्तावेज़ और महान शहीद की अस्थियां कलश में रखी गई हैं। इस स्मारक पर 6.40 करोड़ रुपए की लागत आई है जिसमें से ज़मीन की कीमत पर 3.40 करोड़ जबकि बाकी 3 करोड़ रुपए इसके निर्माण पर ख़र्च किये गए हैं।
महान क्रांतिकारी के 82वें शहीदी दिवस के मौके पर श्रद्धा-सुमन भेंट करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महान शहीद का बलिदान हमारी नौजवान पीढ़ी में राष्ट्रीयता और देशप्रेम का जज़्बा पैदा करता रहेगा। उन्होंने लोगों से इस स्मारक का सही ढंग से रख-रखाव करने की अपील की।
इस दौरान मुख्यमंत्री शहीद ऊधम सिंह के वारिसों को भी मिले और सम्मान के तौर पर उनको शॉल से सम्मानित किया जिनमें जीत सिंह, ग्यान सिंह, रणजीत कौर, जीत सिंह पुत्र बचन सिंह, मोहन सिंह, श्याम सिंह, गुरमीत सिंह और मलकीत सिंह (सभी सुनाम निवासी) शामिल थे। इस मौके पर शिक्षा मंत्री विजय इंदर सिंगला, अतिरिक्त मुख्य सचिव पर्यटन संजय कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष प्रमुख सचिव गुरकिरत कृपाल सिंह, पर्यटन और सांस्कृतिक विभाग के निदेशक कंवल प्रीत बराड़, डिप्टी कमिश्नर रामवीर, डी.आई.जी. विक्रमजीत दुग्गल और एस.एस.पी. विवेक शील सोनी उपस्थित थे।

शुक्रवार, 23 जुलाई 2021

सिद्धू ने कांग्रेस के अध्यक्ष पद की कमान संभाली

अमित शर्मा                                 
चंडीगढ़। नवजोत सिंह सिद्धू ने पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद की कमान संभाली ली है। ताजपोशी के दौरान मंच पर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित भी किया। अमरिंदर सिंह ने मंच से सिद्धू को बधाई दी लेकिन सिद्धू ने एक बार भी कैप्टन का जिक्र नहीं किया। पद संभालते ही सिद्धू ने हुंकार भरी और कहा कि उनका मिशन पंजाब को जिताना है।
किसानों के मुद्दे से लेकर ड्रग्स के मुद्दे पर बात रखी। सिद्धू ने कहा, ‘मैं सबका आशीर्वाद लेकर सभी को साथ लेकर चलूंगा। मुझे सिर्फ एक ही चीज का जुनून है कि पंजाब कैसे ऊपर उठेगा।’
वहीं सुबह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार संभालने के पहले नवजोत सिंह सिद्धू ने शुक्रवार को पंजाब भवन में मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह से मुलाकात की। कांग्रेस के एक नेता के अनुसार, सिद्धू और सिंह के बीच ”सौहार्दपूर्ण” मुलाकात हुई। सिद्धू और सिंह के बीच पिछले कुछ समय से टकराव की खबरें आ रही थीं।
पंजाब भवन के बाहर पत्रकारों से कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने कहा कि सिद्धू ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के पंजाब मामलों के प्रभारी हरीश रावत की उपस्थिति में चाय पर बुलाई गई बैठक में मुख्यमंत्री से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि दोनों नेता एक-दूसरे के बगल में बैठे और उनके बीच मुलाकात सौहार्दपूर्ण रही।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनीष तिवारी, प्रताप सिंह बाजवा और लाल सिंह भी मौजूद थे। पिछले करीब चार महीनों में पहली बार सिद्धू और सिंह एक-दूसरे से मिले। मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार ने दोनों नेताओं के बीच बातचीत के दौरान की तस्वीरें ट्वीट कीं। कांग्रेस नेता उस स्थान पर जाएंगे जहां सिद्धू पार्टी की प्रदेश इकाई के प्रमुख के रूप में कार्यभार संभालेंगे।
यहां पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित समारोह में पंजाब कांग्रेस के चार कार्यकारी अध्यक्ष भी कार्यभार संभालेंगे। सिसवां स्थित अपने फार्महाउस से यहां पहुंचे अमरिंदर सिंह ने पार्टी नेताओं को पंजाब भवन में चाय पर आमंत्रित किया था। सिद्धू पटियाला से आए और सिंह के आने से कुछ देर पहले पंजाब भवन गए।
मीडिया को पंजाब भवन के अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं थी। पंजाब भवन में मंत्री, कांग्रेस विधायक और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। पार्टी की प्रदेश इकाई के नवनियुक्त चार कार्यकारी अध्यक्षों में से कुलजीत सिंह नागरा और संगत सिंह गिलजियान ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री को पदभार संभालने के कार्यक्रम के लिए औपचारिक निमंत्रण दिया।
निमंत्रण पत्र पर 55 से ज्यादा विधायकों ने हस्ताक्षर किए। मुख्यमंत्री के साथ अपने मतभेदों को दूर करने का प्रयास करते हुए सिद्धू ने भी एक पत्र लिखकर अमरिंदर सिंह से कार्यक्रम में आने का आग्रह किया और कहा कि उनका ”कोई निजी एजेंडा नहीं है।” पिछले कुछ समय से सिद्धू और अमरिंदर का टकराव चलता रहा है।
अमृतसर (पूर्व) के विधायक सिद्धू ने पवित्र ग्रंथ की बेअदबी के मामले के लिए मुख्यमंत्री पर निशाना साधा था। मुख्यमंत्री ने सिद्धू को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने का भी विरोध किया था और कहा था कि जब तक सिद्धू उनके खिलाफ अपमानजनक ट्वीट के लिए माफी नहीं मांगेंगे वह उनसे नहीं मिलेंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रविवार को सिद्धू को पार्टी की पंजाब इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया था। कांग्रेस अध्यक्ष ने अगले साल राज्य में विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर सिद्धू की सहायता के लिए संगत सिंह गिलजियान, सुखविंदर सिंह डैनी, पवन गोयल और कुलजीत सिंह नागरा को प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया। बुधवार को सिद्धू का समर्थन करने वाले कई विधायकों ने कहा था कि उन्हें अमरिंदर सिंह से माफी मांगने की कोई जरूरत नहीं है।

हादसा: 2 बसों के बीच टक्कर में 2 लोगों की मौंत

राणा ओबराय                           
चंडीगढ़। पंजाब के मोगा जिले में शुक्रवार को दो बसों के बीच टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने बताया कि एक बस राज्य परिवहन विभाग की थी और एक निजी मिनी बस थी।पंजाब के मोगा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 
ऐसा बताया जा रहा है कि निजी मिनी बस में सवार जो लोग घायल हुए, वे यहां कांग्रेस पार्टी के एक समारोह में शामिल होने आए थे, जिसमें नवजोत सिंह सिद्धू राज्य कांग्रेस इकाई के प्रमुख के तौर पर कार्यभार संभालेंगे।प्रदेश इकाई के चार कार्यकारी अध्यक्ष भी शुक्रवार को औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करेंगे।

गुरुवार, 22 जुलाई 2021

प्रदेश कांग्रेस प्रमुख के रूप में पदभार संभालेंगे सिद्धू

अमित शर्मा            

चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह शुक्रवार को उस कार्यक्रम में शामिल होंंगे। जहां नवजोत सिंह सिद्धू औपचारिक रूप से प्रदेश कांग्रेस प्रमुख के रूप में पदभार संभालेंगे। नवनियुक्त चार कार्यकारी अध्यक्षों में से एक कुलजीत सिंह नागरा ने इसकी पुष्टि की और कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री को पदभार संभालने के कार्यक्रम के लिए औपचारिक निमंत्रण दिया है। पिछले कुछ समय से सिद्धू और अमरिंदर का टकराव चल रहा है। अमृतसर (पूर्व) के विधायक सिद्धू ने पवित्र ग्रंथ की बेअदबी के मामले के लिए मुख्यमंत्री पर निशाना साधा था। मुख्यमंत्री ने सिद्धू को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने का भी विरोध किया था और कहा था कि जब तक सिद्धू उनके खिलाफ अपमानजनक ट्वीट के लिए माफी नहीं मांगेंगे वह उनसे नहीं मिलेंगे।

मंगलवार, 20 जुलाई 2021

हरियाणा: 12वीं कक्षा के स्कूल खोलने की अनुमति

राणा ओबराय                 
चंडीगढ़। कोविड रिव्यू बैठक में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कार्यक्रमों के दौरान इनडोर में 150 व आउटडोर में 300 लोग एकत्र सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि दसवीं से बारहवीं कक्षा के लिए स्कूल खोलने की अनुमति होगी। लेकिन केवल उन शिक्षकों और कर्मचारियों को शारीरिक रूप से उपस्थित होने की अनुमति होगी, जिन्होंने टीका लगा हो। 
समारोहों के दौरान लोगों के इकट्ठा होने की क्षमता बढ़ा दी गई है। सामाजिक समारोहों के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी क्षेत्रों में कलाकारों/संगीतकारों को उचित कोविड प्रोटोकाल का पालन करते हुए अनुमति दी जाएगी। 
बता दें, राज्य में टीके के अनुपालन के साथ 50% क्षमता पर बार, सिनेमा हाल, रेस्तरां, स्पा, स्विमिंग पूल, कोचिंग सेंटर, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, जिम, मॉल, संग्रहालय, चिड़ियाघर आदि खोलने का आदेश पहले ही दिया जा चुका है। कोविड प्रोटोकाल के तहत कोचिंग सेंटर व उच्च शिक्षा संस्थान भी खुल रहे हैं।
सीएम ने कहा कि छूटों का अर्थ यह नहीं है कि लोग अनावश्य रूप से भीड़ इकट्ठी करें। हमें टीकाकरण के साथ-साथ मास्क, सेनिटाइजिंग व शारीरिक दूरी का पालन करना होगा। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए यह जरूरी हथियार है।
पंजाब में टीकाकरण की अकेली दूसरी ख़ुराक के लिए 2 लाख से अधिक ख़ुराकों की मौजूदा मांग का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने राज्य की योग्य जनसंख्या के टीकाकरण के लिए मंगलवार को केंद्र सरकार के समक्ष तुरंत 40 लाख टीकों की मांग रखी है। कोविड की समीक्षा के लिए बुलाई वर्चुअल मीटिंग में बताया गया कि राज्य को आज 2.46 लाख खुराक मिलने की संभावना है, लेकिन मुख्यमंत्री ने कहा कि टीकों की सप्लाई कम है। कोवीशील्ड ख़त्म हो गई है और कोवैक्सीन की सोमवार को सिर्फ 3500 ख़ुराकें बचीं थी।

पार्टी नेतृत्व को आंख दिखाने की कोशिश, संदेश दिया

राणा ओबराय                 
चंडीगढ़। नवजोत  सिंह सिद्धू को पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष बनाकर गांधी परिवार ने एक ऐसा संदेश दे दिया है कि वे पार्टी के असली बॉस हैं। वैसे देखा जाय तो सिद्धू को लेकर गांधी परिवार ने पहले ही फैसला कर लिया था, लेकिन कैंप्टन अमरिंदर सिंह के कड़े तेवर देख कर वो नए अध्यक्ष के नाम के ऐलान से हिचक रहे थे। कैप्टन इस बात पर अड़े थे कि वो सिद्धू से तब तक नहीं मिलेंगे जब तक कि वो उनसे माफी न मांग लें। सूत्रों का कहना है कि सोनिया गांधी परेशान थीं और सोच रही थीं कि क्या उन्हें अपना फैसला स्थगित कर देना चाहिए। लेकिन जब प्रताप सिंह बाजवा ने पंजाब के सांसदों के साथ बैठक कर पार्टी नेतृत्व को आंख दिखाने की कोशिश की तो सोनिया ने कड़ा संदेश दे दिया। देर रात उन्होंने सिद्धू को आखिरकार पीसीसी प्रमुख नियुक्त करने की घोषणा कर दी।
सोनिया गांधी को लगा कि अगर वो अपने फैसले से पीछे हटती हैं तो फिर पार्टी पर उनकी पकड़ कमज़ोर हो जाएगी। कैप्टन अमरिंदर सिंह हार मानने के लिए तैयार नहीं थे। उन्होंने पंजाब प्रभारी हरीश रावत को अपनी इच्छा ज़ाहिर पर पार्टी को संदेश दे दिया। बता दें कि सिद्धू के साथ चारों कार्यकारी अध्यक्षों का चुनाव सोच-समझकर किया गया है. इससे न केवल पार्टी को क्षेत्रीय संतुलन मिलेगी बल्कि उनमें से ज्यादातर राहुल गांधी के करीबी हैं।
पंजाब के बाद अब हर किसी की निगाहें राजस्थान पर टिकी हैं। सवाल उठता है कि क्या गांधी परिवार यहां भी बदलाव कर प्रदेश की कमान किसी युवा नेता को देंगे। सबसे पहले बता दें कि पंजाब के घटनाक्रम पर सचिन पायलट के समर्थकों की नज़रें टिकी थीं। कहा जा रहा है कि जिन वजहों से पंजाब में अमरिंदर सिंह की बातों को नजरअंदाज कर पार्टी ने सिद्धू को कमान दी, अब यहीं मांग राजस्थान में पायलट के समर्थक भी रखेंगे। वो गांधी परिवार से पूछेंगे कि आखिर क्यों वो अशोक गहलोत से डरते हैं।

कोविड संबंधी प्रतिबंधों में ढील देने का ऐलान किया

राणा ओबराय                
चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने कोविड संबंधी प्रतिबंधों में कुछ और ढील देने का ऐलान कर दिया है। इस ऐलान के साथ अब 26 जुलाई से दसवीं, ग्यारहवीं और बारहवीं क्लासों के साथ स्कूल खोले जा सकेंगे। इसके साथ ही इनडोर जमावड़ों (भीड़) के लिए लोगों की अधिकतम संख्या बढ़ाकर 150 व्यक्ति जबकि आउटडोर जमावड़ों (भीड़) के लिए 300 व्यक्ति कर दी गई है लेकिन क्षमता की ऊपरी सीमा 50 प्रतिशत तक रखने की शर्त होगी।
पंजाब के लिए कोविड19 पॉजिटिविटी दर घटकर 0.3 प्रतिशत तक हो जाने और पुनरुत्पादन संख्या 0.75 प्रतिशत रहने (राष्ट्रीय औसत की अपेक्षा कम) पर गौर करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूलों को दसवीं से बारहवीं तक की क्लासें लगाने की इजाज़त होगी लेकिन सिर्फ़ वही अध्यापक और स्टाफ को फिजिकली उपस्थित होने की आज्ञा होगी, जिनका पूरी तरह टीकाकरण हुआ हो। उन्होंने आदेश दिया कि इस सम्बन्ध में संबंधित डिप्टी कमिश्नरों को लिखित तौर पर सूचित करना होगा।
मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि यदि स्थिति काबू में रही तो बाकी क्लासें भी इसी तरह 2 अगस्त, 2021 से खोलने की आज्ञा होगी। उन्होंने आगे कहा कि कैंब्रिज यूनिवर्सिटी ने भविष्यवाणी की है कि आने वाले हफ़्तों में मामलों में और कमी आएगी।
सामाजिक जमावड़ों के सम्बन्ध में मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी क्षेत्रों में कलाकारों/ गायकों को ऐसे समारोहों/मौकों के लिए इजाज़त होगी। लेकिन इसके लिए कोविड19 प्रोटोकॉल के पालन को यकीनी बनाना होगा।
मुख्यमंत्री द्वारा बार, सिनेमा हॉल, रेस्टोरेंट, स्पा, स्विमिंग पूल, कोचिंग सेंटर, स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, जिम, मॉल़, म्यूज़ीयम, चिड़ियाघर आदि को कोविड टीकाकरण के पालन को यकीनी बनाकर 50 प्रतिशत सामर्थ्य के साथ खोलने के दिए गए हुक्मों के कुछ दिनों बाद आज यह राहत दी गई है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने कॉलेजों, कोचिंग सैंटरों और उच्च शिक्षा के अन्य सभी संस्थानों को भी ऐसे ही पालन के साथ खोलने की इजाज़त दी थी।
कोविड19 की स्थिति के बारे में वर्चुअल मीटिंग दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड के स्वरूप में आए बदलाव संबंधी मासिक आंकड़ों ने दिखाया है कि 90 प्रतिशत से अधिक वायरस की किस्म चिंताजनक है क्योंकि मूल वायरस व्यावहारिक तौर पर अन्य किस्मों में बदल चुका है और जून महीने में भी डेल्टा ने जाेर पकड़ा हुआ था। उन्होंने कहा कि अब डेल्टा प्लस का कोई नया केस नहीं है।

शनिवार, 10 जुलाई 2021

वाहनों की स्पीड लिमिट को लेकर नए नियम लागू किएं

राणा ओबराय          

चंडीगढ़। पंजाब व हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ में वाहन चलाने वालों के लिए यह जरूरी खबर है। दरअसल, सिटी ब्युटीफुल चंडीगढ़ में ड्राइविंग संबंधी कई नियम बदल गए हैं। अब यहां वाहनों स्पीड लिमिट को लेकर नए नियम लागू किए गए हैं। अब ट्रैफिक पुलिस नए नियमों के तहत ही चालान कर रही है। नए नियमों के मुताबिक 8 लोगों तक की क्षमता वाले वाहनों को डिवाइडर वाली सड़क पर अधिकतम 60 किमी प्रति घंटा, एकल सड़क पर 50 किमी और सेक्टर के अंदर की सड़कों पर 40 किमी की रफ्तार तय की गई है। 

नौ लोगों से अधिक की क्षमता वाले वाहन डिवाइडर वाली सड़क पर 50 किमी और एकल व सेक्टर के अंदर की सड़क पर 40 किमी की रफ्तार से चल सकते हैं।दोपहिया और तीन पहिया वाहन डिवाइडर वाली सड़क पर 45 किमी, एकल व सेक्टरों के अंदर वाली सड़क पर 40 किमी की रफ्तार से चल सकते हैं। इसके अलावा व्यावसायिक वाहन डिवाइडर वाली सड़क पर 50 किमी, एकल व सेक्टरों के अंदर वाली सड़क पर 40 किमी की रफ्तार से चल सकते हैं।

पंजाब: सीएम ने कर्फ्यू को हटाने के आदेश दिए

अमित शर्मा           

चंडीगढ़। पंजाब में कोरोना की पाज़िटिविटी दर घटकर 0.4 प्रतिशत आने पर पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने शुक्रवार को सप्ताहांत (वीकैंड) और रात का कर्फ़्यू हटाने के आदेश दिए हैं। 
इसके साथ ही सोमवार से इनडोर हाल में 100 व्यक्तियों और आउटडोर हाल में आयोजित समारोहों में 200 व्यक्तियों के इकट्ठा होने की इजाज़त दी गई है। डीजीपी को कोरोना नियमों का उल्लंघन कर रैलियां और मीटिंग करने वाले सभी राजनीतक दलों के चालान करने के निर्देश दिए गए हैं। 

मुख्यमंत्री ने बार, सिनेमा हाल, रैस्टोरेंट, स्पा, तैराकी पुल, जिम, माल, स्पोर्ट्स कांपलेक्स, म्युजियम, चिड़ियाघर आदि खोलने के भी आदेश दिए हैं, बशर्ते सभी स्टाफ मेंबर और आगंतुकों को टीके की कम से कम एक खुराक जरूर लगी हो।
स्कूल चाहे निरंतर बंद रहेंगे परन्तु कालेजों, कोचिंग सेंटर और सभी अन्य उच्च शिक्षण संस्थाओं को सम्बन्धित उपायुक्तों की तरफ से खोलने की आज्ञा लेनीहोगी बशर्ते कि सभी टीचिंग, नान-टीचिंग स्टाफ और विद्यार्थियों को दो हफ्ते पहले टीकाकरण की कम से कम एक खुराक जरूर लगी हो। इस आशय के सर्टिफिकेट भी देने होंगे।
कोरोना की स्थिति की वर्चुअल समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 20 जुलाई को कोरोना के हालात की दोबारा समीक्षा की जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिबंधों में छूट देते हुए हर हाल में मास्क का प्रयोग सख्ती से किया जाए।

स्वास्थ्य सचिव हुसन लाल ने कहा कि चार जिलों में पाजिटिवटी दर एक प्रतिशत या इससे कम है परन्तु अभी भी लुधियाना, अमृतसर, गुरदासपुर, फिरोजपुर और रूपनगर जिलों में चौकसी बरतने की जरूरत है।ब्लैक फंगस के मामलों का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को कहा कि ऐसे मरीजों के इलाज के लिए सहयोग और मदद के लिए प्रस्ताव तैयार किया जाये। स्वास्थ्य सचिव ने मीटिंग में बताया कि 623 मामलों में से 67 केस राज्य से बाहर के हैं, 337 केस उपचाराधीन है और 154 को छुट्टी मिल गई है जबकि 51 मरीजों की मौत हुई है। एक दिन में सबसे अधिक 34 केस 27 मई को रिपोर्ट हुए। जुलाई के पहले हफ्ते में रोजमर्रा औसतन 5 केस आ रहे हैं।

गुरुवार, 8 जुलाई 2021

महगांई के खिलाफ अनेक स्थानों पर प्रदर्शन किए

राणा ओबराय             
चंडीगढ़। पंजाब और हरियाणा के किसानों ने पेट्रोल-डीज़ल और रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ दोनों राज्यों में अनेक जगहों पर बृहस्पतिवार को प्रदर्शन किए। संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रदर्शन का आह्वान किया था। एसकेएम केंद्र के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर चलाए जा रहे आंदोलन की अगुवाई कर रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने अपने ट्रैक्टर और अन्य वाहन सड़क के किनारे खड़े कर दिए और पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उनमें से कुछ विरोध स्वरूप प्रदर्शन स्थलों पर एलपीजी के खाली सिलेंडर भी लेकर आए थे। आंदोलनकारी किसानों ने कुछ मिनटों के लिए अपनी गाड़ियों के हॉर्न बजाए और कहा कि यह सरकार को “नींद से जगाने” के लिए किया गया है। किसानों ने जरूरी वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित करने में नाकाम रहने पर सरकार को आड़े हाथों लिया। अधिकारियों ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए धरना स्थलों के पास भारी संख्या में पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था। प्रदर्शन पंजाब के मोहाली, अमृतसर, लुधियाना, मोगा और रूपनगर में तथा हरियाणा के सोनीपत, सिरसा और गोहाना में कई जगहों पर किए गए।लुधियाना में प्रदर्शन का नेतृत्व करने वाले किसान नेता हरमीत सिंह कादियान ने पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र की भाजपा नीत सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि हर दिन, पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ रही हैं जिसका समाज के हर वर्ग पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

मोगा में एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि डीजल की बढ़ती कीमतों से किसानों की लागत बढ़ जाएगी। हरियाणा के सिरसा में, एक प्रदर्शनकारी किसान पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में चार पहिया गाड़ी को खींचने के लिए ऊंट ले आया। आंदोलनकारी किसानों ने कहा कि उनका प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा। 

हजारों किसान पिछले साल नवंबर के अंत से तीन कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की तीन सीमाओं, सिंघू, टीकरी और गाज़ीपुर बॉर्डर पर डेरा डाले हुए हैं। उनकी मांग है कि सरकार इन कानूनों को वापस ले और न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी दे। वहीं सरकार का कहना है कि ये कानून किसानों के हित में हैं। बहरहाल, सरकार और प्रदर्शनकारी किसानों के बीच कई दौर की बातचीत हो चुकी है जो गतिरोध नहीं तोड़ पाई है।

मंगलवार, 6 जुलाई 2021

पार्टी विवाद को हल करने के लिए फार्मूला तैयार हुआ

राणा ओबराय           .
चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस में अंतर्कलह को लेकर जल्‍द ही आलाकमान का फैसला सामने आ सकता है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह मंगलवार को कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी मिलेंगे। इसके साथ ही चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है कि पार्टी के विवाद को हल करने के लिए बड़ा फार्मूला तैयार हो गया है और इस पर सोनिया गांधी मुलाकात के दौरान कैप्‍टन अमरिंदर सिंह के साथ चर्चा कर सकती हैं। ऐसे में अब सबकी निगाहें इस मुलाकात पर लग गई हैं। बता दें कि चर्चाएं चलती रही हैं कि नवजोत सिंह सिद्धू और कैप्‍टन अमरिंदर सिह के विवाद को समाप्‍त करने के लिए कांग्रेस का राष्‍ट्रीय नेतृत्‍व बड़ा कदम उठा सकता है और सिद्धू को पंजाब कांग्रेस में बड़ी जिम्‍मेदारी देने की तैयारी है।
मुख्यमंत्री कैप्‍टन अमरिंदर सिंह ने पिछले दिनाें सोनिया गांधी से मिलने का समय मांगा था। इसके बाद अब उनको यह समय दिया गया है। समझा जाता है कि पंजाब कांग्रेस को लेकर फार्मूला तैयार होने के बाद कैप्‍टन को सोनिया गांधी से मिलने का समय दिया है। पंजाब कांग्रेस में अंतर्कलह के बीच यह पहला मौका होगा जब सोनिया गांधी पंजाब के किसी नेता से मिलेंगी। राहुल गांधी पंजाब के नेताओं के साथ कई दौर की बैठकें कर चुके है।
माना जा रहा है कि इस बैठक के उपरांत कांग्रेस सरकार पर छाए संकट के बादल छंटने शुरू हो सकते है। वहीं, इस बैठक में सोनिया गांधी पार्टी की खींचतान को लेकर मुख्यमंत्री कैप्‍टन अमरिंदर सिंह के समक्ष फार्मूला रख सकती हैं। पंजाब के राजनीतिक हालात को लेकर राहुल गांधी पहले ही सोनिया गांधी के साथ चर्चा कर चुके है। पार्टी अध्यक्ष से मिलने के लिए मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह लगातार समय मांग रहे थे। अहम बात यह भी है कि सोनिया गांधी ने कैप्टन को समय दिया है।नवजोत सिंह सिद्धू की 30 जून को राहुल गांधी के साथ बातचीत के बाद दिया है। माना जा रहा था पहले प्रियंका गांधी और बाद में राहुल गांधी के साथ मुलाकात में पंजाब में सुलह का फार्मूला तैयार कर लिया गया था। इसके बाद ही सोनिया गांधी ने कैप्टन से मिलने को लेकर हामी भरी है। हालांकि, राहुल और सिद्धू की बैठक के उपरांत भी नवजोत सिंह सिद्धू के स्टैंड में कोई बदलाव नहीं आया है। 
सिद्धू अब भी लगातार कैप्टन और पंजाब सरकार पर हमले कर रहे हैं। बीते कल 300 यूनिट फ्री बिजली देने का मुद्दा उठा कर सिद्धू ने अपरोक्ष रूप से दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रधान अरविंद केजरीवाल की घोषणा का समर्थन कर दिया। कांग्रेस हाईकमान ने कैप्‍टन अमरिंदर सिंह को पंजाब में 200 यूनिट फ्री बिजली का फार्मूला तैयार करने के लिए से कहा था। इसके बाद चंडीगढ़ दौरे पर आए केजरीवाल ने घोषणा की थी कि पंजाब में आप की सरकार बनने पर 300 यूनिट फ्री बिजली दी जाएगी। ऐसे में सिद्धू द्वारा कैप्‍टन सरकार पर किए जा रहे हमलों का मुद्दा कल की होने वाली बैठक में उठना लगभग तय है। मिली जानकारी के अनुसार हरियाणा कांग्रेस के संकट का भी शीघ्र समाधान होगा।

रविवार, 4 जुलाई 2021

24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए

अमित शर्मा          
चंडीगढ़। पंजाब में बिजली की किल्लत के मद्देनजर कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने रविवार को कहा कि राज्य में उपभोक्ताओं को बिजली की 300 इकाई निशुल्क दी जानी चाहिए और चौबीसों घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए। सिद्धू ने कहा कि घरेलू एवं औद्योगिक उपभोक्ताओं को सस्ते दाम पर बिजली उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
सिद्धू ने ट्वीट किया, ”पंजाब पहले ही 9,000 करोड़ रुपए की सब्सिडी मुहैया कराता है। लेकिन हमें घेरलू एवं औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए और कदम उठाने की आवश्यकता है। अधिभार को 10 से 12 रुपए प्रति इकाई बढ़ाने के बजाए तीन से पांच रुपए प्रति इकाई की दर पर उन्हें बिजली दी जानी चाहिए। इसके अलावा कटौती किए बिना उन्हें चौबीस घंटे बिजली मुहैया कराई जानी चाहिए और (300 इकाई तक) निशुल्क बिजली दी जानी चाहिए। ऐसा निश्चित ही किया जा सकता है।”

शनिवार, 3 जुलाई 2021

मायावती ने पंजाब सरकार पर साधा निशाना: बिजली

अमित शर्मा               
चंडीगढ़। पंजाब में बिजली संकट को लेकर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सुप्रीमो मायावती ने शनिवार को पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव में शिरोमणि अकाली दल और बसपा गठबंधन को जिताने की अपील की।
मायावती ने ट्वीट किया, ”पंजाब में बिजली के गंभीर संकट से आमजन-जीवन, उद्योग-धंधे व खेती-किसानी आदि बुरी तरह से प्रभावित हैं। जो यह साबित करता है कि राज्य की कांग्रेस सरकार आपसी गुटबाजी, खींचतान व टकराव आदि में उलझकर जनहित और जनकल्याण की जिम्मेदारी को तिलांजलि दे चुकी है। जिसका जनता को संज्ञान लेना जरूरी है। पंजाब में बिजली के गंभीर संकट से आमजन-जीवन, उद्योग-धंधे व खेती-किसानी आदि बुरी तरह से प्रभावित, जो यह साबित करता है कि वहाँ की कांग्रेस सरकार आपसी गुटबाजी, खींचतान व टकराव आदि में उलझकर जनहित व जनकल्याण की ज़िम्मेदारी को तिलांजलि दे चुकी है। जिसका जनता को संज्ञान लेना ज़रूरी।
उन्होंने कहा,अतः पंजाब के बेहतर भविष्य व राज्य के लोगों की भलाई इसी में निहित है कि वे कांग्रेस पार्टी की सरकार से मुक्ति पाएं तथा आगामी विधानसभा आमचुनाव में शिरोमणि अकाली दल व बसपा गठबंधन की पूर्ण बहुमत वाली लोकप्रिय सरकार बनाना सुनिश्चित करें।” गौरतलब हैं कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए बसपा और शिरोमणि अकाली दल ने आपस में गठबंधन किया है।

शुक्रवार, 18 जून 2021

ऑक्सीजन स्तर गिरने के बाद मिल्खा को बुखार आया

अमित शर्मा            

चंडीगढ़। भारत के महान धावक मिल्खा सिंह के स्वास्थ्य की जानकारी देते हुए पीजीआईएमईआर अस्पताल ने कहा कि शुक्रवार को उनका ऑक्सीजन स्तर गिर गया और उन्हें बुखार भी आ गया। लेकिन वह स्वस्थ होने के लिये संघर्ष कर रहे हैं। मिल्खा सिंह का कोविड-19 परीक्षण बुधवार को नेगेटिव आया था जिसके बाद उन्हें कोविड आईसीयू से सामान्य आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया था और डाक्टरों की एक टीम उनके स्वास्थ्य पर नजर रख रही है।

पीजीआईएमईआर के सूत्रों ने शुक्रवार को कहा, ‘‘उन्हें गुरूवार की रात को अचानक बुखार आ गया और उनका आक्सीजन का स्तर भी गिर गया। डॉक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य पर नजर रखे है। ’’इससे पहले उनकी हालत स्थिर थी। उनके परिवार के बयान के अनुसार, ‘‘मिल्खा जी के लिए दिन थोड़ा मुश्किल रहा। लेकिन वह इससे संघर्ष कर रहे हैं। ’’उन्हें पिछले महीने कोविड-19 संक्रमण हो गया था। उनकी पत्नी निर्मल कौर का कोविड-19 संक्रमण से जूझते हुए रविवार को मोहाली में एक निजी अस्पताल में निधन हो गया था।

अमरिंदर के बीच में चल रही लड़ाई नए मोड़ पर आईं

अमित शर्मा                       
चंडीगढ़। कांग्रेस में नवजोत सिंह सिद्धू और मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर के बीच में चल रही सियासी लड़ाई अब एक नए मोड़ पर आ गई है। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले नवजोत सिंह सिद्धू के खिलाफ विरोधी गुट कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ आ गया है।
दरअसल, कांग्रेस आलाकमान द्वारा नवजोत सिंह सिद्धू को जरूरत से ज्यादा तरजीह देने को लेकर पंजाब कांग्रेस के कैप्टन अमरिंदर सिंह, प्रताप सिंह बाजवा और अन्य वरिष्ठ विधायक नाराज हैं। इन वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि पंजाब में कांग्रेस को खड़ा करने के पीछे पुराने कांग्रेसियों का हाथ है। जबकि सिद्धू कुछ समय पहले ही कांग्रेस में शामिल हुए हैं। सिद्धू को रोकने के लिए कैप्टन अमरिंदर और प्रताप सिंह बाजवा साथ एक मंच पर आने को तैयार हो गए हैं।

गुरुवार, 10 जून 2021

घोषणा: पंजाब सरकार 4 मेडिकल कॉलेज खोलेगी

अमित शर्मा   
चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने राज्य में चार नए मेडिकल कॉलेज  खोले जाने की घोषणा की है। ये कॉलेज मोहाली, होशियारपुर, कपूरथला और मलेरकोटला में खोले जाएंगे। इसके साथ ही राज्य में एमबीबीएस की 500 सीट्स बढ़ जाएंगी। पंजाब के मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च मिनिस्टर ओपी सोनी ने इसका ऐलान किया है। डॉ. बीआर आंबेडकर स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज़ के शिलान्यास के दौरान मंत्री ने यह जानकारी दी। फिलहाल पंजाब में एमबीबीएस की करीब 1400 सीट्स हैं। नये मेडिकल कॉलेजों के लिए 1500 करोड़ रुपये आवंटित किये गये हैं। डॉ बीआर आंबेडकर मेडिकल इंस्टीट्यूट के लिए भी करीब 80 प्रतिशत फैकल्टी की नियुक्ति हो चुकी है। पैरामेडिकल स्टाफ व अन्य कर्मचारियों की नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है।

शनिवार, 5 जून 2021

किसानों ने भाजपा नेता के निवास का घेराव किया

अमित शर्मा   

जालंधर। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर विभिन्न किसान संगठन शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता मनोरंजन कालिया के घर के बाहर तीनों कृषि कानूनों की प्रतियां जलाने के लिए पहुंचे।

इस दौरान पुलिस ने शास्त्री मार्केट से मनोरंजन कालिया के घर की तरफ जाने वाले रास्ते को अवरोधक लगा कर बंद कर दिया था। जिसके चलते किसानों और पुलिस में खींचतान चल रही है।उल्लेखनीय है कि संयुक्त किसान मोर्चे ने पांच जून को सुबह भाजपा नेताओं के घरों के सामने कृषि कानूनों की कापियों को जलाने का आह्वान किया था। मोर्चें के आह्वान पर लोकतांत्रिक किसान सभा, देहाती मजूदर सभा, भारतीय किसान यूनियन और कामगार किसान यूनियन के नेताओं ने भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर के बाहर कापियां जलाने की कोशिश की।

शुक्रवार, 4 जून 2021

कलह दूर करने के लिए 3 घंटे तक वार्तालाप हुई

राणा ओबरॉय   

चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह कांग्रेस की प्रदेश इकाई में चल रही कलह को दूर करने के मकसद से गठित समिति के समक्ष शुक्रवार को पहुंचे और यह मुलाकात करीब तीन घंटे तक चली।

सूत्रों के मुताबिक, कैप्टन सबूत के तौर काफी दस्तावेज ले कर आए थे कि किस तरह उन्होंने विधायकों समेत अन्य नेताओं के अनुरोध पर काम कराया। कैप्टन ने उनको लेकर नेताओं द्वारा की गई शिकायतों का जवाब भी दिया। बैठक के बाद अमरिंदर सिंह ने इस इस मुलाकात का ब्यौरा देने से इनकार किया, हालांकि उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को मिलकर जीतना है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि अमरिंदर सिंह से इस मुलाकात के साथ ही समिति की संवाद करने की कवायद पूरी हो गई। अब वह जल्द ही आलाकमान को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।

100 नेताओं से की गई चर्चा

राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता वाली समिति ने पिछले चार दिनों में, कांग्रेस के पंजाब से ताल्लुक रखने वाले 100 से अधिक नेताओं से उनकी राय ली है. इनमें अधिकतर विधायक हैं। खड़गे के अलावा कांग्रेस महासचिव और पंजाब प्रभारी हरीश रावत तथा दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जेपी अग्रवाल इस समिति में शामिल हैं।

गौरतलब है कि हाल के कुछ सप्ताह में मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और पार्टी नेता नवजोत सिंह सिद्धू के बीच तीखी बयानबाजी देखने को मिली है। विधायक परगट सिंह और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कुछ अन्य नेताओं ने भी मुख्यमंत्री के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है।

गुरुवार, 3 जून 2021

अंतर्कलह: बैठक में शामिल होने का बुलावा भेजा

राणा ओबराय                
चंडीगढ। पंजाब कांग्रेस की अंतर्कलह का असर बुधवार को कैबिनेट बैठक में साफ तौर पर देखने को मिला। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के दूसरे कार्यकाल में यह पहला मौका था, जब बैठक में 32 एजेंडे रखे गए।लेकिन दो एजेंडे पास करने के बाद बैठक खत्म हो गई। छह नाराज मंत्री इस बैठक में शामिल नहीं हुए तो उन्हें बुलावा भेजकर बैठक में शामिल होने का बुलावा भेजा गया। सूत्रों के अनुसार एक नाराज मंत्री ने तो यह भी कह दिया कि पहले विवाद सुलझा लेते हैं। बैठक तो बाद में भी हो जाएगी।

बुधवार को होने वाली कैबिनेट बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण थी। क्योंकि इसमें छठे वेतन आयोग की रिपोर्ट को मंजूरी के लिए पेश किया जाना था। इसके अलावा विधायक फतेहजंग सिंह बाजवा के बेटे को डीएसपी तो विधायक राकेश पांडे के बेटे को तहसीलदार लगाए जाने के लिए एजेंडा पारित किया जाना था। लेकिन, ये दोनों एजेंडे बैठक में नहीं रखे जा सके।वर्चुअल तौर पर हुई इस बैठक में मंत्रियों की नाराजगी का असर साफ तौर पर दिखाई दिया। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह जैसे ही बैठक में शामिल हुए तो उन्होंने बैठक के कोरम के बारे में पूछा। इसके बाद मुख्‍य सचिव विनी महाजन ने उन्हें बताया कि सभी मंत्री बैठक में मौजूद नहीं हैं। इसके बाद जब कैप्टन ने मंत्रियों के बारे में पूछा तो उन्हें बताया गया है कि आठ मंत्री पंजाब भवन दिल्ली में हैं।

पंजाब किंग्स ने जीता टॉस, गेंदबाजी का फैसला

पंजाब किंग्स ने जीता टॉस, गेंदबाजी का फैसला  इकबाल अंसारी  चेन्नई। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2024 सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और पं...