सोमवार, 9 सितंबर 2019

जल्द होंगे 'उत्तर-प्रदेश' के तीन टुकड़े

विजय आनंद वर्मा


लखनऊ। उत्तर प्रदेश' बहुत जल्द ही कुल 20 जिलों का ही राज्य रह जायेगा, पर इसकी राजधानी लखनऊ ही रहेगी। उ.प्र. तीन हिस्सों (उ.प्र., पूर्वांचल एवं बुंदेलखण्ड) में बंट जायेगा, एक की राजधानी गोरखपुर होगी जबकि तीसरे राज्य की राजधानी प्रयागराज (इलाहाबाद) होगी ? उत्तर प्रदेश को विभाजित कर पूर्वांचल एवं बुंदेलखण्ड राज्य बनाये जाने की चली आ रही काफी पुरानी मांग को देखते हुए केंद्र की भाजपा सरकार शीघ्र ही इस बारे में निर्णय लेने जा रही है ? ऐसा सूत्रों का कहना है। सूत्रों की माने तो नरेन्द्र मोदी की सरकार अपने दूसरे कार्यकाल में जल्द ही ये बड़ा फैलसा लेने की तैयारी कर रही है।


पूर्वांचल एवं बुंदेलखण्ड के नाम से दो नये राज्यों का होगा गठन


अगर ऐसा होता है तो यूपी और दिल्ली सहित कई राज्यों की समस्याओं पर एक साथ काबू पाया जा सकेगा। सूत्र यह भी बताते हैं कि यूपी के तीन हिस्से करने के साथ ही दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा भी देने की कवायद शुरू हो गयी है। दिल्ली का लुटियन जोन केन्द्र सरकार अपने पास रखने की घोषणा कर सकती है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भारतीय जनता पार्टी ने हाई लेवल पर इस तरह का एक रोडमैप तैयार कर लिया है जिमसें दिल्ली के लिए हरियाणा से सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरूग्राम, रिवाड़ी, नूह (मेवात), पलवल और फरीदाबाद, यूपी से मेरठ मंडल से बागपत, गाजियाबाद, नोएडा, हापुड़, बुलंदशहर और मेरठ शामिल किए जा सकते हैं दिल्ली प्रदेश में। वहीं सहारनपुर मंडल के सभी तीनों जनपद हो सकते हैं हरियाणा में शामिल जबकि मुरादाबाद मंडल हो सकता है उत्तराखंड में शामिल पूर्वांचल के नाम से बनने वाले नये राज्य की संभावित राजधानी गोरखपुर होगी। इसमें गोरखपुर मंडल से गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महाराजगंज तथा आजमगढ़ मंडल से आजमगढ़, बलिया और मऊ, बस्ती मंडल से बस्ती, संतकरीबनगर एवं सिद्धार्थनगर, देवीपाटन मंडल से गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती तथा अयोध्या संभाग से अयोध्या, अम्बेडकरनगर, सुल्तानपुर, अमेठी और बाराबंकी के अलावा वाराणसी मंडल से वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर सहित कुल 23 जनपद का नया राज्य होगा। उत्तर प्रदेश का तीसरा भाग जो बुंदेलखण्ड राज्य कहलाएगा उसकी संभावित राजधानी प्रयागराज (इलाहाबाद) होगी। इसमें प्रयागराज, फतेहपुर, कौशाम्बी और प्रतापगढ़ तथा चित्रकूट संभाग से चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर एवं महोबा व झांसी संभाग से झांसी, जालौन तथा ललितपुर एवं मिर्जापुर संभाग से मिर्जापुर, संत रविदास नगर और सोनभद्र के अलावा कानपुर मंडल से जनपद कानपुर, कानपुर देहात तथा औरैया को मिलाकर कुल 17 जनपदों का हो सकता है बुंदेलखण्ड राज्य। शेष भाग पूर्ववतः राजधानी लखनऊ के नाम के साथ ही 'उत्तर प्रदेश' ही बना रहेगा, इसमें लखनऊ मंडल से लखनऊ, हरदोई, लखीमपुर-खीरी, रायबरेली, सीतापुर और उन्नाव एवं आगरा मंडल से आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी व मथुरा तथा अलीगढ़ मंडल से अलीगढ़, एटा, हाथरस और कासगंज के अलावा बरेली मंडल से बंदायू, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर तथा कानपुर संभाग से फरूर्खाबाद व कन्नौज को इसी में मिलाकर कुल बीस जनपदों का राज्य रह जाएगा उत्तर प्रदेश।


मंत्री का चालान नहीं,पुलिसकर्मी निलंबित

पटना। वाहन चेकिंग के दौरान रविवार को केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे की कार को बिना कार्रवाई के छोड़े जाने पर एसआई समेत तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। जबकि कुछ ही समय बाद सांसद रामकृपाल यादव की कार में काली फिल्म लगी पाई तो यातायात पुलिस ने एक हजार रुपए जुर्माना लगाया। दोनों नेताओं की गाड़ी में उनके बेटे और परिवार के सदस्य थे।
बिहार म्यूजियम के पास सुबह 11 से शाम 5 बजे तक विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यहां दोपहर एक बजे पुलिस ने केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे की गाड़ी को रोका। आगे की सीट पर उनका बेटा और बहू बिना सीट बेल्ट बांधे बैठे थे, जबकि पिछली सीट पर उनकी पत्नी बैठी थीं। मंत्री के बेटे ने गाड़ी को बिहार म्यूजियम के गेट से 100 मीटर आगे रोका। पुलिस ने कार्रवाई की जगह गाड़ी को आधा घंटे तक रोके रखा।
मंत्री परिवार पुलिस कार्रवाई का इंतजार करता रहा


कुछ देर तक पुलिस की कार्रवाई का इंतजार करने के बाद मंत्री का बेटा गाड़ी लेकर चला गया। इसकी जानकारी प्रमंडलीय आयुक्त को हुई तो उन्होंने मौके पर मौजूद एसआई देवपाल पासवान, बीएमपी-2 के सिपाही पप्पू कुमार और जिला पुलिस के सिपाही दिलीप चंद्र सिंह को निलंबित करने का आदेश दिया।


स्विस बैंक ने साझा की कालेधन की सूची

नई दिल्‍ली। स्विस बैंकों में पैसे रखने वाले भारतीयों के खातों से जुड़ी जानकारियां भारत को मिलनी शुरू हो गई हैं। स्विट्जरलैंड ने स्वचालित व्यवस्था के तहत इस महीने पहली बार कुछ सूचनाएं भारत को उपलब्ध कराई हैं। इन सूचनाओं के विश्लेषण की तैयारी चल रही है और इनमें खाताधारकों की पहचान तय करने के लिए पर्याप्त सामग्री उपलब्ध होने का अनुमान है। बैंकों और नियामकीय संस्थाओं के अधिकारियों ने बताया कि ये सूचनाएं मुख्यत:उन खातों से जुड़ी हैं,जिन्हें लोगों ने कार्रवाई के डर से पहले ही बंद करा दिया है। बैंक अधिकारियों ने कहा कि स्विट्जरलैंड की सरकार के निर्देश पर वहां के बैंकों ने डेटा इकट्ठा कर भारत को सौंपा। इसमें हर उस खाते में लेन-देन का पूरा विवरण दिया गया है,जो 2018 में एक भी दिन सक्रिय रहे हों। उन्होंने कहा कि यह डेटा इन खातों में अघोषित संपत्ति रखने वालों के खिलाफ ठोस मुकदमा तैयार करने में बेहद सहायक साबित हो सकता है। इसमें जमा, हस्तांतरण तथा प्रतिभूतियों एवं अन्य संपत्ति श्रेणियों में निवेश से प्राप्त आय की पूरी जानकारी दी गई है।
एनआरआई बिजनसमैन से जुडे़ खाते 
कई बैंक अधिकारियों और नियामकीय अधिकारियों ने नाम गोपनीय रखने के अनुरोध के साथ कहा कि ये जानकारियां मुख्यत:कई दक्षिण-पूर्वी एशियाई देशों, अमेरिका, ब्रिटेन,कुछ अफ्रीकी देशों तथा द. अमेरिकी देशों में रह रहे अनिवासी भारतीयों सहित व्यवसायियों से संबंधित हैं। बैंक अधिकारियों ने माना कि कभी पूरी तरह से गोपनीय रहे स्विस बैंक खातों के खिलाफ वैश्विक स्तर पर शुरू हुई मुहिम के बाद पिछले कुछ सालों में इन खातों से भारी स्तर पर पैसे निकाले गए और कई खाते बंद हो गए। हालांकि, साझा की गई जानकारियों में उन खातों की भी सूचनाएं शामिल हैं, जिन्हें 2018 में बंद करा दिया गया। 100 बंद खातों का भी ब्योरा दिया। इसके अलावा, भारतीय लोगों के कम से कम 100 वे पुराने खाते भी हैं, जिन्हें 2018 से पहले ही बंद करा दिया गया। स्विट्जरलैंड इन खातों की जानकारियों को भी यथा शीघ्र साझा करने की प्रक्रिया में है। ये खाते वाहन कल-पुर्जा, रसायन, वस्त्र, रीयल एस्टेट, हीरा एवं आभूषण, इस्पात आदि कारोबार से जुड़े लोगों से संबंधित हैं। नियामकीय अधिकारियों ने कहा कि स्विस बैंकों से प्राप्त जानकारियों के विश्लेषण में उन सूचनाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है,जो राजनीतिक संपर्क रखने वाले लोगों से संबंधित हैं।


भाकियू ने बताई किसान सगंठन की ताकत

फिरोज खान


मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन (अमबावता) के पदाधिकारियों का फूल मालाओं से जोर दार स्वागत किया। भारतीय किसान यूनियन अमबावता की एक सभा बघरा ब्लाक स्‍थित गांव जसोई में आज जिला अध्यक्ष मौ शाह आलम के नेतृत्व में हुई। जिसकी अध्यक्षता  बिरज दास जी ने की और संचालन  जाबिर पटवारी ने किया किसानों ने भाकियु अमबावता के पदाधिकारियों को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। जिसपर किसानों को सम्बोधित करते हुए जिला अध्यक्ष मौ शाह आलम ने सभी किसान भाईयों को संगठन की ताकत से अवगत कराया। वह सभी समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया। सभा के बाद जिला अध्यक्ष मौ शाह आलम ने जनेश कुमार को बघरा ब्लाक अध्यक्ष और प्रदीप कुमार को ब्लाक उपाध्यक्ष की कमान सोपी इस मौके पर राष्ट्रीय महासचिव यौगिंदर राठी जी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गुलजार अहमद जिला अध्यक्ष मौ शाह आलम यूवा जिला अध्यक्ष अंकूल राठी पूरकाजी ब्लाक अध्यक्ष परवेज सोनू पूरकाजी ब्लाक उपाध्यक्ष सालिम तियागी सोरव वसीम आदि सैकड़ो की संख्या में किसान मौजूद रहे।


कांग्रेस की प्रवर्तन निदेशालय में शिकायत

रायपुर। अंतागढ़ टेपकांड मामले में कांग्रेसी प्रवर्तन निदेशालय में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे। विधायक विकास उपाध्याय, कुलदीप जुनेजा, महापौर प्रमोद दुबे सहित अन्य नेता यह मांग लेकर ईडी के ऑफिस पहुंचे। विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि अंतागढ़ में भ्रष्टाचार के पैसों के इस्तेमाल पर प्रवर्तन निदेशालय में शिकायत करने आए हैं। कांग्रेस ने पूछा है कि मंतूराम के बयान के अनुसार 7.5 करोड़ रुपए कहां से आए। विधायक विकास उपाध्याय, कुलदीप जुनेजा, किरणमयी नायक और प्रमोद दुबे अभी ईडी के कार्यालय में मौजूद हैं। विकास उपाध्याय ने कहा कि ईडी के अफसर शिकायत लेने में आनाकानी कर रहे हैं। हमारे प्रतिनिधिमण्डल की अधिकारियों से बहस भी हुई लेकिन वे शिकायत लेने में आनाकानी कर रहे हैं।


पूरा भारत घुसपैठिया मुक्त करेंगे: शाह

गुवाहाटी। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह गुवाहाटी में नॉर्थ-ईस्ट डेमोक्रेटिक अलायंस कॉन्क्लेव में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे हैं। यहां उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हर राज्य भारत का अभिन्न हिस्सा है। जमीनी स्तर पर इस भावना को फैलाने के लिए पूर्वोत्तर को 'कांग्रेस मुक्त' बनाना महत्वपूर्ण है। कांग्रेस ने पूर्वोत्तर को देश के बाकी हिस्सों से अलग-थलग कर दिया था। कांग्रेस ने पूर्वोत्तर में बांटो और राज करो की नीति का अनुसरण किया। आज, मुझे खुशी है कि पूर्वोत्तर के सभी आठ राज्य एनईडीए के साथ हैं। शाह ने कहा कि आजादी के बाद से 2014 तक कांग्रेस ने नॉर्थ ईस्ट में भाषा, जाति, संस्कृति, क्षेत्र विशेष के आधार पर झगड़े पैदा किए। इससे पूरा नॉर्थ ईस्ट अशांति का गढ़ बन गया। यहां विकास की जगह भ्रष्टाचार को अहम जगह देने का काम कांग्रेस ने किया। नॉर्थ ईस्ट में आतंकवाद की समस्या को सुलझाने के बजाए कांग्रेस ने इसे और फैलाया और अपना राज बना रहे ऐसी नीति पर चलते रहे।


नूपुर ने अमेरिका में बिखेरी अपनी प्रतिभा

योगेश गौड़


हापुड। अग्नि फाउंडेशन के द्वारा अमेरिका की आउसटिन सिटी के दक्षिण हिस्से में निवास कर रहे एशिया के लोगों के बीच से प्रतिभाओं की खोज करने के लिए उत्सव एक रात के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में मंच का संचालन हापुड़ निवासी वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अशोक शर्मा बंदूक वालो की पुत्री नूपुर शर्मा ने बड़ी ही कुशलता से किया। अशोक शर्मा ने बताया कि उनकी पुत्री नूपुर शर्मा अमेरिका के आउसटिन शहर में रहती है, शर्मा ने बताया कि उनकी पुत्री नूपुर बचपन से ही बहुमुखी प्रतिभा की धनी है। उन्होंने बताया कि नूपुर स्कूल कॉलेज में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती थी, इन कार्यक्रमों में नूपुर शर्मा को कई पदक और ट्रॉफीया भी प्रदान की गई थी। अशोक शर्मा के अनुसार उनकी पुत्री आउसटिन अमेरिका में एशियाई लोगों का विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिनिधित्व करती रहती है, इसी कड़ी में गत दिनों नूपुर ने वहां आयोजित एक फैशन शो में रैंप पर कैटवॉक कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रकाश मोहनदास प्रियंका सिंह का विशेष योगदान रहा कार्यक्रम के प्रत्यय प्रतिभागियों का मेकअप और सात सज्जा रितु गडकरी ने की।


भारी बारिश से जन-जीवन अस्त-व्यस्त

भोपाल। मध्यप्रदेश में हो रही भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लगातार हो रही बारिश के कारण भोपाल सहित 30 जिलों में स्थिति गंभीर हो गई है।
राज्य आपदा मोचन बल के जवान पानी में फंसे हुए लोगों के बचाव कार्य में लगे हुए हैं। प्रशासन ने भोपाल, विदिशा, सीहोर, रायसेन, मंडला, उज्जैन और नरसिंहपुर जिलों में 12 वीं तक के स्कूलों में 9 सितंबर को अवकाश घोषित कर दिया गया है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार और मंगलवार को प्रदेश के भोपाल, होशंगाबाद, जबलपुर, खंडवा, खरगोन, रासयेन, सीहोर में भारी बारिश हो सकती है। राजधानी भोपाल में रविवार को 9 घंटे में 6 सेमी। पानी गिरा। इससे सड़कों और निचली बस्तियों में पानी भर गया। भारी बारिश के कारण हरदा जिला जेल के दो बैरकों को खाली कराया गया है। जेल प्रशासन ने इसमें रहने वाले कैदियों को दूसरे सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया है।
 
बारिश की वजह से सिर्फ इंसान ही नहीं, बल्कि भगवान भी बाढ़ का कहर झेल रहे हैं। लगातार भारी वर्षा से नदियों का पानी खतरनाक स्तर तक पहुंचने लगा है। खरगोन जिले के महेश्वर में नर्मदा नदी के सभी किनारे और घाट डूब गए हैं। घाट पर बने शिवलिंग जलमग्न हैं। मुख्य घाट पर हनुमान की प्रतिमा का आधा हिस्सा भी बाढ़ में डूबा हुआ है। प्रशासन ने नर्मदा का जलस्तर बढ़ते देख श्रद्धालुओं, पर्यटकों और साधु-संतों से अपील की है कि वे नदी से दूर रहें।


रामपुर में रात्रि विश्राम करेंगे अखिलेश यादव

लखनऊ। 80 मुकदमों में घिरे आजम खान के समर्थन में समाजवादी पार्टी सड़कों पर उतरने जा रही है। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निर्देश पर पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव सोमवार को रामपुर कूच करेंगे। प्लान के मुताबिक अखिलेश यादव रामपुर में रात्रि विश्राम करेंगे।


 
साथ ही आजम खान और उनके परिवार से मुलाकात भी करेंगे। अखिलेश के रामपुर कूच को सफल बनाने के लिए आस-पास के जिलों के कार्यकर्ताओं को भी एक्टिव किया जा रहा है। बता दें आजम खान पर लगातार दर्ज हो रहे मुकदमों के बावजूद समाजवादी पार्टी कोई एक्शन नहीं ले रही थी। इसके बाद आजम की पत्नी ताजिम फातिमा ने सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव से मुलाकात कर मदद की गुहार लगाई थी। इसके बाद 3 सितंबर को मुलायम ने प्रेस कांफ्रेंस कर आजम खान के लिए आंदोलन का आह्वान किया था। मुलायम के इस निर्देश के बाद अखिलेश ने सोमवार को रामपुर कूच करने का फैसला लिया हैं ।


अतीक का करीबी कर रहा अवैध प्लाटिंग

प्रयागराज। कभी अतीक अहमद गिरोह का सक्रिय सदस्य रहा कमरूल हसन उर्फ कम्मू अवैध प्लाटिंग कर रहा है। बड़ी बात यह है कि उसके खिलाफ कोर्ट से वारंट भी जारी है। शिकायत पर कैंट पुलिस ने कम्मू, उसके भाई व 10-15 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा लिखकर जांच शुरू कर दी है।
 रिपोर्ट बेली गांव निवासी मो. इसराइल ने लिखाई है। उसने बताया कि बेली गांव निवासी सायमा बेगम ने 1996 में उसे नसीबपुर बख्तियारी स्थित जमीन को बुवाई व जोताई के लिए दिया था। क्योंकि वह अपनी जमीन पर काश्तकारी करने में असमर्थ थीं।
 तब से वह ही इस जमीन पर काबिल है और फसल इसके मालिक को देता आ रहा है। आरोप है कि तब से कम्मू और उसका भाई फकरूल हसन उर्फ फक्कू निवासी बेलीगांव इस जमीन पर कब्जे के प्रयास में जुटे हैं


वंदे भारत एक्सप्रेस के इंजन में आई खराबी

दो घंटे से ज्यादा देर तक खड़ी रही ट्रेन, जंक्शन पर यात्री हुए परेशान
प्रयागराज। वाराणसी से नई दिल्ली जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस के इंजन में रविवार को खराबी आ गई। इस वजह से ट्रेन इलाहाबाद जंक्शन 3.41 घंटे की देरी से रात 8.15 बजे पहुंची।
फरवरी माह से शुरू हुई वंदे भारत का यह पहला मौका रहा कि जब ट्रेन यहां इतनी लेट आई। बताया जा रहा है कि इंजन के पेंटों में आई खराबी की वजह से ही ट्रेन रविवार को मंडुवाडीह-हरदत्तपुर रेलवे स्टेशन के बीच दो घंटे से ज्यादा समय तक खड़ी रही। चर्चा इस बात की है वहां ओएचई में भी गड़बड़ी हुई । इसे लेकर यात्रियों ने भी खूब हो हल्ला किया। जंक्शन पर भी ट्रेन को इंतजार कर रहे यात्रियों को परेशानी हुई। ज्यादा लेट होती देख जंक्शन पर कुछ यात्रियों ने अपने टिकट भी निरस्त करवा दिए।


वकीलों के आंदोलन पर हो सकता है फैसला

प्रयागराज। राज्य शिक्षा सेवा अधिकरण को लेकर लगातार जारी वकीलों के आंदोलन को लेकर सोमवार को बड़ा फैसला हो सकता है। इस मुद्दे पर सुबह नौ बजे से आम सभा की बैठक बुलाई गई है।
 
हाईकोर्ट बार एसोसिएशन और एक्शन कमेटी ने वकीलों से हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटने की अपील करने का निर्णय लिया है। उम्मीद है कि अधिवक्ता इस पर राजी हो जाएंगे। अधिकरण को लेकर दाखिल जनहित याचिका पर भी सोमवार को सुनवाई होनी है। मुख्य न्यायाधीश ने गोविंद माथुर ने भी वकीलों से हड़ताल समाप्त कर याचिका पर बहस करने की अपील की है। सरकार से मिले संकेत के मद्देनजर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन और वरिष्ठ अधिवक्ताओं की एक्शन कमेटी सोमवार सुबह आमसभा की बैठक में वकीलों से काम पर लौटने की अपील करेगी और वकील तैयार हुए तो न्यायिक कार्य शुरू हो जाएगा।


रजिस्ट्रेशन का आंकड़ा 16.37 लाख के पार हुआ

रजिस्ट्रेशन का आंकड़ा 16.37 लाख के पार हुआ  पंकज कपूर  देहरादून। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा 2024 को लेकर यात्रियों में गजब का उत्साह देखा जा...