हरियाणा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
हरियाणा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 14 अगस्त 2021

कानून विरोध, संगठनों का प्रदर्शन 9 माह से जारी

राणा ओबराय              
जींद। हरियाणा में 15 अगस्त के मौके पर किसानों का ट्रैक्टर मार्च होने वाला है। ऐसे में उन्होंने शनिवार को इसकी रिहर्सल की। केंद्रीय कृषि कानूनों के विरोध में किसान संगठनों का विरोध प्रदर्शन पिछले 9 महीने से जारी है। राजधानी दिल्ली की सीमा समेत देश के अलग-अलग हिस्सो में किसान लगातार विरोध प्रदर्शन करते रहे हैं। ऐसे में अब स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हरियाणा के किसानों ने ट्रैक्टर परेड निकालने की योजना बनाई है। 
प्राप्त जानकारी के मुताबिक ट्रैक्टर परेड की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। परेड में जैली, गंडासा, हुक्का, बैलगाड़ी, जेसीबी समेत अन्य चीजों को प्रदर्शित किए जाने की तैयारी है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक हरियाणा में किसानों ने अपने प्रस्तावित स्वतंत्रता दिवस ट्रैक्टर परेड से एक दिन पहले जींद के उचाना कलां में रिहर्सल किया। जिसका नेतृत्व महिला किसान करेंगी। एक किसान ने बताया कि 15 अगस्त की परेड में करीब 5,000 वाहन और 20,000 किसान हिस्सा लेंगे।
वहीं, कुछ अन्य किसानों का कहना था कि यह तो महज एक ट्रेलर है। 15 अगस्त के दिन असल शक्ति प्रदर्शन किया जाएगा। 
गौरतलब है कि 26 जनवरी के दिन किसानों ने राजधानी दिल्ली में ट्रैक्टर परेड निकाली थी। जिसकी वजह से राजधानी की कानून व्यवस्था बाधित हो गई थी। ट्रैक्टर परेड में शामिल कुछ असमाजिक तत्वों ने लाल किले में एक धर्म विशेष का झंडा फहराया। मामला इतने में ही नहीं थमा लाल किले की ऐतिहासिक चीजों के साथ भी तोड़फोड़ की गई। इसके अलावा आईटीओ चौराहे पर हिंसक झड़पें तक हुईं।

देश में प्रकार के स्थलों की संख्या बढ़कर 46 हुईं

राणा ओबराय                              
चडींगढ। हरियाणा के दो एवं गुजरात के दो यानी कुल चार और भारतीय स्थलों को ‘रामसर संधि’ के तहत अंतरराष्ट्रीय महत्व की आर्द्रभूमियों के तौर पर मान्यता दी गई है और देश में अब इस प्रकार के स्थलों की संख्या बढ़कर 46 हो गई है। मंत्रालय के अनुसार, ऐसा पहली बार हुआ है कि हरियाणा की दो आर्द्रभूमियों-गुरुग्राम के सुल्तानपुर राष्ट्रीय उद्यान और झज्जर स्थित भिंडावास वन्यजीव अभयारण्य- को रामसर सूची में शामिल किया गया है।
रामसर सूची का उद्देश्य ”आर्द्रभूमि के एक अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को विकसित करना और बनाए रखना है जो वैश्विक जैविक विविधता के संरक्षण और उनके पारिस्थितिक तंत्र घटकों एवं प्रक्रियाओं के रखरखाव एवं लाभों के माध्यम से मानव जीवन के लिए महत्वपूर्ण हैं”। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने ट्वीट किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की पर्यावरण के प्रति चिंता के कारण भारत में आर्द्रभूमियों की देखभाल के तरीके में समग्र सुधार हुआ है।
हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि चार और भारतीय आर्द्रभूमियों को अंतरराष्ट्रीय महत्व की आर्द्रभूमियों के रूप में रामसर की मान्यता मिली है। उन्होंने कहा कि गुजरात के थोल एवं वाधवाना और हरियाणा के सुल्तानपुर एवं भिंडावास को रामसर ने मान्यता दी है। भारत में रामसर स्थलों की संख्या अब 46 है। हरियाणा का भिंडावास वन्यजीव अभयारण्य मानव निर्मित ताजाजल आर्द्रभूमि है। यह हरियाणा में सबसे बड़ी आर्द्रभूमि है। वर्षभर पक्षियों की 250 से अधिक प्रजातियां इस अभयारण्य का उपयोग विश्राम स्थल के रूप में करती हैं।
यह स्थल मिस्र के गिद्ध, स्टेपी ईगल, पलास की फिश ईगल और ब्लैक-बेलिड टर्न सहित विश्व स्तर पर 10 से अधिक विलुप्तप्राय प्रजातियों के उपयुक्त है। हरियाणा स्थित सुल्तानपुर राष्ट्रीय उद्यान उसके मूल पक्षियों, शीतकालीन प्रवासियों और स्थानीय प्रवासी जलपक्षियों की 220 से अधिक प्रजातियों के लिए उनके जीवन चक्र के महत्वपूर्ण चरणों में अनुकूल है। इनमें से 10 से अधिक अधिक प्रजातियां वैश्विक स्तर पर विलुप्तप्राय श्रेणी में आती है।

गुरुवार, 12 अगस्त 2021

मार्केटिंग ने भूमि की जांच करवाने का लक्ष्य रखा

राणा ओबरॉय           

सिरसा। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा है कि आगामी तीन वर्षों में कृषि विभाग व मार्केटिंग बोर्ड ने प्रदेश की 75 लाख एकड़ भूमि की मृदा की जांच करवाने का लक्ष्य रखा हैं। वर्ष 2021-22 में प्रदेश की 25 लाख एकड़ भूमि की मृदा जांच की जाएगी।

उन्होंने आज यहां कहा कि अन्न उत्पादन में हमें क्वांटिटी के साथ-साथ क्वालिटी का भी ध्यान रखना है और भूमि परीक्षण प्रयोगशालाएं। इसमें बहुत कारगर साबित होगी। कृषि विभाग प्रत्येक स्तर पर निरंतर अपने कदम आगे बढ़ा रहा है। मुख्यमंत्री ने आज वीडियो कॉफ्रेंसिंग के माध्यम से हर खेत-स्वस्थ खेत अभियान के तहत प्रदेश के चौदह जिलों में 40 नई भूमि परीक्षण प्रयोगशालाओं के उद्घाटन किया।

डीजल के बिना चंडीगढ़ की सड़कों पर दौड़ेगी बसें

राणा ओबराय                        
चंडीगढ़। डीज़ल बसों के बजाय चंडीगढ़ की सड़कों पर अब इलेक्ट्रिक बसें दौड़ेंगी।
चंडीगढ़ यूटी के प्रशासक वीपी सिंह बदनोर ने आज राज भवन से एक इलेक्ट्रिक बस को हरी झंडी दिखाई। परीक्षण के दौरान बस पीजीआई-मनीमाजरा वाया मध्य मार्ग रूट पर चलेगी। आम लोेगों के लिए सितंबर के प्रथम सप्ताह में यह बस चलेगी।
दो महीनों में बसों की संख्या बढ़कर 40 हो जाएगी। जबकि 40 और बसें अगले वर्ष खरीद ली जाएंगी क्योंकि भारी उद्योग एवं सार्वजनिक उद्योग मंत्रालय ने फेम इंडिया स्कीम के दूसरे चरण में 80 बसों की मंजूरी दी हुई है। पहली 40 बसों के लिए मेसर्स अशोक ले लैंड से दस वर्षों के लिए करार किया जा चुका है। करार में बसों की चार्जिंग के लिए पर्याप्त मात्रा में चार्जर समेत ट्रांसफार्मर, बसों की देखरेख, चालक मुहैया कराने समेत अन्य बातें शामिल हैं।
वातानुकूलित बसों में 35 यात्री बैठकर और 20 यात्री खड़े होकर यात्रा कर सकेंगे। हर सीट पर मोबाईल चार्जिंग प्वाइंट की सुविधा होगी।
परिवहन विभाग की योजना चंडीगढ़ की 358 डीजल बसों को 2027-28 तक इलेक्ट्रिक बसों में तब्दील करने की योजना है।

रविवार, 8 अगस्त 2021

छूट: हरियाणा के तहत राज्य में लॉकडाउन बढ़ाया

राणा ओबरॉय           

चंडीगढ़। हरियाणा में एक बार फिर सरकार ने महामारी अलर्ट सुरक्षित हरियाणा के तहत राज्य में लॉकडाउन बढ़ा दिया है। अब 23 अगस्त सुबह 5 बजे तक लॉकडाउन रहेगा। जबकि छूट पहले की तरह जारी रहेंगी। हरियाणा में 2 सप्ताह और बढ़ाया गया लॉकडाउन। “महामारी अलर्ट-सुरक्षित हरियाणा” की अवधि 23 अगस्त 2021 की सुबह 5 बजे तक बढ़ाई गई। नए नियमों के तहत समय संबंधित पाबंदी हटाई गई। साथ ही नाईट कर्फ्यू भी हटाया गया। हरियाणा सरकार ने किया आदेश जारी।मुख्य सचिव विजय वर्धन ने सभी जिला उपायुक्तों व हरियाणा पुलिस महानिदेशक को आदेश के जारी।

शनिवार, 7 अगस्त 2021

जननायक जनता पार्टी को हुआ सर्वाधिक नुक्सान

राणा ओबराय        
चंडीगढ़। किसान आंदोलन के चलते सबसे ज्यादा नुकसान जननायक जनता पार्टी को ही हुआ है। किसानों की माने जाने वाली पार्टी जेजेपी से आज हरियाणा में ग्रामीण वर्ग काफी नाराज दिख रहा है। इसीलिए, हरियाणा की सत्तारूढ़ मुख्य पार्टी भाजपा जेजेपी नेताओं को खूब छका रही है। हरियाणा में बात चाहे सरकारी कामों की हो या राजनीतिक नियुक्तियों की हो अथवा मंत्रिमंडल विस्तार की हो बीजेपी आलाकमान और मुख्यमंत्री अब पहले की तरह दुष्यंत चौटाला को पहले की तरह तवज्जों नही दे रहे हैं। भाजपा आलाकमान व मनोहरलाल खट्टर इस बात को अच्छी तरह से जान गए किसान आंदोलन के बुरे असर के कारण अब पहले वाला आक्रामक रूख दुष्यंत चौटाला का नहीं रह गया है।
निजी सुत्रो के अनुसार काफी समय से जेजेपी पार्टी मुखिया ने अपने कार्यकर्ताओं की लिस्ट सरकारी पदों पर नियुक्त करने के लिए भेज रखी है। परन्तु सीएम खट्टर ने उसको किसी कोने में फेंक रखा है! पिछले लंबे समय से उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला दिल्ली में भाजपा के शीर्ष नेताओं से सम्पर्क करते नजर आ रहे है परन्तु उनको सफलता नही मिली। अपनी असफलता छुपाने के लिए दिल्ली दौरे पर गए दुष्यंत मीडिया औऱ जनता से कहते हैं, कि वह सरकारी कार्यों से दिल्ली जाते हैं। अभी कुछ दिन पहले दिल्ली गए उपमुख्यमंत्री ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा से मुलाकात की थी। जनता पूछती है कि नड्डा से कौन सा काम था। सिर्फ एक ही काम हो सकता है अपनी पार्टी से हरियाणा सरकार में मन्त्री बनवाना ? एक बात साफ हो चुकी है। अब जेजेपी पार्टी को खट्टर सरकार में बना रहना मजबूरी सी बनती जा रही है ? मंत्रिपद की आस देख रहे विधायको औऱ पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की आस भी दम तोड़ते जा रही है?

शुक्रवार, 6 अगस्त 2021

हरियाणा में 1 बार फिर बदलेगा मौसम का मिजाज

राणा ओबराय           
चंडीगढ़। हरियाणा में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने आज और कल पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग के मुताबिक दो दिनों तक पूरे प्रदेश में बारिश होगी। बंगाल की खाड़ी पर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन व मानसून टर्फ का पाश्चिमी छोर उत्तर की तरफ बढ़ने की संभावना से हरियाणा में मौसम आमतौर पर 7 अगस्त तक परिवर्तनशील रहने की संभावना है। वीरवार को राज्य के पाश्चिमी क्षेत्रों में आंशिक बादलवाई व कुछ एक स्थानों पर हल्की बारिश मगर उत्तरी व दक्षिणी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश तथा हवा व गरजचमक के साथ 6 व 7 अगस्त को राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है।

बंगाल की खाड़ी पर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन, तथा मानसून टर्फ का पाश्चिमी छोर उत्तर की तरफ बढ़ने की संभावना से हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 7 अगस्त तक परिवर्तनशील रहने की संभावना है। परन्तु 4 व 5 अगस्त को राज्य के पाश्चिमी क्षेत्रों में आंशिक बादलवाई व कुछ एक स्थानों पर हल्की बारिश परन्तु उत्तरी व दक्षिणी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश तथा हवायों व गरजचमक के साथ 6 व 7 अगस्त को राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है।
दक्षिण पाश्चिमी मॉनसून हरियाणा राज्य में 27 जुलाई से पूरी तरह से सक्रिय होने से भारत मौसम विज्ञान विभाग के आंकडो के अनुसार 1 जून से 3 अगस्त तक 321.4 मिलीमीटर बारीश दर्ज हुई है जो सामान्य बारिश (224.1मिलीमीटर) से 43 प्रतिशत अधिक हुई है।

नीति-2016 में प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की: सरकार

राणा ओबरॉय             

चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने विभिन्न अशक्तताओं से पीडित शिक्षकों, लिपिकों, सहायकों और लैब अटेंडेंट्स को बड़ी राहत प्रदान करते हुए आज हरियाणा स्कूल शिक्षा विभाग के लिए वर्ष 2017 में संशोधित शिक्षक स्थानांतरण नीति-2016 में संशोधन के एक प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई। मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में यहां हुई मंत्रिमंडल की बैठक में उक्त नीति के अंतर्गत किए जाने वाले आवश्यक विभिन्न संशोधनों को स्वीकृति प्रदान की। ताकि छात्रों के शैक्षणिक हितों की रक्षा के लिए निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से शिक्षकों एवं स्कूल प्रमुखों की समान एवं मांग-आधारित नियुक्ति सुनिश्चित की जा सके।

संशोधन के अनुसार अब 31 से 50 प्रतिशत तक दृष्टि और लोकोमोटर निशक्तजनों को 10 अंक दिए जाएंगे, जबकि पहले उक्त निशक्तता की प्रतिशतता 40 से 60 प्रतिशत थी। इसी प्रकार, अब 50 प्रतिशत से अधिक तथा 75 प्रतिशत तक की दृष्टि एवं लोकोमोटर निशक्तता वाले व्यक्तियों को 20 अंक दिये जायेंगे। जबकि पूर्व में उक्त निशक्तता की प्रतिशत 60 से 80 प्रतिशत थी तथा मात्र अंक 15 दिये जाते थे। इसी प्रकार, संशोधन के अनुसार, किसी भी कारण से दृष्टि हानि या लोकोमोटर निशक्तता को 100 प्रतिशत से घटाकर 75 प्रतिशत से अधिक कर दिया गया है। 

इसके अलावा, अब कोई भी शिक्षक जो स्थानांतरण अभियान में भाग लेना चाहता है। यदि वह चाहे तो भाग ले सकता है। भले ही वह वर्तमान क्षेत्र/विद्यालय में कितने भी समय के लिए रहा हो। यह परिवर्तन लिपिकों, सहायकों और लैब अटेंडेंट के लिए स्थानांतरण नीति के संबंधित खंड पर भी लागू होगा। संशोधित नियमों के तहत अब प्रदेश भर के विभिन्न स्कूलों में कार्यरत अतिथि शिक्षकों को ऑनलाइन स्थानांतरण अभियान में शामिल किया जाएगा। इसके अलावा, अनैच्छिक मानित रिक्ति के तहत किए गए संशोधन के अनुसार, मौजूदा प्रावधानों के साथ अतिथि / तदर्थ शिक्षक के पद को भी शामिल किया गया है।

गुरुवार, 5 अगस्त 2021

सीबीएसई-आरबीएसई के विद्यार्थियों को प्रमोट किया

राणा ओबराय              
चंडीगढ़। कोरोना के चलते इस साल सीबीएसई और आरबीएसई के विद्यार्थियों को प्रमोट किया गया है। लेकिन ये प्रमोट फार्मूला सैंकड़ों विद्यार्थियों के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है। सीबीएसई की ओर से 12वीं के विद्यार्थियों को प्रमोट करने के लिए त्रीस्तरीय अंकों का फार्मूला तैयार किया गया। जिसके आधार पर 12वीं के विद्यार्थियों को प्रमोट किया गया था। परन्तु चंडीगड़ में सैंकड़ों ऐसे विद्यार्थी हैं। जिन पर ये फार्मूला भारी पड़ गया है। वह सभी रिजल्ट को पुनः ठीक करने की मांग उठा रहे हैं।

मंगलवार, 3 अगस्त 2021

सागर बांध में सेना का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हुआ

राणा ओबराय                    
चंडीगढ़। पठानकोट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र लांबा ने बताया कि रणजीत सागर बांध में सेना का एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। लांबा ने मीडिया को फोन पर कहा, ” हमें सेना के एक हेलीकॉप्टर के झील में दुर्घटनाग्रस्त होन की जानकारी मिली है। हमने अपने दलों को मौके पर भेज दिया है।” विस्तृत जानकारियों का इंतजार है। यह बांध पंजाब के पठानकोट से 30 किलोमीटर दूर स्थित है।
हेलीकॉप्टर का कुछ मलबा बांध में तैरता हुआ मिला है। हादसे के बाद सेना के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक रंजीत सागर बांध में दुर्घटनाग्रस्त हुए आर्मी एविएशन एएलएच ध्रुव हेलीकॉप्टर के दोनों पायलट सुरक्षित हैं। वेपन सिस्टम इंटीग्रेटेड हेलीकॉप्टर ने पठानकोट (पंजाब) से उड़ान भरी थी और नियमित उड़ान के दौरान दुर्घटना का शिकार हुआ। वहीं हेलीकॉप्टर क्रैश की खबर के बाद आनन-फानन में राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा और ऑपरेशन शुरू कर दिया।

सोमवार, 2 अगस्त 2021

26 आईएएस व 1 एचसीएस के स्थानांतरण किएं

राणा ओबरॉय                 
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुये 26 आईएएस और एक एचसीएस अधिकारी के स्थानांतरण एवं नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं।
एक आधिकारिक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि पंकज अग्रवाल को प्रशासनिक सुधार विभाग का आयुक्त एवं सचिव तथा श्रमायुक्त, हरियाणा एवं श्रम विभाग का सचिव, विकास गुप्ता को लघु, मध्यम एवं सूक्ष्म उद्योग का महानिदेशक और नागरिक संसाधन सूचना डिपॉजिटरी के लिए प्राधिकरण का मुख्य कार्यकारी अधिकारी(सीईओ), पंकज यादव को रोहतक मंडलायुक्त, टी. एल. सत्यप्रकाश को बिजली विभाग का सचिव, हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड का प्रबंध निदेशक और ड्रोन इमेजिंग एंड इन्फॉर्मेशन सिस्टम हरियाणा लिमिटेड (दृश्या) का मुख्य कार्यकारी अधिकारी(सीईओ) लगाया गया है।
हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के मुख्य प्रशासक विनय सिंह को उनके वर्तमान कार्यभार के अलावा हैफेड के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। पी. सी. मीणा को दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड का प्रबंध निदेशक तथा हरियासा आवासायुक्त, हरियाणा भवन, नई दिल्ली लगाया गया है। हरियाणा डेयरी विकास सहकारी प्रसंघ के प्रबंध निदेशक ए. श्रीनिवास को रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां लगाया गया है। 
साथ ही उन्हें सहकारिता विभाग के सचिव का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक बलकार सिंह को गृह-1 विभाग का सचिव, अनीता यादव को फरीदाबाद महानगरीय विकास प्राधिकरण, फरीदाबाद का अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी, अशोक कुमार मीणा को कार्मिक, प्रशिक्षण, विजिलेंस एवं संसदीय मामले विभागों के विशेष सचिव व निदेशक प्रशिक्षण (पदेन) और जांच अधिकारी, विजिलेंस, डी. के. बेहरा को शहरी स्थानीय निकाय विभाग का निदेशक एवं विशेष सचिव तथा मिशन निदेशक, राज्य शहरी आजीविका मिशन और राज्य शहरी विकास प्राधिकरण, रवि प्रकाश गुप्ता को कृषि एवं किसान कल्याण विभाग का विशेष सचिव, शरणदीप कौर बराड़ को कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण और रोजगार विभाग का निदेशक एवं विशेष सचिव तथा नागरिक संसाधन सूचना विभाग का निदेशक, अमरजीत सिंह मान को पर्यटन विभाग का निदेशक और विशेष सचिव, प्रदीप गोदारा को चरखी दादरी का उपायुक्त, राम सरूप वर्मा को निदेशक, पर्यावरण और पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का विशेष सचिव तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग का विशेष सचिव, जितेंद्र यादव को फरीदाबाद निगमायुक्त, नरेश कुमार को जींद का उपायुक्त, रहरि सिंह बांगड़ को रोहतक निगमायुक्त तथा साथ ही उन्हें जिला नगर आयुक्त, रोहतक का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है।
सरकार ने इसी तरह धर्मेंद्र सिंह को सोनीपत निगमायुक्त और जिला नगर आयुक्त, सिरसा की जिला नगर आयुक्त संगीता तेतरवाल को वित्त विभाग का अतिरिक्त सचिव, जसप्रीत कौर को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, गुरुग्राम का प्रशासक और शहरी संपदा, गुरुग्राम का अतिरिक्त निदेशक, कृष्णा कुमार को पलवल जिला उपायुक्त, मोनिका गुप्ता को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, फरीदाबाद का प्रशासक और शहरी संपदा, फरीदाबाद का अतिरिक्त निदेशक, जगदीश शर्मा को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, पंचकूला का प्रशासक और शहरी संपदा, पंचकूला का अतिरिक्त निदेशक, प्रीति को रेवाड़ी का अतिरिक्त उपायुक्त और जिला संसाधन सूचना अधिकारी, रेवाड़ी लगाया गया है। एचसीएस अधिकारी अशोक कुमार बंसल सोनीपत के अतिरिक्त उपायुक्त होंगे।

रविवार, 1 अगस्त 2021

इलाज की सुविधा प्रदान करने के लिए आभार जताया

राणा ओबराय                        
चंडीगढ़। हरियाणा के वरिष्ठ पत्रकार व हरियाणा सरकार के वाईस चेयरमैन राणा ओबराय ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल का मान्यता प्राप्त पत्रकारों को कर्मचारियों की तर्ज पर कैशलेस इलाज की सुविधा प्रदान करने के लिए आभार जताया। 
हरियाणा एक्रीडिटेशन कमेटी के सदस्य राणा ओबराय ने मुख्यमंत्री खट्टर से गैर मान्यता प्राप्त पत्रकारों को भी इस योजना के तहत निशुल्क चिकित्सा सुविधा प्रदान करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा बहुत कम पत्रकारों को ही मान्यता मिली है। बड़ी संख्या में पत्रकार इस श्रेणी में नहीं आते। जबकि उनकी आर्थिक स्थिति को देखते हुए उन्हें निशुल्क चिकित्सा सेवा की अधिक जरूरत है, इसलिए बीमा और चिकित्सा सुविधा उन्हें भी मिलनी चाहिए। इसी के साथ हरियाणा यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट के प्रदेश अध्यक्ष संजय राठी ने कहा कि सबसे महत्वपूर्ण एवं प्रभावी सदन एक्रीडिटेशन कमेटी पिछले 8 से अधिक वर्षों से ठप्प पड़ा है। इस संदर्भ में कई बार सरकार से अपील की गई लेकिन अभी तक कोई भी प्रभावी कार्यवाही नहीं हो पाई अतः सरकार अविलंब मीडिया एक्रीडेशन कमेटी का पुनर्गठन करे।
प्रदेश अध्यक्ष संजय राठी ने प्रदेश सरकार से पत्रकार कल्याण कोष की राशि को 50 लाख से बढ़ाकर 5 करोड़ किए जाने तथा पत्रकारों आकस्मिक निधन पर सरकार कम से कम 20 लाख रुपए परिजनों को अनुग्रह राशि दिए जाने की मांग की।
इसके साथ ही पत्रकारों की पेंशन योजना का सरलीकरण कर आयु की सीमा 60 वर्ष से घटाकर 56 वर्ष किए जाने की आवश्यकता है। इसके साथ ही इस भयंकर महंगाई के दौर में पेंशन राशि भी 10 हजार से बढ़ाकर 25 हजार करने की अपील की है। संजय राठी ने आगे कहा कि हरियाणा सरकार लंबे अरसे से लंबित ‘पत्रकार सुरक्षा कानून’ बनाकर अनुकरणीय पहल करे ताकि निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता सुनिश्चित हो सके. पत्रकारों के साथ धमकी, मारपीट और हमले आदि की घटनाओं में वृद्धि पर उन्होंने चिंता जताई।

शनिवार, 31 जुलाई 2021

भाजपा-जेजेपी गठबंधन सरकार में विवाद पैदा हुआ

राणा ओबराय             
चंडीगढ़। हरियाणा की भाजपा-जेजेपी गठबंधन सरकार में एक नया विवाद पैदा हो गया है। हरियाणा लोक सेवा आयोग की मात्र एक सीट पर भाजपा ने अपना अपना दावा ठोकते हुए अपनी पार्टी की ओर से आनंद शर्मा को एचपीएससी का मेंबर बना दिया। जिससे नाराज होकर जेजेपी पार्टी के नेता व हरियाणा सरकार में उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और उनकी पार्टी के अन्य नेता शपथग्रहण समारोह में शामिल नहीं हुए। इससे साफ हो गया है कि आनंद शर्मा के एचपीएससी मेंबर बनने से जेजेपी पार्टी खुश नहीं है।

निजी जानकारी के अनुसार मई माह में हुई कैबिनेट मीटिंग में जब एचपीएससी के मेंबरों की संख्या घटाई गई थी तो उस समय भी मीटिंग के अंदर उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने इस प्रस्ताव का विरोध किया था ? क्या हरियाणा की गठबंधन सरकार में सहयोगी पार्टी के पदासीन उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला व जेजेपी पार्टी के विधायकों को मुख्यमंत्री खट्टर अब पहले जैसी अहमियत नही दे रहे हैं। अगर ऐसा है तो यह दावे के साथ कहा जा सकता हैं कि गठबंधन सरकार के दिन थोड़े रह गए हैं ?

गुरुवार, 29 जुलाई 2021

'गैर कानूनी' तरीके से बच्चा गोद लेने पर कार्रवाई

राणा ओबराय             
पानीपत। पानीपत उपायुक्त सुशील सारवान ने निर्देश देते हुए कहा कि गैर कानूनी तरीके से बच्चा गोद लेने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसलिए कोई भी व्यक्ति अवैध तरीके से बच्चा गोद न ले। गैर काूनूनी तरीके से बच्चा गोद लेने पर किशोर न्याय अधिनियम के तहत तीन वर्ष की सजा अथवा एक लाख रूपये जुर्माना अथवा दोनों का प्रावधान है। बच्चा गोद लेने के लिए सैन्ट्रल एडॉपशन रिसोर्स एजैन्सी (कारा)में गोद लेने के लिए आवेदन करना अनिवार्य है।
उन्होंने कहा कि कोविड 19 महामारी के दौरान कुछ बच्चों ने अपने माता-पिता को खो दिया है। ऐसे मामले भी हैं जिनमें बच्चों ने अपनी माता अथवा अपने पिता को खो दिया है। इस प्रकार एकल अभिभावकों से उनके बच्चें गोद लेने का प्रयास किया जाता है। कुछ गैर सरकारी स्वयंसेवी संगठन (एन.जी.ओ.)तथा व्यक्ति निजी तौर पर बच्चों को गोद लेने-देने के संदर्भ में सूचनाएं देते हैं, जो कि उचित नहीं है। इस प्रकार की भ्रामक सूचनाओं से दूर रहने की जरूरत है। कोई भी गैर सरकारी संगठन तथा व्यक्ति अपने स्तर पर बच्चा गोद नहीं दिला सकता। जिला बाल संरक्षण अधिकारी निधि गुप्ता ने बच्चे को कानूनी रूप से मुक्त घोषित करने वाली प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि अनाथ, परित्यक्त (अबैंडंड)और अभित्यक्त (सरैंडर )बच्चों को बाल कल्याण समिति (सीडब्लयूसी)के समक्ष पेश किया जाएगा। सीडब्लयूसी बच्चों को तत्काल देखभाल के लिए बाल देखरेख संस्थानों या विशेष दत्तक ग्रहण एजैंसी में रखने के लिए आवश्यक आदेश जारी करेगी। जिला बाल संरक्षण इकाई द्वारा बच्चों को गोद लेने के लिए कानूनी रूप से मुक्त घोषित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। 
अंत में सीडब्लयूसी बच्चों को गोद लेने के लिए कानूनी रूप से मुक्त करेगी। गोद लेने की तारिक से दो वर्ष तक फालोअप कार्रवाई की जाएगी।

भारत में ढाई लाख गुर्दा प्रत्यारोपण की जरूरत हैं

राणा ओबरॉय               

चंडीगढ़। भारत में सालाना लगभग ढाई लाख गुर्दा प्रत्यारोपण की जरूरत है। लेकिन जागरूकता की कमी और गुर्दा अनुपलब्धता के कारण इस समय केवल लगभग छह हजार ही ऐसे प्रत्यारोपण हो पा रहे हैं। ग्रेशियन सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के गुर्दा रोग से जुड़े विशेषज्ञों ने यह जानकारी देते हुये बताया कि देश में गुर्दा रोगों और इनके प्रत्यारोपण को लेकर जागरूकता बढ़ाना जरूरी है।

अस्पताल के गुर्दा प्रत्यारोपण विशेषज्ञ सुमीत देवगन ने कहा कि लाइव डोनर से गुर्दा प्रत्यारोपण करने में भारत का दुनिया में दूसरा स्थान है। क्योंकि यहां लगभग 95 प्रतिशत प्रत्यारोपण जीवित डोनर से होता है। जबकि केवल पांव प्रतिशत कैडवर (मृतक) से हो रहा है। कम से कम पांच लाख से अधिक भारतीय हर साल अपने मुख्य कार्य अंगों के विफल होने के कारण मर रहे हैं। लाइव और कैडेवर डोनर के बारे में अधिक जागरूकता पैदा करने की जरूरत है। इससे मानवांगों की जरूरत और आपूर्ति के बीच भारी असमानता को भी दूर किया जा सकता है। इसके अलावा हर वर्ष दुर्घटनाओं में मरने वाले लगभग चार लाख लोगों के अंग प्रत्यारोपण के लिए उपलब्ध हों तो अनेक लोगों की जान बचाई जा सकती है।

मंगलवार, 27 जुलाई 2021

संगठन के गठन की प्रक्रिया को पूरा किया जाएंगा

राणा ओबरॉय          
चंडीगढ़। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी का विस्तार का मामला फिर टलता हुआ नजर आ रहा है। कुछ दिनों पहले प्रदेश कांग्रेस प्रभारी व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दोनों ने बयान दिया था कि कुछ समय बाद ही हरियाणा में संगठन के गठन की प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा। परंतु इस बात को भी लगभग एक महीना बीतने वाला है। अभी तक संगठन का काम प्रदेश कांग्रेस कमेटी पूरा नहीं कर सकी। इसका सीधा लाभ सत्तारूढ़ पार्टी को मिला रहा है। अभी पिछले दिनों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लगभग सभी विधायकों समेत हरियाणा के राज्यपाल को ज्ञापन दिया था। इसमें एक बात साफ दिखाई दी की लगभग दो दर्जन विधायकों के साथ कांग्रेस कार्यकर्ता पूरे जोश से लबालब था। जिससे लगने लगा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जोश उनके दिलो में हिलोरे मार रहा है। 
जरूरत है तो सिर्फ इस बात की। ब्लॉक लेवल से लेकर प्रदेश की कार्यकारिणी तक का सही रूप से गठन किया जाए। जिससे कार्यकर्ता को जिम्मेदारी मिले। परंतु ऐसा लगने लगा है, हुड्डा और शैलजा ग्रुप की आपसी खींचतान के कारण संगठन प्रक्रिया धीमी हो गई है। शैलजा से पहले अशोक तंवर भी कई वर्षों तक कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर रहने के बाद भी संगठन खड़ा नही कर सके थे। शायद ऐसा ही वर्तमान हरियाणा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुमारी शैलजा के साथ होता दिख रहा है। 

भाजपा अध्यक्ष ने नेताओं की समिति का गठन किया

राणा ओबराय             
चंडीगढ़। केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की भारत माला (दिल्ली-जम्मू कटरा राजमार्ग) परियोजना को लेकर पंजाब में हो रहे किसानों के विरोध को देखते हुए प्रदेश भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की एक समन्वय समिति का गठन किया है। इस समिति में दयाल सिंह सोढी प्रभारी, गुरतेज सिंह ढिल्लों, सुखपाल सिंह सरां और जतिंदर सिंह सरां को सहप्रभारी नियुक्त किया गया है। अश्वनी शर्मा ने आज यहां यह जानकारी देते हुए कहा कि गत कुछ समय से पंजाब के करीब 13 जिलों से गुजरने वाली केंद्र की भारत माला परियोजना का किसानों द्वारा विरोध किया जा रहा है।
किसान सम्भवत: परियोजना के लिए अधिग्रहण की जाने वाली भूमि के मुआवजे से संतुष्ट नहीं हैं और वे परियोजना के गुजरने तथा उसके लिए ज़मीन न देने के लिए इसका विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इस परियोजना के लिए किसानों को पूरा मुआवजा देने के लिए प्रतिबद्ध है और उनके साथ कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि परियोजना को लेकर हो रहा विरोध खत्म कराने के लिए पार्टी की इस समिति का गठन किया गया है। समिति इस विरोध को लेकर एक रिपोर्ट तैयार कर प्रदेश भाजपा को सौंपेगी ताकि इस मामले पर केंद्र से सम्पर्क कर बातचीत के जरिए इसका समाधान निकाला जा सके।

रविवार, 25 जुलाई 2021

'आंदोलन' के दौरान मृत किसानों को सच्ची श्रद्धांजलि

राणा ओबरॉय            

जींद। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि केंद्र सरकार के तीनों काले कृषि कानूनों की वापसी ही इसके खिलाफ जारी आंदोलन के दौरान दिवंगत किसानों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। सुरजेवाला रविवार को गांव उझाना में किसान आंदोलन में सक्रिय तथा दिवंगत इंद्रसिंह ठोलेदार की श्रद्धांजलि सभा में आए थे। कांग्रेस नेता ने कहा, ”देश का किसान पिछले आठ महीने से अपने घर और खेत छोड़कर सड़कों पर संघर्ष कर रहा है। गर्मी, सर्दी और बारिश की मार झेलते हुए दिल्ली सहित अनेक स्थानों पर तीनों कृषि कानूनों की वापसी की मांग कर रहा है लेकिन भाजपा सरकार के कान पर जूं नहीं रेंग रही।

सुरजेवाला ने दोहराया कि कांग्रेस पार्टी किसानों के संघर्ष में उनके साथ है और सड़क से लेकर संसद तक तीनों कृषि कानूनों का विरोध कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा-जजपा सरकार के मंत्री किसानों की शहादत पर संवेदना व्यक्त करने की बजाय किसानों को देशद्रोही, मवाली कहकर नमक छिड़क रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र सरकार को किसानों के साथ थोड़ी भी हमदर्दी है तो तुरंत तीनों कृषि कानून वापस ले लेने चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार में सत्ता का सुख भोग रहे नेताओं के मुंह से किसानों की शहादत पर एक भी शब्द नहीं निकलना, उनकी किसान विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। 

शनिवार, 24 जुलाई 2021

पेंशनर्स के लिए महंगाई भत्ते की दर में बढ़ोतरी की

राणा ओबरॉय             

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री ने राज्य के कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए महंगाई भत्ते की दर में बढ़ोतरी की घोषणा कर दी है। आज मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इसका ऐलान किया है। भारत सरकार की तर्ज पर महंगाई भत्ते की दर को 17 प्रतिशत से बढ़ाकर 28 प्रतिशत करने की घोषणा हरियाणा सरकार ने की है। नई दर 1 जुलाई, 2021 से लागू होगी। महंगाई दर में बढ़ोत्तरी से हरियाणा के 2.85 लाख कर्मचारियों व 2.62 लाख पैंशनरों को लाभ होगा। आपको बता दें कि कोरोना संक्रमण काल के चलते कर्मचारियों के महंगाई भत्ते पर रोक लगाई गई थी, लेकिन अब कर्मचारियों को दोहरी सौगात दी गई है। 

शुक्रवार, 23 जुलाई 2021

56 पुलिसकर्मियों को पुरूस्कार, सम्मानित किए गये

राणा ओबराय              
पानीपत। पानीपत पुलिस अधीक्षक श्री शशांक कुमार सावन ने उत्कृष्ट और सराहनीय कार्य करने वाले जिला के 56 पुलिसकर्मियों को तृतीय श्रेणी प्रसंशा पत्र व नकद पुरूस्कार देकर सम्मानित किया। यह सम्मान वर्ष 2021 मे बड़ी वारदातों का खुलासा करने, बदमाशों को जल्द पकड़ने, शराब/मादक पदार्थो की अवैध तस्करी पर रोक लगाने, पीओ,बेल जम्परों (उदघोषित अपराधियो) को पकड़ने व अपराधों पर नियंत्रण करने आदि जैसे कामों के लिए दिया गया। सम्मानित पुलिसकर्मियों में निरीक्षक पद से लेकर सिपाही पद के कर्मचारी शामिल रहे।

पुलिस अधीक्षक श्री शशांक कुमार सावन जी ने इस दौरान सम्मानित होने वाले सभी पुलिसकर्मियो के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि वे उम्मीद करते है कि भविष्य मे भी इसी प्रकार सच्ची निष्ठा, ईमानदारी व कड़ी मेहनत से कार्य/ड्यूटी करते हुए पुलिस का आमजन के प्रति विश्वास बनाकर रखे। उन्होने कहा कि सम्मान जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि होती है। जिसको पाने के लिए हमेशा संघर्षरत रहना होता है। उन्होने कहा अच्छे कार्य करने वाले पुलिसकर्मियो को सम्मानित किया जाएगा। वहीं ड्यूटी मे लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियो को किसी भी सूरत मे सहन नहीं किया जाएगा। इसलिए ड्यूटी के प्रति सजग व ईमानदार रहें।इंस्पेक्टर राजपाल, इंस्पेक्टर विरेन्द्र, इंस्पेक्टर अनिल छिल्लर, इंस्पेक्टर किरण, इस्पेक्टर बलराज, इंस्पेक्टर महिपाल व इंस्पेक्टर अंकित। सब इंस्पेक्टर सतपाल, सब इंस्पेक्टर पवन, सब इंस्पेक्टर बलजीत व ईएसआई महेन्द्र, ईएसआई दलसिंह, ईएसआई राजकुमार, ईएसआई रमेश। 

एएसआई राजेन्द्र, एएसआई हेमराज, एएसआई विरेन्द्र, एएसआई राजपाल, एएसआई सुमीत, एएसआई सुभाष, एएसआई प्रमोद, एएसआई सतीश, एएसआई कृष्ण, एएसआई कृपाल, एएसआई सुभाष सिंह, एएसआई सुनील व ईएएसआई जगविन्द्र सिंह।मुख्य सिपाही रविन्द्र, मुख्य सिपाही सुनील, मुख्य सिपाही विकास, मुख्य सिपाही नवनीष, मुख्य सिपाही सुभाष, मुख्य सिपाही दिनेश, मुख्य सिपाही विकास सिंह व ईएचसी रामनिवास, ईएचसी अशोक। सिपाही मोहन, सिपाही संदीप, सिपाही मनोज, सिपाही राकेश, सिपाही रविन्द्र, सिपाही अशोक, सिपाही अनिल, सिपाही रविन्द्र सिंह, सिपाही नवीन, सिपाही अनिल सिंह व पी.ओ स्टॉफ की टीम को तृतीय श्रेणी प्रसंशा पत्र व नकद पुरूस्कार देकर सम्मानित किया गया।

लोगों के लिए 'पेयजल आपूर्ति' सुनिश्चित की जाएं

लोगों के लिए 'पेयजल आपूर्ति' सुनिश्चित की जाएं  इकबाल अंसारी  चेन्नई। तमिलनाडु में गर्मी दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। इसे देखते हुए मु...