मंगलवार, 21 सितंबर 2021

राज्यसभा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया

गुवाहाटी। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मंगलवार को असम की राज्यसभा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया और उनका निर्विरोध चुना जाना लगभग तय है। क्योंकि विपक्ष ने उनके खिलाफ कोई उम्मीदवार नहीं उतारने का फैसला किया है। केंद्रीय जहाजरानी मंत्री ने असम विधानसभा में निर्वाचान अधिकारी दुलाल पेगू के समक्ष अपना पर्चा दाखिल किया।
पूर्व मुख्यमंत्री भाजपा, अगप और यूपीपीएल वाले राज्य के सत्तारूढ़ गठबंधन के सर्वसम्मत उम्मीदवार हैं। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, अगप नेता एवं कृषि मंत्री अतुल बोरा, यूपीपीएल नेता एवं हथकरघा और कपड़ा मंत्री यू जी ब्रह्मा, बोडोलैंड प्रादेशिक क्षेत्र के प्रमुख प्रमोद बोडो, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भाबेश कलिता, और कैबिनेट मंत्री और भाजपा के कई अन्य नेता उनके साथ थे। असम विधानसभा के लिए चुने जाने के बाद बिस्वजीत दैमारी के उच्च सदन से इस्तीफा देने के बाद राज्यसभा की यह सीट खाली हुई है।
वह वर्तमान में राज्य विधानसभा के अध्यक्ष हैं। सोनोवाल इस साल मई में लगातार दूसरी बार माजुली से विधानसभा के लिए चुने गए थे। 59 वर्षीय भाजपा नेता को जुलाई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल में शामिल किया गया। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 22 सितंबर है, जबकि 23 सितंबर को पर्चा की जांच की जाएगी और नतीजे चार अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।
सोनोवाल की जीत निश्चित लग रही है क्योंकि विपक्षी दलों ने अपने उम्मीदवार नहीं उतारने का फैसला किया है। सोनोवाल ने उन्हें सेवा का अवसर देने के लिए असम के लोगों का आभार व्यक्त किया और सभी का आशीर्वाद मांगा। उन्होंने प्रधानमंत्री और माजुली के लोगों को भी धन्यवाद दिया।

कपूर खानदान की मोस्ट पॉपुलर मेंबर्स में हैं करीना

कविता गर्ग     
मुबंई। करीना कपूर, कपूर खानदान की मोस्ट पॉपुलर मेंबर्स में से एक हैं। एक्ट‍िंग डेब्यू करने से पहले करीना ने कुछ समय के लिए कंप्यूटर स्टडीज में एडमिशन लिया था। आज एक्ट्रेस के 41वें बर्थडे के मौके पर आइए करीना के उस पुराने इंटरव्यू की चर्चा करते हैं। जहां उन्होंने अपने इस कोर्स के बारे में बताया था।
एप‍िसोड में करीना ने हार्वर्ड यूनिवर्स‍िटी में एडमिशन को लेकर बातें की थी। उन्होंने इस एडमिशन के बाद अपने फैमिली का शॉकिंग रिएक्शन भी साझा किया था। करीना कहती है।
 मेरे लिए एक अच्छा समय और मस्ती करने के पल जैसा था। करीना ने बताया कि उनकी मां बबीता कपूर और बहन कर‍िश्मा कपूर चाहती थीं कि वे तीन महीनों के लिए हार्वर्ड ना जाएं। लेक‍िन करीना ने जाने की तैयारी शुरू कर ली थी।
उन्होंने अपने फॉर्म्स भरे और हार्वर्ड में माइक्रो कंप्यूटर्स एंड इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी पढ़ने चली गईं। आगे करीना ने अपने पर‍िवार का रिएक्शन बताया। वे कहती हैं- 'वह पल मेरे लिए सबसे बड़ी उपलब्ध‍ि थी। सभी लोग ऐसे रिएक्ट कर रहे थे कि मेरी भतीजी, मेरी ये, मेरी वो। हार्वर्ड चली गई है। कपूर गर्ल, दिमाग है नहीं और हार्वर्ड गई हैं। वे सभी ओवर रिएक्ट कर रहे थे। किसी को यकीन नहीं हो रहा था कि मैं हार्वर्ड गई थी। उन्होंने इसका खूब जश्न मनाया।
हार्वर्ड में करीना का अनुभव कैसा रहा इसपर एक्ट्रेस कहती हैं- 'मैं उसे कोई पार्टी नहीं कहूंगी. वो बहुत मुश्क‍िल था। मैं सुबह साढ़े 4 बजे उठती थी, फिर लाइब्रेरी जाती थी, अपने असाइनमेंट्स को पूरा करने की कोश‍िश करती थी। 
लेकिन जल्द ही करीना ने अपना मन बदला और एक्ट्रेस बनने के अपने सपने को पूरा करने वापस आईं. साल 2000 में करीना ने फिल्म रिफ्यूजी में अभ‍िषेक बच्चन के साथ बॉलीवुड डेब्यू किया।  शुरुआती दिनों में कर‍ियर में उन्होंने उतार-चढ़ाव देखे लेक‍िन जल्द ही वे कई सुपरह‍िट फिल्मों का हिस्सा बन गईं। उन्होंने कभी खुशी कभी गम, ओमकारा, जब वी मेट, हीरोइन, 3 इड‍ियट्स आद‍ि फिल्मों में काम किया। 

प्रतिद्वंदियों की तर्ज पर त्योहारी ऑफर की घोषणा

अकांशु उपाध्याय      
नई दिल्ली। देश के सबसे बड़े मॉर्गेज ऋणदाता एचडीएफसी ने मंगलवार को भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) जैसे प्रतिद्वंदियों की तर्ज पर एक त्योहारी ऑफर की घोषणा की। जिसमें 6.70 प्रतिशत से शुरू होने वाला गृह ऋण शामिल है। पिछले हफ्ते, एसबीआई ने त्योहारी बोनस के हिस्से के रूप में अपने ऑफर के तहत 6.70 प्रतिशत की रियायती गृह ऋण दर की पेशकश की थी।
इसके बाद पंजाब नेशनल बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा जैसे अन्य ऋणदाताओं ने भी इसी तरह के ऑफर पेश किए। एचडीएफसी लि. की प्रबंध निदेशक रेणु सूद कर्नाड ने कहा, “आज घर पहले की तुलना में कहीं अधिक किफायती है। पिछले कुछ वर्षों में, संपत्ति की कीमतें देश भर के प्रमुख इलाकों में कमोबेश एक जैसी रही हैं, जबकि आय का स्तर बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि ब्याज की रिकॉर्ड कम दरें, पीएमएवाई (प्रधानमंत्री आवास योजना) के तहत सब्सिडी और कर लाभ से भी मदद मिली है। एचडीएफसी ने कहा कि उत्सव योजना के तहत “ग्राहक 20 सितंबर, 2021 से प्रभावी 6.70 प्रतिशत प्रति वर्ष से शुरू होने वाले एचडीएफसी गृह ऋण का लाभ उठा सकते हैं। यह ऑफर ऋण राशि या रोजगार श्रेणी के इतर सभी नए ऋण आवेदनों पर लागू होगा।” एचडीएफसी का 6.70 प्रतिशत का विशेष उत्सव ऑफर सभी ऋण स्लैब, और 800 एवं उससे अधिक के क्रेडिट स्कोर वाले सभी ग्राहकों के लिए है।

विश्व: कई देशों में मनाया जाता हैं अलजाइमर दिवस

नई दिल्ली/ वाशिंगटन डीसी। विश्व अल्जाइमर दिवस हर साल कई देशों में 21 सितंबर को मनाया जाता है। यह दिवस अल्जाइमर रोग की रोकथाम तथा जागरूकता फैलाने के लिए हर साल मनाया जाता है। इस दिन का उद्देश्य दुनियाभर के लोगों को डिमेंशिया के लक्षणों के बारे में बताने के साथ डिमेंशिया से पीड़ित रोगियों अथवा इस बीमारी के कारण मृत्यु को प्राप्त होने वाले रोगियों को भी न भूलना है।
अल्जाइमर रोग भूलने का रोग है। इस रोग का नाम अलोइस अल्जाइमर पर रखा गया, जिन्होंने सबसे पहले इसका विवरण दिया। इस बीमारी के कई लक्षण हैं जैसे की याददाश्त की कमी होना, निर्णय न ले पाना, बोलने में दिक्कत आना तथा फिर इसकी वजह से सामाजिक और पारिवारिक समस्याओं की गंभीर स्थिति आदि शामिल हैं। रक्तचाप, मधुमेह, आधुनिक जीवनशैली और सर में कई बार चोट लग जाने से इस बीमारी के होने की आशंका बढ़ जाती है। अमूमन 60 वर्ष की उम्र के आसपास होने वाली इस बीमारी का फिलहाल कोई स्थायी इलाज नहीं है।
अल्जाइमर रोग का सबसे समान्य रूप डिमेंशिया है। यह निरंतर प्रगतिशील होने वाला मस्तिष्क रोग है, जिसके परिणामस्वरूप याददाश्त एवं सोचने की क्षमता में कमी हो जाती हैं। यह रोग मस्तिष्क की कोशिकाओं को नष्ट कर देता है, जिसके कारण याददाश्त में कमी, बदलाव, अनियमित व्यवहार एवं शरीर की प्रक्रियाओं को नुकसान पहुंचता हैं। आमतौर पर यह रोग धीरे-धीरे शुरू होता है लेकिन समय के साथ गंभीर हो जाता है। अल्जाइमर के सबसे सामान्य प्रारंभिक लक्षणों में से एक हाल की घटनाओं को याद करने में कठिनाई है। अल्जाइमर से पीड़ित रोगी अक्सर लोगों के नाम जैसे कि पुराने दोस्तों, पता, यहाँ तक कि सड़कों तथा अन्य वस्तुओं के नाम भी भूल जाते हैं।

अल्जाइमर रोग के लक्षण 
अल्जाइमर के प्रारंभिक लक्षणों में से कुछ प्रमुख हैं जैसे स्मृति का खोना, निर्णय से जुड़ी समस्यायें, सवालों का बार-बार दोहराया जाना, मुसीबत से निपटने में परेशानी का सामना करना, रुपयों का बेहतर प्रबंधन न कर पाना। साथ ही अपने सामान्य दैनिक कार्यों को पूरा करने में असफल रहना आदि। इस चरण में मरीजों का अकसर इलाज किया जाना चाहिए और उसका निदान भी प्रस्तुत किया जाना चाहिए।
इस बीमारी के मध्य चरण में रोगी, परिवार के सदस्यों की पहचान नहीं कर पता है। साथ ही अपने कपड़ों के सन्दर्भ में अजीबोगरीब हरकत करता है। इसके अलावा वह प्रतिदिन के कार्यों में भुलक्कड़ प्रवृति का संपादन करने लगता है।
अलजाइमर रोग ज़्यादातर बुजुर्ग लोगों को प्रभावित करता है। आज भारत में बुजुर्ग लोगों की आबादी बढ़ रहीं हैं। यह कारण बीमारी होने का अलार्म है।
अल्जाइमर रोग के सही कारण अभी तक ज्ञात नहीं है। मस्तिष्क में होने वाली कुछ जटिल परेशानियाँ इस बीमारी का कारण हैं।
अल्जाइमर रोग का कोई उपचार उपलब्ध नहीं है। पीड़ित रोगी का प्रभावी ढंग से उपचार करने के लिए रोग की जल्दी जानकारी से लाभ मिलता हैं।

कलकत्ता एचसी के फैसलों को निरस्त किया: एससी

अकांशु उपाध्याय       
नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने एक महत्वपूर्ण फैसले में कहा है कि नौकर या केयरटेकर संपत्ति में कभी भी कोई अधिकार नहीं ले सकते चाहे, वह उसमें लंबे समय से क्यों न रह रहे हों।
यह कहते हुए शीर्ष अदालत ने सत्र न्यायालय और कलकत्ता उच्च न्यायालय के फैसलों को निरस्त कर दिया, जिसमें संपत्ति पर नौकर के दावे को स्वीकार कर लिया गया था। न्यायमूर्ति अजय रस्तोगी और ए.एस. ओका की पीठ ने यह फैसला देते हुए नौकर को आदेश दिया कि वह संपत्ति को तीन माह के अंदर खाली कर उसका कब्जा मालिक को सौंप दे। अदालत ने कहा कि यदि वह कब्जा नहीं देता तो उस पर कानूनी रूप से कार्रवाई की जाएगी।
अदालत ने इसके साथ ही मालिक की सीपीसी के आदेश 7 और नियम 11 की अर्जी स्वीकार कर ली और कहा कि नौकर का संपत्ति में कोई हक अर्जित नहीं होता। अदालत ने कहा कि नौकर या केयरटेकर प्रतिगामी कब्जे (एडवर्स पजेशन) का दावा भी नहीं कर सकता क्योंकि वह संपत्ति पर मालिक द्वारा देखभाल के वास्ते रखा गया है जिसका वह कोई किराया या अन्य कोई राजस्व नहीं दे रहा था।
मामला तब शुरू हुआ जब मालिक ने लंबे समय से संपत्ति की देखभाल के लिए रह रहे व्यक्ति से कब्जा लेने का प्रयास किया। नौकर ने कहा कि वह इस संपत्ति पर लंबे समय से रह रहा है इसलिए यह उसकी संपत्ति हो गई। इसके लिए उसे दीवानी कोर्ट में मुकदमा दायर किया और कहा कि उसे संपत्ति का शांतिपूर्ण कब्जा बनाए रखने का अंतरिम आदेश दिया जाए तथा मलिक को हस्तक्षेप से रोका जाए।

घटना के 32 घंटे बाद बरामद किया युवक का शव

कविता गर्ग       
मुंबई। महाराष्ट्र के वर्सोवा में अरब सागर में गणपति प्रतिमा के विसर्जन के दौरान डूबे 21 वर्षीय युवक का शव घटना के 32 घंटे बाद मंगलवार की सुबह बरामद किया गया। नगर निकाय के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विजय पाटिल का शव वर्सोवा में समुद्र से निकाल लिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि जुहू में कूपर अस्पताल के डॉक्टरों ने पाटिल को ”मृत लाया हुआ घोषित” किया। प्रतिमा विसर्जन के दौरान सोमवार को पाटिल समेत तीन युवक समुद्र में बह गए थे। दो युवकों के शव सोमवार को बरामद किए गए। उन दोनों युवकों की उम्र क्रमश: 18 और 20 वर्ष थी।
रविवार रात करीब नौ बजे पांच युवक वर्सोवा जेट्टी में समुद्र में प्रतिमा विसर्जन के लिए गए थे। दो युवकों को स्थानीय लोगों ने बचा लिया लेकिन तीन अन्य समुद्र में बह गए। मुंबई एवं महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में 10 दिवसीय गणेश उत्सव के आखिरी दिन रविवार को गणेश और गौरी की प्रतिमा का विभिन्न जलाशयों में विसर्जन किया गया।

एमपी: 1 और पर्यटन स्थल पर्यटकों की पसंद बना

मनोज सिंह ठाकुर           
मंडला। मंडला में प्रसिद्ध कान्हा राष्ट्रीय उद्यान के साथ अब एक और पर्यटन स्थल पर्यटकों की पसंद बन चुका है। ये है अजगर दादर यानि अजगरों का पूरा गांव या कहें पूरी एक बस्ती। यहां हजारों की तादाद में अजगर हैं। अजगरों की ये बस्ती कान्हा के बफर जोन से लगे अंजनिया वन परिक्षेत्र के ककैया गांव में है। 1926 में आई बाढ़ में ये जगह पोली हो गई थी। बस तब से जीव जन्तुओं ने यहां अपना डेरा जमा लिया। 2014-15 में वन विभाग के प्रयास से ये लोगों की नजर में आयी। हजारों अजगरों को यहां एक साथ रेंगते देखा जा सकता है न गांव वाले इन्हें परेशान करते हैं और न ही गांव वालों को कभी इन्होंने काटा।
अजगर दादर मंडला जिले का दूसरा प्रमुख पर्यटन स्थल बन गया है। दुनिया में प्रसिद्ध कान्हा राष्ट्रीय उद्यान बाघों के कारण वन्य प्राणि प्रेमियों और पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहा है। अब इस अजगर दादर भी पर्यटकों में काफी उत्सुकता पैदा कर रहा है।
पर्यटक हमेशा नई और खतरनाक रोमांचक चीजें देखने के शौकीन होते हैं। इसलिए मंडला की ओर कूच करते हैं। लेकिन पर्यटकों को यहां एक ऐसे रोमांच का अनुभव होता है जिसे देखते ही सिट्टी पिट्टी गुम हो जाती है। यहां अजगरों को खुले आम आराम फरमाते देखा जा सकता है और भी एक दो नहीं बल्कि झुंड के झुंड।एक ही जगह पर आपको इतने तरह के अजगर दिख जाएंगे जिसकी कल्पना भी नहीं कर सकते। छोटे से छोटे और बड़े से बड़े इतनी लंबाई कि कभी आपने सोचा भी ना होगा। ये अजगर दादर करीब 2 एकड़ में एरिया में फैला हुआ है। यहां बड़ी संख्या में छोटे-बड़े अजगर पाए जाते हैं। इस स्थान को अजगर दादर कहा जाने लगा है।
अजगर कोल्ड ब्लडेड होते हैं। इस स्थान पर ठंड के मौसम में बड़ी संख्या में अजगर धूप सेंकते हुए दिख जाते हैं। गांव वाले इन्हें परेशान नहीं करते और न ही इन्होंने कभी गांव वालों को डसा। यहां अजगर और इंसानों के बीच अजीब रिश्ता है। गांव वाले इन अजगरों की सुरक्षा को लेकर बेहद संवेदनशील हैं।बताया जाता है कि 1926 में यहां भीषण बाढ़ आयी थी और ये स्थान पोला हो गया था. बस तभी से यहां तरह तरह के जीव जंतु रहने लगे। इन्हीं पोले स्थानों को अजगरों ने भी अपना निवास बना लिया। यह स्थान 2014-2015 के आस -पास वन विभाग के प्रयासों से लोगों की नजर में आया है। कान्हा नेशनल पार्क की तरह धीरे धीरे इस जगह के बारे में ख्याति फैल रही है और पर्यटकों की संख्या बढ़ती जा रही है।

सीएम जयललिता की मां संध्या का किरदार निभाया

कविता गर्ग              
मुबंई। बॉलीवुड अभिनेत्री भाग्यश्री काफी लंबे समय बाद फिल्मी पर्दे पर वापस लौटी हैं। उनकी फिल्म 'थलाइवी'  हाल ही में रिलीज हुई। जिसमें उन्होंने तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री और दिवंगत अभिनेत्री जयललिता सीएम की मां संध्या का किरदार निभाया। भाग्यश्री को एक बार फिर से सिल्वर स्क्रीन पर देख उनके फैंस काफी खुश हैं। सलमान खान के साथ अपना फिल्मी डेब्यू करने वालीं भाग्यश्री ने फिल्म मैंने प्यार किया से रातों-रात स्टारडम हासिल कर लिया था। यह सलमान खान और भाग्यश्री की पहली और आखिरी फिल्म थी, जिसमें वह साथ में नजर आए। हर किसी को यह क्यूट जोड़ी काफी पसंद आई।
अब भाग्यश्री ने जब अपना कमबैक किया है, तो क्या वह फिर से सलमान खान के साथ कभी किसी फिल्म में नजर आएंगी। इस बारे में टीवी9 भारतवर्ष से एक्सक्लूसिव बातचीत में भाग्यश्री ने खुलकर बात की। जब हमने अभिनेत्री से पूछा कि अगर मैंने प्यार किया का सीक्वल बनता है, तो क्या आप फिर से सलमान खान के साथ काम करना चाहेंगी। तो इस पर भाग्यश्री ने बहुत ही मजाकिया अंदाज में सलमान खान पर चुटकी ली। भाग्यश्री ने कहा- पर सलमान खान तो 50 साल की एक्ट्रेस के साथ काम नहीं करेगा। इसके बाद भाग्यश्री ने कहा कि अगर अब मैंने प्यार किया का सीक्वल बना और उसमें ये दिखाया गया कि आगे की कहानी क्या है, तो हां जरूर ये मैं करना चाहूंगी।उन्होंने बताया- "तो जब शूटिंग के दौरान मुझसे कहा गया कि सलमान उधर खड़ा है और आप इधर से भागकर जाइये और सलमान खान से लिपट जाइये। मैंने कहा कि बाप रे, ये कैसे हो पाएगा मुझसे। बस फिर क्या था मैं मेकअप रूम में बैठकर रोने लगी। 
थोड़े टाइम बाद सूरज जी आए बुलाने के लिए कि क्या हो गया।  मैंने कहा कि ये मैं नहीं कर पाऊंगी। मुझे डर लगता है। तब सूरज जी बोले कि किस बात का डर। आपके मम्मी पापा कुछ कहेंगे। मैंने कहा- नहीं। तो बोले फिर क्या बात है।  मैंने कहा कि ये मैंने जिंदगी में कभी नहीं किया है। मैं नहीं कर पाऊंगी ये। तकरीबन आधा घंटा हो गया मैं रो रही थी।

शिक्षा नीति शिक्षा के क्षेत्र में 1 नये युग की शुरुआत

अकांशु उपाध्याय           
नई दिल्ली। शिक्षा मंत्री धमेंद्र प्रधान ने कहा है कि नयी शिक्षा नीति शिक्षा के क्षेत्र में एक नये युग की शुरुआत है। श्री प्रधान ने मंगलवार को ट्वीट कर कहा कि भारतीय शिक्षा व्यवस्था 2020 को सार्वभौमिक, समग्र और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में सरकार द्वारा अनेकों दूरगामी प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2014 से हर हफ्ते एक नए विश्वविद्यालय और हर दिन एक महाविद्यालय की स्थापना देश मे आत्मनिर्भर शिक्षा व्यवस्था की एक मिसाल है। सरकार ने स्कूलों में कम्प्यूटर, स्वच्छता, बिजली और पानी जैसी आधारभूत ज़रूरतों को सुनिश्चित किया है।

जम्मू-कश्मीर: एनआईए ने 7 जगहों पर छापा मारा

श्रीनगर। जम्मू कश्मीर से बड़ी खबर आ रही है। एनआईए ने सात जगहों पर छापा मारा है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार छापेमारी जम्मू कश्मीर के डोडा, किश्तवाड़, श्रीनगर, बारामूला के साथ साथ अनंतनाग में मारी गई है। खबर है कि छापेमारी के दौरान एनआईए की टीम ने मोहम्मद शाफी वानी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें, 27 जून को जम्मू के वायु सेना स्टेशन दोहरा विस्फोट हुआ था। जिसके बाद जांच में सुरक्षा बलों को आईआईडी बरामद हुआ था इसके बाद से ही लगातार सुरक्षा बल ने जांच अभियान तेज कर दी थी।
जम्मू-कश्मीर  के उरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों के एक समूह द्वारा घुसपैठ की कोशिश के बाद इंटरनेट और मोबाइल फोन सेवाओं को निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। सेना ने कहा कि पिछले 30 घंटे से अधिक समय से घुसपैठ रोधी अभियान जारी है।
अतिरिक्त सुरक्षा बलों को बुलाया गया है और एक बड़े क्षेत्र को घेर लिया गया है। सेना के मुताबिक इस साल घुसपैठ की यह दूसरी कोशिश है।
हालांकि सेना के एक वरिष्ठ कमांडर ने कहा कि इस साल कोई संघर्षविराम उल्लंघन नहीं हुआ है और न ही सीमा पार से कोई उकसावे की घटना हुई है। 15वीं कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल डीपी पांडे ने कहा, "इस साल कोई संघर्षविराम उल्लंघन नहीं हुआ।
उन्होंने कहा, "घुसपैठ पर, पिछले वर्षों के विपरीत, कुछ प्रयास हुए हैं। शायद ही कोई सफल प्रयास था। मेरी जानकारी के अनुसार घुसपैठ के केवल दो प्रयास सामने आए हैं। एक बांदीपुर में निष्प्रभावी किया गया था. दूसरे की तलाश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, "उरी में पिछले 24 घंटों से ऑपरेशन चल रहा है, जिसमें हमें लगा कि घुसपैठ की कोशिश की गई है। हम उनकी तलाश कर रहे हैं। क्या वे इस तरफ हैं या प्रयास करके वापस चले गए हैं। लेकिन हम काफी सतर्क हैं और हम सुनिश्चित करेंगे कि घुसपैठ कम से कम हो।

पुलिस अधीक्षक ने 5 पुलिसों को किया निलंबित

हरिओम उपाध्याय            
बांदा। ड्यूटी से गायब पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक ने सोमवार को 5 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। दरअसल उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के पुलिस अधीक्षक ने आज ड्यूटी से नदारद पाए जाने पर 1 उपनिरीक्षक और 4 सिपाहियों को निलंबित कर दिया। 1 वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। बांदा जिले के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) लक्ष्मी निवास मिश्रा ने मंगलवार को बताया कि शहर में कई स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहन जांच के लिए केंद्र बनाए गए हैं। सोमवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिनंदन ने इन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया, जहां कई पुलिसकर्मी ड्यूटी से गायब मिले। उन्होंने बताया कि ड्यूटी से गायब मिलने वाले अतर्रा चुंगी थाना के प्रभारी (उपनिरीक्षक) शिवाजी मौर्य, सिपाही अश्विनी कुमार, अनंत कुमार, हरनाथ और नंदलाल को एसपी ने सोमवार देर शाम तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

मुंबई: जेल में बंद कारोबारी राज कुंद्रा बाहर निकलें

कविता गर्ग        
मुंबई। अश्लील फिल्म मामले में मुंबई की जेल में बंद कारोबारी राज कुंद्रा मंगलवार को बाहर आ गए हैं। 2 महीने पहले गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी कुंद्रा को 1 दिन पहले ही मजिस्ट्रेट की अदालत ने जमानत दी थी। बताया जा रहा है कि कुंद्रा को पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे के बाद आर्थर रोड जेल से रिहा किया गया। मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट एसबी भाजीपाले ने 50,000 रुपए का मुचलका भरने पर सोमवार को कुंद्रा की जमानत अर्जी मंजूर कर ली थी। कुंद्रा के सहयोगी और सह-आरोपी रयान थोर्पे को भी अदालत ने कथित रूप से अश्लील फिल्में बनाने और कुछ ऐप के माध्यम से उन्हें प्रसारित करने के मामले में जमानत दे दी थी। कुंद्रा के साथ थोर्पे को भी 19 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था।

लोगों के लिए 'पेयजल आपूर्ति' सुनिश्चित की जाएं

लोगों के लिए 'पेयजल आपूर्ति' सुनिश्चित की जाएं  इकबाल अंसारी  चेन्नई। तमिलनाडु में गर्मी दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। इसे देखते हुए मु...