मंगलवार, 17 अगस्त 2021

29 में नवीन पंजीयक कार्यालय का लोकार्पण किया

दुष्यंत टीकम             
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज यहां अपने निवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नवा रायपुर के सेक्टर 29 में नवीन उप पंजीयक कार्यालय का लोकार्पण किया। नवा रायपुर के 6 गांव, आरंग के 20 और अभनपुर विकासखंड के 15 गांव कुल 41 गांव के लोगों को इस कार्यालय से पंजीयन कार्य की सुविधा मिलेगी। अभी उन्हें पंजीयन के लिए 40 किलोमीटर दूर रायपुर आना पड़ता था। नवा रायपुर में इस कार्यालय के प्रारंभ होने से उनके समय और श्रम की बचत होगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यक्रम में पंजीयन विभाग के बैकलॉग दस्तावेजों की स्कैनिंग एवं डिजिटाइजेशन कार्य और डिजिटल ई-स्टाम्प सुविधा का भी शुभारंभ किया।
इस अवसर पर राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल कोरबा से कार्यक्रम से जुड़े। सचिव वाणिज्यिक कर निरंजन दास, महानिरीक्षक पंजीयन एवं मुद्रांक इफ्फत आरा, उप महानिरीक्षक पंजीयन एवं मुद्रांक सुशील खलको मुख्यमंत्री निवास में उपस्थित थे। एनईएसएल और बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम से जुड़े।

हलफनामा दायर नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई

अकांशु उपाध्याय                    
नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने न्यायिक अधिकारियों की सुरक्षा से संबंधित मामले में कई राज्य सरकारों द्वारा जवाबी हलफनामा दायर नहीं किए जाने को लेकर मंगलवार को गहरी नाराजगी जताई और चेतावनी दी कि अगली तारीख तक ऐसा न करने पर राज्य के मुख्य सचिवों को सीधे तलब किया जाएगा।
हालांकि, केंद्र सरकार ने कहा कि न्यायिक अधिकारियों की सुरक्षा के लिए विशेष पुलिस बल के गठन की संभावना से इनकार कर दिया। केंद्र सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने मुख्य न्यायाधीश एन वी रमन, न्यायमूर्ति सूर्यकांत और न्यायमूर्ति अनिरुद्ध बोस की खंडपीठ के समक्ष अपनी दलीलों में कहा कि रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की तर्ज पर न्यायिक अधिकारियों की सुरक्षा के लिए विशेष राष्ट्रीय सुरक्षा बल का गठन न तो संभव है, न ही सलाह योग्य।
तुषार मेहता ने धनबाद के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश की कथित हत्या के मद्देनजर शीर्ष अदालत द्वारा न्यायिक अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर स्वत: संज्ञान मामले में केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से पेश हलफनामे में दिये गए इन तथ्यों का जिक्र करते हुए कहा कि न्यायिक अधिकारियों और अदालतों की सुरक्षा के लिए राज्य पुलिस बेहतर स्थिति में होगी, क्योंकि अलग-अलग राज्यों में सुरक्षा के अलग-अलग आयाम होंगे। तुषार मेहता ने आगे कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अदालतों और न्यायाधीशों की सुरक्षा को लेकर व्यापक दिशानिर्देश जारी किये हैं।

स्वतंत्र जांच कराने की मांग, याचिकाओं पर नोटिस

अकांशु उपाध्याय                
नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने कथित पेगासस जासूसी मामले की स्वतंत्र जांच कराने की मांग से संबंधित याचिकाओं पर मंगलावर को केंद्र सरकार को नोटिस जारी किया और यह स्पष्ट किया कि वह नहीं चाहता कि सरकार ऐसी किसी बात का खुलासा करे जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता हो।
प्रधान न्यायाधीश एन वी रमण, न्यायमूर्ति सूर्य कांत और न्यायमूर्ति अनिरुद्ध बोस की तीन सदस्यीय पीठ ने याचिकाओं पर केंद्र से जवाब मांगते हुए कहा कि वह 10 दिन बाद इस मामले को सुनेगी और देखेगी कि इसमें क्या प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए। पीठ ने सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता से कहा कि शीर्ष अदालत नहीं चाहती कि सरकार किसी ऐसी चीज का खुलासा करे जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा हो सकता हो।
शीर्ष अदालत ने यह टिप्पणी मेहता की उस दलील के बाद की जिसमें उन्होंने कहा था कि हलफनामे में सूचना की जानकारी देने से राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा जुड़ा है। याचिकाकर्ताओं ने हलफनामे में जानकारी दिए जाने की मांग की थी। न्यायालय ‘एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया’ की याचिका सहित विभिन्न याचिकाओं पर सुनवाई कर रही है। 
इनमें वरिष्ठ पत्रकार एन. राम और अरुण शौरी तथा गैर सरकारी संगठन कॉमन काज भी शामिल है।
याचिकाओं में सारे मामले की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की गई है। ये याचिकाएं इजराइली कंपनी एनएसओ के जासूसी सॉफ्टवेयर पेगासस का इस्तेमाल सरकारी एजेंसियों द्वारा कथित तौर पर प्रमुख नागरिकों, राजनेताओं और पत्रकारों की जासूसी से संबंधित है। एक अंतरराष्ट्रीय मीडिया संघ ने बताया है कि 300 से अधिक सत्यापित भारतीय मोबाइल फोन नंबर पेगासस स्पाइवेयर का उपयोग करके निगरानी के लिए संभावित लक्ष्यों की सूची में थे। 

देश के कई राज्यों में लॉकडाउन जैसी स्थिति जारी

अकांशु उपाध्याय       
नई दिल्ली। देश भर में कोरोना संक्रमण की रफ्तार अब धीमी पड़ने लगी है। इसके बावजूद अभी देश के कई राज्यों में पूर्ण लाकडाउन तो कई में ढील के साथ आंशिक लॉकडाउन जैसी स्थिति जारी है। महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में अभी रविवार को पूर्ण लाकडाउन जारी है। दोनों राज्यों में कुछ प्रतिबंधों में ढील दी गई है और माल, रेस्तरां, जिम, सैलून और स्पा को फिर से खोलने की अनुमति मिल गई है।
देश के आठ राज्यों में अभी भी लॉकडाउन जैसी सख्त पाबंदियां जारी हैं। ये राज्य हैं पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी। 
शेष 23 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन जारी हैं। 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कोरोना मामलों में कमी को देखते हुए आंशिक लॉकडाउन लागू है। ये हैं- कर्नाटक, केरल, छत्तीसगढ़, दिल्ली, महाराष्ट्र, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, पंजाब, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, नगालैंड, सिक्किम, असम, मणिपुर, आंध्र प्रदेश, त्रिपुरा और गुजरात। महाराष्ट्र में कोरोना के मामलों में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। राज्य में धीरे-धीरे प्रतिबंधों को हटाया जा रहा है।

120 भारतीयों को लेकर सी-17 विमान की उड़ान

काबुल। वायुसेना के सी-17 विमान ने काबुल हवाई अड्डे से मंगलवार को सुबह 120 भारतीय अधिकारियों को लेकर उड़ान भरी है। ये सभी लोग अफगानिस्तान में भारतीय दूतावास के अधिकारी हैं। इसके अलावा उनके कर्मचारी भी इनमें शामिल हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन सभी लोगों को कल रात की काबुल एयरपोर्ट के सुरक्षित परिसर में ले आया गया था। रात काबुल एयरपोर्ट पर गुजारने के बाद ये सभी लोग वायुसेना के विमान में वतन वापसी के लिए सवार हुए। तालिबान का राज आते ही अफगानिस्तान में भगदड़ की स्थिति है। दुनिया भर के लोग अपने देशों को लौटना चाहते हैं।
बता दें कि विदेश मंत्रालय ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में मौजूदा स्थिति को देखते हुए भारतीय राजदूत और उनके कर्मचारी को तुरंत भारत आने का आदेश दिया था।
अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जे बाद यहां भारी अफरातफरी का माहौल है। लोग देश छोड़ने की पुरजोर कोशिशों में हैं और हवाई अड्डे पर बेतहाशा भीड़ है। तालिबान के दावों और आश्वासन के बावजूद लोगों में खौफ है और इसी कारण वे देश छोड़ना चाहते हैं।

मेजबानी करने के लिए स्टार अमिताभ उत्साहित हैं

कविता गर्ग              
मुंबई। केबीसी के 13वें सीजनकी मेजबानी करने के लिए बॉलीवुड के स्टार अमिताभ बच्चन उत्साहित हैं।जल्दी ही ‘कौन बनेगा करोड़पति 13’ का आगाज हो जाएगा। सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर प्रोमो शेयर कर दिया है। अमिताभ बच्चन की लोकप्रियता की वजह सिर्फ उनकी फिल्में ही नहीं हैं। इसमें उनके टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ का भी बहुत बड़ा योगदान है। शो का नया सीजन 23 अगस्त से सोनी टीवी पर टेलीकास्ट शुरू हो रहा है।

केबीसी वीक में पांच दिन यानी सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे प्रसारित होगा।शो का नया प्रोमो सामने आ गया है, जो लोगों को बहुत पसंद आ रहा है। प्रोमो का जो पार्ट शेयर किया है, वह शो का तीसरा पार्ट है। इस शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा गया है कि पार्ट एक और दो पर जबरदस्त प्रतिक्रिया के लिए धन्यवाद। अब हम आपके लिए तीसरा पार्ट का फाइन सीरीज शेयर कर रहे हैं! 23 अगस्त, रात 9 बजे से केवल सोनी।कौन बनेगा करोड़पति ने अपनी यात्रा के 21 साल पूरे कर रहा है। यह शो पहली बार 2000 में स्टार प्लस पर शुरू हुआ था। केबीसी के प्रमोशन के लिए विशेषतौर पर बनाई गई ‘सम्मान’ की शूटिंग मध्‍यप्रदेश में की गई है। इस फिल्‍म में एक्टर ओमकार दास मानिकपुरी प्रमुख भूमिका में हैं। शो मेकर्स ने केबीसी को हर आम इंसान की जिंदगी से करीब लाने के लिए ये प्रोमो तैयार किया है। इस‍ फिल्‍म की खासियत है कि इसमें लोकल टैलेंटेड लोगों को एक्टिंग का मौका दिया गया है।

26 अगस्त को फिर लगाएं जाएंगे वैक्सीनेशन शिविर

मनोज सिंह ठाकुर                
भोपाल। मध्यप्रदेश में कोरोना के खिलाफ लड़ाई जारी है। वैक्सीनेशन की रफ्तार बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी बीच सोमवार को चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने ऐलान किया कि प्रदेश में 25 और 26 अगस्त को फिर से वैक्सीनेशन शिविर लगाए जाएंगे। दो दिन महा अभियान चलाया जाएगा।
विश्वास सारंग ने कहा कि सरकार कोरोना के मामलों पर नजर रखे हुए है। रोज करीब 75 हजार सैंपल लिए जा रहे हैं। अब 30 लोगों की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग बढ़ा रहे हैं। लोगों से कहना चाहता हूं कि कोरोना प्रोटोकॉल का ध्यान रखें, ताकि खुद और दूसरों को इससे बचाया जा सके। सारंग ने कहा कि संक्रमण रोकने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काम किया है। उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था को सुचारू किया। आर्थिक स्थिति को फिर से प्लानिंग कर सुदृढ़ किया। तीसरी लहर से बचाव की तैयारियां चल रहीं हैं। कोई कमी नहीं है।
करीब 3 करोड़ 80 लाख को वैक्सीन
प्रदेश में अब तक 3 करोड़ 78 लाख 3 हजार लोगों को कुल डोज लगे हैं। इसमें पहला डोज 3 करोड़ 17 लाख 3 हजार 875 और दूसरा डोज 60 लाख 99 हजार 323 लोग लगवा चुके हैं। इसमें 18 से 44 उम्र के 2 करोड़ 8 लाख 72 हजार 881, 45 से 60 उम्र के 1 करोड़ 4 लाख 21 हजार 742 और 60 वर्ष से अधिक उम्र के 65 लाख 8 लाख 575 लोगों ने वैक्सीन लगवाई है।
भोपाल में 190 सेंटर पर 34 हजार को टीका
भोपाल जिला टीकाकरण अधिकारी उपेन्द्र दुबे ने बताया, सोमवार को 190 सेंटर पर 34 हजार डोज लगाए जा रहे हैं। इसमें कोवैक्सिन 12 हजार और कोवीशील्ड 22 हजार के आसपास डोज हैं। शहरी इलाकों में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन वालों को प्राथमिकता होगी। इसके बाद वैक्सीन बचने पर ऑनसाइट रजिस्ट्रेशन कर टीका लगाया जाएगा। इस बार वैक्सीनेशन के लिए गांव पर फोकस होगा। इसके लिए गांवों में ज्यादा सेंटर बनाए जा रहे हैं।

लोगों के लिए 'पेयजल आपूर्ति' सुनिश्चित की जाएं

लोगों के लिए 'पेयजल आपूर्ति' सुनिश्चित की जाएं  इकबाल अंसारी  चेन्नई। तमिलनाडु में गर्मी दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। इसे देखते हुए मु...