सोमवार, 12 अक्तूबर 2020

देश में कोरोना संक्रमित 71 लाख पार

देश में कोरोना का आंकड़ा 71 लाख के पार, पिछले 24 घंटों में 77,559 कोरोना मरीज मिले।


अकांशु उपाध्याय


नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमण के मामले 71 लाख से अधिक हो चुके हैं। हालांकि नये मामलों की तुलना में स्वस्थ होने वालों की संख्या प्रतिदिन बढ़ रही है और अब तक 61 लाख से ज्यादा लोग कोरोनामुक्त हो चुके हैं। केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से सोमवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में 77,559 कोरोना संक्रमितों के स्वास्थ्य में सुधार हुआ, जिन्हें विभिन्न अस्पतालों से छुट्टी दे दी गयी। देश में अब तक 61,49,535 मरीजों ने कोरोना को मात दी है। इसी अवधि में 66,732 लोगों के कोरोना से संक्रमित होने की पुष्टि होने के बाद संक्रमण का आंकड़ा 71,20,538 हो गया।
पिछले 24 घंटों के दौरान 816 संक्रमित अपनी जान गंवा बैठे और इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 1,09,150 हो गयी है। कोरोना संक्रमण के नये मामलों में कमी आने के कारण सक्रिय मामले 5643 घटकर 8,61,853 हो गये। देश में अभी सक्रिय मामलों का प्रतिशत 12.10 और रोगमुक्त होने वालों की दर 86.36 प्रतिशत है जबकि मृत्यु दर 1.53 फीसदी रह गयी है। कोरोना महामारी से सबसे अधिक प्रभावित महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान सक्रिय मामले 22बढ़कर 2,21,637 रह गये हैं जबकि 309 लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या 40,349 हो गयी है।
इस दौरान 10,461 लोग संक्रमणमुक्त हुए जिससे स्वस्थ हुए लोगों की संख्या बढ़कर 12,66,240 हो गयी। दक्षिणी राज्य कर्नाटक में पिछले 24 घंटों के दौरान मरीजों की संख्या में 659 की कमी आयी और अब 1,20,289 सक्रिय मामले हैं। राज्य में मरने वालों का आंकड़ा 9966 पर पहुंच गया है तथा अब तक 5,80,054 लोग स्वस्थ हुए हैं। आंध्र प्रदेश में इस दौरान मरीजों की संख्या 329 कम होने से सक्रिय मामले 46,295 रह गये। राज्य में अब तक 6224 लोगों की मौत हुई है। वहीं कुल 7,03,208 लोग संक्रमणमुक्त हुए हैं।
आबादी के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में इस दौरान 191 मरीज कम हुए हैं जिससे सक्रिय मामले 40,019 हो गये हैं तथा इस महामारी से 6394 लोगों की मौत हुई है जबकि 3,90,566 मरीज ठीक हुए हैं।
तमिलनाडु में सक्रिय मामलों की संख्या 44,095 हो गयी है तथा 10,252 लोगाें की मौत हुई है। वहीं राज्य में अब तक 6,02,038 लोग संक्रमणमुक्त हुए हैं।
केरल में सक्रिय मामले 96,401 हो गये तथा 1003 लोगों की मौत हुई है जबकि स्वस्थ हुए लोगों की संख्या बढ़कर 1,91,798 हो गयी है। ओडिशा में सक्रिय मामले 23,602 हो गये हैं और 1022 लोगों की मौत हुई है जबकि रोगमुक्त लोगों की संख्या 2,27,615 हो गयी है।
राजधानी दिल्ली में इस दौरान सक्रिय मामले 306 कम होने से यह संख्या 21,701 हो गयी है। वहीं संक्रमण के कारण मरने वालों की संख्या 5769 हो गयी है तथा अब तक 2,81,869 मरीज रोगमुक्त हुए हैं। तेलंगाना में कोरोना के 24,514 सक्रिय मामले हैं और 1228 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 1,87,342 लोग इस महामारी से ठीक हुए है। पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस के 30,236 सक्रिय मामले हैं तथा 5622 लोगों की मौत हुई है, वहीं अब तक 2,58,948 लोग स्वस्थ हुए हैं।
पंजाब में सक्रिय मामलों की संख्या 9275 हो गयी है तथा संक्रमण से निजात पाने वालों की संख्या बढ़कर 1,10,865 गयी है जबकि अब तक 3833 लोगों की मौत हो चुकी है। मध्य प्रदेश में सक्रिय मामलों की संख्या 15,177 है तथा 1,29,019 मरीज स्वस्थ हुए हैं जबकि 2624 लोगों की इस बीमारी से मौत हो चुकी है। गुजरात में सक्रिय मामले 15,695 हैं तथा 3566 लोगों की मौत हुई है और 1,32,173 लोग इस बीमारी से स्वस्थ भी हुए हैं। बिहार में सक्रिय मामले 11,044 हो गये हैं। राज्य में 946 लोगों की मौत हुई है जबकि 1,84,541 लोग संक्रमणमुक्त भी हुए हैं।
कोरोना महामारी से अब तक राजस्थान में 1650, हरियाणा में 1579, जम्मू-कश्मीर में 1322, छत्तीसगढ़ में 1253, असम में 816, झारखंड में 787, उत्तराखंड में 747, पुड्डुचेरी में 563, गोवा में 507, त्रिपुरा में 316, हिमाचल प्रदेश में 250, चंडीगढ़ में 191, मणिपुर में 91, लद्दाख में 64, मेघालय में 63, अंडमान निकोबार द्वीप समूह में 55, सिक्किम में 55, अरुणाचल प्रदेश में 24, नागालैंड में 17 तथा दादर-नागर हवेली एवं दमन-दीव में दो लोगों की मौत हुई है।


मिशन के तहत सीमा विवाद पैदा किया गया

चीन एक मिशन के तहत पैदा कर रहा है सीमा विवाद: 'राजनाथ'


अकांशु उपाध्याय


नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज कहा कि पाकिस्तान के बाद अब चीन भी सीमा पर एक मिशन के तहत विवाद पैदा कर रहा है लेकिन देश इस संकट का दृढ़ता के साथ सामना कर रहा है। राजनाथ सिंह ने सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) द्वारा सात राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में बनाये गये 44 पुलों का वीडियों कांफ्रेन्स के माध्यम से सोमवार को उद्घाटन किया और अरुणांचल प्रदेश में नेचिफू सुरंग के काम का शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि देश हर क्षेत्र में कोविड 19 के कारण उपजी अनेक समस्याओं का सामना कर रहा है। वह चाहे कृषि हो या अर्थव्यवस्था, उद्योग हों या सुरक्षा व्यवस्था। सभी इससे गहरे प्रभावित हुए हैं। इस विकट समय में पाकिस्तान के बाद चीन द्वारा सीमा पर एक मिशन के तहत विवाद पैदा किया जा रहा है। उन्होंने कहा , “हमारी उत्तरी और पूर्वी सीमा पर पैदा की गयी स्थितियों से आप भली-भांति अवगत हैं। पहले पाकिस्तान और अब चीन के द्वारा मानो एक मिशन के तहत सीमा पर विवाद पैदा किया जा रहा है। इन देशों के साथ हमारी लगभग 7 हजार किलोमीटर की सीमा मिलती है, जहाँ आए दिन तनाव बना रहता है।” उन्होंने कहा कि समस्याओं के बावजूद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल, और दूरदर्शी नेतृत्व में यह देश, न केवल इन संकटों का दृढ़ता से सामना कर रहा है, बल्कि सभी क्षेत्रों में बड़े और ऐतिहासिक बदलाव भी ला रहा है।                     


सुनवाई के लिए लखनऊ पहुंचा पीड़ित परिवार

हाथरस मामले में सुनवाई के लिए लखनऊ पहुंचा पीड़िता का परिवार।


लखनऊ। हाथरस केस में आज इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच में सुनवाई होनी है। इसके लिए हाथरस पीड़िता का परिवार लखनऊ पहुंच गया है। पीड़िता के माता-पिता, दो भाई और एक भाभी को उत्तराखंड भवन में ठहराया गया है। पीड़ित परिवार की सुरक्षा में बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात की गई है। उत्तराखंड भवन जाने वाले सभी रास्तों को फिलहाल बंद कर दिया गया है। कड़ी सुरक्षा के बीच सोमवार सुबह हाथरस पीड़िता के परिजन राजधानी लखनऊ के लिए रवाना हुए थे। हाथरस डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार, एसडीएम अंजलि गंगवार और एसपी भी उनके साथ लखनऊ पहुंचे हैं।
हाथरस मामले की सुनवाई दोपहर 2.15 बजे शुरू होगी। इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच के जज न्यायमूर्ति राजन रॉय और न्यायमूर्ति जसप्रीत सिंह ने हाथरस मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को कोर्ट में पेश होने का नोटिस जारी किया था। सुनवाई के दौरान यूपी सरकार की ओर से अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी, डीजीपी हितेश चंद्र अवस्थी, एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार, हाथरस के डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार और एसपी हाथरस कोर्ट में मौजूद रहेंगे। विनोद शाही यूपी सरकार का पक्ष रखेंगे। पीड़ित पक्ष की ओर से परिवार के पांच सदस्य कोर्ट रूम में मौजूद रहेंगे।             


मायावती ने सरकार पर कसा तंज, खतरा

मायावती का सरकार पर तंज, कहा- संत की सरकार में संतों पर खतरा।


लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने उत्तर प्रदेश के गोंडा में एक मंदिर के पुजारी पर जानलेवा हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने प्रदेश सरकार से साधु-संतों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। मायावती ने सोमवार सुबह ट्वीट के माध्यम से प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि राजस्थान की तरह यूपी के गोण्डा जिले में मन्दिर के पुजारी पर भू-माफियाओं द्वारा मन्दिर की जमीन पर कब्जा करने के इरादे से किया गया जानलेवा हमला अति-शर्मनाक अर्थात संत की सरकार में अब संत भी सुरक्षित नहीं। इससे खराब कानून-व्यवस्था की स्थिति और क्या हो सकती है। उन्होंने आगे लिखा कि यूपी की सरकार इस मामले में सभी पहलुओं का गम्भीरता से संज्ञान लेकर दोषियों के विरूद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करे तथा इस घटना से जुड़े सभी भू-माफियाओं की सम्पत्ति भी जरूर जब्त की जाये। साथ ही, साधु-सन्तों की सुरक्षा भी बढ़ाई जाये।
ज्ञात हो कि उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के इटियाथोक कोतवाली के मंदिर के पुजारी सम्राट दास को शनिवार करीब दो बजे गोली मार दी गई। गोली उनके बाएं कंधे पर लगकर निकल गई। गनीमत रही, गोली पुजारी के कंधे को छू कर निकल गई। मंदिर की जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। 150 बीघा जमीन का पूरा मामला है।              


चुनौती देने वाली याचिकाओं पर दिया नोटिस

कृषि कानूनों को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर केंद्र को नोटिस।


अकांशु उपाध्याय


नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने हाल ही में संसद में पारित तीन कृषि कानूनों को चुनौती देने वाली रिट याचिकाओं पर केंद्र सरकार को सोमवार को नोटिस जारी किया। मुख्य न्यायाधीश एस ए बोबडे की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने तीन रिट याचिकाओं की संयुक्त सुनवाई करते हुए केंद्र सरकार को नोटिस जारी किया। न्यायालय ने जवाब के लिए केंद्र को छह सप्ताह का समय दिया है। याचिका दायर करने वालों में द्रविड़ मुनेत्र कषगम सांसद तिरुचि शिवा, वकील मनोहर लाल शर्मा और छत्तीसगढ़ किसान कांग्रेस के पदाधिकारी (राकेश वैष्णव एवं अन्य) शामिल हैं।                 


सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में 2 आतंकी ढेर

श्रीनगर: सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में दो आंतकवादी ढेर


श्रीनगर। जम्मू और कश्मीर के श्रीनगर जिले के रामबाग में सोमवार को सुरक्षाबलों और आंतकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो आतंकवादी मारे गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ तब शुरू हुई जब सेना ने इलाके की घेराबंदी की और तलाशी अभियान शुरू किया। जैसे ही सुरक्षा बल उस स्थान पर पहुंचे, जहां आतंकवादी छिपे हुए थे, आतंकवादियों ने अंधाधुंध गोलीबारी करनी शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।
पुलिस ने कहा, “मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए हैं, तलाशी जारी है।” इससे पहले, इंस्पेक्टर जनरल विजय कुमार ने कहा कि लश्कर का शीर्ष आतंकवादी सैफ-उल-लाह उन दो आतंकवादियों में से था, जो फंस गए थे।
उन्होंने कहा, “वह पाकिस्तानी आतंकवादी है, लश्कर से जुड़े इस आतकंवादी का नाम सैफ-उल-लाह है, जिसने 24 सितंबर को चाडूरा में एक हमले को अंजाम दिया था, जिसमें एक सहायक उप निरीक्षक शहीद हो गए थे और अगस्त में एक आतंकी हमले में भी शामिल था, जिसमें सीआरपीएफ के दो जवान शहीद हो गए थे और तीन अन्य घायल हो गए थे।”               


जबरन वसूली के विरोध में नहीं चले ई-रिक्शे

शाहजहांपुर: वाहन स्टैंड पर जबरन वसूली के विरोध में नहीं चले ई-रिक्शे।


शाहजहांपुर। शाहजहांपुर में सोमवार को ई-रिक्शे नहीं चले। लगभग दो हफ्तों से वाहन स्टैंड पर अवैध और जबरन वसूली का विरोध कर रहे चालकों ने ई-रिक्शे खिरनी बाग रामलीला मैदान में खड़े कर दिए और धरना-प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में जुटे चालक शहर का चक्का जाम करने की तैयारी में हैं। सोमवार को जिलाध्यक्ष महफूज़ अली खां के नेतृत्व में तमाम रिक्शा चालक खिरनीबाग रामलीला मैदान पर एकत्र हुए। यहां से जो अन्य ई-रिक्शा गुजर रहे थे, उन्हें भी जबरन या प्यार-मनुहार से रोक लिया। नतीजतन सैकड़ों ई-रिक्शे मैदान में जमा हो गए। सभी चालकों ने मिलकर जमकर धरना-प्रदर्शन किया। ई-रिक्शा चालक नगर निगम पहुंचे जहां पर नगर आयुक्त संतोष शर्मा, एडीएम और एसपी सिटी के साथ मीटिंग हुई। कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद वापस धरनास्थल पर लौट आए। जिलाध्यक्ष महफूज अली खां ने बताया कि जब तक स्टैंड पर होने वाली जबरन वसूली बंद नहीं कराई जाती, रिक्शा चालक आंदोलन चलाते रहेंगे। 14 दिन से अनशन पर बैठे हैं, लेकिन अधिकारी सुनने को तैयार नहीं हो रहे। अधिकारी नहीं मानेंगे तो चक्का जाम करना ही विकल्प होगा।               


सीएम ने जनसभा कर, मतदाताओं से संवाद किया

सीएम ने जनसभा कर, मतदाताओं से संवाद किया  संदीप मिश्र  बरेली। बरेली के आंवला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सुभाष इंटर कॉलेज ग्...