हिमाचल लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
हिमाचल लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 11 जनवरी 2021

कृषि, बागवानी व पशुपालन पर 221 लाख खर्च

कृषि, बागबानी, पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए (आतमा) द्वारा खर्च किये जा रहे 221 लाख: एडीसी

दीपक शर्मा 

धर्मशाला। कृषि, बागबानी व पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण(आतमा) द्वारा वर्तमान वित वर्ष में विभिन्न गतिविधियों के लिए 221 लाख रुपये खर्च किये जाएंगे, जिसमें से 188 लाख रुपये खर्च किये जा चुके हैं। यह जानकारी एडीसी राहुल कुमार ने आज सोमवार डीआरडीए के सभागार में कृषि प्रौद्योगिकी प्रबन्ध अभिकरण(आतमा) की गवर्निग बोर्ड की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। एडीसी ने कहा कि कृषि व सम्बद्ध विभागों के अधिकारी बेहतर तालमेल बनाकर आतमा स्कीम एवं सरकार द्वारा कृषकों के हित में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का सुचारू रूप से क्रियान्वयन करें।इस दौरान एडीसी द्वारा ब्लॉक स्तर के 46सर्वश्रेष्ठ किसान पुरस्कारों को मंजूरी दी गई। जिसमें कृषि विभाग के 16 किसान, पशु पालन विभाग के 15 किसान तथा बागवानी विभाग के 15 किसानों के लिए 4.60 लाख रुपये की राशि अनुमोदित कि गई। इसके अतिरिक्त स्वयं सहायता समूह के 2 ग्रुपों को40 हजार रुपये की राशि अनुमादित की गई।

एडीसी ने बताया कि वर्तमान वित वर्ष में कांगड़ा जिला में 12000 किसानों को प्राकृतिक खेती के दायरे में लाया जाना था उसके एवज में 9952 किसान प्राकृतिक खेती के दायरे में लाये गये हैं। उन्होंने कहा कि किसानों का प्राकृतिक खेती की और रूझान बढ़ा है। उन्होंने बताया कि जिला कांगड़ा में वर्ष 2018 से अभी तक 24089 किसान प्राकृतिक खेती कर रहे हैं।एडीसी ने बताया कि वर्तमान वित्त वर्ष में किसानों के लिए दो दिवसीय 345 प्रशिक्षण आयोजित किये गये जिसमें 7506 किसानों को प्रशिक्षण देकर सुभाष पालेकर प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया है। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती के अन्तर्गत 736 पंचायतों में यह प्रशिक्षण दे दिया गया है। प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन देने के लिए 47 देसी गाय पर 25 हजार रुपये प्रति गाय अनुदान दिया गया है। गौशाला के फर्श को पक्का करने के लिए 247 किसानों को लाभान्वित किया गया है। इसके अतिरिक्त प्राकृतिक खेती के अन्तर्गत घटक बनाने के लिए 3385 प्लास्टिक ड्रम पर 75 प्रतिशत अनुदान के हिसाब से 3385 किसानों को लाभान्वित किया गया है। संसाधन भंडार बनाने के लिए 10000 अनुदान प्रति किसान के हिसाब से 89 किसानों को लाभान्वित किया गया है।
इस दौरान पशु पालन विभाग के सहायक निदेशक डॉ. संदीप मिश्रा ने कडकनाथ पोल्ट्री ब्रीड को बढ़ावा दने के लिए तथा डॉ. संजय शर्मा, इन्चार्ज कृषि विज्ञान केन्द्र कांगड़ा द्वारा खडरपतवार को नियन्त्रण करने के लिए ब्रीफ प्रेजेंटेशन दी गई। इस अवसर पर बैठक में मौजूद अधिकारियों ने अपने बहुमूल्य सुझाव दिये।
निदेशक आतमा डॉ.डीके अवस्थी ने बैठक का संचालन किया तथा विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी  दी।
इस अवसर पर उप परियोजना निदेशक आतमा डॉ.अमित शर्मा, डॉ.अरूण ब्यास, जिला कृषि अधिकारी डॉ. कुलदीप धीमान, नाबार्ड डॉ. अरूण खन्ना, डां.संदीप कुमार, डॉ. सरिता शर्मा, डॉ.अजय सिंह, डॉ.चंदन,  डॉ. अनिल शर्मा, रोहित संग्राय  सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

विंटर: हिमाचल सैलानियों का पसंदीदा स्थल बना

श्रीराम मौर्य  

शिमला। हिमाचल विंटर सीजन के दौरान सैलानियों के भ्रमण का पसंदीदा स्थल बनता जा रहा है। राज्य में संडे को बाजार खोलने के निर्णय, चार जिलों में नाइट कर्फ्यू खत्म करने सहित बाहरी राज्यों के लिए वोल्वों बस सेवा आरंभ करने के बाद पर्यटकों की आमद में इजाफा रिकॉर्ड किया गया है। 

राज्य सरकार के इस निर्णय के बाद प्रदेश में सैलानियों की आमद में 25 से 30 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्रदेश के पर्यटक स्थलों पर क्रिसमस व नववर्ष के दौरान काफी संख्या में सैलानी पहुंचे थे। वीकेंड पर भी सैरगाहों में काफी तादाद में सैलानी यहां पहुंच रहे थे, लेकिन शिमला, कुल्लू, मंडी व कांगड़ा में नाइट कर्फ्यू और वोल्वों बस सेवा बंद होने से वीकेंड को छोड़कर सप्ताह के शेष दिनों के दौरान कम ही संख्या में सैलानी पहुंच रहे थे, मगर अब नाइट कर्फ्यू खत्मा होने और वोल्वों बस सेवा बहाल करने के बाद सैलानियों की आमद में बढ़ोतरी आई है। होटल एवं रेस्तरां एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सूद ने कहा कि इन निर्णयों के बाद सैलानियों की आमद में बढ़ोतरी हुई है।

सैलानियों की आमद में 25 से 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। शिमला, धर्मशाला, डलहौजी, मनाली और कुल्लू में काफी तादाद में सैलानी पहुंच रहे हैं। ऐसे में प्रदेश के पर्यटक स्थल पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बन गए हैं।वीकेंड पर प्रदेश के अधिकतर पर्यटक स्थलों पर होटल सैलानियों से जैम पैक रहे। प्रदेश में शुक्रवार व शनिवार को होटलों में 60 से 80 प्रतिशत तक ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई है, जबकि रविवार को भी प्रदेश के होटलों में ऑक्यूपेंसी दर 50 से 60 फीसदी रिकॉर्ड की गई है। अब पर्यटन कारोबारी मौसम में करवट आने के इंतजार में हैं।

ऊना में सर्वाधिक व मंडी में सबसे कम मतदान

ऊना जिला में सबसे ज्यादा 73.40, मंडी में सबसे कम 55.80 फीसदी मतदान

श्रीराम मौर्य 

शिमला। हिमाचल प्रदेश के शहरी चुनावों में रविवार को 70 फीसदी मतदान हुआ। शहरों में रहने वाले लोगों ने कोरोना काल के बावजूद मतदान के प्रति खूब रूझान दिखाया। हालांकि इसमें अनुकूल मौसम का भी खास योगदान रहा। शांतिपूर्ण तरीके से प्रदेश के शहरी निकायों में मतदान का क्रम पूरा हुआ, जिसमें कोरोना संक्रमित लोगों ने भी मताधिकार का प्रयोग किया।

सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक चली वोटिंग के बीच 70 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। कुल तीन लाख 10 हजार 730 मतदाता शहरी क्षेत्रों में दर्ज किए गए थे, जिनमें से दो लाख 35 हजार 85 लोगों ने मतदान किया है। ऊना जिला में सबसे ज्यादा 73.40 फीसदी मतदान हुआ, जबकि मंडी जिला में सबसे कम 55.80 फीसदी मतदान हुआ। इसके अलावा बिलासपुर जिला में 70.20 फीसदी, चंबा जिला में 69.60 फीसदी, हमीरपुर जिला में 69.80 फीसदी, कांगड़ा जिला में 69.50 फीसदी,  कुल्लू जिला में 64.40 फीसदी, मंडी जिला में 55.80 फीसदी। 

शिमला जिला में 62.40 प्रतिशत, सिरमौर जिला में 67.40 फीसदी तथा सोलन जिला में 56.60 फीसदी फीसदी मतदान रिकार्ड किया गया। प्रदेश की 50 कमेटियों में कुल 401 वार्डों पर वोट पड़े। सभी जगहों पर शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव होने की सूचना है। कांगड़ा जिला के जवाली में बिजली गुल हो जाने से मोमबत्ती की रोशनी में मतदान हुआ, वहीं कई जगहों पर थर्मल स्कैनिंग मशीनें सही तरह से काम नहीं कर पाईं। कोरोना काल में यह चुनाव चुनौतीपूर्ण था। तय समय पर चुनाव से जुड़ी सभी सूचनाएं प्राप्त नहीं हो पा रही थीं। 

वहीं, दोपहर में  ऐप में भी कुछ डिस्टर्बेंस बताई जा रही थी। चुनावी नतीजों को लेकर लोगों का कौतुहल बरकरार रहा, क्योंकि चुनाव के नतीजे आने में देरी हुई। चुनावी नतीजे शाम छह बजे के बाद सामने आने लगे। सरकार ने कोविड के चलते जीत का जश्न मनाने से इनकार किया था, मगर ऐसा नहीं हो सका और नतीजे आने के बाद ढोल- धमाके होने शुरू हो गए। समर्थकों ने खूब नाच गाना किया, जिससे कहीं पर नियम भी टूटते दिखे। हालांकि पुलिस का पुख्ता प्रबंध पूरे प्रदेश में दिखाई दिया।

रविवार, 10 जनवरी 2021

हिमाचल में 50 नगर निकाय के लिए मतदान

श्रीराम मौर्य 
शिमला। हिमाचल प्रदेश में 50 शहरी निकायों के चुनावों के लिए मतदान शुरू हो गया है। वोट डालने की प्रक्रिया सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक चलेगी। सभी निकायों में ईवीएम के जरिए मतदान हो रहा है।कोरोना के बीच हो रहे मतदान के लिए कोविड नियमों का पालन हो रहा है। हर बूथ पर सैनिटाइजर की व्यवस्था भी की गई है। मतदान से पहले व बाद में हाथ सैनिटाइज करना जरूरी है। सामान्य मतदाताओं की वोटिंग समाप्ति के बाद संक्रमित मतदाताओ द्वारा वोटिंग शुरू की जाएगी। वहीं, कोविड मरीज शाम 4 बजे से बूथ पर जाकर मतदान कर सकेंगे। कोविड-19 पॉजिटिव रोगियों द्वारा सभी नियमों एवं प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मतदान किया जाएगा।निकाय चुनाव में दो लाख 81 हजार 536 मतदाता 1196 प्रत्याशियों की जीत-हार का फैसला करने वाले हैं। इनमें 1 लाख 44 हजार 636 पुरुष और एक लाख 36 हजार 900 महिलाएं शामिल हैं। हिमाचल की 61 नगर परिषद और नगर पंचायत में से आज 50 में चुनावी प्रक्रिया पूरी हो रही है। 11 शहरी निकाय के चुनाव बाद में होंगे। मतों की गिनती मतदान समाप्त होने के बाद की जाएगी। सभी शहरी निकाय जिनमें चुनाव हुए हैं का देर रात तक रिजल्ट आने की संभावना है। बता दें कि पचास शहरी निकाय में 416 सदस्य चुने जाने हैं। इनमें से नारकंडा में चार और गगरेट में एक निर्विरोध चुन लिए गए हैं। ऐसे में अब 411 पदों के लिए मतदान हो रहा है। 
मतदान प्रक्रिया के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने 456 मतदान केंद्र बनाए हैं और तीन हजार के करीब कर्मचारी व सुरक्षा कर्मी तैनात किए हैं। प्रत्येक बूथ पर तीन पोलिंग ऑफिसर एक प्रजाइडिंग ऑफिसर, स्वास्थ्य कर्मी और सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए हैं।सामान्य मतदान चार बजे तक होगा कोरोना संक्रमण न फैले इसके लिए चार बजे के बाद कोरोना पॉजिटिव मतदान कर सकेंगे। इस संबंध में संबंधित केंद्रों के अधीन पॉजिटिव मरीजों को जानकारी देने के लिए कहा गया है। हालांकि बिना जानकारी दिए भी वे मतदान कर सकेंगे। इस दौरान स्वास्थ्य कार्यकर्ता पीपीई किट में मौजूद होंगे। ऐसे मतदाताओं को ग्लब्ज दिए जाएंगे। मतदान करने वाले कोरोना मरीजों की अंगुली पर स्याही नहीं लगाई जाएगी। वह ग्लब्ज पहनकर ही प्रवेश कर सकेंगे और लकड़ी के चम्मच से मतदान कर करेंगे।

शुक्रवार, 8 जनवरी 2021

महिला को लेकर जवान घुटनों तक बर्फ में 2 किमी चले

श्रीनगर/ शिमला। कश्मीर और हिमाचल में बर्फबारी से स्थानीय लोगों को कई दिक्कतें हो रही हैं। दोनों राज्यों के कई जिलों में तेज हवा चलने और बर्फ गिरने से बिजली तक ठप हो गई है। इस माहौल में जम्मू-कश्मीर के आतंक प्रभावित जिले में एक अच्छी खबर सामने आई है। यहां एक गर्भवती महिला की डिलीवरी होनी थी और बर्फ की वजह से सभी रास्ते बंद थे। आसपास कोई डॉक्टर या हॉस्पिटल का इंतजाम भी नहीं था। ऐसे में सेना के जवान मददगार बनकर पहुंचे। उन्होंने महिला को खाट पर लिटाया और घुटनों तक बर्फ में दो किलोमीटर पैदल चलकर उसे मेन रोड तक ले गए। यहां से महिला को अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उसने बेटे को जन्म दिया। यह घटना पांच जनवरी की है।

बर्फबारी से जिंदगी थमी, सैकड़ों पर्यटक फंसे
दस इंच बर्फबारी के बाद कश्मीर घाटी में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। 3 जनवरी से श्रीनगर से जाने वाली सभी फ्लाइट रद्द हैं। 300 किमी लंबे जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक बंद है। जाम में 6000 लोडेड ट्रक और यात्री वाहन फंसे हुए हैं। हजारों पर्यटक पहलगाम, गुलमर्ग, श्रीनगर में फंसे हुए हैं। बर्फबारी के बाद उत्तरी-दक्षिणी जिलों में पावर लाइन के ब्रेकडाउन से बिजली सप्लाई ठप हो गई है।

सोमवार, 4 जनवरी 2021

छात्रा को शादी का झांसा देकर बुलाया हिमाचल

जोगिंद्रनगर। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के पुलिस थाना जोगिंद्रनगर में पंजाब की युवती से दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ है। आरोप है कि जिला कांगड़ा से सबंध रखने वाले एक युवक ने जोगिंद्रनगर के एक होटल में दुष्कर्म किया है, जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पीडि़त युवती पंजाब राज्य की छात्रा है, जिसने लिखित शिकायत कांगड़ा जिला के बैजनाथ पुलिस थाने में दर्ज करवाई थी, यहां पर पुलिस ने जांच पूरी कर अब मामला स्थानीय पुलिस थाना को सौंपा है। आरोप है छात्रा से शादी करने का झांसा देकर हिमाचल बुलाया।यहां शारीरिक संबंध बनाए और फिर शादी करने से युवक ने मना कर दिया। इससे पीडित युवती शर्मशार होकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। मामले की जांच स्वयं थाना प्रभारी संदीप शर्मा कर रहे है। उन्होंने कहा पीडि़त युवती के जांच में शामिल होने के उपरांत तफ्तीश तेज होगी। बहराल पुलिस मामले की जांच में जुट चुकी है। पीडि़त महिला को इंसाफ दिलाने के साथ आरोपित पर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

शुक्रवार, 1 जनवरी 2021

कोयले वाली अंगीठी की गैस से दो लोगों की मौत

सोलन कच्चे कोयले की अंगीठी की गैस से दो व्यक्तियों की मौत हो गई। मामला सोलन जिला के पर्यटन क्षेत्र बड़ोग क्षेत्र का है। पुलिस को सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंच आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस थाना धर्मपुर की चौकी डगशाई के तहत पर्यटन क्षेत्र में दिल्ली के रहने वाले एक व्यक्ति की कोठी में मेहमान आए हुए थे। उनके साथ ड्राइवर व कुक भी थे। यह दोनों (ड्राइवर व कुक) 30 दिसंबर को कोठी के सर्वेंट क्वाटर में सोने चले गए। बताया जा रहा है कि इस दौरान उन्होंने कोयले की अंगीठी भी जला रखी थी। 31 दिसंबर को जब यह दोनों (ड्राइवर व कुक) दोपहर तक रूम से बाहर न आए, तो उनके मालिक ने उन्हें जाकर देखा और पाया कि यह दोनों बेसुध पड़े है, जिनकी मौत हो चुकी है। इसकी सूचना कोठी मालिक ने तुरन्त पुलिस को दी। पुलिस ने तुरन्त मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।
इस मामलें की पुष्टि थाना प्रभारी धर्मपुर दयाराम ठाकुर ने की है। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आगामी कार्रवाई की जा रही है।

शीत मरूस्थल बर्फ पर पर्यटकों ने मनाया जश्न

पर्यटकों ने पहली बार मनाया नववर्ष का जश्न लाहौल-स्पीति के सिस्सू में मनाया       

पंकज कपूर  

शिमला। बर्फ से लदे शीत मरुस्थल लाहौल-स्पीति में पर्यटकों ने पहली बार नववर्ष का जश्न मनाया। कुल्लू मनाली में पर्यटकों का सैलाब उमड़ पड़ा। जिला के सभी छोटे-बड़े होटल पैक हो गए। मनाली में बंद पड़े होटल खुलने के बाद भी सैलानी कमरे तलाशते दिखे। बाहरी राज्य से आने वाले पर्यटक वाहनों ने दिसम्बर महीने के अंतिम सप्ताह से अभी रिकार्ड तोड़ दिए हैं।दिसम्बर महीने के अंतिम सप्ताह में साढ़े 15 हजार पर्यटक वाहनों ने कुल्लू मनाली में दस्तक दी। वीरवार सुबह से ही मनाली की सड़कों में पर्यटक(tourist)वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। सुबह से देर शाम तक सड़क में वाहन कछुआ गति से चलते रहे। ट्रैफिक जाम को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहली बार ड्रोन का सहारा लिया। हालांकि वाहनों की चाल कछुआ गति की तरह बहुत धीमी रही लेकिन बेहतर व्यवस्था के चलते क्रिसमस वाले दिन की बजाय आज ट्रैफिक में सुधार दिखा।

शीत मरुस्थल लाहौल घाटी सहित जिला कुल्लू के पर्यटन नगरी मनाली, सोलंगनाला, फातरु, अंजनी महादेव, कोठी, हामटा, नग्गर, मणिकर्ण ,कसोल व जीभी पर्यटन स्थल में रौनक अधिक देखने को मिली। मनाली के कुछ एक बड़े होटलो ने प्रशासन से अनुमति लेकर कोविड के नियमों का पालन करते हुए सैलानियों के लिए नववर्ष के जश्न की व्यवस्था की। दिनभर पर्यटक अटल टनल को निहारने के बाद बर्फ की खेलों का आनंद लेते रहे। शाम को मनाली माल रोड पर्यटकों से भर गया। वीरवार को लगभग 4 हजार पर्यटक वाहनों ने अटल टनल आर-पार की।

लाहौल-स्पीति के एसपी मानव वर्मा ने कहा कि पर्यटक वाहनों के लिए सिस्सू हैलीपैड में पार्किंग की व्यवस्था की थी। उन्होंने कहा कि पर्यटकों ने बर्फ का खूब आनंद उठाया। वहीं, एसपी कुल्लू गौरव सिंह ने कहा कि ट्रैफिक सुचारू रखने को ड्रोन का सहारा लिया गया है। सैलानियों के नववर्ष के जश्न को शांति पूर्वक बनाने के लिए जगह-जगह पुलिस जवान तैनात किए हैं। उन्होंने कहा कि जिलाभर के सभी पर्यटन स्थलों में सैलानी नववर्ष का जश्न मना रहे हैं।

गुरुवार, 31 दिसंबर 2020

राज्य के 50 वर्ष पूर्ण हुए, पीएम करेंगे संबोधित

वर्चुअल संबोधित करेंगे पीएम मोदी 50वें पूर्ण राज्यत्व दिवस समारोह को: मुख्यमंत्री

श्रीराम मौर्य  

शिमला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 जनवरी को हिमाचल प्रदेश के 50वें पूर्ण राज्यत्व दिवस समारोह को वर्चुअल संबोधित करेंगे। रिज पर आयोजित किए जाने वाले इस समारोह को इंडोर अथवा वर्चुअल आयोजन के लिए गेयटी थिएटर तथा टाऊन हाल में वैकल्पिक प्रबंध किए जाएंगे ताकि बर्फबारी होने या प्रतिकूल हालात में किसी तरह का व्यवधान न पड़े। इस अवसर पर 5 रुपए का एक स्मारकीय डाक टिकट भी जारी किया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश के राष्ट्र स्तरीय पदक विजेताओं को सम्मानित भी किया जाएगा। यह जानकारी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस आयोजन को सफल बनाने एवं इसकी तैयारियों को लेकर प्रशासनिक सचिवों के साथ बैठक के दौरान दी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस समारोह को शानदार तरीके से मनाने के लिए व्यापक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर अंग्रेजी व हिन्दी भाषाओं में कॉफी टेबल बुक प्रकाशित की जाएगी, जिसके माध्यम से लोगों को हिमाचल प्रदेश में पिछले 50 वर्षों में हुए विकास एवं उन्नति के बारे में जानकारी दी जा सकेगी। सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग हिमाचल तब और अब वृत्तचित्र तैयार करेगा, जिसे समारोह में दिखाया जाएगा। प्रदेश के विकास को दर्शाती प्रदर्शनियां भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगी। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव व प्रधान सचिव सहित सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।

पूर्व मुख्यमंत्रियों के योगदान का भी उल्लेख होगा।51 उपलब्धियों की सूची तैयार होगी। अंतर्राष्ट्रीय उत्सवों एवं मेलों को दर्शाया जाएगा।50 साल पहले हिमाचल और अब को दर्शाएंगे। सांस्कृतिक, शिक्षा व स्वास्थ्य क्षेत्र में योगदान देने वाले सम्मानित किए जाएंगे।

सोमवार, 28 दिसंबर 2020

हिमपात: पहाड़ों ने सफेद चांदी का श्रृंगार किया

कुल्लू। प्रदेश की राजधानी शिमला सहित ऊपरी हिमाचल में रात भर बर्फबारी हुई है जिसके चलते प्रदेश में प्रचंड ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। वहीं पर्यटकों के लिए खुशखबरी है कि इस बार प्रदेश में व्हाइट न्यू ईयर मनाने का अवसर प्रदान होगा। वहीं क्रिसमस मनाने आए पर्यटकों ने ताजा बर्फबारी का आनंद लिया है। प्रदेश के पहाड़ों ने नव वर्ष के लिए सफेद चांदी का श्रृंगार कर लिया है। राजधानी शिमला सहित लाहुल-स्पीति, किन्नौर, भरमौर,कुल्लू सहित तमाम ऊपरी हिमाचल बर्फ के आगोश में आ चुका है। देश भर के सैलानियों को बर्फ के दीदार करवाने वाले 13050 फुट ऊंचे रोहतांग दर्रे में दो फुट ताजा हिमपात हुआ है। अटक टनल रोहतांग के दोनों छोर में भी एक फुट से अधिक बर्फबारी हुई है और अटल टनल यातायात के लिए अवरुद्ध हो गई है।
उधर जलोड़ी दर्रा में बर्फबारी के चलते एनएच 305 भी बंद पड़ गया है और आनी-निरमंड का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है। लाहुल में पटन घाटी सहित चन्द्रा, तिनन व गाहर घाटी में रविवार रात से बर्फ के फाहे गिर रहे है। लाहुल के दारचा, योचे, छिका, रारिक, कोकसर, सिस्सु, मायड़, नेनगाहर, ओथांग, यंग थंग, सहित समस्त ऊंचाई वाले ग्रामीण क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है। जिला मुख्यालय केलांग में भी एक फुट से अधिक बर्फ पड़ चुकी है। बर्फबारी से लाहुल घाटी में ठंड बढ़ गई है और लोग घरों में दुबकने पर विवश हो गए है। पर्यटन नगरी मनाली के माल रोड सहित समस्त ऊंचाई वाले ग्रामीण क्षेत्रों में भी बर्फबारी हो रही है। सोलंगनाला, कोठी, पलचान, कुलंग व मझाच गांव में बर्फ के फाहे गिर रहे हैं। कुल्लू मनाली सहित लाहुल की समस्त चोटियों में रात से भारी बर्फबारी का क्रम जारी है। कुंजम जोत सहित बारालाचा, शिंकुला ने भी बर्फ की मोटी चादर ओढ़ ली है। पर्यटन नगरी मनाली में रात भर बर्फबारी का क्रम जारी रहा और निचले क्षेत्र में झमाझम बारिश हुई है। एसडीएम मनाली रमन घरसंघी ने बताया कि आज बर्फबारी के कारण अटल टनल सैलानियों के लिए बंद रहेगी।

देव भूमि हिमाचल में सीजन की पहली बर्फबारी

श्रीराम मौर्य  
  शिमला। हिमाचल प्रेदश में पिछले देररात से हो रही बारिश व बर्फबारी के कारण पूरा प्रदेश शीतलहर की चपेट में है। वहीं हिमाचल प्रदेश के राजधानी शिमला में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। रविवार देर शाम राजधानी में बर्फ की हल्की फुहारें गिरीं है। मौसम विभाग की ओर से रविवार और सोमवार के लिए बारिश और बर्फबारी को लेकर प्रदेश भर मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई थी। शिमला में रात 9 बजे के करीब हल्की बर्फबारी शुरू हो गई जिसके चलते तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है।
जिला चंबा के जनजातीय क्षेत्र पांगी में बिते दिन से हल्का हिमपात का क्रम जारी है। पांगी घाटी के मुख्यालय किलाड़ में एक इंच के करीब बर्फबारी हुई है। वहीं उपरली इलाकों में दो इंच के करीब बर्फबारी हुई है। घाटी की पूरी वादियों ने एक बार फिर बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। वहीं बर्फबारी के बाद मौसम सुहावना बना हुआ है। इस बर्फबारी के कारण पांगी घाटी में बीएसएनल की सेवाएं बाधित हो गई है। जिससे लोगों को काफी परेशानी पेश आ रही
कुल्लू के उपरी इलाकों में चार इंच के करीब बर्फबारी हुई है। मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि प्रदेश में सोमवार तक मौसम खराब रहेगा और इस दौरान मैदानी इलाकों में बारिश जबकि ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान काफी गिरावट दर्ज की गई है और आगामी दिनों में तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।

शनिवार, 26 दिसंबर 2020

5 से पुलिस कर्मचारी-अधिकारियों की छुट्टियां रद्द

हिमाचल में पांच जनवरी से पुलिस कर्मचारियों व अधिकारियों की छुट्टियां रद्द
श्रीराम मौर्य  
शिमला। जनवरी के दूसरे और तीसरे सप्ताह में होने वाले पंचायत चुनाव को देखते हुए हिमाचल प्रदेश पुलिस के सभी कर्मचारियों व अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। साथ ही 5 जनवरी से किसी के भी छुट्टी पर जाने को लेकर भी रोक लगा दी गई है। इस संबंध में पुलिस मुख्यालय की ओर से आदेश जारी हो गए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है। कि चूंकि राज्य चुनाव आयोग ने नगर निकाय व पंचायत चुनावों की घोषणा कर दी है।
ऐसे में जनवरी के दूसरे व तीसरे हफ्ते में अधिकतम पुलिस बल चुनाव ड्यूटी के लिए उपलब्ध होना जरूरी हैं। यही वजह है। कि विशेष व आपातकालीन परिस्थितियों के अलावा किसी भी स्थिति में छुट्टी नहीं दी जाएगी। साथ ही पूर्व में पांच जनवरी के बाद की छुट्टी ले चुके कर्मियों को ड्यूटी पर वापस बुला लिया जाएगा।

सोमवार, 21 दिसंबर 2020

हिमाचल में पंचायती राज चुनाव का बिगुल बजा

श्रीराम मौर्य  

शिमला। लंबे इंतजार के बाद आखिकार हिमाचल में पंचायती राज चुनाव का बिगुल बज गया है। पंचायती राज चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। प्रदेश में पंचायती राज चुनाव तीन चरणों में होंगे। पहले चरण का चुनाव 17 जनवरी, दूसरे चरण का 19 जनवरी व तीसरे चरण का 21 जनवरी को होगा। मतदान सुबह 8 से शाम चार बजे तक होगा। पंचायत चुनाव की घोषणा के साथ ही हिमाचल में आचार संहिता भी लागू हो गई है।

पंचायत चुनाव के लिए 31 दिसंबर, पहली व दो जनवरी को सुबह 11 बजे से शाम तीन बजे तक नामांकन दाखिल किए जा सकते हैं। चार जनवरी को सुबह दस बजे के बाद नामांकन पत्रों की छंटनी होगी। 6 जनवरी को सुबह 10 बजे से शाम तीन बजे तक उम्मीदवार अपने नामांकन वापस ले सकते हैं। तीन बजे के बाद उम्मीदवारों की लिस्ट चुनाव चिन्ह सहित जारी कर दी जाएगी। प्रधान, उपप्रधान व वार्ड सदस्यों के मतों की गिनती मतदान समाप्त होने के बाद होगी। वहीं, पंचायत समिति व जिला परिषद सदस्यों के मतों की गिनती 22 जनवरी को सुबह साढ़े 8 बजे से सभी ब्लाॅक मुख्यालयों में आयोजित की जाएगी। 

शुक्रवार, 18 दिसंबर 2020

4 किलो 40 ग्राम चरस की खेप के साथ दबोचा

पंकज कपूर
मंडी। हिमाचल पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए अभियान में एक बड़ी सफलता हांसिल की है। जिला मंडी पुलिस ने एक व्यक्ति को चार किलो चार सौ ग्राम चरस की बड़ी खेप समेत दबोचा हुआ है। मिली जानकारी के मुताबिक मंडी पुलिस थाना बल्ह की टीम ने नाकाबंदी के दौरान 4 किलो 40 ग्राम चरस के साथ कार सवार व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान ओमप्रकाश (37) निवासी गांव बागाचनोगी थुनाग मंडी के तौर पर हुई है। पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया है। और मामला दर्जकर आगीम कर्रवाई शुरू कर दी है।मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि बल्ह पुलिस की टीम ने वीरवार रात को रत्ती-लेदा मार्ग पर नाका लगा रखा था। इस दौरान एक कार जिसका नंबर एचपी 87-0627 को चेकिंग के लिए रोका गया। जब कार की चैकिंग की गई तो उसमे सवार व्यक्ति की कार से उक्त चरस की खेप बरामद की गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

सीएम ने जनसभा कर, मतदाताओं से संवाद किया

सीएम ने जनसभा कर, मतदाताओं से संवाद किया  संदीप मिश्र  बरेली। बरेली के आंवला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सुभाष इंटर कॉलेज ग्...