मंगलवार, 3 मार्च 2020

उत्तर भारत में तूफान-बारिश का अलर्ट

स्काइमेट ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट | उत्तर भारत में 5 और 6 मार्च को भारी बारिश और तूफानी हवाओं के साथ ओले गिरने की संभावना | इस हफ्ते बिगड़े मौसम से फसलों को हो सकता है नुकसान- जतिन सिंह,


नई दिल्ली। पिछले हफ्ते देश के अधिकांश इलाकों में बारिश जैसी मौसमी हलचलें देखने को मिली थीं। सप्ताह की शुरुआत में 24 और 25 फरवरी को देश के पूर्वी राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि हुई। बिहार में मुंगेर, गोपालगंज, जमुई, बांका और औरंगाबाद में बड़े पैमाने पर ओले गिरे थे और वज्रपात यानि बिजली गिरने की घटनाएँ देखने को मिली थीं। इसके चलते जहां फसलों का बड़े स्तर पर नुकसान हुआ वहीं 11 लोगों की मौत हो गई थी।
झारखंड में पलामू और डाल्टनगंज में भी 24 और 25 मार्च को भारी बारिश के साथ ओले गिरे थे। 60 सालों का रिकॉर्ड टूटा था। तूफानी हवाओं के कारण फसलें ज़मीन पर लेट गई थीं और बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ था। ओड़ीशा के कुछ हिस्से और छत्तीसगढ़ भी ऐसे मौसम की जद में आए थे। देवगढ़, कांठापाड़ा, मलकानगिरि और रायपुर में भी भारी बारिश और ओलावृष्टि हुई थी।


फरवरी के आखिर में उत्तर भारत के पहाड़ों और मैदानी इलाकों पर भी मौसम बदला था। दिल्ली-एनसीआर समेत फरवरी की विदाई बारिश के साथ हुई।


पूर्वी और उत्तर भारत की तरह ही मध्य भारत के भी कुछ हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। जबकि दक्षिण भारत के भागों में बारिश में कमी रही। हालांकि देश में जनवरी और फरवरी महीने में कुल 40.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जो सामान्य (40.8 मिमी) के करीब है।


2 मार्च से शुरू हो रहा नया सप्ताह देश के लिए अच्छा रहेगा। गुजरात और कर्नाटक को छोड़कर देश भर में बारिश होने की संभावना है। तेज़ बारिश, भीषण गर्जना, ओलावृष्टि की गतिविधियां 5 और 6 मार्च को चरम पर होंगी। इस बार भी सबसे अधिक प्रभाव उत्तरी, पूर्वी और मध्य पर होगा। इस बार भी बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में फसलों को बड़ा नुकसान हो सकता है। साथ ही उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा भी प्रभावित हो सकते हैं।


उत्तर भारत में आएगी बारिशः इस सप्ताह की शुरुआत शांत मौसम के साथ हुई है। 2 और 3 मार्च को पहाड़ों और मैदानी इलाकों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा। हालांकि पहाड़ों पर एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। 4 मार्च को नया और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों पर आएगा। इसके प्रभाव से राजस्थान पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र भी बनेगा जिससे पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में 4 से 7 मार्च के बीच अधिकांश स्थानों पर तेज़ बारिश होने और ओले गिरने की संभावना है।


जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और उत्तराखंड में भी इसी दौरान भारी बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं। उत्तर भारत में भारी बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि की आशंका को देखते हुए स्काइमेट ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।


पूर्वी व पूर्वोत्तर वर्षा और ओलावृष्टिः पूर्वी भारत में बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में पिछले सप्ताह भारी बारिश और हिमपात से जो नुकसान हुआ था वही कहानी इस हफ्ते भी दोहराई जाएगी। 4 से 8 मार्च के बीच पूर्वी राज्यों में तेज़ बारिश होगी। अधिकांश इलाकों में बादलों की गर्जना और तेज़ हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना है। इन भागों में भी गतिविधियां 5 और 6 मार्च को सबसे अधिक होंगी।


पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी इस सप्ताह अच्छी बारिश की संभावना है। अरुणाचल, असम और मेघालय अधिक प्रभावित होंगे।


मध्य भारत को भी मिलेगी बारिशः गुजरात पिछले सप्ताह की ही तरह इस हफ्ते भी मौसम शुष्क बना रहेगा। उत्तर और पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में सप्ताह के शुरुआती दिनों में हल्की वर्षा होगी। लेकिन दूसरे हफ्ते गतिविधियां बढ़ेंगी और 5 व 6 मार्च को इन भागों में वायपक बारिश देखने को मिलेगी।


दक्षिण भारत में प्री-मॉनसून जैसा मौसमः इस सप्ताह दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश हल्की होगी। केरल और उत्तरी कर्नाटक में सप्ताह के शुरुआती दिनों में हल्की प्री-मॉनसून वर्षा होगी। हालांकि तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में सप्ताह के मध्य से अच्छी बारिश हो सकती है। सप्ताह के मध्य से ही तमिलनाडु में भी हल्की बारिश होने की संभावना है।  हालांकि इस सप्ताह फिर से केरल और तमिलनाडु में बारिश बढ़ेगी।


दिल्ली में बारिश के लिए इंतज़ारः राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस सप्ताह तेज़ बारिश की है उम्मीद। 4 से 7 मार्च के बीच दिल्ली-एनसीआर में कई जगहों पर वर्षा होने की संभावना है। गतिविधियां 5 और 6 मार्च को सबसे अधिक होंगी। न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री के बीच जबकि अधिकतम तापमान 25 से 28 डिग्री के बीच रहेगा।


चेन्नई में गर्मीः चेन्नई में आंशिक बादल छाए रहेंगे। सप्ताह के मध्य से रुक-रुक कर बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। अधिकतम तापमान 30 डिग्री के आसपास रहेगा और सुबह का तापमान 25 डिग्री के करीब रहेगा।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Thank you, for a message universal express.

लोगों के लिए 'पेयजल आपूर्ति' सुनिश्चित की जाएं

लोगों के लिए 'पेयजल आपूर्ति' सुनिश्चित की जाएं  इकबाल अंसारी  चेन्नई। तमिलनाडु में गर्मी दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। इसे देखते हुए मु...