रविवार, 19 जनवरी 2020

हिंदुस्तान की सबसे झूठी सरकार, करार

रायपुर/राजनांदगाँव। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने प्रदेश सरकार के क्रियाकलापों पर हमला बोलते हुए इसे हिन्दुस्तान की सबसे झूठी सरकार करार दिया है। डॉ. सिंह जिला पंचायत चुनाव के मद्देनजर क्षेत्र क्र.- 08 के लिटिया (डीलापहरी) में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी अशोक देवांगन के पक्ष में आहूत एक सभा को सम्बोधित कर रहे थे।


भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सिंह ने प्रदेश के मुख्यमन्त्री भूपेश बघेल को हिन्दुस्तान का सबसे लबरा (झूठा) मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में झूठे वादे करके कांग्रेस ने सरकार बनाई और गंगाजल हाथ में लेकर जनता को झूठा आश्वासन दिया। लेकिन एक साल बीतने के बाद भी प्रदेश सरकार अपने घोषणापत्र का एक भी वादा पूरा नहीं कर पाई है। इसके लिये मुख्यमंत्री बघेल को सार्वजनिक रूप से माफी मांगना चाहिये। पूर्व मुख्यमन्त्री डॉ. सिंह ने धान खरीदी के मुद्दे पर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने अन्नदाता किसानों से छलावा और वादाखिलाफी की है। किसानों का पूरा धान खरीदने से बचने के लिये नित-नए नियम कानून बनाकर किसानों को परेशान किया गया। किसानों के घरों तक पुलिस भेजी गई और उनका धान और वाहन भी जब्त किया गया। प्रदेश सरकार ने अन्नदाता किसानों का सम्मान करने के बजाए उन्हें चोर बता दिया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के इतिहास में पहली बार किसानों के आत्मसम्मान के साथ ऐसा खिलवाड़ हुआ है।


इसका खामियाजा कांग्रेस सरकार को भुगतना पड़ेगा, क्योंकि जो किसान धान बोना जानता है वह धान लूना (काटना) भी जानता है। डॉ. सिंह ने किसानों से आह्वान किया कि पंचायत चुनावों में कांग्रेस का सफाया करना है।
भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सिंह ने कहा कि ग्रामीणों के एक-एक वोट से इस सरकार को सबक सिखाया जा सकता है और पंचायत चुनावों में किसान अपने वोट का महत्व समझकर इस झूठी सरकार को हटा सकते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती भाजपा प्रदेश सरकार के कार्यकाल और उसमें अर्जित उपलब्धियों की चर्चा करते हुए पूर्व मुख्यमन्त्री डॉ सिंह ने कहा कि हमारे 15 वर्षों के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ ने विकास के जो आयाम गढ़े, उसे पूरे हिन्दुस्तान ने देखा है लेकिन मौजूदा प्रदेश कांग्रेस सरकार ने विकास और जनकल्याण का ऐसा एक भी काम नहीं किया है जिसे वह गिना सके उल्टे छत्तीसगढ़ को चौदह हजार करोड़ के कर्ज में डूबोकर इस सरकार ने प्रदेश को कंगाल कर दिया है।


डॉ. सिंह ने कहा कि आने वाले चार वर्षों में भाजपा संघर्ष करेगी और सरकार की विफलता को उजागर करेगी। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष मधुसूदन यादव, पूर्व विधायक सरोजिनी बंजारे, पूर्व महापौर शोभा सोनी सहित डी.एन. वर्मा, रोहित चन्द्राकर, महेश यादव, के.के. वैष्णव, कोमल सिंह राजपूत, जागेश्वर साहू, बलराम निर्मलकर, योगेश मिश्रा, विवेक साहू और परदेसी सेनबोइर आदि काफी संख्या में उपस्थित थे।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Thank you, for a message universal express.

सीएम ने जनसभा कर, मतदाताओं से संवाद किया

सीएम ने जनसभा कर, मतदाताओं से संवाद किया  संदीप मिश्र  बरेली। बरेली के आंवला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सुभाष इंटर कॉलेज ग्...