मंगलवार, 4 मई 2021

2 महीने तक मुफ्त राशन देने का फैसला: दिल्ली

अकांशु उपाध्याय                    
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने आर्थिक तंगी से जूझ रहे 72 लाख गरीब राशन कार्ड धारकों को दो महीने तक मुफ्त राशन देने का फ़ैसला किया है। केजरीवाल ने आज संवाददाताओं से कहा कि सरकार 72 लाख राशन कार्ड धारकों को दो महीने तक मुफ्त राशन देगी। साथ ही, पिछले साल की तरह ही इस बार भी दिल्ली में पंजीकृत 1.56 लाख ऑटो-टैक्सी चालकों को 5-5 हजार रुपए की आर्थिक मदद देगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि दो महीने तक मुफ्त राशन देने का मतलब यह नहीं है कि दिल्ली में लॉकडाउन भी दो महीने चलेगा। 
कोरोना के मामले कम होते ही लॉकडाउन खत्म कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा, “यह समय एक-दूसरे की मदद करने और अच्छा इंसान बनने का है। मैं अपील करता हूं कि सभी पार्टी और जाति-धर्म के लोग एक-दूसरे की मदद करें। हम लोगों को अस्पताल में भर्ती कराने, ऑक्सीजन और बेड दिलाने, बीमार और गरीब लोगों को खाना खिलाने में मदद कर सकते हैं। मुझे पूरी उम्मीद है कि हम सब मिलकर लड़ेंगे, तो बहुत जल्द कोरोना पर जीत पा लेंगे।

कंगना का ट्विटर अकाउंट स्थायी रूप से निलंबित

कविता गर्ग                     
मंबई। ट्विटर ने बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत का ट्विटर अकाउंट स्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। ट्विटर ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में हिंसा की घटनाओं से संबंधित कंगना के उस विवादित ट्वीट के परिप्रेक्ष्य में यह कार्रवाई की है। जिसे प्रदेश की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के लिए काफी अपमानजनक और राजनीति से प्रेरित माना गया। कंगना ने अपने ट्वीट में कहा कि यह भयानक है। हमें गुंडई को मारने के लिए सुपर गुंडई चाहिए। वह ताड़का की तरह है। मोदी, वर्ष 2000 की शुरुआत वाले अपने विराट रूप को दिखाओ। उन्होंने बंगाल में राष्ट्रपति शासन हैशटैग भी किया। ट्वीटर ने अपने बयान में कहा कि कंगना रनौत लगातार ‘हेटफुल कंडक्ट पॉलिसी’ का उल्लंघन कर रही थीं।इसलिए उनका अकाउंट अब हमेशा के लिए निलंबित कर दिया गया है।

विश्व में 32.13 लाख से अधिक लोगों की मौंत हुईं

वाशिंगटन डीसी/ नई दिल्ली। विश्व भर में कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमण के फिर तेजी से फैलने के बीच संक्रमितों की संख्या 15.35 करोड़ से अधिक हो गई और 32.13 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। अमेरिका की जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के विज्ञान एवं इंजीनियरिंग केंद्र (सीएसएसई) की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार दुनिया के 192 देशों एवं क्षेत्रों में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 15 करोड़ 35 लाख 59 हजार 931 हो गयी है। जबकि 32 लाख 13 हजार 878 लोगों की मौत हो चुकी है। वैश्विक महाशक्ति माने जाने वाले अमेरिका में कोरोना वायरस का कहर तेजी से बढ़ता जा रहा है तथा यहां संक्रमितों की संख्या तीन करोड़ 24 लाख 71 हजार से अधिक हो गयी है जबकि 5,77,523 मरीजों की इस महामारी से मौत हो चुकी है। दुनिया में कोरोना संक्रमितों के मामले में भारत दूसरे स्थान पर और मृतकों के मामले में चौथे स्थान पर है। पिछले 24 घंटे में 3,57,229 नये मामले आने के साथ ही संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर दो करोड़ 02 लाख 82 हजार 833 हो गया। इस दौरान 3,20,289 मरीज स्वस्थ होने के साथ इससे निजात पाने वालों की कुल संख्या 1,66,13,292 हो गयी है। वहीं 3449 और मरीजों की मौत के साथ इस बीमारी से मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 2,22,408 हो गया है। ब्राजील संक्रमितों के मामले में अब तीसरे स्थान पर है। देश में कोरोना संक्रमण के मामले फिर से बढ़ रहे हैं और अभी तक इससे 1.47 करोड़ से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं जबकि 4,08,622 लोगों की मौत हो चुकी है।

450 सिलेंडरों को लेकर तमिलनाडु पहुंचा विमान

चेन्नई। भारतीय वायुसेना का विमान ब्रिटेन से 450 खाली ऑक्सीजन सिलेंडरों समेत करीब 35 टन चिकित्सीय उपकरणों को लेकर मंगलवार को तमिलनाडु पहुंचा। रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक वायुसेना के दो सी-17 ग्लोबमास्टर मालवाहक विमान ब्रिटेन से चिकित्सीय उपकरण लाने के लिए दो मई को गुजरात के जामनगर वायु सैन्य अड्डे से रवाना हुए थे।वायु सेना के दोनों विमान लगातार साढ़े 11 घंटे की उड़ान के बाद ब्रिटेन के ब्रिज नॉर्टन पहुंचे और वहां से जीवन रक्षक चिकित्सीय उपकरण लेकर देश रवाना हुए। वायु सेना का पहला विमान स्थानीय समयानुसार करीब दो बजे ब्रिटेन पहुंचा और 450 खाली ऑक्सीजन सिलिंडरों समेत करीब 35 टन चिकित्सीय उपकरणों को लेकर भारत रवाना हो गया। वायु सेना का विमान मंगलवार को यहां सुबह करीब पांच बजे पहुंचा।भारत के अनेक हिस्सों के कोविड-19 की दूसरी लहर से गंभीर रूप से प्रभावित होने के बीच अमेरिका, संयुक्त अरब अमीरात, ब्रिटेन जैसे देशों से चिकित्सा सहायता के रूप तरल चिकित्सीय आक्सीजन, आक्सीजन सिलिंडर, आक्सीजन सांद्रक आदि आने का सिलसिला जारी है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट किया, हमारे समग्र सामरिक साझीदारी को और मजबूत बनाते हुए। 20 मीट्रिक टन तरल चिकित्सा आक्सीजन (एलएमओ) सहित 7 आईएसओ टैंकर मुद्रा बंदरगाह (भारत) पहुंचे। यूएई के सहयोग को काफी महत्व देते हैं। हमें आक्सीजन की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलेगी।’’
एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा कि महामारी के खिलाफ लड़ाई में भारत और ब्रिटेन के गठजोड़ की क्षमता को प्रदर्शित करते हुए। भारतीय वायु सेना के विमान से 450 आक्सीजन सिलिंडर चेन्नई पहुंचा। ब्रिटेन के समर्थन के आभारी हैं। बागची ने कहा कि अमेरिका से चिकित्सा उपकरणों की पांचवीं खेप पहुंची। इसमें 545 आक्सीजन सांद्रक हैं। अमेरिका के समर्थन की सराहना करते हैं।

लोगों की जान बचाने के लिए संसोधनों का इस्तेमाल

अकांशु उपाध्याय                  
नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सेंट्रल विस्टा परियोजना के तहत प्रधानमंत्री आवास निर्माण पर 13 हजार करोड़ रुपए खर्च करने के औचित्य पर सवाल उठाते हुए कहा है कि इस समय संसाधनों का इस्तेमाल लोगों की जान बचाने के लिए किया जाना चाहिए।प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, “जब देश के लोग ऑक्सीजन, वैक्सीन, हॉस्पिटल बेड, दवाओं की कमी से जूझ रहे हैं। तब सरकार 13,000 करोड़ से पीएम का नया घर बनवाने की बजाए सारे संसाधन लोगों की जान बचाने के काम में डाले तो बेहतर होगा। इस तरह के खर्चों से पब्लिक को मैसेज जाता है कि सरकार की प्राथमिकताएं किसी और दिशा में हैं। इससे पहले पार्टी के संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी इस परियोजना को लेकर सरकार पर हमला किया और कहा कि देश में कोरोना से दो करोड़ से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके है और मृतकों की संख्या दो लाख 19 हज़ार से ज्यादा हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जब यह स्थिति है तो ऐसे में प्रधान मंत्री यानी मोदी जी का नया घर, पी.एम दफ़्तर, मंत्रियों के दफ़्तर, संसद बनाना ज़रूरी है या जीवन रक्षक दवा, ऑक्सीजन, वेंटिलेटर, अस्पताल बेड उपलब्ध कराना।

फरहान की फिल्म 'तूफान' 21 मई को होगीं रिलीज

कविता गर्ग                
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता फरहान अख्तर ने देशभर में कोविड-19 की वजह से बिगड़े हालातों की वजह से अपनी आने वाली फिल्म तूफान की रिलीज डेट आगे बढ़ा दी है। फरहान अख्तर की फिल्म तूफान 21 मई के दिन अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज होने वाली थी। फरहान अख्तर ने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए जानकारी दी है कि उन्होंने फिल्मकार राकेश ओमप्रकाश मेहरा के साथ मिलकर फैसला किया है कि वह अपनी तूफान को कोविड-19 मामलों में गिरावट आने के बाद ही रिलीज करेंगे।फरहान अख्तर ने इंस्टाग्राम पर एक आधिकारिक बयान जारी किया है, जिसमें तूफान की रिलीज डेट बदलने की घोषणा की है। फरहान अख्तर के ने लिखा, इस समय देश के हालात बहुत ही खराब हैं। एक्सेल एंटरटेनमेंट और राकेश ओम प्रकाश मेहरा पिक्चर्स की तरफ से हम उन सभी लोगों के लिए प्रार्थना करते हैं, जो इस महामारी की वजह से प्रभावित हुए हैं। देश में जिस तरह की गंभीर परिस्थिति है, उसमें हम अपने यहां काम करने वाले सभी लोगों के परिवारों के साथ खड़े हैं।इसी कारण हम तूफान की रिलीज को आगे बढ़ाने का फैसला कर रहे हैं। हमारी फिल्म तब तक रिलीज नहीं होगी, जब तक स्थिति सामान्य नहीं हो जाती है। सही समय आने पर हम तूफान की नई रिलीज डेट का ऐलान करेंगे। कृपया अपने अंदर कोविड के लक्षणों का ध्यान रखें और सही समय पर कोविड वैक्सीन जरूर लगवाएं। तूफान की पूरी टीम जनता से प्रार्थना करती है कि सभी घर पर रहें और सेफ रहें।

भारत में कोरोना के मामलें 2 करोड़ के पार पंहुचे

अकांशु उपाध्याय                    
नई दिल्ली। भारत में कोविड-19 के मामले दो करोड़ का आंकड़ा पार कर गए हैं और महज 15 दिनों में संक्रमण के 50 लाख से अधिक मामले आए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मंगलवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, कोरोना वायरस के एक दिन में 3,57,229 नए मामले आने से संक्रमण के मामले बढ़कर 2,02,82,833 पर पहुंच गए। जबकि 3,449 और लोगों के जान गंवाने से मृतकों की संख्या 2,22,408 पर पहुंच गई है। भारत में कोविड-19 के मामले 19 दिसंबर को एक करोड़ का आंकड़ा पार कर गए थे। जिसके 107 दिन बाद पांच अप्रैल को संक्रमण के मामले 1.25 करोड़ पर पहुंच गए। हालांकि महामारी के मामलों को 1.50 करोड़ का आंकड़ा पार करने में महज 15 दिन लगे। सुबह आठ बजे तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 34,47,133 हो गई है। जो संक्रमण के कुल मामलों का 17 प्रतिशत है। कोविड-19 से स्वस्थ होने वाले लोगों की दर 81.91 प्रतिशत है।आंकड़ों के मुताबिक, इस बीमारी से उबरने वाले मरीजों की संख्या 1,66,13,292 पर पहुंच गई है जबकि मृत्यु दर 1.10 प्रतिशत है। भारत में कोविड-19 के मामले सात अगस्त को 20 लाख का आंकड़ा पार कर गए थे। इसके बाद संक्रमण के मामले 23 अगस्त को 30 लाख, पांच सितंबर को 40 लाख और 16 सितंबर को 50 लाख के पार चले गए थे।
वैश्विक महामारी के मामले 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवंबर को 90 लाख और 19 दिसंबर को एक करोड़ का आंकड़ा पार कर गए थे। भारत में महामारी के मामले 19 अप्रैल को 1.50 करोड़ के पार चले गए थे। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के मुताबिक, तीन मई तक 29,33,10,779 नमूनों की जांच की गई जिनमें से 16,63,742 नमूनों की जांच सोमवार को की गई।

बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन में साथ: तलाक

वाशिंगटन डीसी। माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक और उनकी पत्नी ने तलाक लेने का फैसला किया है। लेकिन दोनों ने कहा है कि वे दुनिया की सबसे बड़ी निजी परमार्थ संस्था बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन में साथ काम करते रहेंगे। उन्होंने ट्वीट कर बताया कि दोनों ने अपनी 27 साल की शादी को तोड़ने का फैसला किया है। उन्होंने एक बयान में कहा कि हमने तीन प्यारे बच्चों की परवरिश की और एक संस्था बनायी जो दुनिया भर में लोगों को स्वस्थ एवं बेहतर जीवन जीने में सक्षम बनाने के लिए काम करती है। उन्होंने कहा कि हम जीवन के एक नए दौर में प्रवेश कर रहे हैं, ऐसे में हम अपने परिवार के लिए निजता चाहते हैं।बिल गेट्स पूर्व में दुनिया के सबसे अमीर शख्स रह चुके हैं और उनकी संपत्ति 100 अरब डॉलर से भी अधिक होने का अनुमान है। इससे पहले, अमेजन के सीईओ (मुख्य कार्यकारी अधिकारी) जेफ बेजोस और उनकी पूर्व पत्नी मैकेंजी ने 2019 में तलाक की प्रक्रिया पूरी की थी। मैकेंजी स्कॉट ने फिर से विवाह कर लिया है और वह अमेजन में चार प्रतिशत हिस्सेदारी (करीब 36 अरब डॉलर से अधिक) मिलने के बाद समाज सेवा है।गेट्स दंपति ने 1994 में हवाई में विवाह किया था। मेलिंडा 1987 में माइक्रोसॉफ्ट में एक प्रोडक्ट मैनेजर के तौर पर काम करती थीं। तभी दोनों की मुलाकात हुई थी। मेलिंडा गेट्स ने 2019 में प्रकाशित अपने संस्मरण ‘द मोमेंट ऑफ लिफ्ट’ में अपने बचपन और जीवन से जुड़े संघर्षों के बारे में बताया है। उन्होंने एक सार्वजनिक शख्सियत की पत्नी होने तथा घर पर तीन बच्चों की परवरिश करने जैसे निजी संघर्षों का भी जिक्र किया है। पिछले साल बिल गेट्स ने कहा था कि परमार्थ कार्यों में ध्यान देने के लिए वह माइक्रोसॉफ्ट के बोर्ड से हट रहे हैं।

बिहार में 15 तक लॉकडाउन लागू करने की घोषणा

अविनाश श्रीवास्तव         

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कोविड-19 मामलों में बढ़ोतरी के कारण राज्य में 15 मई तक लॉकडाउन लागू करने की मंगलवार को घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि लॉकडाउन के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देशों के बारे में संकट प्रबंधन समूह फैसला करेगा। नीतीश कुमार ने कहा कि मंत्रियों और सरकारी अधिकारियों के साथ सोमवार को चर्चा करने के बाद यह फैसला किया गया। बिहार में सोमवार को कोविड-19 के 11,407 मामले आए तथा 82 और लोगों की मौत हो गयी।


महामारी की स्थिति को लेकर लॉकडाउन की जरुरत

अकांशु उपाध्याय              

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने देश में कोरोना महामारी की गंभीर स्थिति को लेकर मंगलवार को एक बार फिर सरकार पर निशाना साधा और कहा कि सरकार के पास रणनीति का पूरी तरह अभाव है। ऐसे में अब संपूर्ण लॉकडाउन लगाने की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि लॉकडाउन लगाने के साथ ही कमजोर तबकों को सीधी आर्थिक मदद दी जाए। कांग्रेस नेता ने ट्वीट किया, ‘‘कोरोना वायरस संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए अब पूर्ण लॉकडाउन का ही विकल्प बचा है तथा इसके साथ ही कमजोर तबकों की सुरक्षा के लिए ‘न्याय’ (न्यूतम आय गारंटी) दिया जाए। भारत सरकार की निष्क्रियता से बहुत सारे निर्दोष लोगों की जान जा रही है।’’

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में फिर एक बार इजाफा

अकांशु उपाध्याय                        

नई दिल्ली। दो महीने से अधिक समय में मंगलवार को पहली बार पेट्रोल-डीजल की कीमतों में इजाफा किया गया। देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज पेट्रोल 15 पैसे महंगा होकर 90.55 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया। डीजल की कीमत 18 पैसे बढ़ी और यह 80.91 रुपये प्रति लीटर हो गया। इस साल 27 फरवरी के बाद पहली बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाये गये हैं। इस बीच 24 मार्च, 25 मार्च, 30 मार्च और 15 अप्रैल को इनके दाम घटाये गये थे। जबकि शेष दिन कीमतें स्थि​र रहीं थीं। मुंबई और चेन्नई में पेट्रोल 12-12 पैसे महंगा होकर क्रमश: 96.95 रुपये और 92.55 रुपये प्रति लीटर के भाव बिका।

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण    
1. अंक-262 (साल-02)
2. बुधवार, मई 5, 2021
3. शक-1984,चैत्र, कृष्ण-पक्ष, तिथि- अष्टमी, विक्रमी सवंत-2078। बाइसवां रोजा, सहरी 04:12, इफ्तार 06:59। 22 रमजान, हिजरी 1442।
4. सूर्योदय प्रातः 06:20, सूर्यास्त 06:50।
5. न्‍यूनतम तापमान -15 डी.सै., अधिकतम-39+ डी.सै.।
6.समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा। सभी पद अवैतनिक है।
7.स्वामी, प्रकाशक, संपादक राधेश्याम के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित। प्रकाशित समाचार, विज्ञापन एवं लेखोंं से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं हैं। पीआरबी एक्ट के अंतर्गत उत्तरदायी।
8.संपादकीय कार्यालय- 263 सरस्वती विहार, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102।
9.संपर्क एवं व्यावसायिक कार्यालय-डी-60,100 फुटा रोड बलराम नगर, लोनी,गाजियाबाद उ.प्र.-20110
http://www.universalexpress.page/
email:universalexpress.editor@gmail.com
संपर्क सूत्र :- +919350302745  
                     (सर्वाधिकार सुरक्षित) 

सोमवार, 3 मई 2021

सिलेंडर में बंद ऑक्सीजन 'संपादकीय'

मधुकर कहिन 
कोरोना के दौरान ऑक्सीजन सप्लाई को लेकर आपके हर सवाल का जवाब !!!
प्लांट से अस्पतालों तक सिलेंडर पहुंचने वाले लोगों का अब तक नहीं हुआ है वैक्सीनशन 
सुबह से लेकर शाम तक सैकड़ों फोन उठाता हूँ। हर फोन पर सिर्फ एक ही सवाल होता है और एक ही मुद्दा - साहब 'ऑक्सीजन' का सिलेंडर नहीं है, दिला दो , साहब 'ऑक्सीजन' गैस कहां से लाऊं ?  साहब 'ऑक्सीजन' का सिलेंडर कब तक मिलेगा ? मेरे पास न कोई जवाब होता है और न ही कोई हल।
मैंने सोचा आज यह ब्लॉग लिख कर सारे जवाब एक साथ ही दे डालूँ। सभी लोगों को बता दूँ की मैं कोई सुपर मैन नहीं हूँ। भाई ! मैं भी एक आम इंसान ही हूँ। बस पत्रकार हूँ इसलिए ज़रा ज्यादा मुखर हूँ। जितना ज्ञान इस विषय पर मैंने इन दिनों अर्जित किया है उतना आप तक पहुंचा रहा हूँ।
तो साहब ! जिस 'ऑक्सीजन' की हम बात कर रहे हैं। वह 'ऑक्सीजन' कोविड-19 के मरीजों को जिंदा रखने और उपचार के दौरान दी जाने वाली संजीवनी बूटी की तरह है। जिसे सैकड़ों लोग रोज़ 'ऑक्सीजन' प्लांट से लेकर अस्पतालों तक ले जा रहे हैं। जिनका खुद का वैक्सीनशन अब तक नहीं हुआ है। है न कमाल ?

 खैर, लोगों के अक्सर जो सवाल होते है वो कुछ ऐसे हैं ...
पहला सवाल - मैं कोरोना पॉजिटिव हूँ। मेरी रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई है। क्या मुझे 'ऑक्सीजन' की जरूरत तुरंत  पड़ेगी ?
जवाब है कि  - अगर आप की रिपोर्ट पॉजिटिव है , तो आपको तुरंत 'ऑक्सीजन' की ज़रूरत नहीं है। यदि आपकी HRTC रिपोर्ट 10 से ऊपर है तो आपको तुरंत ऑक्सीजन की जरूरत पड़ेगी। आपकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही आपको ऑक्सीजन की जरूरत नहीं है। इसलिए पॉजिटिव आते ही दवाइयों पर और डॉक्टर की सलाह पर निर्भर रहें। जल्दबाजी न करें डॉ की सलाह पर दवाई लेते रहें। इस से क्या होगा कि आप यदि व्यवस्थाओं में माहिर है तो सिलेंडर और ऑक्सीजन अपने घर तो ले आएंगे। लेकिन वह आपके काम नहीं आएगी और उसके साथ-साथ किसी और ज्यादा जरूरतमंद के भी काम नहीं आएगी। अधिकांश मामले नियमित दवाई और चिकित्सकों की गाइडेंस से ठीक हो रहे हैं।
दूसरा सवाल - आखिर मुझे 'ऑक्सीजन' मिलेगी कहाँ से ?
जवाब है कि - आपको 'ऑक्सीजन' सिलेंडर उसी अस्पताल में भर्ती होने पर मिलेगा। जिस अस्पताल से आप का उपचार चल रहा है और वही अस्पताल आपको भर्ती तो कर देगा।, लेकिन 'ऑक्सीजन' पर तभी लेगा। जब आपकी मेडिकल HRCT 10 से ज्यादा दिखाई देगी। उससे पहले वह भी आपको आईसीयू एडमिट नहीं करेगा।
तीसरा सवाल -किस अस्पताल में जाएँ जहाँ 'ऑक्सीजन' की दिक्कत न आये ?
जवाब है - हर उस अस्पताल में आप जा सकते हैं जिसे कोविड अस्पताल घोषित कर दिया गया है। उसमें आप जा सकते हैं और इलाज ले सकतें है। बात 'ऑक्सीजन' की तो हर अस्पताल को प्रशासन की ओर से रोज़ ऑक्सिजन सिलेंडर अलॉट किये जाते हैं । ( अनुमानित संख्या )
जैसे कि
 1300 से 2200 सिलेंडर रोज जेएलएन अस्पताल 
 55 से 100 सिलेंडर चर्चित गैस एजेंसी सिविल लाइन्स 
 55 से 100 सिलेंडर फेयर डील मेडिकल आर्यनगर 
 35 से 40 सिलेंडर क्षेत्रपाल अस्पताल
 18 से 22 सिलेंडर मित्तल अस्पताल
 45 सिलेंडर सेटेलाइट अस्पताल
 12 सिलेंडर आरएस अस्पताल
और इसी तरह से जितने भी निजी और सरकारी कोविड अस्पताल हैं। सब के पास 'ऑक्सीजन' उनके कोटा अनुसार उपलब्ध है। 
परंतु ऑक्सीजन आपको तभी मिल पाएगी जब आपको उसकी जरूरत होगी। इसलिए बेवजह सिलेंडर के पीछे ना भागे। घर में रहे और अपना उपचार जारी रखें।
चौथा सवाल क्या मुझे 'ऑक्सीजन' कंसंट्रेटर पर निर्भर रहना चाहिए ? 
इसका जवाब है कि 'ऑक्सीजन' कंसंट्रेटर मात्र 5 किलो ऑक्सीजन वायुमंडल से बनाकर देता है। जो कि केवल एक हद तक मददगार है । यदि आप कोविड-19 के शिकार हो गए और आपको 'ऑक्सीजन' की जरूरत है तो यह कंसंट्रेटर आपको कुछ प्रतिशत तक ही घरेलू लाभ पहुंचा सकता है। परंतु आपके लिए उम्मीद करना कि यह कंसंट्रेटर 'ऑक्सीजन' सिलेंडर की 98% गैस की तरह राहत देता है तो आपकी सोच गलत है।  
पाँचवा सवाल - 'ऑक्सीजन' हेतु आखिर एक मरीज़ के पास क्या क्या विकल्प हैं ?
जवाब है - संक्रमण के स्तर को देखते हुए तीन तरह की मशीनें साफ तौर पर मार्केट में दिखाई दे रही है। प्रथम तरह की मशीन है 'ऑक्सीजन' कंसंट्रेटर जो, कि आपकी सांस लेने की क्षमता को 5% बढ़ाता है। कंसंट्रेटर की कीमत लगभग 66 हज़ार तक कि होती है। 
उसके बाद है, बाई पेप मशीन जो कि 50 से 55% तक आपकी क्षमता बढ़ाएगा। इसकी कीमत 90 हजार के आसपास है।
और अंततः वेंटिलेटर जिसकी कीमत लगभग 70 से 80 लाख है। जहां 'ऑक्सीजन' सिलेंडर लगने पर आपकी सांस लेने की क्षमता 98 परसेंट तक बढ़ जाती है।
 तीनों ही तरह में कंसंट्रेटर ही एक ऐसा जुगाड़ है जो आपको प्राथमिक स्तर पर लाभ पहुंचा सकता है। परंतु यदि आप यह उम्मीद करते हैं कि जिस मरीज को वेंटीलेटर की जरूरत है। उसका काम कंसंट्रेटर से चल जाएगा तो यह उम्मीद आपको भारी पड़ सकती है।
 छठा सवाल - मेरा मरीज घर पर है। मुझे डॉक्टर ने 'ऑक्सीजन' सिलेंडर लिखकर दे दिया है। परंतु फिर भी मुझे सिलेंडर प्राप्त नहीं हो रहा है। ऐसे में मैं क्या करूं ?
 इसका जवाब है कि ऐसे में आप अपने मरीज को टैब तक डिस्चार्ज न करवाये, जब तक चिकित्सक न कहे। और सरकारी चिकित्सक से पर्चा लिखवाकर जिला कलेक्टर अथवा एडीएम और सीएमएचओ के कार्यालय को संपर्क करें। उनसे निवेदन करें और इमरजेंसी का आवेदन लगाकर कुछ हद तक मदद की उम्मीद कर सकते हैं। गैस डीलर और प्लांट धारकों के यहॉं भीड़ लगाने से कुछ लाभ नहीं होगा। क्योंकि अजमेर के प्रशासन द्वारा इन लोगों को अनुमति अब तक नहीं है कि ये सीधे गैस सिलेंडर या 'ऑक्सीजन' किसी को दे सकें।
इसके अलावा भी अगर किसी के मन में कोई सवाल या मेरे बताए हुए तथ्यों में कोई शंका या त्रुटि हो तो वह मुझसे जरूर इस नंबर पर व्हाट्सएप करके पूछे ...
मैं 'ऑक्सीजन' भले ही नहीं उपलब्ध करवा पा रहा हूँ लेकिन फिर भी जहां तक हो सकेगा, आपके सवालों का जवाब तो मैं उपलब्ध करवाने की कोशिश कर ही सकता हूँ। ताकि आपकी उम्मीद बनी रहेंं।
घर पर रहिए और अपना ख्याल रखिय।
बाहर सिलेंडर मिलेंं न मिलेंं कोरोना ज़रूर मिल जाएगा।
 नरेश राघानी

ओसामा बिन लादेन की 10वीं बरसी पर बयान दिया

वाशिंगटन डीसी। अमेरिका ने घोषणा की है, कि वो अफगानिस्तान में चले सबसे लंबे युद्ध को खत्म कर रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने अफगान से अमेरिकी सेना की अंतिम टुकड़ी को बुलाने का आदेश दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा, ''जैसा कि हम अमेरिका के सबसे लंबे युद्ध को समाप्त करने जा रहे हैं। अमेरिका अफगानिस्तान से अपने सैनिकों की अंतिम टुकड़ी को वापस बुला रहे हैं। अब अल कायदा वहां लगभग खत्म ही हो चुका है। लेकिन इसके बाद भी अमेरिका उन आतंकवादी समूहों के खतरे को लेकर हमेशा सतर्क रहेगा। जो दुनिया भर में एक कैंसर की तरह थे।'' अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने यह बयांंन ओसामा बिन लादेन की 10वीं बरसी पर दिया।

मौतों की खबरें चैनलों पर प्रसारित, याचिका खारिज

अकांशु उपाध्याय             

नई दिल्ली। दिल्ली उच्च न्यायालय ने कोरोना वायरस संक्रमण से होने वाली मौतों की खबरें समाचार, चैनलों पर प्रसारित करने पर रोक लगाने से जुड़ी याचिका सोमवार को खारिज कर दी। ललित वालेचा ने न्यायालय में एक याचिका पेश करके कहा था कि कोरोना वायरस की दूसरी लहर जब से आयी है तब से समाचार चैनल न्यूज आर्टिकल और अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से बहुत नकारात्मक चित्र और खबरें अत्यंत गैरजिम्मेदाराना तरीके से प्रसारित कर रहे हैं। मुख्य न्यायाधीश डी एन पटेल और न्यायमूर्ति जसमीत ने कहा कि कोरोना संक्रमण के कारण होने वाली मौतों की जनता को जानकारी देना नकारात्मक खबरें नहीं है। इसके बाद दोनों ने यह याचिका खारिज कर दी। न्यायालय ने कहा कि जब खबरें सही होंगी तो उन पर कोई रोक नहीं लगायी जा सकती।

भारत को 13 देशों से प्राप्त हुईं सहायता सामग्री

अकांशु उपाध्याय               

नई दिल्ली। भारत में कोविड महामारी से मुकाबले के लिए अब तक 13 देशों से सहायता सामग्री प्राप्त हुई है। जिनमें नौ ऑक्सीजन जेनेरेटर, 2116 ऑक्सीजन कन्सन्ट्रेटर, 1379 सिलेंडर एवं 965 वेंटीलेटर एवं सहायक उपकरण तथा करीब एक लाख 36 हजार रेमडेसिविर इंजेक्शन शामिल हैं। सरकार के आंकड़ों के अनुसार ब्रिटेन, मॉरीशस, सिंगापुर, रूस, संयुक्त अरब अमीरात, आयरलैंड, रोमानिया, अमेरिका, थाईलैंड, जर्मनी, फ्रांस, बेल्जियम और इटली से सहायता सामग्री आयी है। रूस से करीब डेढ़ लाख स्पूतनिक-5 वैक्सीन भी भेजी है।

टोकन सिस्टम लेकर आएं जिला प्रशासन के अधिकारी

अश्वनी उपाध्याय          

गाज़ियाबाद। जिलें के निवासियों को ऑक्सिजन की निर्बाध सप्लाई देने में नाकाम जिला प्रशासन के धुरंधर अधिकारी अब टोकन सिस्टम लेकर आए हैं। आपको बता दें कि जिला प्रशासन पर ऑक्सिजन की कालाबाजारी से लेकर भाई-भतीजावाद के आरोप लग चुके हैं। लोनी से भाजपा विधायक नन्द किशोर गुर्जर ने तो बाकायदा जिलाधिकारी को एक पत्र लिखकर एडीएम सिटी के खिलाफ संगीन धाराओं में एफ़आईआर दर्ज कराने की मांग तक कर डाली है। ऑक्सीजन उपलब्ध कराने के आज उद्देश्य से कोविड-19 के नोडल अधिकारी सेंथिल पांडियन सी ने जीडीए के सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में पंडियन ने अधिकारियों को जिले के सभी अस्पतालों में निरंतर ऑक्सिजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने इस संबंध में ऑक्सीजन के सभी डिस्ट्रीब्यूटर्स को स्पष्ट रूप से निर्देशित करते हुए कहा कि उनके द्वारा अस्पतालों में ऑक्सीजन सप्लाई के संबंध में नियमित सूचना नगर आयुक्त को उपलब्ध करानी होगी।

यूपी: 24 घंटें में 288 कोरोना संक्रमितों की मौत हुईं

हरिओम उपाध्याय               

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से 288 संक्रमितों की मौत हो गई। जबकि 29,192 नये मरीज चिन्हित किये गये हैं। अपर मुख्‍य सचिव स्‍वास्‍थ्‍य अमित मोहन प्रसाद ने सोमवार को पत्रकारों को बताया कि राज्य में कोरोना संक्रमण से पिछले 24 घंटे में 288 संक्रमितों की मौत हो गयी और अब तक कुल 13,447 संक्रमितों ने अपनी जान गंवाई है। उत्तर प्रदेश में 29,162 नये संक्रमितों के पाये जाने के बाद अब कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 13,42,413 हो गई है। पिछले 24 घंटे में मिले नये संक्रमितों के सापेक्ष 38,687 मरीज संक्रमण मुक्त हुये। अभी तक राज्य में 10,43,134 कोरोना के मरीज पूर्ण रूप से स्वस्थ हो चुके हैं।

भारत में संक्रमण के हालात से बेहद चिंतित: फाइजर

अकांशु उपाध्याय                     

नई दिल्ली। वैश्विक दवा विनिर्माता कंपनी फाइजर के चेयरमैन और सीईओ अल्बर्ट बोर्ला ने सोमवार को कहा कि कंपनी भारत में फाइजर-बायोएनटेक टीका उपलब्ध कराने की खातिर उसे जल्दी मंजूरी दिलाने के लिए भारत सरकार के साथ बीतचीत कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि फाइजर अपने अमेरिका, यूरोप और एशिया स्थित वितरण केंद्रों से सात करोड़ डॉलर (करीब 510 करोड़ रुपये) की दवाएं भारत भेज रही है। उन्होंने फाइजर इंडिया के कर्मचारियों को भेजे मेल में कहा, ”हम भारत में कोविड-19 के हालात से बेहद चिंतित हैं और दिल से आपके प्रियजनों और भारत के सभी लोगों के साथ हैं।” उन्होंने यह मेल लिंक्डइन पर पोस्ट किया है। बोर्ला ने कहा, ”हम इस बीमारी के खिलाफ भारत की लड़ाई में भागीदार बनने के लिए प्रतिबद्ध हैं और अपनी कंपनी के इतिहास में सबसे बड़ी मानवीय राहत के लिए तेजी से काम कर रहे हैं।”

तीसरी बार बंगाल की 'सीएम' ममता लेंगीं शपथ

कोलकाता। ममता बनर्जी 5 मई को तीसरी बार पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगी। उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने सोमवार को यह जानकारी दी। पार्टी महासचिव पार्थ चटर्जी ने कहा कि नव-निर्वाचित विधायकों ने यहां हुई बैठक में बनर्जी को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया। तृणमूल विधायकों ने मौजूदा विधानसभा के अध्यक्ष विमान बनर्जी को नयी विधानसभा का कार्यवाहक अध्यक्ष चुना है। चटर्जी ने विधायकों की बैठक के बाद यहां पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से कहा, ”नव-निर्वाचित सदस्य छह मई को विधानसभा में शपथ लेंगे।”

सीएम ने जनसभा कर, मतदाताओं से संवाद किया

सीएम ने जनसभा कर, मतदाताओं से संवाद किया  संदीप मिश्र  बरेली। बरेली के आंवला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सुभाष इंटर कॉलेज ग्...