सोमवार, 1 मार्च 2021

नड्डा ने विश्वनाथ और कालभैरव मंदिरों में पूजा की

वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार को यहां श्री काशी विश्वनाथ मंदिर एवं बाबा कालभैरव मंदिर जाकर दर्शन-पूजन किया। भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद अपने पहले वाराणसी दौरे के दूसरे दिन उन्होंने अपने दिन की शुरुआत बाबा विश्वनाथ की विधि-विधान से पूजा के साथ की। षोडशोपचार विधि से बाबा भोले की पूजा-अर्चना कर उन्होंने काशी के कोतवाल माने जाने वाले बाबा काल भैरव मंदिर का रुख किया। जहां उन्होंने बाबा के दर पर आरती की। नड्डा ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाज़िरी लगाने के बाद यहां चल रहे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर के निर्माण कार्यों को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की। उनके साथ उत्तर प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, सह प्रभारी सुनील ओझा समेत पार्टी के कई नेता मौजूद थे।


संस्कृति विरोधी ताकतों को दूर रखना होगा: राहुल

चैन्नई। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि तमिलनाडु को भाषा एवं संस्कृति विरोधी ताकतों और ”एक संस्कृति, एक राष्ट्र और एक इतिहास” की अवधारणा पेश करने वालों को दूर रखने में भारत को राह दिखानी चाहिए। राहुल गांधी ने राज्य के तीन दिवसीय दौरे में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि इतिहास ने दिखा दिया है कि तमिलनाडु में तमिल लोगों के अलावा कोई और सत्ता में नहीं आ सकता। 234 विधानसभा सीटों वाले तमिलनाडु में 6 अप्रैल को चुनाव होने हैं। कांग्रेस द्रमुक नीत गठबंधन के साथ चुनाव लड़ रही है।

बंगाल: चुनाव आयोग के फैसले के खिलाफ याचिका

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में आठ चरणों में विधानसभा चुनाव कराने के निर्वाचन आयोग फैसले के खिलाफ उच्चतम न्यायालय में सोमवार को एक याचिका दायर की गई है। वकील एम एल शर्मा द्वारा दायर याचिका में न्यायालय से आयोग को यह निर्देश देने का अनुरोध किया गया है कि वह राज्य में आठ चरणों में विधानसभा चुनाव नहीं कराए क्योंकि यह संविधान के अनुच्छेद 14 (जीवन के अधिकार) और अनुच्छेद 21 का उल्लंघन करता है।निर्वाचन आयोग ने 26 फरवरी को पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में होने वाले चुनावों के लिए कार्यक्रम की घोषणा की थी। पश्चिम बंगाल में जहां 27 मार्च से 29 अप्रैल के बीच आठ चरणों में चुननाव होंगे वहीं तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में एक चरण में 6 अप्रैल को चुनाव होंगे। असम में तीन चरणों में चुनाव होने हैं। याचिका पर अगले कुछ दिनों में सुनवाई होने की उम्मीद है।

प्रियंका दो दिवसीय यात्रा पर पहुंचीं असम, पूजा की

गुवाहाटी। कांग्रेस महासचिव एवं स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी वाड्रा असम के दो दिवसीय दौरे पर सोमवार सुबह यहां पहुंचीं। प्रियंका गांधी ने गुवाहाटी में लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने के तुरंत बाद गुवाहाटी में नीलाचल पहाड़ी पर स्थित प्रसिद्ध कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना की। उनके साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी थे।उन्होंने मंदिर परिसर में संवाददाताओं से कहा कि मैं लंबे समय से कामाख्या मंदिर आने के बारे में सोच रही था और मेरी मनोकामना आज पूरी हुई। मैंने देवी की पूजा की और उनसे अपने परिवार के लिए आशीर्वाद मांगा। मैंने असम और राज्य के लोगों के कल्याण के लिए भी प्रार्थना की।

आंदोलन के नाम पर अराजकता फैला रहा है विपक्ष

हरिओम उपाध्याय  
लखनऊ। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने किसान आंदोलन के नाम पर कांग्रेस, समाजवादी पार्टी तथा आम आदमी पार्टी पर देश में अराजकता फैलाने का आरोप लगाया है। केशव मौर्य ने आज ट्वीट कर कहा कि किसानों को आंदोलन के नाम पर बरगलाया जा रहा और झूठ फैलाया जा रहा है। उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर खास तौर पर निशाने पर लिया और कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे केजरीवाल ऐसी बात कर रहे हैं।केजरीवाल ने एक दिन पूर्व तीन कृषि कानूनों को किसानों के लिये डेथ वारंट कहा था और ये भी आरोप लगाया था कि 26 जनवरी को लाल किले पर हुए उपद्रव में भाजपा का हाथ था। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कानून का विरोध करने वाले अभी तक यह नहीं बता सके हैं कि इसमें कमी या खामी क्या है। उनका मकसद देश में अराजकता फैलाना है लेकिन देश की जनता इनके मंसूबों के कामयाब नहीं होने देगी।

मिस इंडिया मानसी आम आदमी पार्टी में शामिल

अकांशु उपाध्याय  
नई दिल्ली। पूर्व मिस इंडिया दिल्ली मानसी सहगल सोमवार को आम आदमी पार्टी में शामिल हो गईं। यहां जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई। बयान के अनुसार सहगल आप नेता राघव चड्ढा की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हुईं। इस दौरान सहगल ने कहा कि वह मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के ईमानदार शासन से प्रेरित हुईं और इसलिए उन्होंने आम आदमी पार्टी को चुना।उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र की समृद्धि के लिए स्वास्थ्य और शिक्षा दो मुख्य स्तंभ हैं और अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में पिछले कुछ सालों में इन दो क्षेत्रों में जबरदस्त बदलाव हुए हैं।

प्रसंस्करण क्षेत्र में क्रांति लाने की जरूरत: मोदी

अकांशु उपाध्याय  
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि देश में सार्वजनिक निजी भागीदारी (पीपीपी) के जरिये खाद्य प्रसंसकरण क्षेत्र में क्रांति लाने की जरूरत है। प्रधानमंत्री ने कृषि क्षेत्र के लिये बजट में किये गये प्रावधानों पर वेबिनार को संबोधित करते हुये विभिन्न पहलों के बारे में बताया। बजट में अगले वित्त वर्ष के लिये कृषि क्षेत्र के लिये कर्ज का लक्ष्य चालू वित्त वर्ष के 15 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 16.5 लाख करोड़ रुपये रखा गया है। मोदी ने बजट प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के 12 करोड़ छोटे और सीमांत किसानों के फायदे के लिये सरकार ने कई फैसले लिये हैं। उन्होंने कहा कि ये छोटे और सीमांत किसान ग्रामीण अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने में अग्रणी भूमिका निभायेंगे। देश के खाद्यान्न उत्पाद में लगातार वृद्धि का क्रम जारी है इसे देखते हुये प्रधानमंत्री ने फसल कटाई के बाद फसलों की साज संभाल, खाद्य प्रसंस्करण और मूल्य वर्धन क्षेत्र में क्रांति लाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

महिला के पति ने मालकिन समेत 2 बच्चों को जलाया

कानपुर। उत्तर प्रदेश में कानपुर देहात के अकबरपुर के नेहरू नगर में किराएदार सिपाही के पति ने मकान मालिक सभासद की पत्नी व उसके दो बच्चों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने आज कहा कि आसपास के लोगों ने आनन फानन आग बुझाई और भागने का प्रयास कर रहे आरोपी का पीछा किया। इस बीच वह ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया, वहीं अस्पताल में गंभीर झुलसे दोनों बच्चों की रविवार की देर रात मौत हो गई। सभासद की पत्नी की हालत गंभीर है। पुलिस ने घटना की पड़ताल शुरू की है।अकबरपुर कोतवाली के पास नेहरू नगर में सभासद जितेंद्र यादव पत्नी अर्चना, चार वर्षीय बेटी अक्षिता व डेढ़ वर्षीय बेटा हनु के साथ रहते हैं। उनके मकान में कोतवाली में तैनात महिला सिपाही उषा किरायेदार है और पति अवनीश के साथ रहती है। रविवार देर रात अवनीश ने मकान मालिक की पत्नी अर्चना व दोनों बच्चों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दिया। तीनों की चीखपुकार सुन कर दूसरे कमरे से जितेंद्र व आसपास के लोग भी एकत्र हुए। उन पर कंबल डालकर आग बुझाई।

महापंचायत को लेकर वॉलिंटियर्स ने संभाली व्यवस्था

रुद्रपुर। शहर में होने वाली किसान महापंचायत को लेकर पुलिस और सयुंक्त किसान मोर्चा के वॉलिंटियर्स ने पूरी व्यवस्थाओं को संभाला। जिसमें पार्किंग व्यवस्थाओं के साथ साथ अन्य व्यवस्थाओं को पुलिस और वॉलिंटियर्स ने संभाला। जानकारी देते हुए एसडीएम विशाल मिश्रा ने बताया कि किसान महापंचायत को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिसको लेकर शहर को पांच जोनों में बांटा गया है। जिसमें भदईपुरा, तीन पानी आदि जगहों पर ट्रैफिक को डायवर्ट कर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। महापंचायत में सीओ रुद्रपुर समेत सीओ सितारगंज व सीओ काशीपुर ने व्यवस्थाओं पर पूरी तरह से नजर रखी। साथ ही तहसीलदार अमृता शर्मा, एसडीएम रुद्रपुर विशाल मिश्रा, एसडीएम किच्छा नरेश दुर्गापाल भी मौके पर मौजूद रहे। इस दौरान हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे।

अधिकार को चुनौती देने वाली याचिका खारिज

अकांशु उपाध्याय  
नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों को अपने पास प्रतिनियुक्ति पर बुलाने के केंद्र सरकार के अधिकार को चुनौती देने वाली याचिका सोमवार को खारिज कर दी। न्यायमूर्ति एल नागेश्वर राव की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने पश्चिम बंगाल के निवासी एवं पेशे से वकील अबु सोहेल की याचिका संक्षिप्त सुनवाई के दौरान खारिज कर दी।गौरतलब है कि हाल ही में पश्चिम बंगाल के तीन आईपीएस अधिकारियों को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर बुलाये जाने पर केंद्र और राज्य सरकार में तनातनी हो चुकी है। याचिकाकर्ता ने भारतीय पुलिस सेवा (कैडर) नियमावली, 1954 के नियम 6(1) की संवैधानिकता को चुनौती दी थी। जिसके तहत आईपीएस अधिकारियों को प्रतिनियुक्ति पर अपने पास बुलाने का केंद्र को अधिकार है।

नेता आजाद को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हुई

श्रीनगर। राज्‍यसभा से रिटायर होने के बाद वरिष्‍ठ कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। ऐसा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  के प्रति जाहिर किए गए उनके प्रेम को लेकर कहा जा रहा है। जम्‍मू में कांग्रेस के ‘जी-23’ नेताओं की ओर से पार्टी हाईकमान के खिलाफ बगावत का संकेत देने के एक दिन बाद गुलाम नबी आजाद ने सार्वजनिक मंच से पीएम मोदी को जमीनी नेता भी कहा है। ऐसे में अब राजनीतिक कयास लगाए जा रहे हैं कि कहीं आजाद पाला तो नहीं बदलने जा रहे। मतलब उनके बीजेपी में जाने को लेकर सियासी गलियारों में चर्चाएं बढ़ गई हैं।
आजाद ने हाल ही में कहा, ‘मैं कई नेताओं की प्रशंसा करता हूं… मैं खुद गांव का हूं और मुझे इसका फक्र है। मैं अपने प्रधानमंत्री जैसे नेताओं की काफी प्रशंसा करता हूं जो कहते हैं कि वह गांव से हैं। वह चाय बेचते थे। मेरे राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं लेकिन वह अपने अतीत को नहीं छिपाते हैं।

इस महीने कौन-कौन से त्योहार आएंगे, जानिए

फाल्गुन का महीना शुरू हो गया है। जी हाँ, रविवार से यानी 1 मार्च से फाल्गुन का महीना शुरू हो गया। इसे हिन्दू पंचांग का अंतिम महीना कहा जाता है। आप सभी जानते ही होंगे कि इस महीने की पूर्णिमा को फाल्गुनी नक्षत्र होने के कारण इसे फाल्गुन कहा जाता हैं। इस महीने को ही आनंद और उल्लास का महीना भी कहते है। दरअसल इस महीने बसंत का प्रभाव बढ़ जाता है और इसी के वजह से प्रेम और रिश्तों में मिठास आने लगती है। आप सभी को बता दें कि इस बार फाल्गुन मास 28 फरवरी से 28 मार्च तक रहेगा। इस बीच महाशिवरात्रि, होली, जानकी जयंती , प्रदोष व्रत , फाल्गुन अमावस्या, शनि अमावस्या, खरमास प्रारंभ, होली भाई दोज, होलिका दहन, फाल्गुन पूर्णिमा व्रत जैसे पर्व आने वाले हैं। अब आज हम आपको बताने जा रहे हैं इस महीने कौन-कौन से त्योहार पड़ने वाले हैं।

1 मार्च- महाशिवरात्रि और दूसरा होली।
2 मार्च : संकष्टी चतुर्थी।।
6 मार्च- जानकी जयंती (सीताष्टमी)।
9 मार्च-  विजया एकादशी।
10 मार्च- प्रदोष व्रत (कृष्ण)।

11 मार्च- महाशिवरात्रि, मासिक शिवरात्रि, हरिद्वार कुंभ प्रथम शाही स्नान।
13 मार्च- फाल्गुन अमावस्या, शनि अमावस्या।
14 मार्च- मीन संक्रांति, पंचक, चंद्रदर्शन।
15 मार्च- खरमास प्रारंभ,।।
17 मार्च- विनायकी चतुर्थी।

20 मार्च- रोहिणी व्रत।
21 मार्च- होलाष्टक प्रारंभ।
25 मार्च- आमलकी एकादशी।
26 मार्च- प्रदोष व्रत (शुक्ल)।
28 मार्च- होलाष्टक स। होलिका दहन, फाल्गुन पूर्णिमा व्रत।

29 मार्च- होली, धुलेंडी, वसंतोत्सव, आम्रकुसुम प्राशन पोडषकारण व्रत प्रारंभ।
30 मार्च- चित्रगुप्त पूजा, होली भाई दोज।
31 मार्च- संकष्टी चतुर्थी।

सीएम ने जनसभा कर, मतदाताओं से संवाद किया

सीएम ने जनसभा कर, मतदाताओं से संवाद किया  संदीप मिश्र  बरेली। बरेली के आंवला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सुभाष इंटर कॉलेज ग्...