बुधवार, 18 नवंबर 2020

सर्दी, फीवर को सामान्यतः नहीं लेंं

अकांंशु उपाध्याय


नई दिल्ली। रातों में बढ़ती ठड़, कोहरे और दिन की धूप से तापमान में काफी परिवर्तन हो रहा है। इससे वायरल फीवर, सर्दी, मलेरिया और डेंगू के मरीज बढ़ रहे हैं। वायरल फीवर में सर्दी, खांसी, जुकाम के साथ बुखार भी आता है। यही लक्षण कोरोना के मरीज में भी सामान्यत: देखने को मिलते हैं। ऐसे में लोगों और डॉक्टरों के लिए यह पहचान पाना मुश्किल है कि मरीज को वायरल फीवर है, या मलेरिया, या फिर कोरोना का संक्रमण है।


वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. वागीश वैश्य ने बताया कि इस समय वायरल फीवर, मलेरिया, डेंगू तेजी से फैल रहा है। कोरोना भी दोबारा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। खास बात यह है कि इन सभी बीमारियों से थोड़ी सी सावधानी बरतने पर बचा जा सकता है। डॉ. वागिश का कहना है कि बुखार, जुकाम, खांसी को लोग हलके में ले कर खुद से भी दवा ले लेते हैं। इससे हालत ज्यादा गंभीर हो जाती है। डेंगू मलेरिया और कोरोना को केवल जांच द्वारा ही पहचाना जा सकता है। इसलिए इन लक्षणो में किसी विशेषज्ञ को ही दिखाना चाहिए।


वायरल फीवर —खांसी, जुकाम, गले में दर्द के साथ बुखार आता है। सांस लेने में भी दिक्कत हो सकती है।


कोरोना वायरस –जुकाम, खांसी, गले में खराश व दर्द, बुखार, आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ होना अहम लक्षण हैं।


मलेरिया और डेंगू —मलेरिया में ठंड या बिना ठंड के बुखार आता है। डेंगू में बुखार के साथ प्लेटलेट कम होती हैं। सिर दर्द और घबराहट हो सकती है।


कोरोना से करें बचाव—डब्ल्यूएचओ के मुताबिक कोरोना से बचने के उपाय हाथों को बार-बार साबुन से धोएं या एल्कोहल युक्त सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें। खांसते और छींकते वक्त टिशू का इस्तेमाल करें और इस्तेमाल करने के बाद इसे तुरंत फेंक दें। टिशू ना हो तो बांह से मुंह ढंककर छींके या खांसे। आंख, नाक और मुंह को न छुएं। लेकिन अगर ऐसा करना जरूरी है तो छूने से पहले और छूने के बाद अपना हाथ जरूर धोएं या उसे सैनिटाइजर से साफ करें। कोशिश करें कि किसी भी सर्दी-जुकाम से पीडि़त व्यक्ति के संपर्क में न जाएं। कुछ भी खाने से पहले हाथ को अच्छे से साबुन या हैंडवाश से धुलें। धुलने का समय कम से कम 20 सेकेंड का होना चाहिए।


मच्छरों को पैदा होने से रोकने के उपाय
घर या ऑफिस के आस-पास पानी जमा न होने दें, गड्ढों को मिट्टी से भर दें, रुकी हुई नालियों को साफ करें।
अगर पानी जमा होने से रोकना मुमकिन नहीं है तो उसमें केरोसिन ऑयल डालें।
रूम कूलरों, फूलदानों का सारा पानी हफ्ते में एक बार और पक्षियों को दाना-पानी देने के बर्तन को रोज पूरी तरह से खाली करें, उन्हें सुखाएं और फिर भरें। घर में टूटे-फूटे डिब्बे, टायर, बर्तन, बोतलें आदि न रखें। अगर रखें तो उलटा करके रखें। डेंगू के मच्छर साफ पानी में पनपते हैं, इसलिए पानी की टंकी को अच्छी तरह बंद करके रखें। रात को सोते समय मच्छरदानी लगाएं।                                      


दो से 3 गुना तक बढ़ सकते हैं मतदान केंद्र

दो से तीन गुना तक बढ़ाए जा सकते हैं पंचायत चुनाव के मतदेय स्थल


बलरामपुर। कोरोना काल में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव कराने की चुनौतियां काफी बढ़ गई हैं। वोटिंग कराने के लिए एक मतदान केंद्र पर सिर्फ छह बूथ ही बनाए जा सकेंगे। एक बूथ पर 1200 की जगह इस बार 800 वोटरों के मतदान कराने की व्यवस्था बनाए जाने की संभावना है। पंचायत चुनाव के मतदेय स्थलों में दो से तीन गुना तक बढ़ोत्तरी हो सकती है। नए पोलिंग केंद्र बनाने के साथ पुरानों में बूथों की संख्या बढ़ाना चुनौती बन गई है। नए पोलिंग बूथ बनाने में जिम्मेदारों की परेशानी बढ़ गई है।


गौरतलब हो कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य कराया जा रहा है। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 15 सितंबर से मतदाता सूची में नाम बढ़ाने की प्रक्रिया गतिमान है। 930 बीएलओ ने 12 नवंबर तक घर-घर जाकर गणना व सर्वेक्षण कार्य पूरा कर लिया है और ऑनलाइन आवेदन पत्रों की घर-घर जाकर जांच भी की जा चुकी है।
13 नवंबर से पांच दिसंबर तक ड्राफ्ट नामावलियों की कंप्यूटरीकृत पांडुलिपि तैयार की जाएगी। ड्राफ्ट मतदाता सूची का छह दिसंबर को प्रकाशन किया जाएगा। छह से 12 दिसंबर तक ड्राफ्ट के रूप में प्रकाशित निर्वाचक नामावली की निरीक्षण किया जाएगा। 13 से 19 दिसंबर तक दावे व आपत्तियों का निस्तारण कराया जाएगा।
20 से 28 दिसंबर तक दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद पूरक सूचियों की पांडुलिपियां तैयार करके उन्हें मूल सूची में यथा स्थान समाहित किया जाएगा। 29 दिसंबर को जन सामान्य के लिए मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा। प्रकिया पूरी होने के बाद जिले के 800 ग्राम पंचायतों, 997 क्षेत्र पंचायतों व 40 जिला पंचायतों के क्षेत्रों में आरक्षण की कार्रवाई पूरी कराई जाएगी। इसके बाद त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का बिगुल बजेगा। इस बार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव कराना काफी चुनौतीपूर्ण होगा।
कोविड-19 महामारी के चलते पोलिंग बूथों पर भीड़भाड़ न बढ़े इसके लिए निर्वाचन आयोग की तरफ से पोलिंग बूथों में बढ़ोत्तरी की जा सकती है। कोविड-19 महामारी की चुनौती से निपटने के लिए एक मतदान केंद्र पर सिर्फ छह बूथ बनाए जाएंगे। एक बूथ पर 1200 की जगह 800 वोटरों के मतदान की व्यवस्था कराई जा सकती है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2015 में जिले के सभी नौ ब्लॉकों में 101 न्याय पंचायतों में पर्यवेक्षकों को तैनात किया गया था जिनकी निगरानी में 801 ग्राम पंचायतों, 10053 ग्राम पंचायत सदस्यों, 997 क्षेत्र पंचायतों व 40 जिला पंचायत क्षेत्रों के चुनाव कराए गए थे। जिले में 927 मतदान केंद्रों पर 2037 पोलिंग बूथ बनाए गए थे। 2015 चुनाव में कुल 1478743 वोटर थे। इस बार एक ग्राम पंचायत की संख्या घट गई है।
अब कुल 800 ग्राम पंचायतों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव कराए जाएंगे। इस बार 449 मतदेय स्थल बढ़ाए गए हैं अब जिले में 2486 मतदेय स्थल हो गए हैं।जिले में अब तक 34315 वोटर भी बढ़ गए हैं। वोटरों की कुल संख्या अब 1513058 तक हो चुकी है।
अभी तक पोलिंग बूथ बढ़ाने का नहीं मिला निर्देश
निर्वाचन आयोग की तरफ से त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में अभी तक पोलिंग बूथ बढ़ाने के संबंध में कोई निर्देश नहीं मिला है। कोविड-19 महामारी को ध्यान में रखकर लोगों की सुरक्षा के लिए आयोग की तरफ से जारी निर्देश का पालन किया जाएगा।                                     


भारतः वायरस संक्रमितो की संख्या 89,12,907

अकांशु उपाध्याय


नई दिल्ली। देश में कोविड- 19 से संक्रमित लागों की संख्या बुधवार को 89 लाख को पार कर गई। हालांकि इनमें से 83 लाख से अधिक लोगों के संक्रमण मुक्त होने के साथ ही मरीजों के ठीक होने की दर 93.52 प्रतिशत हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे अद्यतन आंकड़ों के अनुसार एक दिन में कोविड-19 के 38,617 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमित लोगों की कुल संख्या बुधवार को बढ़कर 89,12,907 हो गयी । इसमें कहा गया है कि देश में कोरोना वायरस संक्रमण से 474 और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 1,30,993 हो गई।


आंकड़ों के अनुसार देश में लगातार आठ दिनों से उपचाराधीन संक्रमितों की संख्या पांच लाख से कम है। अभी 4,46,805 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 5.01 प्रतिशत है। इसके अनुसार देश में अभी तक 83,35,109 लोगों के संक्रमण मुक्त होने के साथ ही मरीजों के ठीक होने की दर 93.52 प्रतिशत हो गई। वहीं कोविड-19 से मृत्यु दर 1.47 प्रतिशत है।


भारत में सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख के पार चली गई थी। वहीं, कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख और 29 अक्टूबर को 80 लाख के पार चले गए थे। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार 17 नवम्बर तक कुल 12,74,80,186 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई, जिनमें से 9,37,279 नमूनों का परीक्षण मंगलवार को ही किया गया।                                       


सहायक शिक्षक भर्ती मामले में फैसला सुनाया

पालूराम


नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को उतर प्रदेश के 69 हजार सहायक शिक्षकों के भर्ती मामले में बड़ा फैसला सुनाया। अदालत ने इस मामले में यूपी शिक्षा मित्र एसोसिएशन द्वारा दायर अपील को खारिज करने के साथ ही कट-ऑफ में छूट नहीं देते हुए शिक्षा मित्रों को संबंधित परीक्षाओें में भाग लेने का अंतिम मौका दिया है।


उच्चतम न्यायालय ने उत्तर प्रदेश सरकार को मई में घोषित परिणामों के आधार पर सहायक बेसिक शिक्षकों के 69,000 रिक्त पदों पर भर्ती करने की बुधवार को अनुमति दे दी। न्यायमूर्ति यू यू ललित की अगुवाई वाली पीठ ने सहायक बेसिक शिक्षकों के चयन के लिए कट ऑफ अंक बरकरार रखने के इलाहाबाद उच्च न्यायालय के आदेश को चुनौती देने वाली ‘उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ’ की याचिका समेत अन्य याचिकाओं को खारिज कर दिया।

शीर्ष अदालत ने कहा कि राज्य को उत्तर प्रदेश में शिक्षा मित्र शिक्षकों को सहायक बेसिक शिक्षकों के तौर पर चयन के लिए फिर से प्रतियोगिता में भाग लेने का एक और मौका देने की अनुमति होगी। संघ ने उत्तर प्रदेश सरकार के सात जनवरी, 2019 के आदेश को चुनौती दी थी। इस आदेश में कहा गया था कि सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा 2019 को उत्तीर्ण करने के लिए सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों को कम से कम 65 अंक और आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 60 अंक हासिल करने होंगे।                                


सार्वजनिक स्थलों पर पूजा पर रोक सहीः एचसी

रोशन कुमार


नई दिल्ली। दिल्ली उच्च न्यायालय ने कोविड-19 के मद्देनजर दिल्ली सरकार द्वारा सार्वजनिक स्थलों तालाबों, नदी तटों और अन्य स्थलों पर छठ पूजा के आयोजन पर लगाए गए प्रतिबंध में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएम) के अध्यक्ष द्वारा जारी प्रतिबंध के आदेश को चुनौती देने वाली एक याचिका को उच्च न्यायालय ने खारिज कर दिया। डीडीएमए ने अपने आदेश में कहा था कि 20 नवंबर को छठ पूजा के लिए सार्वजनिक स्थलों पर कोई भीड़ जुटने की अनुमति नहीं होगी।


न्यायमूर्ति हिमा कोहली और न्यायमूर्ति सुब्रह्मण्यम प्रसाद वाली एक पीठ ने कहा कि पूजा के लिए लोगों को जमा होने की अनुमति देने से संक्रमण का प्रसार हो सकता है। यह कहते हुए पीठ ने याचिका खारिज कर दी। पीठ ने कहा कि मौजूदा समय में इस तरह की याचिका जमीनी सच्चाई से परे है।                                    


कार्ड धारको को कम राशन देने पर होगी कार्रवाईं

जो कोटेदार राशन कार्ड धारकों को कम राशन देगा उसके विरूद्ध कड़ी कार्यवाई होगीः विधायक संजय


कौशाम्बी। नेवादा ब्लॉक के तिलगोड़ी में धान क्रय केंद्र का चायल विधायक संजय कुमार गुप्ता द्वारा निरीक्षण किया गया। चायल विधायक संजय कुमार गुप्ता ने कहा कि कोटेदार द्वारा राशन कार्ड धारकों को कम राशन देना और यह तर्क देना की गोदाम से राशन कम तौल में मिलता है। इसी शिकायत के क्रम में गोदाम में कोटेदारों को राशन वितरण की निकासी को चेक किया गया। उन्होंने कहा कि राशन गोदाम में पहुंचकर कई बोरी की तौल कराई तौल में राशन पूरा निकला कोटेदारों द्वारा कम तौल की कही जा रही बात पूर्णतया गलत साबित हुई।निरीक्षण के दौरान चायल विधायक संजय कुमार गुप्ता ने कहा कि जो कोटेदार राशन कार्ड धारकों को कम राशन देगा उसके विरूद्ध कड़ी कार्यवाई होगी।


गणेश साहू 


उलझी हुई गुत्थी को सुलझानें में मिलीं कामयाबी

अश्वनी उपाध्याय


गाजियाबाद। सिहानी गेट पुलिस ने मुरादनगर से भारतीय जनता पार्टी के विधायक अजीत पाल त्यागी के मामा की हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम जितेंद्र त्यागी है, जो हिंदू युवा वाहिनी का पूर्व जिला अध्यक्ष है। आरोपी ने बताया है कि वारदात में विधायक अजीत पाल त्याागी का बड़ा भाई ही मुख्य रूप से शामिल था। आपको बता दें कि बीती 9 अक्टूबर को गाजियाबाद के सिहानी गेट थाना क्षेत्र में बीजेपी विधायक अजीत पाल त्यागी के मामा नरेश त्यागी की लोहिया नगर में हत्या कर दी गई थी। वारदात को 1 महीने से ज्यादा का वक्त बीत जाने के बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी की है। आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया है।                                                     


जवानों की बुद्धिमता से बचीं युवती की जान

अश्वनी उपाध्याय


गाज़ियाबाद। रेलवे स्टेशन पर आज दो जवानों की समझदारी से एक महिला की जान बच गई। स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर 1 महिला अवध-आसाम एक्सप्रेस ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रही थी। लेकिन ट्रेन अचानक तेज गति से चलने लगी। इसी दौरान महिला का बैलेंस बिगड़ गया और वो प्लेटफार्म से पटरियों की ओर गिर गई। तभी स्टेशन पर तैनात आरपीएफ़ के दो सिपाहियों की नज़र महिला पर पड़ी और उन्होंने सूझबूझ से महिला को बचा लिया। इतना ही नहीं जवानों ने ट्रेन को रुकवा कर महिला को उसमें बैठाने में भी मदद की।                                     


हरियाणाः मंत्री की सादगी को देख कायल हुए

राणा ऑबरॉय


नारनौल। सत्ता की कुर्सी पर विराजमान होते ही नेताओं के स्वभाव में परिवर्तन आ जाता है। ऐसी सोच को इस दृश्य ने पूरी तरह बदल दिया है। हरियाणा सरकार में मंत्री पद के औहदे पर विराजमान सादगी से परिपूर्ण ओमप्रकाश यादव के लिए यह आम दिनचर्या है। यह तस्वीर मंगलवार सुबह की है। दरअसल, नारनौल शहर में महावीर बुक डिपो के संचालक राधेश्याम भारद्वाज का हाल ही में निधन हो गया। वह मोहल्ला फ्रांसखाना में रहते है। वहां मंत्री ओमप्रकाश यादव को शोक बैठक में जाना था। सरकारी गाड़ी के चालक अपनी ड्यूटी पर था। इसी दौरान मंत्री घर से बाहर निकले और वहां पहले से ही मौजूद भाजपा के जिला कोषाध्यक्ष अनिल शर्मा थे। कोषाध्यक्ष को स्कूटी पर देखा तो अपनी सरकारी गाड़ी व सुरक्षा में तैनात पुलिस जवानों को छोड़ मंत्री उनके पास गए और अनिल शर्मा से कहा कि अगर आपकी स्कूटी पर बैठकर वहां चले तो आपको कोई दिक्कत तो नहीं। जवाब में अनिल शर्मा का कहना था कि यह तो सौभाग्य होगा। इसके बाद मंत्री ओमप्रकाश यादव उनकी स्कूटी पर बैठ गए। स्कूटी से मोहल्ला फ्रांसखाना पहुंचे। इस बीच रास्ते में जिन्होंने भी स्कूटी पर सवार मंत्री को देखा तो सब उनकी इस सादगी के कायल हो गए। मिट्टी से जुड़ी पंचायती नेता को इस तरह सरकारी गाड़ी व बिना पुलिस जवानों के स्कूटी पर बैठकर शहर में निकलता देख दिनभर इसकी चर्चा रही।                                 


ब्लैकस्पॉट के पास एंबुलेंस की व्यवस्था की जाएंं

अतुल त्यागी, मुकेश सैनी, प्रवीण कुमार


ब्लैक स्पॉट के निकटतम एंबुलेंस की व्यवस्था की जाएं।  दुर्घटना होने पर घायल व्यक्ति को तत्काल मिल सके चिकित्सा सुविधाः जयनाथ यादव


अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित की हुई जनपद स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक


हापुड़। जनपद हापुड़ में जिलाधिकारी अदिति सिंह के आदेशों के क्रम में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी जयनाथ यादव ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों के साथ जनपद स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक को संबोधित किया। बैठक का संचालन करते हुए सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) महेश कुमार शर्मा ने अपर जिलाधिकारी को अवगत कराया कि परिवहन विभाग के द्वारा प्रवर्तन की निरंतर कार्रवाई की जा रही है तथा जनपद के अलग-अलग स्थानों पर  निरंतर  चेकिंग अभियान चलाकर  वाहनों के  चालान भी किए जा रहे हैं। बैठक में उपस्थित उप निरीक्षक यातायात पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई का विवरण प्रस्तुत किया गया। अपर जिलाधिकारी द्वारा यातायात पुलिस को निर्देशित किया गया कि वाहनों की चेकिंग मुख्य मार्गो पर अधिक से अधिक की जाये, जिससे चेकिंग का अधिक से अधिक लाभ हो सकें। ब्लैक स्पॉट की समीक्षा में थाना हाफिजपुर के अंतर्गत ग्राम सादिकपुर, थाना हापुड़ देहात के अंतर्गत ततारपुर टोल के पास, बुलंदशहर रोड पर सलारपुर पलवाड़ा ब्लैक स्पॉट का पुनः सर्वे कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि ब्लैक स्पॉट के निकटतम स्थान पर एंबुलेंस अवश्य खड़ी होनी चाहिए जिससे दुर्घटना होने पर घायल व्यक्ति को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके। बैठक के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों को सड़क सुरक्षा संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई गई। बैठक में सड़क सुरक्षा समिति के अधिकारी /प्रतिनिधि विद्यालयों के प्रधानाचार्य/ प्रबंधक ऑटोमोबाइल डीलर एसोसिएशन, बस /ट्रक यूनियन, पेट्रोल पंप डीलर एनजीओ के चेयरमैन उपस्थित रहे।                                     


रेल उपरिगामी सेतु का भूमि पूजन, शिलान्यास

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बक्शी बांध पर 5292.36 लाख रूपये की लागत से बनने वाले रेल उपरिगामी सेतु का किया भूमि पूजन एवं शिलान्यास


बृजेश केसरवानी


प्रयागराज। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को प्रयाग रेलवे स्टेशन के निकट बक्शी बांध पर 5292.36 लाख (लगभग 53 करोड़) रूपये की लागत से बनने वाले रेल उपरिगामी सेतु का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। रेल उपरिगामी सेतु की लम्बाई 803.420 मीटर निर्धारित की गयी है। रेल उपरिगामी सेतु का निर्माण कार्यदायी संस्था उ0प्र0 राज्य सेतु निर्माण निगम के द्वारा किया जायेगा। कार्य को पूर्ण करने का समय एक वर्ष निर्धारित किया गया है। इस अवसर पर लोगो को सम्बोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि इस रेल उपरिगामी सेतु के निर्माण से बघाड़ा, दारागंज से आने-जाने वाले लोगो को रेलवे क्रासिंग पर लगने वाले जाम से निजात मिलेगी। उन्होंने कहा कि इसके अलावा माघ मेला व कुम्भ मेला में आने वाले स्नानार्थिंयों के लिए भी यह उपरिगामी सेतु अत्यधिक उपयोगी सिद्ध होगा। कहा कि यह उपरिगामी सेतु प्रयागराज के विकास में एक और कड़ी के रूप में है। उन्होंने सेतु निगम के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि उपरिगामी सेतु का निर्माण कार्य प्रत्येक दशा में एक वर्ष के अन्दर पूर्ण कर लिया जाये। मा0 उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास सबका विश्वास के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार गांव, गरीब, किसान, व्यापारी सहित सभी के विकास के लिए निरंतर तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही प्रयागराज में सलोरी में आरओबी का निर्माण कार्य भी कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि रिंग रोड के निर्माण कार्य की कार्यवाही चल रही है। गंगा नदी पर फाफामऊ के पास मलाकहरहर से बनने वाले 6 लेन पुल का निर्माण कार्य भी शीघ्र ही शुरू हो जायेगा। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयागराज के साथ-साथ प्रदेश के सभी जनपदों में सड़कों का जाल बिछाया गया है। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है। कहा कि रामवनगमन मार्ग के निर्माण कार्य के पूर्ण हो जाने पर चित्रकूट से अयोध्या तक के आवागमन का मार्ग सुगम हो जायेगा और बहुत ही कम समय में लोग यात्रा पूरी कर लेंगे, जिससे समय की बचत होगी। कार्यक्रम में बोलते हुए सांसद फूलपुर श्रीमती केशरी देवी पटेल ने कहा कि इस उपरिगामी सेतु के निर्माण से बघाड़ा-दारागंज आने-जाने वाले लोगो के लिए अत्यधिक सुविधाजनक हो जायेगा और क्रासिंग पर लगने वाले जाम से मुक्ति मिल जायेगी। उन्होंने इसके लिए उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य को धन्यवाद ज्ञापित किया। शहर उत्तरी के विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी इस उपरिगामी सेतु के लिए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इससे रेलवे क्रासिंग पर लगने वाले जाम से लोगो को राहत मिलेगी तथा आवागमन सुगम हो जायेगा। इस अवसर पर फाफामऊ के मा0 विधायक-श्री विक्रमाजीत मौर्य सहित अन्य जनप्रतिनिधिगणों के अलावा काफी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती रंजना त्रिपाठी के द्वारा किया गया।                                


लोगों के लिए 'पेयजल आपूर्ति' सुनिश्चित की जाएं

लोगों के लिए 'पेयजल आपूर्ति' सुनिश्चित की जाएं  इकबाल अंसारी  चेन्नई। तमिलनाडु में गर्मी दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। इसे देखते हुए मु...