शुक्रवार, 13 अगस्त 2021

वोटर आईडी कार्ड बनानें की खबर को गंभीर बताया

हरिओम उपाध्याय                         
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने यूपी चुनाव आयोग की वेबसाइट में एक नवयुवक द्वारा 'डिजिटल सेंधमारी' करके नक़ली वोटर आईडी कार्ड बनाए जाने की ख़बर को बेहद गंभीर बताया है। उन्होंने कहा कि ऐसे घपलों की पूरे सूबे में जांच होनी चाहिए।
सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ने अपने ट्विटर हैंडल पर ट्वीट करते हुए लिखा है कि उत्तर प्रदेश चुनाव आयोग की वेबसाइट में एक नवयुवक द्वारा 'डिजिटल सेंधमारी' करके नक़ली वोटर आईडी कार्ड बनाए जाने की ख़बर बेहद गंभीर है। ऐसे घपलों के लिए पूरे राज्य में जाँच हो, पता तो चले कहीं इसे राज्याश्रय तो प्राप्त नहीं है। ये चुनाव आयोग की सुरक्षा ही नहीं बल्कि गरिमा का भी सवाल है।

थलसेना द्वारा आजादी का अमृत महोत्सव मनाया

हरिओम उपाध्याय         
मथुरा। भारतीय थलसेना एवं वायुसेना ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से आगरा के बीओसी मैदान पर आजादी का अमृत महोत्सव मनाया। इसमें सेना की मध्य कमान के प्रमुख अतिविशिष्ट सेवा मेडल प्राप्त लेफ्टिनेंट जनरल योगेंद्र डिमरी तथा मध्य वायु कमान के प्रमुख एयर मार्शल आरके डकवर्थ तथा अनेक वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों, उनके परिजनों एवं पूर्व अधिकारियों ने भाग लिया।समारोह की शुरुआत शत्रुजीत ब्रिगेड के पैराकमांडो की उड़ान से हुई। जिसमें चार जवान पैराशूट पर तिरंगा एवं ब्रिगेड का झण्डा लगाए हुए ऊपर से गुजरे। इसके बाद 75 जवानों ने वायुसेना के तीन अलग-अलग परिवहन विमानों से नौ हजार फुट की ऊंचाई से कूद कर अपने साहस और कौशल का प्रदर्शन किया।
तत्पश्चात सैन्य विद्यालय के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। लेफ्टिनेंट जनरल योगेंद्र डिमरी ने देश के लिए अपना सर्वस्व बलिदान करने वाले शत्रुजीत ब्रिगेड के 724 शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उन्हें शत्रुजीत युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की और समारोह का समापन किया।
इस मौके पर बीएमपी मैदान पर शत्रुजीत ब्रिगेड द्वारा प्रयोग किए जाने अत्याधुनिक हथियारों एवं तकनीकि उपकरणों की प्रदर्शनी लगाई गई थी। आगरा के मण्डल आयुक्त अमित गुप्ता, अपर पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण आदि अनेक विशिष्टजन भी इस कार्यक्रम में मौजूद थे।

सीएम ने बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया

हरिओम उपाध्याय              
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गाजीपुर जिले में बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया और राहत सामग्री वितरित की।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजीपुर में बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया और बाद में गहमर इंटर कॉलेज, गाजीपुर में बाढ़ से प्रभावित लोगों को राहत सामग्री का वितरण किया।
उन्होने बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात की और उन्हे उचित मदद का आश्वासन दिया।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होने कहा कि प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के साथ उनके भोजन एवं दवाइयों समेत अन्य जरूरी चीजों का इंतजाम किया जाये।

वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पाक को न्यौता दिया


किंग्स्टन। वेस्टइंडीज ने पहले क्रिकेट टेस्ट के शुरूआती दिन गुरूवार को यहां पाकिस्तानी टीम को 217 रन पर समेट दिया। लेकिन स्टंप तक उसने दो रन पर दो विकेट गंवा दिए। वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पाकिस्तान को बल्लेबाजी का न्यौता दिया। हालांकि खराब रोशनी के कारण शुरूआती दिन का खेल जल्दी खत्म करना पड़ा।
इसके पहले पाकिस्तानी पारी केवल 70 ओवर में सिमट गयी, उसके पांच बल्लेबाजों ने अच्छी शुरूआत की। पर केवल फवद आलम ही अर्धशतकीय पारी खेल सके जिन्होंने 56 रन बनाये। तेज गेंदबाज जेसन होल्डर ने 26 रन और जेडन सील्स ने 70 रन देकर तीन तीन विकेट हासिल किए जबकि केमार रोच को दो विकेट मिले।
वेस्टइंडीज के इस तरह पाकिस्तान को 217 रन पर समेटकर अच्छी शुरूआत की, पर उसकी पारी की शुरूआत उम्मीदों के अनुरूप नहीं हो सकी। पाकिस्तानी तेज गेंदबाज मोहम्मद अब्बास ने अपने दूसरे ओवर की लगातार गेंदों पर कीरन पावेल को दूसरी स्लिप में खड़े इमरान बट के हाथों कैच आउट कराया और फिर नकरूमाह बोनर को पगबाधा आउट किया।
स्टंप तक वेस्टइंडीज के कप्तान क्रेग ब्रेथवेट एक रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। इससे पहले पाकिस्तान ने 21 रन बना लिये थे लेकिन इसके बाद दोनों सलामी बल्लेबाज नौ गेंद के अंदर आउट हो गये। रोच ने बट (11) को सातवें ओवर में आउट किया और सील्स ने अगले ओवर में आबिद अली (09) के रूप में पहला विकेट झटका।
अजहर अली और कप्तान बाबर आजम ने तीसरे विकेट के लिये 47 रन जोड़े। इसके बाद सील्स ने फिर अली (17) को उछाल लेती गेंद पर कैच आउट कराया। रोच ने अगले ओवर में आजम (30) को चलता किया। फवद आलम ने मोहम्मद रिजवान (23) के साथ 33 रन और फिर फहीम अशरफ (66 गेंद में 44 रन) के साथ 85 रन की भागीदारी निभाई।
पर अशरफ इसके बाद 63वें ओवर में रन आउट हो गये। पारी सात और ओवर तक चली जिसमें टीम ने बचे तीन विकेट गंवा दिये। फवद को होल्डर ने आउट किया और उनकी तीन घंटे तक चली 117 गेंद की पारी समाप्त की।

भारत: 24 घंटों में 40,120 नए कोरोना मामलें आएं

अकांशु उपाध्याय                    
नई दिल्ली। भारत में कोरोना संकट का कहर कम हुआ है। लेकिन महामारी अभी भी थमी नहीं है। देश में अभी भी रोजाना 40 हजार कोरोना मामले आ रहे हैं। शुरुवार सुबह स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 40,120 नए कोरोना केस आए और 585 संक्रमितों की जान चली गई है। एक दिन पहले 41,195 केस सामने आए थे। वहीं देशभर में पिछले 24 घंटे में 42,295 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं। यानी कि कल 2760 एक्टिव केस कम हो गए।
कोरोना महामारी की शुरुआत से लेकर अबतक कुल तीन करोड़ 21 लाख 17 हजार लोग संक्रमित हुए हैं। इनमें से 4 लाख 30 हजार 254 लोगों की मौत हो चुकी है। अच्छी बात ये है कि अबतक 3 करोड़ 13 लाख 2 हजार लोग ठीक भी हुए हैं। देश में कोरोना एक्टिव केस की संख्या अब चार लाख से कम है। कुल 3 लाख 85 हजार लोग अभी भी कोरोना वायरस से संक्रमित हैं।जिनका इलाज चल रहा है।
कोरोना के कुल मामले- तीन करोड़ 21 लाख 17 हजार 826 कुल डिस्चार्ज- तीन करोड़ 13 लाख 2 हजार 34कुल एक्टिव केस- तीन लाख 85 हजार 227
कुल मौत- चार लाख 30 हजार 254
कुल टीकाकरण- 52 करोड़ 95 लाख 82 हजार डोज दी गई।
केरल में सबसे ज्यादा कोरोना केस आए
केरल में गुरुवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 21,445 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 36 लाख 31 हजार 638 हो गयी है। पिछले 24 घंटे में संक्रमण से 160 लोगों की मौत हो गयी है जिसके बाद प्रदेश में कोविड के कारण मरने वालों की संख्या 18,280 हो गयी है। प्रदेश में संक्रमण दर 14.73 फीसदी है। वर्तमान में प्रदेश के विभिन्न जिलों में 4 लाख 83 हजार 172 मरीज निगरानी में हैं।

तजुर्बे वाले नेता को युवा के नाम पर सीएम बनाया

पंकज कपूर         

देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने दावा किया है कि, उत्तराखंड में वरिष्ठ नेताओं की उपेक्षा करके जिस तरह एक बिना तजुर्बे वाले नेता को सिर्फ युवा के नाम पर मुख्यमंत्री बनाया गया। उससे प्रदेश भाजपा में जबर्दस्त असंतोष है। कुछ असंतुष्ट भाजपा नेता हमारे संपर्क में हैं। लेकिन उनके बारे में कोई फैसला जल्दबाजी में नहीं होगा। कांग्रेस किसी के लिए अपने दरवाजे बंद नहीं करेगी, लेकिन उनकी जिताऊ क्षमता और उनके आने से पार्टी पर क्या असर होगा? ऐसे मसलों पर विचार करने के बाद फैसला लिया जाएगा। यह बात हरीश रावत ने अमरउजाला डॉट कॉम को दिए गए एक विशेष इंटरव्यू में पूछे गए सवालों के जवाब में कही।

रावत ने प्रदेश की भाजपा सरकार को हर मायने में असफल बताया है। रावत ने कहा कि, भाजपा जनता की समस्याओं के समाधान में बुरी तरह असफल साबित हुई है। भाजपा ने चार महीने के अंदर तीन-तीन मुख्यमंत्री बदलकर यह साबित कर दिया है कि, राज्य को लेकर उसके पास कोई ठोस नीति नहीं है। उसकी इस अनिश्चितता और अनिर्णय के कारण राज्य का भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि, एक विपक्षी दल होने के कारण वे अपने स्तर से चुनाव की तैयारी अवश्य करेंगे, लेकिन इस बार बेरोजगारी-महंगाई से त्रस्त जनता स्वयं बदलाव चाहती है और यह बड़ी बात है।

रावत ने आरोप लगाया कि, भाजपा अपने पूरे कार्यकाल में राज्य के एक नेता का चुनाव तक नहीं कर पाई। वह बार-बार मुख्यमंत्री बदलती रही, जिससे प्रशासन में नीतिगत पैरालिसिस हो गया। भाजपा के इस अनिश्चय के कारण राज्य की जनता को भारी नुकसान हुआ और राज्य का विकास ठप पड़ा रहा। उन्होंने कहा कि, पुष्कर सिंह धामी जमीन से उठकर आए हुए नेता नहीं हैं। उन्हें भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व की मनमर्जी से राज्य की जनता पर थोपा गया है। यही कारण है कि, वे राज्य के युवाओं को आकर्षित करने में असफल साबित होंगे। अगर वे स्वयं अपनी राजनीति के बल पर चुनकर नीचे से आए होते तो युवाओं के बीच प्रभाव छोड़ते, लेकिन ऐसा न होने के कारण वे राज्य के युवाओं के आदर्श नहीं बन पाएंगे।

आम आदमी पार्टी भी इस बार के विधानसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रही है। क्या उसे कोई सफलता मिल सकेगी और क्या वह कांग्रेस के लिए इस पहाड़ी राज्य में भी मुश्किल खड़ी कर सकेगी? अमर उजाला के इस सवाल पर कांग्रेस नेता रावत ने कहा कि, उत्तराखंड की तासीर बिल्कुल अलग है। यहां अब तक केवल राष्ट्रीय दल ही सफल होते रहे हैं। बसपा ने भी कई बार प्रयास किया, लेकिन उसे भी यहां सफलता नहीं मिली।

उन्होंने कहा कि, उत्तराखंड दिल्ली की तरह छोटा राज्य नहीं है, बल्कि यह बहुत विस्तृत और विशेष संस्कृति को संजोने वाला राज्य है। इसलिए यहां दिल्ली की तरह की राजनीति सफल नही हो सकती। हरीश रावत ने कहा कि, कांग्रेस इस बार के विधानसभा चुनाव में युवाओं की बेरोजगारी और महिलाओं की परेशानी को अपना मुख्य चुनावी मुद्दा बनाकर मैदान में उतरेगी और जीत हासिल करेगी।

उन्होंने कहा कि, पूरे कार्यकाल में भाजपा ने राज्य के युवाओं को कोई रोजगार नहीं दिया है, वे लगातार आर्थिक तंगी से गुजर रहे हैं। लेकिन न तो केंद्र सरकार और न ही राज्य सरकार इस संदर्भ में कोई बड़ा कदम उठा पाई है। इससे युवाओं में भाजपा के खिलाफ नाराजगी बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि, आज देश में महंगाई रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है, लेकिन केंद्र सरकार राहत देने में असफल साबित हुई है। मंहगाई के कारण महिलाओं के किचन का बजट खराब हो गया है और उन्हें भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि, महिलाएं अब बदलाव चाहती हैं। अनेक कांग्रेस नेताओं के पार्टी छोड़ने के सवाल पर हरीश रावत ने कहा कि, राजनीति धैर्य की चीज होती है। यहां धैर्य रखने वाले को ही ईनाम मिलता है। अगर ज्योतिरादित्य सिंधिया कांग्रेस में होते तो मुख्यमंत्री बनते। आज वे केंद्रीय मंत्री अवश्य हैं, लेकिन बाद में उन्हें पछतावा अवश्य होगा।

उन्होंने कहा कि, जब वे भाजपा में थे, तब उनकी आवाज का एक महत्व होता था, उनके बोलने पर यह संदेश जाता था कि, यह कांग्रेस की आवाज है। लेकिन आज उनके बोलने को भाजपा की आवाज नहीं माना जा सकता। हालांकि, उत्तर प्रदेश के ब्राह्मण नेता जितिन प्रसाद के पार्टी छोड़ने पर रावत ने अवश्य दुख जताया। जितिन प्रसाद के मामले में कुछ गलती हुई है, उसे स्वीकार करना चाहिए। हालांकि, खुद जितिन प्रसाद ने भी अपनी इच्छाओं के बारे में पार्टी को सही समय पर नहीं बताया, अन्यथा इसका समाधान निकाला जा सकता था।

वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे हाईकोर्ट

पंकज कपूर                 
देहरादून। उत्तराखंड हाईकोर्ट मुकदमों के त्वरित निस्तारण के लिए मोबाइल ई कोर्ट शुरू करने जा रहा है, 15 अगस्त के दिन हाईकोर्ट नैनीताल परिसर में मुख्य न्यायाधीश 5 ई-कोर्ट मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। रजिस्ट्रार जनरल धनन्जय चतुर्वेदी ने प्रेस वार्ता कर यह जानकारी दी।
उत्तराखण्ड के पर्वतीय जिलों की भौगोलिक परिस्थितियों की वजह से वादियों को न्याय मिलने में देरी हो जाने की वजह औऱ पीड़ितों को अदालत में पहुंचने में आने वाली बाधाओं, अन्य कठिनाइयों की वजह से भी न्याय मिलने में वर्षों लग जाते हैं लिहाज़ा त्वरित न्याय के लिए हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की पहल पर राज्य के 5 जिलों में 5 मोबाइल ई कोर्ट मोबाइल वैन का संचालन शुरू किया जा रहा है। मोबाइल ई कोर्ट वैन पूरी तरह सुविधाओं से लैस होगी। ई-कोर्ट मोबाइल वैन में मौके पर ही वादों का निस्तारण किया जाएगा। मोबाइल ई कोर्ट के संचालन की जिम्मेदारी उन जिलों के जिला जज की होगी। जिला जज ही तय करेंगे कि मोबाइल वैन को दूरदराज के किन क्षेत्रों व किन मामलों के निस्तारण के लिए भेजा जाना है, फिलहाल 5 ई कोर्ट मोबाइल वैन उत्तरकाशी चमोली चंपावत पिथौरागढ़ जिलों में दी जायेंगी ।

आजादी के 75 वर्ष बाद बाट जोहने को मजबूर गांव

हरिओम उपाध्याय                         
इटावा। ग्रामीण अर्थव्यवस्था की बदौलत एक ट्रिलियन इकोनामी बनने के लिये कड़ी मेहनत कर रहे घनी आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश के बीहड़ में बसा एक गांव आजादी के 75 साल बाद भी एक अदद पक्की सड़क की बाट जोहने को मजबूर है। जिले के बढ़पुरा इलाके में यमुना नदी के किनारे बीहड़ में बसे जोहाना गांव में लगभग 200 मकान है। गांव की आबादी लगभग 900 है।
गांव इतना बदहाल है कि आजादी के बाद से इस गांव के लोगो को निकलने के लिए एक सडक तक नही बनाई जा सकी है। ग्रामीणों के अनुसार ऊबड़ खाबड़ पगडंडी के जरिये पहुंच वाले गांव मे किसी गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाना हो तो केवल चारपाई ही मात्र एक सहारा है। अगर साइकिल का इस्तेमाल कर लिया तो गर्भपात का खतरा बना रहता है।
बारिश में तो इस गांव मे पहुंचना किसी मुसीबत से कम नहीं है। यहां जरा से चूके तो जान जोखिम में पड़ सकती है। क्योंकि बारिश में गांव को जोड़ने वाली पुलिया की कच्ची सड़क बह गई है और उसके दोनों ओर तालाब सा बन गया है। दूसरी ओर बीहड़ से धूम कर जाने वाला कच्चा रास्ता फिसलन भरा होने के चलते ग्रामीण कभी भी फिसल कर गिर सकते हैं।
जिला मुख्यालय से महज 10 किमी की दूरी पर स्थित यह गांव आजादी के इतने सालों बाद आज भी विकास से कोसों दूर है। हालात ये हैं कि गांव आने के लिए एक संपर्क मार्ग तक नहीं बना है। छह माह पहले गांव वालों के आवागमन के लिए दो पुलियां बनाई गई थी। इन दोनों पुलियों का संपर्क मार्ग एक बारिश भी नहीं झेल सका।
गांव वालों ने बताया कि गांव आने जाने की लिए कई किमी बीहड़ के कच्चे और ऊंचे नीचे रास्तों से होकर जाना आना पड़ता है। बारिश में गांव का संपर्क शहर से पूरी तरह से कट जाता है। बड़ी मुश्किलों के बाद गांव को जोड़ने के लिये पुलिया बनी थी वो भी पहली बारिश में ही टूट गई।
गांव के ज्ञान सिंह ने बताया कि यदि गांव में कोई बीमार पड़ जाता है या किसी गर्भवती महिला को अस्पताल लेकर जाना होता है, तो पांच किमी पैदल या चारपाई से गांव से बाहर लाया जाता है। इसके बाद ही एंबुलेंस या किसी अन्य वाहन से उसे अस्पताल पहुंचाया जाता है। कई बार तो गंभीर बीमारी से पीड़ित गरीब गांव में ही दम तोड़ देते हैं। वहीं कई बार से स्वास्थ्य कर्मी पैदल जाकर ग्रामीणों का इलाज करते हैं।
एक अन्य ग्रामीण अमर सिंह बताते है कि जब जब चुनाव आते है तो गांव वालो से वोट मांगने के लिए राजनेता आते है लेकिन कोई भी गांव मे सडक की इस समस्या को हल कराने की स्थिति मे नही आता है। चुनाव बाद दुबारा राजनेता कभी भी आता नही है।
इस गांव मे प्राथमिक शिक्षा के लिए स्कूल जरूर बनना दिया गया है लेकिन जिस किसी भी शिक्षक की तैनाती की जाती है वो कभी भी गांव मे नही आता है। यहां के छात्रों को पढाने के लिए केवल शिक्षामित्र के ही भरोसे रहना पडता है शिक्षामित्र स्कूल के बच्चों को घेर कर बैठा रहता है। इटावा के मुख्य विकास अधिकारी संतोष राय ने बताया कि जल्द ही गांव का सर्वे कराया जाएगा। ये सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी तरह गांव का विकास हो और सड़क बनवाकर उसे मुख्यालय से जोड़ा जाए।

आरोपी 28 वर्षीय युवक को जमानत प्रदान की: मुंबई

कविता गर्ग                     
मुंबई। बंबई उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को प्रतिबंधित आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएसआईएस) का सदस्य होने के आरोपी 28 वर्षीय युवक को जमानत प्रदान की। न्यायमूर्ति एस एस शिंदे और न्यायमूर्ति एन जे जमदार की खंडपीठ ने इकबाल अहमद कबीर अहमद की अपील पर उसे जमानत प्रदान की। अहमद ने उसकी जमानत खारिज करने के विशेष अदालत के फैसले को चुनौती दी थी।
पीठ ने कहा कि विशेष अदालत द्वारा पारित आदेश को रद्द किया जाता है। याचिकाकर्ता (अहमद) को एक लाख रुपये के मुचलके और इतनी ही राशि के एक या दो जमानतदारों को पेश करने के बाद जमानत पर रिहा किया जाएगा।” अदालत ने अहमद को पहले महीने में सप्ताह में दो बार और इसके बाद अगले दो महीने सप्ताह में एक बार राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया।
पीठ ने कहा, ” याचिकाकर्ता को सुनवाई की हर तारीख पर पेश होना होगा और वह मामले में गवाहों को प्रभावित करने या उनसे संपर्क करने का प्रयास नहीं करेगा।” उल्लेखनीय है कि अहमद को सात अगस्त 2016 को गिरफ्तार किया गया था और आईएसआईएस का सदस्य होने के आरोप में उसके खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।
अभियोजन के मुताबिक, अहमद आईएसआईएस के ”परभणी मॉड्यूल” का हिस्सा था जोकि कथित तौर पर परभणी के पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर हमले की साजिश रच रहे थे। अहमद के वकील मिहिर देसाई ने दलील दी थी कि याचिकाकर्ता के खिलाफ कोई सुबूत नहीं है।

टीका स्पूतनिक की आपूर्ति के लिए समझौता किया

अकांशु उपाध्याय                     
नई दिल्ली। दवा कंपनी वोकहार्ट ने शुक्रवार को कहा कि उसने दुबई की कंपनी एनसो हेल्थकेयर और रूसी प्रत्यक्ष निवेश कोष (आरडीआईएफ) की सहायक कंपनी के साथ कोविड-19 टीका स्पूतनिक के उत्पादन और आपूर्ति के लिए एक समझौता किया है।
वोकहार्ट ने एक नियामकीय सूचना में कहा कि उसने स्पूतनिक वी, स्पूतनिक लाइट टीके के उत्पादन एवं आपूर्ति के लिए एनसो और ह्यूमन वैक्सीन एलएलसी के साथ एक समझौता किया है, जो आरडीआईएफ की प्रबंधन कंपनी की पूर्ण स्वामित्व वाली इकाई है।
ह्यूमन वैक्सीन एलएलसी से सफल प्रौद्योगिकी हस्तांतरण को लेकर जरूरी मंजूरी और अन्य शर्तों के अधीन, कंपनी एनसो के लिए स्पूतनिक वी और स्पूतनिक लाइट टीकों की 62 करोड़ खुराक तक का उत्पादन और आपूर्ति करेगी। वोकहार्ट ने कहा कि स्पूतनिक वी और स्पूतनिक लाइट की 62 करोड़ खुराक तक के उत्पादन के अनुबंध के लिए समझौते की अवधि जून 2023 तक है।

नीति की शुरुआत महत्वपूर्ण 'मील' का पत्थर हैं

अकांशु उपाध्याय                     
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहाकि वाहन स्क्रेपिंग नीति की शुरुआत देश की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात में निवेशक सम्मेलन के दौरान इस नीति की शुरुआत किए जाने से पहले कहां कि वाहन स्कैपिंग से संबंधित ढांचागत सुविधाओं की स्थापना संभावनाओं के नये द्वार खोलेगी। 
उन्होंने कहा कि वह देश के युवाओं और स्टार्टअप कंपनियों से इस कार्यक्रम से जुड़ने का आह्वान करते हैं। पीएम मोदी ने सिलसिलेवार ट्वीट संदेशों में कहा कि वाहन स्क्रेपिंग नीति से अनफिट और प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों को पर्यावरण के अनुकूल तरीके से चरणबद्ध ढंग से सड़कों से बाहर करने मैं मदद मिलेगी।
सरकार का उद्देश्य संभावना वाली चक्रीय अर्थव्यवस्था बनाना है। जिससे कि सभी पक्ष धारकों को महत्व मिले और साथ ही वे पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार भी बने। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय और गुजरात सरकार द्वारा आयोजित इस सम्मेलन को पीएम मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित करेंगे।
स्वैच्छिक वाहन- बेड़े आधुनिकीकरण कार्यक्रम अथवा वाहन स्क्रैपिंग नीति के तहत वाहन स्क्रैपिंग बुनियादी ढांचे की स्थाप ना पर निवेश आमंत्रित करने के लिए इस सम्‍मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह एक एकीकृत स्क्रैपिंग हब के विकास के लिए अलंग में शिप ब्रेकिंग उद्योग द्वारा प्रस्तुत सहक्रियाओं पर भी ध्यान आकर्षित करेगा। इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री और गुजरात के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे।

लोगों के लिए 'पेयजल आपूर्ति' सुनिश्चित की जाएं

लोगों के लिए 'पेयजल आपूर्ति' सुनिश्चित की जाएं  इकबाल अंसारी  चेन्नई। तमिलनाडु में गर्मी दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। इसे देखते हुए मु...