शनिवार, 24 अप्रैल 2021

अमेरिका ने मदद के लिए साफ इंकार किया: साथी

वाशिंगटन डीसी/ नई दिल्ली। कोरोना से इस वक्त भारत में क्या हालात हैं ? यह सबको पता है। दुनिया में एक दिन में इस वक्त सबसे अधिक कोरोना के मामले भारत में ही सामने आ रहे हैं। बढ़ते मामलों के बीच भारत को वैक्सीन से ही सबसे अधिक उम्मीद है। लेकिन कच्चे माल की कमी से इसमें भी दिक्कतें सामने आ रही हैं। इस मुश्किल हालात में जब भारत ने अमेरिका की ओर रुख किया तो उसने भी मदद से साफ इनकार कर दिया है। अमेरिका भारत को अपना करीबी दोस्त बताता है। मुश्किल वक्त में उसकी ओर से यह जवाब आया है। वहीं, दूसरी ओर चीन और पाकिस्तान जैसे देश में मदद करने की पेशकश की जा रही है।

रमजान का एक असरा पूरा होने के बाद दूसरा शुरू हुआ

संदीप मिश्र          

बरेली। रमजान के पवित्र महीने का आगाज होने के बाद से ही शहर में मुस्लिम समाज के लोग अकीदत के साथ रोजे रखकर देर रात तक तराबीह सुनकर खुदा की इबादत कर रहे हैं। वहीं मस्जिदों में अब कुरान ख्वानी का सिलसिला शुरू होने लगा है। रमजान का अब दूसरा अशरा शुरू हो चुका है। चांद रात के दिन से ही नगर व ग्रामीण क्षेत्र की सभी मस्जिदों में तराबीह का दौर शुरू हो गया था। शुक्रवार को रमजान का एक असरा पूरा होने के बाद दूसरा असरा शुरु हो गया है।रमजान के दूसरे अशरे की शुरुआत शनिवार से हो गई है। मगफिरत का यह अशरा रमजान के 20वें रोजे के सूरज डूबने तक रहेगा। दूसरे अशरे में रोजेदार रोजा रखकर अल्लाह से मगफिरत की दुआ करेंगे। वहीं घरों पर भी रोजेदारों ने नमाज अदा कर खुदा से कोरोना के खात्मे की दुआ मांगी। दूसरे अशरे में रोजेदार रोजा रखकर अल्लाह से मगफिरत की दुआ करते हैं। इस दौरान अल्लाह से अपने गुनाहों की तौबा की जाती है। कोरोना संक्रमण काल में पाबंदियों के साथ रोजे की तमाम रवायतें निभाई जा रही हैं।

82.47 प्रतिशत लोगों को लगाईं गई कोरोना वैक्सीन

संदीप मिश्र         

बरेली। कोरोना संक्रमण रोकने के लिए वैक्सीनेशन जरूरी है। पहले लोग इसको लेकर जागरुक नहीं थे लेकिन जब मरीजों की संख्या और मौतों का आंकड़ा बढ़ा तो लोग वैक्सीनेशन कराने के लिए आगे आ रहे हैं। शनिवार को लक्ष्य के सापेक्ष 82.47 प्रतिशत लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगाई गई। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरएन सिंह ने बताया कि शासन की ओर से जिले को छह हजार लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य दिया गया था। कोरोना संक्रमण के खतरे के बीच जागरुक 4948 लोगों का टीकाकरण किया गया। जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से कुल लक्ष्य 30160 रखा गया था। इसमें ग्रामीण क्षेत्र में 22 हजार और शहरी क्षेत्र में 7560 लोगों को वैक्सीन लगाई जानी थी।

वायु प्रदूषण की लागत 95 बिलियन अमेरिकी डॉलर

नई दिल्ली/ वाशिंगटन डीसी। वायु प्रदूषण की लागत भारतीय कारोबार में प्रत्येक वित्तीय वर्ष में लगभग 95 बिलियन अमेरिकी डॉलर (7 लाख करोड़ रुपये) पड़ती है। जो कि भारत की कुल जीडीपी का लगभग 3% है। ये एक प्रमुख शोध रिपोर्ट से पता चलता है। यह लागत हर साल वसूले जाने वाले सभी तरह के कर का 50% या भारत की स्वास्थ्य सेवा बजट का 150% के बराबर है। रिपोर्ट की जांच और परिणाम के लिये साझेदारी में डलबर्ग एडवाइज़र के साथ साथ क्लीन एयर फण्ड और कॉन्फ़ेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री ने मिलकर काम किया और यह बताया कि वायु प्रदूषण पर तुरंत कार्रवाई की ज़रूरत है। इसकी वजह से भारी आर्थिक लागत पड़ती है और इसके साथ-साथ स्वास्थ्य भी प्रभावित होता है।
डलबर्ग का अनुमान है कि भारत के कामगार वायु प्रदूषण की वजह से सेहत खराब होने के कारण सालाना 1.3 बिलियन दिनों का ऑफ वर्क लेते हैं जिसकी वजह से रेवेन्यू में 6 बिलियन अमरीकी डालर का नुकसान होता है। वायु प्रदूषण की वजह से कामगारों के कार्य करने की क्षमता के साथ उनकी सोचने समझने की शक्ति पर भी बुरा प्रभाव पड़ता है। जिसके कारण उनकी ऑन द जॉब प्रोडक्टिविटी कम होती है। जिससे बिज़नेस रेवेन्यू 24 बिलियन अमरीकी डालर तक कम हो रहा है।

शराब नहीं मिलीं, सैनिटाइजर पीने से 6 लोगों की मौत

कविता गर्ग          

मुंबई। पूर्वी महाराष्ट्र के यवतमाल जिले में शराब नहीं मिलने के बाद सैनिटाइजर पीने से छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने कहा कि डॉक्टरों ने मारे गए तीन लोगों की मौत का कारण सैनिटाइजर पीना बताया है। जबकि इन्हीं परिस्थितियों में मरने वाले बाकी तीन लोगों का पुलिस को बिना बताए ही अंतिम संस्कार कर दिया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस को शुक्रवार को सूचित किया गया था कि वाणी के ग्रामीण अस्पताल में तीन लोगों को उल्टी आने एवं असहज महसूस करने के बाद भर्ती कराया गया था, जिनकी मौत हो गई। पुलिस अधिकारी ने कहा कि मृतकों के परिजन ने बताया कि कोरोना वायरस के कारण लागू लॉकडाउन के चलते शराब नहीं मिलने पर इन लोगों ने सैनिटाइजर पी लिया था। उन्होंने कहा कि बिना पुलिस को सूचित किए बाकी तीन लोगों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस मामले में जांच जारी है।

गाजियाबाद: 159 संक्रमितों ने कोरोना को दीं मात

अश्वनी उपाध्याय            

गाज़ियाबाद। चारों ओर मचे कोरोना के हाहाकार के बीच 159 मरीजों ने कोरोना को मात दी। राज्य स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार इस अवधि में 585 नए मरीज मिले और 10 मरीजों की जान भी गई। अब गाज़ियाबाद में सक्रिय संक्रमितों की संख्या 5841 हो गई है। जिले में कोरोना संक्रमण के चलते अब तक 138 मरीजों की मौत हो चुकी है। जिला प्रशासन ने गाज़ियाबाद के 34 निजी अस्पतालों में कोविड-19 के इलाज की सुविधा दी हुई है। इसके बावजूद भी जिले के किसी भी अस्पताल में बेड की व्यवस्था नहीं हो पा रही है। इसका बड़ा कारण है कि दिल्ली, नोएडा के अलावा उत्तर प्रदेश के कई जिलों से मरीज इलाज के लिए गाज़ियाबाद में आ रहे हैं। ये वे मरीज हैं, जो पैसे के बल पर या फिर अधिकारियों के बीच अपनी पहुँच के कारण गाज़ियाबाद में भर्ती हो रहे हैं। जबकि गाज़ियाबाद के निवासी अपने संक्रमित परिजनों को लेकर दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं।

सिराथू विधायक ने बताया प्रत्याशियों की जीत का मंत्र

कौशाम्बी। जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशियों को जीत का मंत्र विधायक सिराथू शीतला प्रसाद उर्फ पप्पू पटेल ने बताया है। भाजपा समर्थित जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशियों के समर्थन में पार्टी कार्य कर्ताओं की उन्होंने एक बैठक की है। विधायक ने वार्ड नंबर 11- से उर्मिला देवी पत्नी ओमप्रकाश पासी,वार्ड नंबर 12 -से शिवपूजन पाल वार्ड नंबर 13 -से नीरज कुमार के समर्थन में अधिक से अधिक मतदान के लिए पार्टी के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चर्चा की।
इस दौरान सिराथू विधायक ने उपस्थित लोगों से अपील किया है कि आप सभी लोग मास्क लगाए और दो गज की दूरी बना कर प्रत्याशियों के समर्थन में जनता से अपील करें उन्होंने कहा कि आपके द्वारा चुने गए प्रत्याशी के माध्यम से क्षेत्र का और अधिक विकास संभव होगा। इसलिए अपना आशीर्वाद रूपी मत भाजपा समर्थित सभी जिला पंचायत सदस्यों को प्रदान कर क्षेत्र के विकास में भागीदार बनते हुए भारी मतों से विजयी बनाएं। पंचायत चुनाव को लेकर आयोजित बैठक के दौरान सिराथू विधायक ने पार्टी कार्य कर्ताओं को स्मृति चिन्ह देकर उनको सम्मानित किया है। कार्यक्रम में तमाम लोग मौजूद रहे।
सन्तलाल मौर्य 

कालाबाजारी: अधिकारियों से कर सकते हैं शिकायत

अतुल त्यागी               
हापुड़। यूपी के जनपद में कालाबाजारी के विरुद्ध उपजिलाधिकारी विजय वर्धन तोमर व क्षेत्राधिकारी पवन कुमार गढ़मुक्तेश्वर से शिकायत कर सकते हैं। कालाबाजारी करने वालो के विरुद्ध चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई व्यक्ति कालाबाजारी करता हुआ पकड़ा गया या अधिक रेट पर कोई भी सामान को बेचता पाया गया। कोई भी दुकानदार किसी भी ग्राहक को अधिक रेट पर सामान देता है तो उसकी शिकायत उप जिलाधिकारी विजय वर्धन तोमर क्षेत्रीय अधिकारी पवन कुमार को कालाबाजारी के विरुद्ध किसी भी दुकानदार की शिकायत कर सकता है। उसके विरुद्ध सख्त से सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

कीवी फ्रूट से बना ड्रिंक जरूर ट्राय करें, फायदेमंद

अगर आप पाचन तंत्र को सुचारु बनाकर वजन को नियंत्रित रखना चाहतें हैं तो कीवी फ्रूट से बना ये ड्रिंक जरूर ट्राय करें। कीवी नाम का फल हल्का खट्टा मीठा और स्वाद से भरा होने के साथ सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद है। गर्मियों के मौसम में कीवी फल का सेवन जहां एक ओर ठंडक प्रदान करता है वहीं इसके सेवन से पाचन तंत्र को नियंत्रित करने के साथ वजन कम करने में भी मदद मिलती है। इस फल को स्वाभाविक रूप से पाचन को बढ़ावा देने के लिए जाना जाता है। कीवी में एक्टिनिडैन नामक एक एंजाइम होता है जो शरीर में प्रोटीन के पाचन में मदद करता है। कीवी में स्थायी वजन घटाने वाले तत्व मौजूद होते हैं। कीवी में कुछ घरेलू सामग्रियां मिलाकर गर्मियों के लिए ड्रिंक तैयार किया जा सकता है।  

भारत में स्मार्ट वॉच की बिक्री शुरू, लॉन्च किया

अकांशु उपाध्याय          
नई दिल्ली। अपने मोबाइल फोन से दुनिया में धूम मचने के बाद वन प्लस ने हाल ही में पहली बार स्मार्ट वॉच लॉन्च किया है। इसकी बिक्री भारत में शुरू हो चुकी है। इसे कंपनी ने वन प्लस सीरीज के साथ ही लॉन्च किया है। वन प्लस वॉच की कीमत 14,999 रूपए रखी गई है। ये इंट्रोडक्ट्री कीमत है। यानी बाद में इसे महंगा भी किया जा सकता है। इस वॉच को ब्लैक और सिल्वर कलर वेरिएंट में तैयार किया गया है। गौरतलब है कि अभी वन प्लस को रेड क्लब मेंबर्स ही खरीद सकेंगे। रेड केबल क्लब कंपनी की लॉयलटी स्कीम है। जो वन प्लस के कस्टमर्स को प्रोडक्ट्स अप्रैल से वन प्लस वॉच को कोई भी खरीद सकेगा। इसे ई-कॉमर्स वेबसाइट अमेजन और फ्लिपकार्ट के जरिए बेचा जाएगा। इस वॉच का लिमिटेड कोबाल्ट वन प्लस वॉच के साथ ऑफर्स भी दिए जा रहे हैं। अलग-अलग कार्ड्स के हिसाब से 2,000 रूपए तक का डिस्काउंट पा सकते हैं। इस वॉच को कंपनी ने लंबी बैटरी बैकअप के साथ बनाया है।

ट्रक ने 3 वाहनों में मारीं टक्‍कर, 4 की मौत, 7 घायल

आजमगढ़। जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र के सुहवल गांव के समीप एक ट्रक ने सड़क किनारे खड़े तीन वाहनों में टक्‍कर मार दी। जिससे चार लोगों की मौत हो गई और सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गये हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया।आजमगढ़ के पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने शनिवार को बताया कि सुहवल गांव के समीप एक अनियंत्रित ट्रक ने शुक्रवार की रात सड़क किनारे खड़े तीन वाहनों में टक्कर मार दी, इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घायलों को देर रात जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था लेकिन उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया है।पुलिस के अनुसार गाजीपुर जिले के मरदह थाना क्षेत्र के लहुरापुर गांव से कुछ लोग तीन वाहनों से जिले के मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के टेकईपुर मऊ गांव में तिलक कार्यक्रम में गए थे। वापसी में ये तीनों वाहन आजमगढ़ जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र के सुहावल गांव के समीप सड़क किनारे खड़े हुए थे। इसी दौरान चिरैयाकोट की तरफ से तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने तीनों वाहनों को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद ग्रामीणों की मदद से घायलों को जिला चिकित्सालय ले जाया गया जहां चार लोगों की मौत हो गयी। मृतकों की पहचान रामजीत सिंह, देवेश शर्मा उर्फ मल्लू, सच्चिता सिंह और जनार्दन चौहान के रूप में की गयी, जबकि अजय तिवारी, रवि पांडेय, रमाकांत पांडेय, सन्नी पांडेय, हीरा शर्मा, हरिकेश पांडेय, आगमक खान गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें वाराणसी के लिए रेफर कर दिया है।

200 जवानों को 'गुरिल्ला युद्ध' पर लंबा प्रशिक्षण दिया

अकांशु उपाध्याय                     
नई दिल्ली/ एबूजा। भारतीय सेना ने नाइजीरियाई सेना के 200 जवानों को 'गुरिल्ला युद्ध' पर तीन महीने का लंबा प्रशिक्षण दिया है। अब दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को बढ़ावा देने के मकसद से​​नाइजीरियाई सेना के 06 अधिकारियों को हेलीकॉप्टर उड़ाने का प्रशिक्षण दिया जायेगा​।​ ​प्रथम चरण के लिए शनिवार को एचएएल के साथ वर्चुअली एक समझौते पर हस्ताक्षर किये गए हैं​​।भारत और ​​नाइजीरिया के बीच ​रक्षा निर्यात को बढ़ावा देने के लिए यह समझौता किया गया है​।​​ 
 भारतीय सेना की चार सदस्यीय टीम ने इस साल नाइजीरिया में नाइजीरियाई सेना के 200 जवानों को 'गुरिल्ला युद्ध' पर तीन महीने प्रशिक्षण दिया है। भारतीय सेना के अधिकारियों का कहना है कि सेना की मोबाइल प्रशिक्षण टीम के चार सदस्यों ने नाइजीरिया की पैदल सेना और विशेष बलों के 200 सैनिकों के लिए आतंकवाद निरोधी प्रशिक्षण शिविर लगाया। इस टीम ने गुरिल्ला युद्ध की बारीकियों पर नाइजीरियाई सेना के सैनिकों को प्रशिक्षित किया। नाइजीरियाई सेना के उप प्रमुख ने भारतीय सेना की टीम के प्रयासों की सराहना की है।
नाइजीरियाई सेना (एनए) नाइजीरियाई सशस्त्र बलों का सबसे बड़ा घटक है और भूमि युद्ध संचालन के लिए जिम्मेदार है। नाइजीरियाई सेना परिषद (एनएसी) द्वारा शासित नाइजीरियाई सशस्त्र बलों में सेना, वायु सेना और नौसेना है। नाइजीरियाई सशस्त्र बल की स्थापना रॉयल वेस्ट अफ्रीकन फ्रंटियर फोर्स के रूप में हुई थी। 1956 में रॉयल वेस्ट अफ्रीकन फ्रंटियर फोर्स के नाइजीरिया रेजिमेंट को नाइजीरियाई सैन्य बलों का नाम दिया गया था। इसके बाद अप्रैल, 1958 में नाइजीरिया की औपनिवेशिक सरकार ने नाइजीरियाई सैन्य बलों के ब्रिटिश युद्ध कार्यालय पर नियंत्रण कर लिया। इसके बाद 1960 में स्वतंत्रता प्राप्त होने पर नाइजीरियन सशस्त्र बल का गठन किया गया।

ग्लेशियर टूटने के बाद फंसे 291 लोगों को बचाया

पंकज कपूर                  
देहरादून। चमोली जिले की भारत-चीन सीमा के नीति घाटी सुमना के पास ग्लेशियर टूटने से नुकसान की फिलहाल कोई खबर नहीं है। ग्लेशियर टूटने के बाद वहां फंसे 291 लोगों को अबतक बचाया गया है। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने बताया कि देर रात ग्लेशियर टूटने की घटना पर  गृहमंत्री अमित शाह ने तुरंत संज्ञान लिया और मदद का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री की ओर से रात में सोशल मीडिया के जरिए बताया गया कि  घटना को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है। जोशीमठ से लगभग 94 किलोमीटर आगे सुमना. 2 में क्यू गाड़ वैली के निकट यह ग्लेशियर टूटा है। हालांकि इस घटना में कितने लोगों को बचाया गया है। उसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ग्लेशियर टूटने की वजह से बीआरओ के दो लेबर कैंप इसकी चपेट में आए थे। कैंप में रह रहे लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। घटना से करीब तीन किमी की दूरी पर आर्मी कैंप है। जो पूरी तरह से सुरक्षित है। घटना के तुरंत बाद ही सेना ने रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया था। बचाव व राहत कार्य जारी है। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में तीन दिनों से बेहद खराब मौसम बना हुआ है। बावजूद इसके राहत व बचाव का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

तीरंदाजी विश्व कप के पहले चरण के फाइनल में प्रवेश

ग्वाटेमाला सिटी। दीपिका कुमारी, अंकिता भक्त और कोमालिका बारी की भारतीय महिला रिकर्व टीम ने यहां स्पेन पर सीधे सेटों में जीत दर्ज करके तीरंदाजी विश्व कप के पहले चरण के फाइनल में प्रवेश किया। तीसरी वरीयता प्राप्त भारतीय पुरुष टीम को हालांकि क्वार्टर फाइनल में शूटऑफ तक चले मुकाबले में स्पेन से 26-27 से हार का सामना करना पड़ा। दोनों टीमें पहले 4-4 से बराबरी पर थी। भारत तीन अन्य स्पर्धाओं में भी पदक की दौड़ में शामिल है। अतनु दास और दीपिका मिश्रित युगल के कांस्य पदक की दौड़ में हैं। ये दोनों व्यक्तिगत पदक जीतने की दौड़ में भी बने हुए हैं। महिला वर्ग के सेमीफाइनल में स्पेन की इलिया कनालेस, इनेस डि वेलास्को और लेयरी फर्नाडिस इनफेंटे किसी भी समय भारतीयों के मुकाबले में नहीं दिखी। भारतीय टीम ने 55, 56 और 55 के स्कोर बनाये और 6-0 से जीत दर्ज की। यह शंघाई 2016 के बाद पहला अवसर है जबकि महिला टीम विश्व कप के फाइनल में पहुंची है।महिला टीम रविवार को स्वर्ण पदक के मुकाबले में सातवीं वरीयता प्राप्त मैक्सिको का सामना करेगी। कोरिया, चीन और चीनी ताइपै जैसी दमदार एशियाई टीमों की अनुपस्थिति में भारत खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा था। भारतीय महिला रिकर्व टीम ने अब तक चार अवसरों पर स्वर्ण पदक जीता है और दीपिका इन सभी का हिस्सा रही। महिला टीम ने अभी तक ओलंपिक कोटा हासिल नहीं किया है और जून में पेरिस में होने वाली अंतिम क्वालीफिकेशन प्रतियोगिता से पहले यहां की जीत उसके लिये मनोबल बढ़ाने वाली होगी। भारतीय टीम ने क्वार्टर फाइनल में मेजबान ग्वाटेमाला सिटी को 6-0 से हराया था।

सही समय पर प्लाज्मा तो रोगी जल्दी ठीक हो सकता है

कविता गर्ग                       
मुंबई। पूर्व भारतीय कप्तान सचिन तेंदुलकर ने शनिवार को कहा कि वह कोविड-19 से उबर गये हैं और जब भी वह प्लाज्मा दान करने के योग्य होंगे तो वह ऐसा करेंगे। शनिवार को अपना 48वां जन्मदिन मना रहे तेंदुलकर को 27 मार्च को कोविड-19 के लिये पॉजीटिव पाया गया था तथा वह एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिये अस्पताल में भी भर्ती रहे थे। तेंदुलकर ने अपने ट्विटर हैंडल पर जारी वीडियो में कहा, ”मैं एक संदेश देना चाहूंगा। जिसे चिकित्सकों ने मुझे देने के लिये कहा है। मैंने प्लाज्मा दान केंद्र का उद्घाटन किया था और उनका संदेश था, यदि सही समय पर प्लाज्मा दिया जाता है तो रोगी जल्दी ठीक हो सकता है।” उन्होंने कहा, ”मैं निजी तौर पर जब योग्य हो जाऊंगा। तब इसे दान करूंगा और मैंने अपने चिकित्सकों से बात की है। तेंदुलकर को आठ अप्रैल को अस्पताल से छुट्टी मिल गयी थी और वह घर पर ही पृथकवास पर थे। प्लाज्मा दानकर्ता में इसे दान करने से 14 दिन पहले तक किसी तरह के लक्ष्ण नहीं होने चाहिए। इस दिग्गज बल्लेबाज ने कोविड-19 से उबरने वाले लोगों से प्लाज्मा दान करके दूसरों की मदद करने को कहा।
उन्होंने कहा, ”और आप जो भी कोविड-19 से उबर गये हैं।अपने चिकित्सक से मशविरा करें और जब आप योग्य बन जाएंगे कृपया रक्तदान करें। इससे काफी समस्या का निदान हो सकता है।” तेंदुलकर ने कहा, ”हम जानते हैं कि जब तक हम बीमार रहते हैं तब तक हमारे परिजनों, दोस्तों को कितनी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

भाजपा 70 सीटों से ज्यादा नहीं जीत पाएंगीं: ममता

बोलपुर। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग के तीन विशेष पर्यवेक्षक मतदान के दौरान तृणमूल कांग्रेस (तृकां) के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने के आदेश पुलिस अधिकारियों को दे रहे थे। उन्होंने कहा कि इस तरह की “साजिशों” के खिलाफ चुनाव के बाद वह उच्चतम न्यायालय जाएंगी।  बीरभूम के बोलपुर स्थित गीतांजलि सभागार में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बनर्जी ने कहा कि वह चुप नहीं बैठ सकतीं, भले ही उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया जाए। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया, “बहुत हुआ। अगर वे (निर्वाचन आयोग के पर्यवेक्षक) स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव के लिए काम कर रहे हैं तो मुझे कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन वे तो सिर्फ भाजपा की मदद के लिये काम कर रहे हैं। वे तृणमूल को खत्म करना चाहते हैं। उन्होंने जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के साथ विशेष पर्यवेक्षकों की कथित चैट का विवरण दिखाते हुए कहा, “ये अधिकारी हमारे लोगों को चुनाव से पहले की रात को हिरासत में लेने और उन्हें चुनाव के दिन शाम चार बजे तक कब्जे में रखने के आदेश दे रहे हैं। व्हाट्सऐप पर हुई इस बातचीत का विवरण भाजपा के लोगों ने मुझे दिया है।” बनर्जी ने कहा कि उनकी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस, इसे बर्दाश्त नहीं करेगी और चुनाव के बाद ऐसी “साजिश और पक्षपातपूर्ण रुख” के खिलाफ उच्चतम न्यायालय जाएगी।
उन्होंने दावा किया, “हालांकि, ये तीन सेवानिवृत्त लोग चुनावों को प्रभावित नहीं कर पाएंगे। उनके पक्षपातपूर्ण आचरण से भाजपा को सिर्फ सात-आठ सीटें जीतने में मदद मिलेगी। मैं व्यक्तिगत रूप से मानती हूं कि भाजपा 70 सीटों से ज्यादा नहीं जीत पाएगी।” बनर्जी ने राज्य में कोविड-19 के मामलों में वृद्धि को लेकर भी निर्वाचन आयोग को आड़े हाथों लिया और कहा कि इसकी वजह चुनाव संबंधी कार्यों के लिये लाखों लोगों की एक जिले से दूसरे जिले आवाजाही है।

कुवैत ने भारत से आने वाली सभी उड़ानों को रद्द किया

कुवैत सिटी। कोरोना वायरस महामारी की बिगड़ती स्थिति के कारण कुवैत ने शनिवार को भारत से आने वाली सभी सीधी वाणिज्यिक उड़ानों को अगले आदेश तक रद्द कर दिया। स्वास्थ्य अधिकारियों के निर्देश के बाद यह कदम उठाया गया। कुवैत के नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने कहा कि उसने 24 अप्रैल से भारत से आने वाली सभी सीधी वाणिज्यिक उड़ानों को निलंबित कर दिया है।
महानिदेशालय ने एक ट्वीट में कहा कि भारत से सीधे आने वाले या किसी अन्य देश से आने वाले उन सभी यात्रियों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है, उन्होंने भारत के बाहर कम से कम 14 दिन नहीं बिताए हों। हालांकि, कुवैती नागरिकों, उनके निकट संबंधियों और उनके घरेलू श्रमिकों को देश में प्रवेश करने की अनुमति दी जाएगी। ट्वीट में कहा गया कि मालवाहक उड़ानों का संचालन जारी रहेगा। इससे पहले ब्रिटेन, यूएई और कनाडा भारत से उड़ानों पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा कर चुके हैं।

क्रायोजेनिक कंटेनर का आयात किया: ऑक्सीजन

अकांशु उपाध्याय                    
नई दिल्ली। देश में कोविड-19 की गंभीर स्थिति के बीच देश के विभिन्न हिस्सों में ऑक्सीजन पहुंचाने के लिए चार क्रायोजेनिक (कम तापमान बनाए रखने में सक्षम) टैंकर सिंगापुर से विमान से मंगाए जा रहे हैं। गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि चार खाली टैंकों को भारतीय वायुसेना के एक मालवाहक विमान से लाया जा रहा है। वायुसेना के सी-17 विमान ने दिल्ली के बाहरी इलाके में हिंडन हवाईअड्डे से शनिवार सुबह सिंगापुर के चांगी हवाईअड्डे के लिए उड़ान भरी। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि टैंकों को लादने के बाद विमान आज शाम पश्चिम बंगाल के पानागढ़ हवाईअड्डे पर उतरेगा। शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कहा था कि वह सिंगापुर और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से उच्च क्षमता वाले ऑक्सीजन टैंकरों के आयात के लिए बातचीत कर रहा है। यह कदम केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा देश में कोरोना वायरस स्थिति की समीक्षा करने के बाद उठाया गया। आईटीसी समूह ने शनिवार को कहा कि उसने लिंडे इंडिया लिमिटेड के साथ एक समझौता किया है, जिसके तहत मेडिकल ऑक्सीजन के परिवहन के लिए 24 क्रायोजेनिक कंटेनर का आयात किया जाएगा। कंपनी ने कहा कि वह वितरण के लिए बड़ी संख्या में ऑक्सीजन कंटेनर को हवाई जहाज से मंगा रही है। जबकि भद्राचलम में उसकी पेपरबोर्ड इकाई ने आसपास के क्षेत्रों में ऑक्सीजन की आपूर्ति शुरू कर दी है।
कंपनी ने एक बयान में कहा, ”आईटीसी लिमिटेड ने लिंडे इंडिया लिमिटेड के साथ एशियाई देशों से 24 क्रायोजेनिक कंटेनरों को हवाई जहाज से मंगाने के लिए समझौता किया है। जिनमें से प्रत्येक की क्षमता 20 टन है और इनका इस्तेमाल देश भर में मेडिकल ऑक्सीजन पहुंचाने के लिए किया जाएगा।” कंपनी ने बताया कि इस पहल का मकसद मेडिकल ऑक्सीजन के परिवहन में अड़चनों को कम करना और सरकार के प्रयासों को समर्थन देना है।

सप्लाई बढ़ाने की चर्चा के लिए बैठक की अध्यक्षता

अकांशु उपाध्याय                     
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ऑक्सीजन और ऑक्सीजन संबंधी उपकरणों की सप्लाई बढ़ाने के उपायों पर चर्चा के लिए आयोजित हाई लेवल बैठक की अध्यक्षता की। सरकार ने ऑक्सीजन और ऑक्सीजन संबंधी उपकरणों पर से बेसिक कस्टम ड्यूटी और हेल्थ सेस हटाने का फैसला लिया है। इसके अलावा, बैठक में केंद्र सरकार ने कोविड-19 टीकों के इम्पोर्ट पर लगने वाले बेसिक कस्टम ड्यूटी को तत्काल प्रभाव से हटाने का फैसला किया है। यह फैसला अगले तीन महीने तक जारी रहेगा। बैठक के बाद सरकार ने बयान जारी कर कहा है कि केंद्र ने ऑक्सीजन की आपूर्ति में सुधार के लिए पिछले कुछ दिनों में कई कदम उठाए हैं।

पाकिस्तान: 24 घंटें में कोरोना से 157 लोगों की मौत

इस्लामाबाद। पाकिस्तान में पिछले 24 घंटों में 157 लोगों की कोरोना वायरस संक्रमण से मौत हो गई।जबकि संक्रमण के 5,908 नये मामले दर्ज किए गए। स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि संक्रमण से एक दिन में होने वाली मौत का यह आंकड़ा पिछले साल के बाद से सबसे ज्यादा है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा मंत्रालय ने कहा कि 157 में से 53 मरीजों ने वेंटिलेटर पर रहते हुए दम तोड़ दिया।मंत्रालय ने एक बयान में कहा पाकिस्तान में कोरोना वायरस से पिछले 24 घंटों में 157 लोगों की मौत हो गई। यह पिछले साल 20 जून के बाद से सबसे ज्यादा है। जब एक दिन में बीमारी के कारण 153 लोगों ने दम तोड़ दिया था।” पाकिस्तान में कोरोना संक्रमण से अब तक 16,999 लोगों की मौत हुई है। जबकि कुल मामले 7,90,016 हो गए हैं। मंत्रालय ने कहा, “पाकिस्तान में अब तक कम से कम 6,86,488 लोग स्वस्थ हुए हैं जो काफी बड़ी संख्या है। देश में 86,529 लोग अब भी संक्रमण की चपेट में हैं।

ऑक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश

अश्वनी उपाध्याय                    
गाजियाबाद। आखिरकार जिला प्रशासन ने मान ही लिया है कि गाज़ियाबाद में कोविड19 संक्रमण काबू से बाहर हो गया है और मरीजों को अस्पतालों में भर्ती करने के लिए मारामारी हो रही है। प्रशासन ने यह भी माना है कि अस्पतालों में कम तीव्रता वाले, कम गंभीर और लक्षण विहीन मरीजों को डिस्चार्ज नहीं किया जा रहा है।आपको बता दें कि ये वे प्रभावशाली मरीज हैं जो गंभीर नहीं है। लेकिन अपनी पहुँच और पैसे के बल पर अस्पताल में बिस्तर घेरे हुए हैं। ऐसे मरीजों का इलाज होम आइसोलेशन में भी हो सकता है। जिला प्रशासन ने माना है कि ऐसे मरीजों के कारण ऐसे मरीजों को इलाज नहीं मिल पा रहा है, जिनका जीवन खतरे में है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आयुक्त, मेरठ मण्डल ने सभी जिलाधिकारियों के साथ एक बैठक कर अस्पतालों की व्यवस्था पर चर्चा की और जिलाधिकारियों को ऑक्सीजन और जरूरी दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
इस बीच जिलाधिकारी गाज़ियाबाद में जिले के उन 34 अस्पतालों की लिस्ट जारी कर दी है। जहां गंभीर मरीज अपना इलाज करा सकते हैं। आश्चर्य की बात है कि संकट के इस समय में भी जिला प्रशासन कुछ अस्पतालों पर मेहरबानी करने से बाज नहीं आ रहा है।  एनएच-9 स्थित कोलम्बिया एशिया जैसे अनेक बड़े अस्पताल हैं। जहां पर्याप्त व्यवस्था होते हुए भी अज्ञात कारणों से कोविड मरीजों का इलाज नहीं किया जा रहा है।  

पायलट ने फ्लाइट अटेंडेंट को प्रपोज किया

पायलट ने फ्लाइट अटेंडेंट को प्रपोज किया  अखिलेश पांडेय  वारसॉ। अक्सर लोग अपने प्यार का इजहार किसी खास जगह पर करने का सोचते हैं। ताकि वो पल ज...