शनिवार, 6 मई 2023

अभियान: सुरक्षा बलों ने 1 आतंकी को मार गिराया

अभियान: सुरक्षा बलों ने 1 आतंकी को मार गिराया

इकबाल अंसारी 

श्रीनगर/राजौरी। जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के घने जंगली क्षेत्र में जारी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने शनिवार को एक आतंकवादी को मार गिराया, जबकि अन्य आतंकवादी के घायल होने की संभावना है। सेना ने यह जानकारी दी। इस बीच, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती जिलों-राजौरी और पुंछ में सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया। राजौरी में जारी अभियान के दौरान शुक्रवार को आतंकवादियों द्वारा किए गए विस्फोट में सेना के पांच जवान शहीद हो गए और मेजर रैंक के एक अधिकारी घायल हो गये थे।

इस घटना के एक दिन बाद सेना ने ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ शुरू किया। जम्मू में सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने कहा, ‘‘राजौरी सेक्टर के कांडी वन में जारी सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के संयुक्त अभियान में सुबह करीब सात बजे आतंकवादियों की घेराबंदी की गई।’’ उन्होंने बताया, ‘‘इसके बाद हुई मुठभेड़ में एक आतंकवादी को ढेर कर दिया गया और एक आतंकवादी संभवत: घायल हुआ है।’’ प्रवक्ता ने कहा कि मारे गए आतंकवादी के पास से एके-56 राइफल, चार मैगजीन, 56 गोलियां, नौ एमएम का एक पिस्तौल, उसके तीन मैगजीन और तीन ग्रेनेड बरामद किए गए।

उन्होंने कहा कि आतंकवादी की पहचान नहीं हो पाई है और फिलहाल यह भी पता नहीं चल सका है कि वह किस संगठन से जुड़ा था। प्रवक्ता ने बताया कि अभियान जारी है। आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े संगठन ‘पीपुल्स एंटी फासिस्ट फ्रंट’ (पीएएफएफ) ने शुक्रवार के हमले की जिम्मेदारी ली है। अधिकारियों ने कहा कि मारे गए आतंकवादी के शव को घटनास्थल से हटा दिया गया और उसका पोस्टमॉर्टम भी किया गया।

राजौरी और पुंछ जिलों में आतंकवादियों द्वारा अक्टूबर 2021 से लेकर अब तक किए गए आठ हमलों में 26 सैनिकों सहित कुल 35 लोगों की जान गई है। राजनाथ ने राजौरी जिले के कांडी वन क्षेत्र में शुक्रवार को सेना के आतंकवाद-विरोधी अभियान के दौरान आतंकवादियों द्वारा किए गए विस्फोट में पांच जवानों के शहीद होने के एक दिन बाद इलाके का दौरा किया।

अधिकारियों ने बताया कि राजनाथ कुछ देर जम्मू में रुके और फिर सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे व जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के साथ राजौरी में ‘एस ऑफ स्पेड्स डिवीजन’ मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान, उन्होंने आतंकवादियों के खिलाफ अभियान में शामिल सैनिकों से संवाद भी किया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Thank you, for a message universal express.

पायलट ने फ्लाइट अटेंडेंट को प्रपोज किया

पायलट ने फ्लाइट अटेंडेंट को प्रपोज किया  अखिलेश पांडेय  वारसॉ। अक्सर लोग अपने प्यार का इजहार किसी खास जगह पर करने का सोचते हैं। ताकि वो पल ज...