सोमवार, 11 जुलाई 2022

25 साल की सजा पूरी होने पर रिहा किया जाएगा

25 साल की सजा पूरी होने पर रिहा किया जाएगा

अकांशु उपाध्याय 
नई दिल्ली। 1993 में सीरियल बम धमाके से देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को दहलाने के आरोपी अबू सलेम की सजा को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने आज बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने कहा कि 1993 के मुंबई विस्फोट मामले में सलेम को 25 साल की सजा पूरी होने पर रिहा किया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा कि केंद्र पुर्तगाल को दी गई अपनी प्रतिबद्धता का सम्मान करने के लिए बाध्य है।
सलेम ने अपनी याचिका में कहा था कि उसकी सजा 25 साल से अधिक नहीं बढ़ाई जा सकती है, जैसा कि 2002 में भारत ने पुर्तगाल को उसके प्रत्यपर्ण को लेकर आश्वासन दिया था। जस्टिस एकके कौल और एमएम सुंद्रेश की बेंच ने कहा कि केंद्र सरकार राष्ट्रपति को संविधान के अनुच्छेद 72 के तहत अपनी पावर का इस्तेमाल करने की सलाह देने के लिए बाध्य है।
बेंच ने कहा कि 25 साल की सजा पूरी होने के एक महीने के अंदर जरूरी कागजात फॉरवर्ड किए जाने चाहिए। वास्तव में सरकार खुद सीआरपीसी के तहत मिली पावर का इस्तेमाल कर सकती है जो कि 25 साल की सजा पूरी होने के एक महीने के अंदर होगा।
25 फरवरी, 2015 को एक स्पेशल टाडा कोर्ट ने एक अन्य मामले में सलेम को आजीवन करावास की सजा सुनाई थी। यह सजा मुंबई के बिल्डर प्रदीप जैन और उसके ड्राइवर मेंहदी हसन की 1995 में हत्या के मामले में सुनाई गई। सलेम 1993 सीरियल ब्लास्ट्स के मामले में भी दोषी है। सलेम को 11 नवबंर, 2005 को पूर्तगाल से कानूनी लड़ाई के बाद प्रत्यर्पित किया गया था।

संरक्षण कार्यों की समीक्षा करेंगे, उपमुख्यमंत्री

संरक्षण कार्यों की समीक्षा करेंगे, उपमुख्यमंत्री  

अकांशु उपाध्याय 
नई दिल्ली। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा है कि ऐतिहासिक इमारतें हमारी धरोहर है और इन्हें संरक्षित करना बेहद जरुरी है। सिसोदिया ने सोमवार को दिल्ली पुरातत्व विभाग के अधिकारियों के साथ विभिन्न ऐतिहासिक इमारतों के संरक्षण के लिए किए जा रहे कामों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में स्मारकों की स्थिति की समीक्षा के बाद, यह निर्णय लिया गया कि उपमुख्यमंत्री जल्द ही उनका दौरा करेंगे और ऐतिहासिक स्थलों पर चल रहे संरक्षण कार्यों की समीक्षा करेंगे।
इस मौके पर सिसोदिया ने कहा कि ऐतिहासिक इमारतें हमारी धरोहर है और इन्हें संरक्षित करना बेहद जरुरी है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक उपेक्षित रहने के कारण इन्हें काफी नुकसान हुआ है। इसे लेकर केजरीवाल सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि बेहद सावधानी के साथ प्रत्येक स्मारक व उससे जुड़े इतिहास के साथ छेड़छाड़ किए बिना जल्द से जल्द उन्हें अपनी असल पहचान दी जाए। उन्होंने कहा कि दिल्ली में ज़्यादातर ऐतिहासिक इमारतें भारतीय पुरात्विक सर्वेक्षण विभाग के अंतर्गत आते है। लेकिन ऐतिहासिक महत्त्व की बहुत सी ऐसी इमारतें भी है जो दिल्ली सरकार के अंतर्गत आती है।
दिल्ली सरकार के अंतर्गत ऐसी कुल 71 इमारतें है जिनके पुनर्विकास का कार्य किया जा रहा है ताकि लोग इन इमारतों के इतिहास से भी परिचित हो सकें और ये स्थान पर्यटन के क्षेत्र के रूप में उभर सकें। सरकार द्वारा यहां यहां पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कश्मीरी गेट पर अम्बेडकर यूनिवर्सिटी के परिसर में स्थित दारा शिकोह की लाइब्रेरी वर्षों से जर्जर हालत में थी। इस लाइब्रेरी की छत और दीवारें रखरखाव की कमी के कारण जर्जर हो चुकी थी। यमुना नदी से बेहद नजदीक होने के कारण यहां हर समय सीलन की समस्या होती थी।
केजरीवाल सरकार द्वारा इस ऐतिहासिक महत्त्व के इमारत को प्राथमिकता देते हुए संरक्षित और पुनर्जीवित करने का काम किया गया है और जल्द ही यहां संग्रहालय की शुरुआत करने वाली है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार द्वारा कुदेसिया बाग़ को संरक्षित करने का काम भी किया गया है। सरकार ने यहां इमारतों के रख-रखाव का तो काम किया ही है। साथ ही यहां मौजूद बाग़ को भी एक नया स्वरुप दिया है। जिससे यहां बड़ी संख्या में पर्यटक आकर्षित होंगे। दिल्ली सरकार द्वारा कुदेसिया बाग़ में भी एक संग्रहालय की शुरुआत की जाएगी।
उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार सुंदर नगर स्थित अजीमगंज सराय को भी संरक्षित करने के तहत उसके पुनर्विकास का काम करवा रही है। सराय के पुनर्विकास का कार्य 2 फेज में होना है। वर्तमान में पहले फेज का कार्य पूरा हो चुका है। सरकार एक अन्य ऐतिहासिक महत्त्व के इमारत मालचा महल के पुनर्विकास के कार्य को भी जल्द शुरू करने वाली है।

रतूड़ी व कमलेश ने कांग्रेस छोड़ने का ऐलान किया

रतूड़ी व कमलेश ने कांग्रेस छोड़ने का ऐलान किया

पंकज कपूर
देहरादून। उत्तराखंड में कांग्रेस पार्टी को एक और बड़ा झटका लगा है। आम आदमी पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर कांग्रेस से 40 साल से पदाधिकारी रहे डॉ. रतूड़ी और महिला विंग में महानगर अध्यक्ष से लेकर प्रदेश उपाध्यक्ष तक की जिम्मेदारी संभालने वाली कमलेश रमन ने भी कांग्रेस छोड़ने का ऐलान कर दिया।
नेताओं ने पार्टी के भीतर चल रहे अंतर्कलह को वजह बताकर पार्टी छोड़ने का ऐलान किया है। दोनों वरिष्ठ नेता दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सदस्यता लेंगे। उत्तराखंड कांग्रेस के लिए इसे एक बड़ा झटका माना जा रहा है। ये प्रदेश कांग्रेस के नए अध्यक्ष करन मेहरा के लिए ज्यादा बड़ा झटका है, जिनकी कार्यप्रणाली पर इसके बाद सवाल उठना तय है।
विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली करारी हार के बाद पार्टी ने राज्य में नए प्रदेश अध्यक्ष की कमान करन मेहरा को सौंपी थी। पार्टी ने एक युवा चेहरे के रूप में करन मेहरा को जिम्मेदारी दी और सबसे बड़ी चुनौती अंतर्कलह को खत्म करने का भी भरोसा जताया। लेकिन राज्य में पार्टी के भीतर चल रहे मतभेद ने उनकी कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

मजाकिया अंदाज में छोटी आंख के कई फायदे गिना दिए

मजाकिया अंदाज में छोटी आंख के कई फायदे गिना दिए 

इकबाल अंसारी 
कोहिमा। नागालैंड के बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और  मंत्री तेमजेन इमना अलॉन्ग की टिप्पणी ने सबका ध्यान खींचा है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में ही छोटी आंख के कई फायदे गिना दिए हैं। इसके अलावा उनके हिंदी बोलने का अंदाज भी लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है।
सोशल मीडिया हो या फिर सर्च इंजन गूगल पर पिछले कुछ दिनों से नार्थ ईस्ट राज्य नागालैंड के बीजेपी नेता के चर्चे हैं। वो कई और नहीं बल्कि नागालैंड के हायर एजुकेशन और आदिवासी मामलों के मंत्री तेमजेन इमना अलांग  हैं, जिनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर इतना वायरल हो गया कि लोग अब उनके और उनकी पत्नी के बारे में जानने के लिए इतने उत्सुक नजर आ रहे हैं कि गूगल पर धड़ाधड़ सर्च करने में लगे हुए हैं, जिस पर अब उनका एक ट्वीट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 41 साल के तेमजेन इमना अलॉन्ग नागालैंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हैं। उन्हें 2018 में नागालैंड विधान सभा चुनाव में अलोंगटाकी निर्वाचन क्षेत्र से चुना गया है। वह 2018 से सरकार में उच्च और तकनीकी शिक्षा मंत्री हैं। वे बहुत अच्छी हिंदी बोलते हैं।
दरअसल, नागालैंड के बीजेपी अध्यक्ष तेमजेन ने गूगल पर सर्च किए जा रहे उनकी पत्नी के बारे में जानने वाले की-वर्ड का एक स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए एक ट्वीट किया है। जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। बीते हफ्ते बीजेपी के एक कार्यक्रम में तेमजेन इमना अलांग के भाषण की एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुई थी।
अपने वीडियो में उन्होंने नॉर्थ ईस्ट के लोगों की छोटी आंखों के होने पर फायदें गिनवाए थे, जिसके बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने जमकर ठहाके लगाए थे। उनका यह अंदाज लोगों को काफी पसंद आया, जिसके बाद उनके बारे में जानकारी हासिल करने के लिए गूगल पर यूजर उनसे जुड़ी जानकारी खोजना शुरू करने लगे।
अपने भाषण में नागालैंड बीजेपी अध्यक्ष ने कहा था कि लोग कहते हैं कि पूर्वोत्तर के लोगों की आंख छोटी हैं, लेकिन हम बहुत अच्छी तरह से देख सकते हैं। इसी के साथ उन्होंने छोटी आंखों के फायदे बताते हुए कहा कि छोटी आंखों के कई फायदे होते हैं, जैसे गंदगी कम घुसती है और कभी-कभी लंबे कार्यक्रमों में सो भी सकते हैं। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था।
अपने भाषण में नागालैंड बीजेपी अध्यक्ष ने कहा था कि लोग कहते हैं कि पूर्वोत्तर के लोगों की आंख छोटी हैं, लेकिन हम बहुत अच्छी तरह से देख सकते हैं। इसी के साथ उन्होंने छोटी आंखों के फायदे बताते हुए कहा कि छोटी आंखों के कई फायदे होते हैं, जैसे गंदगी कम घुसती है और कभी-कभी लंबे कार्यक्रमों में सो भी सकते हैं। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था।

भाजपा नेत्री ने फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश की

भाजपा नेत्री ने फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश की

दुष्यंत टीकम  
रायगढ़। पार्षद पद के चुनाव में प्रत्याशी रहीं भाजपा नेत्री ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। परिजनों ने किसी तरह से उसको बचाकर अस्पताल में दाखिल कराया। भाजपा नेत्री के पास से बरामद सुसाइट नोट में उसने कांग्रेस पार्षद के साथ पत्रकार और पति पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार, नगर के कौहाकुन्डा वार्ड क्रमांक 25 में पार्षद पद के लिए हुए मध्यावधि चुनाव में भाजपा की प्रत्याशी रहीं रश्मि वर्मा ने सुबह अपने बच्चे को स्कूल में छोड़कर वापस घर पहुंची। यहां अपने कमरे में जाकर उसने फांसी लगाने की कोशिश की। परिजनों को इसकी भनक लगते ही किसी तरह से बचाते हुए उपचार के लिए जिला अस्पताल में दाखिल कराया। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई।

सत्र: कांग्रेस ने 5 विधायकों को अज्ञात स्थान पर भेजा

सत्र: कांग्रेस ने 5 विधायकों को अज्ञात स्थान पर भेजा

इकबाल अंसारी
पणजी। गोवा में विधानसभा का सत्र शुरू हो रहा है और इससे पहले विपक्षी दल कांग्रेस ने अपने पांच विधायकों को अज्ञात स्थान पर भेज दिया है। पार्टी के पांच अन्य विधायकों से पहले ही संपर्क नहीं हो पा रहा है। कांग्रेस के एक शीर्ष अधिकारी ने यह जानकारी दी। पार्टी की गोवा इकाई के अध्यक्ष अमित पाटकर ने बताया कि पार्टी सत्र शुरू होने से पहले विपक्ष के नए नेता के नाम की घोषणा करेगी।
सोमवार सुबह तक कांग्रेस के 11 विधायकों में से पांच विधायक पार्टी के साथ थे, वहीं पांच अन्य विधायकों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। विधायक एलेक्सो सिकेरा अपने घर पर हैं और उन्होंने पार्टी को समर्थन देने की घोषणा की है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने इस बात की पुष्टि की पांच विधायकों को किसी अन्य स्थान पर ले जाया गया है। उन्होंने कहा कि ये विधायक पार्टी के साथ ही हैं और उन्हें पार्टी को आगे बंटने से बचाने के लिए अज्ञात स्थान पर ले जाया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘ वे विधायक सत्र में शामिल होने के लिए विधानसभा में आएंगे।’’ गैरतलब है कि गोवा में विपक्षी दल कांग्रेस ने रविवार को कहा था कि राज्य में उसके 11 में से पांच विधायकों से संपर्क नहीं हो पा रहा है और उसने अपने दो विधायकों माइकल लोबो और पूर्व मुख्यमंत्री दिगंबर कामत पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ मिलकर पार्टी के खिलाफ ‘‘साजिश’’ रचने का आरोप लगाया।
यह घटनाक्रम इन अटकलों के बीच सामने आया है कि 40 सदस्यीय सदन में कांग्रेस के कुछ विधायक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो सकते हैं। गोवा में यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ आया है, जब हाल में पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में सत्तारूढ़ शिवसेना के कुछ विधायकों के बागी हो जाने के कारण महा विकास आघाड़ी सरकार गिर गई।

आंध्र प्रदेश के लगभग 39 तीर्थयात्रियों का पता लगाया

आंध्र प्रदेश के लगभग 39 तीर्थयात्रियों का पता लगाया

गीता गोवंडके/इकबाल अंसारी 
अमरावती/श्रीनगर। आंध्र प्रदेश के उन लगभग 39 तीर्थयात्रियों का पता लगाया गया है, जिनकी चार दिन पहले अमरनाथ में बादल फटने और अचानक आई बाढ़ में लापता होने की सूचना मिली थी। राज्य सरकार ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि ये सभी तीर्थयात्री सुरक्षित हैं। हालांकि, राज्य सरकार द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, राजामहेंद्रवरम की दो महिलाएं और नेल्लोर के 11 सदस्य अभी भी लापता हैं।
नेल्लोर के 18 सदस्यों के एक अन्य समूह का पता लगा लिया गया है। जिसके रविवार को लापता होने की सूचना मिली थी। बचाव अभियान से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने तीर्थयात्रियों के लिए जम्मू-कश्मीर में तलाशी अभियान जारी रखा हुआ है। दूसरी ओर, राजस्व अधिकारी राज्य में उनके परिवारों से संपर्क कर रहे हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि किसी से कोई संपर्क हुआ है या नहीं।’’ अधिकारी ने बताया कि नयी दिल्ली में आंध्र प्रदेश भवन के अधिकारी तीर्थयात्रियों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाने की व्यवस्था कर रहे हैं।

राजनीति: पीएम ने 'राष्ट्रीय प्रतीक' का अनावरण किया

राजनीति: पीएम ने 'राष्ट्रीय प्रतीक' का अनावरण किया

अकांशु उपाध्याय
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नए संसद भवन की छत पर बने 'राष्ट्रीय प्रतीक' का सोमवार को अनावरण किया। अधिकारियों ने बताया कि कांस्य का बना यह प्रतीक 9,500 किलोग्राम वजनी है और इसकी ऊंचाई 6.5 मीटर है। उन्होंने बताया कि इसे नए संसद भवन के शीर्ष पर बनाया गया है और प्रतीक को सहारा देने के लिए इसके आसपास करीब 6,500 किलोग्राम की, स्टील की एक संरचना का निर्माण किया गया है।
मोदी ने इस दौरान संसद भवन के निर्माण कार्य में लगे मजदूरों से भी बातचीत की। उन्होंने बताया कि नए संसद भवन की छत पर राष्ट्रीय प्रतीक लगाने का काम आठ अलग-अलग चरणों से पूरा किया गया। इसमें मिट्टी से मॉडल बनाने से लेकर कंप्यूटर ग्राफिक तैयार करना और कांस्य निर्मित आकृति को पॉलिश करना शामिल है।

बुद्धिजीवी नागरिकों की एडवाइजरी कौंसिल बनेंगी

बुद्धिजीवी नागरिकों की एडवाइजरी कौंसिल बनेंगी 

मनोज सिंह ठाकुर 
भोपाल/रतलाम। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने सोमवार को कहा कि नगर निगम चुनाव जीतने पर प्रत्येक नगर निगम में नगर के बुद्धिजीवी नागरिकों की एडवाइजरी कौंसिल बनाई जाएगी, जो कि आगामी दस वर्षों के लिए विकास का रोडमैप तैयार करेगी।  कमलनाथ ने यहां पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि इस एडवाईजरी कौंसिल में नगर के पत्रकार, डाक्टर, अधिवक्ता, उद्योगपति, व्यवसायी इत्यादि बुद्धिजीवियों को शामिल किया जाएगा और तीन चार हफ्तों में इसकी बैठकें होंगी।
नगर के बुद्धिजीवी नागरिक मिल कर शहर के विकास की योजना बनाएंगे। उन्होने कहा कि वार्ड पार्षद का ध्यान अपने वार्ड पर केन्द्रित रहता है और महापौर को वार्ड पार्षदों के काम करना पडते है। ऐसे में नगर के समग्र विकास की कल्पना बुद्धिजीवी नागरिक कर सकते है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह द्वारा लगाए गए आरोप पर कमलनाथ ने कहा कि वे नगर निगम क्षेत्र के मतदाता नहीं है। उनके गांव में सरपंच का चुनाव लडने वाले सभी उनके अपने थे, ऐसे में वे पक्षपात नहीं कर सकते थे, इसलिए उन्होने वोट नहीं डाला।
उन्होने कहा कि  चौहान अपने भाषण में आधा समय तो मेरा ही जिक्र करते रहते है। जबकि उन्हें मेरी चिन्ता छोडकर प्रदेश की चिन्ता करना चाहिए। एक प्रश्न के उत्तर में  कमलनाथ ने कहा कि वे घोषणाओं में विश्वास नहीं करते बल्कि काम करने में विश्वास रखते है। उन्होने कहा कि ग्यारह माह के अपने कार्यकाल के दौरान किसानोंं का कर्जा माफ किया।
सौ यूनिट बिजली सौ रुपए में प्रत्येक नागरिक को उपलब्ध कराई। उन्होने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्र्रेस की सरकार बनना तय है। इससे पहले  कमलनाथ ने शहर के आमंत्रित बुद्धिजीवियों से चर्चा की और विभिन्न प्रश्नों के उत्तर दिए।

दिल्ली: धूप और गर्मी से राहत, बदला मौसम का मिजाज

दिल्ली: धूप और गर्मी से राहत, बदला मौसम का मिजाज 

अकांशु उपाध्याय 
नई दिल्ली। चिल-चिलाती धूप और उमस भरी गर्मी से लोगों को थोड़ी राहत मिलनी शुरू हो गई है। दिल्ली में मौसम का मिजाज बदल गया है। कई इलाकों में तेज बारिश हो रही है, जिससे लोगों के चेहरे खिल उठे है। दिल्ली के कई इलाकों में सोमवार दोपहर तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कई दिनों से पड़ रही गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार दोपहर को आखिरकार मौसम का मिजाज बदल गया। कई इलाकों में तेज बारिश ने दस्तक दे दी। जिससे पिछले कई दिनों से पड़ रही गर्मी और उमस से राहत मिली है। झमाझम बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।दिल्ली के कई इलाकों में तेज बारिश हो रही है।
मौसम विभाग ने भी आज दिल्ली और एनसीआर के कई इलाकों में बारिश का अनुमान जताया था।मौसम विभाग ने सोमवार दोपहर को जारी किए अपडेट में कहा है कि नॉर्थ, नॉर्थ-वेस्ट, वेस्ट, साउथ-वेस्ट, साउथ, ईस्ट दिल्ली और एनसीआर, रोहतक आदि इलाकों में अगले दो घंटों में बारिश होने जा रही है। इसके अलावा, चरखी दादरी, झज्जर, कसोली, रेवाड़ी (हरियाणा), देवबंद, शामली, खतौली (यूपी) आदि भी बारिश होने जा रही।

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन 

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण  

1. अंक-276, (वर्ष-05)
2. मंगलवार, जुलाई 12, 2022
3. शक-1944, आषाढ़, शुक्ल-पक्ष, तिथि-त्रियोदशी/चतुर्दशी, विक्रमी सवंत-2079।
4. सूर्योदय प्रातः 05:22, सूर्यास्त: 07:15।
5. न्‍यूनतम तापमान- 26 डी.सै., अधिकतम-33+ डी.सै.। उत्तर भारत में बरसात की संभावना।
6. समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा। सभी पद अवैतनिक है।
7.स्वामी, मुद्रक, प्रकाशक, संपादक राधेश्याम व शिवांशु, (विशेष संपादक) श्रीराम व सरस्वती (सहायक संपादक) संरक्षण-अखिलेश पांडेय, ओमवीर सिंह, वीरसेन पवार, योगेश चौधरी आदि के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित। प्रकाशित समाचार, विज्ञापन एवं लेखोंं से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं हैं। पीआरबी एक्ट के अंतर्गत उत्तरदायी।
8. संपर्क व व्यवसायिक कार्यालय- चैंबर नं. 27, प्रथम तल, रामेश्वर पार्क, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102।
9. पंजीकृत कार्यालयः 263, सरस्वती विहार लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102
http://www.universalexpress.page/
www.universalexpress.in
email:universalexpress.editor@gmail.com
संपर्क सूत्र :- +919350302745--केवल व्हाट्सएप पर संपर्क करें, 9718339011 फोन करें।
           (सर्वाधिकार सुरक्षित)

पायलट ने फ्लाइट अटेंडेंट को प्रपोज किया

पायलट ने फ्लाइट अटेंडेंट को प्रपोज किया  अखिलेश पांडेय  वारसॉ। अक्सर लोग अपने प्यार का इजहार किसी खास जगह पर करने का सोचते हैं। ताकि वो पल ज...