मंगलवार, 3 दिसंबर 2019

नौसेना ने संदिग्ध 'चीनी पोत' को खदेड़ा

पोर्ट ब्लेयर! भारतीय नौसेना ने अंडमान-निकोबार के समीप अपने जलक्षेत्र में अवैध रूप से घुसे संदिग्ध चीनी पोत को खदेड़ दिया। बताया गया कि संदिग्ध चीनी जहाज  शी यान 1 एक अनुसंधान पोत था जिसकी खोज भारतीय निगरानी विमान पी8आई ने किया। यह जलपोत पोर्ट ब्लेयर के पास भारतीय जल क्षेत्र में कथित रूप से अनुसंधान गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। सूत्रों के अनुसार ऐसी आशंका जताई गई कि चीन इस पोत के जरिए भारतीय क्षेत्र में नौसेना की गतिविधियों की जासूसी कर सकता है। क्योंकि, चीन आक्रामक रूप से हिंद महासागर क्षेत्र में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की कोशिश कर रहा है। 


सुरक्षा एजेंसियों ने जैसे ही पता लगाया कि एक चीनी पोत भारतीय विशेष आर्थिक क्षेत्र में अनुसंधान गतिविधियों को अंजाम दे रहा है वैसे ही भारतीय नौसेना सक्रिय हो गई। नौसेना ने अपने एक युद्धपोत को इसकी निगरानी के लिए भेजा। 


भारतीय कानून के अनुसार कोई भी विदेशी जहाज भारतीय जल क्षेत्र में किसी भी प्रकार का शोध या अन्वेषण गतिविधि को अंजाम नहीं दे सकता। इसके बाद भारतीय नौसेना के युद्धपोत ने पूरा संयम बरतते हुए चीनी अनुसंधान पोत को भारतीय जल क्षेत्र से बाहर जाने के लिए कहा।  भारतीय नौसेना का आदेश पाते ही चीनी जलपोत भारत के जलक्षेत्र से बाहर भाग गया। 


बता दें कि भारतीय नौसेना मलेशिया के पास स्थित मलक्का जलडमरूमध्य से हिंद महासागर क्षेत्र में प्रवेश करने वाले सभी चीनी जहाजों पर निरंतर निगरानी रखती है। कुछ दिनों पहले ही नौसेना के खोजी विमान पी8आई ने चीनी नौसेना के सात युद्धपोतों का पता लगाया था जो हिंद महासागर क्षेत्र में सक्रिय थे। 


हिंद महासागर क्षेत्र में युद्धपोतों और परमाणु शक्ति युक्त पनडु्ब्बियों के गश्त को लेकर चीन बार-बार यह दलील देता है कि ये समुद्री लुटेरों के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई बल का हिस्सा हैं। कभी-कभी ये जहाज भारतीय जलक्षेत्र में भी प्रवेश कर जाते हैं। लेकिन जानकारों के अनुसार, समुद्री लुटेरों के खिलाफ कभी भी पनडुब्बियां कार्रवाई नहीं करती हैं। जो चीन की चालाकियों कोदर्शाता है।


गुजरात में आतंकरोधी कानून 'गुजसीटॉक' लागू

अहमदाबाद! गुजरात में आज से से गुजरात संगठित अपराध एवं आतकंवाद नियंत्रण विधेयक (गुजसीटॉक) को पूरे राज्य में लागू कर दिया गया। यह कानून महाराष्ट्र के मकोका की तर्ज पर बना है। इसके तहत पुलिस को किसी का फोन टैप करके उसे अदालत में बतौर सबूत पेश करने सहित कई नई शक्तियां दी गई हैं| महाराष्ट्र के मकोका कानून के बाद गुजरात आतंकवाद निरोधक कानून वाला दूसरा राज्य बन गया है।
बता दें कि इस कानून को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पांच नवंबर को मंजूरी दी थी। जबकि इससे पहले देश के तीन पूर्व राष्ट्रपतियों ने इस कानून में कोई न कोई तकनीकी खामी बताकर लौटा दिया था। इस विधेयक को पहली बार 2003 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में गुजरात विधानसभा ने पारित किया था। लेकिन, राष्ट्रपति ने कुछ खामियां बताकर इस वापस लौटा दिया था। इसके लिए विशेष अदालत का गठन और लोक अभियोजकों की नियुक्ति भी की जाएगी।


 


नासा ने चंद्रमा पर ढूंढ निकाला 'विक्रम'

न्यू जर्सी! इस साल सितंबर में भारत के महत्वकांक्षी चंद्रयान-2 के विक्रम लैंडर के मलबे को अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने ढूंढ निकाला है। नासा ने मंगलवार सुबह अपने लूनर रेकॉन्सेन्स ऑर्बिटर (एलआरओ) से ली गई एक तस्वीर जारी की है। जिसमें विक्रम लैंडर से प्रभावित स्थान दिखाई दे रहा है। नासा ने एक बयान जारी करते हुए कहा चंद्रमा की सतह पर विक्रम लैंडर मिल गया है।


तस्वीर में नीले और हरे डॉट्स के जरिए विक्रम लैंडर के मलबे वाला क्षेत्र दिखाया गया है। बयान में नासा ने कहा है कि उसने 26 सितंबर को क्रैश साइट की एक तस्वीर जारी की थी और लोगों को विक्रम लैंडर के संकेतों की खोज करने के लिए बुलाया था। जिसके बाद शनमुगा सुब्रमण्यन नाम के व्यक्ति ने मलबे की सकारात्मक पहचान के साथ एलआरओ परियोजना से संपर्क किया।


जिसके बाद एलओआरसी की टीम ने पहले और बाद की छवियों की तुलना करके लैंडर साइट की पहचान की पुष्टि की। शनमुगा ने क्रैश साइट के उत्तर-पश्चिम में लगभग 750 मीटर की दूरी पर स्थित मलबे की पहचान की। यह पहले मोजेक (1.3 मीटर पिक्सल, 84 डिग्री घटना कोण) की स्पष्ट तस्वीर थी। नंवबर मोजेक में इंपैक्ट क्रिएटर, रे और व्यापक मलबा क्षेत्र को अच्छी तरह से दिख रहा है। मलबे के तीन सबसे बड़े टुकड़े 2x2 पिक्सल के हैं।


इसरो से टूट गया था चंद्रयान-2
अक्तूबर में नासा ने बयान जारी करके बताया था कि उन्हें ऑर्बिटर से मिले ताजा फोटो में चंद्रयान-2 के लैंडर का पता नहीं चला है। नासा ने कहा था कि हो सकता है जिस समय हमारे ऑर्बिटर ने तस्वीर ली उस समय लैंडर किसी छाया में छिप गया हो। नासा की एक परियोजना के वैज्ञानिक ने बताया था कि हमारे ऑर्बिटर ने 14 अक्तूबर को चंद्रयान-2 के विक्रम लैंडिंग साइट की फोटो ली थी लेकिन वहां हमें ऐसी कोई त्सवीर नहीं मिली जिसमें विक्रम लैंडर-2 को देखा जा सके। बता दें कि चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर विक्रम लैंडर ने सॉफ्ट की बजाए हार्ड लैंडिंग की थी जिसके कारण उसका इसरो से संपर्क टूट गया था।


लंदन में भारतीय रेस्तरां पर लगा जुर्माना

लंदन । एक भारतीय रेस्तरां ने ड्राईफ्रूट्स से एलर्जी वाली ब्रिटेन की किशोरी को मूंगफली परोस दी, इससे किशोरी को एलर्जी हो गई। उसकी शिकायत पर भारतीय रेस्तरां पर  मूंगफली परोसने के लिए 3,767 पाउंड (लगभग 3,5 लाख रुपये) का जुर्माना लगाया गया है। भारतीय रेस्तरां ने जिस किशोरी को मूंगफली का सेवन कराया, उसे ड्राईफ्रूट्स से एलर्जी थी। रेस्तरां में की गई जांच के बाद कई लापरवाही भी पाई गई, जिसके बाद यहां के मालिकों पर 3,5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। रिपोर्ट के अनुसार, न्यूकैसल के पास टाइनमाउथ में स्थित रेस्तरां 'गुलशन' के कर्मचारियों ने 16 साल की लड़की को खाना परोसा था और उसे व उसके परिवार को भरोसा दिलाया कि यह खाना सुरक्षित है। कुछ कौर खाने के बाद लड़की को एलर्जी के कारण जीभ में झनझनाहट और सूजन होने लगी। लड़की को नॉर्थ टाइनसाइड जनरल हॉस्पिटल और फिर क्रैमलिंगटन में नॉर्थम्ब्रिया स्पेशलिस्ट इमरजेंसी केयर हॉस्पिटल ले जाया गया। स्थानीय प्राधिकरण के खाद्य सुरक्षा दल के अधिकारियों ने चिकन करी के अवशेषों को परीक्षण के लिए लिया। इसमें एक स्तर पर मूंगफली प्रोटीन पाया गया, जो ड्राईफ्रूट एलर्जी से पीड़ित किसी व्यक्ति के लिए मुसीबत खड़ी कर सकता है।



पंकजा 12 को करेगी समर्थकों की बैठक

मुंबई । महाराष्ट्र में भाजपा को स्थापित करने वाले दिवंगत गोपीनाथ मुंडे की बेटी, भाजपा की फायरब्रांड नेता और राज्य की पूर्व मंत्री पंकजा मुंडे की एक फेसबुक पोस्ट से महाराष्ट्र के राजनीतिक हलके में एक बार फिर उथल-पुथल के संकेत मिल रहे हैं। पंकजा मुंडे ने अपने समर्थकों को गोपीनाथ मुंडे की जयंती पर 12 दिसंबर के दिन बीड के गोपीनाथगढ़ पहुंचने को कहा है। उम्मीद की जा रही है कि उस दिन वह कोई बड़ा विस्फोट कर सकती हैं।
विधानसभा चुनाव में शिकस्त के बाद वह दबी जुबान में महाराष्ट्र भाजपा के आला नेताओं के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर कर चुकी है। ताजा फेसबुक पोस्ट से उन्होंने संकेत दिया है कि वह चुप नहीं रहेंगी? ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या वह देवेंद्र फड़नवीस के खिलाफ अपना गुस्सा खुलकर जाहिर करेंगी? पंकजा मुंडे मराठावाडा की परली सीट पर अपने चचेरे भाई धनंजय मुंडे से हाल ही में विधानसभा का चुनाव हारी हैं। अपनी इस हार को पंकजा पचा नहीं पा रही हैं। वह पब्लिक के सामने और अपने समर्थकों के बीच तब से खामोश हैं। लेकिन भाजपा के कई बड़े नेताओं के समक्ष वह अपनी व्यथा जाहिर कर चुकी हैं। बड़े नेताओं को पंकजा यह बता चुकी हैं कि वह चुनाव हारी नहीं हैं, उन्हें चुनाव हरवाया गया है।
पंकजा ने ऐसी कई बातें वरिष्ठ नेताओं को सबूत के साथ बताई हैं कि किस तरह उन्हें चुनाव हरवाने के लिए काम किया गया। सूत्र बताते हैं कि वरिष्ठ नेताओं के समक्ष व्यथा व्यक्त करते वक्त पंकजा का सारा रोष पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस के खिलाफ रहा है।
अपनी हार से आहत पंकजा मुंडे ने फेसबुक पर एक भावुक पोस्ट लिखकर अपने समर्थकों को 12 दिसंबर के दिन गोपीनाथ मुंडे की जयंती पर बीड के गोपीनाथगढ़ पहुंचने को कहा है। ऐसे में सवाल यह है कि क्या उस दिन पंकजा वही सब कहेंगी, जो वह भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को बता चुकी हैं? क्या वह इस बात का खुलासा करेंगी कि उनकी हार में किस-किस का हाथ है? क्या वह इस बहाने राज्य की ओबीसी राजनीति में कोई नया कार्ड प्ले करने जा रही हैं?
बीजेपी के कुछ बड़े नेताओं का कहना है कि पंकजा मुंडे नाराज जरूर हैं, लेकिन ऐसा नहीं लगता कि वह पार्टी के खिलाफ कुछ करेंगी। हालांकि इन नेताओं का कहना है कि किसी व्यक्ति विशेष के बारे में अगर उनके मन में गुस्सा है, तो वह उसे अपने समर्थकों के समक्ष प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से व्यक्त कर सकती हैं। उस पर टिप्पणी के लिए पंकजा से बात करने की कोशिश की गई तो उससे संपर्क नहीं सका।



मासूम से रेप के बाद हत्या की आशंका

इन्दौर। इन्दौर जिले के महू थाना क्षेत्र में सोमवार को चार साल की एक मासूम बच्ची का शव बरामद हुआ। आशंका है कि बालिका के साथ दुष्कर्म कर उसकी निर्मम हत्या की गयी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार बच्ची अपने माता-पिता के साथ महू के रेलवे स्टेशन के समीप पुल के नीचे कल रात सो रही थी। इसी बीच आज सुबह बच्ची अचानक लापता हो गयी। इसकी सूचना पुलिस को दी गयी, जिसके बाद एक होटल के सामने स्थित खंडहर से बच्ची का शव पुलिस ने बरामद किया। मृत बच्ची के शरीर पर चोट के निशान पाए जाने से आशंका जताई जा रही है कि बालिका के साथ दुष्कर्म कर उसकी निर्मम हत्या की गयी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।


प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

यूनिवर्सल एक्सप्रेस    (हिंदी-दैनिक)


दिसंबर 04, 2019 RNI.No.UPHIN/2014/57254


1. अंक-120 (साल-01)
2. बुधवार, दिसंबर 04, 2019
3. शक-1941, मार्गशीर्ष- शुक्लपक्ष, तिथि- अष्टमी, संवत 2076


4. सूर्योदय प्रातः 06:48,सूर्यास्त 05:46
5. न्‍यूनतम तापमान -11 डी.सै.,अधिकतम-24+ डी.सै., आसमान साफ रहेगा।
6. समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा।
7. स्वामी, प्रकाशक, मुद्रक, संपादक राधेश्याम के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित।


8.संपादकीय कार्यालय- 263 सरस्वती विहार, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102


9.संपर्क एवं व्यावसायिक कार्यालय-डी-60,100 फुटा रोड बलराम नगर, लोनी,गाजियाबाद उ.प्र.,201102


https://universalexpress.page/
email:universalexpress.editor@gmail.com
cont.935030275
 (सर्वाधिकार सुरक्षित)


 


पायलट ने फ्लाइट अटेंडेंट को प्रपोज किया

पायलट ने फ्लाइट अटेंडेंट को प्रपोज किया  अखिलेश पांडेय  वारसॉ। अक्सर लोग अपने प्यार का इजहार किसी खास जगह पर करने का सोचते हैं। ताकि वो पल ज...