असम लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
असम लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 28 मार्च 2021

72 प्रतिशत लोगों ने मतदान अधिकार का किया प्रयोग

गुवाहाटी। असम में शनिवार को विधानसभा चुनाव के पहले चरण में कुल 72.14 फीसदी वोटिंग हई। 12 जिलों की इन सीटों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे के बीच वोटिंग हुई। इन विधानसभा सीटों पर सत्ताधारी बीजेपी और कांग्रेस-एआइयूडीएफ के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है। इनमें से 42 सीट राज्य के ऊपरी और उत्तरी क्षेत्र के हैं और बाकी 5 सीटें मध्य असम के नागांव जिले के हैं। पहले चरण की वोटिंग में मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल, विधानसभा अध्यक्ष हीरेन्द्रनाथ गोस्वामी और असम की प्रदेश कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष रिपुन बोरा की किस्मत दांव पर है। 2016 चुनाव में इनमें से 35 सीटों पर बीजेपी और उसकी सहयोगी एजीपी ने जीत हासिल की थी। जिसमें बीजेपी अकेले 27 सीटें जीती थी। कांग्रेस को इनमें से 9 सीटें हासिल हुईं थी। राज्य में तीन चरणों में मतदान होगा।आज के पहले चरण के बाद दूसरे चरण में 1 अप्रैल (39 विधानसभा) और तीसरे चरण में 6 अप्रैल (40 विधानसभा) को वोट डाले जाएंगे।

सोमवार, 22 मार्च 2021

माफिया की तरह काम कर रही भाजपा: प्रियंका

सरुपथार। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने असम में सत्तारूढ़ भाजपा पर सोमवार को आरोप लगाया, कि वह माफिया की तरह काम कर रही और सिंडिकेट चला रही है। कांग्रेस महासचिव ने यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, ”राज्य में भगवा पार्टी के दो गुट हैं। दोनों ने ही लोगों के साथ विश्वासघात किया है। कांग्रेस नेता ने असम के भाजपा नेतृत्व की तुलना महाकाव्य महाभारत के पात्र ”धृतराष्ट्र” और ”शकुनी” से की। हालांकि, उन्होंने भगवा पार्टी के उस नेता का नाम नहीं लिया। धृतराष्ट्र को एक दृष्टिहीन शासक के रूप में, जबकि शकुनी को राजनीतिक प्रपंच करने वाले के रूप में जाना जाता है। कांग्रेस नेता ने कहा, ”…असम सरकार में, एक शकुनी मामा जैसे नेता हैं और एक धृतराष्ट्र हैं। दोनों ने ही और भाजपा ने असम के लोगों के साथ छल किया है। प्रियंका ने आरोप लगाया, ”कभी जातीय नायक (जनता के नेता) कहलाने वाले ‘धृतराष्ट्र’ ने छह जातीय समुदायों के साथ छल किया, जिन्हें उन्होंने अनुसूचित जनजाति (एसटी) समुदाय में शामिल कराने का वादा किया था। ” उन्होंने आरोप लगाया कि एक अन्य नेता ‘शकुनी मामा’ हैं। जो एक भ्रष्ट सरकार चला रहे हैं और जिसने सिर्फ लोगों को ठगा ही है। प्रियंका ने राज्य एवं केंद्र में सत्तारूढ़ दल पर अपना हमला जारी रखते हुए दावा किया, ”भाजपा यह फैसला नहीं कर पा रही है कि मुख्यमंत्री पद के लिए उसकी ओर से उम्मीदवार कौन होगा। वह अपने ही (भाजपा के ही) मुख्यमंत्री का सम्मान नहीं कर पा रही है और नाम नहीं बता रही है। यदि पार्टी (भाजपा) में कोई स्थिरता या एकजुटता नहीं है, तो फिर वह असम में स्थिरता कैसे ला पाएगी और लोगों को स्थिर सरकार वह कैसे दे सकती है?”

1 दिन दिहाड़ी नहीं मिली, आदमी सोता है भूखा

गुवाहटी। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने असम की सबसे अहम जरूरत को सबके सामने रखा। उन्होंने कहा कि यदि चाय जनजाति की महिलाओं को एक दिन की दिहाड़ी नहीं मिले, तो परिवार के एक सदस्य को उस दिन भूखा सोना पड़ता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार आई, तो सभी महिलाओं को प्रतिमाह 2000 रुपये दिये जायेंगे। जिससे कि वे सशक्त हो सके। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने आज असम के चुनाव प्रचार की शुरूआत जोरहट से की। जोरहट में पहुंचने पर प्रियंका गांधी का भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने पिछली बार जो भी वायदे किये थे, उन्हें एक-एक करके तोड़ दिया। उन्होंने कहा कि क्या प्रधानमंत्री कभी चाय के बागानों में गये। वहां जो बहनें चाय की पत्तियां तोड़ती हैं, उनकी अंगुलियों पर जो छाले पड़े हैं, उन्हें देखा? जो उन महिलाओं की चमड़ी सख्त हो चुकी है, क्या उन पर कभी भाजपा सरकार का ध्यान गया। कहा गया था कि चाय बगान श्रमिकों की दिहाड़ी 350 रुपये होगी, क्या वो की गई। कुछ नहीं किया गया, सभी वायदों को चकनाचूर कर दिया गया। उन्होंने कहा कि महिलाएं जो घर भी चलाती हैं और मेहनत मजदूरी कर परिवार का सहारा बनती है, मैं उनकी बात करती हूं। उन महिलाओं से मिली हूं। एक महिला ने बातचीत के दौरान मुझे बताया था कि दीदी यदि एक दिन दिहाड़ी नहीं मिलती, तो परिवार के एक सदस्य को भूखा सोना पड़ता है, लेकिन सरकार को उनकी कुछ भी नहीं पड़ी है। भाजपा सरकार ने कहा था कि 25 लाख रोजगार मिलेंगे, क्या किसी को रोजगार मिला? भाजपा सरकार ने कहा था कि खंड छह, जिससे असम की संस्कृति सुरक्षित रहती है, लागू करेंगे, नहीं किया गया। सीएए को लागू नहीं करने की बात की गई थी, लेकिन सत्ता में आते ही सीएए को लागू करने की बात की गई। उन्होंने कहा कि चाय के बगानों में न चिकित्सा की सुविधा है, न टाॅयलेट की। भाजपा की सरकार रिमोट की सरकार है, असम गण परिषद् को दिल्ली परिषद् बना दिया गया है। दिल्ली से असम की सरकार को चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विगत दिवस प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आपको दो-दो इंजन की सरकार मिलेगी, इस पर प्रियंका ने तंज कसा कि क्या पता कौन सा इंजन कौन से ईंधन से चलेगा और क्या-क्या करेगा। भाजपा का मकसद सिर्फ राजनीति है। उन्होंने कहा कि पीएम ने कहा कि कांग्रेस ने पूर्व में असम की संस्कृति का विनाश किया। इससे पहले जो तरूण गोगोई कांग्रेस के नेता थे, जिनकी रगों में असमिया संस्कृति बसी हुई थी, उनके गुजर जाने के बाद, पीएम ऐसी बातें कर रहे हैं, जो कि उन्हें शोभा नहीं देता है। उन्होंने कहा कि यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी तंज कहा। प्रियंका ने कहा कि यूपी के सीएम यहां आये और श्रीमन् शंकरदेव के बारे में गलत तरीके से जिक्र किया, इतना भी आदर नहीं किया कि वे उनके बारे में जानें। प्रियंका ने कहा कि भाजपा की नीतियां सिर्फ उद्योगपति मित्रों को मजबूत बनाने के लिए है। गोपीनाथ के नाम पर सरकारी पैसे से बनाया गया एयरपोर्ट उद्योगपति मित्र को दिया जा रहा है। एआईसीबी को प्राईवेट करने की योजना है। उन्होंने कहा कि असम के लोगों की जमीन हड़पने की कोशिश की गई। जब असम के लोगों ने इसका विरोध किया, तो महिलाओं पर लाठियां बरसाई गईं। किसानों को जेल में डाल दिया गया। भाजपा जमीन, एयरपोर्ट, रिफाईनर, यहां तक कि असम के चिड़ियाघरों के ब्लैक पैंथर भी अपने उद्योपगति मित्रों को दे रही है। सीएए से असम की संस्कृति को बर्बाद करना चाहती है। उन्होंने कहा कि असम में 40 लाख बेरोजगार हैं। हर छठा बीए पास व 10वां एमए पास व्यक्ति बेरोजगार है। असम के युवाओं को दिल्ली, मुम्बई, बंगलूरू जाना पड़ता है। वहां भी उन्हें सम्मान नहीं मिलता। प्रियंका ने कहा कि आप सभी को जो भी आपके पास आये, उससे नौकरी, रोजगार, भविष्य मांगना चाहिए। यह आपके आत्मसम्मान की बात है। चाय बगान के श्रमिकों को आज तक ट्राईब्स का दर्जा नहीं दिया गया है। हर ओर से भाजपा ने धोखा किया है। आप उन पर कैसे विश्वास कर सकते हैं। पांच साल तक आपने भाजपा को झेला है। उन्होंने कहा कि इससे पहले कांग्रेस की सरकार थी, हो सकता है, कांग्रेस सरकार से भी गलती हुई हैं, लेकिन असम का विकास तो हुआ, सीएए तो नहीं थोपा गया। उन्होंने कहा कि जो आपके साथ हुआ, आपको पता है। आपसे बेहतर कोई नहीं जानता। अब आपको बहुत सोच समझकर निर्णय करना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आपके लिए पांच गारंटी लेकर आई है। अगर कांग्रेस की सरकार बनी, तो यह गारंटी हर हाल में पूरी होगी।

कांग्रेस का शासन, 'आतंकवाद' का नंगा नाच

जोनाई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को एक चुनावी रैली में कहा, कि भाजपा ने बीते पांच वर्षों के दौरान असम में शांति और विकास सुनिश्चित किया है। असम में आज सोमवार को अपनी तीन चुनावी रैलियों में से पहली रैली को संबोधित करते हुए शाह ने आरोप लगाया कि पांच साल पहले जब कांग्रेस राज्य की सत्ता में थी, तब आंदोलन, हिंसा, बम विस्फोट, लोगों की मौत होना और कर्फ्यू लगना आम बात थी। शाह ने कहा, ”आतंकवाद का नंगा नाच चारों ओर चल रहा था।” उन्होंने कहा, ”(कांग्रेस नेता) राहुल गांधी असम की ‘अस्मिता’ की रक्षा की बात करते हैं। लेकिन आज मैं उनसे सार्वजनिक रूप से पूछना चाहता हूं, कि क्या कांग्रेस एआईयूडीएफ प्रमुख बदरूद्दीन अजमल को अपनी गोदी में बैठाकर यह कर पाएगी?” शाह ने कहा कि यदि अजमल सत्ता में आ गए, तो क्या ”असम घुसपैठियों से सुरक्षित रह पाएगा? क्या लोग चाहते हैं कि राज्य में और घुसपैठिए आ जाएं?”

रविवार, 21 मार्च 2021

जब लोग डूब रहे थे, असम क्यों नहीं आए पीएम ?

जोरहाट। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला करते हुए कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने रविवार को आरोप लगाया, कि वह 22 वर्षीय महिला के एक ट्वीट से दुखी हैं। लेकिन, असम में आयी बाढ़ से तबाह हुए लोगों के लिए नहीं। मोदी के असम के चाबुआ में एक चुनावी रैली में टूलकिट और कांग्रेस की कथित साजिश का मुद्दा उठाने के एक दिन बाद प्रियंका गांधी ने कहा कि मोदी बाढ़ के दौरान लोगों की परेशानियों को लेकर चुप थे। कोरोना वायरस महामारी के दौरान ब्रह्मपुत्र में आई पिछले साल की बाढ़ से करीब 28 लाख लोग प्रभावित हुए थे। प्रियंका ने कहा, कि मैं कल प्रधानमंत्री का भाषण सुन रही थी। उन्होंने बहुत गंभीरता से कहा कि वह एक घटना से बहुत दुखी हैं। मुझे लगा वह असम के विकास के बारे में या असम में भाजपा ने कैसा काम किया। इस बारे में बोलेंगे। लेकिन मैं यह सुनकर हैरान रह गई, कि प्रधानमंत्री 22 वर्षीय महिला (दिशा रवि) के एक ट्वीट के बारे में बात कर रहे थे। उन्होंने कहा, कि कांग्रेस ने असम के चाय उद्योग को खत्म करने की साजिश रची। वह कांग्रेस द्वारा सोशल मीडिया पर दो गलत तस्वीरें गलती से डालने को लेकर भी दुखी थे। उन्होंने मोदी से सवाल किया कि वह बाढ़ से प्रभावित लोगों और सीएए विरोधी आंदोलन के लिए दुखी क्यों नहीं हैं। जिसमें पांच युवक मारे गए। कांग्रेस नेता ने मोदी से सवाल किया, कि आप तब असम क्यों नहीं आए जब लोग डूब रहे थे? आप तब दुखी क्यों नहीं थे। जब भाजपा द्वारा किए सभी बड़े वादे पूरे नहीं किए ? क्या आप चाय बागान गए और कामगारों से उनकी दिक्कतों के बारे में बात की ? असम में डबल इंजन की सरकार वाले प्रधानमंत्री के चर्चित बयान के बारे में प्रियंका ने मजाक उड़ाते हुए कहा, कि शकि राज्य में अभी दो मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने शक्तिशाली मंत्री हिमंत बिस्व सरमा और मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल के बीच सत्ता को लेकर चल रही खींचतान का जिक्र करते हुए यह टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कहा कि आपके पास डबल इंजन की सरकार है। लेकिन असम के पास दो मुख्यमंत्री हैं। मुझे नहीं पता कि कौन से ईंधन से कौन-सा इंजन चलेगा। असम में असम सरकार नहीं चल रही है। भगवान आपको बचाए। कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने युवाओं, किसानों और चाय बागान श्रमिकों समेत समाज के सभी वर्गों के साथ धोखा किया है। क्योंकि, उसने पांच साल पहले किया अपना कोई भी वादा पूरा नहीं किया।

मंगलवार, 16 मार्च 2021

408 उम्मीदवारों में से 28 के नामांकन खारिज किए

गुवाहाटी। असम विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिये नामांकन दाखिल करने वाले कुल 408 उम्मीदवारों में से 28 के नामांकन पत्र जांच के दौरान खारिज कर दिये गए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के प्रवक्ता ने मंगलवार को यह जानकारी दी। प्रवक्ता ने बताया कि एक अप्रैल को होने वाले चुनाव के दूसरे चरण के लिये 39 सीटों पर 408 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किये थे। जिनमें से सोमवार को जांच के दौरान 28 उम्मीदवारों का नामांकन खारिज कर दिया गया। दूसरे चरण के लिये नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 17 मार्च है। इस बीच, छह अप्रैल को होने वाले तीसरे और अंतिम चरण के चुनाव के लिये अब तक सात उम्मीदवार अपने नामांकन पत्र दाखिल कर चुके हैं। कोकराझार से लोकसभा सांसद नव कुमार सरानिया ने बारमा से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन पत्र दाखिल किया। असम गण परिषद से तीन बार विधायक रहे भूपेन रॉय ने अभयपुरी उत्तर से नामांकन भरा है। तीसरे चरण के लिये नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 19 मार्च है। 20 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 22 मार्च तक नाम वापस लिये जा सकते हैं।

रविवार, 14 मार्च 2021

असम में आतंकवाद-उग्रवाद कम हुआ: राजनाथ

दिसपुर। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि असम में आतंकवाद एवं उग्रवाद कम हुआ है। जिससे सरकार की विकास गतिविधियों को गति मिली है। यहां एक चुनाव रैली को संबोधित कर रहे राजनाथ सिंह ने कहा कि असम में शांति लौटी है और राज्य में गत पांच साल के भाजपा शासन के दौरान दर्जनों उग्रवादी संगठनों ने हथियार डाले हैं। उन्होंने कहा, कि जब मुझसे विश्वनाथ आने को कहा गया तो वर्ष 2014 में हुई आदिवासियों के नरसंहार की घटना मेरे दिमाग में आई लेकिन अब हालात सुधर गए हैं। इलाके में शांति बहाल होने से बेहतर और कोई खबर नहीं हो सकती। आदिवासियों की हत्या की घटना के समय गृह मंत्री रहे राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में जब कार्यभार संभाला तो केंद्र ने आतंकवाद और उग्रवाद को खत्म करने का बीड़ा उठाया। उन्होंने कहा कि असम के हालात में बहुत सुधार आया है। राज्य प्रगति के पथ पर है।

कांग्रेस कर रही देश बांटने वालों के साथ गठबंधन

दिसपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी पर उन राजनीतिक दलों के साथ गठजोड़ करने के लिए तीखे हमले किए। जो ”देश को बांटना चाहते हैं।” शाह ने कहा कि भाजपा वोट बैंक की राजनीति नहीं करती है। शाह ने आरोप लगाया, कि कांग्रेस पार्टी ने 15 साल तक राज्य में शासन करने और राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाला एक प्रधानमंत्री होने के बावजूद पड़ोसी देशों से अवैध घुसपैठ के मुद्दे को हल करने के लिए कुछ नहीं किया। शाह परोक्ष तौर पर मनमोहन सिंह की ओर इशारा कर रहे थे। जिन्होंने राज्यसभा में असम का प्रतिनिधित्व किया। शाह ने यहां एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा, ”कांग्रेस चुनाव जीतने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। उसने असम में बदरुद्दीन अजमल की एआईयूडीएफ, केरल में मुस्लिम लीग और पश्चिम बंगाल में इंडियन सेक्युलर फ्रंट के साथ गठबंधन किया है। असम अजमल के हाथों में सुरक्षित नहीं रह सकता है।” उन्होंने कहा, ”असम के लोग तय कर सकते हैं कि उनके कल्याण के बारे में कौन ज्यादा चिंतित है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या बदरुद्दीन अजमल।”

सोमवार, 1 मार्च 2021

प्रियंका दो दिवसीय यात्रा पर पहुंचीं असम, पूजा की

गुवाहाटी। कांग्रेस महासचिव एवं स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी वाड्रा असम के दो दिवसीय दौरे पर सोमवार सुबह यहां पहुंचीं। प्रियंका गांधी ने गुवाहाटी में लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने के तुरंत बाद गुवाहाटी में नीलाचल पहाड़ी पर स्थित प्रसिद्ध कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना की। उनके साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी थे।उन्होंने मंदिर परिसर में संवाददाताओं से कहा कि मैं लंबे समय से कामाख्या मंदिर आने के बारे में सोच रही था और मेरी मनोकामना आज पूरी हुई। मैंने देवी की पूजा की और उनसे अपने परिवार के लिए आशीर्वाद मांगा। मैंने असम और राज्य के लोगों के कल्याण के लिए भी प्रार्थना की।

रविवार, 28 फ़रवरी 2021

तारीखों के एलान के साथ बीजेपी को बड़ा झटका

चुनाव से पहले बीजेपी को झटका,गठबंधन से अलग हुआ बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट
दिसपुर। असम में विधानसभा चुनाव 2021 की तारीखों के एलान के साथ ही राज्य में बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। असम की प्रमुख क्षेत्रिय पार्टी बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट(बीपीएफ) ने एलान किया है। कि वो आगामी चुनावों में भाजपा के साथ नहीं जायेगी।बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट ने शनिवार को एनडीए का साथ छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया है। पार्टी के अध्यक्ष हग्रामा मोहिलरी ने कहा है। हम बीजेपी के साथ दोस्ती और गठबंधन नहीं निभा सकते हैं।
आपको बता दें कि चुनाव आयोग द्वारा पश्चिम बंगाल,असम  समेत पांच राज्यों में तारीखों की घोषणा के ठीक एक दिन बाद असम में बीजेपी की सहयोगी पार्टी बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट गठबंधन से अलग हो गया है। बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट ने शनिवार को एनडीए का साथ छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया है। पार्टी के अध्यक्ष हग्रामा मोहिलरी ने कहा है। हम बीजेपी के साथ दोस्ती और गठबंधन नहीं निभा सकते हैं। 
वहीँ बीपीएफ के अध्यक्ष हागरामा मोलिहारी ने ट्वीट कर कहा कि शांति एकता और विकास को लेकर काम करने के लिए बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट ने असम में होने वाले विधानसभा चुनाव में महाजाथ के साथ हाथ मिलाने का फैसला किया है। अब हम बीजेपी के साथ दोस्ती या गठबंधन नहीं करेंगे। बता दें कि पिछले बार 2016 में हुए विधानसभा चुनाव में बीपीएफ ने 12 सीटों पर जीत हासिल की थी। पार्टी ने 16 सीटों पर चुनाव लड़ा था और चुनाव में उसे 3.9 फीसदी वोट मिले थे।
हालांकि बीपीएफ के अध्यक्ष हागरामा मोलिहारी के ट्वीट से पहले राज्य में भाजपा की अगुवाई वाली नॉर्थ इस्ट डेमोक्रेटिक अलायंस के संयोजक हेमंत बिस्वा सरमा ने कहा था। कि आगामी विधानसभा चुनावों के लिए बीजेपी बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट के साथ गठबंधन रखने का कोई इरादा नहीं रखती है। बीजेपी ने घोषणा की थी। कि सत्तारूढ़ पार्टी ने पूर्व बोडो छात्र नेता और बोडोलैंड क्षेत्रिय परिषद के बीटीसी के मुख्य कार्यकारी सदस्य प्रमोद बोडो की अगुवाई में बनी नयी पार्टी यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल के साथ गठबंधन कर लिया है।

चुनावी रण में उतरीं प्रियंका, असम में कई कार्यक्रम

दिसपुर। कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी असम में होने वाले चुनावी रण के मद्देनजर 1 व 2 मार्च असम में रहेंगी और कई कार्यक्रमों को संबोधित करेंगी। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा 1 व 2 मार्च को असम का दौरा करेंगी। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर वे असम में जनता को सम्बोधित करेंगी। 1 मार्च को वे सुबह 8.30 बजे गुवाहटी के कामाख्या मंदिर में पहुंचेंगी, जहां कांग्रेसियों द्वारा उनका स्वागत किया जायेगा। पूर्वाह्न 11 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। इसके बाद वे उत्तर लखीमपुर जिले के सोनारी  पंचायत में जायेंगीगांव

शनिवार, 6 फ़रवरी 2021

मैनेजमेंट के लिये अटल सहित 11 नेता रवाना

दिसपुर। असम के पर्यवेक्षक एवँ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निदेशानुसार छत्तीसगढ़ के 12 कांग्रेस नेताओं को असम विधानसभा चुनाव में बूथ मैनेजमेंट,एवँ जोन ,सेक्टर के प्रशिक्षण के लिए ,आज सुबह रायपुर विमानतल से दिल्ली से गुवाहाटी के लिए रवाना हुए,जिसमें प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अटल श्रीवास्तव भी शामिल है। बताते चले कि अटल श्रीवास्तव को संघठन में कार्य करने का अच्छा खासा अनुभव रहा है। अभी हाल ही में बिलासपुर नगर निगम में कांग्रेस के निर्विरोध महापौर बनाये जाने में एवँ बिलासपुर, मुंगेली जिला पंचायत में कांग्रेस समर्पित अध्यक्ष बनाये जाने में उनकी विशेष भूमिका रही। कांग्रेस के विपक्ष में रहते हुए भी उन्होंने प्रदेश के महामंत्री का दायित्व संभालते हुए,पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी एवँ तत्कलीन प्रदेश अध्यक्ष एवँ वर्तमान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के अनेक बढ़ी सभाओ एवँ कार्यक्रम का सफल संचालन किया था। इन्ही सब अनुभवों को देखते हुए अटल श्रीवास्तव को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए बूथ मैनेजमेंट टीम का सदस्य बना के असम भेजा गया है। 12 सदस्यीय टीम में प्रमुख रूप से मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार विनोद वर्मा,संसदीय सलाहकार राजेश तिवारी,पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी सहित अन्य नेता भी शामिल है।

रविवार, 24 जनवरी 2021

बोडो समझौते उग्रवाद के अंत का प्रारंभ: गृहमंत्री

असम में बोले अमित शाह- बोडो समझौते उग्रवाद के अंत की शुरुआत
कोकराझार। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि एक साल पहले किये गए बोडोलैंड टेरिटोरियल रीजन (बीटीआर) समझौते ने पूर्वोत्तर में उग्रवाद को समाप्त करने की प्रक्रिया की शुरुआत की है। शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने अतीत में विभिन्न उग्रवादी संगठनों के साथ कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए लेकिन वह किये गए वादों को निभाने में विफल रही।
शाह ने कहा मैं यहां यह बताने के लिए आया हूं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा बीटीआर समझौते के सभी प्रावधानों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। जो क्षेत्र में शांति और विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा। यह क्षेत्र में उग्रवाद के अंत की शुरुआत का प्रतीक है।उन्होंने बीटीआर समझौता दिवस के अवसर पर अपने संबोधन के दौरान कहा कि भाजपा सरकार में असम के सभी समुदायों के राजनीतिक अधिकार, संस्कृति और भाषा सुरक्षित है।
उन्होंने कहा प्रधानमंत्री शनिवार को असम में थे। और उन्होंने एक लाख से अधिक स्थानीय मूल के लोगों को भूमि पट्टे वितरित किए। राज्य सरकार ने पहले ही बोडो को असम की सहायक भाषा बना दिया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा राज्य के सभी समुदायों की समृद्ध संस्कृति, भाषा और विरासत की रक्षा, संरक्षण और संवर्धन के लिए कई उपाय किए गए हैं।
शाह ने कहा कि केवल भाजपा ही नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में असम को भ्रष्टाचार, उग्रवाद और प्रदूषण मुक्त बना सकती है। बोडोलैंड प्रांतीय क्षेत्र जिले (बीटीएडी) में शांति के लिए तैयार किये गए बीटीआर समझौते पर पिछले साल 27 जनवरी को केंद्र सरकार, असम सरकार, नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट ऑफ़ बोडोलैंड के सभी चार गुटों और तत्कालीन बोडोलैंड प्रांतीय परिषद प्रमुख हगराम मोहिलरी द्वारा हस्ताक्षर किये गए थे।

सोमवार, 28 दिसंबर 2020

असम में होगें मदद से चलने वाले मदरसे बंद

दिसपुर। असम सरकार ने एक अप्रैल 2021 से राज्य में सभी सरकारी मदरसों को बंद करने और उन्हें स्कूलों में बदलने संबंधी एक विधेयक सोमवार को विधानसभा में पेश किया। राज्य में विपक्ष की आपत्ति के बावजूद शिक्षा मंत्री हेमंत बिस्व सरमा ने विधानसभा के तीन दिवसीय शीतकालीन सत्र के पहले दिन असम निरसन विधेयक, 2020 को पेश किया। विधेयक में दो मौजूदा कानूनों असम मदरसा शिक्षा (प्रांतीयकरण) कानून, 1995 और असम मदरसा शिक्षा (कर्मचारियों की सेवा का प्रांतीयकरण और मदरसा शिक्षण संस्थानों का पुनर्गठन) कानून, 2018 को निरस्त करने का प्रस्ताव दिया गया है। शर्मा ने कहा, ‘विधेयक निजी मदरसे पर नियंत्रण और उनको बंद करने के लिए नहीं है। उन्होंने कहा कि विधेयक के ‘लक्ष्यों और उद्देश्यों के बयान’ में ‘निजी’ शब्द गलती से शामिल हो गया। उन्होंने कहा कि सभी मदरसे उच्च प्राथमिक, उच्च और माध्यमिक स्कूलों में बदले जाएंगे और शिक्षक तथा गैर शिक्षण कर्मचारियों के वेतन, भत्ते और सेवा शर्तों में कोई बदलाव नहीं होगा। मंत्री ने पूर्व में कहा था कि असम में सरकार संचालित 610 मदरसे हैं।

रविवार, 27 दिसंबर 2020

गृह मंत्री ने कामाख्या मंदिर में की पूजा-अर्चना

अमित शाह ने असम के कामाख्या मंदिर में की पूजा-अर्चना
गुवाहाटी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्वोत्तर की अपनी तीन दिवसीय यात्रा के अंतिम दिन रविवार को यहां नीलाचल पहाड़ी पर स्थित शक्तिपीठ कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद वह मणिपुर के लिए रवाना होंगे, जहां वह कुछ परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। यह जानकारी एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी।
शाह मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल और स्वास्थ्य मंत्री हिमंत बिस्व सरमा के साथ सुबह 10 बजे मंदिर पहुंचे। गृह मंत्री ने मंदिर के गर्भगृह में केवल तीन पुजारियों के साथ प्रवेश किया, जबकि सोनोवाल और सरमा ने द्वार के पास प्रतीक्षा की। वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि शाह ने मंदिर की ‘परिक्रमा’ भी की।
शुक्रवार की रात यहां पहुंचे शाह ने शनिवार को एक आधिकारिक कार्यक्रम में चार विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने निष्कासित कांग्रेस विधायकों अजंता नियोग और राजदीप गोआला से मुलाकात की, जिसके बाद दोनों ने पुष्टि की कि वे भाजपा में शामिल होंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री ने आगामी असम विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव रणनीति पर चर्चा करने के वास्ते राज्य भाजपा की कोर समिति के सदस्यों के साथ देर रात बैठक की। शाह मणिपुर में सात प्रमुख परियोजनाओं की आधारशिला रखने वाले हैं। जिनमें एक मेडिकल कॉलेज भी शामिल है।

पायलट ने फ्लाइट अटेंडेंट को प्रपोज किया

पायलट ने फ्लाइट अटेंडेंट को प्रपोज किया  अखिलेश पांडेय  वारसॉ। अक्सर लोग अपने प्यार का इजहार किसी खास जगह पर करने का सोचते हैं। ताकि वो पल ज...