सोमवार, 3 अक्तूबर 2022

अधीक्षक ने क्राइम ब्रांच प्रभारी को सस्पेंड किया 

अधीक्षक ने क्राइम ब्रांच प्रभारी को सस्पेंड किया 

भानु प्रताप उपाध्याय 

सहारनपुर। लापरवाह बने रहने वाले पुलिस अफसरों एवं कर्मचारियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्यवाही करने में लगे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी से गैर हाजिर चल रहे क्राइम ब्रांच प्रभारी को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। एसएसपी द्वारा की गई इस बड़ी कार्रवाई के बाद अपने काम में लापरवाही के लिए विख्यात पुलिस अफसरों एवं कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विपिन ताडा ने क्राइम ब्रांच के प्रभारी राजेंद्र नगर की लापरवाही को गंभीरता से लिया है।

पिछले काफी समय से अपनी ड्यूटी से गैरहाजिर चल रहे क्राइम ब्रांच प्रभारी राजेंद्र नागर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उन्हें तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि कार्य के प्रति लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अपने काम के प्रति सजग नहीं रहने वाले पुलिस अफसरों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने थाना जनकपुरी प्रभारी से भी एक मामले में अब उनका स्पष्टीकरण मांगा है।

देश की सबसे भ्रष्ट 'कर्नाटक' की सरकार: राहुल 

देश की सबसे भ्रष्ट 'कर्नाटक' की सरकार: राहुल 

अकांशु उपाध्याय/इकबाल अंसारी 

नई दिल्ली/बेंगलुरू/पांडव पुरा। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ पर निकले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने सोमवार को आरोप लगाया कि कर्नाटक की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार देश की सबसे भ्रष्ट सरकार है। गांधी ने यहां यात्रा के 26 वें दिन एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कर्नाटक में हिंदुस्तान की शायद सबसे भ्रष्ट सरकार है।ये हर चीज में 40 प्रतिशत कमीशन लेती है। किसानों से, मजदूरों से, छोटे व्यापारियों से, छोटा कारोबार करने वालों से 40 प्रतिशत कमीशन लेने वाली सरकार है। उन्होंने कहा,“कर्नाटक के कॉन्ट्रैक्टर्स ने प्रधानमंत्री को चिट्ठी लिखी और कहा कि कर्नाटक में 40 प्रतिशत कमीशन का राज चल रहा है, प्रधानमंत्री ने कोई कार्रवाई नहीं की।”

गांधी ने कहा कि हिंदुस्तान में नफरत और हिंसा फैलाई जा रही है। यह यात्रा उसके विरुद्ध है। ये यात्रा हिंदुस्तान, बेरोजगारी और महंगाई के खिलाफ़ है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का लक्ष्य़, ये पूरे हिंदुस्तान में इन मुद्दों के लिए लड़ना है। कन्याकुमारी से कश्मीर तक की 3,500 किलोमीटर से ज्यादा लंबी यात्रा है। इसमें आम जनता का सहयोग मिल रहा है।

यूपी की 1 विधानसभा सीट पर उपचुनाव, ऐलान किया

यूपी की 1 विधानसभा सीट पर उपचुनाव, ऐलान किया 

संदीप मिश्र 

लखनऊ। भारत निर्वाचन आयोग की तरफ से उत्तर-प्रदेश की 1 विधानसभा सीट पर उपचुनाव कराने का ऐलान किया गया है। इस सीट पर 3 नवंबर को मतदान होगा और 6 नवंबर को मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। सोमवार को भारत निर्वाचन आयोग की ओर से उत्तर प्रदेश की गोला गोकर्णनाथ सीट पर विधानसभा का उपचुनाव कराने का ऐलान कर दिया गया है। जारी की गई अधिसूचना के मुताबिक 3 नवंबर को इस विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों के पक्ष में इलाके के मतदाता अपने-अपने वोट डालेंगे। 6 नवंबर को मतदान के दौरान डाले गए वोटों की गिनती करते हुए इसका परिणाम भी डिक्लेअर कर दिया जाएगा।

गोला गोकर्णनाथ सीट के विधायक अरविंद गिरी का पिछले दिनों निधन हो जाने की वजह से यह सीट खाली हुई थी। भारतीय जनता पार्टी के कब्जे वाली इस विधानसभा सीट को जीतने के लिए निश्चित तौर पर भारतीय जनता पार्टी अब एक बार फिर से पूरा जोर लगाएगी। उधर विपक्ष भी इस विधानसभा सीट पर जीत हासिल कर सरकार को लपेटे में लेने के हर संभव प्रयास करेगा। हालाकि तमाम प्रयासों के बावजूद विपक्ष द्वारा इस सीट को जीत लेने के बाद भी प्रदेश सरकार पर कोई प्रभाव नही पडेगा। लेकिन विपक्ष भाजपा और सरकार को घेरने का इस बहाने एक मौका जरूर तलाश कर सकता है।

वेबसीरीज: ट्रांसजेंडर के किरदार में नजर आएंगी, सेन

वेबसीरीज: ट्रांसजेंडर के किरदार में नजर आएंगी, सेन

कविता गर्ग 

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री व पूर्व मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन अपनी आने वाली वेबसीरीज में ट्रांसजेंडर के किरदार में नजर आएंगी। सुष्मिता सेन ने अपनी आने वाली वेबसीरज की शूटिंग शुरू कर दी है। इस वेब सीरीज में सुष्मिता ट्रांसजेंडर का किरदार निभा रही हैं। मराठी फिल्ममेकर रवि जाधव निर्देशित कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि सुष्मिता की यह वेबसीरीज ट्रांस एक्टिविस्ट गौरी सावंत की बायोग्राफी पर आधारित है। सीरीज में 06 एपिसोड होंगे, जिसमें गौरी की लाइफ के अलग-अलग फेज दिखाए जाएंगे। वेब सीरीज में दिखाया जाएगा कि आखिर किस तरह गौरी सावंत भारत की पहली ट्रांसजेंडर मां बनीं।

बताया जा रहा है कि सुष्मिता सेन इस रोल को करने के काफी एक्साइटेड हैं। यह वेबसीरीज आम ट्रांसजेंडर की कहानी से बिल्कुल अलग है। यह गौरी और उनकी एडॉप्ट की हुई बेटी की कहानी है, जिसके लिए उन्हें समाज से लंबी लड़ाई लड़नी पड़ी।

विशाखापत्तनम में 5जी नेटवर्क सेवाएं शुरू, अनुरोध

विशाखापत्तनम में 5जी नेटवर्क सेवाएं शुरू, अनुरोध

विमलेश यादव 

अमरावती। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य जी. वी. एल. नरसिम्हा राव ने सोमवार को केंद्र से बंदरगाह शहर विशाखापत्तनम में प्राथमिकता के आधार पर 5जी नेटवर्क सेवाएं शुरू करने का अनुरोध किया। वह चाहते थे कि 5जी सेवाएं अगले बैच में आंध्र प्रदेश के अन्य महत्वपूर्ण शहरों विजयवाड़ा, राजामहेंद्रवरम, काकीनाडा और तिरुपति में भी शुरू की जाएं। केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी और संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव को लिखे पत्र में, सांसद ने कहा कि विशाखापत्तनम एक ‘बहुत तेजी से बढ़ता शहर’ और आंध्र प्रदेश के आर्थिक विकास का वाहक है।

नरसिम्हा राव ने कहा कि विशाखापत्तनम रणनीतिक और राष्ट्रीय सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि इस शहर में नौसेना की पूर्वी कमान का मुख्यालय है। यहां प्रमुख भारतीय तटरक्षक संचालन के अलावा विशाखापत्तनम पोर्ट, हिंदुस्तान शिपयार्ड लिमिटेड, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और एसएएमईईआर जैसी अन्य प्रमुख संपत्तियां हैं। उन्होंने कहा कि आर्थिक, रणनीतिक और सुरक्षा कारणों को देखते हुए, विशाखापत्तनम को जल्द से जल्द 5जी सेवाओं को शुरू करने के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखने की जरूरत है।

चौथी किताब ‘वार ऑफ लंका’ का विमोचन: लेखक

चौथी किताब ‘वार ऑफ लंका’ का विमोचन: लेखक

अकांशु उपाध्याय 

नई दिल्ली। जाने-माने लेखक अमीष की बहुचर्चित पुस्तक ‘राम चंद्र’ श्रृंखला की चौथी किताब ‘वार ऑफ लंका’ का सोमवार को विमोचन किया गया। प्रकाशक हार्परकोलिंस इंडिया ने यह जानकारी दी। बहुप्रतीक्षित पुस्तक पहली तीन पुस्तकों – ‘राम: साइअन ऑफ इक्ष्वाकु’, ‘सीता: साइअन ऑफ मिथिला’, और ‘रावण: एनमी ऑफ आर्यावर्त’ के समानांतर बहु-रेखीय कथनों को एक ही कथा में मिलाती है। लेखक ने कहा, ‘‘राम चंद्र श्रृंखला के पाठकों के लिए चौथी किताब लाकर मुझे खुशी हो रही है। राम चंद्र श्रृंखला की पहली तीन किताबें बहुरेखीय कथा में थीं, जिसमें मुख्य किरदारों (भगवान राम, देवी सीता, रावण) के जन्म से लेकर देवी सीता के हरण से उनकी मृत्यु तक की कहानी है।’’

अमीष ने एक बयान में कहा, ‘‘इसलिए ये तीनों किताबें एक ही जगह खत्म होती हैं, जहां रावण ने मिथिला की राजकुमारी का हरण किया था। चौथी किताब ‘वार ऑफ लंका’ सीता हरण से लेकर रावण की मृत्यु तक की कहानी कहती है।’’ उन्होंने कहा कि पहली तीन किताबों में छोड़े गए सूत्रों और रहस्यों का इस किताब में खुलासा होगा।

नवरात्रि का नौवां दिन मां 'सिद्धिदात्री' को समर्पित 

नवरात्रि का नौवां दिन मां 'सिद्धिदात्री' को समर्पित 

सरस्वती उपाध्याय 

सिद्धिदात्री शब्द दो शब्दों से मिलकर बना है, सिद्धि का अर्थ है ध्यान करने की क्षमता और धात्री का अर्थ है दाता। मां सिद्धिदात्री का स्वरूप इस प्रकार है– मां सिद्धिदात्री के चार हाथ हैं और इनके प्रत्येक हाथ में एक चक्र, शंख, गदा और कमल सुशाेभित है। उनकी आठ सिद्धियां हैं, जो अनिमा, महिमा, गरिमा, लघिमा, प्राप्ति, प्राकम्ब्य, इशित्वा और वशित्व हैं।

भगवान शिव को अर्धनारीश्वर के नाम से जाना जाता है। क्योंकि, भगवान शिव का एक पक्ष देवी सिद्धिदात्री का है। शास्त्रों के अनुसार शिव ने देवी सिद्धिदात्री की पूजा की और सभी सिद्धियों को प्राप्त किया। इस देवी की साधना करने से अलौकिक एवं पारलौकिक कामनाओं की पूर्ति होती है।

भोग– नवमी के दिन मां को तिल का भोग लगाया जाता है।

प्रिय फूल– देवी को चंपा, कमल या गुड़हल का फूल अर्पित करें, इससे परिवार में खुशहाली आएगी। 

शुभ रंग– नवरात्रि की महानवमी पर मां सिद्धिदात्री की पूजा में गुलाबी रंग बहुत शुभ माना गया है। गुलाबी रंग प्रेम और नारीत्व का प्रतीक है।

सिद्धदात्री मां का महत्व...

यह मां आठों देवियों को अपने में समेटे हुए है। आठों देवियों का गुण इनमें समाहित है। अकेले इन्हीं की पूजा से संपूर्ण देवियों की पूजा का भी फल साथ ही साथ मिल जाता है। यह मां कई तरह की सिद्धियों को देने वाली मां है। भक्तगण पर अपनी कृपा निरन्तर बनाएं रखती है। सिद्धि प्रदान करने वाली मां है। इनकी पूजा से भक्त अधिक ऊंचाई पर पहुंचने में सफल हो सकता है। उसकी आर्थिक स्थितियां मजबूत होती है। दरिद्रता दूर होती है। आय के साधन बढ़ते है। मां के आशीर्वाद से भक्तगण निरन्तर उन्नति के शिखर पर आगे बढ़ते रहते है। रिद्धि-सिद्धि प्राप्त करने में भक्त सफल होते है। संपूर्ण मनोकामनाएं पूर्ण होती है।

नवमी मुहूर्त...

नवरात्रि महा नवमी तिथि शुरू - 3 अक्टूबर 2022, शाम 04.37।

नवमी तिथि समाप्त -  4 अक्टूबर 2022, दोपहर 02.20।

हवन मुहूर्त - सुबह 06.21 - दोपहर 02.20 (4 अक्टूबर 2022)।

अवधि - 8 घंटे

नवरात्रि नवमी व्रत का पारण - 02.20 मिनट के बाद  (4 अक्टूबर 2022)।


ब्रह्म मुहूर्त -   सुबह 04:43 - सुबह 05:32।

अभिजित मुहूर्त  - सुबह 11:52 - दोपहर 12:39।

रवि योग - पूरे दिन।


महानवमी की पूजा-विधि...

यह नौ दुर्गा का आखिरी दिन भी होता है, तो इस दिन माता सिद्धिदात्री के बाद अन्य देवताओं की भी पूजा की जाती है। सबसे पहले मां की चौकी पर मां सिद्धिदात्री की तस्वीर या मूर्ति रखें। इस दिन मां सिद्धिदात्री की विधि विधान से पूजा करें, जिसमें उनको पुष्प, अक्षत्, सिंदूर, धूप, गंध, फल आदि समर्पित करें।  मां सिद्धदात्री सभी प्रकार की सिद्धियों को देने वाली हैं, इनकी पूजा ब्रह्म मुहूर्त में करना उत्तम होता है।

सिद्धिदात्री मां का मंत्र...

सिद्धगंधर्वयक्षाद्यैरसुरैरमरैरपि।

सेव्यमाना सदा भूयात् सिद्धिदा सिद्धिदायिनी।।


सिद्धिदात्री मां की आरती...

जय सिद्धिदात्री तू सिद्धि की दाता ।

तू भक्तों की रक्षक तू दासों की माता ।।

तेरा नाम लेते ही मिलती है सिद्धि ।

तेरे नाम से मन की होती है शुद्धि ।।

कठिन काम सिद्ध कराती हो तुम ।

हाथ सेवक के सर धरती हो तुम ।।

तेरी पूजा में न कोई विधि है ।

तू जगदंबे दाती तू सर्वसिद्धि है ।।

रविवार को तेरा सुमरिन करे जो ।

तेरी मूर्ति को ही मन में धरे जो ।।

तू सब काज उसके कराती हो पूरे ।

कभी काम उस के रहे न अधूरे ।।

तुम्हारी दया और तुम्हारी यह माया ।

रखे जिसके सर पैर मैया अपनी छाया ।।

सर्व सिद्धि दाती वो है भाग्यशाली ।

जो है तेरे दर का ही अम्बे सवाली ‌।।

हिमाचल है पर्वत जहां वास तेरा ।

महानंदा मंदिर में है वास तेरा ।।

मुझे आसरा है तुम्हारा ही माता ।

वंदना है सवाली तू जिसकी दाता ।।

मैच: केकेआर ने आरसीबी को 1 रन से हराया

मैच: केकेआर ने आरसीबी को 1 रन से हराया  मिनाक्षी लोढी कोलकाता। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2024 के मैच नंबर-36 में कोलकाता नाइट राइडर्स (के...