मंगलवार, 28 जून 2022

गलत सूचना देने पर 'कारण बताओ' नोटिस जारी किया

गलत सूचना देने पर 'कारण बताओ' नोटिस जारी किया

हरिओम उपाध्याय    

देवरिया। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने नलकूप खंड देवरिया एवं नलकूप खंड सलेमपुर के अधिशासी अभियंता को समीक्षा बैठक में गलत सूचना देने पर 'कारण बताओ' नोटिस जारी किया है। उन्होंने कहा कि धान रोपाई के दृष्टिगत समस्त नलकूप अपनी अधिकतम क्षमता के अनुरूप चलाये जाए। जिससे किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। दिनांक 24 जून को जनपद में सप्ताहांत बंद नलकूपों की समीक्षा की गई थी। जिसमें अधिशासी अभियंता नलकूप खंड सलेमपुर विक्रम सिंह ने बताया कि मोटर जलने की वजह से 2 तथा विद्युत दोष की वजह से 5 नलकूप बंद हैं। इसी प्रकार नलकूप खंड देवरिया के अधिशासी अभियंता गौरव सिंह ने बताया कि मोटर जलने से एक तथा विद्युत दोष की वजह से 6 नलकूप बंद हैं।

जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंताओं द्वारा प्रदत्त सूचना की जाँच कराई गई। ऐसी 1010 ग्राम पंचायते एवं राजस्व ग्राम, जहाँ नलकूप लगें हैं, वहां के ग्राम प्रधानों, कृषकों एवं नलकूप चालकों से संपर्क कर वास्तविक स्थिति का जायजा लिया गया। जाँच में अधिशासी अभियंताओं द्वारा बताए गए कुल 14 नलकूप के सापेक्ष 76 नलकूप बंद मिले। कुल 1010 में से 934 नलकूप चालू अवस्था में मिले।जांच में वास्तविक स्थिति सामने आने के बाद जिलाधिकारी ने गहरी नाराज़गी व्यक्त करते हुए दोनों अधिशासी अभियंताओं को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि जनपद में कई स्थानों पर धान रोपाई का कार्य प्रारंभ हो चुका है। किसानों को धान रोपाई के लिए पानी उपलब्ध कराने में नलकूपों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में नलकूप खंड सलेमपुर एवं देवरिया के अधिशासी अभियंताओं द्वारा गलत एवं भ्रामक सूचना देकर गुमराह करने का प्रयास किया गया है। अपने पदीय दायित्वों का प्रति लापरवाही बरतने एवं गलत सूचना देने पर इन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। तीन दिन की समयसीमा में इन्हें जवाब देना होगा। जवाब संतोषजनक न होने पर दंडात्मक कार्यवाही के लिए शासन को पत्र लिखा जाएगा।

जियो: अंबानी का इस्तीफा, आकाश को चेयरमैन बनाया

जियो: अंबानी का इस्तीफा, आकाश को चेयरमैन बनाया

अकांशु उपाध्याय

नई दिल्ली। रिलायंस समूह के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने अपनी दूरसंचार सेवा कंपनी रिलायंस जियो के निदेशक मंडल से इस्तीफा दे दिया है। इसके साथ ही उनके बड़े पुत्र आकाश अंबानी को कंपनी का नया चेयरमैन बनाया गया है। रिलायंस जियो इन्फोकॉम ने मंगलवार को शेयर बाजारों को इसकी सूचना दी। इसके मुताबिक, कंपनी के निदेशक मंडल की सोमवार को हुई बैठक में गैर-कार्यकारी निदेशक आकाश अंबानी को कंपनी के चेयरमैन के रूप में नियुक्ति को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही पंकज मोहन पवार को अगले पांच साल के लिए कंपनी के प्रबंध निदेशक पद पर नियुक्त किया गया है। वहीं, रमिंदर सिंह गुजराल और के वी चौधरी को स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया गया है।

मुकेश अंबानी बने रहेंगे, जियो प्लेटफॉर्म्स के चेयरमैन...

ब्राउन यूनिवर्सिटी से अर्थशास्त्र में स्नातक आकाश अंबानी से पहले उनके पिता मुकेश अंबानी रिलायंस जियो के चेयरमैन के नाते काम देख रहे थे। मुकेश अंबानी के चेयरमैन पद से  इस्तीफे और आकाश अंबानी की नियुक्ति को नई पीढ़ी को नेतृत्व सौंपने के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, मुकेश अंबानी अभी जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड के चेयरमैन बने रहेंगे।

80 साल की दादी ने पुल से गंगा में लगाई छलांग

80 साल की दादी ने पुल से गंगा में लगाई छलांग  

पंकज कपूर     
हरिद्वार। गर्मियों में नदी व नहर किनारे अठखेलियां करते युवाओं को आपने जरूर देखा होगा। लेकिन, हरिद्वार में एक करीब 80 साल की दादी ने पुल से गंगा में छलांग लगा कर सबको चौंका दिया। गंगा में कूदने के बाद वृद्धा बिल्कुल युवाओं की तरह तैर कर काफी दूर निकल गई।
वृद्धा का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वृद्धा हरियाणा की बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस को इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
पुलिस ने बताया कि एक वीडियो सामने आया है। जिसमें एक वृद्धा पुल से गंगा में छलांग लगाती नजर आ रही है। पुलिस छलांग लगाने वालों पर अभियान चलाकर कार्रवाई करती है। इस वीडियो की भी जांच कराई जा रही है।

मुंबई: 53,177.45 अंक पर बंद हुआ, बीएसई सेंसेक्स

मुंबई: 53,177.45 अंक पर बंद हुआ, बीएसई सेंसेक्स 

कविता गर्ग     

मुंबई। घरेलू शेयर बाजार मंगलवार को शुरुआती गिरावट से उबरते हुए मामूली बढ़त के साथ बंद हुए। वैश्विक बाजारों में तेजी आने के साथ कारोबार समाप्त होने से पहले ऊर्जा, सूचना प्रौद्योगिकी और वाहन शेयरों में लिवाली से बाजार लाभ में रहा। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 16.17 अंक यानी 0.03 प्रतिशत की बढ़त के साथ 53,177.45 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 389.75 अंक तक लुढ़क गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 18.15 अंक यानी 0.11 प्रतिशत के लाभ के साथ 15,850.20 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के शेयरों में महिंद्रा एंड महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज, टेक महिंद्रा, टाटा स्टील और लार्सन एंड टूब्रो प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ, गिरावट वाले शेयरों में टाइटन, एशियन पेंट्स, बजाज फिनसर्व, कोटक महिंद्रा बैंक और आईसीआईसीआई बैंक शामिल हैं। एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की, चीन का शंघाई कंपोजिट, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और हांगकांग का हैंगसेंग शुरुआती गिरावट से उबरते हुए लाभ में रहे। यूरोप के प्रमुख बाजारों में भी दोपहर के कारोबार में तेजी का रुख रहा। इसी बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.58 प्रतिशत उछलकर 116.9 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशक पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने सोमवार को 1,278.42 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

युवाओं का भविष्य अब ठेके पर लगता है: प्रसाद

युवाओं का भविष्य अब ठेके पर लगता है: प्रसाद 

विमलेश यादव   

रांची। झारखण्ड प्रदेश काँग्रेस कमेटी के प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि देश के युवाओं का भविष्य अब ठेके पर लगता है और भाजपा सरकार पूरे देश को ठेके के अग्निपथ पर भेज दम लेगी। प्रसाद ने आज यहां कहा कि वर्ष 2020-21 के एक साल में पक्की नौकरी 27% घटी है और वर्ष 2017 से 2021 के बीच ठेके पर रखे जाने वाले युवाओं की संख्या दुगनी हुई। केंद्रीय पब्लिक सेक्टर अंडर टेकिंग में 5,21,000 नौकरी घटी है।

उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय कॉंग्रेस कमिटी के निर्देश पर और झारखण्ड प्रदेश काँग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर के आह्वान पर झारखण्ड के 81 विधानसभा क्षेत्र में अग्निपथ योजना के विरोध में 27 जून को लोगों ने बड़े पैमाने पर कांग्रेस जनों के साथ मिलकर धरना-प्रदर्शन और सत्याग्रह किया। ताकि, केन्द सरकार इस योजना को तत्काल वापस ले। प्रसाद ने कहा कि देशभर में आक्रोश है, खासतौर पर युवाओं में।

सबसे ज्यादा सर्च होने वाली पर्सनैलिटी में शुमार उर्फी

सबसे ज्यादा सर्च होने वाली पर्सनैलिटी में शुमार उर्फी 

कविता गर्ग             

मुंबई। उर्फी जावेद हमेशा अपने अतरंगी कपड़ों की वजह से सुर्खियों में रहती हैं। अपने अजीबो-गरीब लुक से वह हमेशा फैंस को सरप्राइज कर देती हैं। उनके कपड़े पहनने के अंदाज से वह सबको हैरान कर देती हैं। उर्फी सोशल मीडिया पर भी कुछ ऐसे ही अंदाज की वजह से लाइम लाइट में रहती हैं। हाल ही में उर्फी एक बार फिर से अपने पहनावे की वजह से चर्चाओं में आ गई हैं। उन्होंने सोशल अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है। जिसमें वह फूलों वाली बिकिनी पहने दिखाई दी थी।

आज उर्फी सबसे ज्यादा सर्च होने वाली पर्सनैलिटी में शुमार हो गई हैं। मोस्ट सर्च एशियन पर्सनैलिटी के मामले में उर्फी जावेद ने जाह्नवी कपूर, कियारा आडवानी और कंगना को भी पिछे छोड़ दिया है।

न्यायमूर्ति शर्मा ने मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली

न्यायमूर्ति शर्मा ने मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली 

अकांशु उपाध्याय 
नई दिल्ली। न्यायमूर्ति चंद्र शर्मा ने मंगलवार को दिल्ली उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने उपराज्यपाल के सचिवालय राज निवास में एक समारोह में 60 वर्षीय न्यायमूर्ति शर्मा को शपथ दिलाई। समारोह में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, आम आदमी पार्टी के विधायक सोमनाथ भारती और मदन लाल शामिल हुए।समारोह में वरिष्ठ न्यायाधीश और अधिवक्ता भी मौजूद थे। 
न्यायमूर्ति शर्मा ने पहले तेलंगाना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्य किया था। न्यायमूर्ति डी एन पटेल की सेवानिवृत्ति के बाद से दिल्ली उच्च न्यायालय नियमित मुख्य न्यायाधीश के बिना काम कर रहा था। न्यायमूर्ति विपिन सांघी 13 मार्च से कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश थे। अब उन्हें उत्तराखंड उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।

कुएं में मिला नवजात शिशु का शव, मचा हड़कंप

कुएं में मिला नवजात शिशु का शव, मचा हड़कंप  दुष्यंत टीकम  जशपुर/पत्थलगांव। जशपुर जिले के एक गांव में कुएं में नवजात शिशु का शव मिला है। इससे...