मंगलवार, 14 जून 2022

भारतीय सेना के द्वार खोलने हेतु आभार व्यक्त किया

भारतीय सेना के द्वार खोलने हेतु आभार व्यक्त किया

अकांशु उपाध्याय/पंकज कपूर
नई दिल्ली/देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘अग्निपथ योजना’ के माध्यम से नौजवानों के लिए भारतीय सेना के द्वार खोलने हेतु प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ‘अग्निपथ योजना’ के माध्यम से भारत की सैन्य ताकत को मजबूती मिलने के साथ ही युवाओं की कौशलता और प्रतिबद्धता में भी खासा सुधार आएगा।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को बलवीर रोड स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया से वार्ता करते हुए कहा कि भारतीय रक्षा व्यवस्था को लेकर पिछले कुछ सालों में कई बड़े सुधार देखने को मिले हैं। अग्निपथ योजना को लागू करने का जो निर्णय लिया गया है, उससे देश के नौजवान चार साल की सेवा सेना में दे सकेंगे। इस योजना से अग्निवीर तैयार किए जाएंगे, देश के नौजवान आर्म फोर्स में जा सकेंगे। उन्हें नई तकनीक से ट्रेंड किया जाएगा और देश को हाई स्किल आर्म फोर्स मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सेना को विश्व की बेहतरीन सेना बनाने की दृष्टि से यह ऐतिहासिक फैसला लिया गया है। युवाओं को चार साल के लिए सेना में भर्ती कराया जाएगा, इस दौरान अग्निवीरों को अच्छा वेतन मिलेगा। सेना की चार साल की नौकरी के बाद युवाओं को भविष्य के लिए अन्य अवसर दिए जाएंगे। चार साल की नौकरी के बाद सेवा निधि पैकेज मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के तहत जो जवान चार साल बाद यहाँ से निकलेंगे, उत्तराखण्ड सरकार ऐसे अग्निवीरों को पुलिस की भर्ती में प्राथमिकता से अवसर देगी। 17 साल 06 माह से 21 साल के युवा, 10/12वीं के छात्र आवेदन कर सकेंगे। अगर कोई अग्निवीर देश सेवा के दौरान शहीद हो जाता है, तो उसके परिजनों को सेवा निधि के अन्तर्गत 1 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि ब्याज समेत मिलेगी, इसके अलावा बाकी बची नौकरी का भी वेतन दिया जाएगा। वहीं अगर कोई अग्निवीर डिसेबल हो जाता है, तो उसे 44 लाख रुपए तक की राशि दी जाएगी, इसके अलावा बाकी बची नौकरी का भी वेतन मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने हमेशा देश के सैनिकों का मनोबल बढ़ाने का कार्य किया है। सैनिकों की अनेक लंबित मांगों की स्वीकृतियां प्रदान की। आज भारत रक्षा के क्षेत्र में तेजी से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ा है।

सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़, 2 आतंकी मारें गए

सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़, 2 आतंकी मारें गए

इकबाल अंसारी  
श्रीनगर। श्रीनगर में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक पाकिस्तानी नागरिक सहित लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकवादी मारे गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘श्रीनगर शहर के बेमिना इलाके में श्रीनगर पुलिस ने मुठभेड़ में आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकवादियों को मार गिराया। मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी मामूली रूप से घायल हो गया।’’ उन्होंने बताया कि मुठभेड़ सोमवार देर रात हुई।
 महानिरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से बरामद दस्तावेजों और अन्य संदिग्ध सामग्री से मारे गए एक आतंकवादी की पहचान अब्दुल्ला गौजरी के तौर पर हुई है, जो पाकिस्तान के फैसलाबाद का निवासी था। अधिकरी ने कहा, ‘‘ ये वही लोग थे जो सोपोर मुठभेड़ में बच निकले थे। हम उनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे।’’ उन्होंने बताया कि मारे गए दूसरे आतंकवादी की पहचान आदिल हुसैन मीर उर्फ सुफियां के तौर पर हुई है, जो अनंतनाग जिले का निवासी था। कुमार ने कहा, ‘‘ पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वह 2018 में ‘विज़िट वीजा’ पर वाघा से पाकिस्तान गया था।

दिल्ली: न्यूनतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज

दिल्ली: न्यूनतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज 

अकांशु उपाध्याय  
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग ने दिन में आमतौर पर बादल छाए रहने के साथ ही हल्की बारिश या बूंदा-बांदी का पूर्वानुमान लगाया है। जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। सुबह साढ़े आठ बजे हवा में आर्द्रता का स्तर 40 प्रतिशत रहा। दिल्ली में सोमवार को भीषण गर्मी रही और कई मौसम केंद्रों में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस या इससे अधिक दर्ज किया गया।
हालांकि, आने वाले दो दिन में गर्मी से थोड़ी राहत मिलने के आसार हैं।
मानसून पूर्व गतिविधियों के 16 जून से बढ़ने की उम्मीद है और अगले दो-तीन दिन में अधिकतम तापमान में सात से आठ डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। विभाग के अनुसार, मंगलवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में मंगलवार सुबह वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में रही।
सुबह साढ़े नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 203 दर्ज किया गया। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

महत्व: 15 जून को मनाई जाएंगी 'मिथुन संक्रांति'

महत्व: 15 जून को मनाई जाएंगी 'मिथुन संक्रांति'

सरस्वती उपाध्याय
सूर्य का मिथुन राशि में प्रवेश करने की स्थिति सूर्य की मिथुन संक्रांति कहलाती है। मिथुन संक्रांति के दिन सूर्यदेव की पूजा का विधान है। वहीं, इस बार मिथुन संक्रांति 15 जून 2022 (बुधवार) को मनाई जाएंगी। एक साल में 12 संक्रांति होती हैं। जिसमें सूर्य अलग-अलग राशि और नक्षत्र में विराजमान होते है। सूर्य का मिथुन राशि में प्रवेश करने की स्थिति सूर्य की मिथुन संक्रांति कहलाती है। मिथुन संक्रांति के दिन सूर्यदेव की पूजा का विधान है। माना जाता है कि इसी दिन से वर्षा ऋतु की शुरूआत हो जाती है। साथ ही लोग इस दिन अच्छी फसल के लिए भगवान से अच्छी बारिश की मनोकामना करते हैं। इसे रज संक्रांति भी कहा जाता है।

त्योहार की तरह मनाई जाती है‌ मिथुन संक्रांति...

उड़ीसा में इस दिन को त्योहार की तरह मनाया जाता है। जिसे राजा परबा कहा जाता है। यहां ये चार दिन पहले से ही शुरु हो जाता है। जिसमें भू देवी यानी धरती माता की विशेष पूजा की जाती है। इस त्योहार में महिलाओं के साथ कुंवारी लड़कियां भी अच्छे वर की कामना के लिए हिस्सा लेती हैं। चार दिन तक चलने वाले इस पर्व में पहले दिन को पहिली राजा, दूसरे दिन को मिथुन संक्रांति या राजा, तीसरे दिन को भू दाहा या बासी राजा और चौथे दिन को वसुमती स्नान कहा जाता है।

क्यों की जाती है सिलबट्‌टे की पूजा ?
मान्यताओं के अनुसार जैसे महिलाओं को हर महीने मासिक धर्म होता है, जो उनके शरीर के विकास का प्रतिक है वैसे ही ये तीन दिन भू देवि यानी धरती मां के मासिक धर्म वाले होते हैं जो कि पृथ्वी के विकास का प्रतीक है। वहीं चौथा दिन धरती के स्नान का होता है। जिसे वसुमती गढ़ुआ कहते हैं।
सिलबट्‌टे को धरती माता का रूप माना गया है। इसलिए इन तीन दिनों में इसका उपयोग नहीं करना चाहिए। चौथे दिन सिलबट्‌टे को जल और दूध से स्नान कराया जाता है। फिर चंदन, सिंदूर और फूल से भू देवी यानी सिलबट्‌टे की पूजा की जाती है। इस दिन दान का बहुत महत्व है। गेहूं, गुड़, घी, अनाज आदि का दान करना चाहिए।

सीएम ने पेट्रोलियम पदार्थों की कमी का आरोप लगाया

सीएम ने पेट्रोलियम पदार्थों की कमी का आरोप लगाया

मनोज सिंह ठाकुर

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पूरे प्रदेश में पेट्रोलियम पदार्थों की कमी का आरोप लगाते हुए कहा है कि सरकार खरीफ की बोवनी के इस समय में पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति सुनिश्चित कराए। कमलनाथ ने अपने ट्वीट में आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता को रोज संकटों में डालना भाजपा सरकार की आदत बन चुकी है। अब पेट्रोल पंपों पर तेल की आपूर्ति का संकट खड़ा कर दिया गया है। राजधानी भोपाल सहित पूरे प्रदेश में पंप ड्राय होने लगे हैं।

जनता पेट्रोल-डीजल की किल्लत से जूझ रही है। आगे हालात और भी भयावह होने का भय है। उन्होंने कहा कि खरीफ की बोवनी के समय में डीजल की मांग लगातार बढ़ रही है और आपूर्ति अभी से बाधित होने लगी है। पूर्व से ही खाद, बीज और बिजली संकट की मार झेल रहे किसान अब डीजल की कमी की मार भी झेलने को मजबूर हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि समय रहते तत्काल पेट्रोल डीजल की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित कराएं।

जम्मू-कश्मीर में भूकंप के झटके महसूस किए

जम्मू-कश्मीर में भूकंप के झटके महसूस किए 

अकांशु उपाध्याय/इकबाल अंसारी/श्रीराम मौर्य   
नई दिल्ली/श्रीनगर/शिमला। जम्मू-कश्मीर में मंगलवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। यहां लेह इलाके में सुबह 7 बजकर 29 मिनट पर हल्का भूकंप आया। हालांकि, किसी तरह के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। भूकंप की तीव्रता 4.3 मापी गई।
नैशनल सेंटर फॉर सिस्मॉलजी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के लेह से 186 किमी दूर उत्तर की ओर भूकंप का केंद्रबिंदु रहा। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.3 रही। इस लिहाज से हल्के झटके महसूस किए गए।
इससे पहले मंगलवार को हिमाचल प्रदेश में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। यहां सोमवार को दोपहर 12 बजकर 14 मिनट पर भूकंप के हल्के झटके महसूस हुए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 2.5 रही। जबकि इसका केंद्र जमीन के अंदर 5 किमी गहराई में रहा।

राष्ट्रपति चुनाव के लिए अपनी संख्या अधिक मजबूत की

राष्ट्रपति चुनाव के लिए अपनी संख्या अधिक मजबूत की

मनोज सिंह ठाकुर  
भोपाल। मध्य प्रदेश में अन्य दलों और निर्दलीय मिलाकर कुल तीन विधायकों के मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने के बाद सत्तारूढ़ दल ने अगले महीने होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए प्रदेश विधानसभा में अपनी संख्या अधिक मजबूत कर ली है। मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पत्रकारों से कहा कि बसपा के संजीव सिंह कुशवाह (भिंड से विधायक), समाजवादी पार्टी के राजेश कुमार शुक्ला (बिजावर सीट से) और निर्दलीय विधायक विक्रम सिंह राणा (सुसनेर से) भाजपा में शामिल हो गए। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और शर्मा ने विधायकों का भाजपा में स्वागत किया।
इन तीन विधायकों के शामिल होने के साथ ही 230 सदस्यीय राज्य विधानसभा में भाजपा विधायकों की संख्या 130 हो गई है। जबकि विपक्षी दल कांग्रेस के पास 96 विधायक हैं। इसके अलावा बसपा के पास एक और तीन निर्दलीय विधायक हैं। 
अब, मध्य प्रदेश में समाजवादी पार्टी का कोई विधायक नहीं है। पार्टी सूत्रों ने कहा कि 18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में भाजपा का कुल वोट मूल्य इन तीन विधायकों के पार्टी में शामिल होने से बढ़ेगा। इसके साथ ही प्रदेश में चल रहे पंचायत और स्थानीय निकाय चुनावों में भी पार्टी की संभावनाएं मजबूत होंगी। तीन विधायकों को शामिल किए जाने के बाद प्रदेश भाजपा कार्यालय में शर्मा ने कहा कि तीनों विधायकों ने प्रदेश में मुख्यमंत्री चौहान और राष्ट्रीय स्तर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल होने का फैसला किया है।
शर्मा ने कहा कि ये तीनों विधायक बहुत लोकप्रिय हैं और अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में समर्पण के साथ काम करते हैं।इस मौके पर चौहान ने कहा कि 2018 के विधानसभा चुनावों के बाद भाजपा को 109 सीटें मिलीं लेकिन यह बहुमत (116 से) कम थीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास भी ‘‘जादुई आंकड़ा’’ नहीं था। चौहान ने इस मौके पर खुलासा करते हुए कहा, ‘‘इन दोस्तों ने उस समय भी भाजपा से संपर्क किया था लेकिन मैंने कहा था कि हमारे पास आवश्यक संख्या नहीं है इसलिए हमें सरकार नहीं बनानी चाहिए। वे (जिन्होंने समर्थन की पेशकश की थी) भी निराश थे। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘एक शासन (कांग्रेस के नेतृत्व में) सत्ता में आया, लेकिन यह सिर्फ 15 महीने तक चला। ये तीनों दोस्त विधानसभा और राज्यसभा चुनाव के दौरान भी भाजपा के साथ थे और लगातार भाजपा के संपर्क में थे, लेकिन अब वे हमारे साथ हैं और मैं खुश हूं। तथा पार्टी में उनका स्वागत करता हूं।

भर्ती करने के लिए दिए गए निर्देश को लेकर कटाक्ष किया

भर्ती करने के लिए दिए गए निर्देश को लेकर कटाक्ष किया

अकांशु उपाध्याय  

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी विभागों और मंत्रालयों में अगले डेढ़ साल के दौरान 10 लाख लोगों की भर्ती करने के लिए दिए गए निर्देश को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर कटाक्ष किया है। कांग्रेस ने कहा कि हर साल दो करोड़ नौकरी देने का वादा करने के बाद अब सरकार ने वर्ष 2024 तक सिर्फ 10 लाख नौकरी देने की बात की है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट किया, ‘‘वादा था दो करोड़ नौकरी हर साल देने का, आठ साल में देनी थीं 16 करोड़ नौकरिया। अब कह रहे हैं साल 2024 तक केवल 10 लाख नौकरी देंगे। 60 लाख पद तो केवल सरकारों में खाली पड़े हैं, 30 लाख पद केंद्र सरकार में खाली पड़े हैं। 

जुमलेबाजी कब तक?’’ प्रधानमंत्री मोदी ने विभिन्न सरकारी विभागों और मंत्रालयों से कहा है कि वे ‘‘मिशन मोड’’ में काम करते हुये अगले डेढ़ साल में दस लाख लोगों की भर्ती करें। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। पीएमओ ने कहा कि सभी सरकारी विभागों एवं मंत्रालयों में मानव संसाधन की स्थिति की समीक्षा के बाद प्रधानमंत्री का यह निर्देश आया है।

3-5 साल के लिए मुआवजे को जारी रखने का आग्रह

3-5 साल के लिए मुआवजे को जारी रखने का आग्रह

मिनाक्षी लोढी

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री अमित मित्रा ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को पत्र लिखकर उनसे वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के साथ राज्यों को मिलने वाले मुआवजे को इस महीने के बाद अगले 3-5 साल के लिए जारी रखने का आग्रह किया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और राज्य के वित्त विभाग के प्रमुख मुख्य सलाहकार मित्रा ने कहा कि क्षतिपूर्ति व्यवस्था के विस्तार से राज्यों को बड़ी राहत मिलेगी।

मित्रा ने सोमवार को दो पन्नों के पत्र में लिखा, ‘‘यह निराशाजनक और अशुभ संकेतों वाला है कि केंद्र ने जुलाई 2022 से राज्यों के लिए वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) मुआवजे को वापस लेने का फैसला किया है। यदि ऐसा फैसला किया जाता है, तो यह जीएसटी को अपनाने की भावना के विपरीत है।उन्होंने कहा कि सभी राज्यों, सभी राजनीतिक दलों ने जीएसटी को इस शर्त पर अपनाने का फैसला किया था, कि केंद्र उन्हें पांच साल के लिए राजस्व नुकसान की भरपाई करेगा। मित्रा ने आगे कहा कि लेकिन 2016 में जब उक्त निर्णय लिया गया था, तो किसी ने नहीं सोचा था कि दुनिया कोविड महामारी की चपेट में आ जाएगी और अर्थव्यवस्था अभूतपूर्व तनाव में होगी।

भारत: 24 घंटे में कोरोना के 6,594 नए मामलें

भारत: 24 घंटे में कोरोना के 6,594 नए मामलें 

अकांशु उपाध्याय 
नई दिल्ली। भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 6,594 नए मामलें सामने आए हैं। सक्रिय मामलों की संख्या 50,548 है। महामारी शुरू होने से अब तक देश में कुल 4,32,36,695 केस सामने आ चुके हैं। पिछले 24 घंटे में मामलों में कमी देखी गई है। इससे पहले लगातार दो दिन कोविड के 8 हजार से अधिक केस सामने आए थे। कल सुबह के अपडेट के मुकाबले नए मामलों में मंगलवार को 18 प्रतिशत कमी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार हालांकि भारत में सक्रिय कोरोना मामले अब बढ़कर 50,548 हो गए है। मंगलवार सुबह मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार पिछले 24 घंटों में 4,035 मरीजों के ठीक होने के साथ कुल रिकवरी की संख्या 4,26,61,370 तक पहुंच गई है।
दैनिक संक्रमण दर 2.05 प्रतिशत है जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 2.32 प्रतिशत है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक भारत में कोरोना से ठीक होने की दर (रिकवरी रेट) अभी 98.67 प्रतिशत है। वहीं, देश भर में कोविड वैक्सीन की 195.35 करोड़ से अधिक डोज लगाई जा चुकी है।

पार्टी के सभी पदों एवं प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा

पार्टी के सभी पदों एवं प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा 

पंकज कपूर  
देहरादून। उत्तराखंड में आम आदमी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बाली ने पार्टी के सभी पदों एवं प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देकर अचानक प्रदेश की राजनीतिक में खलबली मचा दी है। कर्नल अजय कोठियाल के इस्तीफे के बाद अचानक प्रदेश अध्यक्ष दीपक बाली के इस्तीफे से आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका बताया जा रहा है।
बताते चलें कि कुछ दिनों पूर्व आम आदमी पार्टी से मुख्यमंत्री पद के दावेदार रहे कर्नल अजय कोठियाल की ओर से दिए गए झटके से आम आदमी पार्टी उत्तराखंड में अभी उबर भी नहीं पाई थी कि उसे एक और बड़ा झटका लग गया है। अब आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बाली ने इस्तीफा दिया है।
उन्होंने अपने इस्तीफे में अरविंद केजरीवाल को लिखा है कि वे आम आदमी पार्टी की कार्यप्रणाली के साथ चलने में स्वयं को असमर्थ महसूस कर रहे हैं। माना जा रहा है कि बाली का यह इस्तीफा आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर है। उनके भी कर्नल कोठियाल की तरह भाजपा ज्वाइन करने की संभावना जताई जा रही है।

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण  

1. अंक-249, (वर्ष-05)
2. बुधवार, जून 15, 2022
3. शक-1944, आषाढ़, कृष्ण-पक्ष, तिथि-प्रतिपदा, विक्रमी सवंत-2079।
4. सूर्योदय प्रातः 05:22, सूर्यास्त: 07:15।
5. न्‍यूनतम तापमान- 34 डी.सै., अधिकतम-45+ डी.सै.। उत्तर भारत में बरसात की संभावना।
6. समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा। सभी पद अवैतनिक है।
7.स्वामी, मुद्रक, प्रकाशक, संपादक राधेश्याम व शिवांशु, (विशेष संपादक) श्रीराम व सरस्वती (सहायक संपादक) संरक्षण-अखिलेश पांडेय, ओमवीर सिंह, वीरसेन पवार, योगेश चौधरी आदि के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित। प्रकाशित समाचार, विज्ञापन एवं लेखोंं से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं हैं। पीआरबी एक्ट के अंतर्गत उत्तरदायी।
8. संपर्क व व्यवसायिक कार्यालय- चैंबर नं. 27, प्रथम तल, रामेश्वर पार्क, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102।
9. पंजीकृत कार्यालयः 263, सरस्वती विहार लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102
http://www.universalexpress.page/
www.universalexpress.in
email:universalexpress.editor@gmail.com
संपर्क सूत्र :- +919350302745--केवल व्हाट्सएप पर संपर्क करें, 9718339011 फोन करें।
           (सर्वाधिकार सुरक्षित)

पायलट ने फ्लाइट अटेंडेंट को प्रपोज किया

पायलट ने फ्लाइट अटेंडेंट को प्रपोज किया  अखिलेश पांडेय  वारसॉ। अक्सर लोग अपने प्यार का इजहार किसी खास जगह पर करने का सोचते हैं। ताकि वो पल ज...