शनिवार, 16 अप्रैल 2022

श्रमिकों की बेटियों के विवाह में ₹1 लाख का शगुन

श्रमिकों की बेटियों के विवाह में ₹1 लाख का शगुन 

संदीप मिश्र       

लखनऊ। भाजपा जल्द लोक कल्याण संकल्प पत्र में श्रमिकों से किया वादा निभाने की तैयारी में है। श्रमिकों की बेटियों की शादी में अब सरकार एक लाख रुपये का शगुन देगी। सामूहिक विवाह में होने वाली शादियों में यह राशि इससे अधिक होगी। इस योजना का लाभ श्रम विभाग के तहत संचालित भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार बोर्ड में पंजीकृत 1.43 करोड़ श्रमिकों के परिवारों को मिलेगा। श्रम विभाग ने इसे 100 दिन की कार्ययोजना में शामिल किया है।

श्रम विभाग कन्या विवाह सहायता योजना के तहत अभी तक बोर्ड में पंजीकृत श्रमिकों की बेटियों को दो तरह से अनुदान देता रहा है। एकल विवाह की स्थिति में 55 हजार रुपये का अनुदान मिलता है। जबकि सामूहिक विवाह में शादी होने पर यह राशि 65 हजार रुपये है। सामूहिक विवाह को बढ़ावा देने के लिए 10 हजार रुपये दूल्हा-दुल्हन की पोशाक के नाम पर और सात हजार रुपये अन्य व्यवस्थाओं के लिए भी दिए जाते हैं। इस प्रकार सामूहिक विवाह में होने वाली हर शादी पर अब तक सरकार 82 हजार रुपये खर्च करती है।

योगी सरकार के चुनावी वायदे के अनुरूप अब श्रमिकों की बेटी की शादी में दिए जाने वाले इस शगुन को बढ़ाकर एक लाख रुपये किए जाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसे बोर्ड के समक्ष रखा जाएगा। ऐसे में एकल विवाह की राशि 55 हजार से बढ़कर एक लाख रुपये हो जाएगी। जबकि सामूहिक विवाह में एक लाख रुपये के अलावा 10 हजार रुपये पोशाक के लिए और सात हजार अन्य व्यवस्थाओं के लिए हो सकते हैं। ऐसे में यह राशि 01 लाख 17 हजार रुपये हो जाएगी।

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष पद पर बदलाव की सुगबुगाहट

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष पद पर बदलाव की सुगबुगाहट   


पंकज कपूर        

देहरादून। उत्तराखंड में फिर से सियासी हलचल मचने लगी है। प्रदेश की सत्ताधारी पार्टी भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद पर बदलाव की सुगबुगाहट तेज हो गई है। एक ओर जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इसके लिए दिल्ली रवाना हुए हैं और उनके वहां केंद्रीय नेतृत्व से इस संबंध में वार्ता करने की चर्चा है तो दूसरी ओर पार्टी के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम भी शनिवार को देहरादून पहुंच रहे हैं। विधानसभा चुनाव के बाद लगातार भाजपा से जुड़े कई अहम मुद्दों को लेकर सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज हैं। मुख्यमंत्री को उपचुनाव लड़ना है, संगठन का इस पर भी लगातार मंथन चल रहा है। इस बीच संगठन में अध्यक्ष  पद पर बदलाव को लेकर भी चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।

वहीं, जो 23 सीटें भाजपा ने गंवाई हैं, उनकी समीक्षा रिपोर्ट भी आ चुकी है, जिस पर अब वरिष्ठ नेता मंथन करेंगे। दूसरी ओर, नई सरकार में दायित्व बांटने को लेकर भी इंतजार है। इस दिशा में जल्द ही कुछ अहम फैसले हो सकते हैं। हालांकि, आधिकारिक तौर पर इसकी कहीं भी पुष्टि नहीं हो पाई है। जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज इसी सिलसिले में दिल्ली रवाना हुए हैं, जहां वह एक कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। साथ ही पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से भी मुलाकात करेंगे। भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम भी शनिवार को दून पहुंचेंगे और यहां इन सभी मुद्दों को लेकर बैठक कर सकते हैं।

पेट्रोल-डीजल के दामों में कोई परिवर्तन नहीं

पेट्रोल-डीजल के दामों में कोई परिवर्तन नहीं   

अकांशु उपाध्याय        

नई दिल्ली। तेल विपणन कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के दामों में पिछले 10 दिनों में कोई परिवर्तन नहीं किया हैै। जिसके कारण शनिवार को भी इंधन की कीमतें स्थिर रहीं। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की मूल्य अधिसूचना के अनुसार, दिल्ली में पेट्रोल 105.41 रुपये प्रति लीटर और डीजल 96.67 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। मुंबई में पेट्रोल की कीमत 120.51 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम 104.77 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर है। चेन्नई में पेट्रोल की कीमत 110.85 रुपये और डीजल की कीमत 100.94 रुपये पर बरकरार है। कोलकाता में पेट्रोल और डीजल की कीमत क्रमश: 115.12 और 99.83 रुपये है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच लंदन ब्रेंट क्रूड आज 111.70 डालर प्रति बैरल पर और अमेरिकी क्रूड 2.20 प्रतिशत की गिरावट के साथ 106.54 डालर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है। देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतें 137 दिनों की स्थिरता के बाद गत 22 मार्च से बढ़नी शुरु हुई हैं।

कंपनियों ने पिछले 24 दिन में 14 बार पेट्रोल और डीजल के दामों में वृद्धि की है। तब से अब तक इनके दामों में करीब 10 रुपये प्रति लीटर की तेजी आयी है। उल्लेखनीय है कि शनिवार लगातार 10वां दिन है, जब कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। इससे पहले एक अप्रैल को कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया था।

ठेकेदार की मौंत के मामलें में कांग्रेस पर आरोप

ठेकेदार की मौंत के मामलें में कांग्रेस पर आरोप  

इकबाल अंसारी          
बेंगलुरु। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने ठेकेदार संतोष पाटिल की मौत के मामलें में विपक्षी दल कांग्रेस पर शनिवार को आरोप लगाया कि पार्टी मामले में जांचकर्ता, अभियोजक और न्यायाधीश बनना चाहती है। साथ ही, उन्होंने जांच में हस्तक्षेप करने के आरोपों को भी खारिज कर दिया।
इस मुद्दे पर राजनीतिक हंगामे के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता के. एस. ईश्वरप्पा ने शुक्रवार रात ग्रामीण विकास और पंचायत राज (आरडीपीआर) मंत्री के पद से अपना इस्तीफा दे दिया। मंत्री के खिलाफ पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। बोम्मई ने कांग्रेस के एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘संतोष पाटिल की आत्महत्या मामले की जांच की जा रही है, पोस्टमॉर्टम किया गया है, एफएसएल (फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला) की रिपोर्ट आएगी। इसके आधार पर जो हुआ है वह वैज्ञानिक रूप से पता चल जाएगा।
ईश्वरप्पा पर भ्रष्टाचार रोकथाम अधिनियम के तहत मामला दर्ज नहीं किया गया है। मुख्यमंत्री ने यहां पत्रकारों से कहा कि उन्हें याद है कि केजे जॉर्ज (पूर्व मंत्री) मामले में सिद्धरमैया के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के दौरान पुलिस ने जॉर्ज के खिलाफ वीडियो आरोप और ‘मृत्यु से पहले का पत्र’ मिलने के बावजूद प्राथमिकी में उनका नाम नहीं शामिल किया गया था और मामले को बंद करने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि जब मृतक पुलिस अधिकारी एम के गणपति के परिवार ने अदालत से संपर्क किया तो अदालत को एक आदेश जारी करना पड़ा।
उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन, हमने शिकायत के अनुसार (संतोष पाटिल मामले में) प्राथमिकी दर्ज की है और जांच जारी है… जांच की प्रगति के आधार पर और धाराएं जोड़ी जा सकती हैं, जांच होने दें।’’ गणपति मंगलुरु के पुलिस उपाधीक्षक थे। उन्होंने सात जुलाई, 2016 को कोडागु के एक लॉज में कथित तौर पर खुद को गोली मार ली थी। आत्महत्या से पहले एक वीडियो संदेश में उन्होंने तत्कालीन गृह मंत्री केजे जॉर्ज और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के दो शीर्ष अधिकारियों को (अपनी) आत्महत्या का कदम उठाने के लिए जिम्मेदार ठहराया था।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ठेकेदार की आत्महत्या के मामले में एक जांचकर्ता, अभियोजक और न्यायाधीश बनना चाहती है और ऐसा नहीं हो सकता। बोम्मई ने कहा कि लोग जानते हैं कि कैसे उसने सत्ता में रहते हुए कई मामलों को बंद कर दिया। उन्होंने कहा कि कब, किस धारा को लागू किया जाना है, कौन से प्रावधान, कानून के अनुसार होंगे। सरकार ने किसी भी तरह से हस्तक्षेप नहीं किया है। सिर्फ इसलिए कि जॉर्ज मामले के दौरान जो उन्होंने (कांग्रेस) किया, मैंने उसे उजागर किया, इसलिए वे मुझ पर प्रमाण पत्र (ईश्वरप्पा को बेगुनाही का) देने का आरोप लगा रहे हैं, क्या मैंने प्रमाण पत्र दिया है।
उन्होंने कहा कि कानून है और उसके अनुसार जांच होगी। आरोप पत्र दाखिल किए जाने पर जांच की सत्यता का विश्लेषण अदालत में किया जाएगा। राज्य सरकार और बोम्मई पर ईश्वरप्पा को बचाने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने शुक्रवार को उनकी गिरफ्तारी और उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज करने की मांग की थी। विपक्षी दल ने यह भी आग्रह किया कि कर्नाटक उच्च न्यायालय के एक मौजूदा न्यायाधीश की निगरानी में पुलिस द्वारा निष्पक्ष जांच की जाए।
बोम्मई ने कहा, ‘‘लोगों को पता है कि कांग्रेस क्या है, वे पहले अपनी अलमारी में भ्रष्टाचार के कंकालों की संख्या की गणना करें… वे एक कहानी गढ़ने की कोशिश कर रहे हैं, हम लोगों के सामने उनके भ्रष्टाचार को उजागर करेंगे।’’ यह पूछे जाने पर कि क्या संतोष पाटिल आत्महत्या मामले की आगे की जांच का जिम्मा सीआईडी ​​या अन्य एजेंसी को सौंपा जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘पहले प्रारंभिक जांच होने दें, जरूरत के आधार पर, हम फैसला करेंगे।’’ बेलगावी के ठेकेदार संतोष पाटिल मंगलवार को उडुपी के एक होटल में मृत पाए गए थे, उन्होंने ईश्वरप्पा पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया गया था। व्हाट्सऐप संदेश के रूप में एक कथित सुसाइड नोट में, पाटिल ने अपनी मौत के लिए ईश्वरप्पा को जिम्मेदार ठहराया था।
पाटिल ने पिछले महीने केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह और भाजपा के केंद्रीय नेताओं से शिकायत की थी कि उन्हें हिंडालगा गांव में किए गए सड़क कार्यों के लिए अब तक चार करोड़ रुपये का भुगतान नहीं किया गया है। साथ ही, उन्होंने ईश्वरप्पा के सहयोगियों पर भुगतान जारी करने के लिए 40 प्रतिशत कमीशन मांगने का आरोप लगाया था।

भाजपा 2.0 के राज में, यूपी डूबा अपराध में: यादव

भाजपा 2.0 के राज में, यूपी डूबा अपराध में: यादव   

संदीप मिश्र             

लखनऊ। प्रयागराज जनपद के थाना नवाबगंज इलाके में एक ही परिवार के 5 लोगों की हत्या के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तंज करते हुए ट्वीट किया है कि भाजपा 2.0 के राज में, यूपी डूबा अपराध में। 

गौरतलब है कि कौशांबी जनपद के रहने वाले राहुल तिवारी अपनी पत्नी प्रीति तथा अपनी दो बेटी माही व पीहू तथा बेटे पाहु के साथ प्रयागराज जनपद के थाना नवाबगंज इलाके के गांव खागलपुर में किराए के मकान में रहते थे। देर रात अज्ञात बदमाशों ने पूरे परिवार की धारदार हथियार से हत्या कर दी है। इस घटना से प्रयागराज जनपद में सनसनी फैली हुई है।

दुष्कर्म व पोक्सो एक्ट, 21 वर्ष का कारावास, अर्थदण्ड

दुष्कर्म व पोक्सो एक्ट, 21 वर्ष का कारावास, अर्थदण्ड  

संदीप मिश्र        
हाथरस। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में दुष्कर्म एवं पोक्सो एक्ट के अभियुक्त को 21 वर्ष का कारावास तथा अर्थदण्ड की सजा सुनाई गई है। हाथरस पुलिस द्वारा फोरेंसिक साक्ष्य संकलन करते हुए गुणवत्तापूर्ण विवेचना सम्पादित कर चार्जशीट न्यायालय प्रेषित करने तथा अभियोजन की सशक्त पैरवी के तहत न्यायालय ने सज़ा सुनाई है।
गौरतलब है कि थाना कोतवाली नगर पर एक महिला द्वारा तहरीर के माध्यम से सूचना दी कि वादिया की पुत्री के साथ 3-4 माह पहले वादिया के क्वार्टर के ऊपर रहने वाले दो लड़के मुकुल पुत्र बच्चू सिंह, वाबी पुत्र रमेश चन्द्र निवासीगण 10/30 ब्लाक कांशीराम कालोनी हाथरस द्वारा डरा धमका कर दुष्कर्म की घटना कारित की गई थी। जिसकी जानकारी जब वादिया की पुत्री के पेट में दर्द होने के कारण डाक्टर को दिखाने के बाद हुई है। पुलिस द्वारा तत्काल परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 58/2019 अन्तर्गत धारा 376 (डी) आईपीसी व 3/4, 14(2) पोक्सो अधिनियम का अभियोग पंजीकृत किया गया। पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए मात्र 24 घण्टे के अन्दर अभियोग में नामजद आरोपी मुकुल पुत्र बच्चू सिंह, वाबी पुत्र रमेश चन्द्र उपरोक्त को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। विवेचक तत्कालीन क्षेत्राधिकारी नगर द्वारा फॉरेन्सिक साक्ष्य एवं अन्य साक्ष्य संकलन की कार्यवाही पूर्ण करते हुये गुणवत्ता पूर्वक विवेचना संपादित कर अभियुक्तगण उपरोक्त के विरुद्ध आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित किया गया।
बलात्कार एवं पोक्सो अधिनियम के जघन्य अपराध में पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में तथा क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में थाना स्तर से त्वरित प्रभावी पैरवी की गयी व समस्त गवाहां को समय से न्यायालय के समक्ष उपस्थित कराया गया। पुलिस द्वारा सम्बन्धित माल/अभिलेखो को समय से न्यायालय में प्रस्तुत किया गया एवं अभियोजन द्वारा प्रभावी पैरवी की गई। न्यायालय में अभियोजन अधिकारी कृष्ण कुमार शर्मा द्वारा प्रभावी पैरवी की गई अभियोजन व पुलिस की प्रभावी पैरवी के परिणामस्वरुप आज दिनांक 15.04.2022 को पोक्सो कोर्ट जज प्रतिभा सक्सेना द्वारा अभियुक्त मुकुल पुत्र बच्चू सिंह, वाबी पुत्र रमेश चन्द्र निवासीगण 10/30 ब्लाक कांशीराम कालोनी हाथरस को धारा 376 (डी), 506 आईपीसी व 6 पोक्सो अधिनियम के अन्तर्गत कठोर 21 वर्ष कारावास तथा 51000/- रुपये के अर्थदण्ड की सजा सुनाई गई। हाथरस पुलिस की त्वरित कार्यवाही तथा अभियोजन की सशक्त पैरवी से जघन्य अपराध कारित करने वाले उक्त अभियुक्त को सज़ा दिलाये जाने पर आमजन द्वारा हाथरस पुलिस की भूरि-भूरि प्रशंसा की गयी तथा आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और मज़बूत हुआ है।

1 जुलाई से 300 यूनिट बिजली मुफ्त, वादा पूरा होगा

1 जुलाई से 300 यूनिट बिजली मुफ्त, वादा पूरा होगा  

अमित शर्मा        
चंडीगढ़। पंजाब की आम आदमी पार्टी आप सरकार ने शनिवार को घोषणा की कि 1 जुलाई से 300 यूनिट बिजली मुफ्त दिये जाने का चुनावी वादा पूरा किया जाएगा।
नई सरकार बनने के एक महीने बाद सरकार का 'रिपोर्ट कार्ड' जारी करते हुए यह घोषणा की गई। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दो दिन पहले कहा था कि 16 अप्रैल को बड़ी घोषणा की जाएगी।
तीन सौ यूनिट बिजली मुफ्त दिये जाने का 'आप' का मुख्य चुनावी वादा था।

तोड़फोड़ के मामलें में पूर्व मेयर को गिरफ्तार किया

तोड़फोड़ के मामलें में पूर्व मेयर को गिरफ्तार किया  

अकांशु उपाध्याय 
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर की गई तोड़फोड़ के मामलें में पुलिस ने कार्यवाही करते हुए पूर्व मेयर को गिरफ्तार कर लिया गया है‌। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि दोनों बीजेपी नेताओं को थाने से ही जमानत मिल गई है। इस मामले में अभी तक पुलिस द्वारा 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है जबकि अन्य की तलाश में ताबड़तोड़ छापामार कार्यवाही की जा रही है।
शनिवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर हुई तोड़फोड़ के मामले में पुलिस द्वारा पूर्व मेयर जयप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वासु रूखडड भी पुलिस द्वारा सीएम आवास पर तोड़फोड़ मामले में गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक इस मामले में अभी तक तकरीबन दो दर्जन आरोपियों के शामिल होने की बात सामने आई है। तोड़फोड़ करने वाले लोगों में शामिल 8 को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था।
पुलिस के अधिकारी ने बताया है कि दिल्ली नगर निगम के पूर्व मेयर जयप्रकाश एवं भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा दिल्ली के अध्यक्ष वासु रूखडड को भी गिरफ्तार किया गया है। दर्ज एफआइआर में 7 साल से कम सजा का प्रावधान होने के चलते दोनों नेताओं को थाने से ही जमानत दे दी गई है।
सूत्रों ने बताया कि इस मामले में तकरीबन 14 आरोपी ऐसे हैं जिनकी पुलिस द्वारा पहचान की जा चुकी है। इन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के प्रयासों में पुलिस द्वारा ताबड़तोड़ छापामार कार्यवाही की जा रही है।

भारत: 24 घंटे में कोरोना के 975 नए मामलेें

भारत: 24 घंटे में कोरोना के 975 नए मामलेें    


अकांशु उपाध्याय       

नई दिल्ली। देश में कोरोना के नए मामलों की संख्या एक बार फिर एक हजार से कम आई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटों में कोरोना के 975 नए मामलेें सामने आए हैं। वहीं कोरोना को मात देने वाले लोगों की संख्या में भी गिरावट आई है। इस दौरान 796 लोग ठीक हुए हैं तो वहीं 4 लोगों ने जान गवाईं है। अब तक कोरोना से भारत में कुल 5,21,747 लोग जान गंवा चुके हैं।कोरोना के नए मामलों में बीते 24 घंटों में ज्यादा बढ़ोतरी देखने को नहीं मिली है। लेकिन एक्टिव मामलों की संख्या लगातार बढ़ रही है, ऐसा इसलिए भी है।

क्योंकि रिकवरी में कमी देखने को मिली है। मंत्रालय के अनुसार कोरोना के एक्टिव मामले 11,366 हो गए हैं वहीं कुल रिकवरी की संख्या भी 4,25,07,834 हो गई है। दूसरी और कुल कोरोना के मामले अब 4,30,40,947 हो गए हैं।

गांधी से मुलाकात, कोई बड़ा ऐलान करेंगे किशोर

गांधी से मुलाकात, कोई बड़ा ऐलान करेंगे किशोर  

अकांशु उपाध्याय       
नई दिल्ली। अब तक कई राजनीतिक दलों के रणनीतिक सलाहकार रह चुके प्रशांत किशोर जल्द ही बड़ा ऐलान करने वाले हैं। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ मुलाकात से कुछ ऐसे संकेत मिल रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार प्रशांत किशोर कुछ देर पहले ही सोनिया से मिलने उनके आवास पहुंचे। यहां पहले ही कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि किशोर बैठक के बाद कोई बड़ा ऐलान करने वाले हैं।
इस बैठक में शामिल होने वाले नेताओं में मल्लिकार्जुन खड़गे, एके एंटनी, अंबिका सोनी, केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश, मुकुल वासनिक, दिग्विजय सिंह और अजय माकन शामिल हैं। पिछले कुछ दिनों से ऐसी भी अटकलें हैं, आ रही थी कि प्रशांत किशोर को गुजरात चुनाव में कांग्रेस बड़ी भूमिका दे सकती है। इससे पहले एक इंटरव्यू में खुद प्रशांत ने मई में अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर बड़ा ऐलान करने की बात कही थी।
मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि प्रशांत किशोर की टीम गुजरात में सर्वे भी कर रही है। इस बैठक से पहले प्रशांत किशोर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से भी मिल चुके हैं। बता दें कि पंजाब चुनाव से पहले भी प्रशांत किशोर की कांग्रेस के बड़े नेताओं के साथ कई मुलाकातें हुई थीं।
गौरतलब है कि इस साल के अंत में भाजपा के सामने गुजरात और हिमाचल प्रदेश को बचाने की बड़ी चुनौती होगी। दोनों ही राज्यों में उसके सामने कांग्रेस टक्कर में नजर आएगी। ऐसे में सोनिया और राहुल गांधी इन दोनों ही राज्यों में पार्टी की स्थिति मजबूत करने की कोशिश करेंगे।

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण     

1. अंक-190, (वर्ष-05)
2. रविवार, अप्रैल 17, 2022
3. शक-1984, वैशाख, कृष्ण-पक्ष, तिथि-प्रतिपदा, विक्रमी सवंत-2078‌।    
4. सूर्योदय प्रातः 07:04, सूर्यास्त: 06:24।
5. न्‍यूनतम तापमान- 25 डी.सै., अधिकतम-41+ डी सै.। उत्तर भारत में बरसात की संभावना।
6. समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा। सभी पद अवैतनिक है।
7.स्वामी, मुद्रक, प्रकाशक, संपादक राधेश्याम व शिवांशु, (विशेष संपादक) श्रीराम व सरस्वती (सहायक संपादक) के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित। प्रकाशित समाचार, विज्ञापन एवं लेखोंं से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं हैं। पीआरबी एक्ट के अंतर्गत उत्तरदायी।
8. संपर्क व व्यवसायिक कार्यालय- चैंबर नं. 27, प्रथम तल, रामेश्वर पार्क, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102।
9. पंजीकृत कार्यालयः 263, सरस्वती विहार लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102
http://www.universalexpress.page/
www.universalexpress.in
email:universalexpress.editor@gmail.com
संपर्क सूत्र :- +919350302745 
           (सर्वाधिकार सुरक्षित)

चेन्नई सुपर किंग्स ने ग्लीसन को टीम में शामिल किया

चेन्नई सुपर किंग्स ने ग्लीसन को टीम में शामिल किया  इकबाल अंसारी  चेन्नई। देश में इन दिनों आईपीएल की धूम मची हुई है। गत चैम्पियन चेन्नई सुपर...