शुक्रवार, 1 अप्रैल 2022

2 अप्रैल को 2 दिवसीय काशी यात्रा पर आएंंगे सीएम

अप्रैल को 2 दिवसीय काशी यात्रा पर आएंंगे सीएम            

संदीप मिश्र               

वाराणसी। लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बनें योगी आदित्यनाथ, पहली बार दो दिवसीय काशी यात्रा पर 2 अप्रैल को आएंगे। सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे एवं अगले दिन नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा की अगवानी करेंगे। प्रोटोकाल के मुताबिक मुख्यमंत्री शनिवार को शाम लगभग साढ़े पांच बजे के करीब पुलिस लाइन हेलीपैड पर उतरेंगे। इसके बाद कार से सीधे सर्किट हाउस आएंगे। रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन रविवार को सुबह बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। नेपाल के पीएम की अगवानी करेंगे। नेपाल के पीएम का आगमन बाबतपुर एयरपोर्ट पर सुबह लगभग नौ बजे के करीब होगा। नई दिल्ली से वह यहां आ रहे हैं।

नेपाल के पीएम के साथ ही मुख्यमंत्री बाबतपुर एयरपोर्ट से वाया कार से सुबह लगभग दस बजे कालभैरव मंदिर पहुंचकर दर्शन पूजन करेंगे। इसके बाद श्रीकाशी विश्वनाथ धाम व नेपाली मंदिर यानी श्री समराजेश्वर पशुपतिनाथ महादेव मंदिर में मत्था टेकेंगे। दर्शन-पूजन के बाद नेपाल के पीएम के साथ मुख्यमंत्री होटल ताज गंगेज आएंगे और लगभग दो घंटे यानी दोपहर 12 से दो बजे तक रहेंगे। इस दौरान होटल में नेपाल के पीएम के साथ बैठक, लंच निर्धारित है। इसके बाद नेपाल के पीएम व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार से बाबतपुर एयरपोर्ट जाएंगे। नेपाल के पीएम दोपहर तीन बजे नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे तो वहीं मुख्यमंत्री राजकीय हेलीकाप्टर से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय काशी यात्रा पर शनिवार को शाम यहां पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री बड़ी परियोजनाओं की प्रगति की जमीनी पड़ताल भी कर सकते हैं। चर्चा है कि मुख्यमंत्री फुलवरिया फोरलेन के फ्लाईओवर व खिड़किया घाट का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण की उम्मीद शनिवार को देरशाम जताई जा रही है क्योंकि अगले दिन मुख्यमंत्री नेपाल के प्रधानमंत्री के साथ अधिक समय गुजारेंगे। मुख्यमंत्री की अधिकारियों के साथ बैठक निर्धारित नहीं है लेकिन तैयारी पूरी रखी गई है। इसके साथ ही सभी विभागाध्यक्षों ने अपने पटल के कर्मियों से प्रगति रिपोर्ट तलब किया है। वहीं, सभी को पूरी तरह अपडेट रहने को भी कहा है। जिलाधिकारी की ओर से तीस अप्रैल को ही सभी विभागों को निर्देशित कर दिया था कि आगामी दौरे में मुख्यमंत्री की ओर से कार्यालय की जांच की जा सकती है। इसलिए समय से कार्यालय आएं और साफ-सफाई का मुकम्मल इंतजाम रखें। पब्लिक की समस्याएं प्राथमिकता से सुनें, मौके पर निस्तारण करें।


गाजियाबाद एसएसपी का चार्ज, डीआईजी को सौंपा

गाजियाबाद एसएसपी का चार्ज, डीआईजी को सौंपा     

अश्वनी उपाध्याय               

गाज़ियाबाद। जिलें में बढ़ते अपराधों की स्थायी समस्या का अस्थाई समाधान करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद एसएसपी का चार्ज डीआईजी एलआर कुमार को सौंप दिया हैं। एल आर कुमार फिलहाल डीआईजी सतर्कता (लखनऊ) के पद पर भी कार्यरत हैं। पुलिस महानिरीक्षक, कानून एवं व्यवस्था संजीव गुप्ता ने आदेश जारी करते हुए एल आर कुमार को तत्काल पदभार संभालने का निर्देश दिया है।
डीआईजी सतर्कता लख़नऊ एल आर कुमार को अस्थायी रूप से गाजियाबाद जिले की कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के लिए नियुक्त किया गया है। गाजियाबाद में अपराधों पर लगाम लगाने के लिए जिम्मेदारी दी गई है। हालांकि अभी एलआर कुमार की तैनाती अस्थाई तौर पर हुई है। वहीं, दूसरी ओर आईजी प्रवीण कुमार ने गाजियाबाद का दौरा करेंगे, वे विभिन्‍न थानों पर निरीक्षण करेंगे। योगी सरकार के इस तरह के कदम से सरकार की मंशा साफ हो जाती है कि वो काम में लापरवाही और भ्रष्‍टाचार बिल्‍कुल बर्दाश्‍त नहीं करेगी।

विद्यालय के नए सत्र की शुरुआत, सुंदरकांड का पाठ

विद्यालय के नए सत्र की शुरुआत, सुंदरकांड का पाठ     

बृजेश केसरवानी        
प्रयागराज। रानी रेवती देवी सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज राजापुर, प्रयागराज में चैत्र शुक्ल प्रतिपदा विक्रमी संवत 2079 भारतीय नव वर्ष की पूर्व संध्या एवं विद्यालय के नए सत्र के प्रारंभ होने के अवसर पर सामूहिक संगीतमय सुंदरकांड का सस्वर पाठ किया गया। पाठ के प्रारंभ में विद्यालय के प्रधानाचार्य बांके बिहारी पांडे ने विधिवत पूजन अर्चन किया तथा पूरे सत्र विद्यालय एवं पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं तथा अध्यापक- अध्यापिकाओ के प्रगति की कामना करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की। 
उसके तत्पश्चात विद्यालय के संगीताचार्य मनोज गुप्ता एवं समस्त अध्यापक तथा अध्यापिकाओ एवं छात्र छात्राओं ने मिलकर के संगीतमय सुंदरकांड का पाठ किया। सुंदरकांड की समाप्ति के पश्चात संगीताचार्य मनोज गुप्ता ने कई भजन भी प्रस्तुत किए। इस अवसर पर प्रधानाचार्य बांके बिहारी पांडे ने भारतीय नववर्ष के बारे में छात्र-छात्राओं एवं आए हुए अभिभावकों को इसकी विधिवत जानकारी देते हुए सब से आह्वान किया कि आप सभी भारतीय नववर्ष का स्वागत करें और आसपास में रहने वाले सभी परिवारों को प्रेरित भी करें, कि भारतीय नववर्ष का धूमधाम से स्वागत करें। पाठ का समापन आरती एवं सभी को प्रसाद देकर के किया गया। सुंदरकांड के पाठ का संयोजन आचार्य सत्यप्रकाश पांडे ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त अध्यापक एवं अध्यापिकाए उपस्थित रहे‌।

पार्टी नेता की अगुवाई में सम्पन्न हुईं मासिक बैठक

पार्टी नेता की अगुवाई में सम्पन्न हुईं मासिक बैठक     

सुशील केसरवानी         
कौशाम्बी। समर्थ किसान पार्टी की मासिक बैठक पार्टी के जिला कार्यालय मंझनपुर में पार्टी नेता अजय सोनी की अगुवाई में सम्पन्न हुई। इस दौरान बढ़ती महंगाई और जन समस्यायों को लेकर चर्चा हुई। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं से वार्ता करते हुए अजय सोनी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा कुछ बड़े उद्योगपतियों को भारी आर्थिक फायदा पहुंचाने के नियत से आवश्यक वस्तुओं में महंगाई दर बढ़ाई जा रही है। आगे कहा कि डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस के दामों में लगातार वृद्धि से महंगाई दर रोज बढ़ रही है और गरीबों का जीना हराम है। लोगों को दो जून के निवाले के लिए भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
जबकि देश के कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों को भारी आर्थिक फायदा हो रहा है। इससे देश में अमीरों एवं गरीबों के बीच भारी अंतर पैदा हो रहा है। इसी के साथ अजय सोनी ने कहा कि बढ़ती महंगाई के लिए पूरी तरह से केंद्र सरकार जिम्मेदार है और इसका हिसाब आने वाले लोकसभा चुनाव में देश की जनता करेगी।
इसी के साथ बैठक में मौजूद पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रेमचन्द्र केसरवानी ने बताया कि ग्राम भीटी मजरा पूरब शरीरा में सिंचाई की नाली ध्वस्त हो गई है। जिसके चलते सैकड़ों बीघा जमीन असिंचित पड़ी है। इसी तरह ग्राम घोसरा एवं ग्राम भीटी मजरा पूरब शरीरा में काफी दिनों से बिजली की आपूर्ति ठप्प है और लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। 
आगे कहा कि इन समस्यायों के समाधान के लिए कई कई बार प्रशासन को लिखकर दिया गया लेकिन आज तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। इससे उक्त गांवों की तमाम जनता नाराज है। मासिक बैठक में तीरथ लाल मौर्य, संजीत सरोज, सुरजीत वर्मा, फूलचंद्र लोधी, परिहार लोधी, राजू कोटार्य आदि मौजूद रहे।

खुशियां, 1 अप्रैल को मनाया जाता है 'फूल्स डे'

खुशियां, 1 अप्रैल को मनाया जाता है 'फूल्स डे'        

सरस्वती उपाध्याय 
दुनिया भर में हर साल 1 अप्रैल को 'अप्रैल फूल्स डे' के रूप में मनाया जाता है। यह दिन हंसी, चुटकुलों और खुशियों को समर्पित दिन के तौर पर मनाया जाता है। आमतौर पर इस दिन लोग एक-दूसरे की टांग खींचते हैं और शरारतें करते हैं। लोग अपने प्रियजनों या दोस्तों को सर्प्राइज करने के लिए तरह-तरह का आइडिया लगाते हैं और फिर आखिर में बताते हैं कि आप अप्रैल फूल बन चुके हैं, यह पूरा मामला नकली था। लेकिन क्या आप जानते हैं इस दिन की शुरुआत कैसे और क्यों हुई थी, आइए जानते हैं।
अप्रैल फूल डे का इतिहास...
1 अप्रैल को हम अप्रैल फूल के रूप में क्यों मनाते हैं, इसपर कई तरह की कहानियां बताई जाती हैं, लेकिन कोई ठोस सबूत नहीं है। इतिहासकारों के बीच कुछ सबसे प्रचलित कहानियों में से एक जूलियन कैलेंडर है। कुछ इतिहासकार बताते हैं कि अप्रैल फूल का इतिहास आज से करीब 440 साल पुराना है। जब 1582 में फ्रांस ने जूनियन कैलेंडर को छोड़कर ग्रेगोरियन कैलेंडर अपनाया था। जूलियन कैलेंडर में नया साल 1 अप्रैल को शुरू होता था। जबकि ग्रेगोरियन कैलेंडर में यह 1 जनवरी हो गया। कहा जाता है कि कैलेंडर बदलने के बाद भी कई लोग 1 अप्रैल को ही नया साल मना रहे थे। उनका सेलिब्रेशन मार्च के अंतिम सप्ताह से ही शुरू होता और 1 अप्रैल तक चलता था। इसी से वे मजाक का पात्र बन गए और उन्हें अप्रैल फूल कहा जाने लगा।

2 अप्रैल से प्रारंभ होगा 'रमजान' का महीना

2 अप्रैल से प्रारंभ होगा 'रमजान' का महीना     

सरस्वती उपाध्याय                   
मुस्लिम कैलेंडर के नौवें महीने को रमजान कहा जाता है। रमजान का महीना मुस्लिम समुदाय के लिए सबसे पाक महीना माना जाता है। इस महीने में खुदा की इबादत की जाती है और रोजा रखा जाता है। इस साल रमजान का महीना 2 अप्रैल, 2022 से शुरू होगा और 1 मई तक चलेगा। हालांकि, इस महीने की शुरुआत और समापन चांद की स्थिति पर निर्भर करता है। यदि 2 अप्रैल 2022,  शनिवार को चांद दिख जाता है, तो रविवार यानी 3 अप्रैल को पहला रोजा रखा जाएगा। 

ऐसे शुरू हुई रोजा रखने की परंपरा... 
रोजा का मतलब है उपवास‌। रमजान में रोजेदार (रोजा रखने वाले) सुबह सूर्योदय से लेकर सूर्यास्त तक के बीच कुछ भी खाते-पीते नहीं है। इस दौरान उन्‍हें ध्‍यान रखना होता है कि उनके कारण किसी को कोई नुकसान न पहुंचे। उनका मन शुद्ध रहे और वे ज्‍यादा से ज्‍यादा समय अल्‍लाह की इबादत में लगाएं।
इस्लाम में रोजा रखने की परंपरा दूसरी हिजरी में शुरू हुई है। माना जाता है कि जब मुहम्मद साहब मक्के से हिजरत (प्रवासन) कर मदीना पहुंचे तो उसके एक साल बाद मुसलमानों को रोजा रखने का हुक्म आया था। लिहाजा दूसरी हिजरी से रोजा रखने की परंपरा इस्लाम में शुरू हुई।

इन लोगों को होती है रोजा रखने से छूट...
इस्लाम धर्म के मुताबिक हर वयस्‍क व्‍यक्ति को रोजा रखना चाहिए। रोजा रखने की छूट केवल उन लोगों को है, जो बीमार हैं, किसी यात्रा पर हैं, प्रेग्‍नेंट महिलाएं, बच्‍चे और ऐसी महिलाएं जिनका मासिक धर्म चल रहा है। इन वयस्‍कों के जितने रोजे छूट जाते हैं, उन्‍हें उतने रोजे रमजान खत्‍म होने के बाद रखने होते हैं। वहीं, जो लोग बीमारी की स्थिति में भी रोजे रखते हैं, उन्‍हें जांच के लिए खून देने या फिर इंजेक्शन लगवाने की छूट होती है। हालांकि, रोजे के दौरान दवाई खाने की मनाही की गई है, ऐसे में उन्‍हीं लोगों को रोजा रखना चाहिए, जो सहरी और इफ्तार के समय दवा ले सकते हैं।

इसलिए खजूर खाकर खोलते हैं रोजा...
वहीं, रोजा आमतौर पर खजूर खाकर खोला जाता है। ऐसा माना जाता है कि खजूर पैगंबर हजरत मोहम्मद का पसंदीदा फल था। वे खजूर खाकर रोजा खोलते थे। इसलिए आज भी लोग खजूर खाकर रोजा खोलते हैं। इसके अलावा खजूर तुरंत एनर्जी देने वाला फल है। साथ ही बाद में खाई जाने वाली चीजों को डाइजेस्‍ट करने में भी मदद करता है। इसके साथ-साथ खजूर में ढेर सारा फाइबर और कई न्‍यूट्रिएंट्स होते हैं, जो हमारे शरीर को स्‍वस्‍थ रखने के लिए बहुत जरूरी होते हैं।

26,794 दिव्यांगजनों को पोर्टल पर पंजीकृत किया

26,794 दिव्यांगजनों को पोर्टल पर पंजीकृत किया    

इकबाल अंसारी            
रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सभी दिव्यांगजनों को पेंशन से आच्छादित करने की परिकल्पना यथार्थ में बदल रही है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद पूरे राज्य में आयोजित विशेष अभियान का प्रतिफल है कि इस अभियान के जरिए अब तक  26,794 दिव्यांगजनों को चिन्हित कर जांच के बाद उन्हें यूडीआईडी पोर्टल पर पंजीकृत किया गया। इसमें सर्वाधिक रांची के 5069, पाकुड़ के 5117 और हजारीबाग के 2635  दिव्यांगजन को विशेष अभियान के तहत शिविर में लाभांवित हुए। 
इस विशेष अभियान के दौरान अब तक दिव्यांगजनों को प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने हेतु सबसे अधिक दिव्यांगजनों की जांच 5140  पाकुड़ में किए  गए। इसके बाद गुमला में 4563 और हजारीबाग में 3012  दिव्यांगजनों की जांच किया गया। 
साथ ही, शिविर के माध्यम से यूडीआईडी पोर्टल पर लम्बित आवेदनों के सत्यापन की संख्या 13807 एवं विभागीय मार्ग निर्देशिका के तहत जिला स्तर पर दिव्यांगता प्रमाण पत्र रखने वाले दिव्यांगजनों से  ऑफलाइन माध्यम से एकत्र आवेदनों की संख्या 95278 थी। 
राज्य सरकार द्वारा आयोजित आपके अधिकार - आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के जरिए 18699 दिव्यांग पेंशन के आवेदन निष्पादित किए गए। सबसे अधिक 2295 पलामू, देवघर के 2192 एवं गिरिडीह के 1486 आवेदन निष्पादित हुए। सर्वजन पेंशन योजना  लागू होने के बाद   स्वामी विवेकानंद निःशक्त स्वावलंबन प्रोत्साहन योजना अंतर्गत  24162 दिव्यांग पेंशन स्वीकृत किया जा चुका है।

यूक्रेन ने रूस के भीतर घुसकर एयर स्ट्राइक किया

यूक्रेन ने रूस के भीतर घुसकर एयर स्ट्राइक किया   

अखिलेश पांडेय              
कीव/मास्को। यूक्रेन एवं रूस के बीच चल रही लड़ाई अब थमने की बजाए लगातार तेज होती जा रही है। अभी तक रूस के हमलों की मार झेल रहे यूक्रेन ने अब रूस के भीतर घुसकर एयर स्ट्राइक करते हुए पलटवार किया है। रूस का आरोप है कि यूक्रेन ने उसकी सीमा में 25 मील अंदर आकर तेल डिपो पर हमला किया है।
शुक्रवार को यूक्रेन के साथ जंग लड़ रहे रूस ने आरोप लगाया है कि यूक्रेन के सैनिकों ने उसकी सीमा के भीतर घुसकर आयल डिपो पर हमला किया है। रूसी अधिकारी ने कहा है कि यूक्रेन के 2 हेलीकॉप्टरों के माध्यम से यह हमला किया गया है। रूस ने कहा है कि यूक्रेन के दो हेलीकॉप्टर बेलगोरोद शहर में घुस आए और उन्होंने राकेट के माध्यम से तेल डिपो पर अटैक किया। 
अगर रूस का दावा यदि सही है तो दूसरे विश्व युद्ध के बाद यह ऐसा पहला मौका है जब रूस में किसी अन्य देश की ओर से एयर स्ट्राइक की है। यूक्रेन द्वारा जिस तेल डिपो पर अटैक किया गया है उसका संचालन रूस की सरकारी कंपनी करती है।
इस हमले में कंपनी के 2 कर्मचारी घायल हुए हैं, इसके अलावा आसपास के काफी लोगों को वहां से निकाला गया है जिससे कि जानमाल के नुकसान को कम किया जा सके। इतना ही नहीं रूस की ओर से इस हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर भी शेयर किया गया है।

सीएम की अगुवाई वाली सरकार को विफल करार

सीएम की अगुवाई वाली सरकार को विफल करार   

अविनाश श्रीवास्तव               
समस्तीपुर। बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने प्रदेश में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई वाली सरकार को सभी मोर्चों पर विफल करार दिया और कहा कि कुमार के 17 वर्षों के शासनकाल में बिहार एक फिसड्डी राज्य बन गया है। तेजस्वी ने शुक्रवार को समस्तीपुर जिले के मोहनपुर में स्थानीय निकाय के चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) उम्मीदवार रोमा भारती के पक्ष में आयोजित जनप्रतिनिधि सम्मेलन के अवसर पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बिहार में कथित डबल इंजन की सरकार में शिक्षा, पलायन एवं बेरोजगारी की समस्या चरम पर है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में विधि व्यवस्था की हालत लगातार खराब हो रही है। हर क्षेत्र में भ्रष्टाचार व्याप्त है। यह डबल इंजन नहीं बल्कि ट्रबल इंजन की सरकार है। तेजस्वी यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बिहार की जनता एवं जनप्रतिनिधियों की चिंता नहीं है। तेजस्वी को केवल अपनी कुर्सी बचाए रखने की चिंता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार में अफसरशाही चरम पर है जिस कारण चुने हुए जनप्रतिनिधियों को जो मान-सम्मान मिलना चाहिए वह नहीं मिल रहा है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बिहार में शराबबंदी कानून पूरी तरह विफल हो चुका है। शराबबंदी पर बार-बार कानून में बदलाव करना यह दर्शाता है कि यह कानून पूरी तरह विफल है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में स्थानीय निकाय के हो रहे विधान परिषद् के चुनाव में राजद-महागठबंधन प्रदेश के सभी चौबीस सीट पर जीत दर्ज करेगी।
इस अवसर पर राजद के प्रधान महासचिव सह विधायक आलोक कुमार मेहता, माकपा विधायक दल के नेता अजय कुमार, राजद विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहिन, रणविजय साहू, राजद की पूर्व विधायक व एमएलसी उम्मीदवार रोमा भारती, राजद की प्रदेश प्रवक्ता ऐज्या यादव, पूर्व विधायक अशोक प्रसाद वर्मा, राजद के प्रदेश महासचिव प्रेमप्रकाश शर्मा एवं राजद जिलाध्यक्ष राजेंद्र सहनी समेत महागठबंधन के अन्य नेता उपस्थित थे।

गौतमबुद्ध नगर में 1 से 30 अप्रैल तक धारा-144 लागू

गौतमबुद्ध नगर में 1 से 30 अप्रैल तक धारा-144 लागू  

विजय भाटी                 
गौतमबुद्ध नगर। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन ने जिले में 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक धारा-144 लागू करने का फैसला लिया है। नोएडा पुलिस ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, रमजान, नवरात्र, राम नवमी, आंबेडकर जयंती के अलावा यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर की परीक्षाओं और विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) चुनाव को ध्यान में रखते हुए जिले में शांति व्यवस्था और सौहार्द कायम रखने के लिए 30 अप्रैल तक धारा 144 लगाने का निर्णय लिया गया है।
पुलिस द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, इस माह रमजान माह प्रारंभ, चैत्र नवरात्र, राम नवमी, आंबेडकर जयंती, गुड फ्राईडे, हनुमान जयंती, ईस्टर पर्व मनाए जाएंगे। इस दौरान कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर धरना-प्रदर्शन नहीं करेगा, ना ही किसी अन्य व्यक्ति को इसके लिए प्रेरित करेगा।

भ्रष्टाचार से संबंधित मामलें की जांच, याचिका खारिज

भ्रष्टाचार से संबंधित मामलें की जांच, याचिका खारिज    

कविता गर्ग                            

मुंबई। महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख के खिलाफ भ्रष्टाचार से संबंधित एक मामलें की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो से लेकर अदालत की निगरानी वाली विशेष जांच दल को सौंपने की मांग संबंधी राज्य सरकार की याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दी। न्यायाधीश एस.के. कौल और न्यायमूर्ति एम.एम. सुंदरेश की पीठ ने बम्बई हाई कोर्ट के फैसले को चुनौती देने वाली महाराष्ट्र सरकार की याचिका पर सुनवाई से इनकार कर दिया। इससे पहले उच्च न्यायालय ने राज्य सरकार की याचिका खारिज कर दी थी।

महाराष्ट्र सरकार ने शीर्ष अदालत के समक्ष दलील देते हुए कहा कि सीबीआई के निदेशक सुबोध कुमार जायसवाल महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक रह चुके हैं। उनके कार्यकाल के दौरान देशमुख पर पुलिस अधिकारियों के स्थानांतरण और नियुक्ति में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए हैं। ऐसे में जायसवाल भले ही आरोपी न हो, लेकिन उनकी भूमिका एक गवाह के रूप में होने की पूरी संभावनाएं हैं। इस मामले में सीबीआई जांच की निष्पक्षता पर संदेह है। शीर्ष अदालत पीठ ने संबंधित पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कहा कि हम इस याचिका पर विचार नहीं करेंगे। इससे पहले राज्य सरकार की याचिका उच्च न्यायालय ने खारिज कर दी थी। सरकार ने इस फैसले के खिलाफ शीर्ष अदालत का दरवाजा खटखटाया था। गौरतलब है कि देशमुख पर स्थानांतरण एवं नियुक्ति को लेकर रिश्वत लेने के आरोप सामने आने के बाद हाई कोर्ट के आदेश पर 24 अप्रैल 2021 को सीबीआई ने एफआईआर दर्ज की थी।

आवारा पशुओं के भटकने पर रोक, विधेयक पारित

आवारा पशुओं के भटकने पर रोक, विधेयक पारित

इकबाल अंसारी           

गांधीनगर। गुजरात के शहरी क्षेत्रों में सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर आवारा पशुओं के भटकने पर रोक लगाने के उद्देश्य से, राज्य विधानसभा ने शुक्रवार को एक विधेयक पारित किया। इससे पशुपालकों का शहरों तथा नगरों में ऐसे जानवरों को रखने के लिए लाइसेंस प्राप्त करना और मवेशियों पर टैग लगाना अनिवार्य हो गया है और ऐसा न करने पर उन्हें कारावास की सजा भी हो सकती है।गुजरात विधानसभा में बृहस्पतिवार को शाम करीब छह बजे इस विधेयक पर बहस शुरू हुई थी, जो सात घंटे तक चली। बहस के बाद देर रात सदन में विधेयक को पारित किया गया।

विपक्षी दल कांग्रेस ने ‘गुजरात मवेशी नियंत्रण (पालना और आवाजाही) शहरी क्षेत्र में विधेयक’ का जोरदार विरोध किया और इस तरह का ‘‘काला कानून’’ लाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार के खिलाफ राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी। शहरी विकास राज्य मंत्री विनोद मोरडिया ने विधेयक पेश करते हुए कहा कि शहरी क्षेत्रों में गाय, भैंस, बैल और बकरियों जैसे मवेशियों को रखने की प्रथा शहरवासियों के लिए परेशानी का सबब बन रही है, क्योंकि पशुपालक अपने जानवरों को इधर-उधर सड़कों तथा सार्वजनिक स्थानों पर घूमने के लिए छोड़ देते हैं।

मोरडिया ने कहा कि इस कानून के तहत, पशुपालकों को अपने मवेशियों को शहरी क्षेत्रों में रखने के लिए एक सक्षम प्राधिकारी से लाइसेंस प्राप्त करने की आवश्यकता होगी, जिसमें आठ शहर अहमदाबाद, राजकोट, सूरत, वडोदरा, गांधीनगर, जूनागढ़, भावनगर तथा जमानगर और 156 नगर शामिल हैं। लाइसेंस के बिना किसी भी व्यक्ति को मवेशी रखने की अनुमति नहीं होगी। मंत्री ने कहा कि लाइसेंस प्राप्त करने के 15 दिनों के भीतर, मालिक को अपने मवेशियों को चिह्नित करवाना (टैग लगाना)होगा और मवेशियों को सड़कों या शहर के किसी अन्य स्थान पर जाने से रोकना होगा।

ऐसा ना करने पर उन्हें एक साल तक की जेल की सजा या 10,000 रुपये का जुर्माना या फिर दोनों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि चिह्नित मवेशियों के पकड़े जाने पर, मालिक को पहली बार 5,000 रुपये, दूसरी बार 10,000 रुपये और तीसरी पर उस पर 15,000 रुपये का जुर्माना लगाने के साथ-साथ उसके खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की जाएगी। वहीं, बिना चिह्नित मवेशियों के पकड़े जाने पर अधिकारियों द्वारा उन्हें स्थायी पशु ‘शेड’ में स्थानांतरित कर दिया जाएगा और 50,000 रुपये का जुर्माना वसूलने के बाद ही वापस किया जाएगा।

चेन्नई सुपर किंग्स ने ग्लीसन को टीम में शामिल किया

चेन्नई सुपर किंग्स ने ग्लीसन को टीम में शामिल किया  इकबाल अंसारी  चेन्नई। देश में इन दिनों आईपीएल की धूम मची हुई है। गत चैम्पियन चेन्नई सुपर...