शनिवार, 5 मार्च 2022

यूपी: 54 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव प्रचार थमा

यूपी: 54 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव प्रचार थमा    

संदीप मिश्र       

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण में नौ जिलों की 54 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव प्रचार शनिवार को थम गया। इस चरण के मतदान वाले आजमगढ़, मऊ, जौनपुर, गाजीपुर, चन्दौली, वाराणसी, मिर्जापुर, भदोही एवं सोनभद्र जिले के 54 विधानसभा क्षेत्रों में 07 मार्च को सुबह 07:00 बजे से मतदान होगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय की ओर से प्राप्त जानकारी के मुताबिक राज्य में सातवें चरण के निर्वाचन के लिये तीन विधानसभा क्षेत्रों चकिया (सु), राबर्ट्सगंज और दुद्धी (सु) के लिए चुनाव प्रचार शनिवार शाम चार बजे थम गया जबकि शेष 51 सीटों पर शाम छह बजे प्रचार अभियान बंद हुआ। 

चुनाव आयोग ने सुरक्षा की दृष्टि से इन तीन विधानसभा क्षेत्रों को संवेदनशील घोषित किया है। पूर्व निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक तीन सीटों चकिया (सु), राबर्ट्सगंज और दुद्धी (सु) सीट पर शाम चार बजे तक मतदान होगा। शेष 51 सीटों पर शाम छह बजे तक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। अंतिम चरण के मतदान में 2.05 करोड़ मतदाता कुल 613 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला ईवीएम में दर्ज करेंगे। इस चरण में 1.09 करोड़ पुरुष और 96.4 लाख महिला मतदाता हैं। जबकि 1014 मतदाता थर्ड जेंडर श्रेणी में हैं।

विपक्षी दलों के गठबंधन की सरकार बनने का दावा

विपक्षी दलों के गठबंधन की सरकार बनने का दावा      

संदीप मिश्र        

जौनपुर। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के अब तक छह चरण के मतदान में सपा के पक्ष में धुआंधार वोटिंग होने के आधार पर इस बार विपक्षी दलों के गठबंधन की सरकार बनने का दावा किया है। अखिलेश ने शनिवार को सातवें और अंतिम चरण के मतदान के लिये चुनाव प्रचार खत्म होने से पहले जौनपुर में कहा कि अब तक के चुनाव में सपा के पक्ष में धुआंधार वोटिंग हुई है। उन्होंने भाजपा और मुख्यमंत्री येागी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए कहा, "इस बार धुआं वाले धुआं-धुआं हो जाएंगे। सपा प्रत्याशियों की रिकॉर्ड मतों से जीत होगी और सपा की सरकार बनने जा रही है।"

उन्होंने जौनपुर जिले की मल्हनी विधानसभा सीट पर सपा प्रत्याशी एवं विधायक लकी यादव के पक्ष में मीरगंज में इस चुनाव की अपनी अंतिम चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वैसे तो भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है, लेकिन काम और वादों का आंकलन करेंगे तो दुनिया की सबसे झूठी पार्टी भी भाजपा ही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार किसानों को समय पर खाद नहीं दे पाई। खाद मिली तो बोरी से पांच किलो खाद की चोरी हो गई। उन्होंने मतदाताओं को आगाह किया कि अगर ये भाजपा वाले दोबारा आ गए तो खाद की बोरी से 10 किलो खाद की चोरी कर लेंगे। अखिलेश ने कहा कि छठवें चरण में भाजपा के पसीने छूट गए हैं और सातवें चरण में सत्ताधारी दल का सात समंदर पार जाना तय है। उन्होंने वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा रोडशो में भगवा टोपी पहनने पर कटाक्ष करते हुए कहा, "ये भाजपा के लोग हमारी टोपी को बदनाम करते थे, अब जनता ने उन्हें टोपी पहनने के लिए मजबूर कर दिया। ये अलग बात है कि उन्होंने रंग बदलकर टोपी पहनी है। ये रंग बदलने वाले लोग हैं।"

अखिलेश ने योगी पर जमकर भी तंज भरे तीर चलाये। उन्होंने कहा, "जिन्हें गोरखपुर जाना है ,उन्होंने अपनी टिकट बुक करा ली है। हम परिवार वाले लोग उनको राय दे रहे हैं, जब घर जाएं तो 'गुल्लू' के लिए बिस्कुट ले जाएं। इस बार सांड ने भाजपा का वोट चर लिया है।" सपा अध्यक्ष ने कहा कि ये संविधान और उत्तर प्रदेश के भविष्य काे बचाने का चुनाव है। यह चुनाव देश की राजनीति की दिशा को तय करेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में 11 लाख पद खाली है। सत्ता में आने पर भर्ती निकाली जाएगी। सरकार बनेगी तो 24 घंटे बिजली दी जाएगी और 300 यूनिट फ्री बिजली दी जाएगी। किसानों की सिंचाई माफ होगी, नौकरी और रोजगार के अवसर मिलेंगे।

डकैती मामलें में 3 लोगों को गिरफ्तार करने का दावा

डकैती मामलें में 3 लोगों को गिरफ्तार करने का दावा   

अश्वनी उपाध्याय     

गाज़ियाबाद। जनपद पुलिस ने बिल्डर निखिल भाटी के नेहरू नगर स्थित घर में हुई डकैती के मामलें में तीन लोगों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस का कहना है कि 22 फरवरी को हुई इस घटना में रोहतक के राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) की बेटी व बेटे सहित 6 लोग शामिल हैं। जिनमें से 3 अभियुक्त अभी भी फरार हैं। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस व 29 हजार रुपये भी बरामद किए हैं।

पत्रकारों को मामले की जानकारी देते हुए एसपी सिटी प्रथम निपुण अग्रवाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित रोहतक के सापला थाना क्षेत्र में अटायल गांव निवासी ज्योति उर्फ सुचारिता, उसका भाई रविदत्त व विशाल हैं। जबकि उनके साथी अंकित, राहुल व विक्की फरार हैं। विक्की हत्या और राहुल चोरी के आरोप में रोहतक से जेल जा चुका है। ज्योति के पिता राज सिंह कानूनगो हैं। ज्योति पूर्व में दो साल निखिल के राकेश मार्ग स्थित मकान में किराये पर रही थी और फोन पर बातचीत करती रहती थी।

विवाह: वैदिक मंत्रों के साथ भगवान गणेश का आह्वान

विवाह: वैदिक मंत्रों के साथ भगवान गणेश का आह्वान  

नरेश राघानी        
उदयपुर। नारायण सेवा संस्थान में शनिवार को गणपति स्थापना व हल्दी की पारम्परिक रस्म अदायगी के साथ 37वें दिव्यांग एवं निर्धन सामूहिक विवाह की धूम शुरू हुई। संस्थापक कैलाश ‘मानव’, कमला देवी अग्रवाल, अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल, वंदना अग्रवाल, देवेन्द्र चौबीसा, पलक अग्रवाल ने वैदिक मंत्रों के साथ भगवान गणेश का आह्वान व पूजन किया।
संस्थान अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि वैदिक संस्कृति के रीति-रिवाजों में विवाह संस्कार से पूर्व विनायक स्थापना, हल्दी, मेहन्दी एवं महिला संगीत जैसी रस्में निभाना शुभ एवं सगुनभरी मानी गई है। जिसके चलते पीले परिधानों में सजे-धजे दिव्यांग एवं निर्धन जोड़ों की सुखमयी गृह-गृहस्थी बसानें के लिए उनके हाथों से गणपति पूजन करवाकर उन्हें हल्दी का उबटन लगाया गया। 
हल्दी समारोह में 21 जोड़ों की हल्दी रस्म अदायगी की गयी। ऐसा कहा जाता है कि गणेश जी को चढ़ने वाली दूर्वा से झुक-नम कर जीवन जीना तथा हल्दी से सौदर्यवान बनें रहने का आशीर्वाद-प्रेरणा मिलती है।
हल्दी की रस्म में आकर्षण का केन्द्र रहा नीमच निवासी मोहन ओर नागौर निवासी पूजा नाम का जोड़ा। जो नेत्रहीन है। पिछले तीन वर्ष से निर्धनता एवं दिव्यांगता के ग्रहण के चलते विवाह नहीं कर पा रहे थे। शादी के बंधन में बंधने से पूर्व खुशी जाहिर करते हुए कहा हमारी हमसफर बन मन की आंखों से दुनिया देखने की जिद थी जो नारायण सेवा संस्थान के प्रयास से पूरी हो रही है।

यूके: 24 घंटे में कोरोना के 48 नए मामलें मिलें

यूके: 24 घंटे में कोरोना के 48 नए मामलें मिलें         

पंकज कपूर      

देहरादून। उत्तराखंड में वैश्विक महामारी कोविड-19 संक्रमण का प्रकोप अब तेजी के साथ घटने लगा है। राज्य में कोरोना वायरस मामलों में निरंतर कमी आ रही है, लेकिन खतरा अभी टला नहीं है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के सभी 13 जनपदों में कोरोना वायरस के कुल 48 नये मामले सामने आए है। वहीं, राहत की बात है कि शनिवार को किसी भी कोरोना मरीज की मौत नहीं हुई।

शनिवार को उत्तराखंड स्टेट कंट्रोल रूम देहरादून द्वारा जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना के कुल 48 नए मामलें सामने आए है। जबकि राज्य में 40 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हुए। वही, दैनिक पॉजिटिविटी रेट की बात करें तो 0.71 फ़ीसदी पर पहुंच गई है।

'महाराष्ट्र पैटर्न' को राज्य गोवा में दोहराया गया: राउत

'महाराष्ट्र पैटर्न' को राज्य गोवा में दोहराया गया: राउत   

कविता गर्ग     

मुंबई। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फडणवीस पर परोक्ष रूप से हमला करते हुए शिवसेना सांसद संजय राउत ने शनिवार को कहा कि राजनीतिक विरोधियों के फोन अवैध रूप से टैप करने के “महाराष्ट्र पैटर्न” को अब पड़ोसी राज्य गोवा में दोहराया जा रहा है। जहाँ अगले सप्ताह विधानसभा चुनाव के नतीजों की घोषणा की जानी है। राउत ने यहां संवाददाताओं से कहा कि ऐसा ही ‘पैटर्न’ उत्तर प्रदेश में भी काम कर रहा होगा जहां 10 मार्च को मतगणना होनी है। उन्होंने कहा कि फोन टैप करने का डर गोवा के एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता द्वारा व्यक्त किया गया था जिससे वह हाल में मिले थे।

राउत ने कहा कि, मैं गोवा कांग्रेस के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिगंबर कामत से मिला था जिन्होंने इसकी आशंका जताई थी कि उनका फोन टैप किया जा रहा था। मैं कहता हूं कि केवल उनका (कामत) ही नहीं बल्कि एमजीपी नेता सुदिन धवलीकर और गोवा फॉरवर्ड पार्टी (एफजीपी) के विजय सरदेसाई के फोन भी टैप किये जा रहे हैं। महाराष्ट्रवादी गोमंतक पार्टी (एमजीपी) ने तृणमूल कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ा है। जीएफपी ने कांग्रेस के साथ गठजोड़ किया है। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का नाम लिए बिना राउत ने आरोप लगाया, “महाराष्ट्र में राजनीतिक विरोधियों के फोन टैप करने की शुरुआत दो साल पहले 2019 विधानसभा चुनाव के बाद हुई थी। इसमें (फोन टैपिंग) शामिल एक महिला अधिकारी के विरुद्ध दो प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस महाराष्ट्र पैटर्न का मुखिया गोवा चुनाव का प्रभारी भी था। राउत ने दावा किया कि अगर गोवा में किसी को बहुमत नहीं मिलता है तो केंद्रीय जांच एजेंसियों का ध्यान गोवा पर केंद्रित होगा। उन्होंने कहा, “हम सब ध्यान रख रहे हैं। मैंने दिगंबर कामत से बात की और उनके साथ एकजुटता प्रदर्शित की।

चुनाव: भाजपा की सांसद का बेटा, सपा में शामिल

चुनाव: भाजपा की सांसद का बेटा, सपा में शामिल    

संदीप मिश्र       

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के आखिरी चरण से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद रीता बहुगुणा जोशी के बेटे मयंक जोशी शनिवार को समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आजमगढ़ में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, “भारतीय जनता पार्टी की सांसद रीता बहुगुणा जोशी के बेटे मयंक जोशी आज समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। इससे पहले जनवरी में रीता बहुगुणा जोशी ने लखनऊ छावनी सीट से यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में अपने बेटे के लिए भाजपा से टिकट मांगा था। रीता बहुगुणा जोशी ने यह भी कहा था कि अगर उनके बेटे को लखनऊ कैंट सीट से टिकट नहीं मिला तो वह अपनी लोकसभा सदस्यता छोड़ देंगी। लेकिन जब उनके बेटे को टिकट नहीं दिया गया तो उन्होंने कहा कि वह “पार्टी के फैसले का सम्मान करती हैं।”

रीता बहुगुणा जोशी ने 2017 का चुनाव लड़ा था और लखनऊ छावनी से तत्कालीन सपा उम्मीदवार अपर्णा यादव को हराया था। उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों के लिए सात चरणों में मतदान 10 फरवरी से जारी है। उत्तर प्रदेश में छह चरणों में 10, 14, 20, 23, 27 फरवरी और 3 मार्च को मतदान हुआ था और सातवें चरण का मतदान 7 मार्च को होगा। मतों की गिनती 10 मार्च को होगी।

चेन्नई सुपर किंग्स ने ग्लीसन को टीम में शामिल किया

चेन्नई सुपर किंग्स ने ग्लीसन को टीम में शामिल किया  इकबाल अंसारी  चेन्नई। देश में इन दिनों आईपीएल की धूम मची हुई है। गत चैम्पियन चेन्नई सुपर...