बुधवार, 4 अगस्त 2021

कृष्णा जल विवाद का निपटारा, रास्ता बंद हुआ

अमरावती। आंध्रप्रदेश और तेलंगाना के बीच कृष्णा जल विवाद का निपटारा मध्यस्थता के जरिये होने का रास्ता बुधवार को बंद हो गया। अब इस मामले की सुनवाई कानूनी तौर पर होगी, जिसमें मुख्य न्यायाधीश एन वी रमन शामिल नहीं होंगे। न्यायमूर्ति रमन ने दोनों राज्यों के बीच कृष्णा जल विवाद की सुनवाई से खुद को अलग कर लिया, क्योंकि दोनों राज्यों की ओर से पेश वकीलों ने शीर्ष अदालत को बताया कि इस मामले का निपटारा मध्यस्थता के जरिये संभव नहीं है और वे कानूनी तौर पर इसका निपटारा चाहते हैं।
दोनों राज्यों के वकीलों ने मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली खंडपीठ को बताया कि संबंधित राज्य सरकारें मामले का कानूनी हल चाहती हैं। इसके बाद न्यायमूर्ति रमन ने कहा कि फिर वह कानूनी मामले की सुनवाई से खुद को अलग करते हैं।
न्यायमूर्ति रमन ने पिछली सुनवाई को कहा था कि वह कानूनी मुद्दों पर मामले की सुनवाई नहीं कर सकते, बल्कि वह दोनों राज्यों के बीच मध्यस्थता कराने की व्यवस्था कर सकते हैं। इसके लिए दोनों राज्यों के वकील को अपनी सरकारों से निर्देश लेने के लिए कहा गया था। उन्होंने कहा था, “मैं दोनों राज्यों (अविभाजित आंध्र प्रदेश) से हूं। मुझे कानूनी मुद्दों को सुनने में कोई दिलचस्पी नहीं है, लेकिन अगर दोनों राज्य मध्यस्थता के लिए सहमत होते हैं तो वह मदद कर सकते हैं।” अब दूसरी पीठ इस मामले की सुनवाई करेगी।

आंध्र प्रदेश सरकार ने पीने और सिंच़ाई के लिए आवश्यक कृष्णा नदी का पानी रोकने का तेलंगाना पर आरोप लगाया था। याचिका में आरोप लगाया गया था कि तेलंगाना उन्हें पीने और सिंचाई के उद्देश्यों के लिए कृष्णा नदी के पानी के उनके वैध हिस्से से वंचित कर रहा है।

सुरंग को यातायात परीक्षण के लिए खोला: गडकरी

अकांशु उपाध्याय              
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को कहा कि काजीगुंड और बनिहाल के बीच 8.5 किलोमीटर सुरंग को यातायात परीक्षण के लिए खोल दिया गया है। इस सुरंग से जम्मू और श्रीनगर के बीच यात्रा के समय में लगभग 1.5 घंटे और दूरी में 16 किलोमीटर की कमी होगी। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री ने एक ट्वीट में कहा कि समुद्र तल से 5,800 फीट की ऊंचाई पर बनी यह सुरंग जवाहर सुरंग की जगह लेगी और हर मौसम में संपर्क प्रदान करेगी।उन्होंने ट्वीट किया, ”काजीगुंड और बनिहाल के बीच 8.5 किलोमीटर लंबी सुरंग का काम पूरा हो चुका है और परीक्षण के लिए यातायात को खोला गया है।” गडकरी ने कहा कि इससे जम्मू और श्रीनगर के बीच यात्रा के समय में लगभग 1.5 घंटे और दूरी में 16 किलोमीटर की कमी होगी।

लोकसभा ने 8 दिवंगत पूर्व सदस्यों को श्रद्धांजलि दी

अकांशु उपाध्याय               
नई दिल्ली। लोकसभा ने बुधवार को अपने आठ दिवंगत पूर्व सदस्यों को श्रद्धांजलि दी। जिनका पिछले दिनों निधन हो गया। सदन की बैठक शुरू होने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने लोकसभा के आठ पूर्व सदस्यों के निधन की जानकारी दी। सभा ने दिवंगत पूर्व सदस्यों के सम्मान में कुछ पल का मौन रखा।
बिरला ने अविभाजित मध्य प्रदेश के बिलासपुर से आठवीं और दसवीं लोकसभा के सदस्य रहे खेलन राम जांगड़े, उत्तर प्रदेश के खलीलाबाद से 11वीं लोकसभा के सदस्य रहे सुरेंद्र यादव, महाराष्ट्र के दहानू से सातवीं, आठवीं, नौवीं, दसवीं और 14वीं लोकसभा के सदस्य रहे दामोदर बरकू शिंगदा तथा दमन दीव से 13वीं और 14वीं लोकसभा के सदस्य रहे दहियाभाई वल्लभभाई पटेल के निधन की जानकारी सदन को दी।
लोकसभा अध्यक्ष ने मध्य प्रदेश के दमोह से 15वीं लोकसभा के सदस्य रहे शिवराज सिंह लोधी, कर्नाटक के बेलगाम से 12वीं लोकसभा के सदस्य रहे बाबा गौड़ा पाटिल, कर्नाटक के मांड्या से नौवीं तथा दसवीं लोकसभा के सदस्य रहे जी मांडे गौड़ा और राजस्थान के जालौर से 11वीं लोकसभा के सदस्य रहे परसराम मेघवाल के निधन की जानकारी भी सदन को दी। सदन ने कुछ पल मौन रहकर दिवंगत पूर्व सदस्यों को श्रद्धांजलि दी।

उपराष्ट्रपति ने कार्यान्वयन की जरुरत पर बल दिया

अकांशु उपाध्याय          
नई दिल्ली। उप राष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम में हालिया संशोधन का स्वागत करते हुए जमीनी स्तर पर इसके प्रभावी कार्यान्वयन की आवश्यकता पर बल दिया है। वेंकैया नायडू ने बुधवार को केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी से भेंट के दौरान कहा कि यह एक बेहतर कानून है। जिससे अनाथ बच्चों की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिला सुनिश्चित किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि इस कानून को प्रभावी तरीके से लागू किया जाना चाहिए जिससे अनाथ बच्चों को शोषण से बचाया जा सके। स्मृति ईरानी ने उप-राष्ट्रपति निवास पर वेंकैया नायडू से भेंट की। उपराष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें अनाथ बच्चों से संबंधित मुद्दों पर कई पत्र प्राप्त हुए हैं।
केंद्रीय मंत्री ने उप राष्ट्रपति को किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल और संरक्षण (संशोधन) विधेयक, 2021 की मुख्य विशेषताओं से अवगत कराया। इसे हाल ही में राज्यसभा ने पारित किया है। स्मृति ईरानी ने उपराष्ट्रपति को यह भी बताया कि हालिया संशोधन जिलाधिकारियों और अतिरिक्त जिलाधिकारियों को गोद लेने की प्रक्रिया में तेजी लाने और अनाथ बच्चों को अधिक सुरक्षा सुनिश्चित करने का अधिकार देता है।
उन्होंने अनाथों के कल्याण के लिए राज्यों के साथ साझेदारी में केंद्र के पुनर्वास उपायों सहित विभिन्न कदमों का भी उल्लेख किया। नायडू ने कहा कि अनाथ बच्चों की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करना समाज और सरकार की सामूहिक जिम्मेदारी है। हाल में ही, अनाथ बच्चों के एक समूह ने उप-राष्ट्रपति निवास में उनसे मुलाकात की।

प्लास्टिक के धागे का इस्तेमाल करने पर रोक लगाईं

श्रीनगर। जम्मू प्रशासन पतंगबाजी के मौसम के मद्देनजर निवारक उपाय के तहत नायलॉन और प्लास्टिक के धागे का इस्तेमाल करने पर रोक लगा दी है। जिलाधिकारी की ओर से जारी आदेश के अनुसार पतंगबाजी का त्योहार या पतंगबाजी का मौसम चल रहा है। यह कुछ समय और चलेगा। इस दौरान देखा गया है। लोग पतंगबाजी के लिए प्लास्टिक या नायलॉन के धागों का इस्तेमाल कर रहे हैं, जो कुछ समय तक चलता रहेगा। यह देखा गया है कि पतंगबाजी के लिए प्लास्टिक या नायलॉन (मांजा) के धागों का प्रयोग किया जा रहा है। यह एसआरओ 126 का उल्लंघन है।
आदेश में कहा गया,“ प्लास्टिक और नायलॉन स्ट्रिंग्स (मांजा) की खरीद, रखने, बिक्री और उपयोग पर प्रतिबंध लगाया गया है। पिछली रिपोर्ट और घटनाओं से साफ हो गया है कि पारंपरिक पतंग उड़ाने वाले सूती धागे के बजाय इन धागों का उपयोग पक्षियों और मानव जीवन के लिए खतरा है।” आदेश में कहा गया है कि यह कदम बच्चों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। साथ ही पक्षियों के लिए उत्पन्न खतरों को भी रोकना है।
जम्मू के जिलाधिकारी अंशुल गर्ग ने अपराध संहिता की धारा 144 के तहत प्राप्त कार्यकारी शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए आदेश जारी किया है कि पतंगबाजी में प्लास्टिक/नायलॉन या आयातित/स्वदेशी सिंथेटिक सामग्री की बिक्री या उपयोग जम्मू क्षेत्र में तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित रहेगी। आदेश में कहा गया,“ यदि कोई व्यक्ति इस आदेश का उल्लंघन करेगा, तो वह दंड का भागी होगा।

ऐप बनाने वाला उत्तराखंड पहला राज्य बना: सीएम

पंकज कपूर                
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड भूकंप एलर्ट ऐप लांच किया है। आपको बता दे कि ऐसा ऐप बनाने वाला उत्तराखंड पहला राज्य बन गया है। ये ऐप उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, आपदा प्रबंधन विभाग और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, रूड़की द्वारा विकसित किया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में मोबाइल ऐप्लीकेशन ‘‘उत्तराखंड भूकंप अलर्ट’’ ऐप का शुभारंभ किया। उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, आपदा प्रबंधन विभाग एवं भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, रूड़की के सौजन्य से बनाये गए इस ऐप के माध्यम से लोगों को भूकंप से पूर्व चेतावनी मिल जायेगी।उत्तराखंड यह ऐप बनाने वाला पहला राज्य है। इससे जन सुरक्षा में मदद मिलेगी। इस ऐप के माध्यम से भूकंप के दौरान लोगों की लोकेशन भी प्राप्त की जा सकती है। भूकंप अलर्ट के माध्यम से भूकंप से क्षतिग्रस्त संरचनाओं में फंसे होने पर सूचना दी जा सकती है। उत्तराखंड भूकंप अलर्ट ऐप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता हैं। 
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील राज्य है। इस ऐप के माध्यम से लोगों को भूकंप पूर्व चेतावनी मिल सके, इसके लिए इस ऐप की लोगों को जानकारी दी जाए। विभिन्न माध्यमों से व्यापक स्तर पर इसका प्रचार प्रसार किया जाय। आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा इसकी लघु फिल्म बनाकर जन-जन तक पहुंचाया जाए। स्कूलों में भी बच्चों को लघु फिल्म के माध्यम से इस ऐप के बारे में जानकारी दी जाए।

राज्यसभा की बैठक शुरू होने के करीब स्थगित की

अकांशु उपाध्याय                     
नई दिल्ली। पेगासस जासूसी विवाद सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की मांग को लेकर अड़े विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण बुधवार को राज्यसभा की बैठक शुरू होने के करीब 15 मिनट बाद ही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। बैठक शुरू होने पर सभापति एम वेंकैया नायडू ने आवश्यक दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाए।
उन्होंने कार्य मंत्रणा समिति की कल हुयी बैठक में कुछ विधेयकों पर चर्चा और उन्हें पारित करने के लिए समय तय किए जाने के बारे में सदन को सूचित किया।उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी के रामगोपाल वर्मा और विश्वंभर प्रसाद निषाद तथा डॉक्टर वी शिवदासन की ओर से नियम 267 के तहत किसान आंदोलन के मुद्दे पर चर्चा के लिए नोटिस मिले हैं। उन्होंने इस मुद्दे को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इस पर अन्य नियम के तहत चर्चा की अनुमति दी जाती है।सभापति ने कहा कि कांग्रेस के मल्लिकार्जुन खड़गे, के सी वेणुगोपाल, तृणमूल कांग्रेस के सुखेंदु शेखर राय, वाम सदस्यों विनय विश्वम तथा इलामारम करीम की ओर से भी विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के लिए नियम 267 के तहत नोटिस मिले हैं जिन्हें स्वीकार नहीं किया गया है। नायडू के इतना कहते ही कुछ विपक्षी दलों के सदस्य आसन के समक्ष आ गए और अपने अपने मुद्दों पर चर्चा की मांग करते हुए हंगामा करने लगे। सभापति ने सदस्यों से अपने स्थानों पर लौट जाने और कार्यवाही चलने देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि आर्थिक स्थिति, महंगाई और अन्य मुद्दों पर भी चर्चा के लिए सरकार तैयार है। हंगामा थमते न देख उन्होंने कहा कि जो सदस्य आसन के समक्ष आ गए हैं और तख्तियां दिखा रहे हैं उनके नाम नियम 255 के तहत प्रकाशित किए जाएंगे और उन्हें सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया जाएगा। इतने पर भी हंगामा नहीं थमा तब सभापति ने आसन के समक्ष तख्तियां ले कर हंगामा कर रहे सदस्यों से सदन से नियम 255 के तहत बाहर चले जाने को कहा।
उन्होंने राज्यसभा के महासचिव से इन सदस्यों के नाम देने को भी कहा। नायडू ने पुन: सदस्यों से अपने स्थानों पर लौट जाने की अपील की। सदन में व्यवस्था बनते न देख उन्होंने 11 बज कर करीब 15 मिनट पर बैठक दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
इससे पहले, बैठक शुरू होने पर जब सभापति की अनुमति से संसदीय कार्य राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने कार्यसूची में उल्लिखित विभिन्न मंत्रालयों के दस्तावेज सदन के पटल पर रखे तब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने व्यवस्था का प्रश्न उठाते हुए कहा कि मंत्रालयों के दस्तावेज संबंधित मंत्रियों द्वारा सदन के पटल पर रखे जाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि अपरिहार्य परिस्थितियों में ही, आसन की अनुमति से संसदीय कार्य राज्य मंत्री अन्य मंत्रियों के दस्तावेज पटल पर रख सकते हैं। शर्मा ने कहा कि जब मंत्री सदन में मौजूद हैं तब दस्तावेज उन्हें ही पटल पर रखना चाहिए। इस पर सभापति नायडू ने कहा कि कोविड-19 की वजह से उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने संसदीय कार्य राज्य मंत्री को विभिन्न मंत्रालयों के दस्तावेज पटल पर रखने की अनुमति दी थी।
पेगासस और अन्य मुद्दों को लेकर विपक्षी सदस्यों का हंगामा, लोकसभा की कार्यवाही बाधित
पेगासस जासूसी मामला और कुछ अन्य मुद्दों पर कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस तथा अन्य विपक्षी दलों के सदस्यों के हंगामे के कारण बुधवार को लोकसभा की कार्यवाही दो बार के स्थगन के बाद दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी। बैठक शुरू होने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन के आठ पूर्व सदस्यों के निधन की जानकारी दी और सदन ने उनके सम्मान में कुछ पल का मौन रखा।
इसके बाद अध्यक्ष बिरला ने प्रश्नकाल शुरू कराया। इसी दौरान कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस समेत अन्य कुछ विपक्षी दलों के सदस्य पेगासस जासूसी मामले पर सदन में चर्चा कराने की मांग को लेकर आसन के समीप नारेबाजी करने लगे। शोर-शराबे के बीच ही रेल राज्य मंत्री रावसाहेब पाटिल दानवे ने रुकी हुई रेल परियोजनाओं के संबंध में सदस्यों के पूरक प्रश्नों के उत्तर दिये।
आसन के समीप पोस्टर दिखा रहे विपक्षी सदस्यों से नाराजगी जताते हुए अध्यक्ष बिरला ने उनसे सदन की गरिमा बनाये रखने को कहा। उन्होंने कहा, ”यह तरीका ठीक नहीं है। यह बिल्कुल गलत है। आप संसद की मर्यादा और आसन का अपमान करने की कोशिश मत कीजिए।” अध्यक्ष ने विपक्षी सदस्यों की नारेबाजी नहीं थमने पर कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही मिनट बाद 11:30 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
एक बार के स्थगन के बाद 11:30 बजे कार्यवाही पुन: शुरू होने पर भी हंगामा जारी रहा और विपक्षी सदस्य आसन के समीप आकर पहले की तरह ही नारेबाजी करने लगे। विपक्षी सदस्यों ने ‘प्रधानमंत्री सदन में आओ’, ‘खेला होबे’ और ‘जासूसी बंद करो’ के नारे लगाए। पीठासीन सभापति राजेंद्र अग्रवाल ने हंगामा कर रहे सदस्यों से कहा, ”आप ऐसा कुछ मत कीजिए जिससे आसन को कार्रवाई करनी पड़े। यह अस्वीकार्य है।

स्वास्थ्य विभाग ने पूरे राज्य में निगरानी को बढ़ाया

मिनाक्षी लोढी                            
कोलकाता। कोविड-19 रोधी टीके की दोनों खुराक लेने के बाद भी लोगों के संक्रमित होने की खबरों के बीच पश्चिम बंगाल स्वास्थ्य विभाग ने पूरे राज्य में निगरानी को बढ़ाने और ऐसे लोगों के जीनोम अनुक्रमण का निर्णय किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि विभाग ऐसे मरीजों के जीनोम अनुक्रमण की योजना बना रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या उनके कोरोना वायरस ‘स्ट्रेन’ में कोई आनुवंशिक बदलाव हुआ है। 
अधिकारी के अनुसार, इस तरह के अनुक्रमण का निर्णय वैश्विक महामारी की संभावित तीसरी लहर के बारे में विशेषज्ञों की चेतावनियों को ध्यान में रखते हुए किया गया। अधिकारी ने कहा, ” जीनोम अनुक्रमण परीक्षण उन लोगों पर किया जाना चाहिए, जो पूरी तरह से टीकाकरण के बाद भी संक्रमण की चपेट में आ गए।
प्राथमिक उद्देश्य यह पता लगाने का है कि क्या टीके ने वायरस के खिलाफ काम किया है या यह उत्परिवर्तित हो गया है।” उन्होंने बताया कि राज्य के उत्तरी जिलों में जिला प्रशासन ने जीनोम अनुक्रमण करने का निर्णय किया है, जहां पूर्ण टीकाकरण के बाद लोगों के संक्रमित होने के मामले सामने आए हैं।

भुगतान: ऑटोपे सुविधा के शुभारंभ की घोषणा की

अकांशु उपाध्याय            
नई दिल्ली। डिजिटल भुगतान कंपनी फोनपे ने आज अपने म्यूचुअल फंड निवेश ऑफर के लिए यूपीआई आधारित ऑटोपे सुविधा के शुभारंभ की घोषणा की।
कंपनी ने यहां जारी बयान मे कहा कि यह ग्राहकों को कुछ ही सेकंड में अपने म्यूचुअल फंड एसआईपी सेट-अप करने की अनुमति देगा और इस वजह से फोनपे देश में इस सुविधा को पेश करने वाला पहला डिजिटल निवेश मंच बनता है।यूपीआई ऑटोपे के साथ, फोनपे ग्राहक अपने एसआईपी को केवल 3 चरणों में सेट कर सकते हैं। फंड का चयन करें, मासिक एसआईपी निवेश राशि इनपुट करें, और यूपीआई पिन के साथ प्रमाणित करें जो इसे पूरे भारत में लाखों उपयोगकर्ताओं के लिए अपनी तरह का पहला अनुभव बनाता है। यह फोनपे के लक्ष्य को भी आगे बढ़ाता है ताकि ग्राहकों की पसंद के निवेश पोर्टफोलियो के निर्माण में उनकी जरूरतों को पूरा करते हुए एंड-टू-एंड ग्राहक अनुभव को ध्यान में रखते हुए बढ़ाया जा सके।
फोनपे ऐप पर सभी मौजूदा और नए निवेशकों के लिए यूपीआई ऑटोपे विकल्प के माध्यम से एसआईपी उपलब्ध है।

सीएम को कोई बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है: यूके

पंकज कपूर                         
देहरादून। सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को पार्टी में कोई बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक बीजेपी हाईकमान ने त्रिवेन्द्र सिंह रावत के सियासी तजुर्बे का इस्तेमाल संगठन में करने की तैयारी में है अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उन्हें बतौर चुनाव प्रभारी उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी जा सकती है।
वही श्री त्रिवेंद्र पहले भी उत्तर प्रदेश में चुनाव सह प्रभारी की भूमिका निभा चुके है। आपको बता दें कि सोमवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद इस तरह की चर्चाओं को बल मिला है। मार्च 2017 में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री बने त्रिवेंद्र सिंह रावत को इसी मार्च में अपना चार साल का कार्यकाल पूर्ण होने से कुछ ही दिन पहले पद छोड़ना पड़ा था। इसके बाद से ही माना जा रहा था कि भाजपा उनका उपयोग केंद्रीय संगठन में कर सकती है। वहीं इस मामले में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के अनुभव का पार्टी को जरूर लाभ मिलेगा।

नीरज ने टोक्यो ओलंपिक अभियान का आगाज किया

टोक्यो। एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता भारतीय भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा ने अपने टोक्यो ओलंपिक अभियान का शानदार आगाज किया है।
उन्होंने यहां बुधवार को क्वालीफिकेशन राउंड में अपने पहले प्रयास में 86.65 मीटर के थ्रो के साथ सीधे क्वालीफिकेशन से पुरुषों के भाला फेंक फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। उल्लेखनीय है कि फाइनल के लिए सीधे क्वालीफाई करने के लिए योग्यता चिन्ह 83.50 रखा गया।

डॉक्टर की हत्या की घटना पर निशाना साधा: यूपी

अकांशु उपाध्याय               
नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में एक डॉक्टर की हत्या की घटना को लेकर बुधवार को राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था का बुरा हाल है। लेकिन सरकार झूठे प्रचार के अलावा कुछ नहीं कर रही है।
उन्होंने ट्वीट किया, ”सीतापुर में एक डॉक्टर को उसके क्लिनिक में घुसकर अपराधियों ने उसे तलवार से काट दिया। ऐसी घटनाओं से प्रदेशवासियों के मन में भय पैदा हो रहा है। आम लोगों की सुरक्षा व्यवस्था का इतना बुरा हाल और सरकार झूठे प्रचार के सिवा कुछ कर ही नहीं रही है।”
सीतापुर जिले के हरगांव थाना क्षेत्र के मुंद्रासन में मंगलवार को एक डॉक्टर की उसके क्लीनिक में ही धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और इस संबंध में मामला दर्ज किया गया है।
सीतापुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) आरपी सिंह ने बताया कि गांव में अपने घर से क्लिनिक चलाने वाले बीएएमएस डॉक्टर मुनेंद्र प्रताप वर्मा (45) पर आरोपी अच्छे लाल वर्मा ने कई बार धारदार हथियार से हमला किया। अपने बेटे को बचाने में मौके पर मौजूद डॉक्टर के पिता को भी चोटें आईं हैं।

चिकित्सक की हत्या की घटना पर गहरा रोष जताया

अकांशु उपाध्याय       
नई दिल्ली। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने सीतापुर में दिनदहाड़े क्लीनिक में घुसकर तलवार से काटकर की गई चिकित्सक की हत्या की घटना पर गहरा रोष जताते हुए कहा है कि उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार सिवाय झूठे प्रचार के और कुछ नहीं कर रही है। कानून व्यवस्था को लेकर सूबे में पूरी तरह से जंगलराज व्याप्त है और प्रधानमंत्री व गृहमंत्री योगी सरकार को बेहतर कानून व्यवस्था का सर्टिफिकेट बांटकर जा रहे है।
बुधवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने ट्विटर हैंडल पर ट्वीट करते हुए मंगलवार को सीतापुर में दिनदहाड़े क्लीनिक में घुसकर चिकित्सक की तलवार से काट कर की गई हत्या की वारदात को उत्तर प्रदेश में जंगलराज की एक जीती जागती तस्वीर और मिसाल बताया है। उन्होंने कहा है कि उत्तर प्रदेश में व्याप्त जंगलराज की वजह से प्रदेशवासियों के मन में बदमाशों का भय पैदा हो रहा है। 
आम लोगों की सुरक्षा व्यवस्था का इतना बुरा हाल है कि बदमाश और हत्यारे दिनदहाड़े क्लीनिक में घुसकर दूसरों की जान बचाने वाले चिकित्सकों तक की तलवार से काटकर हत्या करने से गुरेज नहीं कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि बदमाश खुलेआम घूम रहे हैं जिससे प्रदेश में जंगलराज व्याप्त है और इसके बावजूद प्रधानमंत्री और गृहमंत्री योगी सरकार को बेहतर कानून व्यवस्था का सर्टिफिकेट देकर जा रहे है।

हरी चटनी के साथ गर्मा-गर्म टिक्की खाने का मजा

रायपुर। हरी चटनी के साथ गर्मा-गर्म टिक्की खाने का मजा ही अलग होता है। इसे घर पर भी आसानी से बनाया जा सकता है। आज हम आपको आलू और मूंगफली की टिक्की बनाने का तरीका बताने जा रहे हैं।
आलू (उबले हुए) - 2
पनीर - 200 ग्राम
मूंगफली (भुनी हुई) - 1 बड़े चम्मच
हरी मिर्च (बारीक कटी हुई) - 2
कॉर्न फ्लोर - 1 चम्मच
लाल मिर्च पाउडर - 1/4 चम्मच
धनिया पाउडर - 1/2 चम्मच
नमक - स्वादानुसार
तेल - जरूरत के अनुसार
विधि
इसे बनाने के लिए आप सबसे पहले एक कटोरी में उबले हुए आलू और पनीर को एकसाथ क्रश करके मिलाएं।
फिर अब थोड़ी भुनी हुई मूंगफली टुकड़े कर और थोड़ी दरदरा पीसकर मिक्सचर में मिला लें।
तैयार मिक्सचर में हरी मिर्च, कॉर्न फ्लोर, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और नमक मिक्स करें।
मिक्सचर का थोड़ा-थोड़ा हिस्सा हाथ में लेकर इसकी टिक्कियां बनाएं।
फिर मीडियम गैस पर तवा गरम करके धीमी गैस पर टिक्कियों को गोल्डन ब्राउन होने तक दोनों तरफ से सेंकें।
आलू मूंगफली टिक्की तैयार है। इसे आप हरी चटनी के साथ सर्व करें।

सुरमेनेली के खिलाफ शिकस्त के साथ संतोष किया

टोक्यो। भारत की स्टार मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन को बुधवार को यहां महिला वेल्टरवेट वर्ग (69 किग्रा) के सेमीफाइनल में तुर्की की मौजूदा विश्व चैंपियन बुसेनाज सुरमेनेली के खिलाफ शिकस्त के साथ कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। ओलंपिक में पदार्पण कर रही विश्व चैंपियनशिप की दो बार की कांस्य पदक विजेता लवलीना के खिलाफ बुसेनाज ने शुरुआत से ही दबदबा बनाया और सर्वसम्मति से 5-0 से जीत दर्ज करने में सफल रही।
टोक्यो खेलों में यह भारत का तीसरा पदक है। इससे पहले भारोत्तोलन में मीराबाई चानू ने रजत जबकि बैडमिंटन में पीवी सिंधू ने कांस्य पदक जीता। लवलीना का पदक पिछले नौ वर्षों में भारत का ओलंपिक मुक्केबाजी में पहला पदक है। लवलीना ओलंपिक मुक्केबाजी प्रतियोगिता फाइनल में जगह बनाने वाली पहली भारतीय मुक्केबाज बनने के लिए चुनौती पेश कर रही थी। लेकिन विश्व चैंपियन बुसेनाज ने उनका सपना तोड़ दिया।
भारतीय मुक्केबाज के पास तुर्की की खिलाड़ी के दमदार मुक्कों और तेजी का कोई जवाब नहीं था। इस बीच हड़बड़ाहट में भी लवलीना ने गलतियां की। क्वार्टर फाइनल में लवलीना हालांकि चीनी ताइपै की पूर्व विश्व चैंपियन नीन चिन चेन को हराकर पहले ही पदक पक्का कर चुकी थी। असम की 23 वर्षीय लवलीना ने विजेंदर सिंह (बीजिंग 2008) और एमसी मैरीकोम (लंदन 2012) की बराबरी की।
विजेंदर और मैरीकोम दोनों ने कांस्य पदक जीते थे। तुर्की की मुक्केबाज 2019 चैंपियनशिप में विजेता रही थी जबकि उस प्रतियोगिता में लवलीना को कांस्य पदक मिला था। तब इन दोनों के बीच मुकाबला नहीं हुआ था।

अन्न योजना के लाभार्थियों से संवाद करेंगे पीएम

अकांशु उपाध्याय                              
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश के प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के लाभार्थियों से संवाद करेंगे। यह जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय ने बुधवार को दी। वीडियो कान्फ्रेंस से आयोजित इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश पांच अगस्त को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना दिवस मना रहा है।
इस अवसर पर पूरे राज्य में बड़े पैमाने पर जागरूकता कार्यक्रम चलाया जायेगा। ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि योजना का लाभ उठाने में कोई लाभार्थी पीछे न छूट जाये।
राज्य के लगभग 15 करोड़ लाभार्थियों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के जरिये निशुल्क राशन मिल रहा है। राज्य में लगभग 80 हजार उचित मूल्य की दुकानें योजना के तहत लाभार्थियों को अनाज उपलब्ध करा रही हैं।

प्रभावित क्षेत्रों का हवाई दौरा करेंगे सीएम शिवराज

मनोज सिंह ठाकुर             
भोपाल। मध्यप्रदेश के ग्वालियर चंबल अंचल के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सेना की मदद से राहत एवं बचाव कार्य दिनरात जारी हैं और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी आज प्रभावित क्षेत्रों का हवाई दौरा करेंगे। आधिकारिक सूत्रों के अनुसान इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से शिवराज सिंह चौहान ने दूरभाष पर चर्चा कर बाढ़ के ताजा हालातों की जानकारी दी। उन्होंने सरकार की ओर से किए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों के बारे में भी अमित शाह को जानकारी दी। 
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लोगों को बचाने में केंद्र सरकार की ओर से मिले सहयोग के लिए अमित शाह को धन्यवाद दिया। अमित शाह ने शिवराज चौहान को आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार मध्यप्रदेश के साथ है और लोगों को बचाने में जो भी संसाधन या मदद की जरूरत होगी। सरकार मुहैया कराएगी। इस बीच शिवराज चौहान रात्रि साढ़े दस बजे भी यहां राज्य मंत्रालय स्थित राज्य सिचुएशन रूम पहुंचे और ग्वालियर चंबल अंचल के अधिकारियों से चर्चा की राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी ली।
शिवराज चौहान आज दिन में वायुयान से ग्वालियर जाएंगे और वहां से हेलीकॉप्टर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई दौरा करेंगे। इसके पहले वे फिर से राज्य सिचुएशन रूम जाकर ताजा हालातों की जानकारी लेंगे। शिवपुरी, श्योपुर, दतिया, ग्वालियर, भिंड, मुरैना और गुना आदि जिलों में पिछले दो तीन दिनों से बाढ़ की स्थिति बनी हुयी है। कल रात तक दो हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। कुल 1171 गांव बाढ़ से प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है।
क्षेत्रों में अब भी कई ग्रामीण बाढ़ के पानी में फसे हैं। उन्हें बचाने के लिए सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस की मदद से राहत एवं बचाव कार्य रात भर चले। सुबह से वायुसेना के हेलीकॉप्टर की मदद से बचाव कार्य फिर प्रारंभ किए गए। हेलीकॉप्टर की मदद से पिछले दो दिनों से दर्जनों ग्रामीणों को बाढ़ वाले क्षेत्र से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। फिलहाल इन क्षेत्रों से जनहानि की सूचना नहीं है।

24 घंटे में कोरोना के 5,395 सक्रिय मामलें बढ़े

अकांशु उपाध्याय                        
नई दिल्ली। देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस (कोविड-19) के 5,395 सक्रिय मामले बढ़े है तथा 562 लोगों की मौत हुई है। इस बीच देश में मंगलवार को 62 लाख 53 हजार 741 लोगों को कोरोना के टीके लगाये गये तथा अब तक 48 करोड़ 52 लाख 86 हजार 570 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार 24 घंटों में कोरोना के 42,626 नये मामले सामने आने के साथ ही संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर तीन करोड़ 17 लाख 69 हजार 132 हो गया है। इस दौरान 36 हजार 668 मरीजों के स्वस्थ होने के बाद इस महामारी को मात देने वालों की कुल संख्या बढ़कर 3,09,33,022 हो गयी है।
सक्रिय मामले 5395 बढ़कर चार लाख 10 हजार 353 हो गये हैं। इसी अवधि में 562 मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर चार लाख 25 हजार 757 हो गया है। देश में सक्रिय मामलों की दर घटकर 1.29 फीसदी, रिकवरी दर बढ़कर 97.37 फीसदी और मृत्यु दर 1.34 फीसदी है। महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान सक्रिय मामले 971 घटकर 77729 रह गये हैं।
इसी दौरान राज्य में 6799 मरीजों के स्वस्थ हाेने के बाद कोरोनामुक्त होने वालों की तादाद बढ़कर 6110124 हो गयी है जबकि 177 मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 133215 हो गया है।

खेल: पहलवान ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई

टोक्यो। भारतीय पहलवान रवि दाहिया ने अपने ओलंपिक अभियान की मजबूत शुरुआत करते हुए बुधवार को यहां कोलंबिया के टिगरेरोस उरबानो आस्कर एडवर्डो को तकनीकी दक्षता के आधार पर हराकर पुरुष फ्रीस्टाइल 57 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। चौथे वरीय भारतीय पहलवान रवि ने लगातार विरोधी खिलाड़ी के दायें पैर पर हमला किया और पहले पीरियड में ‘टेक-डाउन’ से अंक गंवाने के बाद पूरे मुकाबले में दबदबा बनाए रखा।
गत एशियाई चैंपियन दाहिया ने उस समय 13-2 से जीत दर्ज की जबकि मुकाबले में एक मिनट और 10 सेकेंड का समय और बचा था। भारतीय पहलवान ने दूसरे पीरियड में पांच टेक-डाउन से अंक जुटाते हुए अपनी तकनीकी मजबूती दिखाई। दाहिया क्वार्टर फाइनल में बुल्गारिया के जॉर्जी वेलेंटिनोव वेंगेलोव से भिड़ेंगे जिन्होंने पहले दौर में अल्जीरिया के अब्देलहक खेरबाचे को तकनीकी दक्षता के आधार पर हराया।

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण 

1. अंक-354 (साल-02)
2. ब्रहस्पतिवार, जुलाई 5, 2021
3. शक-1984,सावन, कृष्ण-पक्ष, तिथि-एकादशी, विक्रमी सवंत-2078।
4. सूर्योदय प्रातः 05:44, सूर्यास्त 07:10।
5. न्‍यूनतम तापमान -20 डी.सै., अधिकतम-37+ डी.सै.। बरसात की संभावना बनी रहेंगी।
6.समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा। सभी पद अवैतनिक है।
7.स्वामी, प्रकाशक, संपादक राधेश्याम के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित। प्रकाशित समाचार, विज्ञापन एवं लेखोंं से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं हैं। पीआरबी एक्ट के अंतर्गत उत्तरदायी।
8.संपादकीय कार्यालय- 263 सरस्वती विहार, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102।
9.संपर्क एवं व्यावसायिक कार्यालय-डी-60,100 फुटा रोड बलराम नगर, लोनी,गाजियाबाद उ.प्र.-20110
http://www.universalexpress.page/
email:universalexpress.editor@gmail.com
संपर्क सूत्र :- +919350302745  
                     (सर्वाधिकार सुरक्षित)

कप्तान तेंदुलकर ने सोलर प्लांट का शुभारंभ किया

कप्तान तेंदुलकर ने सोलर प्लांट का शुभारंभ किया पंकज कपूर  रुद्रपुर। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और भारत रत्न से सम्मानित सचिन तेंदुलक...