शुक्रवार, 9 जुलाई 2021

कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की राज्यपाल से मुलाकात

मनोज सिंह ठाकुर                       
भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज राज्यपाल मंगूभाई छगनभाई पटेल से मुलाकात के बाद आरोप लगाया कि राज्य में अनुसूचित जाति, जनजाति समेत सभी वर्ग के लोग परेशान हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने सुबह राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात की। इसके बाद राजभवन के बाहर मीडिया से चर्चा में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि उन्होंने राज्यपाल को राज्य की मौजूदा स्थिति से अवगत कराया। 
उन्होंने कहा कि राज्य में अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के लोगों पर अत्याचार हो रहे हैं। इसके अलावा किसान परेशान हैं। युवाओं को रोजगार नहीं हैं। आर्थिक गतिविधियां ठप पड़ी हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बताया कि उन्होंने राज्यपाल से अनुरोध किया है कि वे इन सबको मामलों को देखें। खासतौर से अनुसूचित जनजाति के लाेगों पर अत्याचार के मामलों में गौर करने का अनुरोध किया गया है।

स्मार्टफोन लॉन्च करने वाले ब्रांड रियलमी ने घोषणा की

हरिओम उपाध्याय            
लखनऊ। 5 जी इनेबल्ड स्मार्टफोन लॉन्च करने वाले देश के पहले ब्रांड रियलमी ने घोषणा की है कि भारतीय बाजार में इस तिमाही विभिन्न जीटी 5 जी उत्पादों के साथ रियलमी जीटी 5 जी सीरीज़ का लॉन्च किया जाएगा।
काउंटरप्वाइंट रिसर्च के साथ साझेदारी में आयोजित वेबिनार में रियलमी ने बताया कि रियलमी जीटी 5जी सीरीज़ में नए मॉडल तीसरी तिमाही में लॉन्च किए जाएंगे। इसका उद्देश्य चिपसेट निर्माताओं एवं अन्य औद्योगिक पार्टनर्स के सहयोग से अगले साल यूज़र्स तक 10,000 रूपये से कम के सेगमेंट में 5जी स्मार्टफोन पहुंचाना है।
वेबिनार में खुलासा किया गया कि भारत में मोबाईल ऑपरेटर्स के नेटवर्क पर पहले से ही 5 मिलियन 5जी स्मार्टफोन हैं। मीडियाटेक ने बताया कि ग्राहक की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए वो अपने साझेदारों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। पैनलिस्ट्स ने यह भी बताया कि 5जी में वृद्धि की संभावनाएं एवं विकसित होते हुए अनेक अवसर हैं। जिनमें इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी), इंडस्ट्री 4.0, क्लाउड कंप्यूटिंग, ओपन सोर्स, डेटा प्रोटेक्शन एवं गोपनीयता, और ऐप अर्थव्यवस्था शामिल हैं।
काउंटरप्वाईंट रिसर्च ने बताया कि पिछली मई में बेचे गए लगभग 14 प्रतिशत स्मार्टफोन 5जी डिवाईस थे हालांकि भारत दुनिया में दूसरा सबसे बड़ा बाजार होने के बाद भी, सैचुरेटेड नहीं है और संभावित प्रसार के मामले में लगभग 50 प्रतिशत है। काउंटरप्वाईंट रिसर्च ने बताया कि एक अनुमान के अनुसार अगले 5 सालों में भारत में लगभग एक बिलियन स्मार्टफोन बेचे जाएंगे।
वेबिनार के बाद रियलमी ने '5जी को लोकप्रिय बनाने वाला' बनने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की और भारत के बाजार में 5जी के इस्तेमाल का प्रसार करने एवं भारत व दुनिया में ज्यादा यूज़र्स तक टेक्नॉलॉजी पहुंचाने का अपना संकल्प साझा किया। इस साल रियलमी ने भारतीय बाजार में छह 5जी डिवाईस लॉन्च कर दी थीं जबकि साल की दूसरी छमाही में रियलमी के 15,000 रूपये मूल्य से ज्यादा के सभी उत्पाद 5जी होंगे।
रियलमी इंडिया व यूरोप के चीफ एक्ज़िक्यूटिव ऑफिसर एवं वाईस प्रेसिडेंट माधव शेठ ने कहा, '5जी डिजिटल डिवाईस को खत्म कर सभी तक टेक्नॉलॉजी पहुंचाने के लिए तैयार है। रियलमी का उद्देश्य 5जी के क्षेत्र में लीडर बनना है। इसका मानना है कि 2021 के बाद से हर भारतीय के पास 5जी फोन होना चाहिए। हम भारत एवं विश्व में 5जी के प्रसार को गति दे रहे हैं। अपने 5जी स्मार्टफोंस द्वारा हम भारतीय उपभोक्ताओं को निरंतर और ज्यादा विकसित सरप्राईज़ तथा बाजार के सर्वश्रेष्ठ अनुभव देंगे। 

सीएम बदले जाने को लेकर बीजेपी पर लगातार बयान

पंकज कपूर                 
नैनीताल। मुख्यमंत्री बदले जाने को लेकर कॉग्रेस, बीजेपी पर लगातार बयान दे रही है। जिस पर पलटवार करते हुए कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत ने कहा है कि कांग्रेस अपने घर को संभाले उसे बीजेपी के बारे में सोचने की जरूरत नहीं है। हमने जब चाहा मुख्यमंत्री बदल दिया इनसे एक नेता प्रतिपक्ष नहीं चुना जा रहा है।कांग्रेस पहले अपने घर को संभाल ले फिर दूसरों की बात करें।
वही कांग्रेस की कद्दावर नेता इंद्रा ह्रदयेश के निधन के बाद नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी खाली है और लंबे समय से दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष के चुनने के लिए कॉंग्रेस का शिर्ष नेतृत्व माथपच्ची में लगा हुआ है। इस मामले पर कॉंग्रेस प्रदेश प्रवक्ता दीपक बलुटिया ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के नाम पर जल्दी ही मोहर लगेगी और मामला शीर्ष नेतृत्व के संज्ञान में है। जल्दी ही प्रदेश को नया नेता प्रतिपक्ष मिल जाएगा।

कोरोना के नए स्वरूप ‘लैम्बडा’ के मामलें सामने आएं

ओटावा। कनाडा की एक जन स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि कोविड-19 के नए स्वरूप ‘लैम्बडा’ के मामले देश में सामने आए हैं। लेकिन इस बारे में जानकारी हासिल करने में अभी समय लगेगा कि यह स्वरूप कितना संक्रामक हैं या इसका कितना प्रभाव है। डॉ. थेरसा टैम ने कहा कि बृहस्पतिवार तक कोविड-19 के ‘लैम्बडा’ स्वरूप के 11 मामले सामने आए।
संक्रमण का यह स्वरूप सबसे पहले पेरू में सामने आया था। 
हालांकि, क्यूबेक के राष्ट्रीय जन स्वास्थ्य संस्थान ने बृहस्पतिवार को बताया कि उसने पहले ही 27 मामलों की पुष्टि कर दी है। टैम ने कहा कि कनाडा में जन स्वास्थ्य एजेंसी यह पता लगा रही है कि ‘लैम्ब्डा’ स्वरूप कैसे फैलता है और टीके इससे बचाने में कितने कारगर हैं। उन्होंने कहा, ”जो लोग ‘लैम्बडा’ स्वरूप से पीड़ित हैं। हम उनसे कुछ जानकारी हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन अभी इसके कुछ ही मामले सामने आए है।

राजनीति: नई जनसंख्या नीति घोषित करेंगी सरकार

हरिओम उपाध्याय                   
लखनऊ। योगी सरकार 25 करोड़ की आबादी वाले उत्तर प्रदेश में जनसंख्या स्थिरीकरण की जरूरतों को देखते हुए नई जनसंख्या नीति घोषित करने वाली है। वर्ष 2021 से 2030 की अवधि के लिए प्रस्तावित जनसंख्या नीति के माध्यम से एक ओर जहां परिवार नियोजन कार्यक्रम के अंतर्गत जारी गर्भ निरोधक उपायों की सुलभता को बढ़ाया जाना और सुरक्षित गर्भपात की समुचित व्यवस्था देने की कोशिश होगी। वहीं, उन्नत स्वास्थ्य सुविधाओं के माध्यम से नवजात मृत्यु दर, मातृ मृत्यु दर को कम करने, नपुंसकता व बांझपन की समस्या के सुलभ समाधान उपलब्ध कराते हुए जनसंख्या स्थिरीकरण के प्रयास भी किए जाएंगे। 
नई जनसंख्या नीति में एक अहम बिंदु 11 से 19 वर्ष के किशोरों के पोषण, शिक्षा और स्वास्थ्य के बेहतर प्रबंधन के अलावा बुजुर्गों की देखभाल के लिए व्यापक व्यवस्था करना भी है। 
विश्व जनसंख्या दिवस के मौके पर 11 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नवीन जनसंख्या नीति 2021-30 को जारी करेंगे।  गुरुवार को लोकभवन में नवीन जनसंख्या नीति 2021-30 के संबंध में प्रस्तुतिकरण का अवलोकन करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आबादी विस्तार के लिए गरीबी और अशिक्षा बड़ा कारक है। कतिपय समुदाय में भी जनसंख्या को लेकर जागरूकता का अभाव है। ऐसे में समुदाय केंद्रित जागरूकता प्रयास की जरूरत है। प्रदेश की निवर्तमान जनसंख्या नीति 2000-16 की अवधि समाप्त हो चुकी है। अब नई नीति समय की मांग है। प्रस्तुतिकरण का अवलोकन करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जनसंख्या स्थिरीकरण के लिए जागरूकता और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ-साथ सभी जरूरी प्रयास किए जाएं। जागरूकता प्रयासों के क्रम में उन्होंने स्कूलों में ‘हेल्थ क्लब’ बनाये जाने के निर्देश भी दिए। साथ ही, डिजिटल हेल्थ मिशन की भावनाओं के अनुरूप नवजातों, किशोरों और वृद्धजनों की डिजिटल ट्रैकिंग की व्यवस्था के भी निर्देश दिए। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई नीति तैयार करते हुए सभी समुदायों में जनसांख्यकीय संतुलन बनाये रखने, उन्नत स्वास्थ्य सुविधाओं की सहज उपलब्धता, समुचित पोषण के माध्यम से मातृ-शिशु मृत्यु दर को न्यूनतम स्तर तक लाने का प्रयास होना चाहिए। नई नीति के उद्देश्यों में सतत विकास लक्ष्य के भावना निहित हो।  
इस दौरान अपर मुख्य सचिव चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, अमित मोहन प्रसाद ने मुख्यमंत्री को बताया कि प्रस्तावित जनसंख्या नीति प्रदेश में एनएफएचएस-04 सहित अनेक रिपोर्ट के अध्ययन के उपरांत उपरांत तैयार की जा रही है। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण-05 की रिपोर्ट जल्द ही जारी होने वाली है।  नवीन नीति जनसंख्या स्थिरीकरण के प्रयासों को तेज करने वाली होगी। इसमें 2026 और 2030 तक के लिए दो चरणों में अलग-अलग मानकों पर केंद्रित लक्ष्य निर्धारित किये गए हैं। 

3 दिन बाद खिलाड़ियों का पहला जत्था रवाना होगा

अकांशु उपाध्याय            
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी टोक्यो ओलंपिक जाने वाले भारतीय खिलाड़ियों से 13 जुलाई को बात करेंगे जबकि तीन दिन बाद भारतीय खिलाड़ियों का पहला जत्था रवाना होगा। कोरोना महामारी के कारण यह बातचीत वर्चुअल होगी। सरकार के जनभागीदारी मंच ‘मायगव इंडिया’ ने ट्वीट किया ,” माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 जुलाई से आठ अगस्त तक होने वाले तोक्यो के लिए ओलंपिक जाने वाले भारतीय खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए उनसे बात करेंगे। ” भारत का पहला दल एयर इंडिया से रवाना होगा। भारत के 120 से अधिक खिलाड़ियों ने तोक्यो ओलंपिक के लिये क्वालीफाई किया है। अभी तक खिलाड़ियों की संख्या की आधिकारिक घोषणा भारतीय ओलंपिक संघ ने नहीं की है।

31 अगस्त को समाप्त होगा अमेरिका का अभियान

वाशिंगटन डीसी। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने घोषणा की है कि अफगानिस्तान में अमेरिका का सैन्य अभियान 31 अगस्त को समाप्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि युद्धग्रस्त देश से सैनिकों की वापसी का काम सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से हो रहा है। बाइडन ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय सुरक्षा दल के साथ बैठक के बाद अफगानिस्तान पर अपने प्रमुख नीति संबोधन में कहा कि अमेरिका ने देश में अपने लक्ष्य पूरे कर लिए हैं और सैनिकों की वापसी के लिए यह समय उचित है।
बाइडन ने व्हाइट हाउस में संवाददाताओं से कहा, ”अफगानिस्तान में हमारा सैन्य मिशन 31 अगस्त को पूरा हो जाएगा। 
सैनिकों की वापसी का काम सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से हो रहा है जिसमें वापस लौट रहे हमारे सैनिकों की सुरक्षा सर्वप्रथम है।” अमेरिकी राष्ट्रपति ने इन खबरों को खारिज कर दिया कि अफगानिस्तान से अमेरिकी सैनिकों की वापसी के तुरंत बाद तालिबान देश पर कब्जा कर लेगा।
उन्होंने कहा, ”अफगान सरकार और नेतृत्व को साथ आना होगा। उनके पास सरकार बनाने की क्षमता है।” उन्होंने कहा, ”इस बात का प्रश्न ही नहीं है कि उनमें क्षमता है या नहीं। उनमें क्षमता है। उनके पास बल हैं। उनके पास साधन हैं। सवाल यह है कि क्या वे ऐसा करेंगे।” बाइडन ने कहा कि अफगानिस्तान में अमेरिकी सैन्य मिशन अगस्त तक जारी रहेगा। उन्होंने कहा, ”अमेरिका ने वही किया जिसके लिए हम अफगानिस्तान गए थे। हमें 9/11 पर हमला करने वाले आतंकवादियों की धरपकड़ करनी थी और ओसामा बिन लादेन को सजा देनी थी। हमें अफगानिस्तान को आतंकवादियों का अड्डा बनाने की उनकी धमकी को गलत साबित करना था।” अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि उनके देश ने इन उद्देश्यों को हासिल कर लिया है। उन्होंने कहा, ”इसलिए हम गए थे। हम राष्ट्र-निर्माण के लिए अफगानिस्तान नहीं गए थे। अफगानिस्तान की जनता का भविष्य तय करने की जिम्मेदारी और अधिकार केवल उनके पास है। उन्हें तय करना है कि वे देश को कैसे चलाना चाहते हैं।

अशासकीय विद्यालयों में शिक्षण-शुल्क जमा होगा

मनोज सिंह ठाकुर            
भोपाल। मध्यप्रदेश में गैर अनुदान प्राप्त अशासकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों या पालकों को केवल शिक्षण-शुल्क ही जमा करना पड़ेगा। निजी स्कूल इसके अतिरिक्त अन्य कोई फीस आगामी आदेश तक नहीं वसूल सकेंगे। इसके साथ ही कोई भी निजी विद्यालय शैक्षणिक सत्र 2021-22 में आगामी आदेश तक कोई फीस वृद्धि नहीं कर सकेगा। यह जानकारी प्रदेश के स्कूल शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार) और सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री इंदर सिंह परमार ने गुरुवार को दी।
स्कूल शिक्षा मंत्री परमार ने बताया कि प्रदेश के समस्त सीबीएसई, आईसीएसई, म.प्र. माध्यमिक शिक्षा मण्डल और अन्य बोर्ड से संबद्ध गैर अनुदान प्राप्त अशासकीय विद्यालयों पर यह निर्देश समान रूप से लागू होंगे। शैक्षणिक सत्र 2021-22 के लिए यदि किन्ही अशासकीय विद्यालयों द्वारा फीस वृद्धि की गई है तो ऐसी वृद्धि के द्वारा एकत्र की गई फीस को संबंधित छात्रों की आगामी देय फीस से समायोजित की जायेगी। 
मंत्री परमार ने कहा कि कोविड-19 संक्रमण की विगत वर्ष की परिस्थितियों से विद्यार्थी और पालक प्रभावित हुए हैं। 
वर्तमान में भी उसी तरह की परिस्थितियां बनी हुई है। इसलिए विगत वर्ष में माननीय उच्च न्यायालय द्वारा पारित 4 नवंबर 2020 के निर्णय के अनुक्रम में इस वर्ष भी शैक्षणिक सत्र 2021-22 के लिए यह निर्देश जारी किए गए हैं। 
स्कूल शिक्षा विभाग ने इस संबंध में सभी जिलों के कलेक्टर्स, सभी संभागीय संयुक्त संचालक लोक शिक्षण और जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए है। शैक्षणिक सत्र 2020-21 के संबंध में एक मार्च 2021 को जारी विभागीय परिपत्र द्वारा जारी निर्देश की कण्डिका 2 की उप-कण्डिका 4 को आगामी आदेश तक निष्प्रभावी किया है। इसके साथ ही अशासकीय विद्यालयों के द्वारा फीस वृद्धि के संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा 29 जून 2021 को जारी निर्देश को आगामी आदेश तक निष्प्रभावी किया गया है।

अभिनेता सलमान समेत 7 लोगों को तलब किया: मुंबई

कविता गर्ग              
मुंबई। पुलिस ने बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान और उनकी बहन अलवीरा खान तथा अन्य सात लोगों को धोखाधड़ी में एक मामले में तलब किया है। चंडीगढ़ पुलिस के अधीक्षक केतन बंसल ने बताया की, उन्हें जवाब देने के लिए 13 जुलाई तक का समय दिया गया है। 
मामला धोखाधड़ी से जुड़ा हुआ है। पुलिस के अनुसार सलमान और अन्य का जवाब आने के बाद ही तय किया जायेगा कि क्या और कौन सा जुर्म बनता है और उसके मुताबिक ही कार्रवाई की जाएगी।
 सलमान और अन्य पर आरोप है कि उन्होंने 'बीइंग ह्यूमन' के नाम पर उससे दो करोड़ रुपये फ्रेंचाइस  के लिए ले लिए। इसके लिए शिकायतकर्ता के स्टोर पर सलमान खान के आने की बात थी। लेकिन उसके शो रूम खुलने के बाद ऐसा  नहीं हुआ।  इस बात को डेढ़ वर्ष हो चुका है। सलमान उसके पत्रों का जवाब भी नहीं दे रहे। 

सरकार को नोटिस जारी कर सुनवाई की: हाईकोर्ट

अकांशु उपाध्याय               
नई दिल्ली। दिल्ली हाईकोर्ट ने मुख्यमंत्री कोरोना सहायता योजना के तहत खरीदे गए अनाज और ड्राई राशन किट को जरूरतमंद लोगों तक बांटने का दिशा-निर्देश देने की मांग करने वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए दिल्ली सरकार को नोटिस जारी किया है। चीफ जस्टिस डीएन पटेल की अध्यक्षता वाली बेंच ने 23 अगस्त तक जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया।संपूर्ण नामक एनजीओ ने याचिका दायर की है। याचिकाकर्ता की ओर से वकील प्रशांत रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री कोरोना सहायता योजना के तहत खरीदे गए अनाज और ड्राई राशन किट दिल्ली के कई स्थानों पर स्टोरेज में पड़े हुए हैं। 
याचिका में कहा गया है कि स्टोरेज में इन अनाज की बर्बादी नहीं होनी चाहिए। स्टोरेज में पड़े अनाज और ड्राई राशन किट को कोरोना की दूसरी लहर से पीड़ित जरूरतमंदों के बीच बांट दी जानी चाहिए।
याचिका में कहा गया है कि जनवितरण प्रणाली और गैर जनवितरण प्रणाली में पड़े अनाजों के बर्बाद होने से बचाने के लिए इनकी मॉनिटरिंग का दिशा-निर्देश जारी करना चाहिए। अनाज की बर्बादी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। 
याचिका में कहा गया है कि दिल्ली सरकार प्रवासी मजदूरों, निर्माण मजदूरों, दैनिक मजदूरों, बेरोजगारों और बुजुर्ग लोगों तक राशन पहुंचाने में विफल रही है। अप्रैल 2020 में दिल्ली सरकार ने उन लोगों को भी अनाज और सूखे राशन देने की योजना बनाई थी जिनके पास कोई राशनकार्ड नहीं है। 

दिल्ली: संक्रमित संख्या-14 लाख,34 हजार,873 हुईं

अकांशु उपाध्याय                    
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना संक्रमण के मामलों में गिरावट जारी है। गुरुवार देर रात जारी आंकड़ों के अनुसार, 24 घंटों में कोरोना के 93 नए मरीज सामने आए हैं। यह लगातार आठवां दिन रहा, जब यहां 100 से कम कोरोना केस सामने आए। इस दौरान 101 मरीज ठीक भी हुए हैं। दिल्ली में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या बढ़ कर 14 लाख,34 हजार,873 हो गई है। अब तक 14 लाख,09 हजार,018 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। यहां संक्रमण दर सिर्फ 0.12 प्रतिशत रह गई है। 
राजधानी में पिछले 24 घंटों  में तीन मरीजों की मौत हो गई। इनके साथ राष्ट्रीय राजधानी में इस संक्रमण से मरने वालों का कुल आंकड़ा 25 हजार,008 पर पहुंच गया। सक्रिय मरीजों की संख्या 847 है, जबकि होम आइसोलेशन में 260 मरीज हैं।
सक्रिय कोरोना मरीजों की दर लगातार दूसरे दिन 0.05 प्रतिशत है, जबकि रिकवरी दर लगातार चौथे दिन 98.19 प्रतिशत रही। पिछले 24 घंटों में 77 हजार,979 टेस्ट किए गए। इनमें 52 हजार,879 आरटीपीसीआर और 25 हजार,100 एंटीजन टेस्ट शमिल हैं। इन्हें मिलाकर टेस्ट का कुल आंकड़ा दो करोड़,20 लाख,72 हजार,721 हो गया है। 
केंद्र और राज्य सरकारों के प्रयास से कोरोना की रफ्तार रुकी है। इस बीच वैक्सीनेशन की रफ्तार भी बढ़ाई गई है। लेकिन आठ राज्य ऐसे हैं, जहां पर संक्रमण दर अभी चिंताजनक बनी हुई है। इसे देखते हुए केंद्र सरकार की तरफ से इन राज्यों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि कोरोना के खिलाफ ढील नहीं देनी है और तेज एक्शन लिए जाने की जरूरत है। 
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने इन राज्यों को खत लिखा है। उन्होंने राज्यों से अपील की है कि कोरोना के खिलाफ न सिर्फ एक्शन तेज किए जाएं, बल्कि इनसे संबंधित जानकारी भी केंद्र से साझा की जाए। उल्लेखनीय है कि देश में तीसरी लहर की आशंका जताई जा रही हैं। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की तरफ से रिपोर्ट जारी कर इस बारे में जानकारी दी गई है। एसबीआई  ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि भारत में कोरोना की तीसरी लहर अगले महीने दस्तक दे सकती है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सितंबर महीने तक यह लहर अपने चरम पर पहुंच सकती है।

भुपेंद्र ने परिवर्तन मंत्री के रूप में पदभार ग्रहण किया

राणा ओबरॉय               
चंडीगढ़। भुपेंद्र यादव ने गुरुवार को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री के रूप में अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए, उन्होंने सरकार में काम करने का मौका देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद दिया। यादव ने कहा कि वह प्रधानमंत्री द्वारा उन्हें दी गई। सभी जिम्मेदारियों को पूरा करने का हर संभव प्रयास करेंगे। 
भूपेन्द्र यादव ने पदभार ग्रहण करने से पहले पर्यावरण मंत्रालय के परिसर में एक पौधा लगाया। पर्यावरण, वन तथा जलवायु परिवर्तन सचिव रामेश्वर प्रसाद गुप्ता ने मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मंत्री  का स्वागत किया।

कोरोना: सर्वाधिक वैक्सिीनेशन का रिकॉर्ड बनाया

हरिओम उपाध्याय            
लखनऊ। कोरोना से बचाव के लिये देश भर में जारी टीकाकरण अभियान में उत्तर प्रदेश ने अन्य राज्यों को पीछे छोड़ते हुए सर्वाधिक वैक्सिीनेशन का रिकॉर्ड बनाया है। 
इस मामले में उप्र ने महाराष्ट्र को भी पछाड़ते हुए देश में पहला स्थान हासिल कर लिया है।
राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की लगातार मॉनिटरिंग तथा लक्ष्य निर्धारण के कारण उत्तर प्रदेश अब कोरोना वैक्सीनेशन में देश के राज्यों में अव्वल स्थान पर है। प्रवक्ता ने बताया कि उप्र में आज ही करीब पांच लाख लोगों को वैक्सीनेशन की डोज दी गई। अब तक प्रदेश में कुल तीन करोड़ 58 लाख, 35,932 लोगों को कोरोना वैक्सीन की डोज दे दी गई हैं। 
इनमें तीन करोड़ लोगों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज दी गई है।
उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र में अभी तक तीन करोड़, 56 लाख 98,916 लोगों को डोज दी गई है। इसके बाद गुजरात में दो करोड़ 73 लाख, 45,476, राजस्थान में दो करोड़ 60 लाख, 92,848 तथा कर्नाटक में दो करोड़ 49 लाख, 211 लोगों को कोरोना वैक्सीन की डोज दी गई। सरकारी प्रवक्ता के अनुसार गुरुवार को उप्र में पांच लाख 98,833 डोज दी गई, जबकि महाराष्ट्र में दो लाख, 63,015, गुजरात में सिर्फ 5,559, राजस्थान में एक लाख 57,713 तथा कर्नाटक में एक लाख 66,323 लोगों को कोरोना वैक्सीन की डोज दी गई है।

राजनीति जैसी शतरंज के उम्दा खिलाड़ी बनें मनोहर

राणा ओबराय                     
चंडीगड़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल अब राजनीति जैसी शतरंज के एक उम्दा खिलाड़ी बन चुके हैं। परिपक्व नेता की भांति वह हर काम को सही तरीके से करने का गुर सीख चुके हैं। 
अभी हाल ही में उन्होंने दिल्ली में राव इंद्रजीत के सामने ब्यान दिया था की दक्षिण हरियाणा से दोनों मंत्री सही कार्य कर रहे हैं। उनके इस ब्यान से राजनीतिक जानकारी रखने वाले लोगों का मानना है कि खट्टर साहब परिपक्व खिलाड़ी की तरह अब कहते कुछ हैं और करते कुछ और हैं। 
कुछ समय पहले तक सीएम खट्टर मंत्रिमंडल फेरबदल को लेकर न नूकर करते आ रहे थे। परंतु अब हरियाणा में मंत्रिमंडल में फेरबदल दूर नहीं है। निजी सूत्रों के अनुसार हरियाणा मंत्रिमंडल के कई ऐसे मंत्री जिनका कार्य संतोषजनक नहीं माना जा रहा। वह सीएम की नजर में है औऱ हो सकता है इन मंत्रियों को पुनः विधायक ही रहना पड़ जाए। हरियाणा के वर्तमान मंत्रियों को यह नही भूलना चाहिये यदि केन्द्र सरकार से डॉ हर्षवर्धन, पोखरियाल, जैसे दिग्गज नेताओं की छुट्टी हो सकती है तो हरियाणा मंत्रिमंडल फेरबदल में भी यह सम्भव है।

बारिश के साथ 10 जुलाई तक कवर करेंगी हवाएं

अकांशु उपाध्याय              
नई दिल्ली। भारतीय मौसम विभाग ने कहा है कि बृहस्पतिवार को भीषण गर्मी ने उत्तर भारत को झुलसा दिया, लेकिन बारिश के साथ पूर्वी हवाएं 10 जुलाई तक इस क्षेत्र को कवर करेंगी। दिल्ली के कुछ हिस्सों में बृहस्पतिवार रात को बरसात हुई। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी में भीषण गर्मी पड़ रही है। दिल्ली में एक जुलाई को पारा 43.1 डिग्री सेल्सियस, दो जुलाई को 41.3 डिग्री सेल्सियस और सात जुलाई को 42.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी की घोषणा तब की जाती है जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा और सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा हो। गुरुग्राम में तापमान सामान्य से छह डिग्री ज्यादा 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भारत के इन राज्‍यों को मिलेगी भीषण गर्मी से राहत, आज बहुत ज्‍यादा बारिश होने की संभावना।वहीं अब आईएमडी ने कहा कि बंगाल की खाड़ी से नम पूर्वी हवाएं पूर्वी भारत के ऊपर बनी हैं और इसके 10 जुलाई तक पंजाब और उत्तरी हरियाणा को कवर करते हुए उत्तर पश्चिम भारत में आगे बढ़ने की संभावना है। 10 जुलाई के आसपास, दक्षिण-पश्चिम मानसून के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शेष हिस्सों, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान और दिल्ली के कुछ और हिस्सों में फैलने की भी संभावना है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में अगले पांच दिनों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। 
11 जुलाई के आसपास उत्तर आंध्र प्रदेश-दक्षिणी ओडिशा तटों से दूर बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। जिससे जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और पूर्वी राजस्थान सहित उत्तर पश्चिम भारत में भारी बारिश हो सकती है। उत्तर भारत में लोगों को जल्द मिलेगी गर्मी से राहत, मौसम विभाग ने कही ये बड़ी बात ।हरियाणा के अन्य शहरों – नारनौल, हिसार, रोहतक और अंबाला में अधिकतम तापमान क्रमश: 43.3 डिग्री सेल्सियस, 42.8 डिग्री सेल्सियस, 41.8 डिग्री सेल्सियस और 40.8 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। 
पंजाब के अमृतसर और पटियाला में अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री ज्यादा 40 डिग्री सेल्सियस और 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बठिंडा में अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजस्थान में विभिन्न जिलों में वर्षा की कमी के कारण राज्य के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी की स्थिति देखी गई। 44.3 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। इसके बाद पिलानी 43.2 डिग्री सेल्सियस, चुरू 43 डिग्री सेल्सियस, अलवर 42.8 डिग्री सेल्सियस, धौलपुर 42.5 डिग्री सेल्सियस और पाली में 42 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

24 घंटे में संक्रमण के 43 हजार मामलें दर्ज किएं

अकांशु उपाध्याय              
नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) के दैनिक मामलों में मामूली गिरावट दर्ज की गई है और पिछले 24 घंटों के दौरान इस संक्रमण के 43 हजार से ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं। इस बीच गुरुवार को 40 लाख 23 हजार 173 लोगों को कोरोना के टीके लगाए गए। देश में अब तक 36 करोड़ 89 लाख 91 हजार 222 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में कोरोना के 43,393 नये मामले सामने आने के साथ ही संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर तीन करोड़ सात लाख 52 हजार 950 हो गई है।
इस दौरान 44 हजार 459 मरीजों के स्वस्थ होने के बाद इस महामारी को मात देने वालों की कुल संख्या बढ़कर दो करोड़ 98 लाख 88 हजार 284 हो गयी है। सक्रिय मामले 1977 घटकर चार लाख 58 हजार 727 हो गये हैं। 
इसी अवधि में 911 मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर चार लाख पांच हजार 939 हो गया है। देश में सक्रिय मामलों की दर कम होकर 1.49 फीसदी, रिकवरी दर बढ़कर 97.19 फीसदी और मृत्यु दर 1.32 हो गयी है। महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में सक्रिय मामले 171 घटने के बाद यह संख्या 117698 हो गयी है। इसी दौरान राज्य में 8815 मरीजों के स्वस्थ हाेने के बाद कोरोनामुक्त होने वालों की तादाद बढ़कर 5889982 हो गयी है जबकि 439 मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 124296 हो गया है।


पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह के स्वास्थ्य में सुधार आया

हरिओम उपाध्याय             
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह के स्वास्थ्य में निरंतर सुधार हो रहा है। स्वास्थ्य संबंधी कारणों से उन्हें लखनऊ के संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में भर्ती कराया गया है। 
कल्याण सिंह के स्वास्थ्य के बारे में सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों के मद्देनजर संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) ने शुक्रवार सुबह उनके स्वास्थ्य के बारे में बुलेटिन जारी किया जो आम तौर पर शाम में जारी किया जाता है। बुलेटिन में कहा गया कि गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में भर्ती कल्याण सिंह की हालत बेहतर है। संस्थान ने बताया, ”हृदयरोग, तंत्रिकारोग, गुर्दारोग विशेषज्ञ समेत वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम उनके उपचार में जुटी है।” एसजीपीजीआई के निदेशक प्रो आर के धीमन स्वंय उनके इलाज पर बारीकी से नजर रख रहे हैं।
गौरतलब है कि भाजपा के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह पिछले 21 जून को अनियंत्रित रक्त शर्करा और रक्तचाप आदि की शिकायत के बाद डॉक्टर राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ में भर्ती हुए थे। संस्थान के अनुसार तीन जुलाई की रात रक्तचाप अत्यधिक बढ़ने के कारण कल्‍याण सिंह को हल्का दिल का दौरा पड़ा, जिसके कारण उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया था।
इसके बाद चार जुलाई को उन्हें एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया। 
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने यहां एसजीपीजीआई में भर्ती कल्याण सिंह से बृहस्पतिवार शाम मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम पूछा। इस दौरान उनके साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी थे।

23 जुलाई से शुरू हो रहें खेलों से नाम वापिस लिया

सिडनी। टोक्यो ओलंपिक में दर्शकों के मैदान में प्रवेश पर प्रतिबंध की पुष्टि के कुछ घंटे बाद ही आस्ट्रेलिया के टेनिस स्टार निक किर्गीयोस ने 23 जुलाई से शुरू हो रहे खेलों से नाम वापिस ले लिया। किर्गीयोस ने सोशल मीडिया पर बयान देकर अपने फैसले की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि अपने स्वास्थ्य और तोक्यो ओलंपिक में दर्शकों का प्रवेश निषेध होने के कारण उन्होंने यह फैसला लिया। उन्होंने कहा ,” ओलंपिक खेलना मेरा सपना था और मैं जानता हूं कि शायद यह मौका दोबारा नहीं मिलेगा। लेकिन मैं खाली स्टेडियम में नहीं खेल सकता। 
इसके साथ ही मैं चाहता हूं कि एक स्वस्थ आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी टीम में मेरी जगह ले।” पेट की मांसपेशी में खिंचाव के कारण किर्गीयोस को विंबलडन तीसरे दौर का मुकाबला भी छोड़ना पड़ा था। किर्गीयोस कोरोना महामारी के दौरान आस्ट्रेलिया में ही रहे और फ्रेंच ओपन में भी भाग नहीं लिया था।

राहुल का सरकार पर हमला, महंगाई का विकास जारी

अकांशु उपाध्याय                      
नई दिल्ली। देश में पहले से ही आसमान छू रही डीजल पेट्रोल और खाद्य तेलों की कीमतों के बाद अब सीएनजी और पीएनजी के दाम बढ़ाए जाने पर सरकार पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा है कि महंगाई का विकास जारी है और अच्छे दिन देश पर भारी पड़ रहे हैं। प्रधानमंत्री की बस मित्रों के प्रति जवाबदारी है।
शुक्रवार को अपने टिवटर हेंडिल पर टवीट करते कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड द्वारा सीएनजी की कीमतों में 90 पैसे प्रति किलो और पीएनजी की कीमतों में 1.25 पैसे की बढ़ोतरी किए जाने से नाराज होकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा है कि देश में डीजल और पेट्रोल की कीमत रोजाना आगे बढ़ते हुए पहले से ही आसमान को छू रही है। अब स्वच्छ वैकल्पिक ईंधन पर भी सरकार की निगाह पहुंच गई है। 
जिसके चलते सीएनजी और पीएनजी की कीमतों में सरकार की ओर से बढ़ोतरी कर दी गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है की सरकार को महंगाई से बुरी तरह हलकान हो रहे देशवासियों के प्रति तनिक भी चिंता नहीं है। डीजल और पेट्रोल के दाम पहले से ही आसमान छू चुके हैं। खाद्य तेलों की महंगाई भी देशवासियों को बुरी तरह से हलकान किए हुए हैं। लेकिन सरकार लोगों की परेशानी की तरफ से आंख बंद कर केवल चंद लोगों के विकास के काम कर रही है। उन्होंने महंगाई पर तंज कसते हुए कहा है कि महंगाई का विकास जारी है और अच्छे दिन विकास पर भारी है। प्रधानमंत्री जी की बस मित्रों को जवाबदारी है।

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण 

1. अंक-328 (साल-02)
2. शनिवार, जुलाई 10, 2021
3. शक-1984,अषाढ़, शुक्ल-पक्ष, तिथि-अमावस्या, विक्रमी सवंत-2078।
4. सूर्योदय प्रातः 05:42, सूर्यास्त 07:16।
5. न्‍यूनतम तापमान -23 डी.सै., अधिकतम-40+ डी.सै.। बरसात की संभावना बनी रहेंगी।
6.समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा। सभी पद अवैतनिक है।
7.स्वामी, प्रकाशक, संपादक राधेश्याम के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित। प्रकाशित समाचार, विज्ञापन एवं लेखोंं से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं हैं। पीआरबी एक्ट के अंतर्गत उत्तरदायी।
8.संपादकीय कार्यालय- 263 सरस्वती विहार, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102।
9.संपर्क एवं व्यावसायिक कार्यालय-डी-60,100 फुटा रोड बलराम नगर, लोनी,गाजियाबाद उ.प्र.-20110
http://www.universalexpress.page/
email:universalexpress.editor@gmail.com
संपर्क सूत्र :- +919350302745  
                     (सर्वाधिकार सुरक्षित) 

अगले 5 दिनों में लू चलने की संभावना जताई

अगले 5 दिनों में लू चलने की संभावना जताई इकबाल अंसारी  नई दिल्ली। दिल्ली समेत देशभर में गर्मी बढ़ रही है। आने वाले दिनों के लिए भारत मौसम वि...