शनिवार, 3 जुलाई 2021

पाक को कोविड टीके की 25 लाख खुराक प्रदान की

वाशिंगटन डीसी/ इस्लामाबाद। कोविड-19 रोधी टीके की कमी का सामना कर रहे पाकिस्तान को अमेरिका की ओर से शुक्रवार को मॉडर्ना कंपनी के कोविड टीके की 25 लाख खुराक प्रदान की गयी। पाकिस्तान स्थित अमेरिकी दूतावास ने एक वक्तव्य जारी कर यह जानकारी दी। वक्तव्य के मुताबिक, दुनिया में टीके की आपूर्ति के लिए वैश्विक पहल कोवैक्स, संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनीसेफ) और पाकिस्तान सरकार के बीच सहयोग के तहत अमेरिका ने पाकिस्तानी लोगों के लिए कोविड टीके की 25 लाख खुराक उपलब्ध कराई है। 

वक्तव्य के मुताबिक, अमेरिका ने दुनिया के विभिन्न देशों को कोविड टीके की आठ करोड़ खुराक अनुदान के रूप में देने की प्रतिबद्धता जताई है। जिसके तहत पाकिस्तान को 25 लाख खुराक दी गयी है। अमेरिका का मानना है कि कोविड-19 महामारी को खत्म करने के लिए वैश्विक स्तर पर सभी लोगों के लिए सुरक्षित और प्रभावी टीका उपलब्ध होना चाहिए। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले पाकिस्तानी प्रवासी श्रमिकों ने इस्लामाबाद में रैली कर मांग की। उन्हें जल्द से जल्द मॉडर्ना, फाइजर अथवा एस्ट्राजेनेका के कोविड टीके लगाए जाएं, ताकि वे विदेश यात्रा कर सकें। पाकिस्तान मुख्य रूप से चीनी टीकों पर निर्भर है। लेकिन पश्चिम एशिया के कुछ देश चाहते हैं कि वहां जाने वाले यात्री यह दिखाने के लिए एक प्रमाणपत्र प्रस्तुत करें, कि उन्होंने मान्यता प्राप्त कोविड-19 टीके की खुराक ली है। 

लोकतांत्रिक मान्यताओं का मजाक बनाया: अखिलेश

हरिओम उपाध्याय            

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्षों के चुनाव में सत्तारूढ़ दल ने सभी लोकतांत्रिक मान्यताओं का तिरस्कार करते हुए स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव को एक मजाक बना दिया है। समाजवादी पार्टी ने शनिवार को कहा कि सत्ता का ऐसा बदरंग चेहरा कभी नहीं देखा गया। भाजपा ने अपनी हार को जीत में बदलने के लिए मतदाताओं के अपहरण, उनको मतदान से रोकने के लिए पुलिस और प्रशासन के सहारे बल प्रयोग किया और जबर्दस्ती हेल्पर देकर अपने पक्ष में मतदान करा लिया। भाजपा की धांधली का विरोध करने पर समाजवादी कार्यकर्ताओं से दुर्व्यवहार किया गया। ऐसा लग रहा था जैसे जनादेश के अपहरण के किए भाजपा सरकार नंगा नाच करने पर उतारू है।

उन्होने कहा कि अजीब बात है कि जहां जिला पंचायत सदस्य के चुनाव में ज्यादातर परिणाम समाजवादी पार्टी के पक्ष में आए थे और भाजपा की बुरी हार हुई थी। वहीं, अब जिला पंचायत अध्यक्षों के चुनाव में भाजपा सत्ता के बल पर धांधली करके बहुमत में आ गई है। इसमें प्रशासनिक अधिकारियों की मिली भगत भी सामने आई है। प्रशासनिक अधिकारियों को याद रखना चाहिए कि सेवा नियमावली का उल्लंघन करते हुए सत्ता दल के पक्ष में संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर उनके विरूद्ध सख्त से सख्त कार्यवाही की जाएगी।

चुनाव में भाजपा के ओम प्रकाश ने जीत हासिल की

आदर्श श्रीवास्तव                    

लखीमपुर खीरी। जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए हुए चुनाव में भाजपा के ओम प्रकाश भार्गव ने जीत हासिल की। उन्होंने सपा की अंजलि भार्गव को 7 वोटों से हराया। ओम प्रकाश भार्गव को 38 वोट मिले। जबकि अंजलि को 31 जिला पंचायत सदस्यों का समर्थन मिला। मतदान के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में भारी सुरक्षा व्यवस्था रही। सबसे पहले सपा प्रत्याशी अंजली भार्गव ने वोट डाला। इसके बाद पहुंचे भाजपा प्रत्याशी ओमप्रकाश भार्गव ने मतदान किया। इसके बाद मतदान में तेजी आई। करीब ढाई बजे तक सभी निर्वाचित 72 सदस्यों ने वोट डालकर दोनों प्रत्याशियों के भाग्य को मतपेटिका में बंद कर दिया था। करीब तीन बजे प्रेक्षक की मौजूगदी में मतगणना कराई गई।

38 मत पाकर भाजपा के ओमप्रकाश विजयी घोषित किए गए। सपा की अंजली को 31 मत प्राप्त हुए।जबकि तीन मत अवैध घोषित हो गए। जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम डॉ. अरविंद कुमार चौरसिया ने भाजपा प्रत्याशी ओमप्रकाश को जीत का प्रमाण पत्र दिया। अपने उम्मीदवार की जीत से भाजपाइयों में खुशी की लहर दौड़ गई। ढोल बजाकर व मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया।


जांच आरंभ होने के दावे वाली रिपोर्ट का हवाला दिया

अकांशु उपाध्याय              

नई दिल्ली। कांग्रेस ने फ्रांस में राफेल विमान सौदे में कथित भ्रष्टाचार की न्यायिक जांच आरंभ होने के दावे वाली रिपोर्ट का हवाला देते हुए शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सामने आना चाहिए और संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से जांच करानी चाहिए। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने यह दावा भी किया कि नए खुलासे से कांग्रेस और उसके पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की यह बात सच साबित हुई कि इस लड़ाकू विमान सौदे में घोटाला हुआ है।

गौरतलब है कि फ्रांस की समाचार वेबसाइट ‘मीडिया पार्ट’ की रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत के साथ 59000 करोड़ रुपये के राफेल विमान सौदे में कथित भ्रष्टाचार के मामले में फ्रांस के एक न्यायाधीश को ‘बहुत संवेदशील’ न्यायिक जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सुरजेवाला ने से कहा, ” फ्रांस में जो ताजे खुलासे हुए हैं। उनसे साबित होता है कि राफेल सौदे में भ्रष्टाचार हुआ। कांग्रेस और राहुल गांधी की बात सही साबित हुई। अब यह घोटाला सबके सामने आ चुका है।”

गाजियाबाद में मजिस्ट्रेट बैठक का आयोजन किया

अश्वनी उपाध्याय               

गाजियाबाद। निजी स्कूलों की फीस निर्धारण को लेकर शुक्रवार को गाज़ियाबाद में अपर मजिस्ट्रेट (द्वितीय) विनय कुमार सिंह की एक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक रवि दत्त शर्मा, बेसिक शिक्षा अधिकारी बृज भूषण चौधरी, सह-जिला विद्यालय निरीक्षक ज्योति दीक्षित, स्कूल फेडरेशन के पदाधिकारियों और कुछ निजी स्कूलों के प्रबन्धकों ने भाग लिया। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देशों पर आयोजित इस बैठक का उद्देश्य कोरोना काल में स्कूल संचालन के खर्चों में आई संभावित कमी का आकलन कर उसी अनुपात में फीस कम करना था। बैठक में अभिभावकों की ओर से दर्ज की गई फीस और रिजल्ट रोकने संबन्धित शिकायतों पर भी चर्चा की गई।

पंचायत अध्यक्ष पद पर चुनाव विधिवत संपन्न हुआ

गोपीचंद                
बागपत। जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर शनिवार को चुनाव विधिवत संपन्न हुआ। जिसमें राष्ट्रीय लोक दल प्रत्याशी ममता जय किशोर ने 12 वोट से जीत हासिल की और भाजपा की प्रत्याशी बबली को 7 वोट मिले। एक वोट निरस्त हो गई। 
जिसमें मतगणना के बाद रालोद प्रत्याशी ममता को विजयी घोषित कर दिया गया।
इसपर जयंत चौधरी ने कहा, कि बागपत में जनता ने नैतिक दबाव लगातार बनाकर ज़िला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में मनमानी नहीं होने दी। उम्मीद है, कि ज़िले में विकास की गति तेज होगी।

2 मतों से परास्त कर अध्यक्ष सीट पर कब्जा किया

कौशाम्बी। जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की अधिकृत प्रत्याशी कल्पना सोनकर ने अपने विपक्षी प्रत्याशी समाजवादी पार्टी की विजमा दिवाकर को 2 मतों से परास्त कर जिला पंचायत के अध्यक्ष सीट पर कब्जा कर लिया है। कल्पना सोनकर की जीत पर पूरे जिले में भारतीय जनता पार्टी में खुशी की लहर है। कल्पना सोनकर की जीत पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य उन्हें फोन पर बधाई दी है।
बताते चलें कि कौशांबी जिले में जिला पंचायत के 26 सदस्य हैं। 
अध्यक्ष पद पर भाजपा से कल्पना सोनकर और सपा से विजमा दिवाकर ने नामांकन किया था।लगातार सदस्यों को अपने खेमे में करने के लिए समाजवादी पार्टी के नेताओं ने साम दाम दंड भेद सब कुछ अख्तियार किया। यहां तक कि सदस्यों को धमकाने और खरीदने की भरसक कोशिश की गई। लेकिन तमाम तरह के हथकंडे अपनाने के बाद भी समाजवादी पार्टी के नेताओं को पराजय का मुंह देखना पड़ा है। भाजपा की जीत पर जिले में चहुँओर जश्न का माहौल है। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर कल्पना सोनकर की जीत पर उनके पति सिराथू ब्लाक प्रमुख जितेंद्र सोनकर ने कहा कि यह जीत अन्याय के खिलाफ न्याय की लड़ाई की जीत है और कल्पना सोनकर की जीत जिले वासियों की जीत है। 
जितेंद्र सोनकर ने कहा कि जिले का विकास निस्वार्थ भाव से किया जाएगा। कल्पना सोनकर की जीत पर चायल विधायक संजय गुप्ता सिराथू विधायक शीतला प्रसाद पटेल मंझनपुर विधायक लाल बहादुर ने बधाई दी है। वही, बधाई देने वालों में चायल ब्लाक प्रमुख सोनू कुमार इंजीनियर भाजपा की पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पुष्पा देवी, पूर्व जिला अध्यक्ष प्रेमचंद चौधरी, सुनील मिश्रा सहित तमाम लोगों ने कल्पना सोनकर की जीत पर बधाई दी है।
सुशील केसरवानी 

चेन्नई सुपर किंग्स ने ग्लीसन को टीम में शामिल किया

चेन्नई सुपर किंग्स ने ग्लीसन को टीम में शामिल किया  इकबाल अंसारी  चेन्नई। देश में इन दिनों आईपीएल की धूम मची हुई है। गत चैम्पियन चेन्नई सुपर...