शनिवार, 3 जुलाई 2021

पाक को कोविड टीके की 25 लाख खुराक प्रदान की

वाशिंगटन डीसी/ इस्लामाबाद। कोविड-19 रोधी टीके की कमी का सामना कर रहे पाकिस्तान को अमेरिका की ओर से शुक्रवार को मॉडर्ना कंपनी के कोविड टीके की 25 लाख खुराक प्रदान की गयी। पाकिस्तान स्थित अमेरिकी दूतावास ने एक वक्तव्य जारी कर यह जानकारी दी। वक्तव्य के मुताबिक, दुनिया में टीके की आपूर्ति के लिए वैश्विक पहल कोवैक्स, संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनीसेफ) और पाकिस्तान सरकार के बीच सहयोग के तहत अमेरिका ने पाकिस्तानी लोगों के लिए कोविड टीके की 25 लाख खुराक उपलब्ध कराई है। 

वक्तव्य के मुताबिक, अमेरिका ने दुनिया के विभिन्न देशों को कोविड टीके की आठ करोड़ खुराक अनुदान के रूप में देने की प्रतिबद्धता जताई है। जिसके तहत पाकिस्तान को 25 लाख खुराक दी गयी है। अमेरिका का मानना है कि कोविड-19 महामारी को खत्म करने के लिए वैश्विक स्तर पर सभी लोगों के लिए सुरक्षित और प्रभावी टीका उपलब्ध होना चाहिए। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले पाकिस्तानी प्रवासी श्रमिकों ने इस्लामाबाद में रैली कर मांग की। उन्हें जल्द से जल्द मॉडर्ना, फाइजर अथवा एस्ट्राजेनेका के कोविड टीके लगाए जाएं, ताकि वे विदेश यात्रा कर सकें। पाकिस्तान मुख्य रूप से चीनी टीकों पर निर्भर है। लेकिन पश्चिम एशिया के कुछ देश चाहते हैं कि वहां जाने वाले यात्री यह दिखाने के लिए एक प्रमाणपत्र प्रस्तुत करें, कि उन्होंने मान्यता प्राप्त कोविड-19 टीके की खुराक ली है। 

लोकतांत्रिक मान्यताओं का मजाक बनाया: अखिलेश

हरिओम उपाध्याय            

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्षों के चुनाव में सत्तारूढ़ दल ने सभी लोकतांत्रिक मान्यताओं का तिरस्कार करते हुए स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव को एक मजाक बना दिया है। समाजवादी पार्टी ने शनिवार को कहा कि सत्ता का ऐसा बदरंग चेहरा कभी नहीं देखा गया। भाजपा ने अपनी हार को जीत में बदलने के लिए मतदाताओं के अपहरण, उनको मतदान से रोकने के लिए पुलिस और प्रशासन के सहारे बल प्रयोग किया और जबर्दस्ती हेल्पर देकर अपने पक्ष में मतदान करा लिया। भाजपा की धांधली का विरोध करने पर समाजवादी कार्यकर्ताओं से दुर्व्यवहार किया गया। ऐसा लग रहा था जैसे जनादेश के अपहरण के किए भाजपा सरकार नंगा नाच करने पर उतारू है।

उन्होने कहा कि अजीब बात है कि जहां जिला पंचायत सदस्य के चुनाव में ज्यादातर परिणाम समाजवादी पार्टी के पक्ष में आए थे और भाजपा की बुरी हार हुई थी। वहीं, अब जिला पंचायत अध्यक्षों के चुनाव में भाजपा सत्ता के बल पर धांधली करके बहुमत में आ गई है। इसमें प्रशासनिक अधिकारियों की मिली भगत भी सामने आई है। प्रशासनिक अधिकारियों को याद रखना चाहिए कि सेवा नियमावली का उल्लंघन करते हुए सत्ता दल के पक्ष में संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर उनके विरूद्ध सख्त से सख्त कार्यवाही की जाएगी।

चुनाव में भाजपा के ओम प्रकाश ने जीत हासिल की

आदर्श श्रीवास्तव                    

लखीमपुर खीरी। जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए हुए चुनाव में भाजपा के ओम प्रकाश भार्गव ने जीत हासिल की। उन्होंने सपा की अंजलि भार्गव को 7 वोटों से हराया। ओम प्रकाश भार्गव को 38 वोट मिले। जबकि अंजलि को 31 जिला पंचायत सदस्यों का समर्थन मिला। मतदान के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में भारी सुरक्षा व्यवस्था रही। सबसे पहले सपा प्रत्याशी अंजली भार्गव ने वोट डाला। इसके बाद पहुंचे भाजपा प्रत्याशी ओमप्रकाश भार्गव ने मतदान किया। इसके बाद मतदान में तेजी आई। करीब ढाई बजे तक सभी निर्वाचित 72 सदस्यों ने वोट डालकर दोनों प्रत्याशियों के भाग्य को मतपेटिका में बंद कर दिया था। करीब तीन बजे प्रेक्षक की मौजूगदी में मतगणना कराई गई।

38 मत पाकर भाजपा के ओमप्रकाश विजयी घोषित किए गए। सपा की अंजली को 31 मत प्राप्त हुए।जबकि तीन मत अवैध घोषित हो गए। जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम डॉ. अरविंद कुमार चौरसिया ने भाजपा प्रत्याशी ओमप्रकाश को जीत का प्रमाण पत्र दिया। अपने उम्मीदवार की जीत से भाजपाइयों में खुशी की लहर दौड़ गई। ढोल बजाकर व मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया।


जांच आरंभ होने के दावे वाली रिपोर्ट का हवाला दिया

अकांशु उपाध्याय              

नई दिल्ली। कांग्रेस ने फ्रांस में राफेल विमान सौदे में कथित भ्रष्टाचार की न्यायिक जांच आरंभ होने के दावे वाली रिपोर्ट का हवाला देते हुए शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सामने आना चाहिए और संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से जांच करानी चाहिए। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने यह दावा भी किया कि नए खुलासे से कांग्रेस और उसके पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की यह बात सच साबित हुई कि इस लड़ाकू विमान सौदे में घोटाला हुआ है।

गौरतलब है कि फ्रांस की समाचार वेबसाइट ‘मीडिया पार्ट’ की रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत के साथ 59000 करोड़ रुपये के राफेल विमान सौदे में कथित भ्रष्टाचार के मामले में फ्रांस के एक न्यायाधीश को ‘बहुत संवेदशील’ न्यायिक जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सुरजेवाला ने से कहा, ” फ्रांस में जो ताजे खुलासे हुए हैं। उनसे साबित होता है कि राफेल सौदे में भ्रष्टाचार हुआ। कांग्रेस और राहुल गांधी की बात सही साबित हुई। अब यह घोटाला सबके सामने आ चुका है।”

गाजियाबाद में मजिस्ट्रेट बैठक का आयोजन किया

अश्वनी उपाध्याय               

गाजियाबाद। निजी स्कूलों की फीस निर्धारण को लेकर शुक्रवार को गाज़ियाबाद में अपर मजिस्ट्रेट (द्वितीय) विनय कुमार सिंह की एक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक रवि दत्त शर्मा, बेसिक शिक्षा अधिकारी बृज भूषण चौधरी, सह-जिला विद्यालय निरीक्षक ज्योति दीक्षित, स्कूल फेडरेशन के पदाधिकारियों और कुछ निजी स्कूलों के प्रबन्धकों ने भाग लिया। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देशों पर आयोजित इस बैठक का उद्देश्य कोरोना काल में स्कूल संचालन के खर्चों में आई संभावित कमी का आकलन कर उसी अनुपात में फीस कम करना था। बैठक में अभिभावकों की ओर से दर्ज की गई फीस और रिजल्ट रोकने संबन्धित शिकायतों पर भी चर्चा की गई।

पंचायत अध्यक्ष पद पर चुनाव विधिवत संपन्न हुआ

गोपीचंद                
बागपत। जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर शनिवार को चुनाव विधिवत संपन्न हुआ। जिसमें राष्ट्रीय लोक दल प्रत्याशी ममता जय किशोर ने 12 वोट से जीत हासिल की और भाजपा की प्रत्याशी बबली को 7 वोट मिले। एक वोट निरस्त हो गई। 
जिसमें मतगणना के बाद रालोद प्रत्याशी ममता को विजयी घोषित कर दिया गया।
इसपर जयंत चौधरी ने कहा, कि बागपत में जनता ने नैतिक दबाव लगातार बनाकर ज़िला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में मनमानी नहीं होने दी। उम्मीद है, कि ज़िले में विकास की गति तेज होगी।

2 मतों से परास्त कर अध्यक्ष सीट पर कब्जा किया

कौशाम्बी। जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की अधिकृत प्रत्याशी कल्पना सोनकर ने अपने विपक्षी प्रत्याशी समाजवादी पार्टी की विजमा दिवाकर को 2 मतों से परास्त कर जिला पंचायत के अध्यक्ष सीट पर कब्जा कर लिया है। कल्पना सोनकर की जीत पर पूरे जिले में भारतीय जनता पार्टी में खुशी की लहर है। कल्पना सोनकर की जीत पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य उन्हें फोन पर बधाई दी है।
बताते चलें कि कौशांबी जिले में जिला पंचायत के 26 सदस्य हैं। 
अध्यक्ष पद पर भाजपा से कल्पना सोनकर और सपा से विजमा दिवाकर ने नामांकन किया था।लगातार सदस्यों को अपने खेमे में करने के लिए समाजवादी पार्टी के नेताओं ने साम दाम दंड भेद सब कुछ अख्तियार किया। यहां तक कि सदस्यों को धमकाने और खरीदने की भरसक कोशिश की गई। लेकिन तमाम तरह के हथकंडे अपनाने के बाद भी समाजवादी पार्टी के नेताओं को पराजय का मुंह देखना पड़ा है। भाजपा की जीत पर जिले में चहुँओर जश्न का माहौल है। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर कल्पना सोनकर की जीत पर उनके पति सिराथू ब्लाक प्रमुख जितेंद्र सोनकर ने कहा कि यह जीत अन्याय के खिलाफ न्याय की लड़ाई की जीत है और कल्पना सोनकर की जीत जिले वासियों की जीत है। 
जितेंद्र सोनकर ने कहा कि जिले का विकास निस्वार्थ भाव से किया जाएगा। कल्पना सोनकर की जीत पर चायल विधायक संजय गुप्ता सिराथू विधायक शीतला प्रसाद पटेल मंझनपुर विधायक लाल बहादुर ने बधाई दी है। वही, बधाई देने वालों में चायल ब्लाक प्रमुख सोनू कुमार इंजीनियर भाजपा की पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पुष्पा देवी, पूर्व जिला अध्यक्ष प्रेमचंद चौधरी, सुनील मिश्रा सहित तमाम लोगों ने कल्पना सोनकर की जीत पर बधाई दी है।
सुशील केसरवानी 

निर्वाचन के संपन्न होने पर पुलिसों को धन्यवाद दिया

अतुल त्यागी            
हापुड़। पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन द्वारा जिला पंचायत अध्यक्ष के निर्वाचन के शांतिपूर्ण संपन्न होने पर ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों को धन्यवाद दिया गया। बताते चलें, कि प्रदेश भर में आज तीन जुलाई को जिला पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव के मद्देनजर जनपद हापुड़ में होने वाले चुनाव में ड्यूटी रत उन सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को हापुड़ एसपी नीरज कुमार जादौन ने धन्यवाद किया।
वहीं, एक एसपी सर्वेश कुमार मिश्रा ने भी सभी को उनके कार्य पर बधाई दी। जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा की रेखा नागर की जीत पर चुनाव सकुशल संपन्न हुआ।

अलग-अलग देशों में डेल्टा वैरिएंट का खतरा बढ़ा: विश्व

मॉस्को। दुनिया में अलग-अलग देशों में अब कोरोना वायरस के डेल्टा वैरिएंट का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते 24 घंटे में रूस में कोरोना महामारी के कारण रिकॉर्ड मौतें दर्ज की गई है। इन मौतों के लिए कोरोना के डेल्टा वैरिएंट को ही जिम्मेदार माना जा रहा है। दुनिया के सबसे बड़े देश रूस में शुक्रवार को दैनिक सीओवीआईडी-19 से संबंधित मौतों की एक रिकॉर्ड संख्या दर्ज की है।
रूस की सरकार के कोरोना वायरस टास्कफोर्स ने जानकारी दी है कि बीते 24 घंटों में 679 लोगों की मौत हुई है, जो महामारी शुरू होने के बाद से अब तक एक दिन में सबसे अधिक है। साथ ही बीते 24 घंटे में 23,218 नए संक्रमण के मामले दर्ज हुए हैं। यहां राजधानी मास्को में सबसे ज्यादा 6,893 कोरोना केस मिले हैं। रूसी राजधानी महामारी के दौरान प्रकोप का केंद्र बनकर उभरा है। 
मास्को के डिप्टी मेयर डिप्टी मेयर अनास्तासिया राकोवा ने कहा कि रोगियों के इलाज के लिए अस्पतालों को फिर से तैयार किया जा रहा है। डिप्टी मेयर डिप्टी मेयर अनास्तासिया ने कहा है कि हम जल्द से जल्द वायरस से लडऩे के लिए अन्य अस्पतालों को भी जोड़ेंगे। साथ ही यह भी संभावना है कि फिलहाल हमें लॉकडाउन न लगाना पड़े, इसकी पूरी कोशिश करेंगे। गौरतलब है कि वैक्सीन व्यापक रूप से उपलब्ध हैं, लेकिन शॉट्स की मांग धीमी रही है और सर्वेक्षणों से पता चलता है कि बहुत से लोग उन्हें नहीं लेना चाहते हैं। इसलिए भी संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। इधर विश्व स्वास्थ्य संगठन पहले ही चेतावनी जारी कर चुका है कि कोरोना वायरस का डेल्टा वैरिएंट अभी तक 90 से ज्यादा देशों में फैल चुका है।

चिकित्सकों द्वारा याचिका पर सुनवाई करेंगा एचसी

अकांशु उपाध्याय             
नई दिल्ली। दिल्ली हाईकोर्ट ने शुक्रवार को कहा कि वह चिकित्सकों द्वारा दायर एक याचिका पर 12 जुलाई को सुनवाई करेगा। इस याचिका में चिकित्सकों ने देश में कोविड-19 के हालात के मद्देनजर उनकी विदेशी चिकित्सा स्नातक परीक्षा (एफएमजीई) को टालने को लेकर दायर याचिका को खारिज किए जाने के दौरान अदालत द्वारा की गई कुछ टिप्पणियों और जुर्माना लगाए जाने के आदेश को चुनौती दी है।
न्यायमूर्ति सी हरिशंकर और न्यायमूर्ति सुब्रमणियम प्रसाद की अवकाशकालीन पीठ ने कहा कि इस मामले पर अभी विचार किए जाने का कोई औचित्य नहीं है और मामले को नियमित पीठ के पास सुनवाई के लिये 12 जुलाई को सूचीबद्ध कर दिया।
अदालत ने कहा, “आप सिर्फ जुर्माना और विपरीत टिप्पणियों को चुनौती दे रहे हैं, इसे रोस्टर बेंच (नियमित पीठ) के समक्ष सुनवाई के लिये आने दीजिए।” याचिकाकर्ता, एसोसिएशन ऑफ एमडी फिजिशियंस, ने एकल न्यायाधीश की पीठ के 11 जून के आदेश को चुनौती देते हुए याचिका दायर की है। अदालत ने तब अपने आदेश में याचिका खारिज करते हुए 25 हजार रुपए का जुर्माना लगाया था और कुछ विपरीत टिप्पणियां की थीं। 
याचिका में 18 जून को होने वाली परीक्षा को टालने का अनुरोध किया गया था।
एसोसिएशन ने कहा था कि परीक्षा केंद्रों के रूप में सीमित शहरों को ही अधिसूचित किया जा रहा है और ऐसे में बड़ी संख्या में उम्मीदवारों को कोविड टीके की एक भी खुराक लिए बिना यात्रा करनी होगी। इस संगठन के सदस्यों में कुछ विदेशी मेडिकल स्नातक भी हैं, जिन्होंने विदेशों में स्थित संस्थानों में अपना प्राथमिक मेडिकल पाठ्यक्रम पूरा किया है। एकल न्यायाधीश ने याचिका खारिज करते हुए कहा था कि इसमें कोई संदेह नहीं कि जून 2021 में एफएमजीई की परीक्षा कराने के फैसले के लिए राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड (एनबीई) और राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग ने मामले के सभी पहलुओं पर ध्यान दिया होगा।

अभिनेत्री रवीना टंडन ने एक झलक साझा की: मुंबई

कविता गर्ग               
मुंबई। अभिनेत्री रवीना टंडन ने शुक्रवार को अपनी सुबह की एक झलक साझा की। उन्होंने उसे मेसी के रूप में वर्णित किया। रवीना ने इंस्टाग्राम पर कई तस्वीरें पोस्ट की हैं। उन्होंने कुछ क्लोज-अप तस्वीरें साझा कीं, जिसमें परफेक्ट स्किन, कोहल्ड आंखें और गंदे बाल दिखाई दे रहे थे।
उन्होंने कैप्शन में लिखा सम मेसी मार्निग हैशटैग जस्ट मेसी हैशटैग नोमेकप हैशटैग मेसीहेयर हैशटैग नोफिल्टर की तरह हो।
इस बीच, रवीना श्रृंखला अरण्यक के साथ अपना डिजिटल डेब्यू करने के लिए तैयार हैं। रोहन सिप्पी द्वारा बनाई गई श्रृंखला में परमब्रत चट्टोपाध्याय भी हैं।
क्राइम ड्रामा दो पुलिसकर्मियों की कहानी बताता है जो एक लापता पर्यटक को खोजने और जंगल में एक खून के प्यासे व्यक्ति के मिथक को पुनर्जीवित करने के मिशन पर हैं।
रवीना 2018 कन्नड़ ब्लॉकबस्टर, केजीएफ: चैपटर 1 की अगली कड़ी केजीएफ: चैपटर 2 में भी दिखाई देंगी।

घर में आग लगने से 4 बच्चों सहित 7 लोगों की मौंत

अकांशु उपाध्याय             
नई दिल्ली। कनाडा के अलबर्टा प्रांत केचेस्टरमेरे शहर में एक आवासीय घर में आग लगने से चार बच्चों सहित सात लोगों की मौत हो गई।
मृतकों में दो पुरूष, एक महिला तथा चार बच्चे (चार वर्ष से 12 वर्ष के उम्र तक) शामिल हैं। चार बच्चों समेत पांच लोग दुर्घटना वाले घर से बाहर निकलने में कामयाब रहे।सीटीवी न्यूज प्रसारणकर्ता के मुताबिक जिस मकान में आग लगी उसमें दो मुस्लिम परिवार रहते थे।आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

581 लोगों को जान से हाथ धोना पड़ा: अमेरिका

अकांशु उपाध्याय                  
नई दिल्ली। भीषण गर्मी ने महाशक्ति अमेरिका और कनाडा में अपना कहर बरपा रखा है। तन-झुलसाती गर्मी की चपेट में आकर वहां आए दिन लोग गर्मी से झुलस कर अपनी जान गंवा रहे हैं। दोनों देशों में अभी तक कुल मिलाकर 581 लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा है।
भारत की तरह विश्व के अन्य कई अन्य देशों में भी भीषण गर्मी अपना कहर बरपा रही है। अमेरिका में प्रशांत उत्तर पश्चिमी क्षेत्र में गर्मी की वजह से मरने वालों का आंकड़ा बढ़ता ही जा रहा है। चिकित्सा कर्मियों का कहना है कि अत्यधिक गर्मी के कारण मरने वाले लोगों की संख्या अभी और बढ़ सकती है। ओरीगन, वाशिंगटन स्टेट और कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया मैं अभी तक गर्मी की चपेट में आकर सैकड़ों लोगों की मौत हो चुकी है।
अभी इस बात का पता लगाया जा रहा है कि यह कि क्या सभी लोगों की मौते अत्यधिक गर्मी की वजह से हुई हैं। 
इस क्षेत्र में 25 जून से भयंकर गर्मी पडनी शुरू हुई थी और मंगलवार को ही कुछ इलाकों को थोड़ी राहत मिली है। ओरीगन के चिकित्सक परीक्षक ने शुक्रवार को बताया है कि अकेले इस राज्य में मृतकों की संख्या कम से कम 95 पर पहुंच गई है। सबसे अधिक मौत मुल्टोनोमा काउंटी में हुई है। मरने वालों में ग्वाटेमाला का एक प्रवासी मजदूर भी शामिल है। कनाडा में ब्रिटिश कोलंबिया की मुख्य कोरोनर लेपोइंते ने बताया है कि उनके कार्यालय को 25 जून और बुधवार के बीच कम से कम 486 लोगों की अचानक और अप्रत्याशित मौत होने की सूचनाएं मिली हैं। उन्होंने कहा है कि हालांकि यह कहना अभी जल्दबाजी होगी कि इनमें से कितने लोगों की मौत लू की वजह से हुई है। लेकिन गर्मी की वजह से ही यह मौतें होने की आशंका है।

अस्थिरता पैदा कर लोगो के साथ धोखा कर रहा नेतृत्व

अकांशु उपाध्याय                  
नई दिल्ली। कांग्रेस ने उत्तराखंड मे बार-बार मुख्यमंत्री बदले जाने की निंदा करते हुए इसे उत्तराखंड की जनता का अपमान बताया और कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का केंद्रीय नेतृत्व प्रदेश में राजनीतिक अस्थिरता पैदा कर लोगो के साथ धोखा कर रहा है।
कांग्रेस के उत्तराखंड के प्रभारी देवेंद्र यादव, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह तथा कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शनिवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भाजपा प्रदेश में संवैधानिक बाध्यता का हवाला देकर राज्य में राजनीतिक अस्थिरता पैदा कर उत्तराखंड के लोगों को दिग्भ्रमित कर रही है।यादव ने मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के इस्तीफे को उत्तराखंड की जनता के साथ धोखा बताया और कहा कि राज्य में प्रचंड बहुमत के बावजूद भाजपा के पास प्रदेश को चलाने के लिए कोई नेता नहीं है। जो मुख्यमंत्री के रूप में प्रभावी तरीके से काम कर सके।
सुरजेवाला ने इस बदलाव को उत्तराखंड की जनता के साथ ज्यादती, जुल्म तथा धोखा बताया और कहा कि भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व उत्तराखंड के विकास को अवरुद्ध कर प्रदेश की जनता के साथ धोखा कर रहा है।पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने अस्वस्थ होने के कारण फोन पर ही संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुये मुख्यमंत्री को बार-बार बदलने की कवायद को निंदनीय करार दिया और कहा कि आए दिन इस तरह का भाजपा का हाई ड्रामा राज्य की जनता का अपमान है।
रावत ने कहा कि भाजपा को 2017 में प्रचंड बहुमत मिला था और उसके पास केंद्र तथा राज्य में डबल इंजन की सरकार भी है, इसके बावजूद राज्य का विकास नहीं किया गया। 
उनका कहना था कि भाजपा सरकार ने उत्तराखंड में किसी भी समस्या का समाधान नहीं किया है और हास्यास्पद तरीके से मुख्यमंत्री बदलती रही है।प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में राज्य में कोई विकास कार्य नहीं हुआ है और सरकार जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है और अब संवैधानिक बाध्यता का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री को बदला जा रहा है। उनका कहना था कि भाजपा ने सत्ता में आने से पहले जनता से जो वादे किए थे उसे पूरा नहीं किया है और अब लोगों को दिग्भ्रमित करने के लिए राजनीतिक अस्थिरता पैदा की जा रही है।

घरेलू स्तर पर सोने-चांदी की चमक बढ़ीं, जानिए कीमत

कविता गर्ग           

मुंबई। विदेशों में दोनों कीमती धातुओं में रही तेजी के बीच घरेलू स्तर पर भी शुक्रवार को सोने-चाँदी की चमक बढ़ गई। एमसीएक्स वायदा बाजार में सोना 406 रुपये यानी 0.86 प्रतिशत चमककर 47,445 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुँच गया। वहीं, सोना मिनी 568 रुपये की बढ़त के साथ 47,553 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुँच गई। चाँदी 575 रुपये यानी 0.84 प्रतिशत उछलकर 68,730 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव बिकी। चाँदी मिनी भी 471 रुपये मजबूत हुई और 69,723 रुपये प्रति किलोग्राम बोली गई।

जमानत पर रिहा करने से इनकार, अर्जी खारिज की

बृजेश केसवानी           
प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा है कि आपराधिक केस में जमानत नियम तो जेल अपवाद है। किन्तु जमानत देना अपराध के तथ्यों व परिस्थितियों को देखते हुए जज के विवेक पर निर्भर करता है।
कोर्ट ने कहा दुराचार के साक्ष्य पर ट्रायल के समय विचार होगा। यह देखा जायेगा कि पीड़िता के साथ उचित न्याय हो। कोर्ट ने नाबालिग के साथ दुराचार कर वीडियो वायरल करने व धमकाने के आरोपी रिजवान को जमानत पर रिहा करने से इनकार करते हुए अर्जी खारिज कर दी है।
यह आदेश न्यायमूर्ति सौरभ श्याम शमशेरी ने दिया है। मंडी जिले की कोतवाली में नाबालिग बच्ची के गर्भवती होने पर पांच माह बाद 28 जनवरी 18 को एफ आई आर दर्ज करायी गयी। लड़की ने अपनी मां से उसके साथ हुए दुराचार की घटना बतायी। जब मेडिकल जांच हुई तो रिपोर्ट आयी कि बाह्य चोट नहीं है। इसके आधार पर आरोपी रिजवान ने कहा उसे फंसाया जा रहा है।
कोर्ट ने कहा लड़की का बयान और आरोपी की धमकी अपराध की गम्भीरता बता रहे है। पांच माह बाद जाच रिपोर्ट ट्रायल कोर्ट में साक्ष्यों पर तय होगी। इसके  आधार पर जमानत नहीं दी जा सकती।

5805 अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र वितरित किया: यूपी

हरिओम उपाध्याय              
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड द्वारा चयनित 5805 अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र वितरित किया। राज्य सरकार ने मिशन रोजगार के तहत कारागार विभाग में जेल वॉर्डर (महिला व पुरुष), घुड़सवार पुलिस और अग्निशमन विभाग में फायरमैन पदों के लिए 5,805 से अधिक अभ्यर्थियों का चयन किया था।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी सफल अभ्यर्थियों को बधाई दी और उनसे अपेक्षा की कि वे पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ अपनी सेवाओं को प्रदेशवासियों को देंगे। उन्होंने कहा कि सभी चयनित अभ्यर्थी शासन की अपेक्षा के अनुरूप अपने-अपने फील्ड में कार्य करते हुए प्रदेश की 24 करोड़ जनता की आशा और अपेक्षा के अनुरूप परिणाम देंगे। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार में हर भर्ती प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराया जा रहा है। हर भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार का कोई भ्रष्टाचार, भाई भतीजा वाद या किसी भी अन्य प्रकार का कोई शिकायत न होना यह उनकी सरकार की कार्यपद्धति का नमूना है।   

इस दौरान अभ्यर्थियों से संवाद बनाते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि इस चयन प्रक्रिया में प्रारम्भ से नियुक्ति पत्र वितरण तक कहीं भी किसी अभ्यर्थी से कोई लेन-देन की बात प्रकाश में नहीं आयी है। और न ही किसी भी स्तर पर एक भी अभ्यर्थी को सिफारिश कराने की नौबत आयी। उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति किसी भी स्तर पर किसी भी प्रकार के भेदभाव की बात नहीं कर सकता है।

योगी ने कहा कि पिछले सवा चार वर्ष के दौरान भर्ती से जुड़े जितने भी विभाग थे उन सब का सफलतापूर्वक समाधान करते हुए एक सरल पारदर्शी और ईमानदारी पूर्वक भर्ती प्रक्रिया को प्रदेश के अंदर प्रारंभ किया गया उसका परिणाम था कि राज्य सरकार ने सवा चार साल के दौरान डेढ़ लाख से अधिक पुलिस भर्ती प्रक्रिया को संपन्न किया है।

उन्होंने बताया कि उनकी सरकार ने सवा चार साल में सवा चार लाख के आसपास सरकारी नौकरी दी। इसके अलावा इससे कई गुना निजी क्षेत्र में भी लोगों को रोजगार उपलब्ध कराएं गये हैं। उन्होंने बताया कि डेढ़ करोड़ से अधिक युवाओं को जो प्रदेश के अन्दर निजी निवेश हुआ है उसमें रोजगार प्राप्त हुए हैं। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे प्रसन्नता है कि आज जो नियुक्ति पत्र बांटे गये उनमें 20 फीसदी महिलाओं की नियुक्ति हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि आरक्षी पुलिस विभाग की एक पहचान थी, लेकिन वह पूरी तरह समाप्त सा होता जा रहा था। प्रसन्नता है कि आरक्षी घुड़सवार की भी भर्ती प्रक्रिया पूरी की गई है और अच्छे नौजवान उसमें आए हैं।

गौरतलब है कि 5,805 से अधिक पदों पर चयन की प्रक्रिया में कारागार विभाग में जेल वार्डर पर उसने 3012 पदों पर चयन हुआ है। जेल वार्डर पद पर 626 महिलाओं को नियुक्ति दी गई है। 102 घुड़सवार पुलिस और अग्निशमन विभाग में 2065 युवाओं को फायरमेन बनाया गया है। इन सभी चयनित अभ्यर्थियों को आज शाम को उनके नियुक्ति पत्र दिये गये। 



बेंच ने कानून पर रोक लगाने से इनकार किया: एससी

अकांशु उपाध्याय              
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु सरकार की ओर से अति पिछड़ा वर्ग को दिए गए आरक्षण में वनियाकुल क्षत्रिय को साढ़े दस फीसदी आरक्षण देने के फैसले को चुनौती देने वाली दो याचिकाओं पर नोटिस जारी किया है। जस्टिस एल नागेश्वर राव की अध्यक्षता वाली बेंच ने इस कानून पर रोक लगाने से इनकार कर दिया।
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने याचिकाकर्ताओं की ओर वकील एस नागामुथु से कहा कि आप मद्रास हाईकोर्ट क्यों नहीं जा रहे हैं, वहां मामला पहले से लंबित है। हमें वहां के फैसले का लाभ मिलेगा। 
तब नागामुथु ने कहा कि इस मामले में नोटिस जारी किया जाए और ऐसी ही लंबित याचिकाओं के साथ टैग कर दिया जाए।
याचिका में कहा गया है कि तमिलनाडु सरकार की ओर से लाया गया यह कानून असंवैधानिक है और संविधान की धारा 340 का उल्लंघन है। याचिका में कहा गया है कि संविधान में आरक्षण केवल वर्ग के आधार पर दिया जा सकता है, किसी विशेष जाति के आधार पर नहीं। यह कानून वनियाकुल क्षत्रिय जाति की मांग को पूरा करने के लिए लाया गया है।

कार्यों को तेजी से क्रियान्वित करने के निर्देश दिएं: यूपी

हरिओम उपाध्याय          
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के सुनियोजित नगर विकास के लिए किए जा रहे कार्यों को तेजी से क्रियान्वित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि स्थानीय निवासियों सहित अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं, तीर्थयात्रियों एवं पर्यटकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर नगरीय अवस्थापना को सुदृढ़ किया जाए। उन्होंने सभी परियोजनाओं को पूरी गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री योगी शुक्रवार को यहां लोक भवन में आहूत एक उच्च स्तरीय बैठक में अयोध्या नगर निगम क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि अयोध्या नगर निगम में सीवरेज ट्रीटमेन्ट फैसिलिटी, सीवर लाइन तथा सीवर हाउस कनेक्शन की वर्तमान मंे उपलब्ध सुविधाओं तथा आवश्यकता के अन्तर को पूर्ण करने के लिए डीपीआर दो चरणों में प्रस्तुत किये जाएंगे। प्रथम चरण में 150 किलोमीटर सीवर लाइन तथा 20 हजार घरों हेतु सीवर कनेक्शन हेतु प्रस्ताव किया गया है। इसकी अनुमानित लागत 280 करोड़ रुपये है। द्वितीय चरण में सीवरेज ट्रीटमेन्ट सुविधा, 191.48 किलोमीटर सीवर लाइन तथा 20,316 घरों हेतु सीवर कनेक्शन का प्रस्ताव है। इस परियोजना की अनुमानित लागत 320 करोड़ रुपये है।
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि सरयू नदी मंे गिरने वाले नालों में से 3.5 एमएलडी के 05 नालों की टैपिंग की जा चुकी है। 15 नालों की टैपिंग के लिए नमामि गंगे परियोजना के तहत एनएमसीजी द्वारा 221.66 करोड़ रुपये की डीपीआर स्वीकृत की गयी है। नगर निगम में सभी घरों तक वाॅटर सप्लाई कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए 105 करोड़ रुपये की धनराशि से लगभग 20,000 घरों को वाॅटर कनेक्शन उपलब्ध कराए जा सकेंगे।
सात पार्कों का विकास कार्य जारी...
मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि नगर निगम अयोध्या में अमृत योजना के अन्तर्गत सात पार्कों का विकास कराया जा रहा है। इनमें से पांच पार्कांे का कार्य पूर्ण हो गया है। राजद्वार पार्क 80 प्रतिशत तथा अश्वनीपुरम काॅलोनी पार्क का 60 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो गया है। ठोस अपशिष्ट प्रबन्धन हेतु जिला प्रशासन द्वारा नगर निगम सहित 03 अन्य निकायों को 10.052 हेक्टेयर भूमि उपलब्ध करायी गयी है। यह भूमि ठोस अपशिष्ट प्रबन्धन हेतु उपयुक्त पायी गयी है। इसमें लैण्ड फिलसाइट एवं प्लाण्ट स्थापित किया जा सकता है।
नगर निगम अयोध्या हेतु आईटीएमएस परियोजना स्वीकृत की गयी है। परियोजना की लागत 49.74 करोड़ रुपये है। 
परियोजना के लिए 12.42 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त कर दी गयी है। परियोजना के तहत एडाॅप्टिव टैªफिक कण्ट्रोल सिस्टम, आॅटोमैटिक नम्बर प्लेट रिकगनिशन सिस्टम, रेड लाइट वाॅयलेशन डिटेक्शन सिस्टम, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, इमरजेन्सी काॅल बाॅक्स, सिटी वाईफाई, आॅपरेशन कण्ट्रोल रूम आदि विकसित किये जाएंगे। परियोजना के अक्टूबर, 2021 में क्रियाशील होने की सम्भावना है।
मल्टीलेवल स्मार्ट पार्किंग भी हो रही विकसित
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को यह भी बताया कि स्मार्ट सिटी के अन्तर्गत अयोध्या में मल्टीलेवल स्मार्ट पार्किंग विकसित करने की कार्यवाही भी की जा रही है। नगर निगम में कान्हा गौशाला विकसित की जा रही है, इसकी लागत 852.57 लाख रुपये है।  
नगर निगम अयोध्या द्वारा मैटीरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेन्टर क्रियाशील कराया गया है। इस परियोजना की लागत 38.42 लाख रुपये है। एमआरएफ सेन्टर में शेड, टाॅयलेट, बाउण्ड्रीवाॅल, टूलरूम तथा वाॅशिंग एरिया, पार्किंग एरिया व ड्राइंग एरिया का निर्माण कराया गया है। सेन्टर में विगत तीन माह से कूड़े के पृथकीकरण का कार्य मैनुअल सम्पादित किया जा रहा है। सेन्टर में आवश्यक इक्युप्मेन्ट आपूर्ति की कार्यवाही गतिमान है। वर्तमान में सेन्टर में इंसीनरेटर स्थापित करा दिया गया है। एमआरएफ सेन्टर 15 अगस्त से सेमी आॅटोमैटिक रूप से क्रियाशील हो जाएगा। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 30 जून तक 6,112 आॅनलाइन एप्लीकेशन प्राप्त हुए। 3,337 को लोन स्वीकृत किया गया तथा 3,167 को ऋण उपलब्ध करा दिया गया है।

मुंबई: दीपिका ने 1 वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा की

कविता गर्ग            
मुंबई। स्टार प्लस के मशहूर धारावाहिक 'दिया और बाती हम' में संध्या का किरदार निभाकर घर-घर में मशहूर हुई टेलीविजन जगत की मशहूर अभिनेत्री दीपिका सिंह गोयल सोशल मीडिया पर अक्सर अपनी तस्वीरें व डांस वीडियोज फैंस के साथ साझा करती हैं। इस बार भी दीपिका ने अपना एक वीडियो इंस्टाग्राम पर फैंस के साथ साझा किया है। जिसमें वह जमकर वर्कआउट करती नजर आ रहीं हैं।
इस वीडियो में दीपिका जमकर पसीना बहाती नजर आ रही हैं। दीपिका इन दिनों अपना समय अपने परिवार के साथ बीता रही हैं और देश में फैली कोरोना महामारी के बीच खुद को फिट रखने की भी पूरी कोशिश कर रही हैं। दीपिका ने साल 2011 में स्टार प्लस के धारावाहिक 'दिया और बाती' से टेलीविजन की दुनिया में कदम रखा था। इस धारावाहिक में वह लीड रोल में थी और उन्होंने संध्या का किरदार निभाया था। इसके बाद वह धारावाहिक कवच में भी नजर आईं। दीपिका ने साल 2014 में डायरेक्टर रोहित राज गोयल से शादी कर ली। दीपिका और रोहित का एक बेटा है, जिसका नाम सोहम है। दीपिका इन दिनों टेलीविजन इंडस्ट्री से दूर हैं, लेकिन सोशल मीडिया के जरिये वह फैंस से जुड़ी रहती हैं।

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं: कंपनी

अकांशु उपाध्याय                  
नई दिल्ली। तेल विपणन कंपनियों ने शनिवार को पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया।
अग्रणी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अनुसार, दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 99.16 रुपये प्रति लीटर के अब तक के उच्चतम स्तर पर स्थिर रही। शुक्रवार को पेट्रोल 35 पैसे महँगा हुआ था। डीजल लगातार चौथे दिन 89.18 रुपये प्रति लीटर पर अपरिवर्तित रहा।
पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने का मौजूदा सिलसिला 04 मई को शुरू हुआ था। दिल्ली में मई और जून में पेट्रोल 8.41 रुपये और डीजल 8.45 रुपये महँगा हुआ था।
देश के दूसरे शहरों में भी दोनों जीवाश्म ईंधनों के दाम आज स्थिर रहे। मुंबई में पेट्रोल 105.24 रुपये और डीजल 96.72 रुपये प्रति लीटर पर टिका रहा। चेन्नई में 100.13 रुपये और डीजल 93.72 रुपये प्रति लीटर के भाव बिका। कोलकाता में एक लीटर पेट्रोल की कीमत 99.04 रुपये और डीजल की कीमत 92.03 रुपये रही।
पेट्रोल-डीजल के मूल्यों की रोजाना समीक्षा होती है और उसके आधार पर हर दिन सुबह छह बजे से नयी कीमतें लागू की जाती हैं।

अगले 5 दिनों में लू चलने की संभावना जताई

अगले 5 दिनों में लू चलने की संभावना जताई इकबाल अंसारी  नई दिल्ली। दिल्ली समेत देशभर में गर्मी बढ़ रही है। आने वाले दिनों के लिए भारत मौसम वि...