सोमवार, 21 जून 2021

नोएडा से चल रहें धर्मांतरण रैकेट का भंडाफोड़ किया

हरिओम उपाध्याय                  
लखनऊ। यूपी एटीएस ने नोएडा से चल रहे धर्मांतरण रैकेट का भंडाफोड़ किया है। यूपी पुलिस ने मोहम्मद उमर गौतम और काजी जहांगीर कासमी को इस रैकेट के लिए गिरफ्तार किया है। यूपी के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने बताया, कि नौकरी पैसों का लालच देकर दो साल से धर्मांतरण का रैकेट चल रहा था।
कुछ फाइलों से विदेशी फंडिंग के सबूत भी मिले हैं। पुलिस के अनुसार नोएडा 117 सेक्टर के बच्चों का धर्मांतरण कराया गया है। आरोप है कि 1000 से ज्यादा लोगों का इन लोगों ने बीते 2 साल में धर्म परिवर्तन किया है। जिनमें नोएडा के मूक बाघिर 18 बच्चे भी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार ही है रैकेट नोएडा से चलाया जा रहा था।

24 घंटे में कोरोना के 53,256 नए मामलें सामने आएं

अकांशु उपाध्याय                   
नई दिल्ली। भारत में 88 दिन बाद, 24 घंटे में कोविड-19 के सबसे कम 53,256 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमण कुल मामले बढ़ कर 2,99,35,221 हो गए। उपचाराधीन मरीजों की संख्या भी कम होकर 7,02,887 हो गई है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से 1,422 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 3,88,135 हो गई। 
देश में 65 दिन बाद संक्रमण से मौत के इतने कम मामले सामने आए हैं। अभी 7,02,887 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 2.35 प्रतिशत है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर भी बढ़कर 96.36 प्रतिशत हो गई है। आंकड़ों के अनुसार, देश में अभी तक कुल 39,24,07,782 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई है, जिनमें से 13,88,699 नमूनों की जांच रविवार को की गई।
नमूनों के संक्रमित आने की दैनिक दर 3.83 प्रतिशत है, पिछले 14 दिन से यह पांच प्रतिशत से कम बनी है। नमूनों के संक्रमित आने की साप्ताहिक दर भी कम होकर 3.32 प्रतिशत हो गई है। संक्रमण मुक्त हुए लोगों की संख्या लगातार 39वें दिन संक्रमण के नए मामलों से अधिक रही।
देश में अभी तक कुल 2,88,44,199 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। कोविड-19 से मत्यु दर 1.30 प्रतिशत है। देश में अभी तक कुल 28,0036,898 लोगों को कोविड-19 रोधी टीके लग चुके हैं। देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख से अधिक हो गई थी।वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवम्बर को 90 लाख के पार हो गए। देश में 19 दिसम्बर को ये मामले एक करोड़ के पार और चार मई को दो करोड़ के पार चले गए थे।

कानूनों की वापसी पर अड़े किसान 6 माह तक डटें

अकांशु उपाध्याय                   
नई दिल्ली। कृषि कानूनों की वापसी पर अड़े किसान 6 महीने से ज्यादा वक्त से दिल्ली की सीमाओं पर डटे हुए हैं और सरकार से उनकी हर बातचीत अब तक बेनतीजा ही रही है। ऐसे में कई बार किसानों को मनाने को कोशिश हुई लेकिन कानूनों की वापसी से कम कुछ भी प्रदर्शनकारी किसानों को मंजूर नहीं है। अब भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने केंद्र सरकार को धमकी तक दे दी है।
राकेश टिकैत ने रविवार को ट्वीट करते हुए लिखा कि अब सरकार का इलाज करना पड़ेगा ये माननी वाली नहीं है। उन्होंने इसके साथ ही किसानों से ट्रैक्टर तैयार रखने को कहा है ताकि फिर से दिल्ली कूच किया जा सके। टिकैत ने केंद्र सरकार को आंदोलन तेज करने की चेतावनी भी दे डाली है।संयुक्त किसान मोर्चा की अगुवाई में करीब 40 किसान संगठन प्रदर्शन कर रहे हैं और इस प्रदर्शन को 26 जून को सात महीने पूरे होने जा रहे हैं। ऐसे में आंदोलन तेज होने की पूरी आशंका है। 26 जून को ही किसान नेता स्वामी सहजानंद सरस्वती की पुण्यतिथि भी है। 
किसान दिल्ली के गाज़ीपुर, टीकरी और सिंघू बॉर्डर पर 26 नंवबर से धरना दे रहे हैं। उनकी मांग है कि केंद्र सरकार तीन नए कृषि कानूनों को रद्द करे और न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी दे।
सरकार और किसान यूनियनों के बीच अब तक 11 दौर की बातचीत हो चुकी है। आखिरी बार बातचीत 22 जनवरी को हुई थी। 26 जनवरी को किसानों की ट्रैक्टर रैली के दौरान हुई हिंसा के बाद दोनों पक्षों के बीच बातचीत रुक गई थी। इस बीच सुप्रीम कोर्ट ने भी 11 जनवरी 2021 को इन तीनों कृषि कानूनों के क्रियान्वयन को अगले आदेश तक के लिये स्थगित कर दिया था। साथ ही गतिरोध को दूर करने के लिये चार सदस्यीय कमेटी की नियुक्ति की थी।
हालांकि इस मुद्दे पर सरकार का रुख साफ है। केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने शुक्रवार को तीनों नए कृषि कानूनों को वापस लिये जाने से एक बार फिर इनकार किया है। उन्होंने कहा है कि सरकार इन कानूनों के विभिन्न प्रावधानों को लेकर आंदोलन कर रहे किसानों के साथ बातचीत फिर शुरू करने को तैयार है।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शिविरों का आयोजन किया

हरिओम उपाध्याय                
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को सातवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मंडल स्तर पर योग शिविरों का आयोजन किया। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने नागरिकों को बधाई दी। मुख्‍यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयास से संयुक्त राष्ट्रसंघ ने भारत की इस प्राचीन विधा को अंतरराष्ट्रीय मान्यता दी है और तबसे यह पूरी दुनिया में मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, ‘योग, भारतीय मनीषा द्वारा विश्व को प्रदान किया गया वह अमूल्य उपहार है जो शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखता है। 
आइए इस अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर हम सभी योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लें।’भाजपा प्रवक्ता के अनुसार पार्टी ने प्रदेश के सभी 1918 मंडलों में योग शिविर का आयोजन किया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने लखनऊ में अपने आवास पर योग किया, वहीं प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने पार्टी के राज्य मुख्यालय पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ योग-प्राणायाम किया। भाजपा के सांसद, विधायक, मंत्री, आयोग, निगम, बोर्ड के अध्यक्ष व सदस्यों सहित पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता विश्व योग दिवस पर योग शिविर में सुबह पहुंचे और योग किया।

उम्मीद की किरण से आत्मबल ही स्रोत बना: पीएम

अकांशु उपाध्याय         

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि कोविड-19 वैश्विक महामारी के दौरान योग दुनिया के लिए ”उम्मीद की किरण” और इस मुश्किल समय में आत्मबल का स्रोत बना रहा। मोदी ने सातवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर अपने संबोधन में कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के साथ मिलकर भारत ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब दुनिया को ‘एम-योग’ ऐप की शक्ति मिलने जा रही है। जिस पर सामान्य नियमों पर आधारित योग प्रशिक्षण के कई वीडियो दुनिया की अलग-अलग भाषाओं में उपलब्ध होंगे। इससे ‘एक विश्व, एक स्वास्थ्य’ का लक्ष्य पूरा होगा। उन्होंने इस संदर्भ में कहा, ”जब भारत ने संयुक्त राष्ट्र में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का प्रस्ताव रखा था, तो उसके पीछे यही भावना थी कि यह योग विज्ञान पूरे विश्व के लिए सुलभ हो।

आज इस दिशा में भारत ने संयुक्त राष्ट्र, विश्व स्वास्थ्य संगठन के साथ मिलकर एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है।” मोदी ने कहा, ” आज जब पूरा विश्व कोविड-19 वैश्विक महामारी का मुकाबला कर रहा है, तो योग उम्मीद की एक किरण बना हुआ है।” प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले दो वर्ष से दुनिया भर के देशों में और डेढ़ साल में भारत में भले ही बड़ा सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित नहीं हुआ हो। लेकिन योग दिवस के प्रति उत्साह कम नहीं हुआ है। 

दुनिया के अधिकांश देशों के लिए योग दिवस कोई उनका सदियों पुराना सांस्कृतिक पर्व नहीं है। इस मुश्किल समय में, इतनी परेशानी में लोग इसे भूल सकते थे, इसकी उपेक्षा कर सकते थे। लेकिन इसके विपरीत, लोगों में योग के प्रति उत्साह बढ़ा है, योग से प्रेम बढ़ा है। उन्होंने कहा, ”जब कोरोना वायरस के अदृश्य वायरस ने दुनिया में दस्तक दी थी, तब कोई भी देश, साधनों से, सामर्थ्य से और मानसिक अवस्था से, इसके लिए तैयार नहीं था।


कश्मीर: सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 3 आतंकी ढेर

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में बारामूला जिले के सोपोर इलाके में सुरक्षा बलों के साथ रात भर चली मुठभेड़ में मारे गए तीन आतंकवादियों में से एक वांछित आतंकवादी मुदस्सिर पंडित था और दूसरा आतंकवादी पाकिस्तान का रहने वाला था। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि यह मुठभेड़ उत्तर कश्मीर जिले के सोपोर के गुंड ब्राथ इलाके में रविवार रात शुरू हुई थी।

इलाके में मुदस्सिर पंडित समेत कम से कम तीन आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर सुरक्षा बलों ने यहां घेराबंदी करके तलाश अभियान चलाया था। उन्होंने कहा, ‘‘लश्कर-ए-तैयबा का कुख्यात आतंकवादी मुदस्सिर पंडित सोपोर में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में मारा गया। वह तीन पुलिसकर्मियों, दो पार्षद और दो आम नागरिकों की हाल में की गई हत्या में शामिल था।’’

योग: उत्तराखंड के सीएम तीरथ ने योगाभ्यास किया

पंकज कपूर                       
देहरादून। देशभर के साथ ही देवभूमि उत्तरखंड के अलग-अलग हिस्सों में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। आयुष और आयुष शिक्षा विभाग उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय में योगाभ्यास का आयोजन कर रहा है। जिसमें मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत और वन मंत्री हरक सिंह रावत ने योगाभ्यास किया। इस दौरान सीएम रावत ने सभी को योग दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भले ही हम कोरोना के कारण सामूहिक रूप से योगाभ्यास नहीं कर पा रहे हैं, लेकिन लोग ऑनलाइन माध्यम से जुड़कर अपने घरों पर रहकर योग कर रहे हैं। उन्होंने ये भी कहा कि उत्तराखंड की धरती से निकलकर ही योग देश और दुनिया में पहुंचा है।
आयुष मंत्रालय के स्लोगन, घर पर रहकर करें योग, परिवार के साथ करें योग। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सुनील कुमार जोशी ने जन सामान्य से अनुरोध किया है कि वह अपने-अपने घरों में रहकर उपरोक्त लिंक से जुड़कर योगाभ्यास करें।
 

विश्व में कोरोना संक्रमित संख्या-17.84 करोड़ हुईं

वाशिंगटन डीसी/नई दिल्ली। विश्वभर में कोरोना वायरस (कोविड-19) का प्रकोप जारी है और बीते एक दिन में तीन लाख चार हजार 416 लोग संक्रमित हुए है। जिसे मिलाकर अब तक 17.84 करोड़ से अधिक लोग संक्रमित हो चुके है तथा 38.64 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। अमेरिका की जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के विज्ञान एवं इंजीनियरिंग केंद्र (सीएसएसई) की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार दुनिया के 192 देशों एवं क्षेत्रों में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 17 करोड़ 84 लाख 32 हजार 437 हो गयी है। जबकि 38 लाख 64 हजार 694 लोग इस महमारी से जान गंवा चुके हैं।
विश्व में महाशक्ति माने जाने वाले अमेरिका में कोरोना वायरस की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ी है। यहां संक्रमितों की कुल संख्या 3,35,41,889 हो गई है और छह लाख एक हजार 826 लोगों की इसके संक्रमण से मौत हो गई है। दुनिया में कोरोना संक्रमितों के मामले में भारत दूसरे और मृतकों के मामले में तीसरे स्थान पर काबिज है। देश में पिछले 24 घंटों में 53,256 नए मामले सामने आने के साथ ही संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 2,99,35,221 हो गया। 
इस दौरान 78,190 और मरीजों के स्वस्थ होने के बाद इस महमारी को मात देने वालों की कुल संख्या बढ़कर 2,88,44,199 हो गई हैं। सक्रिय मामले 26,356 कम होकर 7,02,887 रह गये हैं। इसी अवधि में 1,422 मरीजों की जान जाने के बाद मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 3,88,135 हो गया है। ब्राजील संक्रमितों के मामले में अब तीसरे स्थान पर है। देश में कोरोना संक्रमण के मामले फिर से बढ़ रहे हैं और अभी तक इससे 1,79,27,928 लोग प्रभावित हुए हैं जबकि पांच लाख से अधिक 5,01,825 मरीजों की मौत हो चुकी है। ब्राजील कोरोना से हुयीं मौतों के मामले में विश्व में दूसरे स्थान पर है। संक्रमण के मामले में फ्रांस चौथे स्थान पर है।
जहां कोरोना वायरस से अब तक 58.19 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं जबकि 1,10,900 मरीजों की मौत हो चुकी है। तुर्की में कोरोना से प्रभावित संख्या 53.70 लाख से अधिक हो गयी है और 49,185 मरीजों की मौत हो चुकी है। रूस में कोरोना संक्रमितों की संख्या 52.55 लाख से अधिक हो गई है और इसके संक्रमण से 1,27,206 लोगों की मौत हो चुकी है। ब्रिटेन में कोरोना वायरस फिर से तेजी से पांव पसार रहा है यहां प्रभावितों की कुल संख्या 46.46 लाख से अधिक हो गयी है और 1,28,240 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों के मामले में ब्रिटेन पांचवें स्थान पर है। इस बीच इटली को पीछे छोड़ते हुए संक्रमण के मामले में अर्जेंटीना आगे निकल चुका है। 
अर्जेंटीना में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 42.68 लाख से अधिक हो गयी है तथा मृतकों की संख्या 89,043 तक पहुंच गयी है।इटली में कोरोना प्रभावितों की संख्या 42.52 लाख से अधिक हो गयी है और 1,27,270 मरीजों की जान जा चुकी है। कोलंबिया में कोरोना वायरस से 39.45 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं और 99,934 लोगों ने जान गंवाई है। स्पेन में इस महामारी से 37.57 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं और 80,652 लोगों की मौत हो चुकी है। जर्मनी में वायरस की चपेट में आने वालों की संख्या 37.30 लाख से अधिक हो गई है और 90,400 लोगों की मौत हो चुकी है।
इस बीच ईरान ने संक्रमण के मामले में पोलैंड को पीछे छोड़ दिया है और वहां संक्रमितों की संख्या बढ़कर 30.95 लाख से ज्यादा हो गयी है तथा मृतकों का आंकड़ा 82,965 तक पहुंच गया है। पोलैंड में कोरोना से 28.78 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं और इस महामारी से 74,828 लोग जान गंवा चुके हैं। मैक्सिको में कोरोना से 24.77 लाख से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं और यह देश मृतकों के मामले विश्व में चौथे स्थान पर है जहां अभी तक इस वायरस के संक्रमण से 2,31,187 लोगों की मौत हो चुकी है।
यूक्रेन में संक्रमितों की संख्या 22.91 लाख से अधिक है और 54,171 लोग अपनी जान गंवा बैठे हैं। पेरू में संक्रमितों की संख्या 20.26 लाख से अधिक हो गयी है, जबकि 1,90,202 लोगों की जान जा चुकी है। इंडोनेशिया में भी कोरोना संक्रमण के मामले 19.89 लाख के पार पहुंच गये हैं जबकि 54,662 लोगों की मौत हो चुकी है। दक्षिण अफ्रीका में कोरोना वायरस से 18.23 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं और 58,702 लोगों की मौत हो चुकी है।
नीदरलैंड में कोरोना से अब तक 17.06 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं और यहां इस महामारी से 18,007 लोग जान गंवा चुके हैं। चेक गणराज्य में कोरोना से अब तक 16.66 लाख से अधिक लोग प्रभावित हो चुके हैं और यहां इस महामारी से 30,280 लोग जान गंवा चुके हैं। महामारी के उद्गम स्थल वाले देश चीन में 1,03,543 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 4,846 लोगों की मौत हो चुकी है। पड़ोसी देश पाकिस्तान में अब तक कोरोना से 9.49 लाख से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं और 22,007 मरीजों की मौत हो चुकी है। अन्य पड़ोसी देश बंगलादेश में भी कोरोना वायरस का प्रकोप जारी है जहां करीब 8.51 लाख लोग संक्रमित हुए हैं और 13,548 मरीजों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा दुनिया के अन्य देशों में भी कोरोना वायरस के संक्रमण से स्थिति खराब है।

यूपी माध्यमिक शिक्षा परिषद ने फाॅर्मूला जारी किया

हरिओम उपाध्याय                  
लखनऊ। कोरोना के कारण हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा रद्द करने के बाद रिजल्ट को लेकर माथापच्ची शुरू हो गई है। हाल ही में सीबीएसई ने विद्यार्थियों को पास करने का अपना फाॅर्मूला जारी किया था। अब उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने भी अपना फाॅर्मूला जारी कर दिया है। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने ट्वीट करते हुए इसकी जानकारी दी है। इसमें उन्होंने बताया है कि अपर मुख्य सचिव आराधना शुक्ला की अध्यक्षता में गठित कमेटी द्वारा तैयार ड्राफ्ट को 20 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने प्रस्तुत किया गया था।
जिसे उनकी मंजूरी के बाद सार्वजनिक कर दिया गया है। उप मुख्यमंत्री ने मूल्यांकन मानदंड जारी करते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश बोर्ड के 10वीं और 12वीं कक्षा के परीक्षाफल के मूल्यांकन के लिए तय किए गए फॉर्मूला के अनुसार, कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा के मूल्यांकन के लिए 10वीं कक्षा, 11वीं कक्षा और 12वीं के अंक जोड़े जाएंगे। इस योजना के तहत हाईस्कूल परीक्षा में मिले अंको का 50 फीसदी, कक्षा 11 के वार्षिक/अर्धवार्षिक परीक्षा के 40 फीसदी अंक और कक्षा 12वीं में हुई प्री-बोर्ड परीक्षाओं के प्राप्तांकों के 10 फीसदी अंक जोड़े जाएंगे।उप मुख्यमंत्री ने बताया है कि हाईस्कूल परीक्षा का जो परिणाम जारी होगा, उसमें कक्षा नौ का 50 फीसद और 10वीं में हुई प्री बोर्ड परीक्षा के 50 फीसद अंक जोड़े जाएंगे।

अंतरराष्ट्रीय योग विद्या में चीन ने भारत को पछाड़ा

अकांशु उपाध्याय                  
नई दिल्ली/ बीजिंग। स्वदेशी कार्यकर्ता भले ही चीन के उत्पादों का विरोध कर रहे हो। मगर भारतीय योग विद्या को चीन ने गले लगा कर भारत को पीछे कर दिया है। पहले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के बाद से वहां अब तक 50 भारत-योग विद्यालय और अमेरिका में पहला योग विश्वविद्यालय भी खुल गया है। 100 से ज्यादा देशों में कई योग केंद्र, सर्टिफिकेट कोर्स भी चला रहे हैं। जबकि भारत में मोरारजी देसाई के नाम पर योग विश्वविद्यालय खुलना था, इस बार के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विश्वविद्यालय का फीता नहीं काट पाएंगे। 
योग की दयनीय स्थिति तब है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस क्षेत्र को खुली छूट दी हुई है।प्रथम अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के दौरान चीन के लोगों में भारतीय योग के प्रति काफी झुकाव देखा गया था क्योंकि दुनिया में भारत के बाद सबसे ज्यादा चीनी नागरिकों ने ही योग दिवस में हिस्सा लिया था। सन 2015 में चीन में अपने योग शिक्षक बनाने का फैसला लिया गया और यून्नान शहर में पहला योग कालेज खोला गया जिसका नाम भारत-चीन योग विद्यालय है। 
इसके बाद वहां पर एक-एक करके अब तक 50 विद्यालय खुल चुके हैं जिनमें पोस्ट ग्रेजुएट स्तर की योग विद्या दी जाती है। चीन में 3 वर्ष के लिए पीजी कोर्स की पढ़ाई होती है जिसमें वहां के छात्रों को एक वर्ष के लिए भारत आना पड़ता है जो विभिन्न योग विद्यालयों मेइंटर्नशिप जैसी पढ़ाई करते हैं। इसी तरह अमेरिका में भी लास एंजिल्स शहर में स्वामी विवेकानंद योग विश्वविद्यालय खोला गया है जिसमें वहां की सरकार ने 50 लाख डॉलर खर्च किए थे। यहां भी पोस्ट ग्रेजुएट एवं पीएचडी की डिग्री दी जाती है। भारत में पहला योग विश्वविद्यालय बेंगलुरु में सन 2002 में स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान के नाम से खोला था। जिसके कुलाधिपति डॉ एच आर नागेंद्र हैं अमेरिकी योग विश्वविद्यालय का चेयरमैन भी डॉ नागेंद्र को बनाया गया है।
इस विश्वविद्यालय का नाम स्वामी विवेकानंद के नाम से अमेरिका ने इसलिए रखा है क्योंकि वन 1893 में स्वामी विवेकानंद ने शिकागो में जो ऐतिहासिक उद्बोधन दिया था उसमें अध्यात्म और योग का भी काफी उल्लेख किया था। सरकारी स्तर पर भारत में योग को पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही बढ़ावा दिया और उन्हीं की पहल पर संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने का ऐलान किया था।
मगर यहां योग की हालत यह है कि देश की राजधानी दिल्ली में मोरारजी देसाई के नाम पर एक योग विश्वविद्यालय कई वर्षों से प्रस्तावित है मगर दो-तीन मंत्रालयों के बीच मामला फंसा हुआ है। अभी यह मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के नाम से इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय के अधीन चल रहा है। सभी राज्यों के विश्वविद्यालयों से कहा गया था की डिग्री कॉलेजों में योग विज्ञान की पढ़ाई को अनिवार्य किया जाए एवं उनके विभाग खोले जाएं। लेकिन अभी 5 फीसद काम भी नहीं हुआ है। योग आयुष मंत्रालय व उसकी पढ़ाई शिक्षा मंत्रालय के अधीन है।

चयनित टीम में रेलवे के 4 खिलाड़ियों का चयन किया

टोक्यो/ अहमदाबाद। टोक्यो में इस वर्ष 23 जुलाई से आयोजित होने वाले ओलंपिक की हॉकी स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चयनित टीम में पश्चिम रेलवे के चार खिलाड़ियों का चयन किया गया है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित ठाकुर द्वारा यहां जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पश्चिम रेलवे के लिए यह गर्व का विषय है। टोक्यो ओलंपिक में खेलने जा रही पुरुष और महिला भारतीय हॉकी टीमों में पश्चिम रेलवे के दो महिला और दो पुरुष हॉकी खिलाड़ी दल का हिस्सा होंगे। महाप्रबंधक आलोक कंसल ने इन खिलाड़ियों को बधाई दी और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए उनका उत्साहवर्धन किया। 
उल्लेखनीय है कि दीप ग्रेस एक्का और नवनीत कौर टोक्यो ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रही जो भारतीय महिला हॉकी टीम का हिस्सा हैं, जबकि अमित रोहिदास और नीलकांत शर्मा पुरुष हॉकी टीम का हिस्सा हैं। चार खिलाड़ियों में से तीन पश्चिम रेलवे के मुंबई डिवीजन के टिकट चेकिंग कैडर से संबंधित हैं, जबकि सुश्री एक्का मुंबई सेंट्रल में कार्यालय अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। दीप ग्रेस एक्का और नवनीत कौर ने इससे पहले 2016 में आयोजित रियो ओलंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। वे जकार्ता में आयोजित 2018 – एशियाई खेलों में रजत पदक जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की सदस्य भी थीं। 
अमित रोहिदास 2018 – एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के सदस्य थे। अमित रोहिदास और नीलकांत शर्मा 2019 में भुवनेश्वर में आयोजित आईएचएफ हॉकी विश्व कप में रजत पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के भी सदस्य थे। जहां एक ओर पश्चिम रेलवे ने हमेशा अपने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया है तो वही दूसरी ओर पश्चिम रेलवे के खिलाड़िओं ने हमेशा अपने प्रदर्शन और उपलब्धियों से संबंधित क्षेत्रों में अपना एक अलग स्थान बनाया है।

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन
सर्वसाधारण को सूचित किया जाता है कि श्रीमती शिक्षा पत्नी तीरथ पाल निवासी विजय विहार, लोनी गाजियाबाद के द्वारा गलत आचरण के कारण अपने पुत्र मोनू एवं पुत्रवधू मंजू से सभी प्रकार के संबंध विच्छेद कर लिए हैं। भविष्य में इनके द्वारा किसी भी कृत्य से कोई संबंध नहीं है। किसी भी प्रकार के कृत्य के लिए स्वयं जिम्मेदार होंगे। इनसे भविष्य में मेरा किसी प्रकार का कोई लेन-देन अथवा संबंध नहीं है।

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण 

1. अंक-310 (साल-02)
2. मंगलवार, जून 22, 2021
3. शक-1984, ज्येठ, शुक्ल-पक्ष, तिथि-द्वादशी, विक्रमी सवंत-2078।
4. सूर्योदय प्रातः 05:42, सूर्यास्त 07:16।
5. न्‍यूनतम तापमान -20 डी.सै., अधिकतम-36+ डी.सै.।
बरसात की संभावना
6.समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा। सभी पद अवैतनिक है।
7.स्वामी, प्रकाशक, संपादक राधेश्याम के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित। प्रकाशित समाचार, विज्ञापन एवं लेखोंं से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं हैं। पीआरबी एक्ट के अंतर्गत उत्तरदायी।
8.संपादकीय कार्यालय- 263 सरस्वती विहार, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102।
9.संपर्क एवं व्यावसायिक कार्यालय-डी-60,100 फुटा रोड बलराम नगर, लोनी,गाजियाबाद उ.प्र.-20110
http://www.universalexpress.page/
email:universalexpress.editor@gmail.com
संपर्क सूत्र :- +919350302745  
                     (सर्वाधिकार सुरक्षित) 

कप्तान तेंदुलकर ने सोलर प्लांट का शुभारंभ किया

कप्तान तेंदुलकर ने सोलर प्लांट का शुभारंभ किया पंकज कपूर  रुद्रपुर। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और भारत रत्न से सम्मानित सचिन तेंदुलक...