रविवार, 13 जून 2021

नागिन ने 3 दिन में नाग की मौत का बदला लिया

अहमदाबाद। नागिन के द्वारा इंतकाम लेना हमने फिल्मों में देखा है। लेकिन एक ऐसा ही मामला सच में सामने आया है। यह मामला गुजरात के गांधीनगर जिले का है, जहां एक घर में सांप नजर आने पर परिवार के सदस्यों ने मार दिया था। लेकिन तीन दिनों के अंदर ही उस परिवार के 2 लोगों की सांप के डंसने से मौत हो गई।
मृत दोनों लोग के बीच चाची और भतीजी का रिश्ता है। खास बात ये है कि इन दोनों को सांप ने एक ही जगह और एक ही तरह से डंसा है। सांप के डंसने के बाद उनकी हालत इतनी बिगड़ गई थी कि समय पर अस्पताल पहुंचने के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका। डॉक्टर का कहना है कि उनकी पूरी बॉडी में जहर बहुत तेजी से फैला, जिससे उनकी मौत हो गई। मृतकों में एक छोटी बच्ची है, जिसकी उम्र मात्र 7 साल थी। ध्यान देने वाली बात है कि ये दोनों घटनाएं अलग-अलग समय और जगहों पर हुई थी। अब इस पूरी घटना को लोग नागिन का बदला लेना ही बता रहे हैं। लेकिन सच क्या है यह कोई शायद ही बता सकता है।

सिंधिया को मोदी कैबिनेट में मिल सकता है स्थान

मनोज सिंह ठाकुर   
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में जल्द ही विस्तार किया जा सकता है। माना जा रहा है कि संसद के मानसून सत्र से पहले ही कैबिनेट विस्तार संभव है। केन्द्रीय कैबिनेट के विस्तार के साथ ही मध्य प्रदेश में कमलनाथ सरकार का तख्तापलट कराने में अहम भूमिका निभाने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया का इंतजार भी खत्म हो सकता है। सिंधिया को मोदी सरकार में बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है।
दरअसल सिंधिया के करीबी एक वरिष्ठ नेता के हवाले से बताया जा रहा है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया को रेल मंत्री बनाया जा सकता है। इसके साथ ही सिंधिया को शहरी विकास या मानव संसाधन जैसे अहम मंत्रालय भी दिए जा सकते हैं। सिंधिया भी इन दिनों खासे एक्टिव दिखाई दे रहे हैं और भाजपा के नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। उन्हें भाजपा में शामिल हुए 15 महीने हो चुके हैं। अब भाजपा उनसे किया वादा पूरा करने जा रही है। इसके संकेत दिल्ली से लेकर मध्यप्रदेश तक हैं।
जानकारों का मानना है कि मोदी ज्योतिरादित्य को कैबिनेट मंत्री बनाएंगे। इसकी वजह यह है कि मनमोहन सरकार में भी उन्होंने अपने कामों के चलते एक एक्टिव मंत्री की छवि बनाई थी। इस बार वे टीम मोदी में शामिल होते हैं, तो फिर वे अपना काम दिखा पाएंगे। उनकी क्षमताओं का लाभ उन्हें प्रस्तावित फेरबदल में मिलने की पूरी संभावना है। ज्योतिरादित्य सिंधिया कांग्रेस में रहने के दौरान मनमोहन सरकार में भी अहम मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। सिंधिया ने मनमोहन सरकार में टेलीकॉम, आईटी इंडस्ट्रीज जैसे अहम मंत्रालय संभाले थे। यही वजह है कि मोदी सरकार भी उन्हें कोई बड़ी जिम्मेदारी दे सकती है। मोदी कैबिनेट का विस्तार जून के अंत में या फिर अगले महीने की शुरुआत में संभव है। 

24 घंटे में कोरोना के 80,834 नए संक्रमित मिलें

अकांशु उपाध्याय   नई दिल्ली। देश में पिछले दिनों के मुकाबले कोरोना के नए मामलों में कमी आयी है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के 80 हजार 834 नए मामले सामने आए हैं, जबकि इस बीमारी से 3303 लोगों की मौत हो गई। इस दौरान 1 लाख, 32 हजार, 062 मरीज स्वस्थ हुए हैं। पिछले 31 दिनों से लगातार स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या नए मरीजों से अधिक है।
वहीं, देश में नए मामले आने की दर यानि पॉजिटिविटी दर में कमी आई है। पिछले 20 दिनों से लगातार पॉजिटिविटी दर 10 प्रतिशत से नीचे है। पिछले 24 घटे में पॉजिटिविटी दर 4.25 प्रतिशत रही है। रविवार सुबह केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में अबतक कोरोना के कुल 2,94,39,989 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं, इस बीमारी से अबतक 3,70,384 लोगों की मौत हो चुकी है। एक्टिव मरीज की संख्या 10,26,159 है। वहीं, राहत भरी खबर है कि कोरोना से अबतक 2,80,43,446 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
रिकवरी रेट 95.26 फीसद
कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है जो राहत की बात है। रिकवरी रेट में सुधार हो रहा है। पिछले 24 घंटे में देश का रिकवरी रेट बढ़कर 95.26 प्रतिशत हो गया है।
चौबीस घंटे में 19 लाख से अधिक टेस्ट
आईसीएमआर के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 19 लाख से अधिक टेस्ट किए जा चुके हैं। देश में अबतक कुल 37. 81 करोड़ टेस्ट किए जा चुके हैं।
25.31 करोड़ वैक्सीन की खुराक दी गई
देश में अबतक कुल 25.31 करोड़ कोरोना वैक्सीन की खुराक दी जा चुकी है। इनमें 20 करोड़ ज्यादा पहली डोज है। बिहार, दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तरप्रदेश, पश्चिम बंगाल में 18-44 साल के 10 लाख से ऊपर लोगों को टीके की पहली डोज दी गयी है। इस श्रेणी में अबतक चार करोड़ से ज्यादा लोगों को वैक्सीन की डोज दी जा चुकी है।

शुक्र ग्रह 22 जून को कर्क राशि में गोचर करेंगे

शुुक्र ग्रह को सुख, सौंदर्य, कला, प्रेम, वाहन समेत अन्य भौतिक सुखों का कारक माना जाता है। शुक्र ग्रह की स्थिति से पता चलता है कि हम दोस्ती में कैसे रहेंगे और प्रेम संबंध में हमारी भावनाएं कैसी होंगी। शुक्र एक राशि से दूसरी राशि में गोचर करने के लिए लगभग 23 दिनों का समय लेता है। वैदिक ज्योतिष में भी शुक्र की गिनती शुभ ग्रहों में की जाती है। शुक्र के राशि परिवर्तन का भी सभी राशियों पर प्रभाव पड़ता है। शुक्र 22 जून को कर्क राशि में गोचर करेंगे। इससे पहले 29 मई के दिन शुक्र ने अपनी राशि बदली थी। शुक्र के कर्क राशि में गोचर करने से कुछ राशियों को लाभ होगा तो कुछ राशियों को नुकसान पहुंचेगा।
22 जून को मेष राशि के चतुर्थ भाव में शुक्र का गोचर हो रहा है। चतुर्थ भाव आराम, माता और सुख-सुविधाओं का कारक है। शुक्र गोचर से आपकी आर्थिक स्थिति बेहतर होगी। करियर में भी आपको सफलता की नई ऊंचाइयां मिलेंगी। कार्यक्षेत्र में बदलाव भी संभव है। मिथुन राशि के दूसरे भाव में शुक्र का गोचर हो रहा है। यह भाव वाणी, धन और परिवार का कारक माना जाता है। आपकी राशि में शुक्र के गोचर के दौरान आप परिवार के साथ अच्छा समय बिताएंगे। निवेश में मुनाफा हो सकता है। आमदनी में बढ़ोतरी होने के प्रबल योग हैं। यात्राओं का योग भी बन सकता है। शुक्र का गोचर वृश्चिक राशि वालों के लिए शुभ परिणाम लेकर आएगा। व्यापारियों को फायदा होगा। शुक्र गोचर के दौरान नए कार्य की शुरुआत करना उत्तम रहेगा। इस दौरान आपको करियर के क्षेत्र में अच्छे अवसर मिलेगें। अपनी सेहत का ध्यान रखें। साथ ही कार्य क्षेत्र में अनावश्यक बातों में उलझने से बचें। मकर राशि के सातवें भाव में शुक्र का गोचर हो रहा है। यह भाव विवाह और भागीदारी का कारक माना जाता है। इस वजह से मकर राशि में शुक्र के गोचर के दौरान नौकरी पेशा लोगों के जीवन में अनुकूल बदलाव हो सकते हैं। प्रमोशन मिलने की उम्मीद है। शुक्र के असर से आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। छात्रों का मन पढ़ाई से हट सकता है।

सुशील को अपनी जान का खतरा ज्यादा सता रहा हैं

अकांशु उपाध्याय   
नई दिल्ली। उत्तर पश्चिमी जिले के मॉडल टाउन स्थित छत्रसाल स्टेडियम में सागर हत्याकांड के मुख्य आरोपित सुशील को अब अपनी जान का खतरा सबसे ज्यादा सता रहा है। जेल सूत्रों के अनुसार, मंडोली जेल में सुशील के 14 दिन पूरे होने वाले है। ऐसे में उसे अब इस बात का डर सता रहा है कि 14 दिन पूरे होने के बाद उसे भी तिहाड़ जेल में शिफ्ट किया जायेगा। जहां उसकी जान को खतरा है। जेल सूत्रों की माने तो गैंगवार को देखते हुए ही सुशील के आने के बाद लॉरेंस बिश्नोई को तिहाड़ जेल में शिफ्ट किया गया था। वहीं जेल प्रशासन का कहना है कि जेल की तरफ से सुशील पर विशेष नजर रखी जा रही है और उसे अन्य कैदियों से अलग भी रखा गया है। 
क्यों मारना चाहता है सुशील को
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, लॉरेंस बिश्नोई इस समय सबसे बड़ा गैंगस्टर है। फिलहाल वह तिहाड़ जेल में बंद है। किसी समय लॉरेंस बिश्नोई से सलमान खान को भी खतरा था। जोधपुर जेल में बंद रहने के दौरान उसने सलमान खान को काले हिरण का शिकार करने की वजह से जान से मारने की धमकी दी थी। लॉरेंस बिश्नोई पर 20 से ज्यादा आपराधिक केस दर्ज है। जानकारी के अनुसार, सुशील पहलवान ने सागर के साथ जिस सोनू महाल को पीटा था, वह काला जठेड़ी का भांजा है। काला जठेड़ी-लॉरेंस बिश्नोई अभी सबसे बड़े गैंगस्टर हैं। काला जठेड़ी से जहां सुशील को जेल के बाहर फरारी के दौरान खतरा था, तो वहीं जेल के भीतर लॉरेंस बिश्नोई खुद मौजूद है।
सूत्रों की मानें तो काला जठेड़ी से सुशील माफी भी मांग चुका है लेकिन काला जठेड़ी अपने भांजे की पिटाई से बेहद नाराज है। यही वजह है कि सुशील को अपनी जान पर खतरा महसूस हो रहा है। कौन है लॉरेंस बिश्नोई ?पुलिस सूत्रों की मानें तो लॉरेंस बिश्नोई मूलत: पंजाब का रहने वाला है। उसकी डीएवी कॉलेज चंडीगढ़ में पढ़ाई के दौरान कई पहलवानों से दोस्ती हो गई थी, उसी दौरान उसने अपराध की दुनिया में अपना कदम रखा। पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा और राजस्थान में वह आपराधिक वारदातों को अंजाम देने लगा। उसके खिलाफ 20 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं।
वहीं, लॉरेंस इतना शातिर है कि जेल के भीतर रहते हुए भी वह अपना गैंग ऑपरेट करता है। जेल से उसके इशारे पर हत्या, हमला, जबरन उगाही आदि वारदातों को उसके गुर्गे अंजाम देते हैं। उसके गैंग में करीब 100 से ज्यादा युवा लड़के हैं, जो उसके इशारे पर किसी की भी जान ले सकते हैं। कपिल सांगवान द्वारा काला जठेड़ी से हुई दोस्ती राजस्थान जेल में रहने के दौरान उसकी कपिल सांगवान उर्फ नंदू से दोस्ती हुई। नंदू ने ही हरियाणा के गैंगस्टर काला जठेड़ी से उसकी दोस्ती करवाई थी। अभी जेल में जहां लॉरेंस इस गैंग की कमान संभाल रहा है तो वहीं बाहर दुबई में बैठकर काला जठेड़ी गैंग के लिए उगाही कर रहा है।  

बरसात थमने के बाद 48 घंटे तक ऑरेंज अलर्ट

कविता गर्ग   
मुंबई। मुंबई में रविवार सुबह से ही बारिश थम गई है लेकिन भारतीय मौसम विभाग की ओर से आगामी 48 घंटे के लिए ऑरेंज एलर्ट जारी किया गया है। मुंबई उपनगर के संरक्षक मंत्री आदित्य ठाकरे ने आम नागरिकों को सिर्फ अत्यावश्यक काम के लिए ही घर से निकलने की अपील की है। भारतीय मौसम विभाग की अधिकारी सुभांगी भुते के अनुसार मानसून ने अपना रंग बदल दिया है। आगामी 48 घंटों में मुंबई, ठाणे, पालघर आदि जिलों कहीं छिटपुट तो कहीं तेज बारिश की संभावना है। इसी वजह से इन जिलों में ऑरेंज एलर्ट जारी किया गया है। रायगढ़ व सिंधुदूर्ग में आगामी 48 घंटे में भारी बारिश की संभावना है इसलिए इन दोनों जिलों में रेड एलर्ट घोषित किया गया है।
आदित्य ठाकरे ने रविवार को बताया कि बारिश से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह से तैयार है। भारी बारिश से मुंबई के निचले इलाकों में हुए जलभराव की निकासी हो गई है। इसके बावजूद मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन सतर्क है। रायगढ़ व सिंधुदूर्ग जिले में मौसम विभाग की चेतावनी के बाद राष्ट्रीय आपदा मोचक बल (एनडीआरएफ)व राज्य आपदा मोचक बल की टीमें तैनात की गई हैं। मुंबई सहित सूबे के तटीय जिलों में मछुआरों को समुंद्र में न जाने की चेतावनी दी गई है। मानसून की पहली बारिश में ही मुंबई का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था। यहां महीने के शुरुआती 12 दिनों में ही पूरे महीने की बारिश दर्ज की जा चुकी है। रविवार को सुबह से मुंबई में बारिश नहीं हो रही है सिर्फ बादल छाए हुए हैं। बारिश न होने से मुंबई वासियों ने राहत महसूस किया है। 

हाउस टैक्स जमा नहीं किया, सीवर-पानी होगा बंद

अश्वनी उपाध्याय   गाजियाबाद। नगर निगम लंबे समय से हाउस टैक्स जमा नहीं करने वाले लोगों पर कार्रवाई करेगा। ऐसे लोगों के पानी और सीवर कनेक्शन काटे जाएंगे। पांचों जोन में हाउस टैक्स जमा नहीं करने वाले लोगों की सूची तैयार कराई जा रही है।

 नगर निगम ने इस साल के हाउस टैक्स के बिल जारी कर दिए हैं। इस बार 15 फीसदी बिल ज्यादा लिया जाएगा। कुछ पार्षद और स्थानीय लोग हाउस टैक्स बढ़ोतरी का विरोध कर रहे हैं। हालांकि निगम ने करदाताओं को 20 फीसदी छूट का लाभ दिया है। ऑनलाइन और ऑफलाइन बिल जमा कराए जा रहे हैं। पिछले वित्तीय वर्ष में निगम ने अच्छी वसूली की। इसे देखते हुए निगम ने अभी से ही हाउस टैक्स वसूली पर फोकस कर दिया। विजयनगर जोन पिछले साल हाउस टैक्स वसूली में पिछड़ गया था। विजयनगर जोन में वसूली पर जोर दिया जाएगा। इसके अलावा इस बार उन लोगों पर शिकंजा कसा जाएगा जो लंबे समय से हाउस टैक्स का बिल जमा नहीं कर रहे। पांच हजार से लेकर काफी बड़े बकायेदार हैं। ऐसे बकायेदारों की सूची तैयार कराई जा रही है। जल्दी ही नोटिस जारी किए जाएंगे। बता दें कि हाउस टैक्स जमा नहीं करने पर पिछले साल भी निगम ने कई प्रतिष्ठान सील किए थे।

भयानक सड़क हादसा, 5 महिलाओं की मौत 7 गंभीर

दुष्यंत सिंह टीकम   
राजिम। रायपुर से गरियाबंद जा रही तेज रफ्तार ईको स्पोर्ट्स कार राजिम के कोपरा बस्ती के पास पेड़ से टकराई। कार में सवार 5 महिलाओं की मौके पर मौत, 7 लोगो को आई गंभीर चोटे, 6 गंभीर घायलों को रायपुर के मेकाहारा किया रेफर। 13 साल की नाबालिग को आयी हल्की चोटे। कार में 12 लोग थे सवार। रायपुर के अभनपुर खट्टी गांव से दशग्रात्र कार्यक्रम से वापस गरियाबंद के मालगांव के एक ही परिवार के थे लोग। वापस घर जाते समय हुए हुआ दर्दनाक हादसा।
राजिम थाना इलाके का मामला पुलिस अधीक्षक गरियाबंद भोजराम पटेल ने बताया कि जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर घायलो को अस्पताल भेजने की व्यवस्था मे लग गई।गरियाबंद जिले  एक सड़क हादसे में एक ही परिवार के 5 महिलाओं की मौत हो गई है वही छह अन्य लोग घायल हुए हैं । यह सड़क दुर्घटना ईको वाहन के अनियंत्रित होकर रोड किनारे पेड़ से जा टकराने के कारण हुई है। उसके मुताबिक मृतक व घायल गरियाबंद ,मालगांव के निवासी हैं। यह सभी एक पारिवारिक कार्यक्रम से अपने घर को वापस आ रहे थे इसी दौरान NH 130 कोपरा  के समीप यह जिस इको वाहन में सवार थे वह अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही 5 महिलाओं की मौत हो गई जबकि, छह अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। गाड़ी में  वाहन चालक सहित 12 लोग सवार थे  पुलिस मौके पर पहुचकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इन घायलों मेंं से चार की हालत चिंताजनक बताई जा रही हैंं।

चीन: भीषण गैस विस्फोट में 12 की मौत, 100 घायल

बीजिंग। मध्य चीन के रिहायशी इलाके में रविवार सुबह भीषण गैस विस्फोट में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और 100 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आधिकारिक मीडिया ने यह खबर दी। यह विस्फोट हुबेई प्रांत के झांगवान जिले के शियान शहर में सुबह करीब छह बजकर 30 मिनट पर हुआ।खबरों के मुताबिक जिले में एक बाजार सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने अपनी खबर में बताया कि विस्फोट में 12 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने इलाके से 150 लोगों को निकाला है जिनमें से 39 गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘वीबो’ पर प्रसारित तस्वीरों और वीडियो फुटेज में कई घर जमींदोज दिखे और बचाव कर्मी इन तबाह हुए घरों से बड़े पैमाने पर मलबा हटाते दिखे। खबर में बताया गया कि हताहत हुए लोगों की ठीक-ठीक संख्या अब भी प्रमाणित की जा रही है क्योंकि तलाश एवं बचाव कार्य जारी है।

राजनाथ ने 499 करोड़ रुपए के बजट को मंजूरी दी

अकांशु उपाध्याय                  
नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अगले पांच वर्षों के लिए रक्षा क्षेत्र में अनुसंधान और नवोन्मेष के लिए करीब 499 करोड़ रुपए के बजट को मंजूरी दी है। रक्षा मंत्रालय ने रविवार को कहा कि रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को हासिल करने के मकसद से करीब 300 स्टार्टअप, लघु, छोटे और मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) और व्यक्तिगत अन्वेषकों को वित्तीय मदद मुहैया कराने के लिए इस निधि का इस्तेमाल किया जाएगा।
यह योजना सैन्य उपकरणों और हथियारों के आयात में कमी लाने और भारत को रक्षा विनिर्माण का केंद्र बनाने। की सरकार की कोशिश का हिस्सा है। 
मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अगले पांच वर्षों के लिए रक्षा उत्कृष्टता नवोन्मेष (आईडेक्स)-रक्षा नवोन्मेष संगठन (डीआईओ) के लिए 498.8 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी है।’’ इसने कहा कि आईडेक्स-डीआईओ का मुख्य उद्देश्य रक्षा तथा वैमानिकी क्षेत्र में आत्मनिर्भरता तथा स्वदेशीकरण है।मंत्रालय ने कहा, ‘‘अगले पांच साल के लिए 498.8 करोड़ रुपये के बजट सहयोग वाली इस योजना का मकसद डीआईओ रूपरेखा के तहत करीब 300 स्टार्टअप/एमएसएमई/व्यक्तिगत अन्वेषकों और 20 साझेदार संगठनों को वित्तीय मदद मुहैया कराना है। डीआईओ नवोन्मेषकों के लिए भारतीय रक्षा उत्पादन उद्यम के साथ बातचीत के माध्यम तैयार करने में मदद करेगा।
मंत्रालय ने कहा, ‘‘इस योजना से भारतीय रक्षा और वैमानिकी क्षेत्र को कम समय में अपनी जरूरतों को पूरो करने के लिए नवीन, स्वदेशी और नवोन्मेषी प्रौद्योगिकियां तेजी से विकसित करने में मदद मिलेगी। पिछले कुछ वर्षों में सरकार ने भारत को रक्षा उत्पादन का केंद्र बनाने के लिए कई सुधारात्मक कदम उठाए हैं और कई पहलों की शुरुआत की है।

संजय को इलाहाबाद का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया

बृजेश केसरवानी               
प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायमूर्ति संजय यादव को इलाहाबाद का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश राजभवन लखनऊ के गांधी हॉल में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने रविवार को न्यायमूर्ति संजय यादव को पद तथा गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनका कार्यकाल 13 दिन का ही है और वह 25 जून, 2021 को रिटायर होंगे।26 जून 1961 को जन्मे संजय यादव 25 अगस्त 1986 में अधिवक्ता के रूप में पंजीकृत हुए। उसके बाद उन्होंने जबलपुर हाईकोर्ट में वकालत प्रारंभ की। सिविल, रेवेन्यू और संवैधानिक मामलों में वकालत करने वाले संजय यादव मध्य प्रदेश के डिप्टी एडवोकेट जनरल भी रहे। इलाहाबाद हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजय यादव का कार्यकाल इसी महीने की 25 तारीख तक ही है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने इलाहाबाद उच्‍च न्‍यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजय यादव को चीफ जस्टिस के रूप में नियुक्त किया है। केंद्रीय विधि मंत्रालय की ओर से गुरुवार को जारी अधिसूचना के बाद उनकी नियुक्ति शपथ ग्रहण और कार्यभार संभालने की तिथि से प्रभावी करने का आदेश जारी किया गया था। इससे पहले वह 14 अप्रैल से कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में काम कर रहे थे।इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ,विधि एवम न्याय मंत्री ब्रजेश पाठक, मुख्य सचिव आरके तिवारी, राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव महेश कुमार गुप्ता, मुख्य न्यायाधीश महोदय के परिवार के सदस्य, हाई कोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश, रजिस्ट्रार तथा वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

50 फीसद क्षमता के साथ खोले जाएंगे रेस्टोरेंट: दिल्ली

अकांशु उपाध्याय                      
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में सोमवार से सभी बाजारों की सभी दुकानें खोल दी जाएंगी। इसके साथ ही रेस्टोरेंट भी पचास फीसद क्षमता के साथ खोले जाएंगे। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मार्केट-माल दुकानें खोलने का आड-इवेन सिस्टम खत्म कर दिया गया है। अब सोमवार से सारी दुकानें खोली जा सकेंगी। टाइमिंग सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक की होगी। रेस्टोरेंट खोलने की इजाजत होगी। लेकिन सीटिंग कैपेसिटी के 50 फीसद ग्राहकों के साथ। एक जोन में एक दिन में एक ही वीकली मार्केट खोलने की अनुमति दी गई है। हालांकि सामान्य समय में जितने लोग होते हैं। उसके 50 फीसद वेंडर्स के साथ ही वीकली मार्केट खोली जा सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पब्लिक प्लेस पर शादियों की अनुमति नहीं दी गई है। घर पर या कोर्ट में 20 लोगों की उपस्थिति में ही शादी की जा सकेगी। अंतिम संस्कार में भी 20 से ज्यादा लोग नहीं शामिल हो सकेंगे। धार्मिक स्थल खुल सकते हैं लेकिन किसी भी श्रद्धालु को वहां आने की इजाजत नहीं होगी। मेट्रो और और बसें 50 प्रतिशत सीटिंग कैपेसिटी के साथ चलती रहेंगी। डीडीएमए इस बाबत विस्तृत दिशा-निर्देश जल्द ही जारी करेगा।
 

अभिनेता अजय ने वैक्सीनेशन कैम्प की शुरुआत की

कविता गर्ग              

मुंबई। बॉलीवुड के सिंघम स्टार अजय देवगन ने कोरोना संकट के समय वैक्सीनेशन कैम्प शुरू किया, जिसके तहत इंडस्ट्री के वर्कर्स को कोरोना का टीका लगवाया गया। कोरोना काल में बॉलीवुड के कई स्टार्स लोगों की मदद के लिए आगे आ रहे हैं। अजय देवगन का एनवाय फाउंडेशन लगातार लोगों की मदद कर रहा है। एक ओर जहां यह फाउंडेशन 10 हजार लोगों की खाने की जरूरत पूरी कर रहा है तो वहीं इस फाउंडेशन ने वैक्सीनेशन कैम्प की शुरुआत की। जिसके तहत इंडस्ट्री से जुड़े वर्कर्स, मीडिया प्रोफेशनल और आम लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। ट्रेड एनालिस्ट तरन आदर्श ने सोशल मीडिया पर इस बात की पुष्टि की है। इससे पहले अजय देवगन ने बीएमसी के साथ हाथ मिलाकर हिंदुजा अस्पताल में आईसीयू और अन्य जरूरी मेडिकल फैसिलिटीज मुहैया कराई थीं।

बारिश के कारण उत्पन्न बीमारियों से लड़ने की तैयारी

हरिओम उपाध्याय                 
लखनऊ। कोरोना संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण करने के बाद घनी आबादी वाले उत्तर प्रदेश में सरकार ने मानसून के कारण मौसमी और मच्छर जनित बीमारियों से लड़ने की तैयारी कर ली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर 15 जून से घर-घर बच्चों को उपयोगी दवाइयों की किट वितरित करने का विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिये सीएचसी और पीएचसी में फीवर क्लीनिक स्थापित कर दिए गए हैं। सर्विलांस को और बेहतर करने में अधिकारी जुटे हैं। इंसेफेलाइटिस और मलेरिया जैसी बीमारियों के प्रसार को रोकने के लिये गोरखपुर, बस्ती और देवीपाटन मण्डल के साथ-साथ नेपाल से लगे जिलों में खास सावधानी बरतने को भी कहा गया है।
आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को बताया कि दशको से पूर्वांचल में बच्चों के लिये जानलेवा बीमारी के तौर पहचान बनाने वाली इंसेफेलाइटिस पर योगी सरकार के आने के बाद प्रभावी नियंत्रण पाया गया है। हर साल सैकड़ों मासूमों काे निगलने वाली इस बीमारी की दहशत अब पूर्वांचल में न के बराबर है। बच्चों के प्रति विशेष लगाव रखने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सांसद रहते हुये भी इंसेफेलाइटिस की रोकथाम के लिये प्रभावी प्रयास किये जबकि 2017 में राज्य मेें भाजपा की सरकार बनने के बाद उन्होने इस दिशा में जारी प्रयासों को परवान चढाया,नतीजन गोरखपुर,कुशीनगर और देवरिया समेत समूचे उत्तर प्रदेश में इस बीमारी से ग्रसित होने वाले बच्चों की संख्या न के बराबर रह गयी है।
उन्होने बताया कि महज दो महीनों में कोरोना संक्रमण की रफ्तार पर अंकुश लगाने के बाद योगी आदित्यनाथ की नजर बरसात के दिनों में होने वाली बीमारियों की रोकथाम पर है और उनके निर्देशों के बाद मच्छरों के काटने से होने वाली बीमारियों की रोकथाम के इंतजाम तेज हो गये हैं। गांवों, नगर पंचायतों, नगर पालिकाओं, नगर निगमों को विभिन्न जिम्मेदारी सौंपी गई हैं।
मौसमी बीमारियों के संक्रमण की चेन को रोकने के लिये आशा बहुओं, एएनएम और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को घर-घर बुखार के मरीजों की सूची बनाने को कहा गया है। मौके पर आरडीटी किट से खून की जांच करने,मलेरिया रोग चिन्हित होने पर उनके इलाज और फॉलोअप को शुरू करने के भी निर्देश उत्तर प्रदेश सरकार ने दिये हैं। मलेरिया विभाग की ओर से एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है। जिलों में विशेष रूप से डीडीटी से इंडोर रीजीड्यू स्प्रे (आईआरएस) कराने का काम भी तेज हो गया है। वैक्टरजनित रोगों के प्रभावी रोकथाम के लिये कार्ययोजना के तहत प्रदेश के अधिकांश जिलों के तालाबों में गम्बूजिया मछली डाली गई है। इन मछलियों को लार्वा को खत्म करने में उपयोगी भूमिका रहती है।
सूत्रों ने बताया कि बरसात में मौसमी बीमारियों के संक्रमण को रोकने के लिये नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों को साफ-सफाई के विशेष अभियान चलाने जा रही हैं। नालियों और नालों की सफाई करने के साथ फॉगिंग कराने के भी निर्देश दिये गये हैं। मुख्यमंत्री ने संचारी रोगों की रोकथाम के लिये विशेष रूप से सर्विलांस व्यवस्थाओं को और बेहतर करने, स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ ग्राम्य विकास विभाग और बाल विकास पुष्टाहाल आदि विभागों से एक्टिव रहने को कहा है। आशा बहुएं, आंगनबाड़ी कार्यकात्रियां, एएनएम, ग्राम प्रधान लोगों को मच्छर जनित बीमारियों से निपटने के लिये जागरूक करने की की विशेष जिम्मेदारी सौँपी गई है। ये गांव-गांव में मच्छर जनित रोगियों की जांच करेंगी और साथ में उनको बीमारी की रोकथाम के लिये जागरूक करने का भी काम करेंगी।

झटका: दिल का दौरा पड़ने से नेता इंदिरा का निधन

पंकज कपूर                        
हल्द्वानी। उत्तराखंड कांग्रेस को एक बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस की दिग्गज नेता एवं नेता प्रतिपक्ष इंदिरा ह्रदयेश का आज सुबह निधन हो गया। उनके पुत्र सुमित हृदयेश ने इसकी पुष्टि की है। इंदिरा राजनीतिक बैठक में हिस्सा लेने दिल्ली पहुंची थीं। वहां उत्तराखंड सदन में दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। नेता प्रतिपक्ष इंदिरा ह्रदयेश की उम्र 80 साल की थी। वह उत्तराखंड की राजनीति में आयरन लेडी के नाम से प्रसिद्ध थीं। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरूआत उत्तर प्रदेश से की और नेता प्रतिपक्ष के रूप में समाप्त की। इंदिरा के पार्थिव शरीर को दिल्ली से हल्द्वानी लाया जा रहा है। कोरोना संक्रमण के बाद से उनकी तबीयत खराब चल रही थी।

नाइजीरिया में मवेशी चोरों ने 53 लोगों की हत्या की

अबूजा। नाइजीरिया के उत्तर-पश्चिमी राज्य जम्फारा में सशस्त्र मवेशी चोरों ने कम से कम 53 लोगों की हत्या कर दी। ‘द कुवैत टाइम्स’ अखबार ने जम्फारा पुलिस के प्रवक्ता मोहम्मद शेहू के हवाले से शनिवार को बताया कि बंदूकधारी मोटरसाइकिल पर सवार थे और जुरमी जिले के कम से कम छह अलग-अलग गांवों के किसानों पर हमला किया। उन्होंने बताया कि जिन किसानों ने हमले से बच कर भागने की कोशिश की। उनका पीछा कर उनकी हत्या कर दी गयी। मोहम्मद शेहू ने बताया कि यह हमले गुरुवार और शुक्रवार को किए गए। शुक्रवार को कम से कम 14 शवों को राजधानी गुसाउ ले जाया गया। इस बीच स्थानीय निवासियों ने कुवैत टाइम्स को बताया कि उन्होंने 39 और शव बरामद किए और उन्हें दौरान शहर में दफना दिया है। 
जुरमी जिले के निवासियों ने स्थानीय अधिकारियों का ध्यान गांवों पर जारी सशस्त्र हमलों, अपहरण और छापे की समस्या की ओर आकर्षित करने के लिए पिछले सप्ताह एक प्रमुख राजमार्ग को अवरुद्ध कर दिया था।

विश्व: संक्रमित संख्या 17.55 करोड़ से अधिक हुईं

वाशिंगटन डीसी/ नई दिल्ली। विश्वभर में कोरोना वायरस (कोविड-19) का प्रकोप जारी है और इससे अब तक 17.55 करोड़ अधिक लोग संक्रमित हो चुके है। अमेरिका की जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के विज्ञान एवं इंजीनियरिंग केंद्र (सीएसएसई) की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार दुनिया के 192 देशों एवं क्षेत्रों में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 17 करोड़ 55 लाख 76 हजार 119 हो गयी है। जबकि 37 लाख 91 हजार 676 लोगों की इससे मौत हो चुकी है। विश्व में महाशक्ति माने जाने वाले अमेरिका में कोरोना वायरस की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ी है। यहां संक्रमितों की संख्या तीन करोड़ 34 लाख 57 हजार 378 हो गई है और 5,99,664 लाख से अधिक लोगों की इस संक्रमण से मौत हो गई है। 
दुनिया में कोरोना संक्रमितों के मामले में भारत दूसरे और मृतकों के मामले में तीसरे स्थान पर है।पिछले 24 घंटों में 80,834 नए मामले आने के साथ ही संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर दो करोड़ 94 लाख 39 हजार 989 हो गया। इस दौरान एक लाख 32 हजार 62 मरीज स्वस्थ हुए हैं। जिसे मिलाकर देश में अब तक दो करोड़ 80 लाख 43 हजार 446 लोग इस महामारी को मात दे चुके हैं। सक्रिय मामले 54,531 और घटकर अब 10 लाख 26 हजार 159 रह गए हैं। इस दौरान 3303 मरीजों की मौत हो गयी। देश में इस बीमारी से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर तीन लाख 70 हजार 384 हो गयी है। ब्राजील संक्रमितों के मामले में अब तीसरे स्थान पर है। इस देश में कोरोना संक्रमण के मामले फिर से बढ़ रहे हैं और अभी तक इससे 1.73 करोड़ से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं जबकि करीब 4.86 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। ब्राजील कोरोना से मौतों के मामले में विश्व में दूसरे स्थान पर है। संक्रमण के मामले में फ्रांस चौथे स्थान पर है जहां कोरोना वायरस से अब तक 57.99 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं जबकि 1.10 लाख से अधिक मरीजों की मौत हो चुकी है। 
कोरोना प्रभावितों के मामले में तुर्की रूस से आगे निकल गया है और यहां कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या 53.25 लाख हो गयी है और 48,668 मरीजों की मौत हो चुकी है। रूस में कोरोना संक्रमितों की संख्या 51.33 लाख से अधिक हो गई है और इसके संक्रमण से 1.23 लाख से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। ब्रिटेन में कोरोना वायरस प्रभावितों की कुल संख्या 45.74 लाख से अधिक हो गयी है और 1.28 लाख से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों के मामले में ब्रिटेन पांचवें स्थान पर है। इटली में कोरोना प्रभावितों की संख्या 42.43 लाख से अधिक हो गयी है और 1.26 लाख से अधिक लाेगों की जान जा चुकी है। कोरोना से प्रभावित होने के मामले में अर्जेंटीना ने जर्मनी को पीछे छोड़ दिया है। अर्जेंटीना में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 41.11 लाख से अधिक हो गयी है तथा मृतकों की संख्या 85,075 है। स्पेन में इस महामारी से 37.33 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं और 80,501 लोगों की मौत हो चुकी है।
कोलंबिया में कोरोना वायरस से 37.24 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं और 95,192 लोगों ने जान गंवाई है। जर्मनी में वायरस की चपेट में आने वालों की संख्या 37.22 लाख से अधिक हो गई है और 89,841 लोगों की मौत हो चुकी है। इस बीच ईरान ने पोलैंड को पीछे छोड़ दिया है और वहां संक्रमितों की संख्या बढ़कर 30.20 लाख से ज्यादा हो गयी है तथा मृतकों का आंकड़ा 81,911 पहुंच गया है। पोलैंड में कोरोना से 28.77 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं और इस महामारी से 74,562 लोग जान गंवा चुके हैं।
मैक्सिको में कोरोना से 24.52 लाख से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं और यह देश मृतकों के मामले विश्व में चौथे स्थान पर है जहां अभी तक इस वायरस के संक्रमण से करीब 230,097 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। यूक्रेन में संक्रमितों की संख्या 22.82 लाख से अधिक है और 53,758 लोग अपनी जान गंवा बैठे हैं। पेरू में संक्रमितों की संख्या 19.98 लाख पहुंच गयी है, जबकि 1.88 लाख से अधिक लोगों की जान जा चुकी है।
इंडोनेशिया में भी कोरोना संक्रमण के मामले 19.01 लाख के पार पहुंच गये हैं। जबकि 52,730 लोगों की मौत हो चुकी है। दक्षिण अफ्रीका में कोरोना वायरस से 17.39 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं और 57,706 लोगों की मौत हो चुकी है। नीदरलैंड में कोरोना से अब तक 16.99 लाख से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं और यहां इस महामारी से 17,987 लोगों की मौत हो चुकी है। चेक गणराज्य में कोरोना से अब तक 16.65 लाख से अधिक लोग प्रभावित हो चुके हैं और यहां इस महामारी से 30,224 लोग जान गंवा चुके हैं।
महामारी के उद्गम स्थल वाले देश चीन में 10.33 लाख कोरोना से संक्रमित है तथा 4,846 लोगों की मौत हो
चुकी है। पड़ोसी देश पाकिस्तान में अब तक कोरोना से 9.39 लाख से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं और 21,633 मरीजों की मौत हो चुकी है। अन्य पड़ोसी देश बंगलादेश में भी कोरोना वायरस का प्रकोप जारी है जहां 8.24 लाख लोग संक्रमित हुए हैं और 13,071 मरीजों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा दुनिया के अन्य देशों में भी कोरोना वायरस के संक्रमण से स्थिति खराब है।

अवसर,10वीं पास महिलाओं की सेना में भर्ती

हरिओम उपाध्याय    
नई दिल्ली। पिछले महीने कई बेटियों ने भारतीय सेना में शामिल होकर देश का गौरव बढ़ाया है। अगर आप भी सेना का हिस्सा बनने चाहते है तो आपके लिए बेहतर मौका है। इंडियन आर्मी को ओर से महिला अभ्यर्थियों के लिए मिलिट्री पुलिस के अंतर्गत कांस्टेबल जनरल ड्यूटी के पदों पर भर्तियां निकाली गई है, जिसमे किसी भी 10वीं पास महिला उम्मीदवार द्वारा आवेदन किया जा सकता है। इस बारे में और अधिक जानकारी पाने के लिए अभ्यर्थियों को भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट https://joinindianarmy.nic.in/alpha/index.htm पर विजिट करना होगा। आवदेन लिए 6 जून से आवेदन प्रक्रिया की शुरुआत की जा चुकी है। आवदेन करने की अंतिम तारीख 20 जुलाई तक जारी रहेगी।
सेना भर्ती में शामिल होने के लिए महिला उम्मीदवारों को किसी भी बोर्ड से 10वीं परीक्षा न्यूनतम 45 प्रतिशत अंकों के साथ पास होना चाहिए। अभ्यर्थी की आयुसीमा न्यूनतम 17.5 से अधिकतम 21 वर्ष होना चाहिए जिसकी गणना 1-10-2000 से 1-4-2004 के बीच की जाएगी।उम्मीदवारों की ऊंचाई 152 सेमी होनी चाहिए जबकि 7 मिनट 30 सेकेंड में 1600 मीटर की दौड़ पूरी करनी होगी। अभ्यर्थी को हाईजम्प व लॉंगजम्प अनिवार्य है। इंडियन आर्मी की मिलिट्री पुलिस में कांस्टेबल भर्ती में शामिल होने वाली महिला उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा के आधार पर होगा।

संक्रमण से ठीक होने वालों की संख्या 14,02,474

सत्येंद्र कुमार   

नई दिल्ली। दिल्ली में शनिवार को कोविड के 213 नए मामले सामने आए, जो 1 मार्च के बाद सबसे कम हैं, जब राष्ट्रीय राजधानी में 175 लोग कोविड पॉजिटिव पाए गए थे।

दिल्ली सरकार द्वारा जारी प्रतिदिन स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटों में और 28 लोगों की मौत के साथ, दिल्ली में कोरोना से मौतों का कुल आंकड़ा 24,800 हो गया। पिछले 24 घंटों में 497 लोग संक्रमण से उबर गए, जिससे राष्ट्रीय राजधानी में ठीक होने वालों की कुल संख्या 14,02,474 हो गई। दिल्ली में इस समय 3,610 सक्रिय मरीज हैं, जिनमें से 1,123 होम आइसोलेशन में हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने शनिवार को आगाह किया कि महामारी की संभावित तीसरी लहर की संभावना काफी वास्तविक है, जिसके लिए सरकार युद्ध स्तर पर तैयारी कर रही है।उन्होंने कहा कि संभावित तीसरी लहर के संकेत यूके से आ रहे हैं, जहां 45 प्रतिशत आबादी के टीकाकरण के बावजूद कोरोनावायरस के मामले फिर से बढ़ रहे हैं।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रीय राजधानी में नौ अलग-अलग सरकारी अस्पतालों में स्थापित 17 मीट्रिक टन की संयुक्त क्षमता वाले 22 ऑक्सीजन संयंत्रों का उद्घाटन करने के बाद कहा, इसलिए हम हाथ पर हाथ धरे बैठे नहीं रह सकते। उन्होंने बताया कि पर्याप्त ऑक्सीजन भंडारण सुनिश्चित करने के लिए जुलाई के अंत तक विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में 13 और ऑक्सीजन प्लांट लगाए जाएंगे।

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

 सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण 

1. अंक-302 (साल-02)
2. सोमवार, जून 14, 2021
3. शक-1984, ज्येठ, शुक्ल-पक्ष, तिथि-पंचमी, विक्रमी सवंत-2078।
4. सूर्योदय प्रातः 05:44, सूर्यास्त 07:14।
5. न्‍यूनतम तापमान -20 डी.सै., अधिकतम-37+ डी.सै.।
6.समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा। सभी पद अवैतनिक है।
7.स्वामी, प्रकाशक, संपादक राधेश्याम के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित। प्रकाशित समाचार, विज्ञापन एवं लेखोंं से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं हैं। पीआरबी एक्ट के अंतर्गत उत्तरदायी।
8.संपादकीय कार्यालय- 263 सरस्वती विहार, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102।
9.संपर्क एवं व्यावसायिक कार्यालय-डी-60,100 फुटा रोड बलराम नगर, लोनी,गाजियाबाद उ.प्र.-20110
http://www.universalexpress.page/
email:universalexpress.editor@gmail.com
संपर्क सूत्र :- +919350302745  
                     (सर्वाधिकार सुरक्षित)

डीएम ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की

डीएम ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की पंकज कपूर  नैनीताल/हल्द्वानी। उच्च न्यायालय उत्तराखंड द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में नैनीताल ...