गुरुवार, 27 मई 2021

कमजोर होकर झारखंड-बिहार की ओर बढ़ा 'यास'

अकांशु उपाध्याय              

नई दिल्ली। चक्रवाती तूफान यास बुधवार शाम से कमजोर होकर ‘गहरे दबाव’ में तब्दील होकर अब झारखंड और बिहार की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले छह घंटे के दौरान दक्षिण झारखंड एवं इससे सटे उत्तर सुदूर ओडिशा से सात किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है।

यह दक्षिण झारखंड और इसके आस-पास 22.7 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 85.5 डिग्री पूर्वी देशांतर के पास जमशेदपुर से लगभग 70 किमी पश्चिम-दक्षिण पश्चिम और रांची से 70 किमी दक्षिण दक्षिण-पूर्व में केंद्रित है। ‘यास’ के उत्तर की ओर लगातार बढ़ने और अगले छह घंटों के दौरान ‘दबाव’ के तहत कमजोर पड़ने की संभावना है।

उस्मान को उलमा-ए-हिंद का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना

देवबंद। देश के मुसलमानों के बड़े संगठन जमीअत उलमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना कारी सैयद उस्मान मंसूरपुरी का पिछले दिनों निधन हो जाने के बाद आज बृहस्पतिवार को दिल्ली में स्थित जमीअत उलमा हिंद के मुख्यालय में हुई आमला की मीटिंग में पूर्व सांसद और जमीयत उलेमा हिंद के महासचिव मौलाना सैयद महमूद मदनी को सर्वसम्मति से जमीअत उलमा-ए-हिंद का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया है। गौरतलब है कि इसी माह की 21 मई 2021 को तकरीबन 15 दिन की बीमारी के बाद जमीअत उलमा हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना कारी सैयद उस्मान मंसूरपुरी का गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया था।

उनके इंतकाल के बाद से लगातार जमीअत उलमा हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष की कुर्सी के लिए चर्चाओं का बाजार गर्म था। आज दिल्ली में जमीअत उलमा हिंद मुख्यालय में मजलिस आमला की मीटिंग में सर्वसम्मति से मौलाना महमूद मदनी को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया है। मीटिंग में कई सदस्य ऑनलाइन शामिल रहे। वही जमीअत उलमा ए हिंद के सचिव मौलाना हकीमुद्दीन कासमी को जमीअत उलमा हिंद का महासचिव चुना गया है।

यास: छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना जताईं

दुष्यंत सिंह टीकम           
रायपुर। चक्रवार्ती यास तूफान के कारण आज छत्तीसगढ़ में भी भारी बारिश होने की संभावना जताई जा रही  हैं। इसके लिए मौसम विभाग ने राज्य सरकार को अलर्ट भी किया है। हालाँकि ओडिशा और बंगाल के तटीय इलाकों में कहर बरपाने के बाद चक्रवात यास कमजोर पड़ने लगा है। लेकिन अति गंभीर श्रेणी से गंभीर श्रेणी के चक्रवात में परिवर्तित होकर यास झारखंड की तरफ बढ़ गया। बुधवार सुबह करीब सवा नौ बजे ओडिशा के भद्रक जिले के धामरा में चक्रवात यास तट से टकराया। लैंडफॉल करीब साढ़े चार घंटे तक चला और इस दौरान हवा की गति 130-145 किलोमीटर प्रतिघंटा रही। बालासोर और भद्रक जिले के कई गांवों में समुद्र का पानी भर गया। यही स्थिति बंगाल के तटीय इलाकों की रही, जहां पर्यटन स्थल दीघा में समुद्र का पानी घुस गया। इस दौरान बंगाल में तीन की मौत और कई जख्मी हुए है, वहीं ओडिशा में एक की मौत की खबर है।

राहुल की पूर्व प्रधानमंत्री 'नेहरू' को श्रद्धांजलि अर्पित

अकांशु उपाध्याय                  

नई दिल्ली। स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनकी 57वीं पुण्यतिथि पर पूरा देश याद कर रहा है। पुण्यतिथि के अवसर पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी समेत देश के अन्य बड़े नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर आज उन्हें शांतिवन समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि दी और पुष्प अर्पित किए।

राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए जवाहर लाल नेहरू के विचार साझा किए। उन्होंने लिखा, `अगर बुराई अनियंत्रित बढ़ती है और आप उस बुराई को सहन करते हो; तो वह बुराई पूरे सिस्टम को नष्ट कर देती है। पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर हम उनके ये शब्द याद करते हैं।`
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी पंडित जवाहर लाल नेहरू को श्रद्धांजलि दी। सुरजेवाला ने ट्वीट कर लिखा, “जो व्यक्ति अधिकतर अपने ही गुणों का बखान करता रहता है वो अक्सर सबसे कम गुणी होता है…`जवाहरलाल नेहरू जी स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री, भारत रत्न और भारत में लोकतंत्र को सबल बनाने वाले, पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।`
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी जवाहरलाल नेहरू को याद किया। सीएम केजरीवाल ने ट्वीट कर लिखा, `भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरु जी की पुण्यतिथि पर उन्हें सादर नमन।

डेविल मादा ने बच्‍चों को जन्‍म दिया, खुशी की लहर

सिडनी। जीव विज्ञानियों में खुशी की लहर है। न्‍यू साउथ वेल्‍स के जंगलों में तस्‍मानियन डेविल प्रजाति के बच्‍चों ने कई सालों बाद जन्‍म लिया है। 1990 में विलुप्‍त श्रेणी में रखी गई इस प्रजाति को फिर से जीवन देने की दिशा में बड़ी सफलता के तौर पर देखा जा रहा है। यह प्रजाति अपने खतरनाक दांतों, पंजों और काटने की क्षमता के लिए जाना जाता है। इस एनीमल से प्रेरित कार्टून वार्नर ब्रदर्स की एनीमेशन सीरीज में भी देखे जा सकते हैं।

सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक तस्‍मानियन डेविल की प्रजाति को फिर से जीवन देने में सफलता मिल रही है। पशु संरक्षण के लिए काम करने वाले ऑस्‍ट्रेलियाई एनजीओ ऑसी ऑर्क कई सालों से इस प्रजाति को बचाने में जुटे हैं। ऑसी आर्क ने 24 मई को इंस्‍टाग्राम पोस्‍ट के जरिए बताया कि ऑस्‍ट्रेलिया के न्‍यू साउथ वेल्‍स की बैरिंग्‍टन वाइल्‍डलाइफ सेंचुरी में तस्‍मानियन डेविल मादा ने बच्‍चों को जन्‍म दिया है। ऐसा माना जा रहा है कि 3 हजार साल में यह पहली बार है जब ऑस्‍ट्रेलिया के मेनलैंड जंगल में इस प्रजाति ने जन्‍म लिया है।

सीएम अमरिंदर ने 2 जून को बुलाईं कैबिनिट बैठक

अमित शर्मा                       
चंडीगढ़। पिछले डेढ साल से कोरोना संक्रमण से जूझ रहे पंजाबवासियों को एक बार फिर पाबंदीयों से राहत मिलती नज़र आ रही है। लगभग एक माह से राज्य में चल रहे पाबंदीयों के दौर के बीच एक बार फिर हॉट-स्पाट जिलों में मार्किट बंद होने का समय बढ़ा कर राहत दी जा रही है। कोरोना के केस कम होने तथा मार्किट ओपन करने में दी जा रही राहत को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि राज्य एक बार अनलॉक की तरफ है। पाबंदीयों के कारण कोरोना संक्रमण के कम होने से राहत महसूस कर रहे कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अब एक बार फिर 2 जून को कैबिनिट की बैठक बुलाई है। अगर सब कुछ ठीक रहा यानिकि लोग नियमों का पालन करते रहे तो संभावना प्रबल है कि इस बैठक में या इससे पहले 31 मई को ही पाबंदीयों में छूट होगी। बता दें कि कोरोना महामारी से हर तरफ हाहाकार मची हुई है। पहली लहर के बाद लोग इतने रिलेक्स हो गए कि दूसरी लहर ने आतंक मचा दिया। दूसरी लहर में संक्रमण भी पहले की अपेक्षा ज्यादा हुआ और मौतें भी ज्यादा हुई। इसे देखते हुए कैप्टन अमरिंदर सिंह द्वारा लगभग एक माह पहले राज्य में एक बार फिर सख्त पाबंदीयां लगाई। जिसमें नाईट कर्फ्यु, मार्किट बंद करने जैसे बड़े फैसले लिए गए। यहां तक की मार्किट कम्पलीट बंद करने के आदेश दिए गए। लेकिन इसके पश्चात पंजाब सरकार द्वारा हर एक जिला के अधिकारियों को अपने जिला के हालात मुताबिक मार्किट खुलने बंद होने तथा और पाबंदीयों जैसे बड़े फैसले लेने की इजाजत दी।

मध्यप्रदेश में 1 जून से होगीं अनलॉक की शुरुआत

भोपाल। मध्यप्रदेश में करीब एक महीने से चल रहा कोरोना कर्फ्यू अब हटने जा रहा है। कुछ पाबंदियों के साथ राज्य में 1 जून से अनलॉक की शुरुआत होने जा रही है। बुधवार शाम को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसकी घोषणा की है। हालांकि सीएम ने भोपाल और इंदौर में संक्रमण दर को लेकर चिंता जताई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 'कोरोना कर्फ्यू लागू करने के कारण संक्रमण की दर में कमी आई है। पॉजिटिविटी रेट घटकर 3.1 प्रतिशत रह गया है। रिकवरी रेट 93.39 प्रतिशत है लेकिन सावधानी भी जरूरी है।संकट अभी टला नहीं है। खतरा अभी बाकी है, वायरस हमारे बीच है। 17 जिलों में आज 10 से कम केस आए लेकिन अभी भी इंदौर और भोपाल में बहुत सावधानी की आवश्यकता है।

हलकों में योगी मंत्रिमंडल के विस्तार की चर्चा प्रारंभ

हरिओम उपाध्याय            

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सियासी हलकों में योगी मंत्रिमंडल के विस्तार की चर्चा शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात करेंगे। इस मुलाकात के लिए आनंदीबेन पटेल आज अचानक लखनऊ पहुंच गई हैं। इस समय वह राजभवन में अधिकारियों के साथ बैठक कर रही हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज शाम 7 बजे राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मिलने वाले हैं। कहा ये भी जा रहा है, कि राज्यपाल से मिलकर सीएम योगी कोरोना के नियंत्रण के लिए किये गये दौरों पर भी रिपोर्टें देंगे।हालांकि, मंत्रिमंडल के विस्तार की अटकलें तेज हैं। कयास ये लगाये जा रहे हैं कि पूर्व आईएएस एके शर्मा को कोई बड़ी ज़िम्मेदारी दी जा सकती है।

लक्षद्वीप प्रशासक जन विरोधी फैसले ले रहीं हैं: राहुल

अकांशु उपाध्याय             

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर कहा है कि लक्षद्वीप प्रशासक जन विरोधी फैसले ले रहीं हैं। जिनका जबरदस्त विरोध हो रहा है इसलिए उन्हें (मोदी) को इस मामले में हस्तक्षेप करना चाहिए। राहुल गांधी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि लक्षदीप के प्रशासक प्रफुल्ल खोड़ा पटेल लगातार ऐसे कदम उठा रहे हैं जिनसे लक्षद्वीप की सुंदरता और संस्कृतियों के अनूठे संगम को नुकसान पहुंच रहा है। लोग इस विरासत को बचने के लिए आंदोलन कर रहे हैं और उनका कहना है कि प्रशासक निर्वाचित प्रतिनिधियों और जनता से परामर्श किए बिना एकतरफा निर्णय लेकर व्यापक बदलाव कर रहे है।

उन्होंने कहा कि लक्षद्वीप के लोग इन प्रस्तावों को मनमानी बताकर इनका विरोध कर रहे हैं। मसौदे के प्रस्ताव भूमि के स्वामित्व से संबंधित अधिकारों को कमजोर करते हैं, कुछ गतिविधियों के लिए पर्यावरणीय नियमों को कमजोर करने के साथ ही प्रभावितों के लिए कानूनी सहायता के विकल्प को सीमित कर जन अधिकारों पर हमला हो रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि पंचायत विनियमन के मसौदे में दो से अधिक बच्चों वाले सदस्यों को अयोग्य घोषित करने का प्रावधान है जो स्पष्ट तौर पर अलोकतांत्रिक कदम है। इसके अलावा बदलावके कई ऐसे प्रस्ताव हैं जो स्थानीय समुदाय के सांस्कृतिक और धार्मिक ताने-बाने पर हमला है इसलिए मोदी को इस मामले में हस्तक्षेप करना चाहिए।

'यास' की वजह से कई राज्यों में अलर्ट जारी किया

अकांशु उपाध्याय               

नई दिल्ली। ओडिशा और पश्चिम बंगाल में यास तूफान की वजह से कई राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है। तूफान का असर बिहार, यूपी और झारखंड में भी देखने मे मिलेगा। पटना में मौसम विभाग के अनुसार झारखंड के ऊपर से मूव करने की वजह से बिहार में भी तूफान का असर देखने को मिलेगा। बिहार में 27 मई तक बारिश की संभावना है। जमुई, नवादा, गया, भभुआ, औरंगाबाद, बिहार में 5 दिनों तक बादल छाए रहेंगे। बता दें कि बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान 'यास' बुधवार तक बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान में तबदील हो सकता है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 26 मई की सुबह साइक्लोन यास के उत्‍तर ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों के पास पहुंचने का अनुमान है। वाराणसी प्रशासन ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर- तेज हवा और बज्रपात को देखते हुए वाराणसी जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन और टोल फ्री नंबर साथ जरूरी दिशानिर्देश जारी किए हैं। 26 और 27 मई के मध्य गर्जन के साथ बिजली चमकने एवं तेज हवा चलने की संभावना के दृष्टिगत क्या करें और क्या न करें, आवश्यक सावधानी से जुड़े निर्देश जारी किए गए हैं। चक्रवात से संबंधित किसी नुकसान की सूचना और सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 0542-2221937, 2221939, 2221941, 2221942, 2221944 एवं टोल फ्री नंबर-1077 पर संपर्क कर सकते हैं।

किसी का बाप गिरफ्तार नहीं कर सकता: रामदेव

अकांशु उपाध्याय               

नई दिल्ली। योगगुरु बाबा रामदेव इन दिनों अपने विवादित बयानों को लेकर लोगों के निशाने पर हैं। बाबा रामदेव का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वे कहते नजर आते हैं कि अरेस्ट तो उनका बाप भी नहीं कर सकता। बाबा के इस बयान पर तृणमूल कांग्रेस की नेता महुआ मोइत्रा ने रामदेव और सरकार को घेरा। मोइत्रा ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि स्वामी रामदेव को गिरफ्तार तो किसी का बाप भी नहीं कर सकता। भाई और बाप तो विपक्ष को गिरफ्तार करने में व्यस्त हैं। टीएमसी नेता महुआ मोइत्रा ने बाबा रामदेव के बयान पर सरकार को घेरा। मोइत्रा ने ट्वीट कर कहा कि बाबा रामदेव को किसी का बाप भी गिरफ्तार नहीं कर सकता है क्योंकि भाई और बाप तो विपक्ष को गिरफ्तार करने में व्यस्त हैं। हालांकि, महुआ मोइत्रा ने अपने ट्वीट में सरकार का जिक्र नहीं किया, लेकिन उनके ट्वीट को हाल ही में नारदा केस में हुई टीएमसी नेताओं की गिरफ्तारी से जोड़कर देखा जा रहा है।

इस मामले में बाबा रामदेव ने अब एक और बड़ा बयान दे दिया है। उनका कहना है कि किसी का बाप भी रामदेव को गिरफ्तार नहीं करा सकता है। बता दें कि बुधवार को सोशल मीडिया पर इसी विवाद के चलते 'अरेस्ट बाबा रामदेव' ट्रेंड कर रहा था। जिसके जवाब में रामदेव ने यह टिप्पणी दी।

10 जून को रोहिणी नक्षत्र में मनेगी शनि जयंती

उज्जैन। शनि जयंती ज्येष्ठ माह की अमावस्या तिथि गुरुवार 10 जून को रोहिणी नक्षत्र में मनाई जाएगी। इस दिन शनि देव की विशेष पूजा का विधान है। अमावस्या तिथि 9 जून को 13.57 बजे से प्रारंभ होकर 10 जून 16.21 बजे समाप्त होगी। ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक शनिदेव सूर्य देव और उनकी पत्नी छाया के पुत्र हैं। शनि देव को कर्मफल दाता व न्याय का देवता भी कहा जाता है। शनिदेव ने भगवान शंकर की घोर तपस्या की, शनिदेव की भक्ति से प्रसन्न हो कर शिव ने शनिदेव को वरदान दिया कि तुम नवग्रहों में सर्वश्रेष्ठ होंगे। तुम पृथ्वीलोक के न्यायाधीश और दंडाधिकारी रहोगे, तुम ही लोगों को कर्मों के अनुसार न्याय और दंड दोगे। ज्योतिषाचार्य के मुताबिक शनि देव से डरना नही चाहिए, जो लोग अच्छे कर्म करते है उन्हें शनि राजा बना देते हैं और जो बुरे कर्म करते है उन्हें राजा से रंक बना देते हैं।
शनिदेव की पूजा करने से, उनके निमित्त उपाय करने से शनिदेव बहुत जल्दी खुश होते हैं, साथ ही जन्मपत्रिका में अशुभ शनि के प्रभाव से होने वाली परेशानियों, जैसे शनि की साढे-साती, ढैय्या और कालसर्प योग से भी छुटकारा मिलता है। शनि जयंती के दिन किया गया दान पुण्य एवं पूजा पाठ शनि संबंधि सभी कष्टों को दूर करता है। जिन जातकों को साढ़े साती चल रही है, उन्हें शनि की कृपा एवं शांति प्राप्ति हेतु तिल , उड़द, काली मिर्च, मूंगफली का तेल, आचार, लौंग, तेजपत्ता तथा काले नमक का उपयोग करना चाहिए। साथ ही शनि देव को प्रसन्न करने के लिए हनुमान जी की पूजा करनी चाहिए। शनि के लिए दान में दी जाने वाली वस्तुओं में काले कपडे, जामुन, काली उड़द, काले जूते, तिल, लोहा, तेल, आदि वस्तुओं को शनि के निमित्त दान में दे सकते हैं।

11 वर्षीय बच्चे ने अपनी मां के खिलाफ फरियाद की

अकांशु उपाध्याय         

नई दिल्ली। कोरोना काल में राज्य मानवाधिकार आयोग के समक्ष कुछ अलग सी फरियाद आई है। यह फरियाद की है 11 वर्षीय एक बच्चे ने अपनी मां के खिलाफ। आयोग को भेजी चिट्ठी में इस मासूम ने कहा है कि मां उसके दादा-दादी को गालियां देती है। इसलिए मां को कहें कि वो हमारे घर न आएं। आयोग ने एसपी उदयपुर से मामले की रिपोर्ट तलब की है। अपनी मां के गुस्सैल स्वभाव से परेशान होकर उदयपुर के अरिहंत नगर निवासी पार्थ सारथी पुत्र सिद्धार्थ चौधरी ने मानवाधिकार आयोग से मदद की गुहार लगाई है। पार्थ ने आयोग को भेजे पत्र में लिखा है कि उसकी मां ना सिर्फ उसे बल्कि दादी-दादा को भी प्रताड़ित करती है। वह अपने दादा चंद्र सिंह और दादी डा. ज्योति चौधरी के साथ रहता है। मां मोनिका गुप्ता हमारे साथ नहीं रहती है।

'यूएई' की ओर से संजय को गोल्डन वीजा दिया गया

कविता गर्ग              
मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता संजय दत्त को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई ) की ओर से गोल्डन वीजा मिला है। एक्टर ने खुद अपने सोशल मीडिया पर तस्वीरें पोस्ट करके इस बात की जानकारी फैंस को दी है। बता दें कि ज्यादातर समय उनका परिवार दुबई में रहता है। वैसे तो यह वीजा बिजनेस मैन और इन्वेस्टर्स को दिया जाता था, लेकिन अब समय के साथ नियमों में बदलाव के बाद यह गोल्डन वीजा प्रोफेशनल्स को भी दिया जाने लगा। तस्वीर करते हुए एक्टर लिखते हैं, मेजर जनरल मोहम्मद अल मारी की मौजूदगी में यूएई का गोल्डन वीजा पाकर काफी सम्मानित महसूस कर रहा हूं। इस सम्मान के लिए मैं यूएई सरकार का शुक्रिया करता हूं।' बता दें कि परिवार के साथ ही फैंस भी एक्टर तो बधाई दे रहे हैं संजय दत्त की बेटी त्रिशला दत्त ने भी कमेंट कर खुशी जाहिर की है।

पिकअप और ट्रक में टक्कर लगने से 4 की मौंत

अकांशु उपाध्याय             
नई दिल्ली। पिकअप वैन और ट्रक में गुरूवार को टक्कर हो गई। इससे 4 लोगों की मौत हो गई और 6 अन्य घायल हो गए। मामला बिहार के भोजपुर जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के अनुसर बुधवार की रात नारायणपुर गांव से कुछ लोग बारात में शामिल होने के लिए चरपोखरी थाना क्षेत्र के इटौर गांव गए थे। शादी में शामिल होने के बाद बैंड पार्टी के सदस्य आज पिकअप वैन से वापस घर लौट रहे थे। इस बीच आरा-सासाराम राजकीय राजमार्ग पर महावीरगंज-देवढ़ी मोड़ के समीप पहले से खड़े भूंसा लदे ट्रक में पिकअप वैन ने पीछे से टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई। जबकि 6 अन्य घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि सभी घायलों को चरपोखरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। मृतकों में पूजन राम (40), मोहम्मद कमालू (30), टेंगारी राम (55) तथा मोती राम (50) शामिल है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

6 महीने तक हड़ताल करने पर रोक लगाईं: सीएम

हरिओम उपाध्याय              

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने सरकारी सेवाओं में राज्य कर्मचारियों द्वारा 6 महीने तक हड़ताल करने पर रोक लगा दी है। इस बाबत अध्यादेश जारी करते हुए उसे तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। बृहस्पतिवार को अपर मुख्य सचिव कार्मिक मुकुल सिंघल ने इस बाबत अधिसूचना जारी करते हुए कहा है कि राज्य के कार्यकलापों से संबंधित लोक सेवा सरकार के स्वामित्व या नियंत्रण वाले किसी भी निगम के अधीन किसी भी सेवा अथवा किसी स्थानीय प्राधिकरण के अधीन सेवा में 6 माह के लिए हड़ताल पर रोक लगाई जाती है। सरकार द्वारा यह अध्यादेश जारी कर दिए जाने के बाद किसी भी विभाग के कर्मचारी या अधिकारी अब अपनी मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश में हड़ताल नहीं कर सकेंगे।

अहम: व्हाइट फंगस के कारण आंत में अनेक छेद

अकांशु उपाध्याय               

नई दिल्ली। दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में व्हाइट फंगस के कारण कोविड-19 के मरीज की पूरी आंत में अनेक छेद होने का अपनी तरह का पहला मामला सामने आया है। अस्पताल में इंस्टीट्यूट ऑफ गेस्ट्रोएंट्रोलॉजी ऐंड पेनक्रिएटिकोबिलेरी साइंसेस के चेयरमैन डॉ. अनिल अरोड़ा ने बताया, ‘‘जहां तक हमें जानकारी है, कोरोना वायरस संक्रमण में व्हाइट फंगस (कैंडिडा) के कारण भोजन की नली, छोटी आंत, बड़ी आंत में कई छेद होने जैसा मामला कभी सामने नहीं आया।’’

उन्होंने बताया कि 49 वर्षीय महिला को पेट में बहुत अधिक दर्द, उल्टी तथा कब्ज की शिकायत के चलते 13 मई को एसजीआरएस में भर्ती करवाया गया था। स्तन कैंसर के कारण पिछले वर्ष दिसंबर में उनका स्तन निकाला गया था और चार हफ्ते पहले तक उनकी कीमोथैरेपी हुई थी। डॉ. अरोड़ा ने बताया, ‘‘मरीज के पेट का सीटी स्कैन करने पर पता चला कि पेट में पानी और हवा है जो आंत में छेद की वजह से होता है।’’

मई: 14वीं बार बढ़ायें गए पेट्रोल-डीजल के दाम

अकांशु उपाध्याय                    

नई दिल्ली। पेट्रोल-डीजल के दाम इस महीने 14वीं बार बढ़ाये गये हैं और आज की बढ़ोतरी के साथ मुंबई में पेट्रोल 99.94 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया। मुंबई समेत देश के चार बड़े महानगरों में पेट्रोल 24 पैसे और डीजल 30 पैसे प्रति लीटर तक महंगा होकर नये रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। कुछ शहरों में तो यह पहले ही 100 रुपये प्रति लीटर के पार बिक रहा है। इससे पहले बुधवार को कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया था।

अग्रणी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की वेबसाइट के अनुसार, मुंबई में आज पेट्रोल की कीमत 23 पैसे बढ़कर 99.94 रुपये प्रति लीटर हो गई। डीजल भी 30 पैसे महंगा हुआ और एक लीटर डीजल की कीमत 91.87 रुपये प्रति लीटर रही। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल का मूल्य 24 पैसे बढ़कर 93.68 रुपये प्रति लीटर पर और डीजल का मूल्य 29 पैसे बढ़कर 84.61 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया।

भारत: 24 घंटे में कोरोना के 2,11,298 नए मामलें

अकांशु उपाध्याय             

नई दिल्ली। भारत में एक दिन में कोविड-19 के 2,11,298 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,73,69,093 हो गई। वहीं, देश में संक्रमण के बाद लोगों के स्वस्थ होने की दर 90 प्रतिशत दर्ज की गई। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बृहस्पतिवार को सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में संक्रमण से 3,847 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 3,15,235 हो गई। आंकड़ों के अनुसार, देश में बुधवार को 21,57,857 नमूनों की जांच की गई। 

देश में अभी तक कुल 33,69,69,353 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई है और नमूनों के संक्रमित आने की दर 9.79 प्रतिशत है। मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में लगातार तीसरे दिन नमूनों के संक्रमित पाए जाने की दर 10 प्रतिशत से कम है। संक्रमण की साप्ताहिक दर भी कम होकर 10.93 प्रतिशत हो गई है। आंकड़ों के अनुसार, देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या और गिरकर 24,19,907 हो गई है, जो कुल मामलों का 8.84 प्रतिशत है। वहीं, कुल 2,46,33,951 लोग अभी तक संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 90.01 प्रतिशत है। कोविड-19 से मृत्यु दर 1.15 प्रतिशत है। देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवम्बर को 90 लाख के पार गए। वहीं, 19 दिसम्बर को ये मामले एक करोड़ के पार और चार मई को दो करोड़ के पार चले गए।

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण 

1. अंक-285 (साल-02)
2. शुक्रवार, मई 28, 2021
3. शक-1984, ज्येठ, कृष्ण-पक्ष, तिथि- दूज, विक्रमी सवंत-2078।
4. सूर्योदय प्रातः 05:55, सूर्यास्त 07:08।
5. न्‍यूनतम तापमान -12 डी.सै., अधिकतम-34+ डी.सै.। बरसात की संभावना बनी रहेगी।
6.समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा। सभी पद अवैतनिक है।
7.स्वामी, प्रकाशक, संपादक राधेश्याम के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित। प्रकाशित समाचार, विज्ञापन एवं लेखोंं से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं हैं। पीआरबी एक्ट के अंतर्गत उत्तरदायी।
8.संपादकीय कार्यालय- 263 सरस्वती विहार, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102।
9.संपर्क एवं व्यावसायिक कार्यालय-डी-60,100 फुटा रोड बलराम नगर, लोनी,गाजियाबाद उ.प्र.-20110
http://www.universalexpress.page/
email:universalexpress.editor@gmail.com
संपर्क सूत्र :- +919350302745  
                     (सर्वाधिकार सुरक्षित)

डीएम ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की

डीएम ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की पंकज कपूर  नैनीताल/हल्द्वानी। उच्च न्यायालय उत्तराखंड द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में नैनीताल ...