गुरुवार, 20 मई 2021

नारनौल-दादरी सड़क निर्माण, 225 करोड़ स्वीकृत

राणा ओबराय              

चंडीगढ़। नारनौल-दादरी सड़क को चारमार्गी बनाने के लिए सरकार ने 225 करोड़ रुपये से अधिक की राशि की प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर दी है और जल्दी ही इसकी टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी। यह जानकारी देते हुए नांगल चौधरी विधायक डा. अभय सिंह यादव ने बताया कि इस सड़क की हालत को देखते हुए 20 दिसंबर 2020 को नारनौल में हुई रैली में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के समक्ष यह मामला पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा के अतिरिक्त उन्होंने भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा था।

मुख्यमंत्री ने स्टेज से ही इस सड़क को चारमार्गी बनाने की घोषणा की थी। उन्होंने बताया कि तदोपरांत इस रोड की मरम्मत के लिए चार करोड़ रुपये की राशि हरियाणा सरकार द्वारा जारी कर दी गई थी। इस सड़क के अधिकांश भाग की मरम्मत का काम पूरा हो चुका है। सरकार से लगातार संपर्क में रहकर इस सड़क को चारमार्गी बनाने के प्रयास जारी थे।

नए स्ट्रेन को ‘सिंगापुर वेरिएंट’ बताने पर मचा बवाल

अकांशु उपाध्याय          

नई दिल्ली। कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन को ‘सिंगापुर वेरिएंट’ बताने पर अरविंद केजरीवाल के बयान से ऐसा बवाल मचा कि भारत सरकार को सिंगापुर के सामने सफाई देनी पड़ी। अरविंद केजरीवाल के बयान पर विवाद के बाद भारत सरकार की सफाई से सिंगापुर ने बुधवार को संतोष तो जाहिर किया। मगर उसने गलत सूचना के प्रसार को रोकने लिए बड़ा कदम उठाया है।

सिंगापुर सरकार ने अरविंद केजरीवाल के खिलाफ में एंटी मिसइनफॉर्ममेशन कानून यानी प्रोटेक्शन फ्रॉम ऑनलाइन फॉल्सहुड एंड मैनिपुलेशन कानून  लागू कर दिया है। दरअसल, सिंगापुर में ऑनलाइन फैलाए जाने वाले झूठ को रोकने के लिए यह कानून है। यह गलत जानकारी को फैलने से रोकने के लिए बनाया गया है।सिंगापुर के स्वास्थ्य मंत्रालय ने दफ्तर को फेसबुक, ट्विटर और स्थानीय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को सामान्य सुधार-संबंधी निर्देश जारी करने को कहा है। इसका मतलब है कि इस कानून के लागू होने के बाद अब फेसबुक, ट्विटर और हार्डवेयरजोनडॉटकॉम समेत सोशल मीडिया कंपनियों को सिंगापुर में सभी एंड-यूजर्स को एक करेक्शन नोटिस भेजना होगा। इसका मतलब है कि सिंगापुर में अरविंद केजरीवाल के बयान से संबंधित कोई भी सूचना नहीं दिखाई जाएगी।

सिंगापुर के स्वास्थ्य मंत्रालय के बयान के मुताबिक, इसके तहत अब सोशल मीडिया कंपनियों को सिंगापुर वेरिएंट के संबंध में झूट को लेकर सभी एंड-यूजर्स को एक करेक्शन और स्पष्टिकरण देना होगा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को यह बताना होगा कि कोरोना का कोई सिंगापुर वैरिएंट नहीं है और न कि इसका कोई साक्ष्य है कि कोई कोरोना वेरिएंट बच्चों के लिए बेहद खतरनाक है। बता दें कि दिल्ली के सीएम ने मंगलवार को कहा था कि सिंगापुर में मिला नया स्ट्रेन भारत में तीसरी लहर का कारण बन सकता है। जो बच्चों को अधिक प्रभावित कर सकता है।

हिसार: 350 किसानों पर हत्या के प्रयास का केस

राणा ओबराय                 

हिसार। हरियाणा के जिला हिसार में करीब 350 किसानों पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है। दरअसल मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कोविड अस्पताल के उद्घाटन के अवसर पर कोविड अस्पताल के बाहर आंदोलनरत किसानों और पुलिसकर्मियों में टकराव की स्थिति के बाद पुलिस ने कई धाराओं के तहत ये केस दर्ज किया है। 

केस अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार की शिकायत पर दर्ज हुआ है। हिसार पुलिस की ओर से बुधवार देर रात जारी बयान के अनुसार किसानों व पुलिस के बीच टकराव में पांच महिला पुलिसकर्मियों सहित 20 पुलिसकर्मी घायल हुए थे। जिनका नागरिक अस्पताल में इलाज किया गया।

निकट भविष्य में टीकों की आपूर्ति आसान होगी

अकांशु उपाध्याय                   

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि टीकाकरण की रणनीति को लेकर केंद्र सरकार, राज्यों से मिले सभी सुझावों को आगे बढ़ा रही है और इसे ध्यान में रखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय राज्यों को अगले 15 दिनों की, टीकों की खुराक की सूचना उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में टीकों की आपूर्ति आसान होगी और इससे टीकाकरण की पूरी प्रक्रिया को भी आसान बनाने में मदद मिलेगी।

प्रधानमंत्री वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से छत्‍तीसगढ़, हरियाणा, केरल, महाराष्‍ट्र, ओडिशा, पुडुचेरी, राजस्‍थान, उत्‍तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और आंध्रप्रदेश के जिला अधिकारियों और जमीनी स्तर पर काम करने वाले अधिकारियों से संवाद कर रहे थे। ज्ञात हो कि महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश सहित कुछ राज्‍यों में कोविड-19 मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।

यूपी के कई इलाकों में दिनभर रहा 'ताउ ते' का असर

हरिओम उपाध्याय              
लखनऊ। महाराष्ट्र और गुजरात के तटीय इलाकों में तबाही मचा रहे चक्रवाती तूफान ताउते का असर बुधवार को यूपी के कई इलाकों में दिनभर रहा। प्रचंड गर्मी वाले मई में सावन के महीने का एहसास हुआ। दिनभर बारिश की फुहारें और ठंडी हवाएं चलती रहीं। शहरों का दिन का तापमान सामान्य से 11 डिग्री तक नीचे खिसक गया। आईएमडी के अनुसार अभी इसमें और गिरावट आने का आसार है क्योंकि गुरुवार को भी ताउते का असर बना रहेगा। मौसम में बदलाव पिछले तीन दिनों से बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ और ताउते तूफान के कारण आसमान में बादलों का जमावड़ा बना रहा। आद्रता बढ़ने से चिपचिपी गर्मी शुरू हो गई थी। शरीर का पसीना नहीं सूख रहा था। गुजरात व महाराष्ट्र से लगभग 1000 किलोमीटर दूर तक पहुंचने में तूफान तो कमजोर हो गया, लेकिन हवा का कम दबाव बना रहा। बुधवार को सुबह से बारिश शुरू हुई तो दिनभर चलती ही रही। कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश से पारा लुढ़क गया। इससे लोगों को अपने घरों में एसी, कूलर व पंखा तक बंद करना पड़ गया।

मौसम विभाग के अनुसार बीते लखनऊ में 24 घंटे में कुल 22.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई है। सुबह के वक्त काफी तेज बारिश हुई है। इसमें सुबह 8.30 बजे तक 13 मिलीमीटर हो गई थी। इसके बाद रात 8.30 बजे तक 9.2 मिली मीटर बारिश दर्ज हुई है। गुरुवार को भी दिनभर बारिश के आसार हैं। शुक्रवार को बारिश की संभावना तो नहीं है, लेकिन बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। दिनभर हुई बारिश के कारण दिन और रात का पारा लुढ़क गया। लखनऊ का सामान सामान्य से 11 डिग्री कम रिकॉर्ड हुआ है। अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है। एक दिन पहले यह सामान्य से नौ डिग्री कम यानी 30.6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ था। वहीं रात का तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री कम हो गया है। न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है। मंगलवार को यह 25.6 डिग्री दर्ज हुआ था। वहीं जेपी गुप्ता निदेशक आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र नें बताया कि चक्रवात और पश्चिमी विक्षोभ के कारण गुरुवार को भी दिन भर बारिश के आसार हैं। शुक्रवार को मौसम साफ होने की उम्मीद है। बारिश नहीं होगी लेकिन बादलों की आवाजाही बनी रहने के आसार हैं।

यूपी की जनता की दिक्कतों पर चिंता प्रकट की

अकांशु उपाध्याय              

नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने कोरोना महामारी के कारण उत्तर प्रदेश की जनता को पेश आ रही दिक्कतों पर चिंता प्रकट करते हुए बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आग्रह किया कि वह निजी अस्पतालों में उपचार की कीमतें तय करने, महंगाई पर रोक लगाने और बिजली की दर न बढ़ाने समेत कई जनकल्याणकारी कदम उठाएं।

उन्होंने योगी को पत्र लिखकर यह भी कहा कि कोविड-19 की दूसरी लहर से जो हालात पैदा हुए हैं, उनसे स्पष्ट है कि सरकार की पहले से कोई तैयारी नहीं थी। कांग्रेस की उत्तर प्रदेश प्रभारी ने कहा, ‘‘कोविड-19 की दूसरी लहर के दौरान व्यवस्था की ढुलमुल तैयारियों के चलते जनता को असहयनीय पीड़ा झेलनी पड़ी है। अप्रैल-मई में मचे हाहाकार ने स्पष्ट कर दिया कि सरकार की पहले से कोई तैयारी नहीं थी। कई सारे अनावश्यक नियम और लाल फीताशाही लोगों के लिए मुश्किलों का पहाड़ लेकर आए।’’

भारत: 24 घंटे में 2,76,110 नए मामलें सामने आएं

अकांशु उपाध्याय               

नई दिल्ली। भारत में एक दिन मे कोविड-19 के 2,76,110 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,57,72,440 हो गई। वहीं, संक्रमण से 3,874 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 2,87,122 हो गई। देश में चार दिन बाद 24 घंटे में संक्रमण से मौत के चार हजार से कम मामले सामने आए हैं। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बृहस्पतिवार को सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण के उपचाराधीन मरीजों की संख्या में भी कमी आई है और अभी 31,29,878 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है। जो कुल मामलों का 12.14 प्रतिशत है।

नौसेना ने सागर में तलाश व बचाव अभियान चलाया

कविता गर्ग                  

मुंबई। अरब सागर में चार दिन पहले डूबे बजरे पर मौजूद लोगों में से 38 अब भी लापता हैं और उन्हें खोजने के लिए घने अंधेरे के बीच सर्चलाइट की मदद से नौसेना का तलाश एवं बचाव अभियान रात भर चला। हालांकि और लोगों के जीवित बचे होने की संभावना बृहस्पतिवार तक क्षीण हो चुकी थी। उल्लेखनीय है कि बजरा पी305 चक्रवाती तूफान ‘ताउते’ के कारण मुंबई के तट से कुछ दूरी पर सागर में फंस गया था और फिर सोमवार को डूब गया था। नौसेना ने बृहस्पतिवार को हेलीकॉप्टर तैनात किए और हवाई मार्ग से तलाश व बचाव अभियान चलाया। पी305 पर मौजूद रहे लोगों में से कम से कम 37 लोगों की मौत हो चुकी है, 38 लोग अब भी लापता हैं।

26 मई को वैशाख पूर्णिमा के दिन पहला चंद्र ग्रहण

नई दिल्ली। साल 2021 का पहला ग्रहण होगा चंद्र ग्रहण। जो 26 मई को लगने जा रहा है। ग्रहण वैशाख पूर्णिमा के दिन लगेगा। ये पूर्ण चंद्र ग्रहण होगा जो दुनिया भर के कई देशों में दिखाई देगा। भारत में चंद्र ग्रहण और सूर्य ग्रहण से पहले सूतक काल लग जाता है। सूतक के समय किसी भी तरह के शुभ कार्यों को करने की मनाही होती है। चंद्र ग्रहण का सूतक ग्रहण लगने से ठीक 9 घंटे पहले ही शुरू हो जाता है। भारत में उपच्छाया चंद्र ग्रहण दिखाई देगा।

कहां देगा दिखाई?

पूर्वी एशिया, प्रशांत महासागर, उत्तरी व दक्षिण अमेरिका के ज्यादातर हिस्सों और ऑस्ट्रेलिया से पूर्ण चंद्रग्रहण दिखाई देगा। भारत के अधिकांश हिस्सों में पूर्ण ग्रहण के दौरान चंद्रमा पूर्वी क्षितिज से नीचे होगा और इसलिए देश के लोग पूर्ण चंद्रग्रहण नहीं देख पाएंगे। लेकिन पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों के लोग आंशिक चंद्र ग्रहण का आखिरी हिस्सा ही देख पाएंगे, वह भी पूर्वी आसमान से बहुत करीब, जब चंद्रमा निकल ही रहा होगा।

इस नक्षत्र और राशि पर पड़ेगा इसका प्रभाव:

चंद्र ग्रहण वृश्चिक राशि और अनुराधा नक्षत्र में लगने जा रहा है। इसलिए इस राशि और नक्षत्र के जातकों पर इसका सबसे अधिक प्रभाव पड़ेगा। आपके बनते हुए काम बिगड़ने के आसार रहेंगे। स्वास्थ्य को लेकर चिंता बनी रहेगी। वाद-विवाद का सामना करना पड़ेगा। वाणी में कटुता आने से करीबी संबंध बिगड़ेंगे।

चंद्र ग्रहण के बुरे प्रभाव से बचने के उपाय:

चंद्र ग्रहण के बुरे प्रभाव से बचने के लिए ग्रहण खत्म होने के बाद किसी पवित्र नदी या फिर स्नान करने वाले जल में गंगा जल डालकर स्नान कर स्वच्छ हो जाएं। स्नान के बाद जरूरतमंदों को यथा संभव खाद्य पदार्थों का दान कर देना चाहिए। इससे चंद्र ग्रहण का बुरा प्रभाव नहीं पड़ता है।

कश्मीर के लिए परमाणु बम का इस्तेमाल करें पीएम

हरिओम उपाध्याय   

इस्लामाबाद। फिलस्‍तीन पर इजरायली हमले के बीच पाकिस्‍तानी सांसद मौलाना चित्राली ने इमरान सरकार से कहा कि इजरायल के खिलाफ जिहाद ही एकमात्र उपाय है। इतना ही नहीं उन्होंने एक कदम आगे बढ़ते हुए भड़काऊ अंदाज में कहा कि फिलिस्‍तीन और कश्‍मीर की आजादी के लिए सरकार परमाणु बम और मिसाइलों का इस्‍तेमाल करने से नहीं हिचके। चित्राली ने कहा, 'हमने परमाणु बम क्‍या म्‍यूजियम में देखने के लिए बनाए हैं? अगर हम फिलिस्‍तीन और कश्‍मीर को आजाद नहीं करा सकते हैं तो हमें मिसाइल, परमाणु बम या विशाल सेना की कोई जरूरत नहीं है।'

वह यहीं नहीं रुके और पाकिस्तान से अपील करते हुए कहा कि सरकार को यूहदी मुल्क पर परमाणु बम से हमला करना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्या हमने परमाणु बम और मिसाइल बच्चों को दिखाने के लिए बनाया है? अगर हम कश्मीर और फिलिस्तीन को बचाना चाहते हैं तो हमें इसका इस्तेमाल करना होगा। नहीं तो मुस्लिम देशों पर धीरे धीरे शिकंजा कसता रहेगा।
फिलिस्तीनियों पर हवाई हमले को लेकर तुर्की के बाद पाकिस्तान वो दूसरा देश है जो इजरायल के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय समुदाय को लामबंद करने में जुटा हुआ है। इससे पहले पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने सऊदी अरब के विदेश मंत्री से बात करके फिलिस्तीन के साथ खड़े होने का ऐलान किया था। पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने इस बीच अपने देशवासियों से भी एक अपील भी की है।
शाह महमूद कुरैशी ने संसद की कार्यवाही के दौरान ही पाकिस्तानियों से इजरायल का पुरजोर विरोध करने की बात कही। कुरैशी ने फिलिस्तीनियों पर इजरायल के हवाई हमले के खिलाफ जुमे के दिन शुक्रवार को पूरे पाकिस्तान में शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आह्वान किया है।
नेशनल असंबेली में इजरायल के अत्याचारों पर चर्चा समाप्त करते हुए कुरैशी ने कहा कि प्रधानमंत्री इमरान खान प्रस्ताव पर सहमत हैं और उनकी रजामंदी के बाद ही वह इसका ऐलान कर रहे हैं। इजरायल के खिलाफ लामबंदी से पहले कुरैशी ने यह ऐलान किया।
शाह महमूद कुरैशी ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र महासभा की एक आपातकालीन सत्र बुलाने की मांग की जाएगी जहां वह और उनके तुर्की समकक्ष फिलिस्तीन के लिए आवाज उठाएंगे। गाजा की स्थिति के बारे में बात करते हुए कुरैशी ने कहा कि सबसे पहले और सबसे महत्वपूर्ण यह है कि फिलिस्तीन में तुरंत सीजफायर लागू किया जाना चाहिए।

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

1. अंक-278 (साल-02)
2. शुक्रवार, मई 21, 2021
3. शक-1984, बैसाख, शुक्ल-पक्ष, तिथि- दसवीं, विक्रमी सवंत-2078।
4. सूर्योदय प्रातः 05:58, सूर्यास्त 07:07।
5. न्‍यूनतम तापमान -10 डी.सै., अधिकतम-28+ डी.सै.। तेज हवाओं के साथ बरसात की संभावना बनी रहेगी।
6.समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा। सभी पद अवैतनिक है।
7.स्वामी, प्रकाशक, संपादक राधेश्याम के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित। प्रकाशित समाचार, विज्ञापन एवं लेखोंं से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं हैं। पीआरबी एक्ट के अंतर्गत उत्तरदायी।
8.संपादकीय कार्यालय- 263 सरस्वती विहार, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102।
9.संपर्क एवं व्यावसायिक कार्यालय-डी-60,100 फुटा रोड बलराम नगर, लोनी,गाजियाबाद उ.प्र.-20110
http://www.universalexpress.page/
email:universalexpress.editor@gmail.com
संपर्क सूत्र :- +919350302745  
                     (सर्वाधिकार सुरक्षित)

यूपी: गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदला

यूपी: गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदला  संदीप मिश्र  लखनऊ। यूपी में गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदल गया है। कक्षा एक से लेकर आठ तक के स्कू...