शनिवार, 1 मई 2021

महामारी: एक-दूसरे को मदद करने की अपील की

कविता गर्ग                       
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने कोरोना महामारी संकट के समय में एक-दूसरे को मदद करने की अपील की है। देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर में बॉलीवुड सेलेब्स लोगों को सुरक्षित रहने की अपील कर रहे हैं। सोनाक्षी सिन्हा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें वह फैंस से एक-दूसरे की मदद करने का आग्राह कर रही हैं।वीडियो में सोनाक्षी ने कहा कि हमारे देश को कोरोना की दूसरी लहर ने बुरी तरह से प्रभावित किया है और मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं। जिन्होंने अपने आस-पास या परिजनों को खोया है। हमे हर रोज कुछ ऐसी तस्वीरें देखने को मिलती हैं। जिसमें लोगों को ऑक्सीजन सिलेंडर, मेडिकल सुविधाएं और दवाइयां नहीं मिल पाती हैं। लेकिन मुझे उम्मीद है कि ये बुरा वक्त को भी संभाला जा सकता है। हम सब साथ हैं।उन्होंने वीडियो में आगे कहा कि ‘हम सब मिलकर इस बीमारी से लड़े और एक दिन जीतेंगे। सोनाक्षी ने कोविड मरीज के लिए काम कर रहे एनजीओं को भी आर्थिक मदद करने की मांग की और कहा कि कोई भी राशि छोटी या बड़ी नहीं होती। अपने आस-पास लोगों की मदद करें। सभी सुरक्षित रहें और सभी मास्क पहने।
बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन ने लोगों से वैक्सीनेशन में बढ़ चढ़कर भाग लेने की अपील की है। वरुण धवन ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है। जिसमें वैक्सीनेशनल सेंटरों पर पालन किए जाने वाले प्रोटोकॉल्स के बारें में बात की जा रही है और कोरोना से खुद के बचाव के तरीके बताएं जा रहे हैं। वरुण धवन ने इंस्टाग्राम वीडियो को शेयर किया है। वीडियो में स्टेप्स बाई स्टेप्स बताया जा रहा है कि वैक्सीनेशन सेंटर पर हमको किन-किन प्रोटोकॉल्स का पालन करना है।
वरूण ने कैप्शन में लिखा, ‘वैक्सीनेशन प्राप्त करें और सावधानी बरतें जिससे आपको वायरस से छुडकारा मिले। डबल मास्क या एन95 मास्क पहनें। हैंड ग्लब्स पहनें, अपने पास एक सैनिटाइजर कैरी करें। लोगों से बात करने से बचें और यदि आप वैक्सीनेशन की फोटो क्लिक करना चाहते हैं तो कृपया अपना मास्क ना उतारें। वैक्सीनेशन सेंटर पर टॉयलेट का इस्तेमाल ना करें। कृपया इस मैसेजे को आगे शेयर करें और सभी उचित सावधानियों का ख्याल रखें, मैं भी उचित सावधानी बरत रहा हूं।

चुनौती के मुकाबलें में मदद करने का वादा किया

वाशिंगटन डीसी। अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने भारत में कोरोना वायरस की स्थिति को ‘दुखदायी’ बताते हुए कहा है कि अमेरिका ने इस चुनौती का मुकाबला करने में उसकी मदद करने का वादा किया है। हैरिस ने सिनसिनाटी, ओहायो में शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा, ”इसको लेकर कोई सवाल ही नहीं है कि लोगों की जान जाने के संदर्भ में यह बड़ी त्रासदी है। जैसा मैंने पहले भी कहा है, एक बार फिर से कहूंगी कि हमने एक देश के तौर पर भारत के लोगों का समर्थन करने का उनसे वादा किया है।
हैरिस ने एक सवाल के जवाब में कहा, ”हमने डॉलर राशि के संदर्भ में वादा किया है, जो पीपीई और अन्य चीजों के मद में जाएगी। लेकिन यह दुखद है। लोग जिस घोर पीड़ा से गुजर रहे हैं, उसमें मेरी प्रार्थना उनके साथ है। इससे पहले व्हाइट हाउस ने कोविड-19 के मामलों में काफी वृद्धि के मद्देनजर भारत से यात्रा पर पाबंदी लगाने की घोषणा की थी। हैरिस ने कहा कि प्रतिबंध की खबर सार्वजनिक होने के बाद से उन्होंने भारत में अपने परिवार से बातचीत नहीं की है।

ऑक्सीजन की कमी के कारण 8 मरीजों की मौत हुईं

अकांशु उपाध्याय                                   
नई दिल्ली। राजधानी स्थित बत्रा अस्पताल में शनिवार को यहां के गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी (जठरांत्र विज्ञान) विभाग के प्रमुख सहित आठ कोरोना संक्रमित मरीजों की ऑक्सीजन की कमी के कारण मौत हो गई। यह जानकारी अधिकारियों ने दी। डॉक्टर एस सी एल गुप्ता ने बताया कि पांच अन्य गंभीर मरीजों को बचाने के प्रयास किये जा रहे हैं। राजधानी के विभिन्न अस्पतालों ने पिछले सप्ताह संकट कालीन संदेश (एसओएस) जारी कर ऑक्सीजन आपूर्ति खत्म होने के कगार पर होने की बात कही थी। दिल्ली की सरकार भी लगातार कह रही है कि उसे उसके हिस्से का ऑक्सीजन नहीं मिल पा रहा है।

विमान ईंधन के मूल्य में 6.7 की बड़ी वृद्धि की गईं

अकांशु उपाध्याय                         
नई दिल्ली। विमान ईंधन के मूल्य में शनिवार को 6.7 की एक बड़ी वृद्धि की गयी। वैश्विक बाजार में कच्चे तेल के महंगा होने से जल्द ही डीजल और पेट्रोल के खुदरा भाव भी बढ़ाए जा सकते हैं। सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने दिल्ली में विमान ईंधन (एटीएफ) का भाव प्रति हजार लीटर 3,885 रुपये यानी 6.7 प्रतिशत बढ़ा कर 61,690.28 रुपये कर दिया। विभिन्न राज्यों पेट्रोलियम पर बिक्री कर की दरों में भिन्नता के कारण वहां एटीएफ के भाव अलग अलग हो सकते हैं।इससे पहले कंपनियों ने दो बार एटीएफ के भाव घटाए थे। पहली अप्रैल को इसमें तीन प्रतिशत और 19 अप्रैल को एक प्रतिशत की कमी की गयी थी। डीजल एवं पेट्रोल के भाव लगातार 16वें दिन एक ही स्तर पर बने हुए हैं। दिल्ली में पेट्रोल 90.40 रुपये और डीजल 80.73 रुपये प्रति लीटर का पड़ रहा है। अधिकारियों ने संकेत दिया है कि मोटर वाहन ईंधनों के दामों में जल्दी ही संधोशन किया जा सकता है। एक अधिकारी ने कहा कि पिछले चार दिन (27 अप्रैल) से दाम लगातार चढ़ रहे हैं और इस दौरान दुबई में कच्चा तेल 2.91 डालर प्रति बैरल महंगा हो चुका है। पेट्रोल और डीजल के खुदरा मूल्यों में क्रमश: 60 प्रतिशत और 54 प्रतिशत केंद्रीय व राज्य स्तरीय करों का होता है। भारत में कोविड19 की नयी लहर से पेट्रोलियम की मांग पर असर पड़ने की संभावनाओं के बावजूद अंतराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल चढ़ रहा है। इसके पीछे अमेरिका की मजबूत मांग और डालर की कमजोरी बताया जा रहा है।

मुंबई: 'टीकू वेड्स शेरू’ से डेब्यू करने जा रहीं कंगना

कविता गर्ग                        
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत बतौर फिल्म निर्माता ‘टीकू वेड्स शेरू’ से डिजिटल डेब्यू करने जा रही है। कंगना रनौत जल्द ही निर्माता के रूप में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नजर आने वाली हैं। कंगना ने ट्वीट कर घोषणा कि वह आगामी फिल्म ‘टीकू वेड्स शेरू’ को अपने प्रोडक्शन हाउस मणिकर्णिका फिल्म्स के जरिए बनाने वाली हैं। फिल्म की घोषणा के साथ-साथ कंगना ने अपने प्रोडक्शन हाउस का लोगो की रिलीज कियाकंगना ने लोगो को लॉन्च करते हुए ट्वीट किया, “मणिकर्णिका फिल्म्स’ का लोगो लॉन्च कर दिया है। साथ ही यह अनाउंसमेंट कर रही हूं कि लव स्टोरी ‘टीकू वेड्स शेरू’ से हम डिजिटल स्पेस में अपना डेब्यू करने जा रहे हैं। आप सभी का आशीर्वाद चाहिए। 

ऑक्सीजन के लिए विदेश से 24 टैंकर एयरलिफ्ट किएं

अकांशु उपाध्याय                            
नई दिल्ली। उद्योगपति मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने देश के अलग-अलग हिस्सों में तेजी से ऑक्सीजन पहुंचाने के लिए विदेश से 24 टैंकर एयरलिफ्ट किए हैं।
रिलायंस ने ऑक्सीजन की कड़ी को पुख्ता करने के लिए सऊदी अरब, जर्मनी, बेल्जियम, नीदरलैंड और थाईलैंड से 24 ऑक्सीजन टैंकर्स एयरलिफ्ट किए। देश में तरल ऑक्सीजन की कुल परिवहन क्षमता में इससे 500 टन का इजाफा हुआ है।
टैंकर्स एयरलिफ्ट करने में भारतीय वायुसेना का भी भरपूर सहयोग रहा। वहीं रिलायंस के पार्टनर्स सऊदी अरामको और बीपी ने ऑक्सीजन टैंकर्स की अधिग्रहण में मदद की। रिलायंस ने भारतीय वायुसेना और सहयोगी कंपनियों का आभार जताया है।
रिलायंस जामनगर तेल रिफाइनरी में प्रतिदिन 1000 टन से अधिक मेडिकल-ग्रेड ऑक्सीजन का उत्पादन कर रहा है। यह ऑक्सीजन कोविड-19 से बुरी तरह प्रभावित राज्यों को मुफ्त में दी जा रही है। यह कंपनी देश में करीब 11 प्रतिशत मेडिकल ग्रेड ऑक्सीजन का उत्पादन कर रही है।
अंबानी, रिलायंस के मिशन ऑक्सीजन की निगरानी खुद कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में रिलायंस दोहरी रणनीति पर काम कर रहा है। रिलायंस की जामनगर स्थित रिफाइनरी के बहुत से प्रक्रिया में बदलाव कर ज्यादा से ज्यादा जीवनदायी ऑक्सीजन का निर्माण किया जा रहा है और लोडिंग और परिवहन क्षमताओं को बढ़ाया जा रहा है।
रिलायंस की जामनगर रिफाइनरी में कच्चे तेल से डीजल, पेट्रोल, और जेट ईंधन जैसे उत्पाद बनाए जाते हैं, यहां मेडिकल-ग्रेड ऑक्सीजन का उत्पाद नहीं किया जाता था। लेकिन कोरोनोवायरस के मामलों में जिस तेजी से वृद्धि हुई है और ऑक्सीजन की मांग बढ़ी है, उसको देखते हुए रिलायंस ने अपने प्रोसेस में बदलाव कर मेडिकल-ग्रेड ऑक्सीजन का उत्पादन शुरू कर दिया।
देश में ऑक्सीजन की लोडिंग और आपूर्ति एक बड़ी बाधा बनकर उभरी है। रिलायंस के इंजीनियर ने इसका हल नाइट्रोजन टैंकर्स को ऑक्सीजन टैंकर्स में बदल कर खोज निकाला।
रिलायंस के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कहा "जब भारत कोविड-19 की दूसरी लहर के खिलाफ लड़ रहा है तब मेरे लिए और रिलायंस में हम सभी के लिए, जीवन बचाने से ज्यादा महत्वपूर्ण कुछ नहीं है।
एक बयान में रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी ने कहा, "हमारा देश अभूतपूर्व संकट से गुजर रहा है। रिलायंस फाउंडेशन में हम मदद की हर संभव कोशिश करेंगे।

6 अधिकारियों के किएं तबादले, नियुक्ति के आदेश

राणा ओबराय                         
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने चार आईएएस, एक आईआरएस और एक एचसीएस अधिकारी के आज तुरंत प्रभाव से तबादले और नियुक्ति के आदेश जारी किए।
एक आधिकारिक प्रवक्ता ने यहां बताया कि नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग तथा शहरी संपदा विभाग के प्रधान सचिव अपूर्व कुमार सिंह को खेल एवं युवा मामले विभाग का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। हरियाणा भवन, नई दिल्ली के अतिरिक्त आवासीय आयुक्त तथा हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान, गुरुग्राम के अतिरिक्त निदेशक अशोक सांगवान को आवासीय आयुक्त, गुरुग्राम तथा हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान, गुरुग्राम का अतिरिक्त निदेशक लगाया गया है। स्मार्ट सिटी, फरीदाबाद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी(सीईओ) तथा फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण की अतिरिक्त सीईओ डॉ. गरिमा मित्तल को नगर निगम, फरीदाबाद के आयुक्त का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।
सरकार ने भिवानी और चरखी दादरी के अतिरिक्त उपायुक्त तथा दोनों जिलों के नगरपालिका आयुक्त राहुल नरवाल को तुरंत प्रभाव से भिवानी जिला उपायुक्त का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है। नरवाल भिवानी जिला उपायुक्त जयवीर सिंह आर्य के कोविड-19 से स्वस्थ होकर अपना कार्यभार सम्भालने तक यह काम देखेंगे।मुख्यमंत्री कार्यालय में संसाधन सृजन प्रकोष्ठ में सलाहकार तथा विदेश सहयोग विभाग के प्रधान सचिव योगेंद्र चौधरी (आईआरएस) को मुख्यमंत्री घोषणाओं के कार्यान्वयन से सम्बंधित कार्य का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसी तरह, एचसीएस अधिकारी देवेंद्र शर्मा को तुरंत प्रभाव से पानीपत जिले में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग में संयुक्त निदेशक (प्रशासन) लगाया गया है। वह अपने मौजूदा कार्यभार के अलावा हरियाणा और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र, दिल्ली को लिक्विड ऑक्सीजन के आवंटित कोटा के उत्पादन तथा सुचारू और निर्बाध आपूर्ति/आवागमन से जुड़े तमाम मुद्दों की निगरानी में विकास यादव की भी मदद करेंगे।

3 से 20 मई तक देश में कोईं लॉकडाउन नहीं: सरकार

अकांशु उपाध्याय                               
नई दिल्ली। कोरोना की दूसरी लहर के बीच एक खबर बड़ी तेजी के साथ वायरल हो रही है। जिसमें यह दावा किया जा रहा है कि केंद्र सरकार ने देश में 3 मई से 20 मई तक संपूर्ण लॉकडाउन लगाने की घोषणा की है। कुछ लोग अपने व्हाट्सएप पर स्टेटस लगा रहे हैं, तो कुछ लोग फेसबुक पर भी इस खबर को तेजी के साथ वायरल कर रहे हैं। 

पीआईबी ने इस खबर को चेक किया है और देशवासियों को इस खबर की सही जानकारी दी है। पीआईबी ने इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रही खबरों की पीछे की सच्चाई जानने की कोशिश की। पीएम मोदी ने लॉकडाउन को लेकर देश के नाम संबोधन में साफ तौर पर राज्य सरकार को लॉकडाउन नहीं लगाने का संकेत दिया था। पीएम मोदी ने कहा था कि वर्तमान स्थिति में देश लॉकडाउन नहीं झेल पाएगा। 

ऐसी स्थिति में राज्य सरकार वायरस को नियंत्रित करने के लिए अन्य उपाय अपनाएं और जहां तक संभव हो लॉकडाउन को अंतिम विकल्प के रूप में ही इस्तेमाल करें। पीआईबी फैक्ट चेक के माध्यम से पाया कि वायरल हो रही खबर पूरी तरीके से गलत। यानी पत्र सूचना कार्यालय ने केंद्र सरकार के मंत्रालय विभाग और योजनाओं के बारे में खबरों का सत्यापन करने के लिए एक तथ्य जांच इकाई गठित की। जिसकों पीआईबी फैक्ट चेक टीम कहा जाता है। इसके बाद यह साफ हो गया कि 3 मई से 20 मई तक देश में कोई लॉकडाउन नहीं है।

गर्मी में सबसे ज्यादा पसंद किया जाता हैं 'खीरा'

अकांशु उपाध्याय          
नई दिल्ली। गर्मी में सबसे ज्यादा अगर किसी सब्जी को पसंद किया जाता है तो वह है 'खीरा'। खीरा खाने से शरीर को ठंडक मिलती है और इसीलिए गर्मी में खीरा ज्यादा खाते हैं। लेकिन आपको बता दें कि आपके पसंदीदा खीरे के भी कुछ नुकसान हैं। अगर आप बहुत ज्यादा खीरा खाते हैं तो इसकी वजह से आपकी सेहत को नुकसान उठाना पड़ सकता है। आइए जानते हैं कि खीरे के हमारी सेहत पर क्या दुष्प्रभाव पड़ते हैं।खीरे में क्यूकरबिटासिन नामक तत्व होता है जिसकी वजह से खीरा खाने के बाद डकार आती है। यह अपच का कारण भी बन सकता है और अपच पेट फूलने एवं पेट दर्द की समस्या पैदा करती है। खीरे में मौजूद फाइबर पेट फूलने का कारण बन सकता है। यह खीरे के दुष्प्रभावों में सबसे ज्यादा आम है। खीरा मूत्रवर्द्धक होता है इसलिए इसके सेवन से बार-बार पेशाब आने लगती है। वहीं, ज्यादा पेशाब आने की वजह से शरीर से तरल पदार्थ अधिक मात्रा में बाहर निकल जा सकता जिससे डिहाइड्रेशन यानी पानी की कमी का खतरा रहता है। कई बार कड़वा खीरा भी आ जाता है। क्यूकरबिटासिन के कारण खीरा कड़वा हो जाता है। इस तत्व में टॉक्सिक यौगिक की मात्रा बहुत ज्यादा होती है। टॉक्सिक होने की वजह से खीरे के सेहत पर हल्घ्के और गंभीर दुष्प्रभाव पड़ सकते हैं। खीरे के जूस से एलर्जी भी हो सकती है। कुछ लोगों को खीरा खाने की वजह से खुजली, चेहरे या मुंह में सूजन या गले में संक्रमण आदि की समस्या हो सकती है। अगर आप साइनस या सांस से जुड़ी किसी गंभीर या लंबे समय से चली आ रही बीमारी से ग्रस्त हैं तो आपको खीरे का सेवन बिलकुल नहीं करना चाहिए। आयुर्वेद के अनुसार खीरे की ठंडी तासीर इन बीमारियों को बढ़ा सकती है। जिनकी वजह से गंभीर जटिलताएं पैदा हो सकती हैं। वैसे तो गर्भावस्घ्था में खीरा खाना सुरक्षित माना जाता है। लेकिन कुछ स्थितियों में ज्घ्यादा खीरा खाना खतरनाक साबित हो सकता है। मूत्रवर्द्धक होने के कारण बार-बार पेशाब आता है। जो कि प्रेग्नेंसी में आपको परेशान कर सकता है। इसकी वजह से आपको पेट दर्द और पेट फूलने की शिकायत भी हो सकता है।

टीकाकरण कार्यक्रम को गति, मदद कर रहा हैं यूएसए

वाशिंगटन डीसी। संयुक्त राष्ट्र अमेरिका की बाल एजेंसी कोविड-19 की प्रलयकारी नई लहर से लड़ने में भारत की मदद करने के लिए 3,000 ऑक्सीजन सांद्रक, जांच किट और अन्य उपकरण समेत अहम जीवनरक्षक आपूर्तियां भेज रही है। यूनिसेफ ने यह भी कहा कि वह सभी आयु वर्गों को टीका देने के लिए भारत सरकार के राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम को गति देने में भी मदद कर रहा है। संवाददाता सम्मेलन के दौरान, संयुक्त राष्ट्र प्रमुख के उपप्रवक्ता फरहान हक ने महासचिव एंतोनियो गुतारेस के ट्वीट का संदर्भ दिया कि वह और संयुक्त राष्ट्र परिवार देश के लोगों के साथ कोविड-19 की इस भयावह स्थिति के दौरान एकजुटता से खड़ा है और संयुक्त राष्ट्र देश के प्रति अपने सहयोग को बढ़ाने के लिए पूरी तरह तैयार है। हक ने कहा कि भारत में संयुक्त राष्ट्र की रेजिडेंट समन्वयक रेनाटा लोक डेसालियन भी महासचिव की तरह विचार रखती हैं।संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक यूनिसेफ पूर्वोत्तर भारत और महाराष्ट्र के अस्पतालों के लिए 25 ऑक्सीजन संयंत्रों की खरीद एवं स्थापना में मदद करने के साथ ही देश में प्रवेश के स्थानों पर थर्मल स्कैनर लगाने में मदद कर रहा है। इसमें कहा गया, “यूनिसेफ और साझेदार सभी आबादी समूहों में समान रूप से टीका देने के लिए उसके राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम को गति देने के लिए सरकार का लगातार समर्थन कर रहे हैं।

विश्व में कोरोना से 31,76,404 लोगाें की मौंत हुईं

वाशिंगटन डीसी/ नई दिल्ली। विश्व भर में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है और इस वायरस के संक्रमण से 15 करोड़ नौ लाख 95 हजार 578 लोग प्रभावित हुए हैं। जबकि 31 लाख 76 हजार 404 लोगाें की जान जा चुकी है। कोरोना संक्रमण से मरने वालों में अमेरिका शीर्ष पर है। अमेरिका की जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के विज्ञान एवं इंजीनियरिंग केंद्र (सीएसएसई) की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार दुनिया के 192 देशों एवं क्षेत्रों में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 15 करोड़ नौ लाख 95 हजार 578 हो गयी है। जबकि 31 लाख 76 हजार 404 लोगों की मौत हो चुकी है। वैश्विक महाशक्ति माने जाने वाले अमेरिका में कोरोना वायरस का कहर तेजी से बढ़ता जा रहा है तथा यहां संक्रमितों की संख्या तीन करोड़ 23 लाख 45 हजार 62 से अधिक हो गयी है। जबकि 5,76,232 मरीजों की इस महामारी से मौत हो चुकी है।दुनिया में कोरोना संक्रमितों के मामले में भारत दूसरे स्थान पर और मृतकों के मामले में चौथे स्थान पर है। यहां संक्रमितों की कुल संख्या एक करोड़ 91 लाख 64 हजार 969 हो गयी है और इस वायरस के संक्रमण को एक करोड़ 56 लाख 80 हजार लोग मात दे चुके हैं तथा अभी तक दो लाख 15 हजार 376 लोगों की मौत हो चुकी है। ब्राजील संक्रमितों के मामले में अब तीसरे स्थान पर है। देश में कोरोना संक्रमण के मामले फिर से बढ़ रहे हैं और अभी तक इससे एक करोड़ 46 लाख 59 हजार 11 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। जबकि इसके संक्रमण से 403,781 लोगों की मौत हो चुकी है।
ब्राजील कोरोना से मौतों के मामले में विश्व में दूसरे स्थान पर है। संक्रमण के मामले में फ्रांस चौथे स्थान पर है जहां कोरोना वायरस से अब तक करीब 5,677,835 लोग प्रभावित हुए हैं। जबकि 1,04,385 मरीजों की मौत हो चुकी है। रूस में कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या 104,675 लाख से अधिक पहुंच गयी है और 1,07,902 लोगों की मौत हो चुकी है। तुर्की में अब तक 4,820,591 लोग संक्रमित हुए हैं और 40,131 लाेगों की जान जा चुकी है।
ब्रिटेन में कोरोना वायरस प्रभावितों की कुल संख्या 4,432,246 हो गयी है और 127,775 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों के मामले में ब्रिटेन पांचवें स्थान पर है। इटली में संक्रमितों की संख्या 4,022,653 अधिक हो गयी है और 120,807 लोगों की मौत हो चुकी है। स्पेन में इस महामारी से 3,524,077 लोग प्रभावित हुए हैं और 78,216 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना संक्रमण के मामले में जर्मनी दसवें स्थान पर है और यहां इस वायरस की चपेट में आने वालों की संख्या 3,405,365 हो गई है और 83,098 लोगों की मौत हो चुकी है।
अर्जेंटीना में कोरोना से संक्रमितों की संख्या 2,977,363 हो गयी है और इसके संक्रमण से 63,865 लोगों की जान जा चुकी है। कोलंबिया में कोरोना वायरस से 2,859,724 लोग प्रभावित हुए हैं और 73,720 लोगों ने जान गंवाई है। पोलैंड में कोरोना से 2,792,142 लोग प्रभावित हुए हैं और इस महामारी से 67,502 लोग जान गंवा चुके हैं। ईरान ने कोरोना संक्रमितों के मामले में मेक्सिको को पीछे छोड़ दिया है यहां कोरोना वायरस से 2,499,077 लोग प्रभावित हुए हैं और 73720 लोगों की मौत हो चुकी है।

महामारी: राजनीतिक सर्वसम्मति बनाने की अपील की

अकांशु उपाध्याय                    
नई दिल्ली। देश में कोविड-19 के तेजी से बढ़ रहे मामलों के बीच कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कोरोना वायरस वैश्विक महामारी से निपटने को लेकर एक राष्ट्रीय नीति पर राजनीतिक सर्वसम्मति बनाने की केंद्र से शनिवार को अपील की। गांधी ने वीडियो संदेश में कहा कि अब समय आ गया है कि केंद्र एवं राज्य सरकारें जागें और अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
उन्होंने कहा कि कोविड-19 का टीका सभी नागरिकों को नि:शुल्क लगाया जाना चाहिए और देश की टीकाकरण मुहिम को गति देने के मकसद से टीकों का उत्पादन बढ़ाने के लिए लाइसेंस हासिल करने को अनिवार्य बनाया जाना चाहिए। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ”मैं केंद्र सरकार से अपील करती हूं कि देश में कोविड-19 संकट से निपटने के लिए राष्ट्रीय नीति तैयार की जाए और इसे लेकर राजनीतिक सर्वसम्मति बनाई जाए। उन्होंने कहा, अब समय आ गया है कि केंद्र एवं राज्य सरकारें जागें और अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
सोनिया गांधी ने केंद्र सरकार से अपील की कि वह हर गरीब परिवार के खाते में छह-छह हजार रुपए पहुंचाए, ताकि मौजूदा संकट से निपटने में उन्हें मदद मिल सके। उन्होंने जांच बढ़ाने और आवश्यक जीवन रक्षक दवाओं की काला बाजारी रोकने की अपील की। गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी वैश्विक महामारी के खिलाफ लड़ाई में केंद्र के साथ खड़ी रहेगी और उन्होंने सभी भारतीयों से इस मुश्किल समय में एकजुट रहने की अपील की।
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के एक दिन में अब तक के सर्वाधिक चार लाख से अधिक नए मामले सामने आए हैं और उपचाराधीन मामलों की संख्या अब 32 लाख के पार हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के शनिवार सुबह के आंकड़ों के अनुसार, कोरोना वायरस संक्रमण के 4,01,993 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,91,64,969 हो गई तथा 3,523 और लोगों की मौत होने के बाद कुल मृतक संख्या बढ़कर 2,11,853 हो गई।

24 घंटें में संक्रमण के 4 लाख से अधिक नए मामलें

अकांशु उपाध्याय                         
नई दिल्ली। भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के सर्वाधिक चार लाख से अधिक नए मामले सामने आए हैं और उपचाराधीन मामलों की संख्या अब 32 लाख के पार हो गई है।केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के शनिवार सुबह आठ बजे अद्यतन किए गए आंकड़ों के अनुसार, कोरोना वायरस संक्रमण के 4,01,993 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,91,64,969 हो गई तथा 3,523 और लोगों की मौत होने के बाद कुल मृतक संख्या बढ़कर 2,11,853 हो गई। देश में संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और उपचाराधीन लोगों की संख्या बढ़कर 32,68,710 हो गई है, जो संक्रमण के कुल मामलों का 17.06  प्रतिशत है तथा मरीजों के ठीक होने की दर और गिरकर 81.84 प्रतिशत रह गई है।आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण के बाद ठीक हुए लोगों की संख्या बढ़कर 1,56,84,406 हो गई है और मृत्यु दर 1.11 प्रतिशत है। देश में कोविड-19 के मरीजों की संख्या पिछले साल सात अगस्त को 20 लाख को पार कर गई थी। वहीं, कोविड-19 मरीजों की संख्या 23 अगस्त को 30 लाख, पांच सितंबर को 40 लाख और 16 सितंबर को 50 लाख के आंकड़े को पार कर गई थी।
इसके बाद 28 सितंबर को कोविड-19 के मामले 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवंबर को 90 लाख, 19 दिसंबर को एक करोड़ और 19 अप्रैल को कोविड-19 के मामले 1.5 करोड़ से अधिक हो गए थे। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के मुताबिक 30 अप्रैल तक 28,83,37,385 नमूनों की जांच की गई जिनमें से 19,45,299 नमूनों की शुक्रवार को जांच की गई।

किस्त: सरकार ने 8,873.6 करोड़ रुपये जारी किएं

अकांशु उपाध्याय                        
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने कोविड-19 रोधी विभिन्न उपायों के वास्ते 2021-22 के लिए राज्य आपदा मोचन कोष (एसडीआरएफ) से केंद्र के हिस्से की पहली किस्त के तौर पर 8,873.6 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। इन उपायों में अस्पतालों के निर्माण के साथ ही ऑक्सीजन उत्पादन के लिए संयंत्र स्थापित करना भी शामिल है।केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कहा कि विशेष वितरण के तौर पर वित्त मंत्रालय के अधीन व्यय विभाग ने उसकी अनुशंसा पर सामान्य कार्यक्रम से पहले यह राशि जारी कर दी है। आधिकारिक बयान में कहा गया कि राज्यों को 8,873.6 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।सामान्य तौर पर, इस कोष की पहली किस्त वित्त आयोग की अनुशंसाओं के मुताबिक जून में जारी की जाती है। हालांकि, सामान्य प्रक्रिया में राहत देते हुए, न सिर्फ एसडीआरएफ की किस्त समय से पहले जारी की गई है, बल्कि पिछले वित्त वर्ष में राज्यों को उपलब्ध कराई गई राशि के उपयोग प्रमाण-पत्र की प्रतीक्षा किए बिना ही राशि जारी कर दी गई है।
बयान में कहा गया कि जारी की गई राशि का आधा हिस्सा यानी 4,436.8 करोड़ रुपये का इस्तेमाल राज्य कोविड-19 रोकथाम उपायों के लिए कर सकते हैं। इसमें कहा गया कि एसडीआरएफ से जारी की गई निधि का उपयोग राज्य, अस्पतालों में ऑक्सीजन उत्पादन एवं भंडारण संयंत्रों में आने वाले खर्च में, वेंटिलेटर, एयर प्यूरिफाइर, एंबुलेंस सेवाएं मजबूत करने, कोविड-19 अस्पताल, कोविड-19 देखभाल केंद्र, थर्मल स्कैनर, निजी सुरक्षात्मक उपकरण, चिकित्सीय उपयोग की वस्तुओं, जांच प्रयोगशालाएं, जांच किट, निषिद्ध क्षेत्रों आदि के लिए कर सकते हैं।

चुनाव: मतगणना पर रोक लगाने से एससी का इनकार

अकांशु उपाध्याय                           
नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनावों के लिये होने वाली मतगणना पर रोक लगाने से शनिवार को इनकार कर दिया। उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनावों के लिये मतगणना रविवार को होने वाली है। न्यायालय में अवकाश के दिन विशेष अत्यावश्यक सुनवाई में न्यायमूर्ति ए एम खानविल्कर और न्यायमूर्ति हृषिकेश रॉय की पीठ ने कई अधिसूचनाओं और राज्य में 829 मतगणना केंद्रों पर कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन किये जाने के संबंध में उत्तर प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के आश्वासन पर गौर करने के बाद यह आदेश दिया।शीर्ष अदालत ने निर्देश दिया कि समूचे राज्य में मतगणना के दौरान सख्त कर्फ्यू रहेगा और यह मंगलवार सुबह तक लागू रहेगा और कोई भी विजय जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी। न्यायालय ने राज्य निर्वाचन आयोग से कहा कि वह मतगणना केंद्रों पर कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन कराने की जिम्मेदारी राजपत्रित अधिकारियों को सौंपेगा।न्यायालय ने राज्य निर्वाचन आयोग को प्रदेश में मतगणना केंद्रों के सीसीटीवी फुटेज को तब तक सुरक्षित रखने का निर्देश दिया, जब तक कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय उसके समक्ष दायर याचिकाओं पर सुनवाई पूरी नहीं कर लेता। न्यायालय ने सरकारी अधिकारियों, उम्मीदवारों और उनके एजेंटों को आदेश दिया कि मतगणना केंद्र में प्रवेश से पहले उन्हें आरटी-पीसीआर जांच में कोविड-19 से संक्रमित नहीं होने का प्रमाण दिखाना होगा।
शीर्ष अदालत का यह आदेश देशभर में कोरोना वायरस की दूसरी लहर के मद्देनजर रविवार को होने वाली मतगणना के दौरान कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन किये जाने का निर्देश देने का अनुरोध करने वाली याचिका पर सुनवाई के दौरान आया।
बता दें, प्रदेश के 75 जिलों में चार चरणों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मत डाले जा चुके हैं। पहले चरण में 15 अप्रैल, दूसरे में 19 अप्रैल, तीसरे में 26 अप्रैल और चौथे चरण में 29 अप्रैल को मतदान संपन्न हुआ। राज्‍य में चारों चरणों में ग्राम पंचायत प्रधान के 58,194, ग्राम पंचायत सदस्य के 7,31,813, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 75,808 तथा जिला पंचायत सदस्य के 3,051 पदों के लिए मत डाले गए हैं। इनमें से कुछ पदों पर निर्विरोध निर्वाचन भी हो चुका है।

भारत के साथ यात्रा प्रतिबंधित करने का फैसला किया

वाशिंगटन डीसी। अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन ने वैश्विक महामारी कोविड-19 के नये स्ट्रेन के तेजी से बढ़ते मामले के कारण भारत के साथ यात्रा प्रतिबंधित करने का फैसला किया है, जो चार मई से लागू हो जायेगा। व्हाइट हाउस से जारी बयान में कहा गया है कि अमेरिकी रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केन्द्र (सीडीसी) की सलाह पर भारत के साथ यात्रा को प्रतिबंधित किये जाने का निर्णय लिया गया है। भारत में कोरोना के मामले थम नहीं रहे हैं। बिडेन ने इस संबंध में एक घोषणा पत्र पर हस्ताक्षर किये गये हैं। जिसमें कहा गया है कि विश्वभर में कोरोना के नये स्ट्रेन का एक तिहाई से अधिक मामले हैं भारत में हैं। देश के लोगों के स्वास्थ्य की रक्षा सुनिश्चित करके कारण यह प्रतिबंध आवश्यक है।

कार बम विस्फोट से 30 लोगों की मौंत, 70 घायल

पुल-ए-आलम। अफगानिस्तान में लोगार प्रांत की राजधानी पुल-ए-आलम में शुक्रवार को हुए कार बम विस्फोट में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई और 70 अन्य घायल हो गये। शुरुआती जानकारी के अनुसार एक कार में सवार एक आत्मघाती हमलावर ने उस समय बम विस्फोट कर दिया जब लोग शाम साढ़े छह बजे रोजा खोल रहे थे। सूत्रों के अनुसार इस विस्फोट में 30 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल करीब 70 लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। जहां कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। इस हमले की फिलहाल किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली है। विस्फोट इतना भीषण था कि मुख्य प्रांतीय अस्पताल की इमारत और एंबुलेंस नष्ट हो गईं। कई चिकित्सा कर्मी भी प्रभावित हुए हैं। पीड़ितों की मदद के लिए निजी अस्पतालों और आसपास के जिलों से एम्बुलेंस घटना स्थल पर पहुंची गई।

अस्पताल के आईसीयू में आग लगने से 18 की मौंत

भरूच। गुजरात के भरूच में कल देर रात एक निजी अस्पताल के आईसीयू में आग लग जाने से कम से कम 18 लोगों की मौत हो गयी। मरने वालों में कम से कम दो अस्पताल कर्मी भी शामिल बताए गए हैं। मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका है। पुलिस ने बताया कि भरूच- जंबुसर बायपास रोड पर स्थित पटेल वेल्फ़ेयर हॉस्पिटल में यह घटना हुई। मध्यरात्रि के बाद लगभग साढ़े 12 बजे इसके दो में से एक आईसीयू में आग की सूचना मिलते ही स्थानीय फ़ायर ब्रिगेड की टीम तुरंत हरकत में आ गयी। कई मरीज़ों को अन्य अस्पतालों में स्थांतरित किया गया। उनमें से कई की हालत नाज़ुक बताई जाती है। आग लगने का कारण पूरी तरह स्पष्ट नहीं है पर समझा जाता है कि सम्भवतः शॉर्ट सर्किट के चलते ऐसा हुआ होगा। सूत्रों ने बताया कि कुछ मरीज़ों की मौत स्थानांतरण के दौरान हुई हो सकती है। इससे पहले भी कोरोना संकट के दौरान गुजरात के अहमदाबाद, राजकोट में ऐसी घटनाओं में कई मरीज़ों की मौत हो गयी थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के भरूच स्थित एक अस्पताल में आग लगने की घटना में लोगों की मौत पर शनिवार को दुख व्यक्त किया और उनके परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की। मोदी ने ट्वीट कर कहा कि भरूच के एक अस्पताल में आग लगने से हुई मौतों से दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं शोकसंतप्त परिवारों के साथ हैं। गुजरात सरकार ने आग लगने की घटना की जांच और मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपए की सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री विजय रूपानी ने राज्य सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव स्तर के अधिकारी विपुल मित्र समेत दो आईएएस अधिकारियों से इस घटना की जांच करने के आदेश दिए हैं।

पंजाब किंग्स ने रॉयल चैलेंजर्स को 34 रन से हराया

अहमदाबाद। हरप्रीत बरार के हरफनमौला प्रदर्शन और कप्तान केएल राहुल के नाबाद 91 रन की मदद से पंजाब किंग्स ने शुक्रवार को आईपीएल के मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर को 34 रन से हरा दिया। राहुल के नाबाद 91 रन की मदद से पंजाब किंग्स ने पांच विकेट पर 179 रन बनाये। जवाब में सितारों से सजी आरसीबी 20 ओवर में आठ विकेट पर 145 रन ही बना सकीबरार ने बल्ले के जौहर दिखाते हुए 17 गेंद में 25 रन बनाये और बाद में शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 19 रन देकर तीन सबसे कीमती विकेट लिये। बरार ने विराट कोहली (35), ग्लेन मैक्सवेल (0)और एबी डिविलियर्स (3) जैसे खतरनाक बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर पंजाब की जीत तय की। इससे पहलेद देवदत्त पडीक्कल (सात) भी सस्ते में आउट हो गए। इस जीत के बाद पंजाब छह अंक लेकर पांचवें स्थान पर है जबकि आरसीबी दस अंक लेकर तीसरे स्थान पर है। पंजाब के लिये राहुल और क्रिस गेल (24 गेंद में 46 रन) ने 80 रन की साझेदारी की लेकिन इनके अलावा मध्यक्रम के बल्लेबाज नहीं चल सके। सातवें नंबर पर उतरे बरार ही इन दोनों के अलावा दोहरे अंक तक पहुंच पाये।
राहुल और बरार ने आठवें विकेट की नाबाद साझेदारी में 61 रन जोड़े। गेल के 11वें ओवर में आउट होने के बाद आरसीबी के गेंदबाजों ने दबाव बना दिया था। राहुल ने 57 गेंद की अपनी पारी में सात चौके और पांच छक्के लगाये। वहीं बरार ने 17 गेंद में दो छक्कों और एक चौके की मदद से 25 रन बनाये। डेनियल सैम्स और मोहम्मद सिराज ने शुरूआती ओवरों में पंजाब के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने नहीं दिया। चोटिल मयंक अग्रवाल की जगह उतरे प्रभसिमरन सिंह ने राहुल के साथ पारी का आगाज किया लेकिन सात रन बनाकर आउट हो गए।
राहुल आत्मविश्वास से भरे लग रहे थे लेकिन रन आसानी से नहीं बन रहे थे। गेल ने इसके बाद जैमीसन के डाले पावरप्ले के एक ओवर में पांच चौके लगाकर दबाव तोड़ा। इसके बाद अगले ओवर में युजवेंद्र चहल को दो छक्के लगाकर रनगति बढाई। वह हालांकि अच्छी शुरूआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके।
जैमीसन ने उन्हें विकेट के पीछे एबी डिविलियर्स के हाथों लपकवाया। उन्होंने निकोलस पूरन (0) को भी रवाना किया जबकि दीपक हुड्डा (5) और शाहरूख खान (0) भी टिक नहीं सके। पंजाब ने आखिरी दो ओवरों में 22 रन बनाये जब राहुल ने हर्षल पटेल को दो चौके और एक छक्का जड़ा और बरार ने आखिरी गेंद पर छक्का लगाया।

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण    
1. अंक-259 (साल-02)
2. रविवार, मई 2, 2021
3. शक-1984,चैत्र, कृष्ण-पक्ष, तिथि- पंचमी, विक्रमी सवंत-2078। उन्नीसवां रोजा, सहरी 04:15, इफ्तार 06:57। 19 रमजान, हिजरी 1442।
4. सूर्योदय प्रातः 06:20, सूर्यास्त 06:50।
5. न्‍यूनतम तापमान -16 डी.सै., अधिकतम-40+ डी.सै.।
6.समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा। सभी पद अवैतनिक है।
7.स्वामी, प्रकाशक, संपादक राधेश्याम के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित। प्रकाशित समाचार, विज्ञापन एवं लेखोंं से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं हैं। पीआरबी एक्ट के अंतर्गत उत्तरदायी।
8.संपादकीय कार्यालय- 263 सरस्वती विहार, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102।
9.संपर्क एवं व्यावसायिक कार्यालय-डी-60,100 फुटा रोड बलराम नगर, लोनी,गाजियाबाद उ.प्र.-20110
http://www.universalexpress.page/
email:universalexpress.editor@gmail.com
संपर्क सूत्र :- +919350302745  
                     (सर्वाधिकार सुरक्षित) 

यूपी: गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदला

यूपी: गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदला  संदीप मिश्र  लखनऊ। यूपी में गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदल गया है। कक्षा एक से लेकर आठ तक के स्कू...