शुक्रवार, 30 अप्रैल 2021

18 से अधिक आयु वाले लोगों के लिए टीका अभियान

अकांशु उपाध्याय                  
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 18 से 44 वर्ष की आयु वाले लोगों से एक मई से कोविड-19 टीकाकरण केंद्रों के बाहर कतार न लगाने की शुक्रवार को अपील करते हुए कहा कि दिल्ली को अभी टीके नहीं मिले हैं। उन्होंने ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अगले एक-दो दिनों में करीब तीन लाख कोविशील्ड टीके मिलेंगे और 18 साल से अधिक आयु वाले लोगों के लिए टीकाकरण अभियान शुरू होगा। देशभर में 18 से 44 वर्ष की आयु वर्ग वाले लोगों के लिए कोविड-19 टीकाकरण अभियान एक मई से शुरू होगा। हालांकि दिल्ली और कुछ अन्य राज्यों ने कहा है कि टीकों की कमी के कारण वे टीकाकरण अभियान शुरू नहीं कर पाएंगे। केजरीवाल ने कहा कि उनकी सरकार ने तीन महीनों में कोविशील्ड और कोवैक्सीन में प्रत्येक की 67 लाख खुराकों का ऑर्डर दिया है। उन्होंने कहा, ”हमारा उद्देश्य है कि अगर कंपनियां टीकों की पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति कर दें तो अगले तीन महीनों में हर किसी को टीका लगा दिया जाए। उन्होंने दिल्लीवासियों को आश्वस्त किया कि हर किसी को टीका लगाया जाएगा।

मुरादाबाद: ऑक्सीजन ना मिलने से 3 मरीजों की मौंत

हरिओम उपाध्याय             
मुरादाबाद। जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में आक्सीजन की कमी ने एक युवक की जान ले ली। सिलेंडर लेकर आए एक अधेड़ की भी आक्सीजन न मिलने से मौत हो गई। इस घटना से अस्पताल में खलबली मच गई। भर्ती मरीजों को आक्सीजन न मिलने से परिजन आक्रोशित हो गए। इससे पहले की वे हंगामा करते अस्पताल में आनन फानन में 15 सिलेंडर मंगाए गए। पर स्थिति सामान्य होने में मरीजों को दो से तीन घंटे इंतजार करना पड़ा। भर्ती मरीजों के परिजन का कहना था कि अस्पताल में कोई देखभाल नहीं हो रही है। गुरुवार की रात आक्सीजन कमी के कारण तीन ने दम तोड़ दिया। शुक्रवार की सुबह साढ़े 10 बजे झब्बू का नाला निवासी युवक इमरान की मौत हो गई। बिजनौर से सिलेंडर लेकर आये अधेड़ की जान भी आक्सीजन न मिलने से हो गई। अस्पताल आने के बाद उसके पास मौजूद सिलेंडर में आक्सीजन खत्म हो गई। अस्पताल से आक्सीजन नहीं मिली तो उसे बचाया नहीं जा सका। जिला अस्पताल में इमरजेंसी वार्ड में 12 व इमरजेंसी ओपीडी में दो लोग टूटती सांस से जूझ रहे थे। अस्पताल प्रशासन आक्सीजन की कमी होने की बात को नकार रहा है। सीएमएस डा. कल्पना सिंह का कहना है कि मरीज बेहद गंभीर स्थिति में भर्ती किये गए हैं। पहले से ही इनका आक्सीजन लेवल 50 से 60 है। आईसीयू में बेड नहीं है। जिला अस्पताल में फास्ट आक्सीजन सप्लाई के संसाधन नहीं है। आक्सीजन पर्याप्त स्थिति में है। गुरुवार को दो बार मे 22 और शुक्रवार को 15 सिलेंडर आ चुके हैं। एक मरीज को आठ किलोग्राम तक आक्सीजन लग रही है। आक्सीजन की खपत बढ़ी है, आपूर्ति का प्रयास कर रहे हैं। ऑक्सीजन ना मिलने की कमी से तीन मरीजों की मौंत हुईं।

रेमडेसिविर की 4.5 लाख खुराक मंगाने का आर्डर दिया

अकांशु उपाध्याय                   
नई दिल्ली। सरकार ने वायरस रोधी दवा रेमडेसिविर की 4.5 लाख खुराक मंगाने के लिये आर्डर दिया है। जिसमें से 75,000 शीशियों की पहली खेप शुक्रवार को भारत पहुंच जाने की उम्मीद है। उर्वरक एवं रसायन मंत्रालय ने एक वक्तव्य में यह जानकारी दी है। मंत्रालय ने कहा है कि देश में इस दवा की कमी को दूर करने के लिये सरकार ने रेमडेसिविर का आयात करना शुरू किया है। इसकी 75,000 शीशियों की पहली खेप शुक्रवार को भारत पहुंच जायेगी।देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ने के साथ रेमडेसिविर की मांग कई गुणा बढ़ गई है। वायरस रोधी इस दवा का इस्तेमाल कोविड- 19 संक्रमण के इलाज में किया जाता है। मंत्रालय की विज्ञप्ति में कहा गया है कि सरकारी कंपनी एचएलएल लाईफकेयर लिमिटेड ने साढ़े चार लाख रेमडेसिविर की खुराक के लिये अमेरिका की कंपनी मैसर्स गिलीड साइंसिज इंक और मिस्र की दवा कंपनी मैसर्स इवा फार्मा को आर्डर दिया है।इसमें कहा गया है कि यह माना जा रहा है कि गिलीड साइंसिज अगले एक से दो दिन के भीतर 75,000 से लेकर एक लाख खुराक भारत भेज देगी। इसके बाद 15 मई अथवा उससे पहले एक लाख और दवा की शीशियां भारत पहुंच जायेंगी। विज्ञप्ति में कहा गया है कि वहीं इवा फर्मा शुरुआत में दस हजार खुराक भेजेगी और उसके बाद प्रत्येक 15 दिन में जुलाई तक 50 हजार शीशियां भेजती रहेगी।

महामारी: अभिनेता ने 30 हजार लोगों की मदद की

कविता गर्ग                
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर ने कोरोना महामारी संकट के समय 30 हजार लोगों की मदद की है। देश भर में कोरोना वायरस की दूसरी लहर का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। इस कठिन समय में बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री के कलाकार लोगों की मदद के लिये आगे आ रहे हैं। अर्जुन कपूर अपनी बहन अंशुला कपूर के साथ मिलकर ऑनलाइन सिलेब्रिटी फंडरेजिंग प्लेटफॉर्म ‘फैनकाइंड’ के जरिए कोरोना महामारी के दौर में लोगों की मदद कर रहे हैं। दोनों ने एक करोड़ रुपये इकट्ठा करके 30 हजार लोगों और उनके परिवार की मदद की है। अर्जुन कपूर ने कहा,  महामारी ने हमें दुखों की खाई में धकेल दिया है। इस स्थिति ने हम सभी को आगे बढ़ने और दूसरों की मदद करने के लिए प्रोत्साहित किया है। अंशुला और मैंने फैनकाइंड के जरिए लोगों की मदद करने की कोशिश की है। मुझे खुशी है कि हमने भारत के करीब 30 हजार लोगों की मदद की और संकट के समय में एक करोड़ रुपये एकट्ठा किए हैं।
अर्जुन कपूर ने कहा, महीने भर के राशन और खाने की मील्स के साथ प्रवासी मजदूरों को पैसे दिए गए हैं। कोविड-19 की रोकथाम के लिए हायजीन किट्स दी गई हैं। इसके जरिए हमने कुछ परिवारों की मदद की है और थोड़ी बहुत कोविड-19 की इस स्थिति से लड़ने की कोशिश की है। मैंने अपने जीवन भर की कमाई इस प्लेटफॉर्म को बनाने में लगाई है। मुझे गर्व होता है कि इस प्लेटफॉर्म के जरिए हम इस कठिन समय में कुछ मजबूर और जरूरतमंद लोगों की मदद कर पाए।

बारिश-बर्फबारी, बिजली गिरने की आशंका, अलर्ट

पंकज कपूर                    
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदलेगा। मौसम विभाग ने अगले 5 दिन यानी 4 मई तक राज्य में अधिकांश क्षेत्रों विशेषकर पर्वतीय इलाकों में गरज चमक के साथ बारिश , बर्फबारी ,ओलावृष्टि एवं बिजली गिरने की आशंका जाहिर करते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग की मानें तो राज्य में 30 अप्रैल से लेकर 4 मई तक पर्वतीय व मैदानी क्षेत्रों में हल्की बारिश गरज चमक के साथ हो सकती है तथा ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी की भी आशंका जताई गई है। इसके अलावा अधिकांश क्षेत्रों में बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि होने का पूर्वानुमान लगाया है। इस दौरान ज्यादातर इलाकों में गरज के साथ बारिश की बौछारें पड़ेंगी और ओलावृष्टि भी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश व ओलावृष्टि हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ का असर अगले कुछ दिनों तक बरकरार रहेगा। अगले चार-पांच दिन तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने पर्वतीय जिलों में बारिश के साथ बर्फबारी का यलो अलर्ट जारी किया है और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई है। उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिले में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में अचानक परिवर्तन देखा जा सकता है।

देश में संक्रमितों की कुल संख्या-1,87,62,976 हुईं

अकांशु उपाध्याय            
नई दिल्ली। देश में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 3,86,452 नए मामले आने से संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,87,62,976 हो गयी है। जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या 31 लाख को पार कर गयी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के शुक्रवार सुबह आठ बजे अद्यतन किए गए आंकड़ों के मुताबिक 3,498 और मरीजों की मौत हो गयी। संक्रमण से अब तक 2,08,330 लोग दम तोड़ चुके हैं। उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 31,70,228 हो गयी है। जो संक्रमण के कुल मामलों का 16.90 प्रतिशत है। लोगों के ठीक होने की दर घटकर 81.99 प्रतिशत हो गयी है। आंकड़ों के मुताबिक, देश में अब तक 1,53,84,418 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि, मृत्यु दर 1.11 प्रतिशत है। देश में कोविड-19 के मरीजों की संख्या पिछले साल सात अगस्त को 20 लाख को पार कर गई थी। वहीं कोविड-19 मरीजों की संख्या 23 अगस्त को 30 लाख, पांच सितंबर को 40 लाख और 16 सितंबर को 50 लाख के आंकड़े को पार कर गई थी।इसके बाद 28 सितंबर को कोविड-19 के मामले 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवंबर को 90 लाख, 19 दिसंबर को एक करोड़ और 19 अप्रैल को कोविड-19 के मामले 1.5 करोड़ से अधिक हो गए थे। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के मुताबिक 29 अप्रैल तक 28,63,92,086 नमूनों की जांच की गई है जिनमें से 19,20,107 नमूनों की बृहस्पतिवार को जांच की गई।

यूपी: 1 पखवाड़े के बाद संक्रमण से मुक्त हुए योगी

हरिओम उपाध्याय                
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ करीब एक पखवाड़े के बाद कोरोना संक्रमण से मुक्त हो गये हैं। योगी ने शुक्रवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी। उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने शुक्रवार को ट्वीट किया कि ”आप सभी की शुभेच्छा और चिकित्सकों की देखरेख से अब मैं कोरोना निगेटिव हो गया हूं। आप सभी के द्वारा मुझे दिए गए सहयोग व शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। इसके पहले 14 अप्रैल को मुख्यमंत्री योगी ने ट्वीट कर कोरोना संक्रमित होने की जानकारी दी थी। तब उन्होंने ट्वीट में कहा था।शुरुआती लक्षण दिखने पर मैंने कोविड की जांच कराई और मेरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मैं सेल्फ आइसोलेशन में हूं और चिकित्सकों के परामर्श का पूर्णतः पालन कर रहा हूं। सभी कार्य वर्चुअली संपादित कर रहा हूं।उल्लेखनीय है कि मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ से पहले उनके कार्यालय के कई अधिकारी कोरोना संक्रमित पाये गये थे। अधिकारियों के संक्रमित पाये जाने के बाद योगी ने अपनी जांच कराई। जिसमें उनके संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी।

पूर्व अटॉर्नी जनरल सोराबजी का कोरोना से निधन हुआ

अकांशु उपाध्याय            

नई दिल्ली। कोरोना वायरस से संक्रमित पूर्व अटॉर्नी जनरल एवं संवैधानिक विधि विशेषज्ञ सोली सोराबजी का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। वह 91 वर्ष के थे। सोराबजी के पारिवारिक सूत्रों ने उनके निधन की जानकारी दी। सोराबजी 1989 से 1990 तक और फिर 1998 से 2004 तक भारत के अटॉर्नी जरनल रहे। उन्हें कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद दक्षिण दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उच्चतम न्यायालय ने पूर्व अटॉर्नी जनरल एवं विख्यात न्यायविद् सोली सोराबजी को शुक्रवार को श्रद्धांजलि दी। सोराबजी का कोरोना वायरस संक्रमण के बाद शुक्रवार सुबह निधन हो गया था। प्रधान न्यायाधीश एन वी रमण और न्यायमूर्ति सूर्य कांत एवं न्यायमूर्ति ए एस बोपन्ना ने वीडियो कांफ्रेंस के जरिए न्यायालय की दिन की कार्यवाही शुरू होने से ठीक पहले कहा, ” बेहद दु:खद समाचार है कि मानवाधिकारों के लिए लड़ने वाले सोली का आज सुबह निधन हो गया।

दिल्ली में कोरोना संक्रमितों की संख्या-11,22,286 हुईं

अकांशु उपाध्याय          

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 24,235 नए मामले सामने आने के साथ ही दिल्ली में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 11,22,286 तक पहुंच गई। शहर में संक्रमण की दर 32.82 दर्ज की गई। स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के मुताबिक, दिल्ली में बृहस्पतिवार को कोविड-19 के 395 मरीजों की मौत हो गई। जोकि पिछले साल महामारी की शुरुआत के बाद से एक दिन की सर्वाधिक संख्या है। शहर में अब तक 15,772 लोग इस घातक वायरस के कारण जान गंवा चुके हैं। दिल्ली में लगातार आठवें दिन संक्रमण के कारण 300 से अधिक मरीजों की मौत दर्ज की गई। बुलेटिन के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी में अब तक 10.08 लाख से अधिक मरीज ठीक हो चुके हैं। जबकि वर्तमान में 97,977 मरीज उपचाराधीन हैं।

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण    
1. अंक-258 (साल-02)
2. शनिवार, मई 1, 2021
3. शक-1984,चैत्र, कृष्ण-पक्ष, तिथि- चतुर्थी, विक्रमी सवंत-2078। अठारहवां रोजा, सहरी 04:17, इफ्तार 06:55। 18 रमजान, हिजरी 1442।
4. सूर्योदय प्रातः 06:20, सूर्यास्त 06:50।
5. न्‍यूनतम तापमान -16 डी.सै., अधिकतम-40+ डी.सै.।
6.समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा। सभी पद अवैतनिक है।
7.स्वामी, प्रकाशक, संपादक राधेश्याम के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित। प्रकाशित समाचार, विज्ञापन एवं लेखोंं से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं हैं। पीआरबी एक्ट के अंतर्गत उत्तरदायी।
8.संपादकीय कार्यालय- 263 सरस्वती विहार, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102।
9.संपर्क एवं व्यावसायिक कार्यालय-डी-60,100 फुटा रोड बलराम नगर, लोनी,गाजियाबाद उ.प्र.-20110
http://www.universalexpress.page/
email:universalexpress.editor@gmail.com
संपर्क सूत्र :- +919350302745  
                     (सर्वाधिकार सुरक्षित) 

कप्तान तेंदुलकर ने सोलर प्लांट का शुभारंभ किया

कप्तान तेंदुलकर ने सोलर प्लांट का शुभारंभ किया पंकज कपूर  रुद्रपुर। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और भारत रत्न से सम्मानित सचिन तेंदुलक...