शुक्रवार, 30 अप्रैल 2021

बारिश-बर्फबारी, बिजली गिरने की आशंका, अलर्ट

पंकज कपूर                    
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदलेगा। मौसम विभाग ने अगले 5 दिन यानी 4 मई तक राज्य में अधिकांश क्षेत्रों विशेषकर पर्वतीय इलाकों में गरज चमक के साथ बारिश , बर्फबारी ,ओलावृष्टि एवं बिजली गिरने की आशंका जाहिर करते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग की मानें तो राज्य में 30 अप्रैल से लेकर 4 मई तक पर्वतीय व मैदानी क्षेत्रों में हल्की बारिश गरज चमक के साथ हो सकती है तथा ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी की भी आशंका जताई गई है। इसके अलावा अधिकांश क्षेत्रों में बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि होने का पूर्वानुमान लगाया है। इस दौरान ज्यादातर इलाकों में गरज के साथ बारिश की बौछारें पड़ेंगी और ओलावृष्टि भी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश व ओलावृष्टि हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ का असर अगले कुछ दिनों तक बरकरार रहेगा। अगले चार-पांच दिन तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने पर्वतीय जिलों में बारिश के साथ बर्फबारी का यलो अलर्ट जारी किया है और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई है। उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिले में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में अचानक परिवर्तन देखा जा सकता है।

देश में संक्रमितों की कुल संख्या-1,87,62,976 हुईं

अकांशु उपाध्याय            
नई दिल्ली। देश में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 3,86,452 नए मामले आने से संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,87,62,976 हो गयी है। जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या 31 लाख को पार कर गयी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के शुक्रवार सुबह आठ बजे अद्यतन किए गए आंकड़ों के मुताबिक 3,498 और मरीजों की मौत हो गयी। संक्रमण से अब तक 2,08,330 लोग दम तोड़ चुके हैं। उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 31,70,228 हो गयी है। जो संक्रमण के कुल मामलों का 16.90 प्रतिशत है। लोगों के ठीक होने की दर घटकर 81.99 प्रतिशत हो गयी है। आंकड़ों के मुताबिक, देश में अब तक 1,53,84,418 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि, मृत्यु दर 1.11 प्रतिशत है। देश में कोविड-19 के मरीजों की संख्या पिछले साल सात अगस्त को 20 लाख को पार कर गई थी। वहीं कोविड-19 मरीजों की संख्या 23 अगस्त को 30 लाख, पांच सितंबर को 40 लाख और 16 सितंबर को 50 लाख के आंकड़े को पार कर गई थी।इसके बाद 28 सितंबर को कोविड-19 के मामले 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवंबर को 90 लाख, 19 दिसंबर को एक करोड़ और 19 अप्रैल को कोविड-19 के मामले 1.5 करोड़ से अधिक हो गए थे। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के मुताबिक 29 अप्रैल तक 28,63,92,086 नमूनों की जांच की गई है जिनमें से 19,20,107 नमूनों की बृहस्पतिवार को जांच की गई।

यूपी: 1 पखवाड़े के बाद संक्रमण से मुक्त हुए योगी

हरिओम उपाध्याय                
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ करीब एक पखवाड़े के बाद कोरोना संक्रमण से मुक्त हो गये हैं। योगी ने शुक्रवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी। उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने शुक्रवार को ट्वीट किया कि ”आप सभी की शुभेच्छा और चिकित्सकों की देखरेख से अब मैं कोरोना निगेटिव हो गया हूं। आप सभी के द्वारा मुझे दिए गए सहयोग व शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। इसके पहले 14 अप्रैल को मुख्यमंत्री योगी ने ट्वीट कर कोरोना संक्रमित होने की जानकारी दी थी। तब उन्होंने ट्वीट में कहा था।शुरुआती लक्षण दिखने पर मैंने कोविड की जांच कराई और मेरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मैं सेल्फ आइसोलेशन में हूं और चिकित्सकों के परामर्श का पूर्णतः पालन कर रहा हूं। सभी कार्य वर्चुअली संपादित कर रहा हूं।उल्लेखनीय है कि मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ से पहले उनके कार्यालय के कई अधिकारी कोरोना संक्रमित पाये गये थे। अधिकारियों के संक्रमित पाये जाने के बाद योगी ने अपनी जांच कराई। जिसमें उनके संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी।

पूर्व अटॉर्नी जनरल सोराबजी का कोरोना से निधन हुआ

अकांशु उपाध्याय            

नई दिल्ली। कोरोना वायरस से संक्रमित पूर्व अटॉर्नी जनरल एवं संवैधानिक विधि विशेषज्ञ सोली सोराबजी का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। वह 91 वर्ष के थे। सोराबजी के पारिवारिक सूत्रों ने उनके निधन की जानकारी दी। सोराबजी 1989 से 1990 तक और फिर 1998 से 2004 तक भारत के अटॉर्नी जरनल रहे। उन्हें कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद दक्षिण दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उच्चतम न्यायालय ने पूर्व अटॉर्नी जनरल एवं विख्यात न्यायविद् सोली सोराबजी को शुक्रवार को श्रद्धांजलि दी। सोराबजी का कोरोना वायरस संक्रमण के बाद शुक्रवार सुबह निधन हो गया था। प्रधान न्यायाधीश एन वी रमण और न्यायमूर्ति सूर्य कांत एवं न्यायमूर्ति ए एस बोपन्ना ने वीडियो कांफ्रेंस के जरिए न्यायालय की दिन की कार्यवाही शुरू होने से ठीक पहले कहा, ” बेहद दु:खद समाचार है कि मानवाधिकारों के लिए लड़ने वाले सोली का आज सुबह निधन हो गया।

दिल्ली में कोरोना संक्रमितों की संख्या-11,22,286 हुईं

अकांशु उपाध्याय          

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 24,235 नए मामले सामने आने के साथ ही दिल्ली में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 11,22,286 तक पहुंच गई। शहर में संक्रमण की दर 32.82 दर्ज की गई। स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के मुताबिक, दिल्ली में बृहस्पतिवार को कोविड-19 के 395 मरीजों की मौत हो गई। जोकि पिछले साल महामारी की शुरुआत के बाद से एक दिन की सर्वाधिक संख्या है। शहर में अब तक 15,772 लोग इस घातक वायरस के कारण जान गंवा चुके हैं। दिल्ली में लगातार आठवें दिन संक्रमण के कारण 300 से अधिक मरीजों की मौत दर्ज की गई। बुलेटिन के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी में अब तक 10.08 लाख से अधिक मरीज ठीक हो चुके हैं। जबकि वर्तमान में 97,977 मरीज उपचाराधीन हैं।

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण    
1. अंक-258 (साल-02)
2. शनिवार, मई 1, 2021
3. शक-1984,चैत्र, कृष्ण-पक्ष, तिथि- चतुर्थी, विक्रमी सवंत-2078। अठारहवां रोजा, सहरी 04:17, इफ्तार 06:55। 18 रमजान, हिजरी 1442।
4. सूर्योदय प्रातः 06:20, सूर्यास्त 06:50।
5. न्‍यूनतम तापमान -16 डी.सै., अधिकतम-40+ डी.सै.।
6.समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा। सभी पद अवैतनिक है।
7.स्वामी, प्रकाशक, संपादक राधेश्याम के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित। प्रकाशित समाचार, विज्ञापन एवं लेखोंं से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं हैं। पीआरबी एक्ट के अंतर्गत उत्तरदायी।
8.संपादकीय कार्यालय- 263 सरस्वती विहार, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102।
9.संपर्क एवं व्यावसायिक कार्यालय-डी-60,100 फुटा रोड बलराम नगर, लोनी,गाजियाबाद उ.प्र.-20110
http://www.universalexpress.page/
email:universalexpress.editor@gmail.com
संपर्क सूत्र :- +919350302745  
                     (सर्वाधिकार सुरक्षित) 

अगले 5 दिनों में लू चलने की संभावना जताई

अगले 5 दिनों में लू चलने की संभावना जताई इकबाल अंसारी  नई दिल्ली। दिल्ली समेत देशभर में गर्मी बढ़ रही है। आने वाले दिनों के लिए भारत मौसम वि...