गुरुवार, 18 फ़रवरी 2021

चीन ने व्यापक ट्रेंड को रोकने में सफलता पाई

वाशिंगटन डीसी/ बीजिंग। वर्ष 2020 में अमेरिका को पीछे छोड़ते हुए चीन अब यूरोपीय संघ का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार बन गया है। कोरोना महामारी के कारण यूरोप के प्रमुख साझेदार देशों के बीच व्यापार घटा। लेकिन चीन ने इस व्यापक ट्रेंड को रोकने में सफलता पाई। पिछले साल चीन और यूरोपीय संघ के बीच व्यापर 709 अरब डॉलर का रहा। जबकि, इसकी तुलना में यूरोपीय संघ के साथ अमेरिका का व्यापार वर्ष 2020 में 671 अरब डॉलर ही रहा। हालांंकि चीन की अर्थव्यवस्था कोरोना महामारी के कारण पहली तिमाही में ख़राब हो गई थी। लेकिन साल के आख़िर में आर्थिक स्थिति सुधरने के कारण यूरोपीय संघ के सामानों की मांग बढ़ी। वर्ष 2020 में प्रमुख वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं में चीन ही एकमात्र देश था। जहाँ आर्थिक विकास देखा गया। इसी कारण यहाँ यूरोपीय कारों और लग्ज़री सामानों की मांग बढ़ी। इस बीच मेडिकल उपकरणों और इलेक्ट्रॉनिक्स की भारी मांग के कारण यूरोप में चीन के निर्यात को भी फ़ायदा मिला। यूरोपीय संघ के सांख्यिकी कार्यालय यूरोस्टैट के मुताबिक़ 2020 में चीन यूरोपीय संघ का प्रमुख पार्टनर था। आयात (+5.6%) और निर्यात (+2.2%) में बढ़ोत्तरी के कारण ऐसे नतीजे आए हैं।

कोरोना वायरस का हाइब्रिड वर्जन सामने आया

वाशिंगटन डीसी। अमेरिका के कैलिफोर्निया में कोरोना वायरस का एक हाइब्रिड वर्जन सामने आया है। वैज्ञानिकों को स्टडी के दौरान पता चला है, कि ब्रिटेन में मिले कोरोना वायरस के वैरिएंट B.1.1.7 और अमेरिका में पाए गए कोरोना के वैरिएंट B.1.429, आपस में मिल गए हैं और इससे कोरोना का हाइब्रिड वर्जन तैयार हो गया है। ब्रिटेन और अमेरिका के वैरिएंट के एक साथ मिलकर तैयार हुए हाइब्रिड वैरिएंट को अब तक कोई नाम नहीं दिया गया है। अब तक सिर्फ एक मरीज में यह हाइब्रिड वैरिएंट पाया गया है। लेकिन वैज्ञानिकों को डर है, कि हाइब्रिड वैरिएंट के और भी मामले होंगे। डेली मेल में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, वैज्ञानिकों का कहना है कि जब इंसान के शरीर का एक ही सेल, वायरस के दो वैरिएंट से संक्रमित हो जाता है तो वायरस के जीन में अदला बदली होती है। इसी से नए वैरिएंट तैयार हो जाते हैं। वैज्ञानिकों का यह भी कहना है कि जब एक ही समय में कोई व्यक्ति, दो अलग-अलग वैरिएंट से संक्रमित हो जाता है तो इससे हाइब्रिड वैरिएंट तैयार होने का खतरा रहता है। बता दें कि दुनिया के कई देशों में कोरोना के अलग-अलग वैरिएंट सामने आ चुके हैं। साउथ अफ्रीका में पाए गए कोरोना वैरिएंट के काफी अधिक संक्रामक होने की बात कही गई है। रिसर्चर्स ने इससे पहले भी चेतावनी दी थी कि कोरोना के हाइब्रिड वैरिएंट तैयार हो सकते हैं। वहीं, अमेरिका के वैज्ञानिकों ने उस मरीज को लेकर अधिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। जो कोरोना के हाइब्रिड वैरिएंट से संक्रमित पाया गया। यह भी पता नहीं चल सका है, कि हाइब्रिड वैरिएंट की वजह से मरीज कितना अधिक बीमार हुआ।

बदांयू: छात्र ने शिक्षकों से प्रताड़ित होकर खाया जहर

बदायूं। राजकीय पॉलिटेक्निक बदायूं के शिक्षकों द्वारा एक छात्र को प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। आरोप है, कि इसी से परेशान होकर बुधवार को छात्र ने जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। हालत बिगड़ने पर साथियों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर छात्र के बयान दर्ज किए हैं। जानकारी के अनुसार छात्र रवि शर्मा राजकीय पॉलीटेक्निक का छात्र है। छात्र के अनुसार वहां के तीन शिक्षक पिछले एक साल से लगातार उसका उत्पीड़न कर रहे थे। बुधवार को रवि के साथ अभद्रता की गयी जिससे दुखी होकर उसने ज़हर खा लिया। छात्र के दो साथियों ने बदायूं के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

आंदोलन में बुजुर्ग किसान की मौत, चूहों ने कुतरा शव

राणा ओबराय  

सोनीपत। हरियाणा में सोनीपत के कुंडली बॉर्डर कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन में शामिल बुजुर्ग किसान की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। परिजनों ने बुधवार देर रात उनका शव सामान्य अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में फ्रीजर के अंदर रखवा दिया। जहां पर शव को चूहों ने कुतर दिया।गुरुवार सुबह परिजन और ग्रामीण अस्पताल में पहुंचे तो इसकी जानकारी मिलने पर अस्पताल में हंगामा कर दिया। बाद में मुख्य चिकित्सा अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया। मिली जानकारी के अनुसार गांव बैंयापुर जिला निवासी राजेंद्र सरोहा (70) कई दिन से कुंडली धरना स्थल पर मौजूद थे। बुधवार देर रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। जिस पर उन्हें सामान्य अस्पताल में ले जाया गया, जहां पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। जिस पर परिजन उनके शव को पोस्टमार्टम करवाने के लिए पोस्टमार्टम हाउस में फ्रीजर के अंदर रखकर चले गए।गुरुवार सुबह जब परिजन अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए पहुंचे तो उन्हें पता लगा कि राजेंद्र के शव को आंख और पैर के पास से चूहों ने कुतर दिया है। इस पर उन्होंने शव की बेकद्री को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने मामले में लापरवाही बरतने वाले कर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस पर सीएमओ डा.जसवंत पूनिया मौके पर पहुंचे और जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बुजुर्ग की मौत के कारणों का पता लग सकेगा। कुंडली धरना स्थल पर अब तक 19 किसानों की मौत हो चुकी है। सोनीपत सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद किसान राजेंद्र सरोहा का शव ग्रामीण फूलों से सजी गाड़ी में रखकर गांव में लेकर पहुंच। गाड़ी को फूलों से सजाने के साथ ही उस पर तिरंगे लगाए गए थे। ग्रामीण राजेंद्र सिंह अमर रहे के नारे लगाते हुए चल रहे थे। गांव में उनके नाम से नारे लगाए जाते रहे। किसानों ने उन्हें शहीद बताते हुए कृषि कानूनों को रद्द किए जाने तक आंदोलन को जारी रखने की बात कही।

तीनों कृषि विरोधी कानूनों को रद्द करें सरकार: राहुल

अकांशु उपाध्याय  

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने किसानों के रेल रोको आंदोलन की पृष्ठभूमि में बृहस्पतिवार को कहा, कि सरकार को समय नष्ट करने के बजाय तीनों कृषि कानूनों को रद्द करना चाहिए। उन्होंने ट्वीट किया, ”सीधी सी बात है- तीनों कृषि विरोधी क़ानून रद्द करो। समय नष्ट करके मोदी सरकार अन्नदाता को तोड़ना चाहती है, लेकिन ऐसा होगा नहीं। सरकार के हर अन्याय के ख़िलाफ़, अबकी बार किसान व देश तैयार। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, ”यह आज़ाद भारत का सबसे बड़ा जन आंदोलन है। 85 दिन, 230 से अधिक किसानों की क़ुर्बानी हो गई। जब तक दिल्ली के अहंकारी राजा को तीन काले क़ानून ख़त्म करने को नहीं मना लेते तब तक किसान नहीं जाएंगे।” उल्लेखनीय है कि कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे संगठनों के समूह संयुक्त किसान मोर्चा ने घोषणा की थी, कि किसान 18 फरवरी को दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक पूरे देश में रेल रोकेंगे।

सीएम ने हमले में घायल मंत्री जाकिर से मुलाकात की

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने मुर्शिदाबाद बम हमले में घायल मंत्री जाकिर हुसैन से मुलाकात करने गुरुवार को एसएसकेएम अस्पताल पहुंची। जबकि, राज्य सरकार ने इस मामले की पड़ताल अपराध जांच विभाग (सीआईडी) को सौंप दी है। हुसैन पर बुधवार की रात मुर्शिदाबाद जिले में निमतिता रेलवे स्टेशन पर बम से हमला किया गया। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हाल के दिनों में यह पहली बार हुआ है। जब राज्य के किसी मंत्री को लक्ष्य कर हमला किया गया। इस बम हमले में कम से कम 26 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 12 लोगों की हालत गंभीर है। जिन्हें कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल में रेफर किया गया है। हुसैन की हालत अब स्थिर बतायी जा रही है। फिलहाल वह होश में हैं। इस बीच सीआईडी ने इस बम हमले की जांच का जिम्मा संभाल लिया है। निमतिता रेलवे स्टेशन पर जांच का काम शुरू हो गया है।

निकाय चुनाव में भाजपा की हार से राह कठिन होगी

राणा ओबराय  

चंडीगढ़। पंजाब में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने मोहाली नगर निगम चुनाव में जीत दर्ज की है। पार्टी को 50 वार्ड में से 37 वार्ड में जीत हासिल हुई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मतगणना हो चुकी है। जिनमें से कांग्रेस ने 37 वार्ड में जीत दर्ज की है। वहीं, 13 वार्ड में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। इसके साथ ही सत्तारूढ़ दल ने 7 नगर निगमों में जीत हासिल कर ली है और मोगा नगर निगम में सबसे बड़ी पार्टी बन कर उभरी है। पंजाब के मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू के भाई अमरजीत सिंह सिद्धू ने वार्ड नंबर दस से जीत हासिल की है। मोहाली नगर निगम चुनाव के लिए मतगणना बृहस्पतिवार को शुरू हुई। दो केन्द्रों पर बुधवार को दोबारा चुनाव कराए गए थे। गौरतलब है कि 14 फरवरी को मतदान के दौरान गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर पंजाब राज्य चुनाव आयोग ने दोबारा मतदान के आदेश दिए थे। सत्तारूढ़ कांग्रेस ने बुधवार को पंजाब में शहरी निकाय चुनाव में भारी जीत दर्ज की थी। उसने छह नगरनिगमों में जीत हासिल की जबकि मोगा नगरनिगम में सबसे बड़ी पार्टी बन कर उभरी। उसने 109 नगर परिषदों और नगर पंचायतों में से ज्यादातर में जीत हासिल की।

वायु प्रदूषण से करीब 54 हजार लोगों की मौत

अकांशु उपाध्याय 
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में पिछले साल पीएम-2.5 से हुए वायु प्रदूषण से करीब 54 हजार लोगों की जान चली गई। यह दावा एक नवीनतम अध्ययन में किया गया है। उल्लेखनीय है, कि दिल्ली में पिछले साल वायु प्रदूषण का स्तर विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के मानकों से छह गुना अधिक रहा। ग्रीनपीस दक्षिण पूर्व एशिया द्वारा वायु गुणवत्ता विश्लेषण में अनुमान लगाया गया है कि दिल्ली में पीएम-2.5 के प्रदूषण से प्रत्येक 10 लाख आबादी पर 18 हजार लोगों की मौत हुई। अध्ययन में कहा गया, ” पीएम-2.5 के प्रदूषण की वजह से भारत की राष्ट्रीय राजधानी में वर्ष 2020 में करीब 54,000 लोगों की जान चली गई।” पीएम-2.5 हवा में मौजूद सूक्ष्म कण है। जिनका आकार 2.5 माइक्रोमीटर होता है। अध्ययन के मुताबिक वैश्विक आधार पर पर्यावरण खतरों में पीएम-2.5 के संपर्क को खतरनाक माना जाता है और वर्ष 2015 में करीब 42 लाख लोगों की असमय मृत्यु इसकी वजह से हुई। अध्ययन के मुताबिक इसी तरह की क्षति अन्य भारतीय शहरों में भी हो रही है, जो चिंताजनक है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा महंगाई का विरोध-प्रदर्शन

अतुल त्यागी
हापुड़। जनपद कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा महंगाई के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर कांग्रेसियों ने जहां मोटरसाइकिल को बैलगाड़ी में रखकर चलाया। वही गैस सिलेंडरों की अर्थी भी निकाली कांग्रेस पार्टी के द्वारा यह जोरदार प्रदर्शन आज जिले भर में किया गया। एसडीएम सदर सत्य प्रकाश सिंह को इस अवसर पर एक ज्ञापन राज्यपाल उत्तर प्रदेश के नाम सौंपा गया। जिसमें कांग्रेस द्वारा मांग की गई थी गैस और पेट्रोल के दाम कम किए जाएं तथा आम जनमानस को राहत दी जाए। क्योंकि यदि पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ते हैं तो हर उत्पादन की लागत पर पैसे बढ़ते हैं। क्योंकि इससे कच्चे माल, माल की सप्लाई में खर्चा अधिक होता है। लॉकडाउन दौरान केंद्र व राज्य सरकार ने जो टैक्स लगाए थे। उनको कम किए जाएं तथा आम जनमानस को राहत दी जाए। इस अवसर पर कांग्रेस के पूर्व विधायक गजराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में जो पार्टी दो - चार रुपए बढ़ने पर सड़कों पर आकर हंगामा करते थे। आज वह सैकड़ों रुपये बढ़ने पर भी मौन है। आखिर कब तक आम आदमी का शोषण होता रहेगा। इस अवसर पर सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मजबूर करेंगे तो अपनी फसलों को जला देंगे: टिकैत

राणा ओबराय 

हिसार। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने गुरुवार को कहा, केंद्र को किसी भी गलतफहमी में नहीं रहना चाहिए, कि किसान फसल की कटाई के लिए वापस जाएंगे। यदि वे मजबूर करेंगे तो हम अपनी फसलों को जला देंगे। उन्हें यह नहीं सोचना चाहिए कि विरोध 2 महीने में खत्म हो जाएगा। हम फसल के साथ-साथ विरोध करेंगे। हरियाणा के हिसार जिले के खरकपुनियों में आयोजित किसान महापंचायत को संबोधित करते हुए टिकैत ने कहा कि फसलों की कीमतों में वृद्धि नहीं हुई है। लेकिन ईंधन की कीमतें बढ़ गई हैं। केंद्र ने स्थिति को बर्बाद कर दिया है। यदि जरूरत हुई तो हम अपने ट्रैक्टरों को पश्चिम बंगाल में भी ले जाएंगे, क्योंकि वहां पर भी किसानों को एमएसपी नहीं मिल रही है। हिंदुस्तान प्रकाशित खबर के अनुसार टिकैत ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि उनका अगला लक्ष्य 40 लाख ट्रैक्टरों का है। देशभर में जाकर 40 लाख ट्रैक्टर इकट्ठा करेंगे। ज्यादा समस्या की तो ये ट्रैक्टर भी वहीं हैं, ये किसान भी वही हैं। ये फिर दिल्ली जाएंगे। इस बार हल क्रांति होगी। जो खेत में औजार इस्तेमाल होते हैं, वे सब जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के सब्र का इम्तिहान ले रही है। उन्होंने कहा कि कानून वापसी तक किसान कहीं जाने वाला नहीं है। कानून वापसी से ही किसानों की घर वापसी संभव है। इसके साथ ही सरकार को एमएसपी पर कानून भी लाना होगा। गौरतलब है, कि केंद्र के तीन नए कृषि कानूनों को लेकर गतिरोध अब भी बरकरार है। कानूनों को रद्द कराने पर अड़े किसान इस मुद्दे पर सरकार के साथ आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर चुके हैं। इसके लिए दिल्ली की सीमाओं पर किसानों का आंदोलन गुरुवार को 85वें दिन भी जारी है। इस बीच किसानों को मनाने के लिए अब तक केंद्र सरकार की ओर से की गईं सभी कोशिशें बेनतीजा रही हैं।

ग्राम पंचायत चुनाव, 28 ग्राम प्रधान दौड़ से ही बाहर

अश्वनी उपाध्याय  

गाजियाबाद। जिलें में पंचायत चुनाव को लेकर तैयार हो रहे माहौल में करीब 28 ग्राम प्रधान दौड़ से ही बाहर हो रहे है। डीपीआरओ के अनुसार जिन प्रधानों पर मनरेगा प्रकरण की जांच, रिकवरी और ऑडिट जांच बैठने के बाद करोड़ों की गड़बड़ी मिली। उनकी ओर से 20 फरवरी तक नोटिस का जवाब दिया जाना है। हालांकि, अभी तक किसी भी ग्राम प्रधान ने जवाब नहीं दिया है। ऐसे में उन्हें ग्राम प्रधान के चुनावों में मौका नहीं मिलेगा। जिले के चार ब्लाकों भोजपुर, रजापुर, लोनी व मुरादनगर क्षेत्र की 28 ग्राम पंचायतों में एक साल में प्रधान और सचिव संबन्धित ऑडिट अधिकारियों को करोड़ों की रकम का हिसाब नहीं दे सके थे। ऑडिट के दौरान प्रधान और सचिव दस्तावेज खर्च के भी नहीं दिखा सके। जिला लेखा परीक्षा अधिकारी ने गांव बेगमाबाद, रोरी, सीकरीखुर्द, बसंतपुर सैथली सहित 28ग्राम पंचायत का वित्तीय वर्ष 2018-19 का ऑडिट किया था। ऑडिट टीम ने ग्राम निधि से निकाली गई रकम के खर्च का मिलान किया। 28 ग्राम पंचायतों में बड़ी गड़बड़ी सामने आई। ग्राम निधि के खाते से इन ग्राम पंचायतो में करीब पांच करोड़ से अधिक की ऐसी रकम निकाली गई जिसका खर्च का कहीं कोई लेखा-जोखा नहीं मिला। गड़बड़ियां मिलने पर ग्राम प्रधानों के नो ड्यूज जारी करने पर रोक लगा दी गई है। जिला पंचायत अधिकारी अनिल त्रिपाठी ने बताया कि मेरी ओर से शासनादेश के तहत अनियमिताओं से जुड़े मामलों में जिले की 28 ग्रामपंचायतो के प्रधानों को नोटिस देकर 20 फरवरी तक जवाब तलब किया गया है। लेकिन अभी तक आरोपी पक्षों की ओर से काई जवाब नहीं मिला है। ऐसे डिफाल्टर प्रत्याशियों के चुनाव लड़ने पर रोक लगायी जायेगी।

46 महिला उत्पीड़न संबंधी मामलों में सुनवाई की

अश्वनी उपाध्याय  

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष विमला बाथम ने गुरूवार को कलक्ट्रेट सभागार में 46 महिला उत्पीड़न संबंधी मामलों में सुनवाई की। इस दौरान पुलिस व प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद थे। सुनवाई के दौरान सर्वाधिक दहेज उत्पीड़न से जुड़े मामले सामने आए। महिला आयोग की अध्यक्ष ने मामलों की जांच कर उचित कार्रवाई के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं पर हो रहे उत्पीड़न को रोकने के लिए विशेष प्रयास करें। महिलाओं पर अत्याचार करने वालों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाए। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। ताकि किसी भी महिला का उत्पीड़न नहीं हो सके। जनसुनवाई के दौरान आयोग सदस्या की मौजूदगी में डीएम अजयशंकर पांडे, एसएसपी कलानिधि नैथानी के अलावा महिला थाने तथा समाज कल्याण विभाग सहित कई विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। सुनवाई दौर में एक पीड़िता ने बताया कि शादी के बाद से ससुराल पक्ष के लोग आये दिन उसके साथ गाली गलौच व मारपीट करते है। पीड़िता की बात सुनकर उन्होंने पुलिस को सख्त कार्रवाई करने के लिए कहा। एक पीड़िता ने बताया कि पति की मृत्यु हो चुकी है। उसके परिवार के कुछ लोग संपत्ति पर कब्जा करना चाहते है। महिला आयोग ने प्रशासनिक अधिकारियों को जांच करने के निर्देश दिए।

हादसा: मां-बेटा की मौत, सपा नेताओं ने दी सांत्वना

कौशांबी। सिराथू तहसील क्षेत्र के अफजलपुर वारी गांव के रहने वाले लेफ्टिनेंट सैयद आरिफ हुसैन व उनकी माता की मौत कोलकाता जाते समय प्रयागराज के सराय इनायत के पास सड़क हादसे में हो गई है। जैसे ही इस हादसे की जानकारी समाजवादी पार्टी के नेताओं को लगी सपा के कुछ नेता उनके आवास पर पहुंचे हैं और परिजनों को सांत्वना दी है। लेफ्टिनेंट की मौत के बाद समाज वादी पार्टी के प्रदेश सचिव हाजी आवेश हुसैन पूर्व प्रदेश सचिव मेहबूब आलम अपनी टीम के साथ पीड़ित परिवार के घर अफजलपुर वारी गांव पहुंचे हैं।परिजनों को सांत्वना दी सपा नेताओं ने पार्टी की तरफ से हर संभव मदद का अस्वासन परिजनों को दिया है।
इस मौके पर सपा नेता सज्जू ने बताया, कि लेफ्टिनेंट सैयद आरिफ अपने पांच चाचा ताऊ के परिवार में एकलौते पुत्र थे। जो अपनी माँ के साथ कलकत्ता जा रहे थे। प्रयागराज के सराय इनायत के पास वह पहुचे थे, कि सामने से आ रही अज्ञात वाहन की टक्कर से उनकी व उनकी माता की दर्दनाक मौत ही गई।
राजू सक्सेना 

पीसीएस में मिली सफलता, पांचवी बार किया प्रयास

पंकज कुमार 
एटा। अमांपुर के परिवार के लिए बुधवार का दिन खुशियों से भरा साबित हुआ। घर की बड़ी बेटी प्रियंका ने पीसीएस परीक्षा में पांचवां स्थान पाकर न केवल घर का बल्कि कासगंज जिले का नाम रोशन कर दिखाया। परीक्षा परिणाम आते ही अमांपुर की अफसर बनने जा रही बिटिया को बधाइयां देने का सिलसिला शुरू हो गया। अमांपुर के गांधी नगर बारहद्वारी के पास रहने वाले अनिल कुमार गोयल कस्बे में मेडिकल स्टोर चलाते हैं। उनके दो बेटियां और एक बेटा है। बड़ी बेटी प्रियंका गोयल और छोटी बेटी नीति गोयल दिल्ली में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने में लगी हैं। बड़ी बेटी प्रियंका ने वर्ष 2019 में पीसीएस की परीक्षा दी थी। कड़ी मेहनत और मजबूत तैयारी की थी। बुधवार को परीक्षा का परिणाम आने की उम्मीद को देखते हुए वह घर से दिल्ली पहुंची। शाम को जैसे ही पीसीएस का परिणाम आया तो प्रियंका का पांचवां स्थान पर देखकर उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने फोन पर यह खुशखबरी पिता अनिल गोयल व मां लक्ष्मी गोयल को दी तो घर में खुशी का माहौल बन गया। परिवार के लोगों ने इसकी जानकारी अपने परिचितों को दी तो बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया। 
पांचवीं बार में पाई सफलता...
प्रियंका गोयल ने बताया कि उन्होंने कड़ी मेहनत करके इस परीक्षा को पास किया है। इससे पहले वह चार बार परीक्षा में बैठ चुकी थीं। लेकिन हिम्मत नहीं हारी और निरंतर तैयारी की और उन्हें इस बार पूरा भरोसा था कि परिणाम बेहतर होगा। 
शुरुआती पढ़ाई अमांपुर, स्नातक एटा से....
कासगंज। पीसीएस परीक्षा में पांचवें स्थान प्राप्त करने वाले प्रियंका गोयल के बारे में उनके भाई पीयूष ने बताया कि दीदी ने शुरुआती पढ़ाई अमांपुर के मक्खन  लाल इंटर कॉलेज से की और स्नातक की पढ़ाई एटा के जेएलएन डिग्री कालेज से की थी। पीयूष ने बताया कि वह खुद अपने पिता के मेडिकल स्टोर के काम में हाथ बंटाते हैं।
केंद्रीय सचिवालय में कार्यरत हैं प्रियंका....
कासगंज। प्रियंका गोयल ने बताया कि, वह परीक्षा की तैयारी के साथ नौकरी भी कर रही हैं और फिलहाल केंद्रीय सचिवालय में कार्यरत हैं। इससे पहले भी एफसीआई में कार्य कर चुकी हैं। वह नौकरी के साथ एक बड़े पद तक पहुंचने के लिए पीसीएस की परीक्षा में बैठी थीं। जो माता-पिता व गुरुजनों के आशीर्वाद से सफल हुई हैं।

4,500 कारतूस बरामद किए, 6 आरोपी अरेस्ट

पालूराम  

नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली में छह लोगों को गिरफ्तार करके उनके कब्जे से 4,500 कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान रमेश कुमार, दिपांशू, इकराम, अकरम, मनोज कुमार और अमित राव के तौर पर की गई। पुलिस उपायुक्त (विशेष प्रकोष्ठ)संजीव कुमार यादव ने कहा कि दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने छह लोगों को गिरफ्तार करके उनके कब्जे से 4,500 कारतूस बरामद किए हैं। यादव ने कहा कि इस मामले में पहली गिरफ्तारी 14 फरवरी को बुराड़ी इलाके से की गई थी। उन्होंने बताया कि मामले की जांच चल रही है।

पूर्व चीफ जज गोगोई के खिलाफ सभी जांच बंद की

अकांशु उपाध्याय  
नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने भारत के पूर्व प्रधान न्यायाधीश रंजन गोगोई को कथित यौन उत्पीड़न और शीर्ष अदालत में पीठ ‘फिक्सिंग’ जैसे मामलों में फंसाने के ‘गहरे षड्यंत्र’ की स्वत: संज्ञान से शुरू की गई जांच प्रक्रिया बृहस्पतिवार को बंद करने का फैसला लिया।न्यायमूर्ति संजय किशन कौल की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि करीब दो साल गुजर गए हैं और जांच के लिए इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड हासिल करने की संभावना बहुत कम है।
स्वत: संज्ञान से शुरू की गई जांच प्रक्रिया बंद करते हुए शीर्ष अदालत ने कहा कि न्यायमूर्ति गोगोई के खिलाफ कथित यौन उत्पीड़न मामले की अंदरूनी जांच पहले ही पूरी की जा चुकी है और न्यायमूर्ति एसए बोबड़े (वर्तमान प्रधान न्यायाधीश) की अध्यक्षता वाले तीन सदस्यीय पैनल ने उन्हें दोष मुक्त करार दिया था। पीठ में न्यायमूर्ति एएस बोपन्ना और न्यायमूर्ति वी रामासुब्रमणियन भी शामिल थे। पीठ ने कहा कि न्यायमूर्ति (अवकाश प्राप्त) एके पटनायक पैनल षडयंत्र की जांच करने के लिए व्हाट्सएप मैसेज जैसे इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड प्राप्त नहीं कर सका है इसलिए स्वत: संज्ञान से शुरू किए गए मामले से कोई उद्देश्य पूरा नहीं होगा।

शीर्ष अदालत ने खुफिया ब्यूरो के निदेशक की चिट्ठी का हवाला दिया जिसमें कहा गया था कि चूंकि न्यायमूर्ति गोगोई ने असम में राष्ट्रीय जनसंख्या पंजी (एनआरसी) सहित अन्य कई मुश्किल फैसले सुनाए हैं, इसलिए संभवत: उन्हें फंसाने की साजिश की जा रही है। न्यायमूर्ति पटनायक के हवाले से पीठ ने कहा कि यह मानने के ठोस कारण हैं कि तत्कालीन प्रधान न्यायाधीश गोगोई को फंसाने की साजिश की गई होगी।

पीठ ने कहा कि 25 अप्रैल, 2019 के आदेशानुसार न्यायमूर्ति पटनायक पैनल की रिपोर्ट में कहा गया है कि वह व्यावहारिकता में इसकी जांच नहीं कर सकता है कि तत्कालीन प्रधान न्यायाधीश के न्यायिक फैसलों के कारण गोगोई के खिलाफ साजिश रची गई।

आतंकियों के अड्डे का भंडाफोड़, जखीरा बरामद

पालूराम  
जम्मू। केन्द्र शासित जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में महोरे इलाके के वन क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों के अड्डे का भंडाफोड़ कर हथियारों और गोला-बारूद का जखीरा बरामद किया है। आधिकारिक प्रवक्ता ने गुरुवार को यहां बताया कि सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के संयुक्त दल ने रियासी जिले के मक्खिधर जंगल में एकत्र किये गये भारी मात्रा में हथियार और युद्ध सामग्री बरामद की है।
प्रवक्ता ने बताया कि 17-18 फरवरी की मध्य रात्रि में जम्मू क्षेत्र के रियासी जिले के भीतरी इलाकों में चलाए गये संयुक्त अभियान में युद्ध सामग्री के साथ भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए हैं। उन्होंने बताया कि रियासी जिले के मक्खिदर के दूरस्थ और घने जंगलों में संदिग्ध गतिविधियों को लेकर विश्वसनीय स्रोत से जानकारी मिली थी।
उन्होंने बताया कि सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से लगातार चलाये जा रहे प्रयासों से युद्ध सामग्री और हथियारों के विशाल जखीरे का पता चला है। हथियारों के जखीरे मेें एक ए के 47 राइफल, एक एस एल राइफल, एक 303 बोल्ट राइफल, दो चीनी पिस्तौल, गोला-बारूद के साथ एक पिस्तौल एमएजी, एंटीना वाले दो रेडियो सेट, एक एके 47, गोला बारूद का डिब्बा, चार यूबीजीएल ग्रेनेड शामिल हैं।

मुखर्जी की वजह से बंगाल का अस्तित्वः गृहमंत्री

अकांशु उपाध्याय  
कोलकाता। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत सेवाश्रम संघ (बीएसएस) द्वारा दिखाए गए मार्ग भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अहम योगदान देंगे। शाह ने भारत सेवाश्रम संघ के मुख्यालय का दौरा किया और उम्मीद जताई कि जिस मार्ग पर चलते हुए बीएसएस ने समाज में अपना योगदान दिया है वह उसे आगे भी जारी रखेगा और नये ”हिन्दुस्तान” के लिए मार्ग प्रशस्त करेगा।
भारत सेवाश्रम संघ के संस्थापक स्वामी प्रणवानंद की 125वीं जयंती पर अपनी श्रद्धंजलि अर्पित करते हुए शाह ने कहा कि उन्होंने उस समय स्वधर्म और स्वराज की संकल्पना को बुलंद किया, जब देश को इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी। भाजपा के पूर्व अध्यक्ष शाह ने कहा कि भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी और स्वामी प्रणवानंद के विचार एक जैसे थे और दोनों ने देश के लिए काम किया।
उन्होंने दावा कि आज जो पश्चिम बंगाल का अस्तित्व है वह मुखर्जी की वजह से है नहीं तो यह बांग्लादेश में चला गया होता। शाह ने कहा कि देश भर में कहीं पर भी विपदा आई हो, भारत सेवाश्रम संघ के संन्यासियों ने जाति, धर्म और पंथ से ऊपर उठकर सेवा का एक उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया है। शाह के साथ इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकुल रॉय, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष दिलीप घोष और अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे।

बंगाल के मंत्री पर बम से हमला किया, हालत गंभीर

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि राज्य के मंत्री जाकिर हुसैन पर बम से हुआ हमला एक साजिश का हिस्सा था और कुछ लोग उन पर दूसरी पार्टी में शामिल होने के लिए ‘दबाव’ बना रहे थे। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में निमटीटा रेलवे स्टेशन पर अज्ञात हमलावरों द्वारा बुधवार की रात बम से किए गए हमले में राज्य के मंत्री जाकिर हुसैन गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वह एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती हैं।

हुसैन से मिलने अस्पताल पहुंचीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रेलवे पर भी निशाना साधा। बनर्जी ने पत्रकारों से कहा, ” मंत्री जाकिर हुसैन पर हमला एक सोची-समझी साजिश थी। कुछ (पार्टी के) लोग पिछले कुछ महीने से जाकिर हुसैन पर दबाव बना रहे थे, कि वह उनकी पार्टी में शामिल हों। मैं अधिक जानकारी नहीं दूंगी क्योंकि जांच जारी है।” उन्होंने कहा कि हमलावर स्पष्ट तौर पर हुसैन के आने के बारे में जानते थे और शायद उनका पीछा कर रह थे। बनर्जी ने कहा कि सिर्फ सीआईडी नहीं, बल्कि राज्य एसटीएफ और ‘काउंटर इंसर्जेंसी फोर्स’ (सीआईएफ) भी जांच में सहयोग करेगी।

मुख्यमंत्री ने हमले में गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को पांच-पांच लाख रुपये और मामूली रूप से घायल हुए लोगों को एक-एक लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। उन्होंने पूछा, ” जब हमला रेलवे स्टेशन पर हुआ, तो रेलवे सुरक्षा में चूक की अपनी जिम्मेदारी से इनकार कैसे कर सकती है? हमले के समय स्टेशन पर कोई सुरक्षा कर्मी नहीं था। वहां बिजली भी नहीं थी, बिल्कुल अंधेरा था। रेलवे पुलिस आखिर क्या कर रही थी?”

उन्होंने कहा कि रेलवे को जांच में सहयोग करना चाहिए। बनर्जी ने कहा, ” रेलवे स्टेशन, रेलवे की सम्पत्ति है। रेलवे पुलिस उसकी सुरक्षा के लिए जिम्मेदार है। यह हमारे अधिकार-क्षेत्र में नहीं आता।” बनर्जी ने बताया कि हमले में 26 लोग घायल हुए हैं। राज्य सरकर ने घटना की जांच अपराध जांच विभाग (सीआईडी) को सौंप दी है। बनर्जी ने कानून एवं व्यवस्था के बदतर होने के दावों को खारिज करते हुए कहा कि घटना रेलवे स्टेशन के अंदर हुई और परिसर केन्द्र के अधीन आता है। इस बीच भाजपा नेतृत्व ने इसे राज्य सरकार की विफलताओं से जनता का ध्यान हटाने की कोशिश करार देते हुए बनर्जी पर निशाना साधा। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष जयप्रकाश मजुमदार ने कहा, ” यह घटना दर्शाती है कि यहां कानून-व्यवस्था खत्म हो चुकी है। क्या रेलवे राज्य में शासन करता है? ऐसी बातों से कुछ नहीं होगा। वह (ममता) राज्य की गृह मंत्री और मुख्यमंत्री दोनों ही रूप में विफल हो चुकी हैं।”


कई राज्यों में रेल-यात्रा बाधित, दर्ज किया विरोध

हरिओम उपाध्याय  
नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि कानूनों के विरूद्ध किसान संगठनों के रोल रोको अभियान के तहत किसानों ने हरियाणा के सिरसा जिले में दिल्ली-बठिंडा रेल लाईन को पांच अलग अलग जगहों बाधित कर अपना विरोध जताया। वहीं दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से टीकरी बॉर्डर सहित कुल चार मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए।
किसानों ने दोपहर 12 बजे से सायं चार बजे तक सिरसा, डिंग, डबवाली, कालांवाली और ऐलनाबाद रेल लाईन जाम रखी। किसानों के इस आहवान के मद्देनजर कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिये 26 ड्यूटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में करीब एक हजार पुलिस जवान तैनात किये गये थे। हालांकि किसानों के रेल लोको आहवान के दौरान रेल का आवागमन नहीं हुआ लेकिन किसान रेल लाईन पर जमे रहे। किसानों के रेल रोको आंदोलन के आहवान के मद्देनजर रेलवे ने वीरवार को रेलों का संचालन ही बंद रखा।
पंजाब और हरियाणा में बृहस्पतिवार को किसान कई जगहों पर ट्रेन की पटरियों के पास एकत्र हो गए हैं। एहतियात के तौर पर अधिकारी ट्रेनों को स्टेशनों पर रोक रहे हैं। किसान आंदोलन के प्रमुख संगठन संयुक्त किसान मोर्चा ने कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग के लिए दबाव बनाने को लेकर 18 फरवरी को दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक ‘रेल रोको’ का आह्वान किया था। भारतीय किसान यूनियन (एकता उग्रहान) के महासचिव सुखदेव सिंह कोकरीकलां ने बताया कि संगठन के सदस्य पंजाब के नाभा, मनसा, बरनाला, बठिंडा, फिरोजपुर, जालंधर और तरन तारन सहित 22 जगहों पर ट्रेन की पटरियां अवरुद्ध करेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि हरियाणा और पंजाब दोनों राज्यों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और सरकारी रेलवे पुलिस तथा राज्य पुलिस बल के कर्मियों को तैनात किया गया है। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर डिवीजन ने ट्रेनों को स्टेशन पर ही रोकने का फैसला लिया है ताकि यात्रियों को ‘रेल रोको’ आह्वान के कारण परेशानी ना उठानी पड़े। अधिकारियों ने बताया कि किसानों के ‘रेल रोको’ आह्वान के कारण ट्रेनें देरी से चल सकती हैं। उन्होंने बताया कि प्रदर्शन समाप्त होने के बाद सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए ट्रेन सेवा पुन:बहाल की जाएगी।

मेट्रो मैन, ई श्रीधरन चुनाव से पहले पार्टी में शामिल

कोझीकोड। भारतीय जनता पार्टी ने बृहस्पतिवार को कहा कि ”मेट्रो मैन” ई श्रीधरन केरल विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी में शामिल होंगे। भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष के सुरेंद्रन ने बताया कि श्रीधरन 21 फरवरी को कासरगोड़ से पार्टी की ”विजय यात्रा” शुरु होने के दौरान भगवा दल में शामिल होंगे। श्रीधरन को देश में सार्वजनिक परिवहन प्रणाली में बदलाव का श्रेय दिया जाता है। सुरेंद्रन ने संवाददाताओं को बताया कि श्रीधरन ने भाजपा के साथ काम करने की इच्छा जाहिर की थी। श्रीधरन की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

यूपी: लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे अखिलेश

यूपी: लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे अखिलेश  संदीप मिश्र  लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। इसके ...