रविवार, 7 फ़रवरी 2021

राष्ट्रपति बाइडन ने रूस के खिलाफ दिया बयान

वॉशिंगटन डीसी/ मास्को। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन सत्ता संभालने के दिन से ही रूस के खिलाफ बयान दे रहे हैं। गुरुवार के वॉशिंगटन में अमेरिकी विदेश मंत्रालय की यात्रा के दौरान भी उन्होंने रूस को लेकर बेहद कड़े शब्दों का प्रयोग किया। इतना ही नहीं, बाइडन ने सीधे तौर पर रूस को चेतावनी देते हुए कहा कि वे दिन बीत गए जब उनका देश रूस की आक्रामक कार्रवाई के सामने झुकता था। इसके साथ ही बाइडन ने रूस को चेतावनी दी कि उनका प्रशासन, मॉस्को को जवाब देने में संकोच नहीं करेगा। बाइडन ने विदेश मंत्रालय के कर्मचारियों से कहा कि मैंने अपने पूर्ववर्ती (ट्रंप) से अलग रुख अपनाते हुए राष्ट्रपति पुतिन को स्पष्ट रूप से बता दिया है कि वे दिन बीत गए जब अमेरिका रूस की आक्रामक कार्रवाई के सामने झुकता था। रूस ने हमारे चुनावों में हस्तक्षेप किया।साइबर हमले करवाए और हमारे नागरिकों को जहर दिया।

राष्ट्रपति के खिलाफ महाभियोग पर टिकीं नजर

वाशिंगटन डीसी। अमेरिका सहित पूरे दुनिया की निगाहें अब पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनाल्ड ट्रंप के खिलाफ लगे महाभियोग पर टिकी हुई हैं। महाभियोग ने वॉशिंगटन में एक बार फिर राजनीतिक तनाव पैदा कर दिया है। रिपब्लिकन और डेमोक्रेट्स एक बार फिर आमने-सामने हैं। अदालत की कार्यवाही अगले सप्ताह सीनेट में शुरू होने वाली है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार ट्रंप के वकीलों की फौज महाभियोग अदालत में मुख्य आरोपों को खारिज करने का प्रयास करते हुए 3 नवंबर को हुए चुनाव में धोखाधड़ी के आरोप लगाएगी। जबकि ट्रंप के विरोधी कैपिटल हिल में हुए उपद्रव के लिए ट्रंप के भाषण को जिम्मेदार मानते हैं। 3 नवंबर से पहले  ट्रंप ने कहा था कि अगर वह हारते हैं तो नतीजों को स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने ऐसा किया भी। चुनाव हारने के बाद उन्होंने लगातार एक के बाद एक बिना किसी तर्क के चुनाव में धोखाघड़ी की शिकायत की। ट्रंप ने अदालत में अनियमितता, धोखाधड़ी और जालसाजी के 50 से अधिक मुकदमे दायर किए हैं।   

मुंबई: बजट के बाद सेंसेक्स में बनीं जबर्दस्त तेजी

कविता गर्ग 

मुंबई। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा विकास केन्द्रित बजट पेश किए जाने के बाद बीते सप्ताह घरेलू शेयर बाजारों में लगातार तेजी बनी और बीएसई सेंसेक्स इस दौरान 9.61 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,445.86 अंक बढ़कर 50,731.63 अंक तक पहुंच गया। इस बीच, भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति ने महंगाई के लक्षित दायरे में आने का हवाला देते हुए कोरोना वायरस से प्रभावित अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के उद्देश्य से नीतिगत दरों में कोई बदलाव नहीं करने का निर्णय लिया है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के एनएसई सूचकांक में भी बीते सप्ताह रिकाॅर्ड वृद्धि देखी गयी। एनएसई इस दौरान 9.46 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 1,289.65 अंक उछलकर 14,924.25 अंक के स्तर पर पहुंच गया। पांच फरवरी को बीएसई का सेंसेक्स रिकाॅर्ड 51,073.27 तक पहुंचा जबकि निफ्टी का एनएसई सूचकांक भी रिकाॅर्ड 15,014.65 अंक के उच्चतम स्तर तक पहुंचा। वहीं बीएसई के मिडकैप में बीते सप्ताह 7.36 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी और वह 1,330.94 अंक की बढ़त के साथ 19,413.17 अंक तक पहुंचा जबकि स्मालकैप में 6.16 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी और वह 1,107.86 अंक चढ़कर 19,096.06 अंक पर बंद हुआ। बीते सप्ताह सोमवार एक फरवरी को केन्द्रीय बजट की घोषणा के साथ ही सेंसेक्स में 2,314.84 अंक का उछाल आया और वह 48,600.61 अंक तक पहुंच गया। बजट के बाद निवेशकों में आए उत्साह के बल पर निफ्टी का एनएसई सूचकांक भी 646.60 अंक की बढ़त के साथ 14,281.20 अंक पर आ गया। इसके बाद मंगलवार दो फरवरी को भी सेंसेक्स में 1,197.11 अंक का उछाल आया और वह 49,797.72 अंक तक पहुंच गया जबकि निफ्टी में 366.65 अंक की वृद्धि दर्ज की गयी और वह 14,647.85 अंक के स्तर तक पहुंचा। तीन फरवरी बुधवार को सेंसेक्स पहली बार 50 हजार को पार कर 458.03 अंक की वृद्धि के साथ 50,255.75 तक पहुंच गया जबकि निफ्टी के सूचकांक में 142.10 अंक की वृद्धि हुई और वह 14,789.95 अंक के स्तर तक पहुंच गया। गुरुवार चार फरवरी को भी सेंसेक्स में तेजी जारी रही और वह 358.54 अंक के उछाल के साथ 50,614.29 अंक के स्तर तक पहुंच गया जबकि निफ्टी का सूचकांक 105.70 अंक की वृद्धि के साथ 14,895.65 अंंक पर पहुंच गया। शुक्रवार पांच फरवरी को रिजर्व बैंक की ओर से रेपो दरों को यथावत रखने की घोषणा के बाद सेंसेक्स में 117.34 अंक की बढ़त दर्ज की गयी और बीएसई का सूचकांक 50,731.63 अंक पर बंद हुआ जबकि निफ्टी का एनएसई सूचकांक भी 28.60 अंक की वृद्धि के साथ 14,924.25 अंक के स्तर पर पहुंच गया। देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया के शेयरों में बढ़त देखी गयी और इसमें 3.98 प्रतिशत की साप्ताहिक वृद्धि देखी गयी। वहीं टाटा मोटर्स के शेयरों में 20.30 प्रतिशत की तेजी रही। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में जनवरी 2021 में टाटा मोटर्स के 59,959 वाहनों की बिक्री हुई है जबकि जनवरी 2020 में 47,862 वाहनों की बिक्री हुई थी। टाटा मोटर्स के वाहनों की बिक्री में 25.27 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। ईचर मोटर के शेयरों में 7.07 प्रतिशत जबकि हीरो मोटोकार्प के शेयरों में 5.29 प्रतिशत का उछाल आया था। इस दौरान बजाज ऑटो के शेयरों में 5.56 प्रतिशत का उछाल आया है। बजाज ऑटो की बिक्री में जनवरी 2020 के मुकाबले जनवरी 2021 में करीब आठ प्रतिशत की वृद्धि हुई है। एचडीएफसी के शेयरों में भी रिकाॅर्ड 14.45 प्रतिशत की तेजी देखी गयी। भारतीय स्टेट बैंक के शेयरों में 39.35 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। एसबीआई के लाभ में 6.93 प्रतिशत की 5,196.22 करोड़ रुपये की गिरावट आई है। भारती एयरटेल में 5.07 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। महिंद्रा में भी रिकार्ड 15.43 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है।

कार्ड धारकों को 5 माह तक 3 किलो चीनी मिलेगी

बस्ती। उत्तर प्रदेश मे बस्ती जिले के 89 हजार 67 अन्त्योदय परिवारों को तीन माह जनवरी,फरवरी तथा मार्च का चीनी पांच मार्च तक 18 रूपया प्रति किलो के हिसाब से दिया जायेगा। कार्ड धारको को उनके मूल दुकान से ही चीनी मिलेगी। जिलापूर्ति अधिकारी रमन मिश्र ने रविवार को बताया कि शासन द्वारा अन्त्योदय योजना के 89 हजार 67 कार्ड धारकों को पांच मार्च तक तीन महीने का एक साथ चीनी दिया 18 रूपये प्रति किलो के हिसाब से दिया जायेगा। कार्ड धारको को अपनी मूल दुकान,विक्रेता से ही चीनी मिलेगी। पोर्टबिलिटी पर खाद्यान्न प्राप्त करने वाले कार्ड धारको को चीनी देय नही होगा।

विकास के लिये 35 करोड़ की योजना की तैयारी

संदीप मिश्र  

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में पर्यटन विकास के लिए विश्व बैंक की सहायता से 35 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का निर्माण कार्य शुरू कराने की तैयारी तेज हो गई है। बीते वर्ष 26 अगस्त को कुशीनगर में पर्यटन विकास के लिए कमिश्नर जयंत नार्लिकर की अगुवाई में एक बैठक हुई थी जिसमें जिला प्रशासन के अलावा पर्यटन विभाग की तरफ से क्षेत्रीय पर्यटक अधिकारी गोरखपुर रविंद्र कुमार भी मौजूद थे। इसमें कुकुत्था नदी के सुंदरीकरण, कुशीनगर में बौद्ध विपश्यना केंद्र का उच्चीकरण, राजकीय बौद्ध संग्रहालय का उच्चीकरण, कुशीनारा फूड प्लाजा की स्थापना, उत्तर प्रदेश पर्यटन विकास निगम की इकाई होटल पथिक निवास का जीर्णोद्धार, पर्यटन कार्यालय के उच्चीकरण के अलावा बौद्धकालीन हिरण्यवती नदी पर एक फुट ब्रिज बनाने की चर्चा हुई थी। इसे स्वीकृति के लिए शासन को भेजा गया था। शासन ने 35 करोड़ रुपये की इन परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान करते हुए गोरखपुर विकास प्राधिकरण को कार्यदायी संस्था नामित किया था। प्रमुख सचिव पर्यटन मुकेश मेश्राम के निर्देश पर शुक्रवार को जीडीए के एक्सईएन किशन सिंह, एई अनिल कुुमार सिन्हा व कसाडा के जेई महेश कुमार गौतम ने प्रस्तावित कार्यस्थलों का जायजा लिया। टीम के सदस्यों ने निरीक्षण के दौरान संबंधित जिम्मेदार लोगों से रिपोर्ट तैयार करने के लिए जानकारी जुुटाई। टीम ने विपश्यना केंद्र बनवारी टोला के संचालन और उसकी उपयोगिता को लेकर वर्मी बुद्ध विहार के प्रबंधक भदंत ज्ञानेश्वर से भी बातचीत की। पर्यटन विभाग की मानें तो जल्दी ही इन परियोजनाओं के फिजबिलिटी जांच के लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान की एक टीम भी आएगी।


दिल्ली के ओखला फेस-2 की कालोनी में लगीं आग

अकांशु उपाध्याय    

नई दिल्ली। दक्षिण पूर्वी दिल्ली के ओखला फेस-2 की एक कालोनी में रविवार तड़के आग लग गयी। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि करीब 02.30 बजे ओखला फेस-2 में संजय कालोनी इलाके में आग लगने की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलते ही 26 दमकलों को मौके पर रवाना किया गया। आग बुझाने का काम जारी है। अधिकारियों के मुताबिक घटना में किसी के हताहत होने की रिपोर्ट नहीं है।

ग्लेशियर टूटा नदी किनारे बसे लोग रहें सावधान

नई दिल्ली/ बीजिंग। उत्तराखंड के चमोली जिले के रैनी में रविवार सुबह ग्लेशियर फट गया। बताया जा रहा है कि ग्लेशियर फटने से धौली नदी में बाढ़ आ गई है। इससे चमोली से हरिद्वार तक खतरा बढ़ गया है। सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। वहीं, चमोली जिले के नदी किनारे की बस्तियों को पुलिस लाउडस्पीकर से अलर्ट कर रही है। कर्णप्रयाग में अलकनंदा नदी किनारे बसे लोग मकान खाली करने में जुटे। ऋषि गंगा और तपोवन हाईड्रो प्रोजेक्ट पूरी तरह ध्वस्त हो गए हैं। वहीं, आपदा के दौरान रैनी में भारत-चीन सीमा को जोड़ने वाला पुल क्षतिग्रस्त, सीमा पर आवाजाही ठप हो गई है। तपोवन हाईड्रो प्रोजेक्ट पर काम कर रहे कई मजदूर भी सुरंग में फंसे हैं।मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा, अगर आप प्रभावित क्षेत्र में फंसे हैं, आपको किसी तरह की मदद की जरूरत है तो कृपया आपदा परिचालन केंद्र के नंबर 1070 या 9557444486 पर संपर्क करें। कृपया घटना के बारे में पुराने वीडियो से अफवाह न फैलाएं। सीएम ने चमोली का दौरा किया। सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा, आप सभी धैर्य बनाए रखें। लोगों की मदद के लिए जो भी जरूरी कदम हैं वो सरकार उठा रही हैअपर जिलाधिकारी टिहरी शिव चरण द्विवेदी ने बताया कि धौली नदी में बाढ़ आने की सूचना मिलने के बाद जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है। इसके साथ ही हरिद्वार जिला प्रशासन ने भी अलर्ट जारी कर दिया है। सभी थानों और नदी किनारे बसी आबादी को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। ऋषिकेश में भी अलर्ट जारी किया गया है। नदी से बोट संचालन और राफ्टिंग संचालकों को तुरंत हटाने के निर्देश  दिए गए हैं। श्रीनगर जल विद्युत परियोजना को झील का पानी कम करने के निर्देश जारी किए गए हैं। ताकि अलकनंदा का जल स्तर बढ़ने पर अतिरिक्त पानी छोड़ने में दिक्कत न हो। चमोली के पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चौहान ने बताया कि काफी नुकसान की सूचना आ रही है। लेकिन अभी स्थिति स्पष्ट नहीं। टीम मौके पर जा रही है, उसके बाद ही नुकसान की स्थिति स्पष्ट होगी। ग्लेशियर फटने के बाद बांध क्षतिग्रस्त हुआ। जिससे नदियों में बाढ़ आ गई है। तपोवन बैराज पूरी तरह से ध्वस्त हो गया है। श्रीनगर में प्रशासन ने नदी किनारे बस्तियों में रह रहे लोगों से सुरक्षित स्थानों में जाने की अपील की है। वहीं, नदी में काम कर रहे मजदूरों को भी हटाया जा रहा है।उधर, बाढ़ के बाद अब धौली नदी का जल स्तर पूरी तक रूका हुआ है। स्टेट कंट्रोल रूम के अनुसार, गढ़वाल की नदियों में पानी ज्यादा बढ़ा हुआ है। करंट लगने से कई लोग लापता बताए जा रहे है। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने सचिव आपदा प्रबंधन और डीएम चमोली से पूरी जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री लगातार पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। संबंधित सभी जिलों को अलर्ट कर दिया गया है। लोगों से अपील की जा रही है कि गंगा नदी के किनारे न जाएं। वहीं, सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत घटनास्थल के दौरे के लिए निकल गए हैं। चमोली जिले के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। वहीं, आला अधिकारियों की आपात बैठक बुलाई जा सकती है।

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण  1. अंक-161, (वर्ष-11) पंजीकरण:- UPHIN/2014/57254 2. शनिवार, मार्च 30, 2024 3. शक-1945, पौष, कृष्ण-पक्ष, तिथि-षष्ठी,...