रविवार, 20 दिसंबर 2020

अंतर्जनपदीय मोबाइल चोर गैंग, 3 सदस्य गिरफ्तार

इटावा। पुलिस ने शनिवार को मोबाइल चोरों के अन्तर्जनपदीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने चोरों के कब्जे से 11 मोबाइल फोन भी बरामद किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा, आकाश तोमर ने बताया कि जनपद में शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक एक विशेष अभियान चलाया गया था। जिसमें समस्त क्षेत्राधिकारी एंव थाना प्रभारियो द्वारा अपनी टीम के साथ क्षेत्र में निकलकर जनपद के विभिन्न स्थानों पर चेकिंग की जा रही थी। इसी क्रम में थाना इकदिल पुलिस द्वारा एनएच – 2 पर स्थित राधे होटल पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी तभी मुखबिर द्वारा सूचना दी गयी कि कुछ अज्ञात व्यक्ति मानिकपुर मोड पर सड़क किनारे खड़े है। सूचना थी कि इन व्यक्तियों के पास बड़ी संख्या में मोबाइल फोन देखे गये है।

आंदोलन: गाजियाबाद-मेरठ तक ट्रैक्टर रैली निकाली

अश्वनी उपाध्याय       

गाजियाबाद। कृषि सुधार क़ानूनों के समर्थन में हिन्द मजदूर किसान समिति की ओर से एक ट्रैक्टर रैली का आयोजन किया गया। ट्रैक्टर रैली मेरठ में से शुरू होकर गाजियाबाद तक निकाली गई। इस ट्रैक्टर रैली के दौरान देशभक्ति संगीत से प्रदर्शनकारी अपना हौसला बढ़ाते रहे। आपको बता दें कि, हिंद मजदूर किसान समिति की ओर से केंद्र सरकार के कृषि कानूनों का समर्थन करने वाले किसानों का गाज़ियाबाद के इंदिरापुरम रामलीला मैदान में एक विशाल सम्मेलन होगा। इसके लिए मंच तैयार किया गया है। सुरक्षा के लिहाज से जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया है। जानकारी के मुताबिक इस रैली में 400 ट्रैक्टर और ट्राली से किसान मेरठ से गाजियाबाद पहुँच गए हैं।

नगर भरवारी सीमा के अंतर्गत जलवांए गए अलाव

नगर पालिका भरवारी ने जलवाया आलाव
कौशाम्बी। नगर पालिका परिषद भरवारी सीमा के अंतर्गत नगर पालिका द्वारा जगह-जगह अलाव जलाए गए हैं। शीत लहर के प्रकोप से बचाव हेतु अधिशासी अधिकारी गिरीश चंद तथा प्रशासक अपर जिलाधिकारी मनोज कुमार के द्वारा दिए गए आदेश के अनुपालन में पूरे नगर पालिका परिषद भरवारी सीमा के अंतर्गत सभी सार्वजनिक स्थानों पर नगर पालिका परिषद भरवारी के कर्मचारियों द्वारा लकड़ी का अलाव जलवाए जा रहा है।कस्बे के सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलाए जा रहे हैं। जिससे आम जनता को ठंड से बचाव हो सके नगर पालिका भरवारी में अलाव जलाने में बबलू गौतम एस के गुप्ता राकेश कुमार आदि कर्मचारियों को लगाया गया है और ट्रैक्टर से लकड़ी लेकर चौराहे चौराहे पर लकड़िया रखा नगरपालिका के कर्मचारियों द्वारा अलाव जलाया जा रहा है।
राजू सक्सेना

बिहार: ऑक्सीजन मैन ने 800 लोगों की जान बचाई

अविनाश श्रीवास्तव  

पटना। कोरोना महामारी से इस समय पूरी दुनिया जूझ रही है। ऐसे में लोग मदद के लिए आगे आ रहे हैं। बिहार के गौरव राय ने भी कोरोना काल में मदद की जो मिसाल कायम की है वह वाकई काबिले तारीफ है। पटना निवासी 50 वर्षीय गौरव राय को शहर के लोग ऑक्सीजन मैन के नाम से जानते हैं। गौरव राय को लोग ऑक्सीजन मैन क्यों कहते हैं इसके पीछे की वजह दरअसल यह है कि पिछले 5 महीनों से वह लगातार बिना किसी से पैसे लिए हुए मुफ्त में लोगों को ऑक्सीजन सिलेंडर मुहैया करा रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि गौरव अब लोगों को ऑक्सीजन सिलेंडर पहुंचाने का काम केवल पटना में ही नहीं बल्कि अब बिहार के 18 जिलों में शुरू कर दिया है।

गौरव राय के ऑक्सीजन मैन बनने की कहानी ज्यादा पुरानी नहीं है। दरअसल, पांच महीने पहले इसी साल जुलाई में गौरव को भी कोविड-19 संक्रमण ने अपनी चपेट में ले लिया था। उनकी हालत गंभीर हुई तो उन्हें पटना के पीएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया और उन्हें ऑक्सीजन सिलेंडर की जरूरत पड़ी। अस्पताल में भर्ती गौरव राय को ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कुछ दिनों में गौरव कोविड-19 संक्रमण से लड़कर ठीक हो गए मगर उसी दौरान उन्हें ऑक्सीजन सिलेंडर की अहमियत का एहसास हुआ। राय बताते हैं कि “14 जुलाई को मैं पीएमसीएच गया था और मेरी पत्नी को मेरे लिए ऑक्सीजन सिलेंडर प्राप्त करने के लिए काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इसी दौरान मैंने सोच लिया कि मैं अब लोगों को ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध करवाऊंगा।”

कोरोना से जंग जीतने के बाद गौरव राय ने ठान लिया कि वह कोविड-19 मरीजों को मुफ्त में ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध करवाएंगे। गौरव राय रोजाना अपनी कार में एक दर्जन ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर शहर के एक कोने से दूसरे कोने तक घूमते रहते हैं और जैसे ही उन्हें जरूरतमंद लोगों का फोन आता है तो उसके घर पहुंचकर ऑक्सीजन सिलेंडर उन्हें उपलब्ध करवाते हैं।

बॉक्सर अमित ने वर्ल्डकप में गोल्ड 'पदक' जीता

रोशन कुमार
नई दिल्ली। खेलों में हरियाणा के युवाओं को कोई टक्कर नहीं दे सकता। एक तरफ हरियाणा की बेटियां खेलों में नाम रोशन कर रही हैं तो दूसरी तरफ दुनिया के नंबर-वन बॉक्सर अमित पंघाल ने जर्मनी के कोलोन शहर में आयोजित व‌र्ल्ड बॉक्सिग कप में गोल्ड पदक हासिल किया। भारतीय बॉक्सर अमित पंघाल ने जर्मनी के कोलोन में चल रहे बॉक्सिंग वर्ल्ड कप में गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। 52 किग्रा के फाइनल में उनके जर्मनी के प्लेयर के नाम वापस लेने की वजह से बिना मुकाबला खेले पंघाल ने गोल्ड जीत लिया। पंघाल को जर्मनी के अर्गिश्ती टेरेटियन ने वाकओवर दिया।अमित की जीत के बाद उनके गांव मायना में खुशी का माहौल है। अमित के पिता विजेंद्र पंघाल और मां उषा रानी ने इस पर अमित को बधाई दी। उन्होंने कहा कि देश के लिए पदक जीतना गर्व की बात है। इस जीत से टोक्यो ओलंपिक में पदक जीतने की राह आसान हो गई है।
ओलंपिक से पहले व‌र्ल्ड कप में गोल्ड जीतने से आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। देश पहुंचने पर अमित का स्वागत किया जाएगा। अमित ने गोल्ड जीता तो वहीं, सतीश कुमार चोट की वजह से नहीं खेल सके और उन्हें सिल्वर मेडल से ही संतोष करना पड़ा।

सीएम खट्टर ने केंद्रीय कृषि मंत्री से मुलाकात की

राणा ओबरॉय  
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि कृषि सुधार अधिनियमों से संबंधित किसानों द्वारा की जा रही मांगों के संदर्भ में आगामी एक-दो दिनों में अवश्य ही सकारात्मक समाधान की आशा है। परस्पर बातचीत के माध्यम से समाधान की दिशा में बहुत प्रयत्न किए जा रहे हैं।
मनोहर लाल आज  दिल्ली में केंद्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर से सांयकाल मुलाकात के उपरांत मीडिया से बातचीत कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान हमारे अपने हैं और किसान वर्ग से हमें पूर्ण हमदर्दी है। किसानों की ओर से कुछ व्यक्ति हमसे भी मिले हैं, जिन्होंने कृषि सुधार अधिनियमों में कुछ संशोधनों में कुछ और बातों को जोडऩे की बात कही है। उन्होंने कहा कि आज मुलाकात के दौरान किसानों की ओर से मिले इनपुट्स से केंद्रीय कृषि मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर को अवगत करवाया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ और लोग भी इन प्रयासों में लगे हुए हैं और हम सभी को पूर्णतया आशा है कि  इस दिशा में परस्पर समझ से ही कोई सकारात्मक समाधान अवश्य निकलेगा। किसानों की ओर से आज ‘ येस व नो’ से आगे बढकर बातचीत करने के संदर्भ में मीडिया के प्रश्न का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि निश्चित तौर पर यदि किसान बातचीत के लिए आते हैं तो सरकार किसानों से बातचीत के लिए सदैव तैयार है, क्योकि ‘येस व नो’ के दायरे में संभवत: कभी कोई समाधान नहीं होता है। समाधान तो संदर्भित विषयों पर बातचीत से ही संभव होता है और हम सभी को सकारात्मक समाधान की आशा है।

सहारनपुर-मेरठ रेलवे लाइन दोहरीकरण शुरू की

अरविंद कुमार सैनी  

सहारनपुर। नई दिल्ली से सहारनपुर वाया मेरठ रेलवे लाइन के दोहरीकरण का काम पूरा हो गया है। रेलवे विभाग के अधिकारी ने बताया कि दोहरीकरण के अंतिम चरण का काम देवबंद से टपरी के बीच लंबित था। जिसे रेलवे विभाग ने अब पूरा कर लिया है। 23 दिसंबर को रेलवे के मुख्य संरक्षा आयुक्त शैलेश कुमार इस ट्रैक का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद इस नई रेलवे लाइन पर ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा।

मेरठ से मुजफ्फरनगर तक दोहरी लाइन के कार्य को बीजेपी सरकार के दौरान तत्कालीन रेल मंत्री पवन बंसल ने बनाए जाने की घोषणा की थी। दोहरीकरण का काम मोदी सरकार में पूरा हुआ। उसके बाद मुजफ्फरनगर से देवबंद के बीच दोहरीकरण की प्रक्रिया पूरी हुई और अब इसी कड़ी में देवबंद से टपरी तक का दोहरीकरण का काम भी पूरा हो गया है। इससे सहारनपुर से दिल्ली के रेल यात्रियों के लिए समय की बचत हो जाएगी और रेलवे ट्रैक पर जाम भी नहीं लगेंगे।


बरेली कांग्रेस कोऑर्डिनेटर के घर दी श्रद्धांजलि

बरेली। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू शनिवार को बरेली में कांग्रेस के कोऑर्डिनेटर मनोज सिंह के स्वर्गवासी पिता को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। कुछ दिन पहले ही मनोज सिंह के शिक्षक पिता का लंबी बीमारी के कारण स्वर्गवास हो गया था। इस दौरान अजय कुमार लल्लू ने कहा कि बीजेपी किसानों के साथ अन्याय कर रही है। इस सरकार में किसानों की नहीं सुनी जा रही है। सरकार लगातार किसानों के साथ धोखा कर रही है और एमएसपी खत्म करने पर तुली हुई है। सरकार को चाहिए कि किसानों को साथ लेकर चले, उनकी बात सुने और जो किसानों के खिलाफ काला कानून है उसे जल्द से जल्द वापस ले। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर उन्होंने कहा कि योगी केवल किसान रैली करके किसानों को भ्रमित कर रहे हैं। इस कानून में जो कमियां हैं, उसको छुपा रहे हैं। अगर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को किसानों की इतनी ही चिंता है तो किसानों के 14 दिन का गन्ना भुगतान जो लगभग 12000 करोड़ है, क्यों नहीं कराती. यह सरकार किसानों को नोटिस भेज रही है, बल्कि सुप्रीम कोर्ट ने भी कह दिया है कि किसान अगर आंदोलन कर रहा है तो वो उसका मौलिक अधिकार है। इसके बावजूद भी यह सरकार सुप्रीम कोर्ट से भी ऊपर अपने आप को समझ रही है।

मंत्री बालियान को स्पेशल टीम-7 का हिस्सा बनाया

संदीप मिश्र  
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी को अपने मैनेजमेंट के लिए जाना जाता रहा है। इस मैनजमेंट में अब उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर को अहम भूमिका में रखा गया है। यहां से पार्टी के सांसद और केन्द्र सरकार में पशुपालन, मत्स्य एवं डेयरी विकास राज्यमंत्री डाॅ. संजीव बालियान को भाजपा ने अपने 'मिशन पश्चिमी बंगाल' के लिए चुनी गई स्पेशल टीम-7 का हिस्सा बनाया है। इस टीम में भाजपा ने पूरे देश से 7 जुझारू और चुनाव मैनेजमेंट तथा आक्रामक प्रचार में माहिर नेताओं का चयन किया है। इसमें संजीव बालियान को हिस्सा मिलना मुजफ्फरनगर के लिए ऐतिहासिक अवसर के रूप में देखा जा रहा है। यूपी में डिप्टी सीएम कैशव प्रसाद मौर्य के बाद संजीव बालियान ही दूसरे नेता हैं, जो 'मिशन पश्चिम बंगाल के लिए चुने गये हैं। यह पहला अवसर नहीं है जबकि केन्द्रीय मंत्री डाॅ. संजीव बालियान को कठिन अवसरों पर भाजपा के शीर्ष राष्ट्रीय नेतृत्व ने संगठन के मिशन में 'टास्क' देने का काम किया हो, वह हर टारगेट को भेदने वाले रामबाण साबित होते गये और आज पूरी तरह से भाजपा के भरासेमंद कार्यकर्ता बन चुके हैं।कड़ी चुनौतियों के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चेहरे और उनकी सरकार की उपलब्धियों के सहारे बिहार चुनाव को फतेह करने के बाद अब भारतीय जनता पार्टी 'दीदी' के राजनीतिक किले को ध्वस्त करने के लिए पूरा प्लान बना चुकी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में 'मिशन पश्चिम बंगाल' शुरू कर दिया गया है। इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चेहरे और कार्यशैली के साथ ही गृह मंत्री अमित शाह के अनुभव के साथ जेपी नड्डा पश्चिम बंगाल में इस बार भगवा लहर लाने के लिए निकल चुके है। भाजपा ने अपने 'मिशन पश्चिम बंगाल' को फतेह करने के लिए स्पेशल टीम-7 का गठन किया है। इसमें भाजपा ने अपने संगठन और सरकार में काम कर रहे चुनाव मैनेजमेंट में अचूक, आक्रामक प्रचार शैली और जादुई सम्बोधन में माहिर नेताओं का देशभर से चयन किया गया है। इस टीम-7 में यूपी के मुजफ्फरनगर जिले से सांसद और केन्द्र सरकार में राज्यमंत्री पशुपालन, मत्स्य एवं डेयरी विकास विभाग डाॅ. संजीव बालियान को भी चुना गया है। 'मिशन पश्चिम बंगाल' के लिए चुनी गयी इस टीम-7 में डाॅ. संजीव बालियान के अलावा केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री और राजस्थान के कद्दावर नेता गजेन्द्र सिंह शेखावत, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, यूपी के डिप्टी सीएम कैशव प्रसाद मौर्य, मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, केन्द्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया और केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल शामिल हैं। इसमें उत्तर प्रदेश ही ऐसा राज्य है, जहां से दो नेताओं का चयन पश्चिम बंगाल फतेह करने के लिए किया गया है।

12 किलो गांजा बरामद, चार तस्कर गिरफ्तार

चार तस्कर गिरफ्तार,12 किलो गांजा बरामद
जौनपुर। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के जलालपुर क्षेत्र से पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 12 किलोग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस अधीक्षक राजकरन नय्यर ने आज यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केराकत के पुलिस उपाधीक्षक जितेंद्र दुबे के नेतृत्व में जलालपुर थाना पुलिस और एसओजी की टीम ने सूचना मिलने पर शनिवार रात संयुक्त रुप से कार्रवाई करते कार सवार अंतरप्रांतीय तस्कर गिरोह के दो सदस्यों उड़ीसा निवासी तुषारकांत मुनि और गणेश राउत को गिरफ्तार कर तलाशी में कार से 12 किलोग्राम गांजा बरामद किया। उन्होंने बताया कि पकड़े गये तस्करों ने पूछताछ पर बताया कि लाइन बाजार क्षेत्र के परमानतपुर निवासी भाईलाल सोनकर और उसके भाई मिठाई लाल सोनकर गांजा सप्लाई करते हैं। और यह गांजा उन्हें देना था। उसके बाद पुलिस ने दोनों तस्कर भाईयों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

अपहरण के मामले में छह को आजीवन कारावास

अपहरण के मामले में छह अभियुक्तों को आजीवन कारावास
बलिया। उत्तर प्रदेश में बलिया जिले के अपर सत्र न्यायाध चंद्रभान सिंह ने दो बच्चों के अपहरण के 15 साल पुराने मुकदमे में छह अभियुक्तों को आजीवन कारावास एवं दस-दस हजार रुपए के अर्थदण्ड की सजा सुनाई। अभियोजन पक्ष के अनुसार रेवती निवासी कनक पाण्डेय ने सात मार्च 2005 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कि उसके दो चचेरे भाई रत्नेश व शुभम कोचिंग जा रहे थे। रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने उनका अपहरण कर लिया। पुलिस ने इस मामले में गोपालनगर से बच्चे को बरामद करते हुए मीर हसन व प्रदीप को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान पुलिस ने इस मामले में चार और आरोपियों गोपालनगर के असगर,रेवती के मुनीर व बिहार प्रांत के सिवान जिले के रघुनाथ पुर इलाके के नरहन निवासी सत्येंद्र और सरल को भी आरोपित करते हुए अदालत में सभी के विरुद्ध आरोपपत्र दाखिल किया था। इस मुकदमें की सुनवाई करते हुए शनिवार को विद्वान न्यायाधीश ने दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद सभी छह आरोपियों को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास के साथ-साथ दस-दस हजार रुपये का जुर्माना लगाया।

कुएं में मिला नवजात शिशु का शव, मचा हड़कंप

कुएं में मिला नवजात शिशु का शव, मचा हड़कंप  दुष्यंत टीकम  जशपुर/पत्थलगांव। जशपुर जिले के एक गांव में कुएं में नवजात शिशु का शव मिला है। इससे...