गुरुवार, 6 अगस्त 2020

सीएम निवास पर 22 कर्मी संक्रमित

कविता गर्ग


रांची। झारखंड में कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर 5 अगस्त का दिन चिंता बढ़ाने वाला था। बीते बुधवार को झारखंड में कोविड-19 के मरीजों के मिलने के सारे रिकॉर्ड टूट गए। एक ही दिन में सबसे ज्यादा 978 नए संक्रमित मरीजों की पहचान की गई। इनमें से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निवास के 22 स्टाफ भी शामिल हैं। नए मरीजों में गोड्डा में सबसे ज्यादा 339, रांची में 141, बोकारो में 71 और पूर्वी सिंहभूम में 72 पॉजिटिव केस शामिल हैं। इस आंकड़े ने राज्य सरकार की चिंता बढ़ा दी है।


झारखंड में कोरोना संक्रमितों की संख्या 15 हजार के पार पहुंच गयी है। 5 अगस्त को राज्य के 23 जिलों में 978 कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आये हैं। राज्य में अब कोरोना के एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 9086 तक पहुंच गई है। बीते 5 अगस्त तक की स्थिति में 584 कोरोना पॉजिटिव के ठीक होने के बाद कोरोना को परास्त करने वालों की संख्या बढ़कर 5826 हो गयी है।


7 संक्रमित की मौत


5 अगस्त को झारखण्ड में इलाज के दौरान 7 संक्रमित मरीजों की मौत हो गई। इसके साथ ही राज्य में कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 136 हो गयी है. पूर्वी सिंहभूम में 1, गिरिडीह में 1, खूंटी में 1, रांची में 3 और पश्चिमी सिंहभूम में 1 कोरोना मरीज की मौत इलाज के दौरान हो गयी।


किस जिले में मिले कितने पॉजिटिव


5 अगस्त को राज्य के बोकारो में 71, चतरा में 4, देवघर में 35, धनबाद में 6, दुमका में 26, पूर्वी सिंहभूम में 72, गढ़वा में 16, गिरिडीह में 7, गोड्डा में 339, गुमला में 12, हजारीबाग में 27, जामताड़ा में 4, खूंटी में 27, कोडरमा में 6, लातेहार में 14, लोहरदगा में 2, पाकुड़ में 33, पलामू में 51, रांची में 141, साहेबगंज में 25, सराईकेला में 9, सिमडेगा में 17 और पश्चिमी सिंहभूम में 34 नए पॉजिटिव मिले।


झारखंड में और तेज हुई कोरोना की रफ्तार


बीते बुधवार को भले ही 584 कोरोना पॉजिटिव के ठीक होने की खबर थोड़ी राहत वाली हो, लेकिन चिंताजनक स्थिति यह है कि कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़ती ही जा रही है। कोरोना के रिकॉर्ड 978 नए केस मिलने के साथ ही राज्य में कोरोना का ग्रोथ रेट 5.97% हो गया है। जबकि देश में यह 3.31% की रफ्तार से बढ़ रहा है। इसी तरह राज्य में कोरोना का डबलिंग जहां महज 11.95 दिन का है. वहीं देश का यह 21.44 दिन है। रिकवरी रेट में भी जहां देश मे 65.73% लोग ठीक हो रहे हैं तो झारखण्ड में यह महज 38.71% ही है।


भारत में कोरोना जांच की दर बहुत कम


हैदराबाद। विश्व स्वास्थ्य संगठन की प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. सौम्या स्वामीनाथन का कहना है कि भारत में कोरोना की टेस्टिंग की दर उन देशों की तुलना में कम है, जो इसे रोकने का सफल प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस को रोकने के लिए लॉकडाउन एक तात्कालिक उपाय था। मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, डॉ. सौम्या स्वामीनाथन ने कहा कि कोरोना वैक्सीन तैयार करने में अधिक समय लग सकता है क्योंकि अभी भी हम पूरी तरह से इस वायरस को नहीं समझ पाए हैं।


वह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हैदराबाद में आयोजित ‘द वैक्सीन रेसः बैलेंसिंग साइंस एंड अर्जेंसी’ नामक एक पैनल डिस्कशन को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि कोवैक्स का उद्देश्य 2021 के अंत तक कोरोना वैक्सीन की दो अरब डोज तैयार करना है। स्वामीनाथन ने कहा कि मौजूदा समय में कोरोना वायरस के 28 टीके क्लीनिकल ट्रायल के दौर में हैं। इनमें से पांच वैक्सीन के दूसरे चरण का परीक्षण चल रहा है।


इसके अलावा दुनियाभर में 150 से अधिक वैक्सीन क्लीनिकल परीक्षण से पहले के दौर में हैं। उन्होंने कहा कि भारत में जर्मनी, ताइवान, दक्षिण कोरिया, जापान जैसे देशों की तुलना में कोरोना की टेस्टिंग दर काफी कम है. यहां तक कि अमेरिका में भी बड़ी आबादी की कोरोना जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पर्याप्त संख्या में जांच किए बगैर वायरस से लड़ना आंख पर पट्टी बांधकर आग से लड़ने के समान है। स्वामीनाथन के मुताबिक, कोविड-19 की टेस्टिंग में अगर पॉजिटिव पाए जाने की दर पांच फीसदी से अधिक है तो पर्याप्त संख्या में जांच नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक समुदाय अब भी कोरोना वायरस के प्रति शरीर की प्रतिरोधक क्षमता का अध्ययन कर रहा है और अगले 12 महीने जन स्वास्थ्य एवं सामाजिक उपायों को ठीक करने में महत्वपूर्ण है।



डब्ल्यूएचओ की अधिकारी ने कहा, ‘हमें पता है कि लॉकडाउन अस्थाई उपाय है जो प्रसार को कम करता है क्योंकि यह लोगों को एक-दूसरे के नजदीक आने से रोकता है। स्वामीनाथन ने  वैक्सीन के परीक्षण के बारे में कहा कि डब्ल्यूएचओ ने इसके लिए दिशानिर्देश जारी किए हैं। अगर टीके के सटीक प्रभाव की दर 70 फीसदी रही तो इसे अच्छा माना जाएगा।


आइसीयू वार्ड में आग लगने से 8 की मौत

अहमदाबाद। अहमदाबाद में कोविड-19 के मरीजों के उपचार के लिए चिह्नित एक निजी अस्पताल के आईसीयू वार्ड में आग लगने से बृहस्पतिवार को आठ मरीजों की मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि अहमदाबाद में नवरंगपुर इलाके के श्रेय अस्पताल में बृहस्पतिवार तड़के आग लग गई।


उन्होंने बताया कि अस्पताल में कोविड-19 के करीब 40 अन्य मरीजों को बचा लिया गया और उन्हें शहर के एक अन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारी ने बताया कि आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है।             


चीन की घेराबंदी, हम मंदिर बना रहे हैं

हरिओम उपाध्याय


नई दिल्ली। पड़ोसी देश चीन के साथ हाल ही में हुए विवाद के बाद सीमा पर तनाव बढ़ा है। हालांकि युद्ध जैसी स्थिति बनने के बाद अब मामले में थोड़ी सी नरमी देखी गई है और कुछ दिनों से शांति की खबर आ रही है मगर पड़ोसी देश की अपनी सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर रहा है। तमाम सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़क निर्माण करने के बाद चीन हिमाचल से जुड़े सीमा क्षेत्र में सड़क का निर्माण कर रहा है/ इस बात का दावा करते हुए कॉलमकार सौमित्र रॉय लिखते हैं-अरुणाचल, सिक्किम, लद्दाख के बाद अब चीन हिमाचल प्रदेश से लगी सीमा में भी सड़क बना रहा है। हिमाचल की चीन के साथ 240 किमी की सरहद है। किन्नौर के 36 और लाहुल-स्पिति के 12 गांव सरहद पर हैं। किन्नौर का खूबसूरत कस्बा पूह उनमें से एक है।


चीन की गुस्ताखी के बाद राज्य की बीजेपी सरकार को अब ऊंचे पहाड़ों में सड़क बनाने की याद आई है। राज्य के डीजीपी ने रक्षा मंत्रालय और NSA के सामने प्रेजेंटेशन दिया है। बिलासपुर-लेह के बीच 465 किलोमीटर की रेल परियोजना का काम अभी नक्शे तक सीमित है। सड़क से यह लगभग 2 दिन का रास्ता है। चीन ने 1100 किमी का चिंगहई-तिब्बत रेलमार्ग बना लिया है। हिमाचल की आधी सड़कें हर साल बारिश में बह जाती हैं। भारत को बुलेट ट्रेन की नहीं, रेल संपर्क की ज़रूरत है। चीन यह याद दिला रहा है। बहरहाल, चीन इस बार दूरगामी सोच के साथ काम कर रहा है। हम मंदिर बना रहे हैं।               


संविधान व लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा

लखनऊ। जब राम मंदिर/बाबरी मस्जिद विवाद पर माननीय उच्चतम न्यायालय ने एक फैसला दे दिया तो उस से सहमत/असहमत होते हुए भी लोकतान्त्रिक नागरिक समाज ने इच्छा व्यक्त की थी कि चलिए एक विवाद हल हुआ और अब सत्ता प्रतिष्ठान द्वारा फिलहाल धर्म और राजनीति को मिलाने की कोशिश न करके लोगों के सवालों के समाधान के लिए राजनीति होगी और लोगों की धार्मिक भावनाओं का उपयोग निजी दल और राजनीतिक फायदे के लिए नहीं होगा।


दुर्भाग्यवश 5 अगस्त, 2020 के दिन को देश को यह सन्देश देने के लिए चुना गया कि भारतीय जनता पार्टी आरएसएस की नीति और दर्शन के अनुसार संविधान की धारा 370 को हटाने और अयोध्या में राम मंदिर बनाने में सफल हुयी है और यह संघ के दर्शन और नीति की जीत है। उसके लिए 5 अगस्त एक ऐतिहासिक दिन है। जबकि सच्चाई यह है कि जम्मू-कश्मीर की समस्या और भी जटिल हो गयी है और पूरा कश्मीर धीरे-धीरे एक जेलखाने में तब्दील होता जा रहा है। न वहां विकास हुआ है और न ही शांति या स्थिरता आयी। जम्मू-कश्मीर के बारे में मोदी सरकार की जो दुस्साहसिक नीति थी उसने पाकिस्तान में भी यह साहस पैदा कर दिया है कि वह जूनागढ़ से लेकर जम्मू-कश्मीर तक को अपने नए राजनीतिक नक़्शे में पाकिस्तान का हिस्सा कहने का अनर्गल प्रलाप कर रहा है जबकि भारत और चीन के बीच सीमा विवाद और गहरा हो गया है। अमेरिका कोई भारत के पक्ष में खड़ा होता दिखाई नहीं दे रहा है बल्कि भारत और चीन के बीच मध्यस्तता की बात करता दिखाई दे रहा है।


देश गहरे आर्थिक संकट, बेरोज़गारी और भुखमरी के दौर से गुज़र रहा है और अंधी गली में फंस गया है। उत्तर प्रदेश में पुलिस राज चल रहा है और माननीय सुप्रीम कोर्ट के आदेशों तक का अनुपालन नहीं हो रहा है। कोविड के मरीज़ गहरे संकट का सामना कर रहे हैं। मोदी सरकार ने संविधान और लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा पैदा कर दिया है। अब तो देश की संप्रभुता तक खतरे में है।


मुंबईः भारी बारिश के कारण समस्याएँ बढ़ी

मुंबई। मुंबई में मूसलाधारा बारिश और तेज हवाओं ने मुंबई की रफ्तार रोक, मायानगरी वालों को पूरी तरह से परेशान कर दिया है। बुधवार को 12 घंटे की बारिश से मुंबई के सबी इलाके जलमग्न हो गए , पेड़ गिर गए, रेल सेवा ठप हो गई, हाईवे बंद हो गए, सड़कें डूब गईं और घरों में पानी घुस गया। मुंबई की इस बारिश ने लोगों का एक बार फिर से जीना मुहाल कर दिया है। मुंबई में आज भी बारिश की चेतावनी दी गई है और रेड अलर्ट जारी किया गया है।


मुंबई में बुधवार को लगातार हुई बारिश के कहर का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दक्षिण मुंबई के कोलाबा मौसम स्टेशन ने महज 12 घंटे में (सुबह 8.30 से रात 8.30 बजे तक) 293.8 मिमी बारिश दर्ज की है। दक्षिण मुंबई के लोगों ने 46 साल बाद अगस्त के महीने में ऐसी बारिश देखी है। साल 1974 के बाद (जब से मौसम विभाग ने रिकॉर्ड रखना शुरू किया) अगस्त महीने में 24 घंटे में यह अब तक की सबसे भीषण बारिश है। यह जानकारी मौसम विभाग ने दी है। इससे पहले 1998 में 10 अगस्त को 24 घंटे में सबसे अधिक 261.9 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। वहीं, कोलाबा क्षेत्र में हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रतिघंटे से लेकर 80 किलोमीटर प्रति घंटे थी, मगर शाम में करीब पांच से साढ़े पांच बजे यह रफ्तार 107 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। यहां ध्यान देने वाली बात है कि हवा की यह स्पीड साइक्लोन से भी अधिक थी क्योंकि निसर्ग साइक्लोन के वक्त हवा की रफ्तार 92 किलोमीटर प्रति घंटे दर्द की गई थी।


मुंबई में बारिश के दिनों में हवा की सामान्य रफ्तार 10 से 15 किलोमीटर प्रतिघंटे होती है। वहीं तेज बारिश के दौरान इसकी स्पीड 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे हो जाती है। शहर में अब तक 1 जून से 5 अगस्त (8.30 बजे) के बीच 2066 मिमी के मौसमी औसत के मुकाबले 2,366 मिमी बारिश हुई है। सांताक्रूज़ मौसम केंद्र ने अपने मौसमी औसत 2260.4 मिमी की तुलना में इसी अवधि के दौरान 2,356.9 मिमी बारिश दर्ज की है। बुधवार को शाम 8.30 बजे तक पिछले 59 घंटों में शहर में 456 मिमी बारिश हुई है। मुंबई बारिश में जहां-तहां लोग फंस गए हैं, जिन्हें सुरक्षित निकालने के लिए एनडीआरएफ की मदद ली जा रही है। दो लोकल ट्रेन में फंसे करीब 290 यात्रियों को एनडीआरएफ की टीम ने कल सुरक्षित निकाला। इसके अलावा, मुंबई, ठाणे और पालघर के इलाकों में आज भी तेज बारिश की आशंका जताई गई है।      मनोज सिंह ठाकुर


इलाज में कितना नियम अनुपालनः एचसी

नैनीताल। हाईकोर्ट ने बदहाल क्वारंटाइन सेंटर और कोरोना अस्पतालों की बदहाली व्यवस्था पर दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए राज्य सरकार से पूछा है कि कोविड मरीजो के इलाज में डब्ल्यू. एच .ओ . द्वारा जारी मानकों का कितना अनुपालन किया जा रहा है। सरकार उसकी विस्तृत रिपोर्ट 17 सितंबर तक कोर्ट में शपथपत्र के माध्यम से पेश करे।
हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायधीश रवि कुमार मलिमथ व न्यायमुर्ति एनएस धनिक की खण्डपीठ में अधिवक्ता दुष्यंत मैनाली की जनहित याचिका पर गुरुवार को सुनवाई हुई। जिसमें कहा है कि राज्य सरकार ने प्रदेश के 6 अस्पतालों को कोविड-19 के रूप में स्थापित किया है। लेकिन इन अस्पतालों में कोई भी आधारभूत सुविधा नहीं है। जिसके बाद देहरादून निवासी सच्चिदानंद डबराल ने भी उत्तराखंड वापस लौट रहे प्रवासियों की मदद और उनके लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने को लेकर हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की थी। बदहाल क्वारंटाइन सेंटरों के मामले में जिला विधिक प्राधिकरण के सचिव ने अपनी विस्तृत रिपोर्ट कोर्ट में पेश कर माना कि उत्तराखंड के सभी क्वारंटाइन सेंटर बदहाल स्थिति में हैं और सरकार की ओर से वहां पर प्रवासियों के लिए कोई उचित व्यवस्था नहीं की गई है। न ही ग्राम प्रधानों के पास कोई फंड उपलब्ध है। पूर्व में हाईकोर्ट ने सरकार और स्वास्थ्य सचिव को जवाब पेश करने का आदेश दिया था। इस आदेश के तहत जिला विधिक प्राधिकरण की रिपोर्ट के आधार पर क्वारंटाइन सेंटरों की कमियों को 14 दिन के अंदर दूर कर विस्तृत रिपोर्ट कोर्ट में पेश करने को कहा था।           


जनपद अलीगढ़ में कोरोना का कहर जारी

अलीगढ। जिले में कोरोना का कहर जारी है। पीएसी के 15 जवान सहित 79 लोग इसकी चपेट में आए हैं। चंदनिया के 12, जवाहरनगर के 7 और नगला तिकोना के 6 लोग संक्रमितों में शामिल हैं। संक्रमित 79 मरीजों में 24 महिला एवं 55 पुरुष हैं। जनपद में अब तक संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 1780 तक पहुंच गई है। जेएन मेडिकल कॉलेज, प्राइवेट लैब एवं एंटीजन टेस्ट की रिपोर्ट में बुधवार को 79 लोग संक्रमित पाए गए हैं। पीएसी 38 वीं वाहिनी में कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। आज भी 15 जवान चपेट में आए हैं। चंदनिया के 15 लोग कोरोना से संक्रमित हुए हैं, जिसमें से 5 एक ही परिवार के हैं। जवाहरनगर के 7, नगला तिकोना के 6, रामबाग कॉलोनी और धनीपुर के 5-5 लोग संक्रमित हुए हैं। इसके अतिरिक्त शक्तिनगर के 3, बेगमबाग और डोरी नगर के 2-2 लोग संक्रमितों में शामिल हैं। सराय हकीम, मंगलसिंह, भमोला, कावेरी वाटिका, जलाली शेखा, अवंतिका फेज-1, रॉयल होम्स तालानगरी, इगलास, नौरंगाबाद, रेलवे कॉलोनी, इंदिरा नगर, क्वार्सी, बैंक कॉलोनी, बेना टप्पल, नीलकंठ कॉलोनी, सर सैयद नगर, रामनगर के एक-एक लोग चपेट में आए हैं। जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि संक्रमित लोगों को कोविड-19 हॉस्पिटल में भर्ती कराने एवं उनके परिजनों क्वारंटीन किया जा रहा है। घरों के आसपास के एरिया को सील कर सैनिटाइज किया जाएगा।         


राष्ट्रपति पीएम को भेजी गोबर की राखी

पालूराम


नई दिल्ली। देश की अवाम की छाती पर बैठकर घोटाले हो रहे हैं, लेकिन हम कुछ नहीं कर सकते, क्योंकि निज़ाम बेरहम है।


क्रोनोलॉजी को समझिये-


24 मार्च 2020 को मोदी सरकार देश में वेन्टीलेटर्स के निर्यात पर पाबंदी लगाती है।


31 मार्च 2020 को सरकार दो कंपनियों को 40 हज़ार वेन्टीलेटर्स का आर्डर देती है। एक कंपनी को बायोकॉन की किरण मजूमदार शॉ और इंफोसिस की सुधा मूर्ती का सपोर्ट है। 23 जून 2020 को PM केयर्स से 50 हजार वेन्टीलेटर्स के लिए 2000 करोड़ जारी होते हैं। इसमें से 40 हज़ार वेन्टीलेटर्स का आर्डर पुराना है। लेकिन बिक चुकी गोदी मीडिया मोदी की दरियादिली के आगे बिछ जाती है।


यानी मोदी ने सिर्फ 10 हज़ार वेन्टीलेटर्स का आदेश दिया? पत्रकार और एक्टिविस्ट साकेत गोखले कहते हैं कि सरकार ने 1.5-2 लाख प्रति वेन्टीलेटर्स के हिसाब से खरीदी का आदेश दिया था।लेकिन जून में मोदी ने अपने फण्ड (अभी तक यही सही है) से 4 लाख प्रति वेंटीलेटर के हिसाब से आर्डर दिया। 23 जून 2020 को ही पीएम केयर्स कहती है कि 2923 वेंटीलेटर बने लेकिन राज्यों को मिले 1340 ही। हालांकि एक कंपनी 16 जून को दावा करती है कि उसने 4000 वेन्टीलेटर्स तो 15 जून को ही बना लिए थे। 24 जून को इंडियन एक्सप्रेस कहता है कि सिर्फ 6% वेन्टीलेटर्स ही बने हैं। और फिर 1 अगस्त 2020 को मोदी सरकार वेन्टीलेटर्स के निर्यात की अनुमति देती है। सरकार और PM केयर्स से जितने वेन्टीलेटर्स का आर्डर दिया गया वे ट्यूब के बिना ऑक्सीजन सप्लाई नहीं कर सकते और यह जोखिम भरा है। शायद सरकार इन्हीं खतरनाक वेन्टीलेटर्स का निर्यात करेगी। जिसे कमाना था, वह करोड़ों कमा चुका है। यही इस देश की खोखली आत्मनिर्भरता है। दुनिया हम पर हंस रही है।


राम मंदिर का शिलान्यास होगा। अखबारों और मीडिया को प्रचार के लिए करोड़ों रुपये दिए गए हैं। मोदी सरकार के लिए मंदिर ज़रूरी है, मरते लोगों के लिए ऑक्सीजन नहीं।हमारा आत्मगौरव अगर मंदिर बनाने से बढ़ता है तो इसे आपदा में अवसर मानने में कोई हर्ज भी नहीं। सरकार ने रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लिए मसौदा बनाया है। क्या नया होगा? इसी तरह वे कंपनियां हथियार बनाएंगी, जिसने दीवाली के पटाखे भी नहीं बनाए। इस बार चीन को मात देने के लिए गोबर की राखियां बनाकर पीएम और राष्ट्रपति को भेजी गई हैं। पता नहीं उन्होंने पहना या नहीं। पहनना चाहिए। आत्मनिर्भरता का अहसास होगा।देश भर में शिक्षा, तकनीकी शोध और नवाचार का दिवाला निकल चुका है। गाय-गोबर से आगे देश सोच नहीं पा रहा है। जहां झूठ ही चल रहा हो, वहां ओरिजिनल की उम्मीद बेकार है। क्योंकि हम सकारात्मक होना पसंद करते हैं। हम छिपाना पसंद करते हैं। हम कोरोना से स्वस्थ लोगों को देखकर खुश होते हैं। भारत रोजाने के सक्रिय कोरोना मामलों में शीर्ष पर है। यानी दुनिया को कोरोना बांटने में नंबर 1, लेकिन हमें शर्म नहीं आएगी। तभी तो सरकार कहती है कि लोग मर नहीं रहे, इसलिए वेन्टीलेटर्स का निर्यात करो। ग़लती निज़ाम की नहीं, हमारी मूर्खता और झूठे आत्मगौरव की है।         


पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मिलें पॉजिटिव

शाहजहांपुर। कोराना संक्रमण ने शहर से लेकर गांव तक अपने पैर पसार दिए है। कोरोना संक्रमण का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। आम आदमी से लेकर बड़े लोग भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। गुरुवार को पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष कोरोना पाॅजिटिव पाए गए हैं?। सिंधौली सीएचसी पर एक एएनएम सहित तीन लोग पाॅजिटिव निकले है।


बुधवार सुबह को भाजपा के वरिष्ठ नेता की कोरोना रिपोर्ट पाॅजिटिव आई। भाजपा नेता से लेकर कार्यकर्ता सकते में है। क्योकि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष का इस दौरान पार्टी कार्यकार्ताओं से मिलना जुलना बना रहा। बुधवार को ही शहर के एक कार्यक्रम में वह शामिल हुए थे। वहीं, उनके परिवार के सदस्यों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जो राहत देने वाली खबर है। सिंधौली सीएचसी पर एक एएनएम की रिपोर्ट पाॅजिटिव निकली है। महानंदपुर के एक व्यक्ति की रिपोर्ट भी पाजिटिव आई है। निगोही के कटैया उसमानपुर का 50 वर्षीय मजदूर कोरोना संक्रमित मिला है। बताया जा रहा है कि संक्रमित व्यक्ति कुछ दिन पहले बाहर से मजदूरी कर घर आया था।           


रायपुर अनलॉक, जिला प्रशासन की बैठक

रायपुर। राजधानी रायपुर शुक्रवार से अनलॉक हो रहा है। रायपुर जिला प्रशासन ने व्यापारियों के साथ बैठक की। इसके बाद दुकानों व होटल-रेस्टोरेंट को खोलने को लेकर दिशा-निर्देश जारी कर दिया है। जारी हुई नई नियम में सप्ताह से सिर्फ 6 दिन ही दुकानें अब खुलेगी। रविवार को सभी तरह की दुकानें बंद रहेगी।


व्यापारी संगठनों ने इस बाबत अपनी सहमति दे दी है। आज कलेक्टर एस भारतीदासन और एसएसपी अजय यादव के साथ व्यापारी संगठनों की एक घंटे की बैठक हुई। जिला प्रशासन की तरफ से 5 अलग-अलग पालियों में दुकान संचालन का निर्णय लिया है। सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक किराना दुकानें खोली जाएगी। किराना स्टोर्स और प्रोविजन स्टोर्स भी खुलेंगे। वहीं सुबह 6 बजे से 12 बजे तक फल, सब्जी और दूध की दुकानों को खोलने की इजाजत दी जाएगी। होटल और रेस्टोरेंट भी खोले जाएगे। कलेक्टर एस भारतीदासन के मुताबिक सुबह 10 बजे से शाम से 9 बजे तक होटल व रेस्टोरेंट खोले जाएगे। रात 10 बजे तक इन होटलों से होम डिलेवरी की सुविधा लोगों को रहेगी। वहीं सुबह 11 बजे से अन्य दुकानें संचालित की जाएगी। कपड़ा, जूता चप्पल, कपड़ा, हार्डवेयर, बर्तन सहित अन्य दुकानें खोली जाएगी। ये दुकानें शाम 7 बजे तक खोली जाएगी। वहीं ठेले पर खाद्य सामिग्री बेचने वालों को दो पाली में दुकान लगाने की इजाजत होगी। सुबह 6 बजे से 9 बजे तक ठेले लगाए जाएगे, वहीं शाम में 5 बजे से 8 बजे तक ठेले पर खाद्य सामिग्री बेचने की इजाजत दी जाएगी।        



अयोध्या राम-मंदिर 'विचार'

 इस मौके पर पहले यह बताना ज़रूरी है कि अब तक इस मामले में पहले क्या कुछ महत्वपूर्ण हुआ जिसके परिणाम स्वरूप अब राम मंदिर बन रहा है। राम मंदिर निर्माण की पहली नींव सन् 1949 में रखी गई जब पंडित जवाहरलाल नेहरू प्रधानमंत्री थे और पंडित गोविंद वल्लभ पंत उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री थे तब 22-23 दिसंबर 1949 में प्रतिमा को गर्भ गृह में पंहुचाया गया था। इसके बाद सन् 1986 आता है जब डिस्ट्रिक्ट कोर्ट फैजाबाद ने मंदिर का ताला खोलने की अनुमति दी, तब राजीव गांधी प्रधानमंत्री थे और वीरबहादुर सिंह उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री थे….. उसी दिन कोर्ट के आदेश के बाद महज 40 मिनिट में यह ताला खुला था। फिर 1989 आता है , तब भी राजीव गांधी ही प्रधानमंत्री थे। उस समय पहली बार यहां शिलान्यास हुआ था …… तब राज्य के मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी हुआ करते थे ….. जो लोग तब की राजनीति के बारें में जानते हैं उन्हे यह अच्छे से मालूम है कि मंदिर का ताला खुलवाने से लेकर शिलान्यास करवाने तक राजीव गांधी ने व्यक्तिगत् दिलचस्पी लेकर काम करवाया था। ….. और तो और राजीव गांधी ने 1989 में अपने चुनावी कार्यक्रम की शुरूआत ही अयोध्या (तब फैजाबाद जिला) से की थी , और यहीं उन्होंने राम राज्य का नारा दिया था। हालांकि तत्कालीन मुख्यमंत्री एनडी तिवारी इस कार्यक्रम के पक्ष में नहीं थे। तब राजीव गांधी ने तत्कालीन गृह मंत्री बूटा सिंह को उत्तरप्रदेश भेजा ताकि वह इस पर आम राय बना सकें। फिर सबने संतो के साथ मिलकर 9 नवम्बर का महूर्त निकाला ….. जिसमें भूमि पूजन स्वंय स्वामि बामदेव ने किया था , वास्तुपूजा पंडित महादेव भट्ट और अयोध्या प्रसाद ने करवाई थी और खुदाई की शुरूआत स्वंय महंत अवैध्यनाथ ने की थी और पहली शिला एक दलित युवा कामेश्वर चौपाल के हाथों से रखवाई गई थी ताकि समाज में समरस्ता का संदेश प्रसारित हो। बाद में बाबरी मस्जिद संघर्ष समिति ने इसका विरोध किया , मार्च निकाला और गिरफ्तारियां दी। गांधी परिवार के कट्टर आलोचक रहे बीजेपी नेता सुब्रमण्यम् स्वामि भी कहतें हैं कि राजीव गांधी यदि दोबारा प्रधानमंत्री बनते तो राम मंदिर बन चुका होता। लेकिन ऐसा हुआ नहीं कांग्रेस चुनाव हार गई फिर 1991 में राजीव गांधी की हत्या हो गई और राम मंदिर निर्माण अधूरा रह गया।
          अयोध्या में शिलान्यास कार्यक्रम के पश्चात् विश्व हिंदु परिषद् और बीजेपी, इस मामले पर ज़बरदस्त तरीके से सक्रिय हुई और मामले को राजनैतिक रंग दे दिया, राम के नाम पर वोट मांगे गए और उत्तरप्रदेश में कल्याण सिंह के नेतृत्व में सरकार बनाई गई। फिर 1996, 1998, 1999 में बीजेपी नीत NDA की सरकारें बनीं। इस दौरान लालकृष्ण आडवाणी , मुरलीमनोहर जोशी , उमा भारती , विनय कटियार आदि राममंदिर आंदोलन के प्रमुख नेता हुआ करते थे। लेकिन मामला कोर्ट में जाने के कारण किसी निष्कर्ष पर नहीं पंहुचा। साल दर साल बीतते गए और अंतः अब कहीं जाकर सुप्रीम कोर्ट ने मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया है।
          इस ऐतिहासिक घटनाक्रम को बताने का उद्देश्य केवल इतना ही था कि आप जान सकें कि मंदिर निर्माण के लिए यदि किन्ही राजनेताओं का नाम लिया जाए तो वह कौन कौन थे और 1949 से लेकर 2020 तक मोदी जी का इस पूरे घटनाक्रम में कोई रोल नहीं था …… इतिहास बताता है कि मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त करने वाले पहले नायक जवाहरलाल नेहरू थे जिन्होंने मूर्ति रखवाई , दूसरे राजीव गांधी जिन्होंने ताले खुलवाए और शिलान्यास करवाया और तीसरे लालकृष्ण आडवाणी और राम मंदिर आंदोलन से जुड़े वह नेता जिन्होंने इस मामले को जिंदा रखा।
           हर घटना और हर परिस्थिति की अपनी गति अपना Momentum होता है , और वह स्वंय में परिवर्तनशील होती है , घटना की गतिशीलता और परिवर्तनशीलता का सिद्धांत कृष्ण ने अर्जुन को श्रीमद्भाग्वत् गीता में विस्तार से समझाया है और व्यक्ति को निमित्त मात्र परिभाषित किया है। यह पूरा मामला भी अपनी गति से चला और परिवर्तनशीलता से सिद्धांत पर कोर्ट के द्वारा निष्कर्ष पर पंहुचा है। इस मामले में नरेंद्र मोदी तो केवल और केवल उद्धाटनकर्ता हैं। क्योंकि पूरे घटनाक्रम में तो उनका कोई योगदान था नहीं इसलिए केवल और केवल हल्ला मचाकर इस पूरे काम का श्रेय वह अपने सर लेना चाहते हैं और उनका पालतू मीडिया इस मामले में उनका सहयोग कर रहा है। हालत यह है कि देश का नेशनल नेटवर्क 4 और 5 अगस्त को अयोध्या में होने वाले पूरे कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण करेगा। सवाल यह है कि यदि कोर्ट का फैंसला मस्जिद के पक्ष में आता तो भी क्या आज इतना ही बड़ा आयोजन हो रहा होता और प्रधानमंत्री उस कार्यक्रम में हिस्सा लेते तथा देश का नेशनल टेलीवीजन नेटवर्क उसका सीधा प्रसारण कर रहा होता ? जवाब हम सभी जानतें हैं।
         इस पूरे आयोजन को देखकर यह साफ कहा जा सकता है कि मोदी जी प्रभु श्री राम का उपयोग अपना व्यक्तिगत् कद बढ़ाने के लिए कर रहें हैं। आयोजन का प्रचार पूरी तरह मोदी केंद्रित हैं टीवी पर प्रभु श्रीराम का जिक्र नहीं हैं लेकिन मोदी जी का नाम धर्म एवं राष्ट्र रक्षक के रूप में प्रचारित हो रहा है, मानों लंका जाकर रावण वध उन्होंने ही किया हो। नरेंद्र मोदी के पोस्टर प्रभु श्रीराम से बड़े लग रहें हैं और प्रभु श्रीराम तो कहीं नेपथ्य में जा चुके हैं। प्रचार को देखकर तो ऐसा लगता है कि मानो राम मंदिर नहीं “मोदी” मंदिर बन रहा है। मोदी जी के व्यक्तिवादी रवैये की पराकाष्ठा यह है कि मंदिर निर्माण के वास्तविक नायकों को श्रेय देना तो दूर  आज उनकी कोई पूछपरख भी नहीं की जा रही है, नेहरू जी और राजीव जी तो जीवित नहीं हैं लेकिन आडवाणी जी और राम मंदिर आंदोलन के बाकी सदस्य तो जीवित है आज उन्हें क्यों नहीं पूछा जा रहा है। क्या वह लोग केवल विवादित ढांचा गिराए जाने के मामले में कोर्ट केस भुगतने के लिए हैं और इस सागर मंथन से निकले अमृत को पीने का अधिकार केवल मोदी जी का है।    हरिओम उपाध्याय       


कश्मीर के राज्यपाल ने दिया इस्तीफा

नई दिल्ली। कश्मीर घाटी से धारा 370 हटने के एक साल पूरे होने के मौके पर कश्मीर के उप राज्यपाल गिरीश चंद्र मुर्मू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे को लेकर तरह तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल गिरीश चंद्र मुर्मू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने लगभग नौ महीने तक राज्य के उप राज्यपाल का पद संभाला। मुर्मू का इस्तीफा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मंजूर कर लिया है। जानकारी के मुताबिक वह अब भारत के नए नियंत्रक व महालेखा परीक्षक (सीएजी) होंगे।

उधर, पुख्ता सूत्रों के मुताबिक अब जम्मू कश्मीर के नए उपराज्यपाल राजीव महर्षि हो सकते हैं। महर्षि केंद्रीय गृह सचिव रह चुके हैं। उन्हें जम्मू-कश्मीर की राजनीतिक, सामाजिक तथा सुरक्षा संबंधी हालात की बेहतर जानकारी है। इस वजह से उन्हें इस पद की जिम्मेदारी सौंपे जाने की चर्चा है। बुधवार को महर्षि ने राष्ट्रपति से भी मुलाकात की है। वे प्रधानमंत्री के बेहद करीबी बताए जाते हैं।              

चीन से जुड़े 25,00 यूट्यूब चैनल डिलीट

नई दिल्ली। गूगल ने चीन से जुुड़े करीब 2,500 से ज्यादा यूट्यूब चैनल डिलीट कर दिए हैं। टेक दिग्गज का कहना है कि इन चैनल्स को भ्रामक जानकारी फैलाने के चलते विडिय शेयरिंग प्लैटफॉर्म से हटाया गया है। एल्फाबेट के मालिकाना हक वाली कंपनी गूगल ने बताया कि यूट्यूब चैनल को अप्रैल और जून के बीच यूट्यूब से हटाया गया। ऐसा चीन से जुड़े इन्फ्लुएंस ऑपरेशंस के लिए चल रही हमारी जांच के तहत किया गया।        


बीच रास्ते पति-पत्नी का विवाद, आत्महत्या

आदर्श श्रीवास्तव


शाहजहांपुर(निगोही)। पत्नी को साथ लेकर ससुराल से वापस लौट रहे युवक ने रास्ते में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। सूचना पर पहुंची निगोही पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।


तिलहर थाना क्षेत्र के ग्राम बिहारीपुर मुड़िया निवासी नीरज(22) पुत्र जगन्नाथ की शादी इसी वर्ष 9 जून को बिलसंडा थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर अमृत निवासी सीमा देवी से हुई थी। 3 अगस्त को नीरज अपनी पत्नी के साथ रक्षाबंधन मनाने अपनी ससुराल गया था। बुद्धवार को दोनो पति पत्नी बाइक से वापस लौट रहे थे। बताते हैं कि रास्ते में सीमा और नीरज के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसी बात से नाराज नीरज ने निगोही क्षेत्र के गांव धीरट के पास एक आम के बाग में बाइक को रोक दिया।


उसने बाइक से दिग्गी से अपनी पत्नी की साड़ी निकाली और उसे लेकर पेड़ पर चढ़ गया। उसने उसी साड़ी का फंदा अपने गले डालकर पेड़ स्व झूल गया। उसकी पत्नी नीचे खड़ी चीख पुकार करती रही। इसी बीच गांव के लोग आ गए। ग्रामीणों ने जब तक उसे नीचे उतारा उसकी मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों की घटना की जानकारी पुलिस को दो। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पीएम को भेज दिया।        


फ्यूचरब्रांड बना दुनिया का सबसे बड़ा ब्रांड

नई दिल्ली। मशहूर उद्योगपति मुकेश अंबानी के स्वामित्व वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज ‘फ्यूचरब्रांड इंडेक्स 2020’ में एप्पल के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा ब्रांड बन गई है। रिलायंस इंडस्ट्रीज रिफाइनरी, रिटेल और दूरसंचार क्षेत्र में काम करने वाली जानी मानी कंपनी है। ब्रांड कंसल्टिंग और मैनेजमेंट कंपनी फ्यूचरब्रांड ने 2020 की सूची को जारी करते हुए कहा कि, ‘बेहतर ब्रांड के हर पैमाने पर रिलायंस इंडस्ट्रीज खरी उतरी है।’ रिपोर्ट में रिलायंस के बारे में कहा गया है कि यह भारत की सबसे अधिक लाभ कमाने वाली कंपनियों में से एक हैं। कंपनी की मजबूत साख है और कंपनी ‘इनोवेटिव प्रोडक्ट’, ‘ग्राहकों को बेहतर अनुभव’ और ‘ग्रोथ’ से जुड़ी है। लोगों का कंपनी के साथ एक मजबूत और भावनात्मक रिश्ता है। गौरतलब है कि फ्यूचरब्रांड पिछले छह साल से यह इंडेक्स जारी करती है। इसमें टाप रैंक पाना ज्यादातर कंपनियों का सपना होता है। फ्यूचरब्रांड ने कहा कि रिलायंस की सफलता का पूरा श्रेय मुकेश अंबानी को दिया जाना चाहिए। उन्होंने कंपनी को भारतीयों के लिए एक ‘वन स्टॉप शाप’ के तौर पर नयी पहचान दी है। इस सूची में एप्पल टॉप पर कायम है जबकि सैमसंग तीसरे स्थान, एनवीडिया चौथे, मोताई पांचवे, नाइकी छठे, माइक्रोसॉफ्ट सातवें, एएसएमएल आठवें, पेपाल नवें और नेटफ्लिक्स दसवें स्थान पर काबिज हैंं।          


48 घंटे में दो भाजपा नेताओं की हत्या

मनोज सिंह ठाकुर


श्रीनगर। जम्मू कश्मीर में बौखलाए आतंकवादी अब राजनीतिक दलों के नेताओं और गांव के सरपंचों को निशाना बना रहे हैं। पिछले 48 घंटे में जम्मू जम्मू-कश्मीर में भाजपा नेताओं को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। अब कुलगाम जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सरपंच सज्जाद अहमद की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। घर के बाहर ही सरपंच पर जानलेवा हमला किया गया था। इस दौरान आतंकियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग की जिसमें सरपंच खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


इससे पहले जुलाई महीने में भाजपा के बांदीपोरा जिलाध्यक्ष और उनके दो परिजनों की हत्या कर दी गई थी। वहीं इस घटना के एक माह पूर्व आठ जून को अनंतनाग में कांग्रेस नेता और सरपंच अजय पंडिता की हत्या कर दी गई थी। घाटी में जम्हूरियत की मजबूती में जुटे नेताओं, कार्यकर्ताओं से लेकर पंचायती नुमाइंदों पर पहले भी आतंकी हमले होते रहे हैं।
बता दें कि इस घटना से 48 घंटे पहले भी आतंकियों ने जम्मू-कश्मीर में एक सरपंच की हत्या कर दी थी। 4 अगस्त की शाम को काजीगुंड अफरान में आतंकवादियों ने बीजेपी पंच आरिफ अहमद को निशाना बनाया था। इससे पहले 8 जून को अनंतनाग जिले में आतंकवादियों ने एक कश्मीरी पंडित की गोली मारकर हत्या की थी। हालांकि बाद में सुरक्षाबलों ने ऑपरेशन चलाकर सरपंच के हत्यारों को ढेर कर दिया था।


बताते चलें कि जम्हूरियत की मजबूती से आतंकी संगठनों में बौखलाहट है। इसे के चलते आतंकी संगठन घाटी का माहौल खराब करने और लोगों में भय उत्पन्न करने के लिए लगातार साजिश रच रहे हैं। आतंकी तंजीमों के शीर्ष कमांडरों के सफाए और लगातार ध्वस्त हो रहे नेटवर्क से बौखलाए आतंकी नेताओं की हत्याओं करने पर आमादा हो गए हैं। कश्मीर घाटी में आतंकवाद के शुरुआती दिनों से लेकर हाल के वर्षों तक ज्यादातर सियासी हत्याएं चुनावी वर्ष में हुई हैं लेकिन आतंकी वारदातों का ऐसा सिलसिला अब बिना चुनाव के भी तेज हो गया है।           


अयोध्या में दो गुट आपस में भिड़े, 14 घायल

अयोध्या। बुधवार को पीएम मोदी ने राम मंदिर की आधारशिला रखी। इसके साथ ही रामनगरी में भव्य राम मंदिर का निर्माण कार्य शुरू हो गया। अयोध्या में भूमि पूजन के बाद से ही देशभर में खुशी की लहर दौड़ गई। इस खास मौके पर सभी ने दीप जलाकर अपनी-अपनी खुशी का इज़हार किया।इस दौरान कई लोगों ने आतिशबाजी की तो कुछ ने बाइक रैलियां निकालते हुए जय श्री राम के नारे लगाए। असम में भी एक ऐसी ही बाइक रैली के दौरान दो गुट आपस में भिड़ गए।यह घटना असम के सोनितपुर जिले में तेलियागांव इलाके हुई।


घटना में 14 लोग हुए घायल


जानकारी के मुताबिक, इस घटना में 14 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि कई वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया गया। घटना के बाद जिला प्रशासन ने दो थाना क्षेत्रों थेलामारा और ढेकिआजुली में कर्फ्यू लगा दिया है। सोनितपुर के जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने इलाके में कर्फ्यू लगाते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था की गंभीर स्थिति को देखते हुए ये आदेश दिया गया है।


कुछ समूह प्रोटेस्ट के नाम पर हिंसा करने का प्रयास कर रहे थे- जिलाधिकारी


जिलाधिकारी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि कुछ समूह प्रोटेस्ट के नाम पर हिंसा करने का प्रयास कर रहे थे। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बाइक रैली के दौरान नारों को लेकर दो गुटों में विवाद हो गया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कई राउंड फायरिंग के बाद स्थिति पर काबू पाया। इस घटना को लेकर इलाके में तनाव बना हुआ है।         


16 अगस्त से शुरू होगी वैष्णो देवी यात्रा

एक दिन में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की लिमिट तय की जाएगी


श्रीनगर। वैष्णो देवी यात्रा 16 अगस्त से शुरू होगी। कोरोना की वजह से 19 मार्च को यात्रा रोक दी गई थी। अनलॉक-3 में जम्मू-कश्मीर के धार्मिक स्थलों को खोलने का फैसला लिया गया है। हालांकि, वैष्णो देवी यात्रा के लिए अलग से कोई निर्देश नहीं हैं, लेकिन बताया जा रहा है कि श्रद्धालुओं की सीमित संख्या के साथ यात्रा शुरू कर दी जाएगी।


श्राइन बोर्ड जल्द गाइडलाइंस जारी करेगा
यात्रा के दौरान क्या छूट होगी और क्या पाबंदियां रहेंगी, इस बारे में श्राइन बोर्ड जल्द गाइडलाइंस जारी करेगा। बताया जा रहा है कि सभी एंट्री गेट्स पर सैनिटाइजेशन टनल तैयार की जाएंगी। वैष्णो देवी भवन के साथ ही अर्धकुंवारी और भैरव घाटी मंदिर में भी थर्मल स्कैनिंग के साथ सोशल डिस्टेंसिंग का खास ध्यान रखा जाएगा।इस साल अमरनाथ यात्रा रद्द की जा चुकी
अमरनाथ श्राइन बोर्ड, लोकल एडमिनिस्ट्रेशन, सीआरपीएफ-पुलिस और लेफ्टिनेंट गवर्नर के बीच हुई पिछले महीने हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। 5 जुलाई को लेफ्टिनेंट गर्वनर ने पवित्र गुफा में दर्शन किए थे। उनका कहना था कि कोरोना के चलते जो हालात हैं, उनमें यात्रा करवाना मुश्किल है।             


कोरोना जांच के बाद कराए निजी उपचार

रायपुर। राज्य शासन ने निजी क्लिनिकों, नर्सिंग होम्स एवं अस्पतालों में इलाज करवाने वाले कोविड-19 के सभी संदिग्ध मरीजों की कोरोना जांच कराने कहा है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की सचिव निहारिका बारिक सिंह ने इंडियन मेडिकल एसोशिएशन, छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष को पत्र लिखकर निजी चिकित्सालयों में इलाजरत कोविड-19 के संदिग्ध मरीजों की तत्काल जांच कराने कहा है, जिससे कि इसके पीड़ितों की पहचान कर तुरंत उपचार शुरू किया जा सके। विभाग ने कहा है कि अस्पताल में इलाज करा रहे किसी मरीज के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने पर अस्पताल को भारत सरकार, आईसीएमआर एवं राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरुप निसंक्रमित (Disinfect) कर 24 घंटे के बाद पुनः शुरू किया जा सकता है।


स्वास्थ्य सचिव ने आईएमए को लिखे पत्र में कहा है कि प्रदेश वर्तमान में कोविड-19 संक्रमण की महामारी से जूझ रहा है। यहां अब तक कुल दस हजार से अधिक व्यक्ति इससे संक्रमित हो चुके हैं। कोविड-19 का संक्रमण अन्य रोग/रोगों से ग्रस्त व्यक्तियों में गंभीर बीमारी के रूप में परिलक्षित होता है। समय पर जांच, पहचान और उपचार नहीं होने पर मृत्यु होने की संभावना भी अधिक होती है। प्रदेश में अभी तक कोविड-19 से संक्रमित कुल 69 व्यक्तियों की मृत्यु हो चुकी है। इनमें से 51 व्यक्ति किसी अन्य बीमारी (COMORBIDITY) से ग्रसित रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने पत्र में लिखा है कि कोविड-19 संक्रमित व्यक्तियों की मृत्यु के संबंध में यह संज्ञान में आया है कि इनमें से अधिकतर अस्पताल में उपचार तो ले रहे थे, परन्तु इनके द्वारा स्वयं कोविड-19 की जांच समय पर नहीं कराई गई। इसलिए ऐसे सभी व्यक्तियों का जो निजी क्लीनिक, नर्सिग होम या अस्पताल में उपचार ले रहे हैं और ये कोविड-19 के संदिग्ध मरीज हैं, तो इनकी तत्काल कोविड-19 जांच किया जाना आवश्यक है। कोरोना वायरस संक्रमित पाए जाने पर उन्हें कोविड-19 अस्पताल रिफर किया जाना चाहिए।                   


प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

यूनिवर्सल एक्सप्रेस   (हिंदी-दैनिक)


 अगस्त 07, 2020, RNI.No.UPHIN/2014/57254


1. अंक-358 (साल-01)
2. शुक्रवार, अगस्त 07, 2020
3. शक-1943, भाद्रपद, कृष्ण-पक्ष, तिथि- चतुर्थी, विक्रमी संवत 2077।


4. सूर्योदय प्रातः 05:15,सूर्यास्त 07:15


5. न्‍यूनतम तापमान 24+ डी.सै.,अधिकतम-38+ डी.सै.। आद्रता बनी रहेगी।


6.समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा। सभी पद अवैतनिक है।
7. स्वामी, प्रकाशक, संपादक राधेश्याम के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित। प्रकाशित समाचार, विज्ञापन एवं लेखोंं से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहींं है।


8.संपादकीय कार्यालय- 263 सरस्वती विहार, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102।


9.संपर्क एवं व्यावसायिक कार्यालय-डी-60,100 फुटा रोड बलराम नगर, लोनी,गाजियाबाद उ.प्र.,201102


www.universalexpress.in


https://universalexpress.page/
email:universalexpress.editor@gmail.com
संपर्क सूत्र :-935030275


(सर्वाधिकार सुरक्षित)                 


यूपी: गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदला

यूपी: गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदला  संदीप मिश्र  लखनऊ। यूपी में गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदल गया है। कक्षा एक से लेकर आठ तक के स्कू...