सोमवार, 3 अगस्त 2020

गला काट जंगल में छोड़ आए पिता-पुत्र

सम्‍भल। उत्तर प्रदेश में जनपद संभल के असमोली थाना क्षेत्र में सोमवार की मरणासन्न अवस्था में एक युवती जंगल में मिली। उसकी गर्दन कटी हुई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती को अस्पताल में भर्ती कराया। आरोप है कि उसके पिता और भाई ने ही उसे मारा और मरा हुआ समझकर जंगल में फेंक गए। 


संभल के सैंधरी गांव के कुछ ग्रामीण जंगल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें तालाब के किनारे मरणसन्न अवस्था में एक युवती मिली। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस युवती को इलाज के लिए जिला अस्पताल फिर हायर सेंटर लेकर पहुंची। प्राथमिक उपचार के बाद युवती ने पुलिस बयान दिया। उसने बताया कि उसका नाम नसरीन (20) और वह नखासा थाना क्षेत्र के मुहल्ला रासत्ती निवासिनी है। उसकी यह दशा करने वाला कोई और नहीं बल्कि उसके पिता इद्दन अब्बासी और भाई ने मिलकर की है। उसने यह भी बताया कि उसके पिता व भाई उसे जंगल लेकर आये और धारदार हथियार से उसकी गर्दन रेत दी। उसे मरा हुआ समझकर मौके से फरार हो गये।


पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद ने बताया कि युवती के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है जो भी तथ्य सामने आयेंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी। 


यूपी में गायब हुए 1119 कोरोना पॉजिटिव

बृजेश केसरवानी


लखनऊ। राजधानी लखनऊ में सैकड़ों कोरोना संक्रमित मरीजों ने सरकारी रिकॉर्ड में गलत नाम, पते और मोबाइल नंबर दर्ज कराया और गायब हो गए। इसकी सूची पुलिस की सर्विलांस टीम को सौंपी गई तो 1171 कोरोना पॉजिटिव मरीजों को तलाशा गया, जबकि अभी भी 1119 मरीजों की तलाश जारी है। बताया जा रहा है कि 23 से 31 जुलाई के बीच इन मरीजों की जांच हुई थी। जांच कराने के बाद सभी गायब हो गए। जब प्रशासन ने इनके नाम और पते को खंगाला तो वे फर्जी पाए गए। जिसके बाद इसकी सूची पुलिस को सौंपी गई। अब सर्विलांस टीम इन मरीजों को तलाशने में जुटी है। पुलिस कमिश्नर ने इन मरीजों की तलाश के लिए कोविड-19 सर्विलांस टीम को जिम्मेदारी सौंपी है। अब तक मिले 1171 मरीजों को हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। अब इनके खिलाफ गलत जानकारी देने के आरोप में कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। पुलिस कमिश्नर सुजीत पांडे के मुताबिक कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए हजारों की संख्या में जांच की गई। तमाम जगह कैंप लगाकर लोगों की जांच हुई। इस दौरान लोगों ने फॉर्म पर गलत, नाम, पता और मोबाइल नंबर भरा। जांच रिपोर्ट आने के बाद जब इनकी तलाश शुरू हुई तो नाम और पते गलत पाए गए।


बौखलाए आतंकी, जवान का अपहरण

श्रीनगर/ नई दिल्ली। कश्मीर में अपनी कमर टूटने से बौखलाए आतंकवादियों ने अब सेना के जवान का अपहरण कर अपनी कायरता का परिचय दिया है। सेना ने जवान की तलाश के लिए आपरेशन शुरू कर दिया है। 


जम्मू कश्मीर के शोपियां जिले में आतंकवादियों ने जवान का अपहरण किया है। जवान की पहचान शाकिर अहमद के रूप में हुई है, जो 2016 में सेना में भर्ती हुआ था और वर्तमान में वो 162 टेरिटोरियल आर्मी कैंप में तैनात है, जो बालापुर शोपियां में 12 सेक्टर आरआर में स्थित है। सेना ने अपने जवान की तलाश के लिए सर्च आपरेशन शुरू कर दिया है।जवान रविवार को अपने घर पहुंचा था, जिसके  बाद उसे तीन लोगों ने पास के इलाके में बुलाया, वो तीनों आतंकी थे। इसके बाद वे तीनों उसे एक अज्ञात जगह पर ले जाने लगे। उससे पहले आतंकियों ने दक्षिण कश्मीर के कुलगाम के रामभामा इलाके उसकी गाड़ी को आग लगा दी। इसके बाद से जवान लापता है और अब तक उसका कोई पता नहीं लगा है। सैनिक का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान जारी है।             


                         


सादगीः वाह-वाही लूटने वाला सभासद

अश्वनी उपाध्याय/प्रदीप वर्मा 


गाजियाबाद। मनुष्य की कर्तव्यनिष्ठा और परायणता ही  उसे महान बनाती है  सीधे-सीधे कहा जाए तो  आदमी की कर्म ही  उसकी महानता और अज्ञानता के साथ जुड़े हुए होते हैं  जन समर्पित भावना के साथ  जो व्यक्ति कार्यरत रहता है  वह सामाजिक प्रतिष्ठा का अधिकारी बन जाता है।


इसी कारण नगर पालिका परिषद लोनी वार्ड नंबर 16 से सभासद कहे जाने वाले बिल्लू वास्तव में यह एक नेता नहीं है,एक समाज सेवक है। इनकी तारीफ जितनी की जाए उतनी कम है। देखा जाए तो हमारे क्षेत्र में जितने भी सभासद है। उनको अपनी शान शौकत दिखाने से ही फुर्सत नहीं है। चुनाव जीत गए बाबू जी बन गए अब तो हमें बस कमीशन खाना है। कॉलर का कुर्ता पहनना है, गाड़ी में दो मक्कारो के साथ घूमने का हमें अधिकार मिल गया है। अपने आपको किसी राजा बाबू से कम नहीं समझते, वास्तव में अगर इस सभासद से उनका मुकाबला किया जाए तो वह बिल्लू भाई के मात्र भर भी नहीं है। अन्य बड़े नेताओं की तो बात ही क्या है। वह तो गाड़ी से कभी नीचे पैर रखते ही नहीं है कभी। अपने क्षेत्र में निकल कर ही नहीं देखते वहां क्या हो रहा है? वह कॉलर के कुर्ते वाले सभासद अपने आप को किसी मंत्री से कम नहीं समझते। मिलने के लिए भी उनको उनसे समय लेना पड़ता है। घर के आगे उनके लाइन लगानी पड़ती है। केवल यही सभासद एक ऐसा है जो अपने क्षेत्र में घर-घर जाकर उनका हालचाल पूछता है अपने क्षेत्र की जनसमस्याओं को सुधारता है। जिसका प्रत्यक्ष प्रमाण है, स्वयं सभासद बिल्लू नगर पालिका के कूड़ा उठाने वाले ट्रैक्टर को ड्राइव कर रहे हैं, यह उनकी सहजता और सरलता का प्रत्यक्ष प्रमाण है।                


राष्ट्रपति-पीएम ने रक्षाबंधन की शुभकामना दी

नई दिल्ली। रक्षाबंधन का त्यौहार आज यानी सोमवार को पूरे देशभर में धूमधाम से मनाया जा रहा है। भाई-बहन के रिश्ते के पवित्र त्यौहार रक्षाबंधन पर आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी। राष्ट्रपति कोविंद ने ट्वीट करके कहा, रक्षाबंधन पर सभी देशवासियों को बधाई! राखी प्रेम और विश्वास का वह अटूट धागा है जो बहनों को भाइयों से जोड़ता है। उन्होंने आगे लिखा,  आइए, आज हम सब महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहने का संकल्प दोहराएं। वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने शुभकामना संदेश देते हुए ट्वीट किया, रक्षा बंधन के पावन पर्व पर समस्त देशवासियों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं।             


कर्नाटक सीएम हुए कोरोना संक्रमित

नई दिल्ली/बेंगलुरु। कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब वीवीआईपी भी वायरस की चपेट में आ रहे हैं। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा और उनकी बेटी भी कोरोना पॉजिटिव मिली है। सीएम ने अपने ट्विटर अकाउंट पर कोरोना संक्रमित होने की जानकारी साझा की है। जानकारी के मुताबिक सीएम येदियुरप्पा की तबीयत ठीक है। डॉक्टर की सलाह पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने अपने संपर्क में आए सभी लोगों से सेल्फ क्वारनटीन में रहते हुए जांच कराने की अपील की है।


कर्नाटक सीएम ने अपने ट्वीटर हैंडल पर लिखा कि मेरी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, हालांकि मैं ठीक हूं। मैं डॉक्टर्स की सलाह पर अस्पताल में भर्ती हो रहा हूं। मैं अनुरोध करूंगा कि जो भी लोग मेरे संपर्क में आएं हैं जांच कराएं और अभी से सेल्फ क्वारनटीन हो जाएं। ’बता दें कि इससे पहले कल केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह कोरोना पॉजिटिव मिले थे। उन्हें डॉक्टर्स की सलाह पर गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। गृहमंत्री अमित शाह ने खुद अपने ट्विटर हैंडल पर इस बात की पुष्टि की थी।


सड़क हादसे में 4 की मौत, तीन गंभीर

कोरबा। कोरबा /कटघोरा अंबिकापुर मुख्य मार्ग में एक बार फिर एक हृदय विदारक सड़क दुर्घटना सामने आई है एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो के चालक ने तेजी व लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए सड़क किनारे खड़ी एक ट्रेलर को पीछे से ठोकर मार दी। जिससे स्कॉर्पियो वाहन में सवार एक ही परिवार के 4 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि 3 बच्चे बुरी तरह घायल हो गए हैं। जिन्हें उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है बताया जाता है कि सभी लोग बिहार के रहने वाले हैं जो गोकुल नगर स्थित एक परिवार में शोक के कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे थे। इस हादसे के बाद परिवार में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


राहतः भारतीय वैक्सीन की मांग बढ़ी

नई दिल्ली। कोरोना वायरस को मिटाने के लिए देश की कई फार्मा कंपनियों में तेजी से काम हो रहा है। इसमें से एक है सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया। यह कंपनी ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के साथ मिलकर वैक्सीन बना रही है। यह वही वैक्सीन है जिसने कोरोना वायरस के प्रति दोहरा मार करने की सफलता हासिल की थी। अब कंपनी के प्रमुख अदार पूनावाला ने कहा है कि इस वैक्सीन का आधा उत्पाद भारत के मरीजों को मिलेगा।


न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए गए एक इंटरव्यू में अदार पूनावाला ने कहा कि ऑक्सफोर्ड के वैज्ञानिकों के साथ 500 डो़ज हर मिनट बनाने की तैयारी है। मुझे दुनिया भर के राष्ट्रध्यक्षों, राष्ट्रपतियों, प्रधानमंत्रियों और हेल्थ मिनिस्टर्स के फोन आ चुके हैं। सभी वैक्सीन का पहला बैच मांग रहे हैं। मेरे पास लगातार फोन आ रहे हैं. कई लोगों को तो मैं जानता तक नहीं। अदार ने कहा कि ट्रायल सफल होने की स्थिति में हम भारत में 50 करोड़ से अधिक वैक्सीन उपलब्ध कराएंगे। वैक्सीन डिजाइन करने वाली कंपनियों का कहना है कि अगर ट्रायल सफल होता है तो उन्हें सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया की फैक्ट्रियों की जरूरत पड़ेगी।


सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया वैक्सीन बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी है। यहां हर साल दूसरी वैक्सीन की डेढ़ अरब डोज बनती हैं। जो गरीब देशों में भेजी जाती हैं। दुनिया के आधे बच्चों को सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया की वैक्सीन लगाई जाती है।


भारत-चीन कमांडर के बीच लंबी बातचीत

मनोज सिंह ठाकुर


लद्दाख। पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर तनाव कम करने के लिए रविवार को भारतीय और चीनी सेना के शीर्ष कमांडरों के बीच पांचवें दौर की बातचीत हुई। तकरीबन 11 घंटे तक चली बातचीत के दौरान भारत ने पैंगोंग सो और टकराव वाले अन्य क्षेत्रों से जल्द से जल्द चीनी सैनिकों की पूरी तरह से वापसी को लेकर दबाव बनाया। घटनाक्रम से परिचित सूत्रों ने यह जानकारी दी।


सूत्रों ने बताया कि यह बैठक एलएसी पर चीन की तरफ माल्डो में सुबह 11 बजे शुरू हुई और रात 10 बजे के बाद तक जारी रही। भारतीय दल का नेतृत्व लेह स्थित 14वीं कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल हरिंदर सिंह ने किया। जबकि, चीनी दल का नेतृत्व दक्षिण शिंजियांग सैन्य क्षेत्र के कमांडर मेजर जनरल लिउ लीन कर रहे थे।सूत्रों ने बताया कि बातचीत में भारतीय पक्ष ने पैंगोंग सो के फिंगर इलाके से लेकर टकराव वाले सभी क्षेत्रों से चीनी सैनिकों की यथाशीघ्र पूर्ण वापसी और पूर्वी लद्दाख के सभी क्षेत्रों में पांच मई से पहले वाली स्थिति की बहाली पर जोर दिया। पांच मई को दोनों तरफ के सैनिकों के बीच पैंगोंग शो में संघर्ष शुरू हुआ था। कोर कमांडर स्तर की पिछली वार्ता 14 जुलाई को हुई थी, जो करीब 15 घंटे तक चली थी। उस समय भी भारतीय पक्ष ने पीएलए को स्पष्ट तौर पर बता दिया था कि उसे पूर्वी लद्दाख में पहले की स्थिति बरकरार रखना होगा और शांति बहाल करने के लिए सीमा प्रबंधन के संबंध में उन सभी प्रोटोकॉल का पालन करना होगा, जिनपर परस्पर सहमति बनी है।


पिछली वार्ता के बाद चीनी सेना गलवन घाटी और टकराव वाले कुछ क्षेत्रों से पीछे भी हटी थी। लेकिन भारतीय सेना की मांग के मुताबिक पैंगोंग शो में फिंगर क्षेत्र से नहीं हटी थी। भारत ने स्पष्ट कर दिया है कि चीन को फिंगर चार और फिंगर आठ के बीच से अपने सैनिकों को हटाना ही होगा। हालांकि, इस बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया था। इस क्षेत्र में फिंगर इलाके के साथ ही पेट्रोलिंग प्वाइंट 14, 15, 17 और 17ए को लेकर टकराव है। चीन के साथ सैन्य और राजनयिक स्तर की बातचीत के साथ ही भारत पूर्वी लद्दाख के सभी प्रमुख मोर्चो पर अपनी सैन्य ताकत को मजबूत भी कर रहा है, ताकि चीन के किसी भी तरह के दुस्साहस का माकूल जवाब दिया जा सके।


इस इलाके में लंबे समय तक बने रहने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसके लिए सर्दी से बचाने वाले टेंट व अन्य साजो सामान जुटाए जा रही हैं। सीमा विवाद को सुलझाने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और चीन के विदेश मंत्री के बीच भी बातचीत हो चुकी है। गौरतलब है कि 15 जून को गलवन घाटी में हुई हिंसक झड़प के बाद स्थिति बिगड़ गई थी, जिसमें 20 भारतीय सैनिक शहीद हो गए थे। चीनी पक्ष के सैनिक भी हताहत हुए थे लेकिन इस बारे में चीन द्वारा अब तक कोई ब्योरा उपलब्ध नहीं कराया गया है। अमेरिकी खुफिया रिपोर्ट के मुताबिक, चीन के 35 सैनिक हताहत हुए थे।


नई दिल्ली। रूस ने 10 सितंबर को मास्को में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के विदेश मंत्रियों की बैठक का प्रस्ताव रखा है। इसमें पाकिस्तान और चीन भी शामिल होंगे। लेकिन भारत ने अभी इस बैठक में शामिल होने की पुष्टि नहीं की है।अगर भारत बैठक में शामिल होता है तो यह पहला मौका होगा जब एलएसी पर तनाव के बाद भारत के साथ ही पाकिस्तान और चीन के विदेश मंत्री आमने-सामने होंगे। राजनयिक सूत्रों के मुताबिक रूस ने उसी दिन ब्रिक्स के विदेश मंत्रियों की बैठक आयोजित करने का प्रस्ताव किया है।              


झारखंड सीएम कार्यालय में 17 संक्रमित

रोनक डे


रांची। देश में कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार बढ़ता ही जा रहा है। हर रोज कोरोना वायरस के नए मामलों की पुष्टि हो रही है। अब सरकारी दफ्तरों में भी कोरोना वायरस अपनी पहुंच बनाने लगा है। इस बीच झारखंड सीएम कार्यालय में कई लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं।


झारखंड मुख्यमंत्री कार्यालय में कोरोना वायरस के संक्रमित मरीज पाए जाने से हड़कंप मच गया है। झारखंड सीएमओ में एक साथ 17 लोग कोरोना वायरस से पॉजिटिव पाए गए हैं। दरअसल, एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन का ड्राइवर कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया था। जिसके बाद सीएमओ में एहतियातन सभी लोगों की जांच कराई गई. जिसमें 17 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बता दें कि कोरोना वायरस के लक्षण दिखने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन के ड्राइवर ने कोरोना टेस्ट करवाया था। ड्राइवर की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी. इसके साथ ही मुख्यमंत्री कार्यालय में सचिव कमलेश कुमार भी कोरोना संक्रमित पाए गए थे। आप्त सचिव हाल ही में पटना से लौटे थे और होम क्वारनटीन में थे।


बता दें कि झारखंड कोरोना वायरस का संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। झारखंड में अब तक 12500 से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जा चुके हैं। वहीं राज्य में 115 से ज्यादा लोगों की कोरोना वायरस के कारण जान जा चुकी है। फिलहाल राज्य में 7700 से ज्यादा एक्टिव केस है।


पूर्व सीएम आवास पर 13 संक्रमित मिलेंं

रोनक डे


पटना। देश में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ता जा रहा है और अब इसकी जद में वीवीआईपी भी आ रहे हैं। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर तैनात 13 सुरक्षाकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसमें 8 बिहार मिलिट्री पुलिस और 5 पटना पुलिस के जवान शामिल हैं। सभी को क्वारनटीन कर दिया गया है।


कोरोना की मार ऐसी है कि कोई भी इसकी चपेट में आ सकता है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का कोरोना पॉजिटिव होना इसी का सबूत है। अमित शाह जो खुद कोरोना के खिलाफ भारत की जंग की रणनीति बनाने में जुटे रहे हैं, उन्हें कोरोना होना इस बीमारी की गंभीरता को दिखा रहा है। कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद अमित शाह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती हुए हैं। वैसे तो उनकी तबीयत ठीक है, लेकिन डॉक्टरों की सलाह के बाद अमित शाह ने अस्पताल में भर्ती होने का फैसला लिया। अमित शाह के कोरोना पॉजिटिव होने की खबर ऐसे समय में आई है, जब भारत में कोरोना के मामले 18 लाख के आंकड़े को पार कर चुके हैं।


प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

यूनिवर्सल एक्सप्रेस   (हिंदी-दैनिक)


 अगस्त 04, 2020, RNI.No.UPHIN/2014/57254


1. अंक-355 (साल-01)
2. मंगलवार, अगस्त 04, 2020
3. शक-1943, भाद्रपद, कृष्ण-पक्ष, तिथि- प्रतिपदा, विक्रमी संवत 2077।


4. सूर्योदय प्रातः 05:20,सूर्यास्त 07:18।


5. न्‍यूनतम तापमान 22+ डी.सै.,अधिकतम-34+ डी.सै.। भारी बरसात की संभावना।


6.समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा। सभी पद अवैतनिक है।
7. स्वामी, प्रकाशक, संपादक राधेश्याम के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित। प्रकाशित समाचार, विज्ञापन एवं लेखोंं से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहींं है।


8.संपादकीय कार्यालय- 263 सरस्वती विहार, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102।


9.संपर्क एवं व्यावसायिक कार्यालय-डी-60,100 फुटा रोड बलराम नगर, लोनी,गाजियाबाद उ.प्र.,201102


www.universalexpress.in


https://universalexpress.page/
email:universalexpress.editor@gmail.com
संपर्क सूत्र :-935030275


(सर्वाधिकार सुरक्षित)                    


मैच: केकेआर ने आरसीबी को 1 रन से हराया

मैच: केकेआर ने आरसीबी को 1 रन से हराया  मिनाक्षी लोढी कोलकाता। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2024 के मैच नंबर-36 में कोलकाता नाइट राइडर्स (के...