मंगलवार, 28 जुलाई 2020

आज अंबाला पहुंच जाएंगे 'राफेल' विमान

राणा ओबरॉय


अंबाला। राफेल लड़ाकू विमानों की पहली खेप के रूप में पांच विमान कल फ्रांस से भारत के लिए रवाना हो गए। फ्रांस के बंदरगाह शहर बोर्डेऑस्क में वायुसेना अड्डे से रवाना हुए ये विमान लगभग सात हजार किलोमीटर का सफर तय करके कल अंबाला वासुसेना अड्डे पर पहुंचेंगे। इन लड़ाकू विमानों के स्वागत की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। हालांकि, इन विमानों के आगमन के दौरान मौसम को भी ध्‍यान में रखा जाएगा।


एयरबेस का तीन किलोमीटर का दायरा नो ड्रोन जोन घोषित


बताया जा रहा है कि अंबाला एयर बेस के लिए सुरक्षा के बंदोबस्त कड़े कर दिए गए हैं। अंबाला में राफेल की कमान स्कवाड्रन-17 संभालेगी। इतना ही नहीं अंबाला एयरबेस के तीन किलोमीटर के दायरे को नो ड्रोन जोन घोषित कर दिया गया है। यानी अब एयरबेस के तीन किलोमीटर के दायरे में ड्रोन पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी। हालांकि, वायुसेना के एक प्रवक्ता ने कहा कि इन्हें बल में शामिल करने को लेकर औपचारिक समारोह का आयोजन अगस्त के मध्य में किया जाएगा।


वायुसेना अड्डे को रंगे बिरंगे झंडों से सजाया जा रहा है।


राफेल लड़ाकू विमानों के स्वागत के लिए वायुसेना अड्डे को रंगे बिरंगे झंडों से सजाया जा रहा है। कहा जा रहा है कि विमानों के एयरबेस पर लैंड करने के बाद उनपर पानी की बौछारें की जाएंगी और वायुसेना की धुन भी बजाई जाएगी। प्रशासन ने आसपास के इलाके में पक्षियों को दाना डालने और कूड़ा डंप करने पर भी रोक लगा दी है। बता दें कि भारत ने वायुसेना के लिये 36 राफेल विमान खरीदने के लिये चार साल पहले फ्रांस के साथ 59 हजार करोड़ रुपये का करार किया था। इन पांच विमानों में तीन सिंगल सीटर विमान और दो ट्विन सीटर विमान शामिल हैं।


राफेल के आने से बढ़ जाएगी वायुसेना की ताकत


वायुसेना के बेड़े में राफेल के शामिल होने से उसकी युद्ध क्षमता में महत्वपूर्ण वृद्धि होने की उम्मीद है। भारत को यह लड़ाकू विमान ऐसे समय में मिल रहे हैं, जब उसका पूर्वी लद्दाख में सीमा के मुद्दे पर चीन के साथ गतिरोध चल रहा है। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि 10 विमानों की आपूर्ति समय पर पूरी हो गई है और इनमें से पांच विमान प्रशिक्षण मिशन के लिये फ्रांस में ही रुकेंगे। बयान में कहा गया है कि सभी 36 विमानों की आपूर्ति 2021 के अंत तक पूरी हो जाएगी। वायुसेना को पहला राफेल विमान पिछले साल रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की फ्रांस यात्रा के दौरान सौंपा गया था।            


राज्यपाल को हटाने के लिए याचिका दाखिल

जयपुर। शहर के एक वकील ने राजस्थान उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर कर राज्यपाल कलराज मिश्र को हटाने के लिये राष्ट्रपति को सलाह देने का केंद्र को निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है। राज्य में जारी राजनीतिक खींचतान के बीच यह याचिका दायर की गई।


याचिका दायर करने वाले शांतनु पारीक का दावा है कि राज्य मंत्रिमंडल की सलाह पर विधानसभा का सत्र आहूत नहीं करके राज्यपाल अपना संवैधानिक कर्तव्य निभाने में असफल रहे हैं। पद से हटाए गए उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित 19 विधायकों की बगावत के कारण संकट में फंसी अशोक गहलोत सरकार का कहना है कि वह विधानसभा का सत्र आहूत करना चाहती है और उसने राज्यपाल से इस संबंध में अनुरोध किया है। लेकिन राज्यपाल मिश्र ने राज्य सरकार के प्रस्ताव को दो बार लौटा दिया है। बता दें कि कि पिछले चार दिन में राज्यपाल ने दूसरी बार सरकार के प्रस्ताव को कुछ ‘पॉइंट’ उठाते हुए लौटाया है और कहा है कि विधानसभा सत्र संवैधानिक प्रावधानों के अनुकूल आहूत होना आवश्यक है। इसके साथ ही राजभवन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि विधानसभा सत्र न बुलाने की कोई भी मंशा राजभवन की नहीं है। राजभवन के एक अधिकारी के अनुसार राज्य सरकार ने शनिवार रात को जो संशोधित कैबिनेट प्रस्ताव राज्यपाल को भेजा गया था उसमें विधानसभा सत्र 31 जुलाई से बुलाने की बात थी, लेकिन राज्यपाल ने रेखांकित किया है कि इसके लिए 21 दिन का स्पष्ट नोटिस देना होगा। अधिकारी ने कहा,‘‘इसके अनुसार विधानसभा सत्र बुलाए जाने की प्रस्तावित तारीख अब बदलनी होगी।


भाजपा नेता के फार्म हाउस में सेक्स रैकेट

भाजपा नेता के फॉर्म हाउस मे सेक्स रैकेट का खुलासा, तीन महिलाएं समेत 12 लोग गिरफ्तार


आगरा। पुलिस ने देह व्यापार के धंधे का भंडाफोड़ किया है। रैकेट होटल और गेस्ट हाउस में भी चलाया जा रहा था। जिले के एएसपी सौरभ दीक्षित ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि सिकंदरा पुलिस थाने के अंतर्गत पड़ने वाले कमला फार्म हाउस के बारे में बताया जा रहा है कि इस फार्म हाउस के मालिक भारतीय जनता पार्टी के एक नेता अशोक राणा का है। अशोक राणा को लेकर यह कहा जा रहा है कि वो आगरा जिला के भाजपा अध्यक्ष भी हैं। फार्म हाउस में छापेमारी कर पुलिस ने 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें 3 महिलाएं भी शामिल हैं। यह तीनों महिलाएं पश्चिम बंगाल की बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो तमंचे, सात मोबाइल, छह बीयर की केन, छह हजार रुपये और आपत्तिजनक सामान मिले हैं।


अशोक राणा और विशाल गोयल पर भी इस मामले में केस दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक सचिन, परम, विष्णु और विशाल गोयल ने फार्म हाउस लीज पर ले रखा है और यहीं से वो यह धंधा चलाते थे। पुलिस इसी मामले की जांच-पड़ताल कर रही थी और इसी दौरान उसे होटल तथा फार्म हाउस में सेक्स रैकेट चलाए जाने का पता चला। फार्म हाउस में छापेमारी के लिए एएसपी सौरभ दीक्षित के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई जिसने फार्म हाउस में चल रहे इस खेल का भंडाफोड़ कर दिया।    सुरेश उपाध्याय           


हिमाचल सीएम की कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव

श्रीराम मौर्य


शिमला। सीएम जयराम ठाकुर की कोरोना की रिपोर्ट नेगेटिव(Negative)आ गई है। इस बात की जानकारी उन्होंने स्वयं आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नाहन विधानसभा के विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ व शिलान्यास करते हुए दी। उन्होंने कहा कि अभी-अभी जो रिपोर्ट आई है, उसमें बताया गया है कि ये नेगिटिव है। सेल्फ क्वारंटाइन चल रहे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का सप्ताहभर के भीतर दूसरी मर्तबा कोरोना टेस्ट (Corona Test) हुआ है। इससे पहले बुधवार को सीएम जयराम ठाकुर व परिजनों की कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव पाई गई।


मुख्यमंत्री कार्यालय के कोरोना की चपेट में आने के बाद ही उनका व परिजनों का कोरोना टेस्ट करवाया गया था। याद रहे कि बीते बुधवार को मंडी में पॉजिटिव पाया गया भाजपा का युवा नेता शिमला में सीएम जयराम ठाकुर से मिलने के साथ-साथ उनके दफ्तर व आवास में भी गया था। उसके बाद से ही सीएम जयराम ने स्वयं को सेल्फ क्वारंटाइन कर लिया था। इस बीच, हिमाचल प्रदेश सचिवालय में सीएम कार्यालय के उप सचिव के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद शिमला के ब्रॉकहास्ट में चार सरकारी कॉलोनियां सील कर दी गई हैं। यहां सीएम के कोरोना पॉजिटिव पाए गए उप सचिव और अन्य अफसरों के सरकारी आवास हैं। सचिवालय के पुराने भवन में किसी बाहरी व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं है। अधिकारी भी नए भवन से कामकाज निपटा रहे हैं।               


7.5 लाख में 24 अंगूरों का एक गुच्छा

दुनियाभर में कई किस्म के अंगूर पाए जाते हैं। आपने अब तक केवल काले और हरे अंगूर (Grapes) खाए होंगे, जो आपको बाजार में आसानी से 100 रुपए से भी कम कीमत में एक किलो मिल जाते हैं। आज हम आपको अंगूर की ऐसी किस्म के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसके एक गुच्छे की कीमत इतनी होती है की आपके होश उड़ जाएंगे। दरअसल अंगूर की इस वैराइटी का नाम ‘रूबी रोमन’ है, जो लाल रंग की होती है। साल 1995 में अंगूर की इस प्रजाति को विकसित किया गया। जापान के इशिकावा में अंगूर की इस प्रजाति को विकसित करने के लिए किसानों ने प्रीफेक्चुरल एग्रीकल्चर रिसर्च सेंटर (Prefectural Agriculture Research Center) से एक अपील की। रिसर्च सेंटर ने 400 अंगूर की लताओं पर करीब दो साल तक एक्सपेरिमेंट किया। अंगूर की 400 लताओं में से केवल 4 में ही लाल अंगूर आए। इन 4 अंगूरों में से एक किस्म ऐसी थी, जिसने किसानों का दिल जीत लिया।


रूबी रोमन अंगूर को ‘इशिकावा का खजाना’ भी कहते हैं। इसकी खेती के दौरान अंगूर के आकार, स्वाद और रंग का विशेष ख्याल रखा जाता है। इस खास प्रजाति (Special species) के एक अंगूर का वजन करीब 20 ग्राम होता है। एक गुच्छे में करीब 24 अंगूर होते हैं। जापान में लोग 7.5 लाख रुपए में अंगूर का एक छोटा सा गुच्छा खरीद रहे हैं। ऊंची कीमत की वजह से यह लाल अंगूर खासतौर पर अमीरों के फल के तौर पर जाना जाता है। रूबी रोमन अंगूर की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, इस अंगूर में चीनी और रस की बहुत अधिक मात्रा होती है। इस अंगूर का एक बाइट लेते ही मुंह में रस भर जाता है। जापान में लाल अंगूर लग्जरी फल की श्रेणी में आता है। इसे यहां शुभ अवसरों पर गिफ्ट के तौर पर दिया जाता है। दरअसल, रूबी रोमन जापान में आसानी से मिलता नहीं है। इसलिए यह इतना महंगा है।


अपने बच्चों को कुर्बान करेंः नंदकिशोर

अश्वनी उपाध्याय


गाजियाबाद। लोनी से भारतीय जनता पार्टी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने बकरीद पर कुर्बानी को लेकर विवादित बयान दिया है। विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने कहा है कि कोरोना को देखते हुए कुर्बानी ना दें, कुर्बानी देनी है तो अपने बच्चों की दें। उन्होंने कुर्बानी करने वाले के खिलाफ कार्रवाई करने की चेतावनी दी।


बीजेपी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने कहा कि जिस तरह सनातन धर्म में पहले बलि दी जाती थी, अब नारियल फोड़कर उसकी जगह बलि की पूर्ति की जाती है, बकरे को नहीं काटा जाता है, इसी तरह मेरा इस्लाम धर्म के मानने वालों से निवेदन है कि वो भी अपनी पवित्र चीज को, अपने बच्चे को बलि नहीं करता। गुर्जर ने कहा कि अगर कोई कहता है कि मुझे कुर्बानी देनी है तो अपने बच्चे की बलि दें। निरीह जीवों को मारकर बलि देकर कहना और उनको खाना..अगले जन्म में उनको बकरा बनना पड़ेगा और उन्हें लोग खाएंगे। प्रकृति का नियम है, जो जैसा करता है, उसे वैसा भरना पड़ता है।


गौरतलब है कि देश में कोरोना महामारी की रफ्तार लगातार बढ़ती जा रही है। ऐसे में सरकार लगातार लोगों से धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों को टालने की अपील कर रही है। बकरीद और दूसरे त्योहार भी घर में मनाने की अपील की गई है, लेकिन कुछ लोग सामूहिक नमाज और कुर्बानी पर अड़े हैं। संभल से समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद शफीकुर्रहमान बर्क ने कहा था कि कोई उनके नमाज पढ़ने पर पाबंदी नहीं लगा सकता। ये मुसलमानों का बड़ा त्यौहार है। इस दिन मुसलमान बाजारों में जाकर जानवर खरीद कर लाते रहे है, लेकिन अब जानवरो के बाजार ही नहीं लग रहे है। ऐसे में त्यौहार कैसे हो सकता है। पाबंदी लगाना ठीक नहीं है।


सपा सांसद शफीकुर्रहमान बर्क को धमकी देते हुए बीजेपी विधायक संगीत सोम ने कहा था कि अगर सपा सांसद बात नहीं मानते हैं तो जिस तरह आजम खान की ईद जेल में मनी है, उनकी बकरीद भी जेल में मनेगी। संगीत सोम ने कहा कि बकरीद पर यह किसने कहा है कि बकरा काटे जाएं, साग आलू खाकर भी त्यौहार मनाया जा सकता है।


प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

यूनिवर्सल एक्सप्रेस   (हिंदी-दैनिक)


 जुलाई 29, 2020, RNI.No.UPHIN/2014/57254


1. अंक-349 (साल-01)
2. बुधवार, जुलाई-29, 2020
3. शक-1943, श्रावण,शुक्ल-पक्ष, तिथि-दसवीं, विक्रमी संवत 2077।


4. सूर्योदय प्रातः 05:25,सूर्यास्त 07:20।


5. न्‍यूनतम तापमान 25+ डी.सै.,अधिकतम-39+ डी.सै.। भारी बरसात की संभावना।


6.समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा। सभी पद अवैतनिक है।
7. स्वामी, प्रकाशक, संपादक राधेश्याम के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित। प्रकाशित समाचार, विज्ञापन एवं लेखोंं से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहींं है।


8.संपादकीय कार्यालय- 263 सरस्वती विहार, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102।


9.संपर्क एवं व्यावसायिक कार्यालय-डी-60,100 फुटा रोड बलराम नगर, लोनी,गाजियाबाद उ.प्र.,201102


www.universalexpress.in


https://universalexpress.page/
email:universalexpress.editor@gmail.com
संपर्क सूत्र :-935030275


(सर्वाधिकार सुरक्षित)                        


यूपी: लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे अखिलेश

यूपी: लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे अखिलेश  संदीप मिश्र  लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। इसके ...