प्रदेश में कोरोना के 7,451 सक्रिय मामले, अब तक 17,597 मरीज इलाज से हुये ठीक


लखनऊ। प्रदेश में कोरो वायरस का प्रसार जारी है। अनलॉक टू में भी मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। बीते चौबीस घंटों में राज्य में संक्रमण के 982 नए मामले स्वास्थ्य महकमे को बड़ी चुनौती देते हुए सामने आए हैं। इससे पहले गुरुवार को 817 नए मामलों की पुष्टि हुई थी। अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने शुक्रवार को बताया कि प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या अब 75 जनपदों में 7,451 हो गई है। वहीं अब तक 17,597 लोग इलाज के बाद पूरी तरह ठीक होने के बाद घर भेजे जा चुके हैं। इसके अलावा अब तक प्रदेश में इस वायरस से 982 लोगों की मौत हो चुकी है।


प्रतिदिन होने वाली जांच संख्या पहली बार 27 हजार के पार


अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य ने बताया कि प्रतिदिन की जाने वाले कोरोना नमूनों की जांच संख्या पहली बार 27 हजार के पार पहुंच गई। गुरुवार को रिकार्ड 27,565 कोरोना नमूनों की जांच की गई। इससे पहले बुधवार को 24,890, मंगलवार को 26,489, सोमवार को 21,414 और रविवार को 22,378 नमूनों की जांच की गई थी। वहीं अब तक प्रदेश में कुल 8,10,991 कोरोना नमूनों की जांच हो चुकी है।


7,467 लोग आइसोलेशन वार्ड में भर्ती


राज्य में इस समय 7,467 लोग आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं। वहीं 4,509 लोग फैसिलिटी क्वारंटाइन में हैं। फैसिलिटी क्वारंटाइन में उन लोगों को रखा गया है जो कि कोरोना संक्रमितों के सम्पर्क में रहे हैं। हॉटस्पॉट में होने के कारण उनमें लक्षण नजर आये या जिनमें संक्रमण की सम्भावना होती है।


2,457 पूल के जरिए 13,870 नमूनों की हुई जांच


उन्होंने बताया कि गुरुवार को 2,457 पूल के जरिए 13,870 नमूनों की जांच की गई। इनमें 2,140 पूल के जरिए प्रति पूल पांच-पांच नमूनों की जांच की गई, जिसमें से 229 पूल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहीं 317 पूल के जरिए प्रति पूल दस-दस नमूनों की जांच की गई, जिसमें से 49 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
इससे पहले बुधवार को 1,974 पूल के जरिए विभिन्न नमूनों की जांच की गई। वहीं मंगलवार को 2,096 पूल के जरिए 12,095 नमूनों की जांच की गई। इनमें 1,773 पूल के जरिए प्रति पूल पांच-पांच नमूनों की जांच की गई, जिसमें से 208 पूल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहीं 323 पूल के जरिए प्रति पूल दस-दस नमूनों की जांच की गई, जिसमें से 24 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।