मंगलवार, 21 अप्रैल 2020

और तबाही मचाएगा कोरोनाः डब्ल्यूएचओ

न्यूयॉर्क/नई दिल्ली। कोरोना वायरस ने दुनियाभर के तमाम देशों को हिलाकर रख दिया है। पूरी दुनिया इस वायरस से परेशान है। अब विश्व स्वास्थ्य संगठन के बयान ने दुनियाभर में खलबली मचा दी है। कोरोना वायरस के चलते दुनियाभर में अब तक करीब 22 लाख से ज्यादा लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं। इस खतरनाक वायरस से दुनियाभर में 1 लाख 70 हजार से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। इस बीच विश्व स्वास्थ्य संगठन यानि WHO ने सभी देशों को चेतावनी देते हुए कहा है कि अभी इससे भी बुरा वक्त आने वाला है। इस चेतावनी के बाद स्वास्थ्य एजेंसियों और सरकारों के माथे पर पसीना आ गया है।


दरअसल, WHO ने आशंका जाहिर करते हुए कहाकि एशिया और अफ्रीका में कोरोना संक्रमण की अब शुरुआत हुई है। इन देशों मेंं यूरोप और अमेरिका की तुलना में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहद खराब हालत में हैं। इसलिए कोरोना जब अपने पीक पर होगा तो इन देशों में हालत संभालने मुश्किल हो जाएंगे। WHO के प्रमुख टेड्रोस एडहानोम घेब्रेयासस ने कहा कि ऐसी कई सारे कारण हैं, जिसके चलते आने वाले समय के और खराब होने की संभावना है।


 


एमपी में 5 मंत्रियों को शपथ दिलाई

भोपाल। एमपी में सत्ता में वापसी करने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को अपने मंत्रिमंडल का गठन किया। सत्ता में आने के 29 दिनों के बाद हुए कैबिनेट विस्तार में 5 मंत्रियों को शपथ दिलाई गई है। इनमें कांग्रेस से भाजपा में आए ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक मंत्री भी शामिल हैं। राजभवन में राज्यपाल लालजी टंडन ने सभी नए मंत्रियों को शपथ दिलवाई। इस दौरान भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती भी वहां पर मौजूद रहीं।


इन मंत्रियों ने ली शपथ..नरोत्तम मिश्रा,कमल पटेल,मीना सिंह,तुलसीराम सिलावट,गोविंद सिंह राजपूत,तुलसीराम सिलावट और गोविंद सिंह राजपूत ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक हैं। ऐसे में साफ है कि कांग्रेस का दामन छोड़ भाजपा में आए सिंधिया का सरकार गठन में बड़ा रोल माना जा रहा है।


मध्यप्रदेश में कांग्रेस के 22 विधायकों द्वारा बगावत कर विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिए जाने के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ को 20 मार्च को पद से इस्तीफा देना पड़ा था। इसके बाद भाजपा ने सरकार बनाने का दावा पेश किया था। 23 मार्च की रात को शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उसके बाद से ही मंत्रिमंडल गठन के कयास लगाए जा रहे थे।


राज्यपाल ने बढ़ाया पुलिस का हौसला

राज्यपाल ने बढ़ाया कोरबा जिला पुलिस का हौसला


 गेंदा लाल शुक्ला


कोरबा। राज्यपाल अनुसूइया उइके ने एसपी अभिषेक मीणा से कटघोरा के हालात पर चर्चा करते हुए कोरबा में लॉकडाउन के पालन के लिए एसपी के उठाए गए कदमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि हॉट स्पॉट कटघोरा में कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे पुलिस के जवानों को सुरक्षा सामग्री और सुविधाओं का अभाव होने नहीं दिया जाएगा।
जानकर सूत्रों के अनुसार राज्यपाल उइके ने दूरभाष पर एस पी अभिषेक मीणा से कहा कि राज्य में कोरोना की लड़ाई जीतने के लिए कटघोरा के हालात पर काबू पाना बेहद जरूरी है। पुलिस की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि संक्रमण को रोकने में तभी सफलता मिलेगी, जब लोग घरों से न निकलें। आवश्यक सामग्री के लिए भी निर्धारित समय पर निकलें तो फिजिकल डिस्टेंस बना रहे। इसके लिए अनुशासन होना जरूरी है और पुलिस कोरबा में इस दायित्व का निर्वहन बखूबी कर रही। उन्होंने कहा कि एसपी अभिषेक मीणा ने कटघोरा और कोरबा में जिस तरह से सुरक्षा घेरा तैयार किया है, उससे संक्रमण को बेहतर ढंग से रोका जा सकेगा। इसमें काफी हद तक सफलता मिलने भी लगी है। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि आगे भी लड़ाई जीतने तक पुलिस इसी मुस्तैदी से मैदान में डटी रहेगी और अंततः जीत हम सबकी होगी। उन्होंने एसपी से कहा कि इस संकट की घड़ी में पुलिस लोगों का विश्वास जीते और उन्हें समझाए कि जो कुछ किया जा रहा है, वह उनके जीवन को सुरक्षित करने के लिए है। जनता स्वस्फूर्त पुलिस का साथ दे और कोरोना के संक्रमण से सभी को निजात मिले। पुलिस को मिली सुविधाओं का भी जायजा राज्यपाल ने लिया। एसपी मीणा ने बताया कि पुलिस कर्मियों के लिए पर्याप्त सुरक्षा किट उपलब्ध है।


कच्चे तेल का भाव जीरो डॉलर से नीचे

नई दिल्ली। अमेरिकी वायदा बाजार में कच्चे तेल (Crude Oil) का भाव सोमवार को जीरो डॉलर प्रति बैरल से नीचे चल गया। इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब कच्चे तेल का भाव नेगेटिव में चला गया। कोरोना वायरस संक्रमण के कारण दुनिया भर के कई देशों में कामकाज ठप है। डिमांड कम होने के कारण क्रूड की ओवर सप्लाई हो रही है जिसकी वजह से सोमवार को कच्चे तेल का भाव -37.63 डॉलर प्रति बैरल तक लुढ़क गया। कच्चे तेल में ऐतिहासिक गिरावट के बावजूद भारत में पेट्रोल और डीजल की रिटेल कीमतें प्रभावित नहीं होंगी। आइए जानतें हैं भारत में कैसे तय होते हैं पेट्रोल-डीजल के भाव?


भारत कच्चे तेल का बड़ा आयातक


भारत कच्चे तेल का बड़ा आयातक है। खपत का 85 फीसदी हिस्सा आयात के जरिए पूरा किया जाता है। ऐसे में जब भी क्रूड सस्ता होता है तो भारत को फायदा होता है। तेल जब सस्ता होता है तो आयात में कमी नहीं पड़ती बल्कि भारत का बैलेंस ऑफ ट्रेड भी कम होता है।


भारत कैसे तय होतीं हैं तेल की कीमतें?


तेल की कीमतें दो मुख्य चीजों पर निर्भर करतीं हैं। एक अंतर्राष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल की कीमत और दूसरा सरकारी टैक्स। क्रूड ऑयल के रेट पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है, मगर टैक्स सरकार अपने स्तर से घटा-बढ़ा सकती है। यानी जरूरत पड़ने पर सरकार टैक्स कम कर बढ़े दाम से कुछ हद तक जनता को फायदा पहुंचा सकती है। पहले देश में तेल कंपनियां खुद दाम नहीं तय करतीं थीं, इसका फैसला सरकार के स्तर से होता था। मगर जून 2017 से सरकार ने पेट्रोल के दाम को लेकर अपना नियंत्रण हटा लिया गया। कहा गया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिदिन उतार-चढ़ाव के हिसाब से कीमतें तय होंगी। अमूमन जिस रेट पर हम तेल खरीदते हैं, उसमें करीब 50 फीसदी से ज्यादा टैक्स होता है। इसमें करीब 35 फीसदी एक्साइज ड्यूटी और 15 फीसदी राज्यो का वैट या सेल्स टैक्स। इसके अलावा कस्टम ड्यूटी होती है, वहीं डीलर कमीशन भी जुड़ता है। तेल के बेस प्राइस में कच्चे तेल की कीमत, उसे शोधित करने वाली रिफाइनरीज का खर्च शामिल होता है। इसलिए, क्रूड की कीमतें सीधे खुदरा कीमतों को प्रभावित नहीं करती हैं।


क्यों गिर रही हैं तेल की कीमतें?
कोरोना वायरस संकट के कारण कच्चे तेल की मांग में कमी आयी और तेल की सभी भंडारण सुविधाएं भी अपनी पूर्ण क्षमता पर पहुंच गई है. इसी समय, रूस और सऊदी अरब ने अतिरिक्त आपूर्ति के साथ दुनिया में कच्चे तेल की बाढ़ ला दी. इस दोहरे मार से तेल की कीमतें गिरकर जीरो के नीचे चली गई.गिरती कीमतों का भारतीय अर्थव्यवस्था पर क्या होगा असर?
भारत कच्चे तेल का बड़ा आयातक होने के नाते और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आने पर क्रूड-इंटेंसिव इकोनॉमी हासिल करता है। यह ऑयल इम्पोर्ट बिल को कम करने में मदद करता है और ट्रेड बैलेंस को बेहतर बनाने में मदद करता है। यह रुपये की वैल्यू को सपोर्ट करने में मदद करता है और महंगाई भी कंट्रोल होती है। किसे होगा फायदा और नुकसान?
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट का फायदा एयरलाइंस और पेंट कंपनियों को होगा। इसके साथ ही इसका फायदा ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को हो सकता है, लेकिन उनके लिए यह उतना आसाना नहीं है क्योंकि वे पहले से ही महंगी तेल खरीद रखे हैं और वे अभी मांग में गिरावट से भी आहत हैं। इसलिए ओएनजीसी और ओआईएल जैसी तेल उत्पादन कंपनियों को कम तेल की कम कीमतों से नुकसान होगा।


सीएम योगी के बड़े भाई ने दी मुखाग्नि

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का आज (मंगलवार) सुबह अंतिम संस्कार किया गया। उत्तराखंड के पौड़ी के पास पैतृक गांव पंचूर में सीएम योगी के बड़े भाई मनेंद्र बिष्ट ने पिता को मुखाग्नि दी। आनंद सिंह बिष्ट की अंतिम यात्रा में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, रामदेव, चिदानन्द जी, मदन कौशिक समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए।


बता दें कि सीएम योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट (89) ने सोमवार को दिल्ली के एम्स में अंतिम सांस ली। 13 मार्च को तबीयत बिगड़ने पर आनंद सिंह बिष्ट को दिल्ली एम्स में भर्ती कराया था। जहां सोमवार सुबह उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। सीएम योगी आदित्यनाथ अपने पिता के अंतिम संस्कार में नहीं पहुंचे। सीएम योगी ने कल कहा था कि अंतिम संस्कार के कार्यक्रम में लॉकडाउन की सफलता तथा महामारी कोरोना को परास्त करने की रणनीति के कारण भाग नहीं ले पा रहा हूं। पूजनीया मां, पूर्वाश्रम से जुड़े सभी सदस्यों से भी अपील है कि वे लॉकडाउन का पालन करते हुए कम से कम लोग अंतिम संस्कार के कार्यक्रम में रहें। पूज्य पिताजी की स्मृतियों को कोटि-कोटि नमन करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा हूं।


राष्ट्रपति और पीएम ने भी जताया शोक
भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी योगी आदित्यनाथ के पिता के निधन पर शोक जताया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सीएम योगी के पिता के निधन पर उनको सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में उनकी पूरी संवेदना है। वहीं, सीएम योगी को संबोधित अपने पत्र में पीएम मोदी ने कहा कि स्व. आनन्द सिंह बिष्ट के जीवन की सार्थकता का अनुभव हमें सार्वजनिक जीवन में आप जैसे विलक्षण तत्वज्ञानी के सान्निध्य से होता है। आप जैसे यशस्वी और कर्मठ पुत्र के पिता के रूप में वे एक गौरव पुरुष थे।


भावनाएं काबू कर बैठक करते रहे सीएम
सोमवार को जब मुख्यमंत्री के पिता के निधन का दुखद समाचार आया उस समय मुख्यमंत्री कोरोना से मुकाबले के लिए टीम-11 के अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। खबर मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने भावनाओं को नियंत्रित किया। बैठक घंटे भर में खत्म हो गई। मुख्यमंत्री अपने कक्ष में चले गए। अपर मुख्य सचिव गृ़ह अवनीश अवस्थी ने बताया कि पिता के निधन के बावजूद सीएम ने राजधर्म को प्राथमिकता दी।


सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

सावधानी बरतें, सतर्क रहें।


प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

यूनिवर्सल एक्सप्रेस    (हिंदी-दैनिक)


अप्रैल 22, 2020, RNI.No.UPHIN/2014/57254


1. अंक-255 (साल-01)
2. बुधवार, अप्रैल 22, 2020
3. शक-1943, वैशाख, कृष्ण-पक्ष, तिथि- अमावस्या, विक्रमी संवत 2077।


4. सूर्योदय प्रातः 06:02,सूर्यास्त 06:51।


5. न्‍यूनतम तापमान 20+ डी.सै.,अधिकतम-33+ डी.सै.।


6.समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा।
7. स्वामी, प्रकाशक, संपादक राधेश्याम के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित। प्रकाशित समाचार, विज्ञापन एवं लेखोंं से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहींं है।


8.संपादकीय कार्यालय- 263 सरस्वती विहार, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102।


9.संपर्क एवं व्यावसायिक कार्यालय-डी-60,100 फुटा रोड बलराम नगर, लोनी,गाजियाबाद उ.प्र.,201102


https://universalexpress.page/
email:universalexpress.editor@gmail.com
cont.:-935030275
 (सर्वाधिकार सुरक्षित)


यूपी: गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदला

यूपी: गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदला  संदीप मिश्र  लखनऊ। यूपी में गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदल गया है। कक्षा एक से लेकर आठ तक के स्कू...