गुरुवार, 12 मार्च 2020

दो शेरों पर एक कुत्ता भारी पड़ा

नीलमणि पाल


भुवनेश्वर। शेर को जंगल का सबसे खतरनाक जानवर माना जाता है। उसका हर हमला खाली नहीं जाता है। लेकिन इस बार दो शेर एक कुत्ते से डर गए। वो पीछा छुड़ाने के लिए भागने लगे। सोशल मीडिया पर ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। जिसको देखकर आप भी हैरान रह जाएंगे। इस वीडियो को इंडियन फॉरेस्ट सर्विस के ऑफिसर सुशांत नंदा ने शेयर किया है।


जंगल में दो शेर आराम कर रहे थे, तभी उनको एक कुत्ते दिखा तो हमला करने के लिए खड़े हो गए। उतने में कुत्ता भौंकते हुए उनके पास आया है और उचक-उचककर शेर को डराने की कोशिश करने लगा। उसने शेर पर हवा में उड़ते हुए अटैक करने की कोशिश भी की। लेकिन वो ऐसा नहीं कर सका। 18 सेकंड का ये वीडियो काफी वायरल हो रहा है।  सुशांत नंदा ने वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, ”आत्मविश्वास एक सुपर पावर है. एक बार जब आप खुद पर विश्वास करने लगते हैं, तो जादू होने लगता है।


लखनऊ में वायरस का पहला मामला

कोरोना से दुनियाभर में अब तक 4623 मौतें, कुल 125,841 लोग संक्रमित


लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कोरोना वायरस का पहला मामला सामने आया है। कनाडा से लखनऊ अपने रिश्तेदारों से मिलने आई एक महिला डॉक्टर में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके अलावा बिहार में कोरोना वायरस के पांच और संदिग्धों का पता चला। इनमें दो पटना जबकि बाकी तीन फारबिसगंज, औरंगाबाद और समस्तीपुर के रहने वाले हैं। आपको बता देें कि देश भर में कोरोना के 74 पॉजीटिव मामले सामने आ चुके हैं। फारबिसगंज का संदिग्ध मलेशिया टूर से तीन दिन पहले लौटा है। उसे अनुमंडलीय अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। इधर, पटना में पीएमसीएच की इमरजेंसी में भी कोरोना के दो संदिग्ध मरीजों को भर्ती कराया गया। इनमें एक औरंगाबाद तथा दूसरा समस्तीपुर का है। वहीं, एनएमसीएच में बुधवार को दो और संदिग्धों को भर्ती किया गया। दोनों पटना के ही रहने वाले हैं। इसमें 30 वर्षीय महिला राजस्थान जबकि 24 वर्षीय युवक दिल्ली से लौटा है।


8 मार्च को कनाडा से लखनऊ आई थी महिला डॉक्टर..कनाडा के टोरंटो शहर निवासी महिला डॉक्टर अपने पति के साथ 8 मार्च को लखनऊ के गोमती नगर में रिश्तेदारों से मिलने आई थी। बुधवार को महिला को बुखार महसूस हुआ और गले में खराश हुई। इसके साथ-साथ सर्दी-जुकाम भी शुरू हो गया। परिवारीजनों में कोरोना की आशंका हुई। वो अपने पति के साथ केजीएमयू पहुंची। यहां डॉक्टर डी. हिमांशु की निगरानी में  महिला डॉक्टर को भर्ती किया गया। वहीं दुनियाभर में कोरोना के कहर से हुई तबाही में अब तक 4623 मौतें हुई और कुल 125,841 लोग संक्रमित है ।


लार से हुई जांच..लार का नमूना जांच के लिए माइक्रोबायोलॉजी विभाग में भेज दिया गया। देर रात जांच रिपोर्ट आई जिसमें संक्रमण की पुष्टि हुई। संयुक्त निदेशक डॉ. विकासेंदु अग्रवाल ने बताया कि मरीज से संबंधित पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। डॉक्टर डी. हिमांशु ने बताया कि पति की जांच कराई गई लेकिन उनमें संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई। फिलहाल मरीज व उनके पति को अलग-अलग कमरे में भर्ती रखा गया है।


मुंबई से होते हुए लखनऊ आई थी.. पूछताछ में महिला डॉक्टर ने बताया कि कि वह मुंबई होते हुए लखनऊ आई हैं इस दौरान वह कितने लोगों के संपर्क में आई हैं इसकी पूरी जानकारी उन्होंने टीम को दे दी है। अब टीम इस रिपोर्ट को उच्च अधिकारियों से साझा करेगी ताकि संक्रमण के फैलाव को रोका जा सके।


जमीयत उलेमा करेगा,1 करोड़ की मदद

नई दिल्ली। उत्तर पूर्वी दिल्ली में दंगा पीड़ितों के मकानों को आबाद करने के लिए जमीयत उलेमा ए हिंद ने पहल करते हुए पीड़ितों के मकानों की मरम्मत पर एक करोड़ रुपए खर्च करने का निर्णय किया है। इस संबंध में जमीयत उलेमा ए हिंद के महासचिव मौलाना महमूद मदनी ने कहा कि शिव विहार में सबसे प्रभावित इलाके में दंगे में तबाह हुए मकानों, दुकानों और मस्जिदों का निर्माण का कार्य किया जाएगा।


शिव विहार में जमीयत ने रिलीफ कमेटी का कार्यालय स्थापित किया है और वहां जमीयत के कार्यकर्ता और सहारनपुर तथा शामली जमीयत यूथ क्लब के नौजवान लोगों की सेवा में लगे हुए हैं। दूसरी ओर शिव विहार में जमीयत लीगल सेल के वकील लगातार लोगों को न्याय दिलाने के लिए प्रयासरत हैं। दिन भर दंगा प्रभावित जमीयत के दफ्तर में अपने मामलों को लेकर आते हैं और न्याय दिलाने की मांग करते हैं।


जमीयत उलेमा ए हिंद के प्रयासों से पिछले जुमे को, दंगों के पश्चात पहली बार नमाज़ ए जुमा का प्रबंध किया गया। इसके बाद लोगों में विश्वास बहाल होता नज़र आया। अब लोग अपने घरों को वापस आ रहे हैं। लेकिन उनके सामने सबसे बड़ी समस्या सिर छुपाने की है। उनका मकान और सभी वस्तुओं को दंगाइयों ने जला दिया है। इसलिए यह आवश्यक है कि तुरंत मकानों का निर्माण किया जाए।


इसके अतिरिक्त जमीयत उलेमा ए हिंद ने अपने तौर पर लोगों के जान व माल की हानि का सर्वे भी किया है। पिछले कुछ दिनों से लोगों के घरों की भी सफाई सुथराई की जा रही है। जले हुए मलबे हटाए जा रहे हैं। शिव विहार में दंगे के कष्टदाई समय से लेकर अब तक शिविर स्थापित किए हुए मौलाना हकीमुद्दीन कासमी सचिव जमीयत उलेमा ए हिंद ने बताया कि हमने निर्माण के लिए यहां एक स्थानीय कमेटी भी गठित की है।


खराब अर्थव्यवस्था पर वक्तव्य दे पीएम

नई दिल्ली। कांग्रेस ने कहा है कि शेयर बाजार में निवेशकों के 18 लाख करोड़ रुपए डूब गये हैं, रुपया रिकार्ड निचले स्तर पर आ गया हैं और अर्थव्यवस्था बदहाल हो गयी है लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण चुप्पी साधे हुए हैं। कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला ने गुरुवार को यहां संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से कहा कि देश की अर्थव्यवस्था बदहाल हो गयी लेकिन आश्चर्य की बात यह है कि मोदी और सीतारमण इस बारे में मौन साधे हैं। उन्होंने कहा कि शेयर बाजार आज 2700 अंक गिर गया और निवेशकों का 11 लाख करोड़ रुपया डूब गया। आजादी के बाद देश के निवेशकों के लिए यह सबसे काला दिन है। शेयर बाजार में इस गिरावट का सीधा नुकसान उन छोटे छोटे निवेशकों को होगा जिनका पैसा बाजार में लगा है। दो दिन पहले बाजार 2400 अंक गिरा और तब निवेशकों का बाजार में सात लाख करोड़ रुपए डूबा था। प्रवक्ता ने कहा कि रुपया आज सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है। डालर के मुकाबले रुपये में यह रिकार्ड गिरावट है।


सार्वजनिक क्षेत्र के भारतीय स्टेट बैंक में 44 करोड 51 लाख खाता धारकों के बचत बैंक खाते पर ब्याज 3.5 फीसदी से घटाकर तीन प्रतिशत कर दिया है। इससे आम खाता धारकों को 2700 करोड़ रुपए सालाना का नुकसान होगा। उनका आरोप था कि इस पैसे से एसबीआई को येस बैंक को खरीदना है। येस बैंक से श्री मोदी के करीबी लोगों को ऋण दिया गया जो डूब गया है। उसकी भरपाई जनता के पैसे से करने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि आश्चर्य यह है कि पेट्रोल और डीजल के दाम सरकार नहीं घटा रही है जबकि कच्चा तेल अंतरराष्ट्रीय बाजार में 32 डालर से 35 डलर प्रति बैरल है। उन्होंने कहा कि नवंबर 2004 में कच्चे तेल की कीमत 35 डालर प्रति बैरल थी तो उस समय देश में पेट्रोल का दाम 35.85 पैसा प्रति लीटर था लेकिन आज पेट्रोल 70.79 प्रति लीटर है। आम उपभोक्ताओं को नुकसान हो रहा हैं। इसी तरह से 2004 में डीजल 26.28 पैसा था जो आज 65 रुपए हो गया है। यानी सरकार 38.79 अपनी जेब में डाल रही हैं।


शामली पुलिस लाइन में फूलो की होली

भानु प्रताप उपाध्याय


शामली। पुलिस लाईन शामली में होली पर्व का आयोजन किया गया। जिसमें जिला न्यायाधीश शामली, जिलाधिकारी शामली, पुलिस अधीक्षक शामली, मुख्य चिकित्सा अधिकारी शामली, समस्त उपजिलाधिकारीगण, क्षेत्राधिकारीगण शामली व सभी थानों के थानाध्यक्ष मय पुलिस स्टाफ के साथ सम्मिलित हुए । पुलिस लाईन में होली पर्व का रंगारंग कार्यक्रम गुलाल व फूल के माध्यम से मनाया गया । पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों व कर्मचारीयों को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दी ।


जनगणना ड्यूटी नहीं तो 3 साल जेल

लखनऊ। उत्तरप्रदेश में लखनऊ नगर निगम ने जनगणना डयूटी को लेकर कर्मचारियों को नोटिस जारी किया है। जनगणना ड्यूटी न करने पर अब कोई बहाना नहीं चलेगा। न कोई ना नुकुर कर पाएगा। नगर निगम ने नोटिस जारी कर ये चेतावनी दी कि अगर जनगणना ड्यूटी न किया तो तीन साल की जेल होना तय है। बारह मार्च को दोपहर तीन बजे तक कर्मचारियों की सूची भेजने का अंतिम समय रखा गया है। इसके बाद ऐक्शन लिया जा सकता है।


जनगणना की ड्यूटी करने से सरकारी विभाग पीछे हट रहे हैं। नगर निगम में अधिकांश विभागों ने यह सूचना भेज दी है कि जनगणना ड्यूटी में कर्मचारियों की तैनाती करना असंभव है। हर विभाग ने कई तर्क गिनाए हैं। इसमें कर्मचारियों की कमी अहम बताया जा रहा है। अब नगर निगम ने संबंधित विभागों को नोटिस जारी की है। बारह मार्च तक कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित न करने पर नगर निगम विधिक कार्यवाही करेगा।


अपर नगर आयुक्त राकेश कुमार यादव ने बताया कि जनगणना 2021 का प्रथम चरण में मकान सूचीकरण, मकान गणना व एनपीआर किया जाना है। इसकी अधिसूचना दिनांक 19 नवंबर 2019 को जारी हो चुकी है। जनगणना का कार्य 16 मई से 30 जून के बीच होना है। नगर निगम को नोडल विभाग बनाया गया है लेकिन कई विभाग कई बहाने गिनाते हुए जनगणना कार्य के लिए कर्मचारियों की सूची नहीं भेज रहे हैं तो कुछ विभाग जनगणना ड्यूटी से अलग रखने का पत्र भेज रहे हैं।


सुप्रीम कोर्ट ने दिया योगी को झटका

नई दिल्ली। पोस्टर विवाद पर आज उच्चतम न्यायालय ने उत्तर प्रदेश सरकार की याचिका पर सुनवाई की। याचिका में इलाहाबाद उच्च न्यायालय के फैसले को चुनौती दी गई थी। बहस के बाद अदालत ने मामले को विस्तृत सुनवाई के लिए तीन जजों की पीठ के पास भेज दिया है। हालांकि उच्च न्यायालय के फैसले पर रोक नहीं लगाई है। अदालत में योगी सरकार ने अपने फैसले का बचाव करते हुए कहा कि जो लोग खुलेआम बंदूक लहरा रहे हैं उनकी कैसे निजता हो सकती है।


अदालत में सुनवाई के दौरान दी गई यह दलीलें
– मामले की विस्तृत सुनवाई के लिए उच्चतम न्यायालय ने इसे तीन जजों की पीठ को भेज दिया है।
– एक अन्य आरोपी की तरफ से अदालत में पेश हुए वकील ने कहा कि यूपी सरकार के पास इस तरह की होर्डिंग लगाने का कोई कानूनी अधिकार नहीं है। यह राज्य सरकार का एक प्रतिशोधात्मक दृष्टिकोण है।
– आरोपी मोहम्मद शोएब का पक्ष रख रहे वर्षिठ वकील कोलिन गोंजाल्विस ने बहस शुरू करते हुए कहा कि शोएब अपने आपको बहुत पीड़ित महसूस कर रहे हैं। उन्हें डर है कि कोई उनके घर आकर उनकी हत्या कर देगा।
– अभिषेक मनु सिंघवी, बाल यौन शोषण और हत्यारों के मामलों का उदाहरण देते हुए कहा- हमारे देश में ऐसी नीति कबसे लागू हो गई कि हम लोगों के नाम सार्वजनिक करके उनकी मानहानि कर रहे हैं। यदि ऐसा होता है तो सड़क पर चल रहे उस शख्स की भीड़ हत्या कर सकती है।
– पूर्व आईपीएस अधिकारी एसआर दारापुरी की तरफ से अदालत में वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी पक्ष रख रहे हैं। उन्होंने कहा, यह 1972 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं जो आईजी के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं।
– शीर्ष अदालत ने पाया कि यूपी सरकार ने होर्डिंग्स पर कथित आगजनी करने वालों का ब्योरा देने के लिए यह (कठोर) कदम उठाया था। अदालत ने कहा कि वह राज्य की बैचेनी को समझ सकता है लेकिन फैसले को वापस लेने के लिए उसके पास कोई कानून नहीं है।
– तुषार मेहता ने कहा कि एक शख्स जो प्रदर्शन के दौरान बंदूक चलाता है और कथित तौर पर हिंसा में शामिल है। वह निजता के अधिकार का दावा नहीं कर सकता।
– सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत में कहा कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय से आदेश पारित करते हुए गलती हुई है।
– न्यायमूर्ति अनिरुद्ध बोस ने तुषार मेहता से पूछा कि वह अधिकार कहां है? जिसके तहत यूपी सरकार ने लखनऊ में नागरिकता कानून के खिलाफ कथित आगजनी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।
– उच्चतम न्यायालय ने उत्तर प्रदेश सरकार से कहा कि फिलहाल ऐसा कोई कानून नहीं है जो आपकी इस कार्रवाई का समर्थन करता हो।
– न्यायालय ने उत्तर प्रदेश सरकार से पूछा कि क्या उसके पास ऐसे पोस्टर लगाने का अधिकार है।
– उच्चतम न्यायालय ने कहा कि यह बेहद महत्वपूर्ण मामला है।
– सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि निजता के अधिकार के कई आयाम हैं।


रेप के बाद पंचायत ने कराया निकाह

अश्वनी उपाध्याय


गाजियाबाद। मुरादनगर में एक ईंट-भट्ठे पर 14 वर्षीय किशोरी को अगवा कर पहले उसके साथ दुष्कर्म किया गया और फिर पंचायत ने किशोरी का निकाह उसी युवक के साथ करा दिया। अब किशोरी के पिता ने आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है कि उनकी बेटी के साथ मारपीट की जा रही है।


थानाप्रभारी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामला 20 दिन पुराना बताया जा रहा है। नाबालिग की कैसे शादी कराई, इस एंगल पर भी जांच की जा रही है।


विपक्षी दलों को डरा धमका रही भाजपा

कमलेश कुमार चौधरी की रिपोर्ट


लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा राज्यों में विपक्षी दलों को डरा-धमका रही है, दूसरे हथकंडों से प्रभावित कर रही है। इन कारनामो से भाजपा लोकतंत्र के लिए खतरा बन गई है। अखिलेश ने बुधवार को अपने एक बयान में कहा कि भाजपा का आचरण लोकतंत्र विरोधी है। राजनीतिक मूल्यों एवं नैतिकता की परवाह किए बिना राज्यों में विपक्षी दलों को डराना-धमकाना और अन्य हथकंडों से प्रभावित करने जैसे कामों से भाजपा लोकतंत्र के लिए खतरा बन गई है।


पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में बदले की भावना में डूबी भाजपा की सरकार अहंकारी है। दूसरों की तस्वीर चौराहों पर लगाने वालों की खुद की छवि धूमिल हो रही है।


उन्होंने कहा कि जनता की निगाह में बदले की भावना से किए गए कामों का फल अच्छा नहीं होता है। जनता के मन में भारी आक्रोश है। भाजपा सरकार के तीन साल पूरे हो गए लेकिन जनकल्याण की एक भी योजना जमीन पर नहीं उतर पाई है। सपा सरकार के कामों को दोहराकर या उन्हें नए-नए नाम देकर ही भाजपा सरकार एक-एक दिन काट रही है।


सपा अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी सामाजिक सद्भाव के लिए प्रतिबद्घ है। सौहार्द के वातावरण में ही विकास हो सकता है। विकास को गति देने और सामाजिक न्याय के लाभ के लिए जातीय जनगणना होनी चाहिए। इससे समाज के सभी वर्ग के लोगों को उनकी संख्या के अनुरूप हिस्सेदारी तय हो सकेगी।


अवसाद को समझे और बाहर निकले

सचिन कौशिक


उद्योग संघ, एसोचैम द्वारा किए गए एक अध्ययन के अनुसार, भारतीय कॉरपोरेट्स में लगभग 42 प्रतिशत कर्मचारी उदास हैं। आप एक बड़े MNC या एक स्टार्टअप में एक प्रबंधक हैं। आपको उन कर्मचारियों में से एक से एक कॉल मिलता है जो आपको बताता है कि वे आज में नहीं आ सकते हैं। वे आपको कोई कारण नहीं देते। जब आप एक के लिए पूछते हैं, तो वे प्रश्न को खाली कर देते हैं, और जब आप दबाते हैं, तो वे कहते हैं कि वे आज में आने का महसूस नहीं करता।


आखिरकार, काम काम है, हर कोई शिकायत करता है, लेकिन हम सभी इसके लिए नीचे उतरते हैं। कार्य केवल बिलों का भुगतान करने में हमारी मदद नहीं करता है, यह एक सामाजिक, सामाजिक और मनोवैज्ञानिक उद्देश्य प्रदान करता है। यह हमें पहचान, आत्म-सम्मान, गर्व की भावना, सम्मान और दिशा प्रदान करता है। ज़रूर, ऐसे दिन हैं जब आप सुबह के ट्रैफ़िक से बचते हैं, देर से बिस्तर से बाहर निकलते हैं, एक बड़ा नाश्ता खाते हैं, एक मैटिनी शो देखते हैं, एक बीयर प्राप्त करते हैं और दोपहर की झपकी लेते हैं? जब आप काम पर जाने के मूड में नहीं होते हैं, तो हर कोई उन भावनाओं को महसूस करता है।


भावनाएं हैं और फिर ऐसी भावनाएं हैं जो काम छोड़ने के क्षणभंगुर सोच से परे हैं।


ज्यादातर लोगों के लिए, इन भावनाओं में सोमवार ब्लूज़, नींद की कमी, एक हैंगओवर, बॉस के साथ समस्या, किसी प्रियजन के साथ लड़ाई, या कुछ क्षणभंगुर है जो आमतौर पर डबल एस्प्रेसो के बाद या ईएमआई भुगतान के बारे में एक अनुस्मारक के बाद दूर हो जाता है। नया घर या कार। वे इससे बाहर निकलते हैं। फिर ऐसे लोग हैं जो इससे बाहर नहीं निकल सकते। यह अवसाद है। जब बिस्तर से उठने और ऑफिस जाने का सरल काम एक स्मारकीय कार्य की तरह लगता है। यदि वे अपने आप को कार्यालय में घसीट ले जाते हैं, तो निम्न प्रकार की बात होती है, मनोदशा में कमी, एकाग्रता में कमी, समाज में गिरावट, ऊर्जा का स्तर कम होना और उदासी की भावना।


यदि किसी कंपनी के पास काम पर औपचारिक मानसिक स्वास्थ्य नीति नहीं है, तो यह समग्र एचआर पॉलिसी में मानसिक स्वास्थ्य को शामिल कर सकती है और यह सुनिश्चित कर सकती है कि मानव संसाधन विभाग के भीतर इसका स्वामित्व है। प्रबंधकों को अवसाद से पीड़ित कर्मचारियों से निपटने के तरीके के बारे में सचेत करने की आवश्यकता है, उन्हें संकेतों की पहचान करने, सहानुभूति की पेशकश करने, समर्थन करने और उचित सहायता प्रदान करने में सक्षम होने की आवश्यकता है।


चेतावनी के संकेत: – अनुपस्थिति
– कम उत्पादकता
– समाज से दूरी बनाना
– छूटी हुई डेडलाइन
– कम गुणवत्ता वाला काम
– मूड के झूलों
– थकान और सुस्ती
– काम पर त्रुटियाँ
– घटती प्रेरणा
– मादक द्रव्यों का सेवन


कॉर्पोरेट कर्मचारियों को अवसादग्रस्त कर्मचारियों की मदद करने के तरीके
– सहानुभूति और चिंता पेश करें
– उन्हें उदासी में कॉल करना आसान बनाएं
– डिप्रेशन के बारे में उनसे बात करे
– अवसादग्रस्त कर्मचारी से कैसे निपटें, इस पर कर्मचारियों को जागरूक करें
– इसे एचआर पॉलिसी का हिस्सा बनाएं
– इन-हाउस काउंसलिंग का प्रस्ताव दें
– लचीले काम के घंटे की पेशकश करें और घर के विकल्पों से काम करें
– पिछले काम के बारे में याद दिलाएं और आश्वासन भी दें
– उन्हें आलसी के रूप में ब्रांड न करें या प्रतिबद्ध न हों


पीएफआई के अध्यक्ष-सचिव गिरफ्तार

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने पीएफआई के अध्यक्ष और सचिव को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक अध्यक्ष का नाम परवेज और सचिव का नाम इलियास है। आपको बता दें कि पीएफआई पर शाहीन बाग में सीएए के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों की फंडिंग का आरोप है। बताया जा रहा है कि इलियास शिव बिहार का रहने वाला है। स्पेशल सेल ने शाहीन बाग में चल रहे प्रदर्शन और पीएफआई के संबंधों की जांच करते हुए दोनों की गिरफ्तारी की है। इन पर दिल्ली हिंसा भड़काने का भी आरोप है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।


इससे पहले दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पीएफआई के सदस्य दानिश को गिरफ्तार किया था। उसे सीएए विरोध प्रदर्शनों के दौरान कथित रूप से दुष्प्रचार करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने कहा था कि दानिश पीएफआई के काउंटर इंटेलिजेंस विंग का प्रमुख है और शहर भर में सीएए विरोधी प्रदर्शन में सक्रिय रूप से भाग लेता रहा है।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बीते रविवार को ओखला से एक कश्मीरी दंपति को इस्लामिक स्टेट (आईएस) खुरासान मॉड्यूल के साथ कथित संबंधों के आरोप में गिरफ्तार किया था। इस जोड़े की पहचान जहांजेब सामी (पति) और हिना बशीर बेग (पत्नी) के रूप में की गई है। पुलिस ने उनके पास से कुछ आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पीएफआई पर नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) प्रदर्शन के दौरान लोगों को भड़काने और फंडिंग करने का आरोप है।


शह-मात के खेल में किसके हाथ बाजी

भोपाल। मध्य प्रदेश में शह और मात के खेल में बाजी किसके हाथ लगेगी, यह अभी साफ नहीं है। ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) ने हाथ का साथ छोड़कर कमल फूल खिलाने का जिम्मा अपने हाथों में लिया है। अब सवाल उठ रहे हैं कि एमपी में अगर बीजेपी सरकार बनती है तो मुख्यमंत्री की कुर्सी किसे मिलेगी? सूत्रों के मुताबिक सीएम पोस्ट के लिए पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का (Shivraj Singh Chouhan) नाम सबसे आगे है। लेकिन पार्टी के वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा (Narottam Mishra) से उन्हें चुनौती मिल रही है।


एमपी में शिवराज बीजेपी के नंबर वन नेता
ज्योतिरादित्य सिंधिया कैंप के विधायकों की बगावत के बाद अगर कमलनाथ सरकार गिरती है तो चौथी बार शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री बन सकते हैं। वजह भी साफ है। एमपी में शिवराज के कद का नेता बीजेपी में दूर-दूर तक नहीं नजर आता है। उनके पास सरकार चलाने का लंबा अनुभव है। लगातार तीन कार्यकाल उन्होंने सफलतापूर्वक पूरे किए हैं। उन्होंने ऐसे वक्त में एमपी की कमान संभाली थी जब उमा भारती जैसी कद्दावर नेता की बगावत के बाद बीजेपी संकट से जूझ रही थी। ऐसे में उनकी राह में मोटे तौर पर कोई बड़ी बाधा नहीं दिखती है।


शिवराज और नरोत्तम के बीच अनबन!
हालांकि सियासी घटनाक्रम के बीच बीजेपी के एक और नेता हैं जिनका नाम काफी चर्चा में है। यह हैं दतिया से विधायक और पूर्व संसदीय कार्यमंत्री नरोत्तम मिश्रा। मंगलवार शाम को बीजेपी विधायक दल की बैठक में आंतरिक गतिरोध नजर आया। इस दौरान शिवराज और नरोत्तम समर्थक आमने-सामने आ गए। अपने-अपने नेता के लिए समर्थकों ने नारे भी लगाए। बताया जाता है कि नरोत्तम समर्थकों ने कांग्रेस में सियासी संकट के दौरान शिवराज की भूमिका को लेकर सवाल भी उठाए। इस बीच भोपाल में बीजेपी दफ्तर के पास ज्योतिरादित्य सिंधिया के स्वागत में पोस्टर लगाए गए हैं। पोस्टर में सिंधिया के साथ नरोत्तम मिश्रा की तस्वीर है।


लोकप्रियता में शिवराज का सानी नहीं
अगर लोकप्रियता की बात की जाए तो शिवराज के सामने नरोत्तम बिल्कुल नहीं टिकते। इसके बावजूद अमित शाह के करीबी माने जाने वाले नरोत्तम का पार्टी के अंदर अच्छा प्रभाव है। इससे पहले भी माना जा रहा था कि गोपाल भार्गव की जगह शिवराज को नेता विपक्ष बनाकर कमलनाथ सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया जाएगा। हालांकि मंगलवार को विधायक दल की बैठक में इस पर चर्चा नहीं हुई।


शिवराज ने नरोत्तम का नेता विपक्ष के लिए किया था विरोध?
एमपी की सियासत में नरोत्तम मिश्रा और शिवराज को अलग-अलग ध्रुव माना जाता है। सूत्रों के मुताबिक चुनाव के बाद भी शिवराज ने नरोत्तम के नाम का विरोध किया था और इसी वजह से नेता विपक्ष का पद गोपाल भार्गव को दिया गया। मिश्रा का नाम प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए भी प्रस्तावित था लेकिन आरएसएस के करीबी माने जाने वाले वीडी शर्मा को जिम्मेदारी मिली।


नए नाम से चौंकाएगी बीजेपी?
अब जबकि बीजेपी को लग रहा है कि वह सरकार बनाने के काफी करीब है, शिवराज चौहान और नरोत्तम मिश्रा खेमे के बीच शीतयुद्ध जैसे हालात हैं। बीजेपी सूत्रों को लगता है कि रस्साकशी को देखते हुए पार्टी वीडी शर्मा की तरह ही कोई नया नाम लाकर चौंका सकती है। पीएम मोदी के करीबी और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र तोमर के नाम की भी चर्चा है। सूत्रों के मुताबिक ज्योतिरादित्य सिंधिया को मोदी सरकार में वाणिज्य या भारी उद्योग जैसा पद मिल सकता है। इसके साथ ही उनके समर्थकों को बोर्ड, कॉर्पोरेशन और समितियों में पद देकर संतुष्ट किया जाएगा।


भोपाल में भव्य स्वागत की तैयारी

नई दिल्ली। कांग्रेस का ‘हाथ’ छोड़ भारतीय जनता पार्टी का दामन थामने वाले मध्य प्रदेश के ‘महाराज’ ज्योतिरादित्य सिंधिया गुरुवार को भोपाल पहुंचेंगे। मध्य प्रदेश जाने से पहले ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। सिंधिया यहां रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी मिले। पार्टी में शामिल होने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया की ये पहली औपचारिक मुलाकात थी। गुरुवार सुबह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर लिखा कि आज ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात की। मुझे पूरी उम्मीद है कि उनके बीजेपी में आने से मध्य प्रदेश में जनता की सेवा करने में पार्टी और भी मजबूत होगी। अमित शाह से पहले उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी औपचारिक मुलाकात की।



गौरतलब है कि बुधवार को ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिल्ली में बीजेपी ज्वाइन की, इस दौरान बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद रहे थे। पार्टी ज्वाइन करने के कुछ ही देर बाद भारतीय जनता पार्टी ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को राज्यसभा भेजने का फैसला ले लिया। मध्य प्रदेश कांग्रेस की ओर से गुरुवार को ही ज्योतिरादित्य सिंधिया पर तंज कसा गया था। ट्वीट कर पार्टी की ओर से कहा गया कि बीजेपी में महाराज का इतना अपमान किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर उनका स्वागत भी नहीं किया है।


हालांकि, अब अमित शाह, राजनाथ सिंह ने ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात के बाद उनका औपचारिक स्वागत किया है। बता दें कि ज्योतिरादित्य सिंधिया आज जब भोपाल पहुंचेंगे तो भाजपा कार्यकर्ताओं की तरफ से उनका स्वागत किया जाएगा. एयरपोर्ट से बीजेपी दफ्तर तक सिंधिया रोड शो में शामिल होंगे, इसके बाद पार्टी दफ्तर में राज्य के बड़े नेता उनका स्वागत करेंगे. भोपाल में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क किनारे ज्योतिरादित्य सिंधिया के स्वागत में पोस्टर चस्पा किए हैं।


प्रदेश में 10,000 कांग्रेसी ने दिया इस्तीफा
भोपाल। वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया केकांग्रेस को छोड़ने के बाद मध्यप्रदेश कांग्रेस के करीब 10,000 पदाधिकारियों ने इस्तीफे दे दिये हैं और कई पदाधिकारी त्यागपत्र दे सकते हैं। यह दावा मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता के पद से इस्तीफा देने वाले पंकज चतुर्वेदी ने बुधवार को किया है। उन्होंने सिंधिया के कांग्रेस छोड़ने के तुरंत बाद इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, मध्यप्रदेश की सत्तारूढ़ कांग्रेस ने इस दावे को खारिज कर दिया और कहा कि सिंधिया के समर्थक अन्य नेताओं पर कांग्रेस छोड़ने के लिए दबाव बना रहे हैं।


सिंधिया के कट्टर समर्थक समझे जाने वाले चतुर्वेदी ने कहा, ‘‘सिंधिया जी के कांग्रेस छोड़ने के बाद उनके प्रति आस्था जताने वाले मध्यप्रदेश कांग्रेस के करीब 10,000 पदाधिकारियों ने इस्तीफे दे दिये हैं। ये इस्तीफे राज्य स्तर से ब्लॉक स्तर तक के पदाधिकारियों के हैं और कल सुबह से लेकर आज शाम तक दिए गए हैं। इनमें कुछ कांग्रेस जिला अध्यक्ष भी शामिल हैं।’’ उन्होंने दावा किया, ‘‘जल्द ही कई अन्य कांग्रेसी पदाधिकारी भी अपने पदों से त्यागपत्र देंगे।’’


चतुर्वेदी ने कहा कि गुना, सागर, अशोक नगर, ग्वालियर, इंदौर, शिवपुरी एवं कुछ अन्य जिलों के कांग्रेस अध्यक्षों ने अपना इस्तीफा दिया है। मध्यप्रदेश कांग्रेस के मीडिया समन्वयक नरेन्द्र सलूजा ने कहा कि सिंधिया के समर्थक पार्टी के नेताओं को इस्तीफा देने के लिए दबाव बना रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इतने बड़ी तादात में पार्टी के पदाधिकारियों ने इस्तीफे नहीं दिये हैं।


सलूजा ने बताया, ‘‘जिस किसी ने भी इस्तीफा दिया है, उसने सिंधिया समर्थकों के दबाव में दिया है। वे पार्टी के नेताओं पर दबाव बना रहे हैं। यदि सिंधिया इतने प्रसिद्ध थे तो वह पिछले साल गुना लोकसभा सीट से चुनाव क्यों हार गये थे?’ उन्होंने कहा कि सिंधिया को भाजपा में कुछ दिन बिताने के बाद ही जल्द अपनी नेतृत्व के बारे में असलियत का पता चल जाएगा।


भाजपा में शामिल होने की संभावना
माना जा रहा है की जब ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थन में 10,000 से अधिक कांग्रेस नेताओं ने त्यागपत्र दिया है तो वह ज्योतिरादित्य सिंधिया के भोपाल रोड शो के दौरान भाजपा में शामिल हो सकते है। वहीँ प्रदेश में बड़ी जिम्मेदारी भी संभल सकते है. पर देखना यह है की अब क्या नया भूचाल आता है। मध्य प्रदेश की सियासत पर… “कमल” की सरकार टिकेगी या फिर सिंधिया समर्थन से “कमल” बनाएगी सरकार……….


वायरस ने स्वाह किए 6 लाख करोड़

मुंबई। बाजार में एक बार फिर कोरोना ने कोहराम मचा दिया है। कोरोना वायरस को महामारी घोषित करने के एक दिन बाद ही दुनियाभर के शेयर बाजारों में हाय-तौबा मच गई है। कमोडिटी बाजारों पर भी काफी प्रभाव देखने को मिल रहा है। वैश्विक बाजारों से खराब संकेत की वजह से गुरुवार के कारोबारी ‎दिन घरेलू शेयर बाजार बड़ी गिरावट के साथ खुले। सेंसेक्स 1200 अंकों से ज्यादा नीचे खुला और देखते ही देखते गिरावट 1800 अंकों तक पहुंच गई।
गिरावट इतनी तेज थी कि महज एक मिनट में निवेशकों के 6 लाख करोड़ रुपए स्वाहा हो गए। इंडेक्स ने शुरुआती कारोबार में ही 10 हजार का लेवल तोड़ दिया और 541.85 अंकों की गिरावट के साथ 9,916.55 पर देखा गया। बाजार में खौफ इतना हावी है कि कोई भी सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान पर नहीं दिखाई दिया। सबसे ज्यादा गिरावट टाटा स्टील, ओएनजीसी, टाइटन, एसबबीआई के शेयरों में दिखी. इन सभी में 7 पर्सेंट से ज्यादा की गिरावट थी। निफ्टी पर यस बैंक, टाटा मोटर्स, टाटा स्टील और वेदांता शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट है।
कोरोना अब वैश्विक महामारी
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कोरोना वायरस को आधिकारिक तौर पर वैश्विक महामारी घोषित कर दिया है, देशों ने अपने इंटरनैशनल बॉर्डर बंद करने शुरू कर दिए हैं और अमेरिकी बाजार 6 फीसदी लुढ़क गया है। बुधवार को अमेरिकी शेयर बाजार में जबर्दस्त गिरावट दर्ज की गई है। बेंचमार्क डाउ जोन्स 1400 अंकों से ज्यादा फिसला, जिससे संकेत लेते हुए एशियाई बाजारों में भी गिरावट देखने को मिली। सिंगापुर एक्सचेंज पर निफ्टी फ्यूचर्स करीब 4 पर्सेट से ज्यादा की गिरावट के साथ कारोबार करते दिखाई दे रहे थे। इससे संकेत मिल रहे हैं कि दलाल स्ट्रीट के कारोबार की शुरुआत बड़ी गिरावट के साथ हो सकती है।
कच्चा तेल और गिरा, अन्य बाजारों का हाल
तोक्यो बेंचमार्क निक्केई 2 फीसदी से ज्यादा नीचे, साउथ कोरिया कका कॉस्पी करीब सवा फीसदी और ऑस्ट्रेलिया का एएसएक्स शुरुआती ट्रेड में 2.6 फीसदी नीचे देखे गए। वहीं अमेरिका के यूरोप यात्रा पर बैन के बाद कच्चे तेल के दाम में और गिरावट दर्ज की गई। ब्रेंट क्रूड 34.76 प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गया, हालांकि इसमें उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा था।


अलीगढ़ डीएम ने सुनी जन समस्याएं

डीएम के जनता दरबार में आई 20 शिकायतें, डीएम ने सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को दिए शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के आदेश


अलीगढ़। डीएम चंद्र भूषण सिंह ने आज फरियादियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना। जनसुनवाई के दौरान 20 शिकायतें( शस्त्र लाइसेंस, मेडिकल जांच, अवैध कब्जा, राशन, पेंशन, विद्युत, स्वास्थ्य संबंधित) प्राप्त हुई। जिनके निस्तारण के लिए डीएम ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए और कहा कि जनता दरबार में आने वाली शिकायतों का 3 दिन के अंदर निस्तारण करे। इसमे किसी भी प्रकार की लापरवाही नही होनी चाहिए।
इसके साथ ही डीएम चन्द्र भूषण सिंह ने सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि लाभार्थी परक योजनाओं पेंशन,आवास, किसान आदि के ऑफलाइन आवेदनों को ऑनलाइन कराकर पात्रो को लाभ दिया जाए।इस मौके पर जनता दरबार मे डीएसओ चमन शर्मा सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव


राज्य झेल पाएगा दो राजधानियों का बोझ

विकासनगर। मोर्चा कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि अभी हाल ही में त्रिवेन्द्र सरकार ने गैरसैण को अस्थायी राजधानी बनाने की घोषणा की, जोकि जनभावना के आयने में ठीक हो सकती है, लेकिन अगर राज्य की आर्थिकी, जनसरोकार व सुलभ न्याय पाने की दृष्टि से सोचें तो एक गरीब प्रदेश के लिए इससे कष्टकारी कार्य कोई हो नहीं सकता।
नेगी ने कहा कि एक गरीब प्रदेश में दो-दो अस्थायी राजधानियों का बोझ प्रदेश उठाने की स्थिति में नहीं है। आलम यह है कि प्रदेश को 33701 करोड़ रूपया बाजारू कर्ज चुकाना है तथा 47,580 करोड़ (31.03.2019 तक) का अन्य कर्ज चुकाना है, जोकि अब तक लगभग 50000 करोड़ हो चुका है। वर्तमान में प्रदेश सरकार लगभग 3000 करोड़ प्रतिवर्ष बाजारू कर्ज का ब्याज चुकाने में खर्च कर रही है।


नेगी ने कहा कि प्रदेश की जनता को सरकार/शासन से न्याय नहीं मिलता, जिस कारण हर छोटे-मोटे मामले में न्याय पाने के लिए मा0 न्यायालय का सहारा लेना पड़ता है। अगर त्रिवेन्द्र के कार्यकाल की बात करें तो 19614 मामले में जनता ने मा0 न्यायालय में याचिकाएं दायर की तथा वहीं दूसरी ओर अन्य मुख्यमन्त्रियों के कार्यकाल में भी हजारों याचिकाएं दायर की गयी, यानि जनता को न्याय पाने के लिए न्यायालय का ही रूख करना पड़ा।
नेगी ने कहा कि अस्थायी राजधानी (गैरसैण) का निर्माण करने से लगभग 5000 करोड़ की जरूरत होगी, जोकि सभी मुख्यालय, ढांचागत विकास, आवास व एवं अन्य व्यवस्थाओं में खर्च किया जायेगा। ये धन जुटाना भी सरकार के लिए टेडी खीर है। राज्य गठन करने के पीछे भी जनता को यही उम्मीद थी कि सुलभ न्याय एवं जनसुनवाई होगी तथा माफियाओं का अन्त होगा, लेकिन सब कुछ इसके उलट हुआ। यहाँ तक कि जनता राज्य गठन को भी अपनी भारी भूल मानने लगी है।
मोर्चा सरकार से मांग करता है कि दो-दो अस्थायी राजधानियों के बदले एक स्थायी राजधानी की घोषणा करें। वैसे मोर्चा केन्द्रशासित प्रदेश का पक्षधर है।
पत्रकार वार्ता में:- मोर्चा महासचिव आकाश पंवार, विजयराम शर्मा, दिलबाग सिंह, सोम देश प्रेमी, सुशील भारद्वाज  आदि थे।


एक बार फिर 10 दिनो तक 'गंगा' बंदी

हरिद्वार। हरिद्वार में एकबार फिर से गंगाबंदी होने जा रही है।10 दिन के इस क्लोजर में कुंभ के गंगा से जुड़े विभिन्न काम कुंभ मेला अधिष्ठान कराएगा।इसके लिए 22 मार्च से 02 अप्रैल तक गंगनहर फिर से बंद रखी जाएगी।वही  एसडीओ, गंगनहर हैडवर्क्स उप्र ,की माने तो अभी तो प्रस्ताव सरकार को भेजा गया है। गंगा बन्दी होगी या नहीं यह तो उत्तर -प्रदेश सरकार की मनसा पर निर्भर करता है। 


           हरिद्वार में प्रतिवर्ष दशहरे से दीपावली के बीच गंगनहर का वार्षिक क्लोजर होता है।इस दौरान उप्र सिंचाई विभाग द्वारा गंगा में समतलीकरण सहित नहरों,डैमों के रखरखाव के काम कराए जाते हैं।कुंभ-अर्द्धकुंभ को छोड़कर इसके अतिरिक्त कभी गंगाबंदी नहीं होती।इसबार कुंभ विकास कार्यों के लिए 10 दिनों के लिए अतिरिक्त गंगाबंदी की जा रही है। 22-23 मार्च की मध्यरात्रि से 01-02 अप्रैल की मध्यरात्रि तक गंगाबंदी के लिए कुंभ मेला प्रशासन के आग्रह पर गंगनहर बंदी अनुरोध उत्तरप्रदेश सरकार को भेजा गया है।इस दौरान होने वाली गंगाबंदी में घाटों व पुलों के निर्माण से जुड़े कुंभ के कार्य कराए जाएंगे।नमामि गंगे के भी कार्य गंगनहर की इस बंदी के दौरान सम्पन्न होंगे।पुलों के गंगा में बनने वाले पिलरों,हाईवे, फ्लाई ओवर्स के गंगा से जुड़े काम भी इस दौरान निपटाए जाएंगे।


मेलाधिकारी दीपक रावत की माने तो इस दौरान हरकीपौड़ी पर विवादित गंगा मंदिर (मानसिंह की छतरी ) का कार्य भी प्रारम्भ हो जायेगा ,चुकी वह लम्बा कार्य है फिर भी उसका कार्य शुरू करा दिया जायेगा। जिससे की निचे कार्य हो जय और ऊपर का कार्य चलता रहेगा। रावत के अनुसार गंगा क्लोजर के दौरान लगभग 4 या 5 निर्माणधीन पोलो का कार्य होना है। बाकि ऊपर के कार्य समय से पूर्ब पुरे कर लिए जायेंगे।


वही  एसडीओ, गंगनहर हैडवर्क्स उप्र ,विक्रांत सैनी की माने तो कुंभ मेला प्रशासन द्वारा कुंभ से संबधित कार्यों के लिए गंगा क्लोजर की मांग की गई है।गंगासभा से विचार-विमर्श कर आगामी 22-23 मार्च की मध्यरात्रि से 01-02 अप्रैल की मध्यरात्रि तक गंगाबंदी के लिए प्रस्ताव मुख्यालय भेज दिया गया है। मानना या ना मानना उत्तर प्रदेश सरकार पर निर्भर करता है। सैनी का मानना है कि कुम्भ आस्था का केंद्र है और उसकी महतत्वता सरकार भी समझती है ,इसलिए संभव है कि गंगा क्लोजर होना चाहिए। जिससे की साथै कार्य कुम्भ पर्व के कराये जा सके।


महिलाओं को स्वस्थ- संबंधित जानकारी

महिलाओंं की रक्तजांच व एनीमिया से बचाव को लेकर दी जानकारियां 
रिपोर्ट लोकेश कुमार
गुरुग्राम। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा चलाए जा रहे पोषण पखवाड़े के तहत लक्ष्मण विहार, गांव भौड़ाकलां, गांव खेड़ा खुर्रमपुर सहित विभिन्न स्थानो पर महिलाओंं की रक्तजांच व एनीमिया से बचाव को लेकर विभिन्न प्रकार की गतिविधियां चलाई गई। महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यक्रम अधिकारी सुनैना ने बताया कि 22 मार्च तक चलाए जा रहे पोषण पखवाड़े के दौरान महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़े 5 सूत्रों ध्यान केन्द्रित करते हुए विभिन्न प्रकार की गतिविधियां आयोजित की जा रही है। उन्होंने बताया कि पोषण पखवाड़े के दौरान महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने को लेकर एक्टिविटी कलैण्डर तैयार किया गया है। इस कलैण्डर में 22 मार्च तक प्रत्येक दिन अलग-अलग प्रकार की गतिविधियां करवाने की योजना है। एक्टिविटी कलैण्डर के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 12 मार्च को जिला में विभिन्न स्थानों पर बच्चों के साईकिल व पोषण रैली निकाली जाएगी जिसमें महिलाओं को अंडर वैट बच्चों के स्वास्थ्य का ध्यान रखने तथा स्तनपान के फायदों के बारे में बताया जाएगा। इसी प्रकार, 13 मार्च को स्वच्छता ड्राइव, 14 मार्च को पोषण पंचायत, बच्चों व माताओं की पौष्टिक तत्वों को लेकर काउंसलिंग, हैल्थ चैकअप, 15 मार्च को प्रभात फेरी, 16 मार्च को जागरूकता शिविर, 17 मार्च को पोषण मेेला, 18 मार्च को एनीमिया फ्री कैंप, 19 मार्च को महिला गोष्ठी, 20 मार्च को विलेज हैल्थ एंड सैनिटेशन पर वर्कशॉप, 21 मार्च को पोषण वॉक व साईकिल रैैली तथा 22 मार्च को पोषण पखवाड़े के दौरान करवाई गई गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। सुनैना ने बताया कि पोषण पखवाड़े का उद्देश्य कुपोषण, रक्तहीनता और बच्चों में वजन की समस्या कम करने पर काम किया जाएगा। पोषण पखवाड़े के दौरान जिला के गांवो में पोषण पंचायतें लगाई जाएंगी जिसमें महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूण जानकारी दी जाएगी। इस दौरान पोषण शपथ भी दिलाई जाएगी ताकि महिलाएं स्वयं के साथ साथ अपने बच्चों का ध्यान रखने के लिए प्रेरित हों। उन्होंने बताया कि पोषण पखवाड़े के दौरान महिला ब्रांड एम्बेसडर भी महिलाओं के बीच जाकर उन्हें स्वास्थ्य का ध्यान रखने के लिए प्रेरित करेंगी और उन्हें स्वास्थ्य लाभ तथा हेल्दी फूड डाईट के बारे में भी बताएंगी। सुनैना ने बताया कि पोषण पखवाड़े में महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़े 5 सूत्रों पर काम किया जाएगा। पहले सूत्र के अनुसार गर्भावस्था से लेकर बच्चे के 2 वर्ष तक होने पर उसके खान-पान के क्या क्या शामिल करना चाहिए, के बारे में जानकारी दी जाएगी। गर्भावस्था के 270 दिनों के दौरान महिलाओं का डाईट चार्ट, बच्चे के जन्म से लेकर उसके एक वर्ष(365 दिन) तक होने तक का डाईट प्लान तथा उसके दूसरे वर्ष(365 दिन) के दौरान पौष्टिक आहार आदि के बारे में विस्तार से बताया जा रहा है। इस प्रकार, पहले सूत्र में 1000 दिनों में बच्चे के संपूर्ण विकास से जुड़े बिंदुओ पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। पहले सूत्र का नाम ‘पहले सुनहरे 1000 दिन दिया गया है। इसी प्रकार, दूसरे सूत्र को ‘पौष्टिक आहार‘ का नाम दिया गया है जिसमें महिलाओं व बच्चों की आयु अनुसार उसके खान पान में किन पौष्टिक तत्वों को शामिल किया जाना चाहिए और किन चीजों को नही खाना चाहिए, के बारे में बताया जाएगा। तीसरे सूत्र में अनीमिया की रोकथाम के उपाय बताए जाएंगे। महिलाओं को आयरनयुक्त खान-पान जैसे- नींबू, अमरूद, दाले , फल, मैथी, पालक, हरी पत्तेदार सब्जियां, दूध, दही, पनीर , मांस, मछली , अंडा आदि के सेवन से होने वाले लाभ आदि की जानकारी शामिल है। चैथा सूत्र में डायरिया से बचाव के उपायो जैसे- साफ-सफाई, घर की सफाई, आहार की स्वच्छता, 6 महीने तक बच्चे को स्तनपान तथा ओआरएस आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। पांचवा व अंतिम सूत्र स्वच्छता व साफ सफाई का है जिसमें स्वच्छता के फायदों व बीमारियों से बचाव के बारे में जागरूक किया जा रहा है।


एसडीएम-सीओ ने खेली फूलों की होली

अंबेडकरनगर। होली के पावन पर्व पर टांडा उपजिलाधिकारी अभिषेक पाठक व पुलिस क्षेत्राधिकारी अमर बहादुर को प्राथमिकता देते हुए। संकल्प संस्था के संस्थापक सूरज कुमार उर्फ बंटी गुप्ता व् पंख संस्था के संस्थापक अंशु बग्गा ने टांडा रोड स्थित बृद्धा आश्रम में बुजुर्गों के संग फूलो की होली खेली तथा बुजुर्गों में फल व मिष्ठान का वितरण कर उन्हें होली की बधाइयां दी।  जिससे बुजुर्गों का चेहरा खुशी से खिल उठा टांडा उपजिलाधिकारी अभिषेक पाठक व पुलिस क्षेत्राधिकारी अमर बहादुर ने रंगों के त्यौहार का निराश्रित वृद्धा आश्रम में मना कर बुजुर्गों के प्रति सम्मान का बड़ा संदेश दिया। उप जिलधिकारी व पुलिस क्षेत्राधिकारी के साथ संकल्प संस्था व पंख संस्था के संस्थापक ने भी बुजुर्गों के संग फूलों की होली खेली, तथा एक-दूसरे को बधाइयां दी। उप जिला अधिकारी व क्षेत्राधिकारी ने बुजुर्गों में फल मेवा मिष्ठान भी वितरित किया।  वृद्धा आश्रम में मौजूद 10 दर्जन से अधिक निराश्रित बुजुर्गों ने भी हर्षोल्लास के साथ होली पर्व मनाया।


सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन


प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

यूनिवर्सल एक्सप्रेस    (हिंदी-दैनिक)


मार्च 13, 2020, RNI.No.UPHIN/2014/57254


1. अंक-214 (साल-01)
2. शुक्रवार, मार्च 13, 2020
3. शक-1942,चैैत्र - कृष्ण पक्ष, तिथि- चतुर्थी, संवत 2077


4. सूर्योदय प्रातः 06:30,सूर्यास्त 06:32
5. न्‍यूनतम तापमान 13+ डी.सै.,अधिकतम-26+ डी.सै., भारी बारिश की संभावना रहेगी।


6.समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा।
7. स्वामी, प्रकाशक, मुद्रक, संपादक राधेश्याम के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित।


8.संपादकीय कार्यालय- 263 सरस्वती विहार, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102


9.संपर्क एवं व्यावसायिक कार्यालय-डी-60,100 फुटा रोड बलराम नगर, लोनी,गाजियाबाद उ.प्र.,201102


https://universalexpress.page/
email:universalexpress.editor@gmail.com
cont.:-935030275
 (सर्वाधिकार सुरक्षित)



यूपी: गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदला

यूपी: गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदला  संदीप मिश्र  लखनऊ। यूपी में गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदल गया है। कक्षा एक से लेकर आठ तक के स्कू...