बुधवार, 25 दिसंबर 2019

हिजाब के कारण रोका,मेडल लेने से इनकार

नई दिल्ली। भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की मौजूदगी में हिजाब पहनने वाली गोल्ड विजेता छात्रा के साथ भेदभाव का मामला सामने आया है। यह घटना केंद्र शासित प्रदेश पुड्डुचेरी का है, जहां के एक विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने सभी टॉपर छात्रों और छात्राओं को अपने हाथों से सम्मानित किया। लेकिन इस दौरान विश्वविद्यालय की गोल्ड मेडल विजेता मुस्लिम छात्रा राबिया को हिजाब पहने होने की वजह से कैंपस के अंदर समारोह में ही जाने से रोक दिया गया।


यूनिवर्सिटी में गोल्ड विजेता छात्रा राबिया का आरोप है कि जब तक राष्ट्रपति कोविंद समारोह में मौजूद रहे, तब तक उसे अंदर नहीं जाने दिया गया। बाद में जब कई छात्रों को सम्मानित करने के बाद राष्ट्रपति ऑडिटोरियम से बाहर निकल गए, तब उसे अंदर जाने दिया गया। इस भेदभाव वाले रवैये पर विरोध जताते हुए बाद में राबिया ने यूनिवर्सिटी से गोल्ड मेडल लेने से इनकार कर दिया।


राबिया का आरोप है कि उसे सबके सामने नीचा दिखाने और अपमानित करने की कोशिश की गई। छात्रा ने कहा, “मैं अन्य छात्रों के साथ सभागार के अंदर बैठी हुई थी, तभी मुझे वहां से बाहर जाने के लिए कहा गया। वहां पर मुझे अपना हिजाब हटाने के लिए कहा गया, लेकिन जब मैंने इससे इनकार कर दिया तो मुझे सभागार से बाहर बैठने के लिए कहा गया। इस पूरी घटना के दौरान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अंदर ही मौजूद थे।”


जापानी प्रतिनिधिमंडल से सीएम की वार्ता

रायपुर। छत्तीसगढ़ के भ्रमण पर आए जापानी प्रतिनिधि मण्डल ने बुधवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से उनके भिलाई स्थित निवास पर मुलाकात की। उन्होंने प्रदेश में स्थित पुरातात्विक स्थल सिरपुर और प्रज्ञागिरी डोंगरगढ़ के विकास के संबंध में मुख्यमंत्री के साथ विचार-विमर्श किया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यदि सिरपुर और प्रज्ञागिरी में सुविधाएं विकसित की जाएं तो ये दोनों स्थल जापानी पर्यटकों के लिए बड़े आकर्षण का केन्द्र बन सकते हैं। उन्होंने सिरपुर के नजदीक हेलीपेड निर्माण की आवश्यकता बताते हुए कहा कि इससे जापान के पर्यटक दो दिनों में सिरपुर का भ्रमण कर वापस जापान लौट सकेंगें।


उल्लेखनीय है कि सिरपुर के उत्खनन में बौद्ध धर्म से संबंधित अनेक पुरातात्विक स्थल सामने आए हैं और प्रज्ञागिरी को बौद्ध तीर्थ के रूप में विकसित किया गया है। जापानी प्रतिनिधिमंडल ने सिरपुर के नजदीक हेलीपेड निर्माण का आग्रह भी मुख्यमंत्री से किया। उन्होंने कहा कि इससे जापान से आने वाले पर्यटकों को सुविधा होगी और उनके समय की बचत होगी। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि जापान के लोगों के लिए भारत एक पवित्र तीर्थ स्थान है। जापान के लोग भारत से प्यार करते हैं। जब हम भारत आते हैं तो भारत की धरती को प्रणाम करते हैं और जब हम जापान जाते हैं तब भारत-भूमि के पावन मिट्टी जापान लेकर जाते हैं।


मुख्यमंत्री ने जापानी प्रतिनिधिमंडल को भारत देश से इतना स्नेह रखने के लिए धन्यवाद दिया और आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के सिरपुर में बौद्ध धर्म की पुरातात्विक सम्पदा दुनिया के लिए अनमोल धरोहर है। यहां अनेक बौद्ध विहार और भगवान बुद्ध की प्रतिमाएं मिली हैं।  मुख्यमंत्री ने बताया कि सिरपुर में बौद्धाचार्य नागार्जुन निवास करते थे और चीनी यात्री हृेनसांग सिरपुर आये थे। जिन्होंने भारतीय इतिहास को चीनी भाषा में लिखकर भगवान बुद्ध के शांति एवं भाईचारा के संदेश को दुनिया में फैलाया और भारतीय इतिहास को बचाकर रखा।


आप लोग सिरपुर का यात्रा करें और सिरपुर का अध्ययन करें। जापानी प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से सिरपुर को टूरिज्म से जोड़ने को आग्रह किया वहां के नजदीक में एयरपोर्ट-हेलीपेड बनाने का भी आग्रह किया जिससे जापान के लोग दो दिन में भारत आकर जापान लौट सकें। हमारे जापानी लोगों के लिए समय बहुत बहुमूल्य होता है। चर्चा में मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में अभी 27, 28, 29 दिसम्बर को रायपुर में आयोजित तीन दिन के अंतर्राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य के संबंध में जानकारी दी। जापानी प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि जापान में भी पारम्परिक नृत्य और गाने की समृद्ध परम्परा है। लोग बहुत उत्साह के साथ इनके आयोजनों में हिस्सा लेते है। आप रूचि लेंगे तो हम जापानी और भारतीय लोक पारम्परिक नृत्य का आयोजन कर सकते हैं।


जापानी प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को जापान यात्रा करने के लिए आमंत्रित किया


मुख्यमंत्री से प्रतिनिधिमंडल ने बाबूजी नंदकुमार बघेल के नेतृत्व में मुलाकात की। जापान से आये पूज्य भन्ते शीन्दो कोन्दो ने जापानी भाषा में जापान की संस्कृति एवं वहां के लोगों के भारत के प्रति सद् विचारों की जानकारी दी। पूज्य भदन्त संघरत्न मानके ने भन्ते शीन्दो कोन्दो की बातों का हिन्दी अनुवाद मुख्यमंत्री को बताया। इस प्रतिनिधिमंडल में जापान से आये ताकाहिरो यामाशकी जापान ग्लोबल स्टेªटजी डेवलपमेंन्ट टीम के सदस्य हैं। उनके साथ सगुन लाल वर्मा, अधिवक्ता रामकृष्ण जांगड़े, विवेक वासनिक, रघु साहू एवं रजत गजबिये भी उपस्थित थे।


मुसलमानों के पास 150 देश, हिंदु का 1

गांधीनगर। नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) को लेकर देशभर में विरोध-प्रदर्शन जारी है और कई गैर भारतीय जनता पार्टी शासित राज्यों ने इसे अपने यहां लागू करने से मना कर दिया है। ऐसे में गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने सीएए का पुरजोर समर्थन करते हुए कहा कि अगर किसी दूसरे देश का हिंदू भारत वापस लौटना चाहता है तो उसमें गलत क्या है।


सीएम विजय रुपाणी के लिए इमेज नतीजे"
गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) का समर्थन करते हुए कहा कि मुस्लिमों के पास जाने के लिए दुनिया में 150 देश हैं, जबकि हिंदुओं के पास केवल एक देश भारत ही है। ऐसे में अगर वे भारत वापस लौटना चाहते हैं तो इसमें गलत क्या है।


इस बीच नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) पर मचे घमासान के बीच भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने इस मुद्दे पर जन जागरण अभियान चलाने का फैसला किया है। राष्ट्रीय पदाधिकारियों की पिछले शनिवार को दिल्ली में हुई बैठक में तय किया गया कि पार्टी घर-घर जाकर नागरिकता संशोधन कानून के बारे में जानकारी देगी।


सीएम विजय रुपाणी के लिए इमेज नतीजे"
नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के समर्थन में गुजरात भी शामिल है। बीजेपी इसी सिलसिले में गुजरात में भी जगह-जगह सीएए के समर्थन में रैलियां निकाल रही है। राज्य के 30 से ज्यादा जिलों में मंगलवार को रैलियां निकाली गईं।


सचिन की सुरक्षा घटाई, अन्ना की बढाई

मुंबई। क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले और पूर्व राज्यसभा सांसद सचिन तेंदुलकर की सुरक्षा उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार ने घटा दी है। पहले सचिन को एक्स कैटेगिरी की सुरक्षा प्रदान की गई थी। वहीं, मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बेटे और वर्ली के विधायक आदित्य ठाकरे की सुरक्षा को वाई से अपग्रेड करके जेड कर दी गई है। ये निर्णय राज्य सरकार ने हाईप्रोफाइल लोगों की सुरक्षा समीक्षा के बाद लिया है। एक्स कैटेगिरी में सचिन के पास हर समय एक पुलिस कांस्टेबल तैनात रहता था। हालांकि अब उन्हें भी पुलिस एस्कॉट मिल सकता है। भाजपा नेता एकनाथ खड़से को वाई श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है लेकिन उनके एस्कॉट को हटा दिया गया है। वहीं, उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल राम नाईक की सुरक्षा जेड प्लस से घटाकर एक्स कर दी गई है। इसी कड़ी में वरिष्ठ वकील उज्जवल निकम की जेड प्लस की सुरक्षा घटाकर वाई श्रेणी कर दी गई है। समाजसेवी अन्ना हजारे की सुरक्षा बढ़ाते हुए सरकार ने वाई से जेड श्रेणी कर दी गई है। बता दें कि सुरक्षा बढ़ाने या घटाने का निर्णय एक समिति लेती है जो हर तीन महीने पर खतरे का आकलन करती है। समिति द्वारा इंटेलिजेंस एजेंसियों और पुलिस थानों से मिले जानकारी के आधार पर सुरक्षा घटाने या बढ़ाने का फैसला किया जाता है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि समिति ने 97 लोगों को मिली सुरक्षा की समीक्षा की है। 29 लोगों की सुरक्षा में कटौती की गई है, जबकि 16 लोगों की सुरक्षा हटा दी गई है।


आदिवासी नृत्य महोत्सव में राहुल मुख्य अतिथि

अरविंद तिवारी की रिपोर्ट


रायपुर। राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का शुभारंभ 27 दिसम्बर को प्रात: 10:00 बजे साईंस कॉलेज मैदान में होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री भूपेश बघेल करेंगे। महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में राज्य सभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद, उप नेता आनंद शर्मा, राज्यसभा सांसद अहमद पटेल और मोतीलाल वोरा, पूर्व सांसद के.सी. वेणुगोपाल, श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार, छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. चरण दास महंत, सांसद पी.एल. पुनिया, बी.के. हरिप्रसाद, रणदीप सिंह सुरजेवाला, चंदन यादव, पूर्व केन्द्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया और भक्त चरणदास शामिल होंगे।



कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मंत्री टी.एस. सिंहदेव, ताम्रध्वज साहू, रविन्द्र चौबे, डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, मोहम्मद अकबर, कवासी लखमा, डॉ. शिवकुमार डहरिया, श्रीमती अनिला भेंड़िया, जयसिंह अग्रवाल, गुरू रूद्र कुमार, उमेश पटेल, अमरजीत भगत , सांसद छाया वर्मा, ज्योत्सना महंत, दीपक बैज, विधायक मोहन मरकाम, सत्यनारायण शर्मा, श्री धनेन्द्र साहू, कुलदीप जुनेजा, विकास उपाध्याय, जिला पंचायत की अध्यक्ष शारदा वर्मा  शामिल होंगे।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में पहली बार राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह महोत्सव अब अंतर्राष्ट्रीय महोत्सव का रूप ले लिया है। तीन दिवसीय इस नृत्य महोत्सव में देश के 25 राज्य एवं केन्द्र शासित प्रदेशों के साथ ही 06 देशों के लगभग 1350 से अधिक प्रतिभागी अपनी जनजातीय कला संस्कृति का प्रदर्शन करेंगे। इस महोत्सव में 39 जनजातीय प्रतिभागी दल 04 विभिन्न विधाओं में 43 से अधिक नृत्य शैलियों का प्रदर्शन करेंगे।


ईसा मसीह के जन्मदिन पर दिया संदेश

क्रिसमस ," ईसा मसीह का जन्म दिवस जिसने दुनिया को प्रेम का संदेश दिया था।


" ईसा मसीह का जीवन प्रेम और करूणा के लिए समर्पित रहा है।उनके जीवन में द्वेष और घृणा का कोई स्थान नहीं था।चाहे वो उनको यातनाएं देने वाला ही क्यों न रहा हो।ईसा मसीह की ये शिक्षाएँ हर किसी इंसान के जीवन में बहुत महत्व रखती हैं। उनकी शिक्षाओं की आज इसलिए जरूरत है क्योंकि इंसान से इंसान कट रहा है,तब यह जरूरी हो जाता हैं कि समाज में प्रेम करूणा के भावों का अधिकाधिक संचार हो ,इंसान को इंसान से जोड़े ,एक अच्छा समाज बनाए । ईसा ने दुश्मन से भी प्यार करने की बात कही है। ईसा हर किसी के प्रति समान भाव रखते थे।


गुरु होकर अपने शिष्यों के पांव धोकर सेवा की चरम मिसाल पेश की थी। उनके लिए ईश्वर ऐसे प्यारे पिता की तरह थे ,जो भले और बुरे के बीच भी फर्क नहीं करता और सूरज की रोशनी और बारिश का पानी सभी को बराबर देता है। ईसा मसीह का कहना है कि "जैसा व्यवहार आप दूसरों से चाहते है ,वैसा ही व्यवहार उनके साथ भी करें।


"ईसा मसीह का व्यक्तित्व विराट था।हम उनके व्यक्तित्व से,गुणों से,जीवन जीने की कला सीख सकते है।ऐसा करने से हमारा जीवन सुख मय बन सकता है। यदि हम उनके गुणों को जीवन में आत्मसात कर ले तो जीवन सफल हो जाएगा, एक अच्छे इंसान बन सकते है। पहला गुण है क्षमाशीलता का ,ईसा मसीह क्षमाशीलता की प्रतिमूर्ति थे।लोगों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया लेकिन वो हमेशा उनको क्षमा करते रहे।जब उनको सूली पर चढ़ाया गया तब भी उन्होंने भगवान से प्रार्थना की कि सूली पर चढ़ाने वालों के लिए क्षमा मांगी।उन्होंने कहा


हे ईश्वर इन्हें माफ कर देना।ये नहीं जानते कि वो क्या कर रहे है।'उन्होंने कहा इंसान को क्षमा करना आना चाहिए। दूसरा गुण सीखना चाहिए वो है विनम्रता-इंसान को विनम्र होना चाहिए।


यदि कोई आपके साथ गलत करे या हो जाए तो आपको अपने विनम्र स्वभाव को नहीं छोड़ना चाहिए। ईसा मसीह के एक शिष्य ने उनके साथ धोखा किया था, जब वो अन्य शिष्यों के साथ जा रहे थे तो राजा के सैनिकों से कैद करवा दिया गया।फिर ईसा मसीह का अपने शिष्य के प्रति व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया।अपने विनम्र स्वभाव व सहनशीलता के चलते अपने शिष्यों को क्षमा कर दिया। दानशीलता भी हमें ईसा मसीह से सीखना चाहिए।उन्होंने सभी को दान करने की सीख भी दी थी। ईसा मसीह सद्भाव की शिक्षा देते है।


सब लोग मिलजुल कर रहे ।सब ईश्वर की संतान है और उनके लिए कोई छोटा या बड़ा नहीं है। इंसान को बच्चों की तरह सरल व निश्छल होना चाहिए जो पक्षपात रहित हो।बिना किसी पूर्वाग्रह या पक्षपात के जीवन जिया जाए,तो जीवन मे किसी प्रकार का तनाव नहीं रहेगा और जीवन बिल्कुल सहज,सरल बन जाएगा। आज फिर से दुनिया को गौतम बुद्ध ,महावीर स्वामी और ईसा मसीह जैसे शांति के दूत ,मानवता व समानता के पुरोधा महापुरुषों के संदेशों को पुनः स्मरण करने की जरुरत है। शुभ अवसर पर दुनिया के हर इंसान को बहुत बहुत बधाइयां।


पीएम-राष्ट्रपति ने अटल को श्रद्धांजलि दी

नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के मौके पर आज पूरे देश में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। राजधानी दिल्ली में आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राजघाट स्थित अटल स्मारक पहुंचकर अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान भजन सम्राट अनूप जलोटा ने भजन गाकर अटल जी को याद किया। सदैव अटल स्मारक में राष्ट्रपति कोविंद और पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह के अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बीजेपी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी और तमाम सांसद मौजूद थे।  इससे पहले पीएम मोदी ने एक वीडियो ट्वीट किया और लिखा, ''देशवासियों के दिलों में बसे पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी को उनकी जन्म-जयंती पर कोटि-कोटि नमन।'


गौरतलब है कि पीएम मोदी आज उत्तरप्रदेश की राजधानी लखनऊ में अटल जी की कांसे से बनी 25 फीट की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। आज से ही रोहतांग सुरंग का नाम अटल टनल किया जाएगा।


मोदी ने पंडित मदन मोहन मालवीय को भी दी श्रद्धांजलि


वहीं, पीएम मोदी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भारतरत्न पंडित मदन मोहन मालवीय को भी ट्वीट करके श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी ने लिखा, ''भारत माता की सेवा में अपना जीवन समर्पित करने वाले महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जी को उनकी जयंती पर विनम्र श्रद्धांलि। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अमूल्य योगदान देने के साथ आजादी के आंदोलन में भी अहम भूमिका निभाई। उनकी विद्वता और आदर्श देशवासियों को सदा प्रेरित करते रहेंगे।'


टेलीकॉम कंपनियों ने टैरिफ की कीमतें बढ़ाई

नई दिल्ली। सभी टेलीकॉम कंपनियों ने अपनी टैरिफ की कीमतें बढ़ा दी हैं। रिलायंस जियो से लेकर आईडिया वोडा और एयरटेल ने हर प्लान्स पर 40% तक का प्राइस हाइक किया है। लेकिन ये यहीं नहीं रूकेगा, आने वाले वक्त में टैरिफ की कीमतें और बढ़ सकती हैं। एक्स्पर्ट्स का मानना है कि टेलीकॉम इंडस्ट्री को नुकसान से बचाने के लिए ऐसा किया जा सकता है। टेलीकॉम टॉक की एक रिपोर्ट के मुताबिक सेल्यूयर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया यानी COAI के डायरेक्टर जनरल राजन मैथ्यूज का मानना है कि इंडस्ट्री के फाइनांशियल स्ट्रेस को ठीक करने के लिए टैरिफ हाइक होने चाहिए। उन्होंने यह भी कहा है कि टैरिफ हाइक 200 रुपये ARPU (एवरेज रेवेन्यू पर यूजर) तक बढ़ने चाहिए।


टेलीकॉम कंपनियां भी टैरिफ हाइक को लेकर TRAI के पास गई हैं ताकि वॉयस और डेटा के लिए फ्लोर प्राइसिंग तय किया जा सके। फ्लोर प्राइसिंग के लिए एक पेपर भी तैयार किया गया है और इसके तहत अगले महीने या अगले हफ्ते में टैरिफ की कीमतें और भी बढ़ सकती हैं।


रिपोर्ट के मुताबिक सेल्यूलर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने टैरिफ बढ़ोतरी को लेकर TRAI के पास गई है और कन्सल्टेशन पेपर दे कर फ्लोर प्राइस सेट करने को कहा है। इसमें कहा गया है कि ज्यादातर कस्टमर्स ने अब भी नए प्लान्स के साथ रिचार्ज नहीं कराया है।


ET Now को दिए एक इंटरव्यू में COIA के हेड राजन मैथ्यूज ने कहा था, 'हां, हम कह रहे थे शॉर्ट टर्म के लिए टैरिफ को बढ़ा कर कम से कम 200 रुपये ARPU किया जाना चाहिए। फिलहाल टेलीकॉम रेग्यूलेटर अथॉरिटी ऑफ इंडिया यानी TRAI स्टेक होल्डर्स के कॉमेन्ट का इंतजार कर रही है जिसके बाद टैरिफ की बढ़ोतरी की जाए या नहीं इस पर फैसला लिया जाएगा। फिलहाल ये साफ नहीं है कि इस बार टैरिफ में कितनी बढ़ोतरी की जाएगी।


सीएम भूपेश ने जनता का धन्यवाद किया

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नगरीय निकाय चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों की जीत को अभूतपूर्व बताते हुए आज कहा कि शहरी क्षेत्र में मतदाताओं ने एक बार फिर कांग्रेस पर भरोसा जताया है। कांग्रेस को ऐतिहासिक जनादेश मिला है। 


मुख्यमंत्री आज राजधानी में राजीव भवन में मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने शानदार जीत के लिए पीसीसी चीफ मोहन मरकाम को बधाई भी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग सभी जगह हम लोग जीते, एक जगह कोरबा में बीजेपी जरूर आगे है, लेकिन वहां भी उन्हें बहुमत नहीं मिला। उन्होंने जीत को आशातीत बताते हुए कहा कि हमारी जीत हर क्षेत्र में हुई। धमतरी में हमारी ना जाने कब जीत हुई थी, वहां भी काँग्रेस जीती है। पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के क्षेत्र में भी कांग्रेस एकतरफा जीती।
उन्होंने कहा कि पहली बार ऐसा ऐतिहासिक जनादेश मिला है। यही नहीं, पहली बार ऐसा हुआ है जब किसी भी नगर निगम में बीजेपी के पास बहुमत नहीं है। जबकि बीजेपी को शहरी वोटरों वाली पार्टी के तौर पर जाना जाता है।
प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष मोहन मरकाम ने जीत का श्रेय मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के शानदार एक साल के कार्यकाल को दिया है। उन्होंने कहा कि ये जीत कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों पर मुहर लगाती है। उन्होंने दावा किया कि सभी 10 नगर निगमों में कांग्रेस की सरकार बनेगी, वो भी उस सूरत में जब बीजेपी शहरी क्षेत्र में खुद का दबदबा बताती है।


बुंदेलखंड में पेयजल योजना को मंजूरी

लखनऊ। राज्य सरकार द्वारा कैबिनेट की मीटिंग में कई अहम फैसले लिए गए हैं। जिनमें से बुन्देलखण्ड 7के कुल नौ जनपदों के समस्त ग्रामों तक शुद्ध पानी मुहैया कराने के लिए पाइप पेय जल योजना को मंजूरी मिली।
जिसपर कुल 17722.89 करोड़ रुपए व्यय किए जाएंगे।
नगर निगम शाहजहांपुर व आगरा की सीमा विस्तार प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली है।
हाथरस की नगर पालिका परिषद हाथरस , महाराजगंज की महाराजगंज नगर पालिका परिषद व अम्बेडकर नगर की नगर पालिका परिषद जलालपुर की सीमा विस्तार को मंजूरी मिली।


संतकबीनगर की नगर पंचायत मेहदावल व महाराज गंज की नगर पंचायत आनंद नगर की सीमा विस्तार के प्रस्ताव को मंजूरी मिली है ।


सुल्तानपुर जिले के गांव पंचायत लम्भुआ अलीगढ़ के मडराक गांव पंचायत कुशीनगर के ग्राम पंचायत तमकुही आजमगढ़ के जहानागंज बाजार जौनपुर के गौराबादशाहपुर, कानपुर देहात के कस्बा राजपुर महाराज गंज के ग्राम पनियरा व ग्राम परतावल तथा लखनऊ में मोहन लाल गंज तहसील मुख्यालय कस्बा को नगर पंचायत बनाने के प्रस्ताव को पास किया गया है।
एटा व हरदोई जनपद के जिला चिकित्सालयों को मेडिकल कालेज में उच्चीकृत करने व पुराने निष्प्रर्योज्य भवनों को ध्वस्त करने के प्रस्ताव को भी राज्य सरकार की कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है।


प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

यूनिवर्सल एक्सप्रेस    (हिंदी-दैनिक)


दिसंबर 26, 2019 RNI.No.UPHIN/2014/57254


1. अंक-142 (साल-01)
2. बृहस्पतिवार, दिसंबर 26, 2019
3. शक-1941, मार्गशीर्ष- कृष्ण पक्ष, तिथि- चत्तुर्दशी, संवत 2076


4. सूर्योदय प्रातः 07:13,सूर्यास्त 05:35
5. न्‍यूनतम तापमान - डी.सै.,अधिकतम-16+ डी.सै., शीत लहर के साथ बरसात की संभावना।
6. समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा।
7. स्वामी, प्रकाशक, मुद्रक, संपादक राधेश्याम के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित।


8.संपादकीय कार्यालय- 263 सरस्वती विहार, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102


9.संपर्क एवं व्यावसायिक कार्यालय-डी-60,100 फुटा रोड बलराम नगर, लोनी,गाजियाबाद उ.प्र.,201102


https://universalexpress.page/
email:universalexpress.editor@gmail.com
cont.935030275
 (सर्वाधिकार सुरक्षित)


 


यूपी: लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे अखिलेश

यूपी: लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे अखिलेश  संदीप मिश्र  लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। इसके ...