सोमवार, 14 अक्तूबर 2019

एक्सप्रेस वे पर किसानों का धरना जारी

अविनाश श्रीवास्तव


गाजियाबाद,मोदीनगर। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे पर किसानों द्वारा चलाया जा रहा धरना सातवे दिन भी जारी रहा। कई संगठन के नेताओं ने ध्ररना स्थल पहुंचकर अपना समर्थन दिया। इसमें मुख्य रूप से देहात मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबू सिंह आर्य, प्रदेश सचिव मंतराम नागर, बसपा के वरिष्ठ नेता सतपाल चौधरी, सपा के मुरादनगर अध्यक्ष परवेज चौधरी, लोक दल के वरिष्ठ नेता रेखा चौधरी, राजपूत उत्थान सभा मोदीनगर के अध्यक्ष सोनू ठाकुर आदि शामिल हैं। उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों की सभी मांगे जायज हैं और जब तक इनकी मांगे नहीं मानी जाएंगी। तब तक किसानों का यह धरना जारी रहेगा। साथ ही तब तक वह लोग एक्सप्रेव कार्य नहीं होने देंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भोजराज अमराला ने की तथा संचालन पूर्व जिला पंचायत सदस्य सतीश राठी ने किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य बबली गुर्जर, डॉक्टर दीपक त्यागी, दलबीर नेता, कपिल खटाना,राजेंद्र प्रधान, भूले शर्मा, चरण सिंह मास्टर व महेश प्रधान सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।


पुलिस ने चलाया सघन जांच अभियान

यातायात के विरुद्ध चलाया अभियान


अश्वनी उपाध्याय


गाजियाबाद। लोनी क्षेत्र में डग्गामार वाहन के साथ प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों की भरमार है। जिसमें थ्री व्हीलर के द्वारा ज्यादा आतंक मचाया गया है। यातायात नियमों के विरुद्ध आवागमन किया जा रहा था। जिसको ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक देहात नीरज कुमार जादौन एवं क्षेत्र अधिकारी राजकुमार पांडेय के नेतृत्व में लोनी तिराहे पर सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 30 वाहनों का चालान किया गया। जिसमें ज्यादातर के पास गाड़ी से संबंधित पूरे कागज नहीं थे। उसके बाद 54 गाड़ियों को सीज किया गया। जिनके पास गाड़ी से संबंधित किसी प्रकार का कोई कागजात नहीं पाया गया। इससे यह अनुमान लगाया जा सकता है कि क्षेत्र में अवैध यातायात की भरमार है। जिसके विरुद्ध इस प्रकार के अभियान की क्षेत्र में सख्त आवश्यकता है। अवैध वाहनों का उपयोग चोरी, चकारी ,लूट और छीना-झपटी में भी किया जाता है। यदि पुलिस इसी प्रकार के अभियान को संचालित रखेगी तो निसंदेह पुलिस सामान्य अपराध में कमी महसूस करेगी।


जन विकास के लिए संत का संकल्प

गाजियाबाद। लोनी बॉर्डर क्षेत्र के बेहटा हाजीपुर नहर रोड स्थित रेलवे फाटक पर अंडर पास बनने का कार्य शुरू हो चुका है। जबकि पाइपलाइन रोड वर्षो से बंद पड़े फाटक की समस्या का कोई समाधान होता दिखाई नहीं दे रहा है। वर्षों से बंद पड़े फाटक पर अंडरपास या ओवर ब्रिज की मांग को लेकर कई बड़े आंदोलन भी हो चुके हैं। फाटक के दोनों तरफ 8 वार्ड है। जिसमें दोनों तरफ लाखों लोग निवास करते हैं। यह रास्ता लोनी बॉर्डर से मुरादनगर जाता है दर्जनों कॉलोनी एवं ग्रामों का रास्ता है।


हालांकि क्षेत्रीय विधायक गंभीर है विधानसभा में भी प्रश्न उठा चुके हैं। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि हमारे गाजियाबाद के सांसद श्री वीके सिंह इस समस्या को लेकर गंभीर नहीं हैं। चाहे तो लोकसभा में समस्या को रखकर अंडरपास या ओवर ब्रिज पास करा सकते हैं। उनके लिए कोई बड़ा काम नहीं है। वही बागपत के सांसद श्री सतपाल सिंह ने अपने क्षेत्र के सभी अंडरपास रेलवे अंडरपास बनवा दिए हैं। क्षेत्र की जनता अपने को ठगा सा महसूस कर रही है। वही एक शिव भक्त कई महीनों से बंद फाटक पर  अंडरपास या ओवर ब्रिज की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं। उनका कहना है कि जब तक कोई समाधान नहीं होता  मंदिर में जल नहीं चढाएंगे। अब देखना यह है कि कब तक लोगों को इंतजार करना पड़ेगा। क्षेत्र की जनता अपने जनप्रतिनिधियों पर आस लगाए बैठी है।


रिपोर्टर-प्रमोद गर्ग


दूसरी मुठभेड़ में मारा गया पुष्पेंद्र:योगी

लखनऊ। झांसी में पुष्पेंद्र यादव की पुलिस एनकाउंटर में हुई मौत के बाद गरमाई सियासत पर पहली बार चुप्पी तोड़ते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि पुष्पेंद्र यादव की पुलिस से दो बार अलग-अलग मुठभेड़ हुई थी, जिसमें वह मारा गया। उन्होंने अखिलेश यादव पर आरोप लगाते हुए कहा कि अपराधियों पर कार्रवाई होने से उन्हें बुरा लग रहा है।


न्यूज18 से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा, "पहले दरोगा को गोली मारी गई। फिर दूसरी टीम ने रोकने की कोशिश की तो मुठभेड़ हुई और अपराधी मारा गया। जानबूझकर लोगों को नहीं मारा जा रहा है। मुझे लगता है कि अखिलेश यादव की जो प्रकृति रही है, उन्होंने सत्ता में रहते हुए भी हर माफिया, गुंडा, अपराधी और प्रदेश-देश की सुरक्षा के लिए जो भी लोग खतरा बने हुए थे उनके सगे बने हुए थे। आज जब उनके अंदर भय पैदा हुआ तो इनको बुरा लगना स्वाभाविक है।


झांसी में जो कुछ हुआ वह एक एनकाउंटर था


उन्होंने कहा, "झांसी की घटना पूरी तरह इनकाउंटर की घटना है। गाड़ी के लिए किया गया एनकाउंटर नहीं था। लेकिन पुलिस को जब मैसेज किया की इंस्पेक्टर को गोली मारकर गाड़ी को लूटा गया है तो 40 किलोमीटर दूर पुलिस की दूसरी टीम से उसका सामना हुआ। जिसके साथ हुए मुठभेड़ में अपराधी मारा गया। इसमें जो भी होगा उसमें सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुझे लगता है कानून हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं है। न पुलिस को, न नेता को और न ही अपराधियों को. कानून का राज होगा।


परंपरा का पालन गुनाह नहीं: सिंह

करनाल । रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह राफेल पूजा विवाद पर विरोधियों को करारा विवाद दिया है। उन्होंने कहा इस मुद्दे को बेवजह इतना तूल क्यों दिया जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि क्या भारतीय परंपरा का पालन करना कोई गुनाह है।  रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा विमान पर ऊं लिख दिया तो इसमें कौन सा गजब कर दिया। विपक्ष ने इस पर विवाद पैदा कर दिया है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस बिना सोचे समझे आरोप लगाती है। एक चुनावी सभा में बोलते हुए राजनाथ सिंह ने मौजूद लोगों से कहा मैं आप लोगों से पूछना चाहता हूं कि क्या आपके घरों में ऊं नहीं लिखा होता। जब कोई नया वाहन खरीदते हैं तो क्या मंदिर में पुजारी से पूजा नहीं कराते।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की तारीफ करते हुए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हरियाणा के पुराने मुख्यमंत्री, चाहे कांग्रेस के हों या आईएनएलडी के, दिल्ली से सरकार चलाते थे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर जमीनी स्तर पर सरकार चलाते हैं। रक्षामंत्री राजनाथ सिह ने दशहरा के अवसर पर 8 अक्टूबर को 36 राफेल विमानों की खेप में से पहला विमान औपचारिक रूप से प्राप्त किया। 
राफेल ग्रहण करने के बाद रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने पूरे विधि-विधान से इसकी पूजा की थी। उन्होंने राफेल पर नारियल चढ़ाया और फूल अर्पित किए। धागा बांधा और उसपर ऊं लिखा। पूजा के दौरान उसके पहिए के नीचे नींबू रखे गए थे। इसके बाद राजनाथ सिंह ने एक फाइटर पायलट की तरह ड्रेसअप होकर फाइटर प्लेन से पहली उड़ान भरी।


यूपी कांग्रेस को मिलेगा मंत्र,होगा बदलाव

रायबरेली । कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का 14 अक्टूबर को होने वाला रायबरेली दौरा अपरिहार्य कारणों से टल गया है। प्रियंका गांधी के नेतृत्व में रायबरेली में होने वाला कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर अब 22 अक्टूबर से होगा। उपचुनाव की वजह से कार्यक्रम में यह बदलाव किया गया है। अब उपचुनाव के बाद तीन दिन के प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी 14 और 15 अक्टूबर को रायबरेली दौरे पर आने का कार्यक्रम था। इस कार्यक्रम को अब विधानसभा उप-चुनाव के बाद आयोजित किया जाएगा।
इस दौरान पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से नए पदाधिकारियों का औपचारिक परिचय भी कराया जाएगा। प्रियंका गांधी के महासचिव बनने के बाद उत्तर प्रदेश में बनी इस नई टीम को सोनिया गांधी कई मंत्र देना चाहती हैं। सोनिया की रायबरेली यात्रा के दौरान पार्टी पदाधिकारियों के कार्यों का भी बंटवारा किया जाएगा। प्रियंका गाधी ने अजय कुमार लल्लू को प्रदेश अध्यक्ष और आराधना मिश्रा को विधान मंडल दल का नेता बनाने के साथ साथ कई नए और नौजवान चेहरों को संगठन में जगह दी है। अजय कुमार लल्लू को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के साथ ही चार उपाध्यक्ष, 12 महासचिव और 24 सचिव भी बनाए गए हैं।


सुधार के सामने बाधा बनता है विपक्ष

फरीदाबाद। हरियाणा  विधानसभा चुनाव 2019  के लिए सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बल्लभगढ़ में हुंकार भरी। पीएम मोदी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा आकर मुझे लगता है, जैसे मैं अपने घर में आया हूं। हरियाणा ने मुझे बहुत कुछ सिखाया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा का विकास मेरी प्राथमिकता है। वहीं विपक्षियों पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बिखरे हुए लोग हरियाणा का विकास नहीं कर सकते है। कांग्रेस अपनी बिगड़ी टीम जोडऩे में मशहूर है। विपक्षियों में स्वार्थ और अहंकार है। पीएम मोदी ने कहा कि मैं देश के विकास के लिए कदम उठा रहा हूं। आपने मुझे 5 साल का समय दिया है। मैंने संकल्प पूरा करना शुरू कर दिया है। पीएम मोदी ने कहा कि देश में हो रहे हर सुधार और हर परिवर्तन के सामने कांग्रेस और उसके जैसे दल दीवार बनकर खड़े हो जाते हैं। आपने देखा है कि कैसे तीन तलाक के खिलाफ कानून को इन लोगों ने हर बार रोका, हर तरह के बहाने बनाकर रोका। राफेल मुद्दे का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि राफेल विमान को लेकर इन्होंने लोकसभा चुनाव के दौरान कैसी हायतौबा मचाई थी? इन लोगों ने पूरा जोर लगा दिया था कि ये विमान समझौता रद्द हो जाए, भारत में नया लड़ाकू  विमान न आने पाए, लेकिन इन लोगों की तमाम कोशिशों के बावजूद भारत को पहला राफेल विमान सौंपा जा चुका है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ये कितना भी विरोध करें, कितनी ही साजिशें करें, राष्ट्रीय सुरक्षा और सेना के सशक्तीकरण के लिए भाजपा प्रतिबद्ध है और हम लगातार उसे गति दे रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि हरियाणा की धरती और यहां के लोगों का सहयोग और समर्थन है, जिन्होंने मनोहर लाल जी और उनकी टीम को ताकत दी है। आपका यही आशीर्वाद हमें लोकसभा चुनाव के दौरान भी मिला है। पीएम ने कहा कि आज आप देख रहे हैं कि कैसे पूरी दुनिया, दुनिया के बड़े-बड़े नेता भारत के साथ खड़े होने के लिए, भारत के साथ आने के लिए दुनियाभर में आतुर नजर आते हैं।


खट्टर ने सोनिया को मरी चुहिया कहा

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा कथित तौर अपमानजनक टिप्पणी करने से जुड़ी खबर को लेकर अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की प्रमुख सुष्मिता देव ने सोमवार को कहा कि इस 'असंसदीय एवं निंदनीय' बयान के लिए बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने एक बयान जारी कर कहा कि मैं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की टिप्पणी की निंदा करती हूं।


सुष्मिता ने कहा कि उनकी टिप्पणी असंसदीय और निंदनीय है। यह महिलाओं के प्रति उनके और भाजपा के अपमानजनक रुख को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि विमर्श के स्तर को नीचे ले जाना बेरोजगारी और गंभीर आर्थिक मंदी जैसे असली मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास है। महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ने कहा कि क्या इससे कोई इनकार कर सकता है कि हरियाणा भारत का 'रेप कैपिटल' बन चुका है ? वहां अपहरण के मामले बहुत बढ़ गए हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री के पास इसका कोई जवाब नहीं है। कांग्रेस में हम सार्वजनिक गरिमा को बरकरार रखने को प्रतिबद्ध हैं। मैं खट्टर से बिना शर्त माफी की मांग करती हूंं।


खबरों के मुताबिक, खट्टर ने एक सभा में कथित तौर पर कहा कि लोकसभा चुनाव में हार के बाद राहुल (राहुल गांधी) ने पार्टी अध्यक्ष पद छोड़ दिया और कहा कि नया कांग्रेस अध्यक्ष गांधी परिवार से नहीं होगा। हमने इस निर्णय का स्वागत किया था। वंशवाद की राजनीति को खत्म करने के लिए यह अच्छा फैसला था। फिर, इन लोगों ने देशभर में (नए अध्यक्ष की) तलाश शुरू की। तीन महीने के बाद, उन्होंने सोनिया गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बना दिया। यह तो ऐसा हुआ, जैसे खोदा पहाड़, निकली चुहिया, वह भी मरी हुई।


75 साल की महिला ने बेटी को जन्म दिया

कोटा। राजस्थान राज्य के कोटा में एक 75 साल की बूढ़ी महिला ने IVF के जरिए शनिवार देर शाम एक बच्ची को जन्म दिया। डॉक्टरों ने रविवार को बताया कि बच्ची का वजन मात्र 600 ग्राम है और उसे एक अन्य अस्पताल की नवजात गहन चिकित्सा इकाई  में ले जाया गया है, जबकि महिला को कोटा के किंकर हॉस्पिटल में रखा गया है। बाल रोग विशेषज्ञों की एक टीम बच्ची की देखभाल कर रही है। हॉस्पिटल की डॉक्टर अभिलाषा किंकर ने कहा कि महिला ने पहले एक बच्चे को गोद लिया था, लेकिन वह अपना खुद का बच्चा चाहती थी, और इसलिए उसने मां बनने की संभावनाओं के बारे में डॉक्टरों से पूछताछ की थी। इसके बाद उसने IVF को आजमाना चाहा।


बता दें कि मां की उम्र के कारण गर्भ धारण करने के 6.5 माह बाद सी-सेक्शन के जरिए समय पूर्व बच्चे का जन्म कराना पड़ा, क्योंकि मां शारीरिक और स्वास्थ्य के लिहाज से कमजोर थी। बड़ी दिक्कत यह थी कि महिला के पास सिर्फ एक ही फेफड़ा था, जो चिकित्सा टीम के लिए एक चुनौती था।


डांस और अंदाज से सबका होश उड़ाया

मुंबई। बॉलीवुड की डांसिंग क्वीन नोरा फतेही अपने धमाकेदार डांस और अंदाज से सबके होश उड़ा देती हैं। एक बार फिर नोरा फतेही  का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर तहलका मचा रहा है। इस वीडियो में एक्ट्रेस हाल ही में रिलीज हुए अपने गाने 'पपेटा' पर अलग ही अंदाज में डांस कर रही हैं। इस वीडियो को डांस प्लस ने अपने इंस्टाग्राम एकाउंट के जरिए शेयर किया है। इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में नोरा फतेही द पपेटा चैलेंज एक्सेप्ट कर उस पर डांस कर रही हैं। नोरा फतेही के इस वीडियो पर फैन्स खूब कमेंट कर रही हैं।


आयुष्मान की बड़ी फिल्म 'ड्रीमगर्ल'

निशा गोस्वामी


मुंबई। आयुष्मान खुराना अभिनीत पावरहाउस निर्माता एकता कपूर की हालिया रिलीज़ ड्रीम गर्ल ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया है और रिलीज़ के बाद, अपने छठे सप्ताह में भी मजबूत पकड़ बनाये हुए है। इस साल 13 सितंबर को रिलीज हो चुकी यह फिल्म अपने 5वें वीकेंड में 1.70 करोड़ की कमाई करने में सक्ष्म रही और इसी के साथ यह फ़िल्म अब तक कुल मिलाकर 139.70 करोड़ रुपये का बिज़नेस कर चुकी है। जबकि ड्रीम गर्ल अभिनेता आयुष्मान खुराना की सबसे बड़ी ओपनिंग फ़िल्म थी लेकिन अब यह उनकी सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म भी बन गई है।


और 'बधाई हो' के लाइफटाइम कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है जिसने बॉक्स ऑफिस पर कुल 137.61 करोड़ का आंकड़ा दर्ज किया था। दिलचस्प बात यह है कि “ड्रीम गर्ल” एकता कपूर के प्रोडक्शन हाउस बालाजी टेलीफिल्म्स की भी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। ड्रीम गर्ल का निर्देशन राज शांडिल्य ने किया है और इसमें नुसरत भरूचा, अन्नू कपूर, मनजोत सिंह, अभिषेक बनर्जी, राजेश शर्मा, विजय राज, निधि बिष्ट और राज भंसाली ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।


विज्ञान,गणित एवं पर्यावरण प्रदर्शनी

रायपुर। राजधानी रायपुर के शंकर नगर स्थित बी.टी.आई. मैदान में बच्चों के लिए 46वीं जवाहरलाल नेहरू राष्ट्रीय विज्ञान, गणित एवं पर्यावरण प्रदर्शनी का आयोजन 15 से 20 अक्टूबर 2019 तक किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुईया उइके 15 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगी। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे और स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, महापौर रायपुर प्रमोद दुबे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। राष्ट्रीय प्रदर्शनी 15 अक्टूबर को उद्घाटन के पश्चात् 19 अक्टूबर तक प्रातः 11 से संध्या 5 बजे तक अवलोकन के लिए खुली रहेगी। राष्ट्रीय प्रदर्शनी का आयोजन स्कूल शिक्षा विभाग, राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद छत्तीसगढ़ और राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद नई दिल्ली के सहयोग से किया जा रहा है। सांस्कृतिक कार्यक्रम 15 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक प्रतिदिन संध्या 5.30 से 7 बजे तक आयोजित किये गये है। प्रतिदिन दो वैज्ञानिकों के व्याख्यान 16 से 18 अक्टूबर तक प्रातः 9 बजे से 10.30 बजे तक होंगे। प्रतिभागियों को शैक्षणिक भ्रमण 20 अक्टूबर को कराया जाएगा।


राष्ट्रीय स्तरीय प्रदर्शनी की तैयारी के संबंध में आज सुबह स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव श्री गौरव द्विवेदी ने व्यवस्थाओं का अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होने तैयार किये जा रहे पण्डालों का अवलोकन भी किया। इस अवसर पर संचालक राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एस.सी.ई.आर.टी.), संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय तथा राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।


स्कूली बच्चों द्वारा निर्मित प्रादर्श एवं मॉडलों का मुख्य विषय ''जीवन की चुनौतियों के लिए वैज्ञानिक समाधान'' है। प्रादर्श और मॉडलों को 6 विषयों में विभाजित किया है इनमें – कृषि एवं जैविक खेती, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, संसाधन प्रबंधन, अपशिष्ट प्रबंधन, परिवहन एवं संचार और गणितीय प्रतिरूपण शामिल है। राष्ट्रीय प्रदर्शनी में देश भर से 400 प्रतिभागी विद्यार्थी और 200 मार्गदर्शक शिक्षक शामिल होंगे। प्रदर्शनी में 147 प्रादर्शो का प्रदर्शन किया जायेगा जिसमें छत्तीसगढ़ राज्य के 22 प्रादर्श भी शामिल है। राष्ट्रीय प्रदर्शनी में प्रतिभागियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। अब तक 18 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों से 151 प्रतिभागी विद्यार्थी और 26 मार्गदर्शक शिक्षक पहुंच चुके है। जिन राज्यों के प्रतिभागी दल आ चुके है उनके गोवा, गुजरात, हरियाणा, मणिपुर, मेघालय, राजस्थान, तेलगांना, उत्तराखण्ड, उत्तर प्रदेश, चण्डीगढ़, दिल्ली, आसाम और मेजबान छत्तीसगढ़ शामिल है। इसके अतिरिक्त विभिन्न संगठनों में केन्द्रीय विद्यालय, सीबीएसई, एनसीईआरटी के दल भी आ चुके है। स्टेट पवेलीयन में राज्य में प्रमुख योजनाओं पर आधारित नरवा, गरुवा, घुरुवा और बारी, मल्टी मीडिया पाठ्यपुस्तकें, एससीईआरटी के प्रकाशन और दीक्षा की भी प्रदर्शनी लगायी जायेगी।


कुएं में मिला नवजात शिशु का शव, मचा हड़कंप

कुएं में मिला नवजात शिशु का शव, मचा हड़कंप  दुष्यंत टीकम  जशपुर/पत्थलगांव। जशपुर जिले के एक गांव में कुएं में नवजात शिशु का शव मिला है। इससे...