शुक्रवार, 23 अगस्त 2019

स्वच्छ मिशन भारत को धकेला गर्त में

आधे-अधूरे शौचालयों का निर्माण कहां गया पैसा?


मनोज पाल
मुज़फ्फरनगर। स्वच्छ भारत मिशन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है। मगर स्वार्थी लोग प्रधानमंत्री के इस सपने को अपने लालच और स्वार्थ के कारण गर्त में धकेलने का काम करते हैं। लाभार्थी को लाभ मिले या ना मिले पर स्वार्थी लोगों का लाभ होना जरूरी है। चाहे कोई गरीब हो या अमीर उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता उन्हें सिर्फ अपनी जेब भरने से मतलब है।
सदर तहसील के गांव सिखरेड़ा यहां पर गांव में घुसने से पहले ही आपको एक बड़ा बोर्ड लगा हुआ मिलेगा और उस पर बड़े बड़े अक्षरों में लिखा है खुले में शौच से मुक्त गांव मगर जब आप गांव के अंदर जाएंगे और शौचालयों की हालत देखेंगे तो आप हैरत में पड़ सकते हैं,क्योंकि आपको वहां शौचालय भी मिलेंगे शौचालय के चारों तरफ होने वाली दीवार भी मिल सकती है मगर शौचालय में सीटें नहीं मिलेगी। कुछ शौचालयों में आपको दीवार तक भी नहीं मिलेगी।
जब लाभार्थी के खाते में सीधा पैसा आता है और शौचालय का निर्माण उसके द्वारा ही कराया जाता है तो गांव के निवासी यह क्यों कह रहे हैं कि ग्राम प्रधान ने हम से पैसे लेकर आधे अधूरे शौचालयों का निर्माण खुद कराया है। जबकि ग्राम प्रधान का कहना है कि शौचालयके निर्माण में उनकी कोई भागीदारी नहीं है। जब शौचालयों के निर्माण का पैसा लाभार्थी के खाते में सीधा आता है और उसका निर्माण भी कराना लाभार्थी का ही दायित्व है आधे अधूरे शौचालय का निर्माण क्यों हुआ? पैसे किसके पास गये  ये तो जांच के बाद ही पता चल पाएगा। इस ओर शासन प्रशासन को भी बड़ी गहनता से जांच करनी चाहिये कि आखिर इतनी बड़ी चूक कैसे हो गयी जो शौचालय का निर्माण पूर्ण नही हो पाए।


घर चला बुलडोजर,किया अखिलेश को याद

जब चला गरीबो के घरों पर बुलडोजर, तो नम आंखों से लोगो ने किया अखिलेश सिंह को याद


सन्दीप मिश्र


रायबरेली । आज एक बार फिर याद आई लोगो को गरीबो के मसीहा सदर विधायक स्व0 अखिलेश सिंह की । जब चला गरीबो के आशियाने पर प्रशासन का बलडोजर , जी हां कहने को 27 अगस्त को सुबह के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का रायबरेली में कार्यक्रम लगा हुआ है जिसके चलते प्रशासन उन्हें दिखाना चाहता है कि रायबरेली में साफ-सुथरी व्यवस्था है सड़के बनी हुई हैं और अतिक्रमण नहीं है।3 दिन से चल रहे अतिक्रमण के खिलाफ अभियान में आज उस समय प्रशासन और अतिक्रमणकारियों के बीच झड़प हो गई जब डिग्री कॉलेज चौराहे पर करीब 30 से 40 साल पुराने अतिक्रमण को हटाने पहुंची पुलिस और अतिक्रमणकारियों के बीच जमकर झड़प हुई इस झड़प में एक बच्चा घायल भी हो गया।
अतिक्रमणकारियों से जब बातचीत की गई उन्होंने दो दिन पहले पूर्व विधायक अखिलेश सिंह की मृत्यु इसका बड़ा कारण बताया कि उनकी वजह से हम सुरक्षित थे और अपनी जीविका चला रहे थे आज वह जब नहीं है तो प्रशासन हमारे ऊपर हावी है । जनता का कहना था कि प्रशासन की हिम्मत नहीं है कि वह अवैध रूप से बनी बड़ी बिल्डिंगों को तोड़ सके। देखा जाये तो रायबरेली में अतिक्रमण का सबसे बड़ा कारण रायबरेली विकास प्राधिकरण के द्वारा पैसे लेकर अवैध तरीके से बिल्डिंगों का नक्शा पास करना है। लेकिन वह बड़े लोगों की बात है । इसलिए प्रशासन बुलडोजर सिर्फ छोटे व्यापारियों के ऊपर ही चला।फिलहाल इस पूरे मामले में प्रशासन और अधिकारियों के बीच जो झड़प हुई है उसमें एक बच्चा भी घायल है।


बालाकोट स्ट्राइक पर हिंदी फिल्म बनेगी

 नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में पुलवामा टेरर अटैक के बाद बालाकोट एयरस्ट्राइक में अपनी बहादुरी की वजह से मशहूर हुए इंडियन एयर फोर्स के विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान देश के लिए किसी हीरो से कम नहीं हैं। पाकिस्तान की चंगुल से निकलने और बहादुरी की मिशाल पेश करने वाले अभिनंदन को सरकार से वीर चक्र मिला है।अब बॉलीवुड ने भारतीय जवानों को ट्रिब्यूट देने के लिए एक फिल्म बनाने का फैसला किया है। जाहिर है कि इसमें अभिनंदन के योगदान का जिक्र भी होगा। बॉलीवुड एक्टर विवेक ओबेरॉय को फिल्म बनाने की अनुमति मिली है।


एक न्यूज पोर्टल की मानें तो बालाकोट स्ट्राइक पर फिल्म बनाने के लिए विवेक ओबेरॉय ने अनुमति ले ली है। फिल्म की शूटिंग जम्मू-कश्मीर, दिल्ली और आगरा में की जाएगी।शूटिंग की शुरुआत साल 2020 में किए जाने की संभावना है। फिल्म को तीन भाषाओं (हिंदी, तमिल, तेलुगु) में बनाया जाएगा।


फिल्म के बारे में बात करते हुए विवेक ओबेरॉय ने कहा- एक प्राउड इंडियन, एक देशभक्त और फिल्मों से जुड़े होने के नाते ये हमारी ड्यूटी है कि हम लोगों को बताएं कि हमारी इंडियन आर्मी कितनी सक्षम है। ये फिल्म एक खास जरिया है जिससे हम इंडियन आर्मी और जांबाज विंग कमांडर अभिनंदन की उपलब्धियां दिखा सकते हैं।


उन्होंने कहा, पाकिस्तानी सीमा में घुसने के बाद किस तरह उन्होंने सर्वाइव किया, कैसे वे सब्र से डंटे रहे और महफूज वापस लौटे- ये सारी बातें लोगों को दिखाने लायक हैं। बालाकोट स्ट्राइक भारत की तरफ से की हुई एक वेल प्लांड एयर स्ट्राइक थी। मैं शुक्रगुजार हूं कि IAF ने हम पर भरोसा किया है और हम उम्मीद करते हैं कि फिल्म के साथ न्याय करने में सफल होंगे।


श्रीलंका के रास्ते छ: आतंकी घुसे,अलर्ट

चेन्नई। तमिलनाडु में लश्कर-ए-तैयबा के 6 आतंकी घुसे हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने अलर्ट जारी करते हुए कहा कि श्रीलंका के रास्ते सभी आतंकी घुसे हैं। इन आतंकियों में एक पाकिस्तानी नागरिक और 5 श्रीलंकाई तमिल हैं। इस अलर्ट के बाद चेन्नई समेत कई जगहों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। चेन्नई के पुलिस कमिश्नर ने कहा कि गश्त बढ़ा दी गई है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। आतंकियों के घुसने के अलर्ट के बाद राजधानी चेन्नई के अलावा प्रदेश के सभी जिलों के लिए डीजीपी ने नया गाइडलाइन जारी किया है। प्रदेश के सभी होटल और लॉज चेक किए जा रहे हैं। विस्फोटक और हथियारों के लिए गाड़ियों की चेकिंग की जा रही है। इसके अलावा संवेदनशील और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।


डीजीपी ने सभी जिले के पुलिस अधिकारियों को आदेश दिया है कि उपद्रवियों और वांछितों की तत्काल गिरफ्तारी की जाए। इसके साथ ही रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंडों और हवाई अड्डों की सुरक्षा बढ़ा दी जाए। साथ ही मंदिरों में जवानों को तैनात किया गया है।इस बीच, भारतीय नौसेना ने अपने सभी बेस और युद्धपोतों को हाई अलर्ट पर रखा हुआ है। दरअसल, अनुच्छेद 370 पर सरकार के फैसले के बाद सुरक्षा एजेंसियों की एक रिपोर्ट सामने आई थी कि पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी हमला कर सकते हैं।इसके बाद से नौसेना ने सभी बेस को हाई अलर्ट पर रखा है।साथ ही समुद्र मार्गों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद पाकिस्तान सरकार भी बौखलाई हुई है। पाकिस्तान सरकार ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान अधारित आतंकवादी संगठनों में भी बौखलाहट है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी सुरक्षा बलों पर बड़ा हमला कर सकते हैं।


समाज में आपको यश मिलेगा:तुला

राशिफल


मेष: दिन से पहले आज के शाम के बारे में आपके लिए जानना बेहतर होगा। आज की शाम आपके लव लाइफ के लिहाज से बहुत अच्छी गुजरने वाली है। कुछ नये और हमेशा याद रहने वाले पलों का अनुभव करेंगे। नौकरीपेशा जातकों के लिए दिन मिलाजुला रहेगा। व्यवसाय के लिए दिन अच्छा है। आंशिक लाभ की संभावना है। शहर से बाहर यात्रा का योग बन सकता है।
वृषभ: आज वाद-विवाद से बचने की अत्यधिक आवश्यकता है। इससे आपका बहुत नुकसान हो सकता है। खासकर दोस्त नाराज हो सकते हैं। कार्यस्थल पर छोटी-मोटी चुनौतियां का सामना करना पड़ सकता है लेकिन कुल मिलाकर दिन अच्छा गुजरेगा। स्वास्थ्य भी अच्छा रहेगा। संतान पक्ष से अच्छी खबर मिल सकती है।
मिथुन: आज सामाजिक कार्यों में आपकी रूचि रहेगी। बिजनेस में कुछ नया शुरू करने के बारे में विचार कर सकते हैं या इस संबंध में कोई अच्छा प्रस्ताव मिल सकता है। पैसे कहीं निवेश करने के बारे में गंभीरता से विचार करेंगे। संपत्ति खरीदने की सोच रहे हैं तो आज इस मामले में आगे बढ़ सकते हैं। दिन अच्छा है।
कर्क: आज आप शारीरिक तौर पर अस्वस्थता का अनुभव करेंगे। मन भी व्याकुल रहेगा। कार्यस्थल पर किसी से विवाद हो सकता है। हालांकि, दोपहर बाद प्रसन्नता महसूस करेंगे। परिवार में भी आनंद का वातावरण होगा। छात्रों के लिए दिन अच्छा है। पढ़ाई में मन लगेगा। 
सिंह: बहुत घबराकर या तेजी से बहुत फायदा नहीं होने वाला है। थोड़ा ठहरकर और सोच-विचारकर आगे बढ़ने का फैसला करें। व्यवसाय के लिए दिन परेशानी भरा है लेकिन आपको धैर्य रखने की जरूरत है। गहरे जल में जानें से बचे।
कन्या: करियर को लेकर आज आपका मन चिंतन में डूबा रहेगा। किसी के साथ वाद विवाद से बचने की कोशिश करें। स्वास्थ्य मध्यम रहेगा। व्यवसाय के सिलसिल में विदेश का योग बन सकता है। दूर के रिश्तेदार से कोई अशुभ समाचार मिल सकता है।
तुला: आज समाज में आपको यश मिलेगा। आप जोश से भरपूर हैं और काम में मन लगेगा। मेहनत के मुताबिक नतीजे मिलेंगे। सीनियर अधिकारी खुश होंगे। दांपत्यजीवन में सुख और संतोष का अनुभव होगा। शाम तक धार्मिक कार्यों की ओर झुकाव बढ़ेगा।
वृश्चिक: आज का दिन आपके लिए काम के लिहाज से बहुत व्यस्त रहने वाला है। नये लोगों से मुलाकात हो सकती है। घर और दांपत्यजीवन में आनंद छाया रहेगा। सामाजिक क्षेत्र में कार्य की प्रशंसा होगी और यश प्राप्त होगा। नया वाहन खरीद सकते हैं।
धनु: आज सुबह के शुरुआती कुछ घंटे आप मानसिक और शारीरिक तौर पर आलस्य का अनुभव करेंगे। दिन के बाद काम को लेकर भागदौड़ मची होगी। व्यवसाय में आर्थिक लाभ होने की संभावना है। पुराने कर्ज वापस आ सकते हैं।
मकर: आज आप उत्साह से भरपूर हैं और अपने हर रूके हुए काम को अंजाम तक पहुंचाना चाहते हैं। इसमें आपको बहुत हद तक सफलता भी मिलेगी। परिवारजनों का भरपूर साथ मिलेगा। माता का स्वास्थ्य चिंतित करेगा। यात्रा के दौरान आपको विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। 
कुंभ: आपकी रूचि अगर कला और लेखन में है तो आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है। नये मौके आपके सामने और आपको उन्हें पहचानने की जरूरत है। नौकरीपेशा जातकों को काम का दबाव परेशान कर सकता है। हालांकि, संध्याकाल में परिस्थिति में बदलाव आएगा। संपत्ति अथवा भूमि आदि से सम्बंधित दस्तावेजों की कार्यवाही आज के लिए टालना बेहतर होगा।
मीन: दिन व्यस्त रहने वाला है लेकिन शाम आपकी अच्छी होगी। पुराने मित्रों से लबे समय बाद मुलाकात हो सकती है। स्वास्थ्य का ख्याल रखने की जरूरत है। पेट दर्द या पाचन तंत्र में गड़बड़ी की शिकायत रह सकती है। नई नौकरी की तलाश कर रहे हैं तो इस संबंध में कोई अच्छा समाचार मिल सकता है।


योगेश्वर श्रीकृष्ण:नाग नथैया, रास रचैया

वृन्दावन में श्रीयमुना के तट पर अनेक घाट हैं। उनमें से प्रसिद्ध-प्रसिद्ध घाटों का उल्लेख किया जा रहा है।


श्रीवराहघाट- वृन्दावन के दक्षिण-पश्चिम दिशा में प्राचीन यमुनाजी के तट पर श्रीवराहघाट अवस्थित है। तट के ऊपर भी श्रीवराहदेव विराजमान हैं। पास ही श्रीगौतम मुनि का आश्रम है।
कालीयदमनघाट- इसका नामान्तर कालीयदह है। यह वराहघाट से लगभग आधे मील उत्तर में प्राचीन यमुना के तट पर अवस्थित है। यहाँ के प्रसंग के सम्बन्ध में पहले उल्लेख किया जा चुका है। कालीय को दमन कर तट भूमि में पहुँच ने पर श्रीकृष्ण को ब्रजराज नन्द और ब्रजेश्वरी श्री यशोदा ने अपने आसुँओं से तर-बतरकर दिया तथा उनके सारे अंगो में इस प्रकार देखने लगे कि 'मेरे लाला को कहीं कोई चोट तो नहीं पहुँची है।' महाराज नन्द ने कृष्ण की मंगल कामना से ब्राह्मणों को अनेकानेक गायों का यहीं पर दान किया था।
सूर्यघाट- इसका नामान्तर आदित्यघाट भी है। गोपालघाट के उत्तर में यह घाट अवस्थित है। घाट के ऊपर वाले टीले को आदित्य टीला कहते हैं। इसी टीले के ऊपर श्रीसनातन गोस्वामी के प्राणदेवता श्री मदन मोहन जी का मन्दिर है। उसके सम्बन्ध में हम पहले ही वर्णन कर चुके हैं। यहीं पर प्रस्कन्दन तीर्थ भी है।
युगलघाट- सूर्य घाट के उत्तर में युगलघाट अवस्थित है। इस घाट के ऊपर श्री युगलबिहारी का प्राचीन मन्दिर शिखरविहीन अवस्था में पड़ा हुआ है। केशी घाट के निकट एक और भी जुगल किशोर का मन्दिर है। वह भी इसी प्रकार शिखरविहीन अवस्था में पड़ा हुआ है।
श्रीबिहारघाट- युगलघाट के उत्तर में श्रीबिहारघाट अवस्थित है। इस घाट पर श्रीराधाकृष्ण युगल स्नान, जल विहार आदि क्रीड़ाएँ करते थे।
श्रीआंधेरघाट- युगलघाट के उत्तर में यह घाट अवस्थित हैं। इस घाट के उपवन में कृष्ण और गोपियाँ आँखमुदौवल की लीला करते थे। अर्थात् गोपियों के अपने करपल्लवों से अपने नेत्रों को ढक लेने पर श्रीकृष्ण आस-पास कहीं छिप जाते और गोपियाँ उन्हें ढूँढ़ती थीं। कभी श्रीकिशोरी जी इसी प्रकार छिप जातीं और सभी उनको ढूँढ़ते थे।
इमलीतला घाट- आंधेरघाट के उत्तर में इमलीघाट अवस्थित है। यहीं पर श्रीकृष्ण के समसामयिक इमली वृक्ष के नीचे महाप्रभु श्रीचैतन्य देव अपने वृन्दावन वास काल में प्रेमाविष्ट होकर हरिनाम करते थे। इसलिए इसको गौरांगघाट भी कहते हैं।
श्रृंगारघाट- इमलीतला घाट से कुछ पूर्व दिशा में यमुना तट पर श्रृंगारघाट अवस्थित है। यहीं बैठकर श्रीकृष्ण ने मानिनी श्रीराधिका का श्रृंगार किया था। वृन्दावन भ्रमण के समय श्रीनित्यानन्द प्रभुने इस घाट में स्नान किया था तथा कुछ दिनों तक इसी घाट के ऊपर श्रृंगारवट पर निवास किया था।
श्रीगोविन्दघाट- श्रृंगारघाट के पास ही उत्तर में यह घाट अवस्थित है। श्रीरासमण्डल से अन्तर्धान होने पर श्रीकृष्ण पुन: यहीं पर गोपियों के सामने आविर्भूत हुये थे।
चीर घाट- कौतु की श्रीकृष्ण स्नान करती हुईं गोपिकुमारियों के वस्त्रों को लेकर यहीं क़दम्ब वृक्ष के ऊपर चढ़ गये थे। चीर का तात्पर्य वस्त्र से है। पास ही कृष्ण ने केशी दैत्य का वध करने के पश्चात यहीं पर बैठकर विश्राम किया था। इसलिए इस घाटका दूसरा नाम चैन या चयनघाट भी है। इसके निकट ही झाडूमण्डल दर्शनीय है।
श्रीभ्रमरघाट- चीरघाट के उत्तर में यह घाट स्थित है। जब किशोर-किशोरी यहाँ क्रीड़ा विलास करते थे, उस समय दोनों के अंग सौरभ से भँवरे उन्मत्त होकर गुंजार करने लगते थे। भ्रमरों के कारण इस घाट का नाम भ्रमरघाट है।
श्रीकेशीघाट- श्रीवृन्दावन के उत्तर-पश्चिम दिशा में तथा भ्रमरघाट के उत्तर में यह प्रसिद्ध घाट विराजमान है। इसका हम पहले ही वर्णन कर चुके हैं।
धीरसमीरघाट- श्रीचीर घाट वृन्दावन की उत्तर-दिशा में केशीघाट से पूर्व दिशा में पास ही धीरसमीरघाट है। श्रीराधाकृष्ण युगल का विहार देखकर उनकी सेवा के लिए समीर भी सुशीतल होकर धीरे-धीरे प्रवाहित होने लगा था।
श्रीराधाबागघाट- वृन्दावन के पूर्व में यह घाट अवस्थित है। इसका भी वर्णन पहले किया जा चुका है।
श्रीपानीघाट-इसी घाट से गोपियों ने यमुना को पैदल पारकर महर्षि दुर्वासा को सुस्वादु अन्न भोजन कराया था।
आदिबद्रीघाट- पानीघाट से कुछ दक्षिण में यह घाट अवस्थित है। यहाँ श्रीकृष्ण ने गोपियों को आदिबद्री नारायण का दर्शन कराया था।
श्रीराजघाट- आदि-बद्रीघाट के दक्षिण में तथा वृन्दावन की दक्षिण-पूर्व दिशा में प्राचीन यमुना के तट पर राजघाट है। यहाँ कृष्ण नाविक बनकर सखियों के साथ श्री राधिका को यमुना पार करात थे। यमुना के बीच में कौतुकी कृष्ण नाना प्रकार के बहाने बनाकर जब विलम्ब करने लगते, उस समय गोपियाँ महाराजा कंस का भय दिखलाकर उन्हें शीघ्र यमुना पार करने के लिए कहती थीं। इसलिए इसका नाम राजघाट प्रसिद्ध है।
इन घाटों के अतिरिक्त 'वृन्दावन-कथा' नामक पुस्तक में और भी 14 घाटों का उल्लेख है।


(1) महानतजी घाट (2) नामाओवाला घाट (3) प्रस्कन्दन घाट (4) कडिया घाट (5) धूसर घाट (6) नया घाट (7) श्रीजी घाट (8) विहारी जी घाट (9) धरोयार घाट (10) नागरी घाट (11) भीम घाट (12) हिम्मत बहादुर घाट (13) चीर या चैन घाट (14) हनुमान घाट।


प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्रधिकृत प्रकाशन विवरण
August 24, 2019 • RNI.No.UPHIN/2014/57254
1.अंक-21 (साल-01)
2. शनिवार,24अगस्‍त 2019
3.शक-1941,भादप्रद कृष्‍णपक्ष अष्‍टमी,विक्रमी संवत 2076
4. सूर्योदय प्रातः 5:52,सूर्यास्त 6:56
5.न्‍यूनतम तापमान -26 डी.सै.,अधिकतम-33+ डी.सै., हवा में आद्रता रहेगी, बरसात की संभावना!
6. समाचार पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है! सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा!
7. स्वामी, प्रकाशक, मुद्रक, संपादक राधेश्याम के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित।


8.संपादकीय कार्यालय- 263 सरस्वती विहार, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102


9.संपर्क एवं व्यावसायिक कार्यालय-डी-60,100 फुटा रोड बलराम नगर, लोनी,गाजियाबाद उ.प्र.201102
email:universalexpress.editor@gmail.com
cont.935030275


डीएम ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की

डीएम ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की पंकज कपूर  नैनीताल/हल्द्वानी। उच्च न्यायालय उत्तराखंड द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में नैनीताल ...